इंग्लैंड ने पहले टेस्ट में भारत को 28 रन से हरा दिया है। इस मैच में चौथे दिन की शुरुआत तक भारतीय टीम मजबूत स्थिति में थी, लेकिन आखिरी दिन इंग्लैंड ने कमाल किया और मुकाबला अपने नाम किया है। इंग्लैंड ने 190 रन से पिछड़ने के बाद यह मुकाबला जीता है। इंग्लैंड की इस ऐतिहासिक जीत के सूत्रधार रहे ओली पोप, जिन्होंने दूसरी पारी में 196 रन बनाए और टॉम हार्टले, जिन्होंने दूसरी पारी में सात विकेट लिए। अपने घर में भारतीय टीम आखिरी टेस्ट मैच इंग्लैंड के खिलाफ ही हारी थी।
हैदराबाद के राजीव गांधी स्टेडियम में इंग्लैंड ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी का फैसला किया और पहली पारी में 246 रन बनाए। इसके जवाब में भारत ने 436 रन बनाकर 190 रन की बढ़त हासिल की। दूसरी पारी में इंग्लैंड ने 420 रन बनाए और भारत के सामने 231 रन का लक्ष्य रखा। इसके जवाब में टीम इंडिया 202 रन पर सिमट गई और मैच हार गई।
मैच में क्या हुआ?
इंग्लैंड ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया। कप्तान बेन स्टोक्स के 70 रनों के चलते टीम 246 रन बनाने में सफल रही। भारत के लिए रवींद्र जडेजा और रविचंद्रन अश्विन ने तीन-तीन विकेट लिए। भारत ने इसके जवाब में 436 रन बनाए। यशस्वी जायसवाल ने 80, लोकेश राहुल ने 86 और रवींद्र जडेजा ने 87 रन का योगदान दिया। इंग्लैंड के लिए जो रूट ने चार और हार्टले, रेहान ने दो-दो विकेट लिए। इंग्लैंड की दूसरी पारी में ओली पोप ने 196 और बेन डकेट ने 47 रन बनाए। भारत के बुमराह ने चार और अश्विन ने तीन विकेट लिए। इंग्लैंड की टीम 420 रन बनाने में सफल रही और भारत के सामने 231 रन का लक्ष्य रखा। इसके जवाब में भारतीय बल्लेबाज पूरी तरह फेल रहे। सबसे ज्यादा 39 रन कप्तान रोहित शर्मा ने बनाए। 28 रन बनाने वाले अश्विन और भरत टीम के दूसरे सर्वोच्च स्कोरर थे। इंग्लैंड के टॉम हार्टले ने सात विकेट लिए और टीम की जीत में सबसे अहम योगदान दिया।
भारत का स्कोर नौ विकेट पर 200 रन के पार जा चुका है। जसप्रीत बुमराह और मोहम्मद सिराज क्रीज पर हैं। दोनों के बीच 25 रन की साझेदारी हो चुकी है। भारत को जीत के लिए 29 रन की जरूरत है।
177 रन पर भारत का नौवां विकेट गिरा है। रविचंद्रन अश्विन 84 गेंद में 28 रन बनाकर आउट हो चुके हैं। टॉम हार्टले की गेंद पर छक्का लगाने के प्रयास में वह स्टंप आउट हुए। अब भारत की हार लगभग तय हो चुकी है।
176 रन पर भारत का आठवां विकेट गिरा है। केएस भरत 59 गेंद में 28 रन बनाकर आउट हो चुके हैं। टॉम हार्टले ने उन्हें क्लीन बोल्ड किया और इस पारी में अपने पांच विकेट पूरे किए। उनकी बेहतरीन गेंदबाजी के चलते इंग्लैंड की टीम मैच जीतने की दहलीज पर खड़ी है।
रविचंद्रन अश्विन और केएस भरत के बीच अर्धशतकीय साझेदारी हो चुकी है। दोनों ने बेहतरीन बल्लेबाजी कर भारत की उम्मीदें जगाई हैं। हालांकि, अभी भी टीम इंडिया के लिए लक्ष्य का पीछा करना आसान नहीं होगा।
सात विकेट के नुकसान पर भारत का स्कोर 150 रन के पार जा चुका है। अश्विन और भरत ने साझेदारी कर टीम इंडिया की उम्मीद जगाई है, लेकिन अभी भी भारत के लिए मैच जीतना आसान नहीं होगा।
अब भारतीय टीम को जीत के लिए 100 से कम रनों की जरूरत है। रविचंद्रन अश्विन और श्रीकर भरत क्रीज पर जमे हुए हैं। दोनों बेहद धीमी बल्लेबाजी कर रहे हैं, लेकिन क्रीज पर जमने के बाद इन दोनों ने भारतीय फैंस की उम्मीद जगाई है। इंग्लैंड को जीत के लिए सिर्फ तीन विकेट की जरूरत है। वहीं, भारत को अभी भी 90 से ज्यादा रन बनाने हैं।
119 रन पर भारत के सात विकेट गिर चुके हैं। श्रेयस अय्यर 31 गेंद में 13 रन बनाकर रन आउट हो चुके हैं। जैक लीच ने उन्हें जो रूट के हाथों कैच कराया। अब रविचंद्रन अश्विन और श्रीकर भरत क्रीज पर हैं। ये दोनों बल्लेबाजी करने में सक्षम हैं, लेकिन 100 रन की साझेदारी करना इन दोनों के लिए भी बेहद मुश्किल होगा।
119 रन पर भारत के छह विकेट गिर चुके हैं। रवींद्र जडेजा 20 गेंद में दो रन बनाकर रन आउट हुए। स्टोक्स के सटीक थ्रो ने उन्हें पवेलियन भेजा। अब टीम इंडिया मुश्किल में फंस चुकी है। यहां से मैच जीतने के लिए भारत को बहुत अच्छी साझेदारी करनी होगी। अब श्रेयस अय्यर के साथ केएस भरत क्रीज पर हैं।
107 रन पर भारत की आधी टीम पवेलियन लौट चुकी है। अब टीम इंडिया मुश्किल में फंसती दिख रही है। मैच जीतने के लिए अभी भी भारत को 100 से ज्यादा रनों की जरूरत है और अब श्रेयस के साथ जडेजा बल्लेबाजी के लिए आ चुके हैं। यहां से एक और विकेट गिरने पर अश्विन क्रीज पर आ जाएंगे और इंग्लैंड के पास टीम इंडिया को छोटे स्कोर पर आउट कर मैच जीतने का आसान मौका होगा।
भारत का स्कोर चार विकेट पर 100 रन के पार जा चुका है। लोकेश राहुल और श्रेयस अय्यर की जोड़ी क्रीज पर है। ये दोनों तेजी से रन बनाकर भारत को जीत के करीब ले जाना चाहेंगे।
95 रन पर भारत के चार विकेट गिर चुके हैं। अक्षर पटेल 42 गेंद में 17 रन बनाकर आउट हुए। टॉम हार्टले ने अपनी ही गेंद पर उनका कैच पकड़ा। इस पारी में इंग्लैंड के लिए सभी विकेट हार्टले ने लिए हैं। भारत के लिए राहुल और श्रेयस की जोड़ी क्रीज पर है।
चौथे दिन चायकाल तक भारत का स्कोर 95/3 है। लोकेश राहुल 21 और अक्षर पटेल 17 रन बनाकर खेल रहे हैं। इंग्लैंड के लिए तीनों विकेट टॉम हार्टले ने लिए हैं। भारतीय टीम जीत से 136 रन दूर है। भारतीय टीम की कोशिश दिन के आखिरी सत्र में ये रन बनाकर जीत हासिल करने की होगी। वहीं, इंग्लैंड की टीम विकेट लेकर मैच में बनी रहना चाहेगी।
63 रन पर भारत का तीसरा विकेट गिरा है। टॉम हार्टले ने रोहित शर्मा को विकेटों के सामने फंसाया। रोहित ने 58 गेंद में 39 रन बनाए। अब लोकेश राहुल के साथ अक्षर पटेल क्रीज पर हैं। टीम इंडिया ने बल्लेबाजी क्रम में बदलाव किया है। हालांकि, इन दोनों को बड़ी साझेदारी कर टीम को लक्ष्य के करीब ले जाना होगा। 22 ओवर के बाद भारत का स्कोर 70/3 है।
दो विकेट के नुकसान पर भारत का स्कोर 50 रन के पार जा चुका है। रोहित शर्मा और लोकेश राहुल क्रीज पर हैं। इस जोड़ी को बड़ी साझेदारी कर बिना किसी खतरे के टीम इंडिया को लक्ष्य के करीब ले जाना होगा।
42 रन पर ही भारत का दूसरा विकेट गिर गया है। शुभमन गिल अपना खाता तक नहीं खोल पाए। टॉम हार्टले ने उन्हें ओली पोप के हाथों कैच कराया। एक ही ओवर में दो विकेट लेकर उन्होंने भारतीय टीम को मुश्किल में डाल दिया है। अब रोहित शर्मा के साथ लोकेश राहुल क्रीज पर हैं। 13 ओवर के बाद भारत का स्कोर 43/2 है।
42 रन पर भारत का पहला विकेट गिरा है। यशस्वी जायसवाल 35 गेंद में 15 रन बनाकर आउट हो चुके हैं। टॉम हार्टले ने उन्हें ओली पोप के हाथों कैच कराया।
231 रन का पीछा करते हुए भारत की बल्लेबाजी शुरू हो चुकी है। रोहित शर्मा और यशस्वी जायसवाल ने अच्छी शुरुआत की है। पांच ओवर के बाद भारत का स्कोर बिना नुकसान के 22 रन है।
इंग्लैंड ने दूसरी पारी में 420 रन बनाए हैं। जसप्रीत बुमराह ने ओली पोप को क्लीन बोल्ड कर इंग्लैंड की पारी खत्म की। पोप ने 278 गेंद में 196 रन बनाए, लेकिन दोहरे शतक से चूक गए। हालांकि, उनकी पारी के दम पर इंग्लैंड ने भारत के सामने 231 रन का लक्ष्य रखा है। भारत के लिए यह लक्ष्य आसान नहीं होगा। मैच की चौथी पारी में जीत हासिल करने के लिए टीम इंडिया को अच्छी बल्लेबाजी करनी होगी। इंग्लैंड की पारी खत्म होने के साथ ही भोजनकाल हो चुका है। अब भारत की कोशिश दिन के बाकी दो सत्र में तेजी से रन बनाकर चौथे दिन ही मैच जीतने की होगी।
इंग्लैंड के लिए दूसरी पारी में पोप के 196 रन के अलावा बेन डकेट ने 47, टॉम हार्टले 34, बेन फोक्स 34, जैक क्राउली 31 और रेहान अहमद ने 28 रन का योगदान दिया। भारत के लिए जसप्रीत बुमराह ने चार और रविचंद्रन अश्विन ने तीन विकेट लिए। रवींद्र जडेजा ने दो और अक्षर पटेल ने एक विकेट लिया।
420 रन पर इंग्लैंड का नौवां विकेट गिरा है। मार्क वुड खाता खोले बिना रवींद्र जडेजा का शिकार बने। केएस भरत ने उनका कैच पकड़ा।
419 रन पर इंग्लैंड का आठवां विकेट गिरा है। रविचंद्रन अश्विन ने टॉम हार्टले को बोल्ड किया। उन्होंने 52 गेंद में 34 रन बनाए और ओली पोप के साथ 80 रन की अहम साझेदारी की। अब टीम इंडिया की कोशिश जल्दी ही इंग्लैंड को ऑलआउट करने की होगी।
सात विकेट के नुकसान पर इंग्लैंड का स्कोर 400 रन के पार जा चुका है। ओली पोप दोहरे शतक के करीब हैं और टॉम हार्टले भी अच्छी बल्लेबाजी कर रहे हैं। दोनों के बीच अर्धशतकीय साझेदारी हो चुकी है। टीम इंडिया को जल्द से जल्द इस साझेदारी को तोड़ना होगा। अगर इंग्लैंड की टीम 300 रन के करीब लक्ष्य देने में सफल रहती है तो टीम इंडिया मैच की चौथी पारी में मुश्किल में पड़ सकती है।
इंग्लैंड की बढ़त 200 रन के पार जा चुकी है। ओली पोप ने बेहतरीन पारी खेल अपनी टीम को मैच में बनाए रखा है। अब भारत के लिए 200 रन से ज्यादा के लक्ष्य का पीछा करना आसान नहीं होगा। इंग्लैंड का स्कोर 400 रन के करीब है और पोप दोहरे शतक के नजदीक पहुंच चुके हैं।
339 रन पर इंग्लैंड का सातवां विकेट गिरा है। रेहान अहमद 53 गेंद में 28 रन बनाकर आउट हो चुके हैं। जसप्रीत बुमराह ने उन्हें विकेट के पीछे केएस भरत के हाथों कैच कराया। हालांकि, ओली पोप अभी भी क्रीज पर जमे हुए हैं। इंग्लैंड का स्कोर 350 रन के पार जा चुका है।
इंग्लैंड के लिए ओली पोप अपने टेस्ट करियर की सबसे बेहतरीन पारी खेल रहे हैं। वह 150 रन का आंकड़ा पार कर चुके हैं। उनकी पारी के चलते इंग्लैंड की टीम मैच में लड़ाई कर रही है। इंग्लैंड का स्कोर 81 ओवर के बाद 333/6 है।
इंग्लैंड ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी का फैसला किया और पहली पारी में 246 रन बनाए। इसके जवाब में टीम इंडिया ने पहली पारी में 436 रन बनाकर 190 रन की बढ़त ली। दूसरी पारी में इंग्लैंड की टीम अब तक 316 रन बना चुकी है। मैच की चौथी पारी में भारत को लक्ष्य का पीछा करना होगा।
मैच में अब तक क्या हुआ जानने के लिए यहां क्लिक करें
Live Cricket Score Today IND vs ENG 1st Test Day 4: नमस्कार, अमर उजाला के लाइव ब्लॉग में आपका स्वागत है। भारत और इंग्लैंड के बीच पांच टेस्ट मैच की सीरीज का पहला मुकाबला हैदराबाद के राजीव गांधी स्टेडियम में खेला जा रहा है। तीन दिन का खेल खत्म होने के बाद इंग्लैंड की टीम 126 रन आगे है। दूसरी पारी में इंग्लैंड ने छह विकेट पर 316 रन बना लिए हैं।