फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

IND vs BAN: दो दिन के अंदर खत्म हुआ कानपुर टेस्ट, भारत ने बांग्लादेश को सात विकेट से हराकर 2-0 से जीती सीरीज

Tue, 01 Oct 2024 02:05 PM IST
स्वप्निल शशांक स्पोर्ट्स डेस्क, अमर उजाला, कानपुर

खास बातें

IND vs BAN 2nd Test Day 5 Highlights: भारत और बांग्लादेश के बीच दो मैचों की टेस्ट सीरीज का दूसरा मुकाबला कानपुर में खेला गया। मंगलवार यानी एक अक्तूबर को इस टेस्ट का आखिरी दिन था। दूसरा और तीसरा दिन बारिश से पूरी तरह धुल गया था। वहीं, पहले दिन सिर्फ 35 ओवर का खेल हो पाया था। बांग्लादेश ने अपनी पहली पारी में 233 रन बनाए थे। वहीं, भारत ने अपनी पहली पारी नौ विकेट पर 285 रन बनाकर घोषित कर दी थी। टीम इंडिया को 52 रन की बढ़त हासिल थी। बांग्लादेश की दूसरी पारी 146 रन पर सिमटी और इस तरह भारत को 95 रन का लक्ष्य मिला। भारत ने इस लक्ष्य को तीन विकेट गंवाकर हासिल कर लिया।
विज्ञापन
विराट कोहली और यशस्वी जायसवाल - फोटो : BCCI
विज्ञापन

लाइव अपडेट

01:58 PM, 01-Oct-2024

भारत ने बांग्लादेश को सात विकेट से हराया

भारत ने बांग्लादेश को कानपुर टेस्ट में सात विकेट से हराकर दो मैचों की टेस्ट सीरीज 2-0 से अपने नाम कर ली है। टीम इंडिया को 95 रन का लक्ष्य मिला था, जिसे रोहित एंड कंपनी ने तीन विकेट गंवाकर हासिल कर लिया। विराट कोहली 29 रन और ऋषभ पंत चार रन बनाकर नाबाद रहे। रोहित शर्मा आठ रन, शुभमन गिल छह रन और यशस्वी जायसवाल 51 रन बनाकर आउट हुए। विराट और यशस्वी के बीच तीसरे विकेट के लिए 58 रन की साझेदारी हुई। बांग्लादेश की ओर से मेहदी हसन मिराज ने दो विकेट लिए, जबकि तैजुल इस्लाम को एक विकेट मिला। यशस्वी ने अपनी पारी में आठ चौके और एक छक्का लगाया। 

टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करते हुए बांग्लादेश ने अपनी पहली पारी में 233 रन बनाए थे। जवाब में भारत ने ताबड़तोड़ बल्लेबाजी करते हुए अपनी पहली पारी नौ विकेट पर 285 रन बनाकर घोषित कर दी थी। भारत को तब 52 रन की बढ़त मिली थी। दूसरी पारी में बांग्लादेश की टीम ने 146 रन बनाए और भारत के सामने 95 रन का लक्ष्य दिया था। टेस्ट में आधिकारिक तौर पर एक दिन में 90 ओवर फेंके जाते हैं। बांग्लादेश ने अपनी पहली पारी में 74.2 ओवर, भारत ने अपनी पहली पारी में 34.4 ओवर, बांग्लादेश ने अपनी दूसरी पारी में 47 ओवर और भारत ने अपनी दूसरी पारी में 17.2 ओवर खेले। इन सभी को मिला दें तो लगभग 174 ओवर बनते हैं और यह दो दिन के कुल ओवरों (180) से भी कम है। 

भारत ने इस टेस्ट में साहसिक खेल दिखाया। पहले दिन 35 ओवर का ही खेल हो पाया था। बारिश ने मैच में खलल डाला और फिर दूसरे और तीसरे दिन का खेल बारिश से धुल गया था। चौथे दिन खेल शुरू हुआ और भारत ने बांग्लादेश को समेटने के बाद फिर ताबड़तोड़ बल्लेबाजी कर टेस्ट में किसी टीम द्वारा सबसे तेज 50, 100, 150, 200 और 250 रन बनाने का रिकॉर्ड बना डाला। इसके बाद बांग्लादेश को दूसरी पारी में जल्दी समेटकर आसान लक्ष्य का पीछा किया। 

01:27 PM, 01-Oct-2024

IND vs BAN Live Score: भारत का स्कोर 50 रन के पार

भारत ने दो विकेट पर 53 रन बना लिए हैं। टीम इंडिया को जीत के लिए और 42 रन की जरूरत है। फिलहाल विराट कोहली और यशस्वी जायसवाल क्रीज पर हैं। रोहित और शुभमन गिल पवेलियन लौट चुके हैं। दोनों मेहदी हसन मिराज ने आउट किया।

01:18 PM, 01-Oct-2024

IND vs BAN Live Score: भारत को दूसरा झटका

34 के स्कोर पर भारत को दूसरा झटका लगा। मेहदी हसन मिराज ने रोहित शर्मा (8) के बाद शुभमन गिल (6) को आउट किया। भारत को 61 रन की और जरूरत है। फिलहाल विराट कोहली और यशस्वी जायसवाल क्रीज पर हैं।

विज्ञापन
01:07 PM, 01-Oct-2024

IND vs BAN Live Score: रोहित शर्मा आउट

भारत को 18 के स्कोर पर पहला झटका लगा। मेहदी हसन मिराज ने रोहित शर्मा को हसन महमूद के हाथों कैच कराया। वह आठ रन बना सके। भारतीय टीम के सामने 95 रन का लक्ष्य है। फिलहाल यशस्वी जायसवाल और शुभमन गिल क्रीज पर हैं।

01:01 PM, 01-Oct-2024

IND vs BAN Live Score: भारतीय ओपनर्स क्रीज पर

भारत की दूसरी पारी शुरू हो चुकी है। कप्तान रोहित शर्मा और यशस्वी जायसवाल क्रीज पर हैं। 95 रन का लक्ष्य सामने है। हालांकि, गेंद काफी टर्न हो रही है। ऐसे में भारत के लिए यह लक्ष्य आसान नहीं रहने वाला है।

विज्ञापन
12:20 PM, 01-Oct-2024

बांग्लादेश की दूसरी पारी 146 रन पर सिमटी

बांग्लादेश की दूसरी पारी 146 रन पर सिमट गई। लंच से ठीक एक गेंद पहले बुमराह ने मुशफिकुर रहीम को क्लीन बोल्ड किया। वह 37 रन बना सके। बांग्लादेश ने पहली पारी में 233 रन बनाए थे। वहीं, भारत ने अपनी पहली पारी नौ विकेट पर 285 रन बनाकर घोषित की थी। तब भारतीय टीम को 52 रन की बढ़त मिली थी। फिर दूसरी पारी में बांग्लादेश की टीम 146 रन बना सकी और भारत पर 94 रन की बढ़त हासिल की। इस तरह भारत को 95 रन का लक्ष्य मिला है।

बांग्लादेश की टीम आज 120 रन जोड़ सकी
बांग्लादेश की टीम ने मंगलवार को दो विकेट पर 26 रन से आगे खेलना शुरू किया और 120 रन बनाने में बाकी बचे आठ विकेट गंवा दिए। बांग्लादेश की ओर से शदमान इस्लाम ने सबसे ज्यादा 50 रन बनाए। उन्होंने 101 गेंद की अपनी पारी में 10 चौके लगाए। इसके अलावा आज आउट होने वालों में मोमिनुल हक (2), कप्तान नजमुल शांतो (19), मुशफिकुर रहीम (37), लिटन दास (1) , मेहदी हसन मिराज (9) शामिल हैं। शाकिल अल हसन और तैजुल इस्लाम तो खाता भी नहीं खोल सके। इससे पहले सोमवार को जाकिर हसन (10) और हसन महमूद (2) आउट हुए थे। भारत की ओर से जसप्रीत बुमराह, आर अश्विन और रवींद्र जडेजा ने तीन-तीन विकेट लिए। वहीं, आकाश दीप को एक विकेट मिला। 

11:48 AM, 01-Oct-2024

IND vs BAN Live Score: बांग्लादेश को नौवां झटका

130 के स्कोर पर बांग्लादेश को नौवां झटका लगा। बुमराह ने तैजुल इस्लाम को एल्बीडब्ल्यू आउट किया। वह खाता नहीं खोल सके। बांग्लादेश की बढ़त फिलहाल 78 रन की है। मुशफिकुर रहीम और खालिद अहमद क्रीज पर हैं। 

11:29 AM, 01-Oct-2024

IND vs BAN Live Score: बांग्लादेश को आठवां झटका

बांग्लादेश को 118 के स्कोर पर आठवां झटका लगा। जसप्रीत बुमराह ने मेहदी हसन मिराज को विकेटकीपर पंत के हाथों कैच कराया। फिलहाल तैजुल इस्लाम और मुशफिकुर रहीम क्रीज पर हैं। बांग्लादेश की बढ़त फिलहाल 66 रन की है।

11:06 AM, 01-Oct-2024

IND vs BAN Live Score: बांग्लादेश को सातवां झटका

94 के स्कोर पर बांग्लादेश को सातवां झटका लगा। जडेजा ने शाकिब अल हसन का कैच अपनी ही गेंद पर लपका। शाकिब खाता नहीं खोल सके। यह उनका आखिरी टेस्ट साबित हो सकता है। फिलहाल मुशफिकुर रहीम और मेहदी हसन मिराज क्रीज पर हैं। बांग्लादेश की बढ़त फिलहाल 42 रन की है। जडेजा ने अब तक तीन विकेट ले लिए हैं। उन्होंने शांतो, लिटन और शाकिब को पवेलियन भेजा है।

10:58 AM, 01-Oct-2024

IND vs BAN Live Score: बांग्लादेश को छठा झटका

94 के स्कोर पर बांग्लादेश को छठा झटका लगा। 30वें ओवर की आखिरी गेंद पर जडेजा ने लिटन दास को विकेटकीपर पंत के हाथों कैच कराया। पिछले 16 गेंद में बांग्लादेश ने तीन रन बनाए हैं और तीन विकेट गंवा दिए हैं। भारत को 93 के स्कोर पर पांचवां झटका लगा। यह आज के दिन बांग्लादेश को लगा चौथा झटका है। अश्विन ने मोमिनुल हक (2) को आउट किया था। इसके बाद जडेजा ने कप्तान शांतो (19) को पवेलियन भेजा। इसके बाद आकाश दीप ने शदमान इस्लाम को यशस्वी जायसवाल के हाथों कैच कराया। शदमान ने 50 रन की पारी खेली। भारत पर बांग्लादेश की बढ़त 42 रन की है। फिलहाल मुशफिकुर रहीम और शाकिब अल हसन क्रीज पर हैं।

10:53 AM, 01-Oct-2024

IND vs BAN Live Score: शदमान अर्धशतक लगाकर आउट

भारत को 93 के स्कोर पर पांचवां झटका लगा। यह आज के दिन बांग्लादेश को लगा तीसरा झटका है। अश्विन ने मोमिनुल हक (2) को आउट किया था। इसके बाद जडेजा ने कप्तान शांतो (19) को पवेलियन भेजा। अब आकाश दीप ने शदमान इस्लाम को यशस्वी जायसवाल के हाथों कैच कराया। शदमान ने 50 रन की पारी खेली। फिलहाल लिटन दास और मुशफिकुर रहीम क्रीज पर हैं। भारत पर उनकी बढ़त 41 रन की है।

10:48 AM, 01-Oct-2024

IND vs BAN Live Score: शदमान का अर्धशतक

बांग्लादेश के ओपनर शदमान इस्लाम ने 98 गेंद पर अर्धशतक जड़ा। वह इस सीरीज में अर्धशतक लगाने वाले पहले बांग्लादेशी ओपनर बन गए। फिलहाल बांग्लादेश का स्कोर चार विकेट पर 93 रन है। शदमान के साथ मुशफिकुर रहीम क्रीज पर हैं। भारत पर बांग्लादेश की बढ़त 40+ रन की हो चुकी है।

10:27 AM, 01-Oct-2024

IND vs BAN Live Score: बांग्लादेश को चौथा झटका

बांग्लादेश ने 30 से ज्यादा रन की बढ़त हासिल कर ली है। उसे 91 के स्कोर पर चौथा झटका लगा। रवींद्र जडेजा ने कप्तान नजमुल हुसैन शांतो को क्लीन बोल्ड किया। शांतो 19 रन बना सके। फिलहाल शदमान इस्लाम 49 रन बनाकर और मुशफिकुर रहीम क्रीज पर हैं।

09:42 AM, 01-Oct-2024

IND vs BAN Live Score: बांग्लादेश को तीसरा झटका

बांग्लादेश को पांचवें दिन के तीसरे ओवर में ही झटका लगा। अश्विन ने पिछली पारी के शतकवीर मोमिनुल हक को लेग स्लिप में राहुल के हाथों कैच कराया। वह दो रन बना सके। फिलहाल बांग्लादेश का स्कोर तीन विकेट पर 36 रन है। कप्तान नजमुल शांतो और शदमान इस्लाम क्रीज पर हैं। अश्विन को मिली यह तीसरी सफलता रही। इससे पहले वह जाकिर हसन और हसन महमूद को आउट कर चुके हैं।

09:33 AM, 01-Oct-2024

IND vs BAN Live Score: पांचवें दिन का खेल शुरू

कानपुर टेस्ट के पांचवें दिन के खेल की शुरुआत हो चुकी है। बांग्लादेश की दूसरी पारी जारी है। टीम ने दो विकेट पर 26 रन से आगे खेलना शुरू किया है। अश्विन ने आज के दिन का पहला ओवर डाला और पांच रन दिए। फिलहाल मोमिनुल हक और शदमान इस्लाम क्रीज पर हैं।

08:43 AM, 01-Oct-2024

IND vs BAN Live Score: नतीजे पर टिकी निगाहें

भारत और बांग्लादेश के बीच अब एक दिन का खेल शेष बचा है और भारतीय टीम की नजरें इस मैच का नतीजा निकालने पर टिकी हुई है। दूसरे और तीसरे दिन का खेल बारिश में धुलने के बाद लग रहा था कि यह मैच ड्रॉ की ओर बढ़ रहा है, लेकिन अब यह मुकाबला रोमांचक हो गया है। भारत की कोशिश पांचवें दिन बांग्लादेश की दूसरी पारी जल्द से जल्द समेटने की होगी, जबकि मेहमान टीम हर हाल में भारत को क्लीन स्वीप से रोकने की कोशिश करेगी। स्टंप्स के समय शादमान इस्लाम सात रन और मोमिनुल हक खाता खोले बिना क्रीज पर मौजूद थे। भारत के लिए दोनों विकेट अश्विन ने झटके। 

08:40 AM, 01-Oct-2024

IND vs BAN Live Score: बांग्लादेश की टीम 26 रन पीछे

पिछले दो दिन बारिश के कारण एक भी गेंद नहीं फेंकी जाने के बाद आखिरकार सोमवार को मुकाबला हुआ। भारत ने बांग्लादेश की पहली पारी 233 रन पर ऑलआउट करने के बाद अपनी पहली पारी 285/9 के स्कोर पर घोषित की। भारत ने इस तरह बांग्लादेश से 52 रनों की बढ़त हासिल की। भारतीय ऑफ स्पिनर रविचंद्रन अश्विन ने शानदार गेंदबाजी की जिससे भारत ने दूसरी पारी में बांग्लादेश को दिन का खेल समाप्त होने तक दो विकेट पर 26 रन पर रोका। बांग्लादेश की टीम फिलहाल 26 रन पीछे चल रही है। 

08:40 AM, 01-Oct-2024

IND vs BAN Live Score: भारत ने पहली पारी घोषित की

भारत ने अपनी पहली पारी 285/9 के स्कोर पर घोषित कर दी। 34.4 ओवर में भारत ने यह स्कोर बनाया। बांग्लादेश ने अपनी पहली पारी में 233 रन बनाए थे। इस लिहाज से टीम इंडिया की लीड 52 रन की हुई। भारत की ओर से यशस्वी जायसवाल ने सबसे ज्यादा 72 रन बनाए। उन्होंने 51 गेंद में 12 चौके और दो छक्के की मदद से 72 रन की पारी खेली। रोहित शर्मा ने 11 गेंद में एक चौका और तीन छक्के की मदद से 23 रन बनाए। वहीं, शुभमन गिल ने 36 गेंद में 29 रन, ऋषभ पंत ने 11 गेंद में नौ रन, विराट कोहली ने 35 गेंद में चार चौके और एक छक्के की मदद से 47 रन बनाए। केएल राहुल ने 43 गेंद में सात चौके और दो छक्के की मदद से 68 रन बनाए। रवींद्र जडेजा ने आठ रन, रविचंद्रन अश्विन ने एक रन और आकाश दीप ने 12 रन बनाए। बांग्लादेश की ओर से मेहदी हसन मिराज और शाकिब अल हसन ने चार-चार विकेट लिए। वहीं, हसन महमूद को एक विकेट मिला।

08:38 AM, 01-Oct-2024

IND vs BAN Live Score: बांग्लादेश की पहली पारी

बांग्लादेश की पहली पारी 233 रन पर समाप्त हो गई। सोमवार को बांग्लादेश की टीम ने तीन विकेट पर 107 रन से आगे खेलना शुरू किया और 126 रन बनाने में बाकी बचे सात विकेट गंवा दिए। जडेजा ने आखिरी विकेट के रूप में खालिद अहमद (0) को आउट किया। यह उनके टेस्ट करियर का 300वां विकेट रहा। वहीं, मोमिनुल हक 107 रन बनाकर नाबाद रहे। बांग्लादेश को सोमवार के दिन पहला झटका मुशफिकुर रहीम के रूप में लगा। वह 11 रन बना सके। इसके बाद लिटन दास 13 रन, शाकिब अल हसन नौ रन बनाकर आउट हुए। इसके बाद मेहदी हसन मिराज ने मोमिनुल हक के साथ सातवें विकेट के लिए 54 रन की साझेदारी निभाई। इस बीच मोमिनुल ने टेस्ट करियर का 12वां शतक लगाया। मेहदी 20 रन बनाकर आउट हुए। वहीं, तैजुल पांच रन और हसन महमूद एक रन बनाकर आउट हुए। जडेजा ने खालिद को आउट कर बांग्लादेश की पारी 233 रन पर समेट दी।

08:36 AM, 01-Oct-2024

IND vs BAN: दो दिन के अंदर खत्म हुआ कानपुर टेस्ट, भारत ने बांग्लादेश को सात विकेट से हराकर 2-0 से जीती सीरीज

नमस्कार! अमर उजाला के लाइव ब्लॉग में आपका स्वागत है। भारत और बांग्लादेश के बीच दो मैचों की टेस्ट सीरीज का दूसरा मुकाबला कानपुर में जारी है। मंगलवार यानी एक अक्तूबर को इस टेस्ट का आखिरी दिन है। मैच रोमांचक स्थिति में पहुंच चुका है। दूसरा और तीसरा दिन बारिश से पूरी तरह धुल गया था। वहीं, पहले दिन सिर्फ 35 ओवर का खेल हो पाया था। बांग्लादेश ने अपनी पहली पारी में 233 रन बनाए थे। वहीं, भारत ने अपनी पहली पारी नौ विकेट पर 285 रन बनाकर घोषित कर दी थी। टीम इंडिया को 52 रन की बढ़त हासिल थी। बांग्लादेश की दूसरी पारी जारी है।

विज्ञापन
MORE
AU ऐप में पढ़ें