भारत ने चेन्नई में खेले गए पहले टेस्ट में बांग्लादेश को 280 रन से हराकर दो मैचों की सीरीज में 1-0 की बढ़त हासिल कर ली है। 515 रनों के लक्ष्य का पीछा करते हुए बांग्लादेश की दूसरी पारी 234 रन पर सिमट गई। रविचंद्रन अश्विन ने कहर बरपाते हुए छह विकेट झटके। यह उनका टेस्ट में 37वां फाइव विकेट हॉल रहा और उन्होंने इस मामले महान शेन वॉर्न की बराबरी की। बांग्लादेश की ओर से नजमुल हुसैन शांतो ने सबसे ज्यादा 82 रन बनाए। टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करते हुए भारत ने पहली पारी में 376 रन बनाए थे। जवाब मे बांग्लादेश की पहली पारी 149 रन पर समाप्त हो गई। भारतीय टीम ने बांग्लादेश को फॉलोऑन न खिलाते हुए 227 रन की बढ़त के साथ दूसरी पारी में बल्लेबाजी की। भारत ने अपनी दूसरी पारी चार विकेट पर 287 रन बनाकर घोषित कर दी थी और उन्हें कुल 514 रन की बढ़त मिली थी।
रविवार को बांग्लादेश ने चार विकेट पर 158 रन से आगे खेलना शुरू किया और 76 रन जोड़ने में बाकी बचे छह विकेट गंवा दिए। बांग्लादेश को रविवार को पहला झटका अश्विन ने दिया। उन्होंने शाकिब अल हसन को पवेलियन भेजा। शाकिब और शांतो के बीच 48 रन की साझेदारी हुई। शाकिब 25 रन बना सके। उनके आउट होते ही विकेट की झड़ी लग गई। रवींद्र जडेजा ने लिटन दास को स्लिप में रोहित शर्मा के हाथों कैच कराया। लिटन एक रन बना सके। मेहदी हसन मिराज (8) को जडेजा के हाथों कैच कराते ही अश्विन ने टेस्ट में 37वीं बार पारी में पांच विकेट लेने की उपलब्धि हासिल की।
इसके बाद जडेजा ने कप्तान नजमुल हुसैन शांतो को बुमराह के हाथों कैच कराया। उन्होंने 127 गेंद में आठ चौके और तीन छक्के की मदद से 82 रन की बेहतरीन पारी खेली। फिर अश्विन ने तस्कीन अहमद को सिराज के हाथों कैच कराया। वह पांच रन बना सके। जडेजा ने हसन महमूद (7) को क्लीन बोल्ड करते ही बांग्लादेश की पारी 234 रन पर समेट दी। इससे पहले शनिवार को जाकिर हसन (33), शदमान इस्लाम (35), मोमिनुल हक (13) और मुशफिकुर रहीम (13) पवेलियन लौटे थे। अश्विन ने शनिवार तक तीन विकेट लिए थे। उन्होंने शदमान, मोमिनुल और रहीम को पवेलियन भेजा था।
228 के स्कोर पर बांग्लादेश को नौवां झटका लगा। अश्विन ने तस्कीन अहमद को सिराज के हाथों कैच कराया। वह पांच रन बना सके। फिलहाल नाहिद राणा और हसन महमूद क्रीज पर हैं। अश्विन को मिली यह छठी सफलता रही।
222 के स्कोर पर बांग्लादेश को आठवां झटका लगा। जडेजा ने कप्तान नजमुल हुसैन शांतो को बुमराह के हाथों कैच कराया। उन्होंने 127 गेंद में आठ चौके और तीन छक्के की मदद से 82 रन की बेहतरीन पारी खेली। भारत अब जीत से दो विकेट दूर है। फिलहाल तस्कीन अहमद और हसन महमूद क्रीज पर हैं। बांग्लादेश को 293 रन की जरूरत है।
चेपॉक में आज अश्विन का कहर देखने को मिल रहा है। उन्होंने पांच विकेट झटक लिए हैं। मेहदी हसन मिराज को जडेजा के हाथों कैच कराते ही अश्विन ने टेस्ट में 37वीं बार पारी में पांच विकेट लेने की उपलब्धि हासिल की। उन्होंने महान शेन वॉर्न की बराबरी कर ली है। मेहदी आठ रन बना सके। बांग्लादेश का स्कोर सात विकेट पर 222 रन है। उन्हें अब 293 रन की जरूरत है। फिलहाल शांतो के साथ तस्कीन अहमद क्रीज पर हैं। शांतो 82 रन बना चुके हैं। भारत जीत की दहलीज पर खड़ा है। उसे बस तीन विकेट चाहिए।
515 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी बांग्लादेश टीम को 205 के स्कोर पर छठा झटका लगा। रवींद्र जडेजा ने लिटन दास को स्लिप में रोहित शर्मा के हाथों कैच कराया। लिटन एक रन बना सके। इससे पहले अश्विन ने दिन की पहली सफलता दिलाई थी। उन्होंने शाकिब अल हसन को यशस्वी के हाथों कैच कराया था। बांग्लादेश को अब 310 रन की जरूरत है। वहीं, भारत को जीत के लिए चार विकेट चाहिए।
बांग्लादेश को चौथे दिन का पहला झटका शाकिब अल हसन के रूप में लगा। उन्हें ड्रिंक्स ब्रेक के तुरंत बाद वाले ओवर में अश्विन ने पवेलियन भेजा। अश्विन ने चौथे दिन के अपने पहले ही ओवर में शाकिब को यशस्वी के हाथों कैच कराया। शाकिब और शांतो के बीच पांचवें विकेट के लिए 48 रन की साझेदारी हुई। शाकिब 25 रन बना सके। फिलहाल बांग्लादेश का स्कोर पांच विकेट पर 195 रन है। उन्हें 320 और रन की जरूरत है, जबकि भारत को पांच विकेट चाहिए। फिलहाल शांतो का साथ निभाने मैदान पर लिटन दास आए हैं। अश्विन के टेस्ट में अब 520 विकेट हो गए हैं और उन्होंने महान कोर्टनी वॉल्श के 519 टेस्ट विकेट के रिकॉर्ड को पीछे छोड़ दिया है।
चौथे दिन आधे घंटे का खेल निकल चुका है, लेकिन बांग्लादेश की टीम ने अब तक कोई विकेट नहीं गंवाया है। भारतीय टीम की ओर से अच्छी गेंदबाजी हो रही है। भारतीय तेज गेंदबाज नजमुल शांतो और शाकिब अल हसन को बांध कर रखे हुए हैं। बांग्लादेश ने अब तक चार विकेट गंवाकर 169 रन बना लिए हैं। उन्हें जीत के लिए और 346 रन की जरूरत है। वहीं, भारत को छह विकेट की दरकार है।
चौथे दिन के खेल की शुरुआत हो चुकी है। बांग्लादेश की टीम ने चार विकेट पर 158 रन से आगे खेलना शुरू किया है। फिलहाल शांतो और शाकिब क्रीज पर हैं। भारत को जीत के लिए छह विकेट की जरूरत है, जबकि बांग्लादेश को 357 रन और चाहिए।
भारत और बांग्लादेश के बीच चेन्नई के एमए चिदंबरम स्टेडियम पर खेला जा रहा पहला टेस्ट मुकाबला रोमांचक स्थिति में पहुंच गया है। भारत ने बांग्लादेश के सामने जीत के लिए 515 रनों का लक्ष्य रखा है। जवाब में बांग्लादेश की टीम ने चार विकेट पर 158 रन बना लिए हैं और उसे अभी जीत के लिए और 357 रन बनाने होंगे, जबकि भारत छह विकेट लेते ही यह मुकाबला अपने नाम कर लेगा। दोनों टीमों के बीच तीसरे दिन का मुकाबला खराब रोशनी के कारण जल्द समाप्त कर दिया गया। स्टंप्स के समय कप्तान नजमुल हुसैन शांतो 60 गेंदों पर चार चौकों और तीन छक्कों की मदद से 51 रन और शाकिब अल हसन 14 गेंदों पर पांच रन बनाकर क्रीज पर मौजूद थे। भारत की ओर से ऑफ स्पिनर रविचंद्रन अश्विन ने तीन विकेट लिए, जबकि जसप्रीत बुमराह ने एक विकेट अपने नाम किया।
इस बीच, मौसम भी बांग्लादेश पर मेहरबान रहा और दिन का खेल तय समय से 9.4 ओवर पहले समाप्त करना पड़ा। बांग्लादेश फिलहाल संघर्ष करता दिख रहा है, लेकिन गिरते विकेटों के बीच कप्तान ने दूसरे छोर से मोर्चा संभाले रखा और अर्धशतक लगाने में सफल रहे। वहीं, पहली पारी की तुलना में बांग्लादेश ने दूसरी पारी में सधी हुई बल्लेबाजी की, लेकिन अश्विन गेंदबाजी से प्रभावित करने में सफल रहे।
अपनी दूसरी पारी में बांग्लादेश ने अच्छी शुरुआत की और जाकिर हसन और शादमान इस्लाम की सलामी जोड़ी ने पहले विकेट के लिए 62 रन जोड़े। हालांकि, यह साझेदारी और बड़ी होती उससे पहले ही जसप्रीत बुमराह ने जाकिर को यशस्वी के हाथों कैच आउट कराकर भारत को पहली सफलता दिलाई। जाकिर 33 रन बनाकर पवेलियन लौटे। बांग्लादेश की अच्छी शुरुआत पर जहां बुमराह ने ब्रेक लगाया, वहीं ऑफ स्पिनर रविचंद्रन अश्विन ने बांग्लादेश को नियमित रूप से झटके दिए और 84 रन के योग पर उसे तीन झटके और दिए। अश्विन ने इस दौरान शादमान (35), मोमिनुल हक (13) और मुशफिकुर रहीम (13) को आउट किया। बांग्लादेश ने इस तरह 146 रन के स्कोर पर चार विकेट गंवा दिए थे और वह मुश्किल में दिख रही थी। छठे बल्लेबाज के तौर पर शाकिब अल हसन उतरे और उन्होंने दिन का खेल समाप्त होने तक कप्तान नजमुल हुसैन शांतो का साथ दिया और कोई भी विकेट नहीं गिरने दिया।
भारत ने अपनी दूसरी पारी चार विकेट पर 287 रन बनाकर पारी घोषित करने का फैसला किया और बांग्लादेश के सामने बड़ा लक्ष्य रखा। भारत दूसरी पारी में शुभमन गिल और ऋषभ पंत के शतकों की मदद से बड़ी बढ़त लेने में सफल रहा। शुभमन 176 गेंदों पर 10 चौकों और चार छक्कों की मदद से 119 रन बनाकर नाबाद रहे, जबकि पंत ने 128 गेंदों पर 13 चौकों और चार छक्कों की मदद से 109 रन बनाए। वहीं, केएल राहुल 22 रन बनाकर नाबाद रहे। भारत ने पहली पारी में 376 रन बनाए थे और बांग्लादेश की पहली पारी 149 रन पर ढेर कर 227 रनों की बढ़त हासिल कर ली थी। पंत और गिल ने चौथे विकेट के लिए 167 रन की साझेदारी निभाई। इससे पहले यशस्वी जायसवाल (10), रोहित शर्मा (5) और विराट कोहली (17) शुक्रवार को ही आउट हो गए थे। भारत ने शनिवार को 81/3 के स्कोर से आगे खेलना शुरू किया और 206 रन जोड़कर पारी घोषित की। भारत का तीसरे दिन एकमात्र विकेट पंत के रूप में गिरा।
नमस्कार! अमर उजाला के लाइव ब्लॉग में आपका स्वागत है। भारत और बांग्लादेश के बीच चेपॉक में खेला जा रहा पहला टेस्ट रोमांचक मोड़ पर पहुंच चुका है। बांग्लादेश को 357 और रन की जरूरत है, जबकि भारत को जीत के लिए छह विकेट की दरकार है। भारत ने बांग्लादेश के सामने 515 रन का लक्ष्य रखा था, जिसके जवाब में बांग्लादेश की टीम तीसरे दिन का खेल खत्म होने तक चार विकेट पर 158 रन बना लिए थे। रविवार को यानी टेस्ट के चौथे दिन टीम इससे आगे खेलेगी। मैच का फैसला भी आज हो सकता है। पिच से स्पिनर्स को मदद मिल रही है और अश्विन-जडेजा इसका फायदा उठा सकते हैं।