ऑस्ट्रेलिया ने एडिलेड में खेले गए दूसरे टेस्ट में भारत को 10 विकेट से हरा दिया। इस जीत के साथ ही कंगारू टीम ने सीरीज में वापसी की है और पांच मैचों की सीरीज को फिलहाल 1-1 से बराबर कर दिया है। भारतीय कप्तान रोहित शर्मा ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी का फैसला किया था। पहले बैटिंग करते हुए टीम इंडिया ने 180 रन बनाए थे। जवाब में ऑस्ट्रेलिया ने अपनी पहली पारी में 337 रन बनाए और 157 रन की बढ़त हासिल की। भारत की दूसरी पारी 175 रन पर समाप्त हुई और रोहित एंड कंपनी ने 18 रन की बढ़त हासिल की। 19 रन के लक्ष्य को ऑस्ट्रेलिया ने बिना कोई विकेट गंवाए हासिल कर लिया। उस्मान ख्वाजा नौ रन और मैकस्वीनी 10 रन बनाकर नाबाद रहे। सीरीज का तीसरा मुकाबला ब्रिस्बेन में 14 दिसंबर से खेला जाएगा। पहला टेस्ट भारतीय टीम ने 295 रन से अपने नाम किया था।
भारत की दूसरी पारी
टीम इंडिया ने रविवार को पांच विकेट पर 128 रन से आगे खेलना शुरू किया और 47 रन बनाने में बाकी बचे पांच विकेट गंवा दिए। टीम इंडिया को रविवार को ऋषभ पंत के रूप में पहला और ओवरऑल छठा झटका लगा। वह 28 रन बना सके। पंत तीसरे दिन के पहले ओवर में स्टार्क का शिकार बने। इसके बाद अश्विन कुछ खास नहीं कर सके और सात रन बनाकर पवेलियन चलते बने। हर्षित राणा खाता नहीं खोल सके और कमिंस का शिकार बने। नीतीश रेड्डी ने छोटी मगर उपयोगी पारी खेली। वह एक बार फिर अर्धशतक से चूक गए और 47 गेंद में छह चौके और एक छक्के की मदद से 42 रन बनाए। वह टीम इंडिया की ओर से हाईएस्ट स्कोरर रहे। वहीं, बोलैंड ने सिराज को हेड के हाथों कैच करा कर भारतीय पारी को 175 रन पर समेट दिया। ऑस्ट्रेलिया की ओर से कप्तान कमिंस ने पांच विकेट लिए, जबकि बोलैंड को तीन विकेट मिले। वहीं, स्टार्क ने दो विकेट लिए। इससे पहले शनिवार को टीम इंडिया ने पांच विकेट गंवाए थे। यशस्वी जायसवाल 24 रन, केएल राहुल सात रन, शुभमन गिल 28 रन, विराट कोहली 11 रन और कप्तान रोहित शर्मा छह रन बनाकर आउट हुए थे।
ऑस्ट्रेलिया की पहली पारी
ऑस्ट्रेलिया ने अपनी पहली पारी में 337 रन बनाए। उस्मान ख्वाजा को शुक्रवार को बुमराह ने आउट किया था। शनिवार को कंगारुओं ने एक विकेट पर 86 रन से आगे खेलना शुरू किया और 251 रन बनाने में आखिरी के नौ विकेट गंवा दिए। शनिवार को पहले सत्र में मैकस्वीनी (39), स्टीव स्मिथ (2) और मार्नस लाबुशेन के रूप में तीन विकेट गंवाए। लाबुशेन ने 64 रन बनाए। मैकस्वीनी और स्मिथ को बुमराह ने आउट किया, जबकि लाबुशेन को नीतीश रेड्डी ने आउट किया। इसके बाद दूसरे सत्र में ऑस्ट्रेलिया के लिए ट्रेविस हेड ने खूब रन बनाए और टेस्ट करियर का आठवां शतक जड़ा। यह भारत के खिलाफ उनका तीसरा टेस्ट रहा। उन्होंने 141 गेंद में 17 चौके और चार छक्के की मदद से 140 रन की पारी खेली। मिचेल मार्श नौ रन, एलेक्स कैरी 15 रन बनाकर आउट हुए। ऑस्ट्रेलिया को आठवां झटका पैट कमिंस के रूप में लगा। बुमराह ने पैट कमिंस को क्लीन बोल्ड किया। कमिंस 12 रन बना सके। डिनर ब्रेक के बाद मिचेल स्टार्क भी 18 रन बनाकर आउट हो गए। वहीं, सिराज ने बोलैंड (0) कर ऑस्ट्रेलिया की पारी को खत्म किया। भारत की ओर से जसप्रीत बुमराह और मोहम्मद सिराज ने चार-चार विकेट लिए। बुमराह और सिराज के अलावा नीतीश रेड्डी और अश्विन को एक-एक विकेट मिला।
भारत की पहली पारी
टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी टीम इंडिया की पहली पारी 180 रन पर सिमट गई। भारतीय टीम की शुरुआत खराब रही थी। यशस्वी मैच की पहली ही गेंद पर एल्बीडब्ल्यू आउट हो गए थे। वह खाता नहीं खोल सके। इसके बाद केएल राहुल और शुभमन गिल के बीच दूसरे विकेट के लिए 69 रन की साझेदारी हुई। इस साझेदारी को स्टार्क ने तोड़ा। उन्होंने राहुल को पवेलियन भेजा। राहुल 37 रन बना सके। उनके आउट होते ही विकेट की झड़ी लग गई। विराट कोहली सात रन, शुभमन गिल 31 रन और कप्तान रोहित शर्मा तीन रन बनाकर आउट हुए। इसके बाद ऋषभ पंत ने टिकने की कोशिश की, लेकिन कमिंस ने उन्हें भी पवेलियन भेज दिया। पंत ने 21 रन बनाए। जहां भारत का स्कोर एक वक्त एक विकेट पर 69 रन था, वो कुछ देर बाद पांच विकेट पर 87 रन हो चुका था। यानी 18 रन बनाने में भारत ने चार और विकेट गंवा दिए थे।
अश्विन ने नीतीश रेड्डी के साथ पारी संभालने की कोशिश की और सातवें विकेट के लिए 32 रन की साझेदारी निभाई। स्टार्क ने फिर एकबार खलल डाला और अश्विन को चलता किया। वह 22 रन बना सके। हर्षित राणा और जसप्रीत बुमराह खाता खोले बिना आउट हुए। नीतीश आखिरी विकेट के रूप में 54 गेंद में तीन चौके और तीन छक्के की मदद से 42 रन बनाकर स्टार्क के छठे शिकार बने। स्टार्क के अलावा पैट कमिंस और बोलैंड को दो-दो विकेट मिले। स्टार्क ने 48 रन देकर छह विकेट लिए जो उनके करियर के सर्वश्रेष्ठ गेंदबाजी आंकड़े हैं। उनके टेस्ट करियर का यह 15वां फाइव विकेट हॉल रहा।
भारत की दूसरी पारी 175 रन पर सिमट गई। टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए भारत ने 180 रन बनाए थे, जबकि ऑस्ट्रेलिया ने अपनी पहली पारी में 337 रन बनाए। इस तरह उन्हें दूसरी पारी में 157 रन की बढ़त हासिल थी। दूसरी पारी में भारत ने 175 रन बनाए और ऑस्ट्रेलिया पर 18 रन की बढ़त हासिल की और कंगारुओं को 19 रन का लक्ष्य दिया।
टीम इंडिया ने रविवार को पांच विकेट पर 128 रन से आगे खेलना शुरू किया और 47 रन बनाने में बाकी बचे पांच विकेट गंवा दिए। टीम इंडिया को आज ऋषभ पंत के रूप में पहला और ओवरऑल छठा झटका लगा। वह 28 रन बना सके। पंत तीसरे दिन के पहले ओवर में स्टार्क का शिकार बने। इसके बाद अश्विन कुछ खास नहीं कर सके और सात रन बनाकर पवेलियन चलते बने। हर्षित राणा खाता नहीं खोल सके और कमिंस का शिकार बने। नीतीश रेड्डी ने छोटी मगर उपयोगी पारी खेली। वह एक बार फिर अर्धशतक से चूक गए और 47 गेंद में छह चौके और एक छक्के की मदद से 42 रन बनाए। वह टीम इंडिया की ओर से हाईएस्ट स्कोरर रहे। वहीं, बोलैंड ने सिराज को हेड के हाथों कैच कराकर भारतीय पारी को 175 रन पर समेट दिया। ऑस्ट्रेलिया की ओर से कप्तान कमिंस ने पांच विकेट लिए, जबकि बोलैंड को तीन विकेट मिले। वहीं, स्टार्क ने दो विकेट लिए।
भारत को 166 के स्कोर पर नौवां झटका लगा। नीतीश रेड्डी 42 रन बनाकर आउट हुए। कमिंस ने नीतीश को मैकस्वीनी के हाथों कैच कराया। उन्होंने अपनी पारी में छह चौके और एक छक्का लगाया। टीम इंडिया की बढ़त फिलहाल नौ रनों की है।
153 के स्कोर पर भारत को आठवां झटका लगा। हर्षित राणा खाता खोले बिना आउट हुए। उन्हें कमिंस ने ख्वाजा के हाथों कैच कराया। भारत अब भी ऑस्ट्रेलिया से चार रन पीछे है। ऑस्ट्रेलिया ने मैच में पकड़ बना ली है। फिलहाल नीतीश रेड्डी और जसप्रीत बुमराह क्रीज पर हैं।
भारत को 148 के स्कोर पर सातवां झटका लगा। कमिंस ने अश्विन को विकेटकीपर कैरी के हाथों कैच कराया। वह सात रन बना सके। यह भारत को रविवार को लगा दूसरा झटका है। इससे पहले ऋषभ पंत तीसरे दिन के पहले ही ओवर में स्टार्क की गेंद पर आउट हुए थे। फिलहाल नीतीश रेड्डी और हर्षित राणा क्रीज पर हैं।
तीसरे दिन के पहले ही ओवर में भारत को बड़ा झटका लगा। स्टार्क ने ओवर की आखिरी गेंद पर ऋषभ पंत को स्लिप में स्मिथ के हाथों कैच कराया। वह 31 गेंद पर 28 रन बना सके। फिलहाल भारत ऑस्ट्रेलिया से 29 रन पीछे है। भारत पर पारी से हार का खतरा भी मंडरा रहा है। नीतीश रेड्डी और अश्विन क्रीज पर हैं।
तीसरे दिन के खेल की शुरुआत हो चुकी है। ऋषभ पंत और नीतीश रेड्डी क्रीज पर हैं। मिचेल स्टार्क ने पहले ओवर में गेंदबाजी की। भारतीय टीम बड़ी बढ़त हासिल करना चाहेगी। हालांकि, उसके लिए पंत और नीतीश का क्रीज पर टिके रहना जरूरी होगा।
दूसरे दिन का खेल समाप्त होने तक भारत ने दूसरी पारी में 128 रन पर अपने पांच विकेट गंवा दिए। भारतीय टीम अब भी ऑस्ट्रेलिया से 29 रन पीछे है। स्टंप्स के समय ऋषभ पंत 28 रन और नीतीश रेड्डी 15 रन बनाकर क्रीज पर मौजूद थे। ऑस्ट्रेलिया के लिए पैट कमिंस और स्कॉट बोलैंड ने दो-दो विकेट लिए, जबकि मिचेल स्टार्क को एक विकेट मिला। भारत का जिस तरह का प्रदर्शन रहा है, उससे इस डे-नाइट टेस्ट में ऑस्ट्रेलिया का पलड़ा भारी नजर आ रहा है। भारत ने जसप्रीत बुमराह की अगुआई में पर्थ में खेले गए पहले टेस्ट मैच में ऑस्ट्रेलिया को हराया था, लेकिन रोहित शर्मा की कप्तानी में वह दूसरे टेस्ट में मुश्किल में घिरती दिख रही है।
ऑस्ट्रेलिया को पहली पारी में ऑलआउट करने के बाद उतरी भारतीय टीम की बल्लेबाजी दूसरी पारी में बेहद खराब रही। यशस्वी जायसवाल और केएल राहुल की ओपनिंग जोड़ी विफल रही और टीम को मजबूत शुरुआत नहीं दिला सकी। सबसे पहले राहुल आउट हुए जिन्हें कमिंस ने सात रन के स्कोर पर पवेलियन भेजा। फिर बोलैंड ने यशस्वी (24) और विराट कोहली (11) को आउट कर भारत को दोहरा झटका दिया। शुभमन गिल भी अच्छी शुरुआत को बड़ी पारी में तब्दील नहीं कर सके और उन्हें 28 रन के स्कोर पर स्टार्क ने बोल्ड किया। कप्तान रोहित शर्मा की खराब फॉर्म दूसरी पारी में भी जारी रही जो कमिंस की गेंद पर छह रन बनाकर पवेलियन लौटे। ऑस्ट्रेलिया के लिए दूसरे दिन सभी पांच विकेट तेज गेंदबाजों ने झटके और भारत के शीर्ष बल्लेबाजों का उनके सामने समर्पण साफ नजर आया।
भारतीय टीम को अब पंत और नीतीश से आस है जो क्रीज पर टिके हुए हैं। गिरते विकेटों के बीच ऋषभ पंत ही ऐसे थे जिन्होंने निडरता दिखाई और लगातार बड़े शॉट खेलकर ऑस्ट्रेलियाई गेंदबाजों पर दबाव बनाने का प्रयास किया। पंत 25 गेंदों की अपनी पारी में अब तक पांच चौके जड़ चुके हैं। भारत को अगर बड़ी बढ़त लेनी है तो पंत और नीतीश को करिश्माई साझेदारी करनी होगी और टीम को मुश्किल से निकालना होगा।
भारतीय कप्तान रोहित शर्मा का वापसी के बावजूद फ्लॉप शो जारी है। पिछले कुछ समय से रन बनाने के लिए जूझ रहे रोहित से दूसरी पारी में काफी उम्मीदें थी, लेकिन एक बार फिर कप्तान ने निराश किया। रोहित खुद को मिले जीवनदान का फायदा भी नहीं उठा सके, जो उन्हें स्टार्क की गेंद पर मिला था जब वह खाता भी नहीं खोल सके थे। यह घटना 18वें ओवर की है। स्टार्क ने इस ओवर की तीसरी गेंद बाउंसर फेंकी, जिस पर रोहित ने आगे बढ़कर डिफेंड करने की कोशिश की। लेकिन गेंद सीधे उनके पैड पर जा लगी। अंपायर ने तुरंत उन्हें आउट करार दिया। वहीं, रोहित ने रिव्यू ले लिया। थर्ड अंपायर ने देखा कि स्टार्क ने ओवरस्टेप किया है, जिसके कारण इसे नो बॉल करार दिया गया जिससे रोहित आउट होने से बचे। रोहित इस साल 14वीं बार दहाई अंक का आंकड़ा पार नहीं कर पाए हैं और वह दुनिया के दूसरे ऐसे बल्लेबाज हैं जो इस साल सर्वाधिक बार सिंगल डिजिट स्कोर पर आउट हुआ है।
ट्रेविस हेड ने 140 रन की ताबड़तोड़ पारी खेली जिसके दम पर ऑस्ट्रेलिया पहली पारी में 157 रनों की बढ़त हासिल करने में सफल रही। ऑस्ट्रेलिया ने शनिवार को एक विकेट पर 86 रन से आगे खेलना शुरू किया और 251 रन बनाने में आखिरी के नौ विकेट गंवा दिए। शुरुआती सत्र में टीम ने मैकस्वीनी (39), स्टीव स्मिथ (2) और मार्नस लाबुशेन के रूप में तीन विकेट गंवाए। लाबुशेन ने 64 रन बनाए। मैकस्वीनी और स्मिथ को बुमराह ने आउट किया, जबकि लाबुशेन को नीतीश रेड्डी ने आउट किया। भारत की ओर से जसप्रीत बुमराह और मोहम्मद सिराज ने चार-चार विकेट लिए।
नमस्कार! अमर उजाला के लाइव ब्लॉग में आपका स्वागत है। भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच एडिलेड में खेला जा रहा टेस्ट रोमांचक मोड़ पर पहुंच गया है। ऑस्ट्रेलियाई टीम फिलहाल मजबूत स्थिति में है और टीम इंडिया पर हार का खतरा मंडरा रहा है। हालांकि, भारतीय टीम की ओर से किसी एक बल्लेबाज की बड़ी पारी और बड़ी साझेदारी टीम इंडिया की नैया पार लगा सकती है। विश्व टेस्ट चैंपियनशिप फाइनल के लिहाज से इस टेस्ट का नतीजा भारत के लिए बेहद महत्वपूर्ण है।