तीन मैचों की टी-20 सीरीज के पहले मुकाबले में ऑस्ट्रेलिया ने भारत को चार विकेट से हरा दिया है। टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करते हुए भारत ने 20 ओवर में छह विकेट गंवाकर 208 रन बनाए। हार्दिक पांड्या ने 30 गेंदों में 71 रन की नाबाद पारी खेली। जवाब में ऑस्ट्रेलिया ने 19.2 ओवर में छह विकेट गंवाकर लक्ष्य हासिल कर लिया। कैमरून ग्रीन ने 30 गेंदों में 61 रन और मैथ्यू वेड ने 21 गेंदों में 45 रन की नाबाद पारी खेली। इस जीत के साथ ऑस्ट्रेलिया ने सीरीज में 1-0 की बढ़त बना ली है। अगला मैच 23 सितंबर को नागपुर के विदर्भ क्रिकेट एसोसिएशन स्टेडियम में खेला जाएगा।
17 ओवर के बाद ऑस्ट्रेलिया ने पांच विकेट गंवाकर 169 रन बना लिए हैं। फिलहाल मैथ्यू वेड 17 रन और टिम डेविड 10 रन बनाकर क्रीज पर हैं। ऑस्ट्रेलिया को 18 गेंदों में 40 रन की जरूरत है।
15वें ओवर में 145 के स्कोर पर ऑस्ट्रेलिया को पांचवां झटका लगा। अक्षर पटेल ने घातक गेंदबाजी करते हुए जोश इंग्लिस को क्लीन बोल्ड किया। इंग्लिस 10 गेंदों में 17 रन बनाकर आउट हुए। अक्षर को मिली यह तीसरी सफलता रही। इससे पहले वह एरॉन फिंच और कैमरून ग्रीन को पवेलियन भेज चुके हैं। वहीं, उमेश यादव ने स्टीव स्मिथ और ग्लेन मैक्सवेल को आउट किया। 15 ओवर के बाद ऑस्ट्रेलिया का स्कोर पांच विकेट पर 148 रन है। टीम को 30 गेंदों में 61 रन की जरूरत है। फिलहाल मैथ्यू वेड और टिम डेविड क्रीज पर हैं।
12वें ओवर में उमेश यादव की घातक गेंदबाजी देखने को मिली। उन्होंने एक ही ओवर में स्टीव स्मिथ और ग्लेन मैक्सवेल को पवेलियन भेजा। उमेश ने दोनों को विकेटकीपर दिनेश कार्तिक के हाथों कैच कराया। 12वें ओवर की पहली गेंद पर स्मिथ 24 गेंदों में 35 रन बनाकर आउट हुए। उन्होंने अपनी पारी में तीन चौके और एक छक्का लगाया। वहीं, आखिरी गेंद पर मैक्सवेल को आउट किया। मैक्सवेल एक रन बना सके। 12 ओवर के बाद ऑस्ट्रेलिया का स्कोर चार विकेट पर 123 रन है। फिलहाल जोश इंग्लिस और टिम डेविड क्रीज पर हैं।
11वें ओवर में 109 के स्कोर पर ऑस्ट्रेलिया को दूसरा झटका लगा। तूफानी बल्लेबाजी कर रहे कैमरून ग्रीन को अक्षर पटेल ने विराट कोहली के हाथों कैच कराया। ग्रीन 30 गेंदों में 61 रन बनाकर आउट हुए। यह ग्रीन के टी-20 अंतरराष्ट्रीय करियर का पहला अर्धशतक रहा। अपनी पारी में ग्रीन ने आठ चौके और चार छक्के लगाए। अक्षर को मिली यह दूसरी सफलता रही। इससे पहले उन्होंने एरॉन फिंच को क्लीन बोल्ड किया। 11 ओवर के बाद ऑस्ट्रेलिया का स्कोर दो विकेट पर 112 रन है। फिलहाल स्टीव स्मिथ 21 गेंदों में 25 रन और ग्लेन मैक्सवेल एक रन बनाकर क्रीज पर हैं।
10 ओवर के बाद ऑस्ट्रेलिया ने एक विकेट गंवाकर 109 रन बना लिए हैं। फिलहाल कैमरून ग्रीन 29 गेंदों में 61 रन और स्टीव स्मिथ 18 गेंदों में 23 रन बनाकर बल्लेबाजी कर रहे हैं। दोनों के बीच 39 गेंदों में 70 रन की साझेदारी हो चुकी है। ऑस्ट्रेलिया को अब 60 गेंदों में 100 रन की जरूरत है।
नौ ओवर के बाद ऑस्ट्रेलिया ने एक विकेट गंवाकर 99 रन बना लिए हैं। कैमरून ग्रीन ने टी-20 अंतरराष्ट्रीय करियर का पहला अर्धशतक लगाया। वह 26 गेंदों में 54 रन बनाकर बल्लेबाजी कर रहे हैं। वहीं, नौवें ओवर में केएल राहुल ने स्टीव स्मिथ का आसान कैच छोड़ दिया। एरॉन फिंच 22 रन बनाकर पवेलियन लौट चुके हैं।
ऑस्ट्रेलिया के आठ ओवर में एक विकेट पर 90 रन हो गए हैं। कैमरून ग्रीन और स्टीव स्मिथ तेजी से रन बना रहे हैं। दोनों ने दूसरे विकेट के लिए 51 रनों की साझेदारी कर ली है। ग्रीन 47 और स्मिथ 18 रन बनाकर नाबाद हैं।
ऑस्ट्रेलिया को चौथे ओवर में 39 के स्कोर पर पहला झटका लगा। अक्षर पटेल ने एरॉन फिंच को क्लीन बोल्ड किया। फिंच 13 गेंदों में 22 रन बनाकर आउट हुए। अपनी पारी में फिंच ने तीन चौके और एक छक्का लगाया। चार ओवर के बाद ऑस्ट्रेलिया का स्कोर एक विकेट पर 40 रन है। फिलहाल स्टीव स्मिथ एक रन और कैमरून ग्रीन नौ गेंदों में 17 रन बनाकर क्रीज पर हैं।
दो ओवर के बाद ऑस्ट्रेलिया ने बिना कोई विकेट गंवाए 24 रन बना लिए हैं। एरॉन फिंच आठ रन और कैमरून ग्रीन 16 रन बनाकर क्रीज पर हैं। उमेश यादव के दूसरे ओवर में ग्रीन ने लगातार चार चौके जड़े।
भारत ने ऑस्ट्रेलिया के सामने 209 रन का लक्ष्य रखा है। टीम इंडिया ने टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में छह विकेट गंवाकर 208 रन बनाए। हार्दिक पांड्या ने आखिरी कुछ ओवरों में तूफानी पारी खेली। उन्होंने 30 गेंदों में 71 रन की नाबाद पारी खेली। अपनी पारी में हार्दिक ने सात चौके और पांच छक्के लगाए। हार्दिक ने 20वें ओवर की आखिरी तीन गेंदों पर तीन छक्के लगाए। भारत ने आखिरी पांच ओवर में 67 रन बनाए। आखिर में हार्दिक और हर्षल पटेल ने 11 गेंदों में 32 रन की नाबाद साझेदारी निभाई।
टीम इंडिया की शुरुआत खराब रही। रोहित शर्मा नौ गेंदों में 11 रन बनाकर आउट हुए। इसके बाद विराट कोहली भी कुछ खास नहीं कर सके और सात गेंदों में दो रन बनाकर आउट हुए। इसके बाद केएल राहुल और सूर्यकुमार यादव ने तीसरे विकेट के लिए 42 गेंदों में 68 रन की साझेदारी निभाई। राहुल ने टी-20 अंतरराष्ट्रीय में लगातार दूसरा और करियर का 18वां अर्धशतक लगाया। वह 35 गेंदों में 55 रन बनाकर आउट हुए। उन्हें जोश हेजलवुड ने नाथन एलिस के हाथों कैच कराया। राहुल ने अपनी पारी में चार चौके और तीन छक्के लगाए।
सूर्यकुमार यादव 25 गेंदों में 46 रन बनाकर आउट हुए। वह अर्धशतक से चूक गए। उन्हें कैमरून ग्रीन ने विकेटकीपर मैथ्यू वेड के हाथों कैच कराया। अपनी पारी में सूर्यकुमार ने दो चौके और चार छक्के लगाए। अक्षर पटेल (6 रन) और दिनेश कार्तिक (6 रन) कुछ खास नहीं कर सके और दोनों को नाथन एलिस ने पवेलियन भेजा। आखिर में हार्दिक पांड्या ने हर्षल पटेल के साथ मिलकर टीम इंडिया का स्कोर 200 रन के पार पहुंचाया। हार्दिक ने 30 गेंदों में 71 रन और हर्षल ने चार गेंदों में सात रन बनाकर नाबाद रहे। ऑस्ट्रेलिया की ओर से नाथन एलिस ने सबसे ज्यादा तीन विकेट लिए। वहीं, जोश हेजलवुड ने दो विकेट लिए। इसके अलावा कैमरून ग्रीन को एक विकेट मिला।
19 ओवर के बाद भारत ने छह विकेट गंवाकर 187 रन बना लिए हैं। हार्दिक पांड्या ने 25 गेंदों में टी-20 अंतरराष्ट्रीय करियर का दूसरा अर्धशतक जड़ा। वह फिलहाल 25 गेंदों में 51 रन और हर्षल पटेल तीन गेंदों में छहर रन बनाकर बल्लेबाजी कर रहे हैं। दिनेश कार्तिक छह रन बनाकर आउट हुए।
18 ओवर के बाद भारत ने पांच विकेट गंवाकर 176 रन बना लिए हैं। फिलहाल हार्दिक पांड्या 23 गेंदों में 46 रन और दिनेश कार्तिक चार गेंदों में छह रन बनाकर बल्लेबाजी कर रहे हैं।
16वें ओवर में 146 के स्कोर पर भारत को पांचवां झटका लगा। नाथन एलिस ने अक्षर पटेल को कैमरून ग्रीन के हाथों कैच कराया। अक्षर पांच गेंदों में छह रन बना सके। 16 ओवर के बाद भारत का स्कोर पांच विकेट पर 148 रन है। फिलहाल हार्दिक पांड्या और दिनेश कार्तिक क्रीज पर हैं।
15 ओवर के बाद भारत ने चार विकेट गंवाकर 141 रन बना लिए हैं। फिलहाल हार्दिक पांड्या 18 रन और अक्षर पटेल छह रन बनाकर क्रीज पर हैं। इससे पहले केएल राहुल 55 रन बनाकर आउट हुए। वहीं, सूर्यकुमार यादव अर्धशतक से चूक गए। वह 46 रन बनाकर आउट हुए। इससे पहले रोहित शर्मा 11 रन और कोहली दो रन बनाकर आउट हुए थे।
14वें ओवर 126 के स्कोर पर भारत को चौथा झटका लगा। सूर्यकुमार यादव 25 गेंदों में 46 रन बनाकर आउट हुए। वह अर्धशतक से चूक गए। उन्हें कैमरून ग्रीन ने विकेटकीपर मैथ्यू वेड के हाथों कैच कराया। अपनी पारी में सूर्यकुमार ने दो चौके और चार छक्के लगाए। 14 ओवर के बाद भारत का स्कोर दो विकेट पर 131 रन है। फिलहाल हार्दिक पांड्या 13 रन और अक्षर पटेल एक रन बनाकर क्रीज पर हैं।
12 ओवर के बाद भारत ने तीन विकेट गंवाकर 103 रन बना लिए हैं। 12वें ओवर में टीम इंडिया को तीसरा झटका लगा। केएल राहुल 35 गेंदों में 55 रन बनाकर आउट हुए। उन्हें जोश हेजलवुड ने नाथन एलिस के हाथों कैच कराया। राहुल ने अपनी पारी में चार चौके और तीन छक्के लगाए। राहुल ने सूर्यकुमार के साथ तीसरे विकेट के लिए 42 गेंदों में 68 रन की साझेदारी निभाई। फिलहाल हार्दिक पांड्या और सूर्यकुमार यादव 20 गेंदों में 32 रन बनाकर क्रीज पर हैं।
केएल राहुल फॉर्म में वापस लौट चुके हैं। उन्होंने टी-20 अंतरराष्ट्रीय में लगातार दूसरा अर्धशतक लगाया। राहुल ने इससे पहले एशिया कप में सुपर फोर मुकाबले में अफगानिस्तान के खिलाफ अर्धशतक जड़ा था। राहुल ने 32 गेंदों में टी-20 अंतरराष्ट्रीय करियर का 18वां अर्धशतक जड़ा। 11 ओवर के बाद भारत का स्कोर दो विकेट पर 91 रन है। फिलहाल केएल राहुल 32 गेंदों में 50 रन और सूर्यकुमार यादव 18 गेंदों में 25 रन बनाकर बल्लेबाजी कर रहे हैं। दोनों के बीच तीसरे विकेट के लिए अब तक 50+ रन की साझेदारी हो चुकी है।
10 ओवर के बाद भारत ने दो विकेट गंवाकर 86 रन बना लिए हैं। केएल राहुल अर्धशतक के करीब हैं। फिलहाल राहुल 28 गेंदों में 47 रन और सूर्यकुमार यादव 16 गेंदों में 23 रन बनाकर बल्लेबाजी कर रहे हैं। दोनों के बीच अब तक तीसरे विकेट के लिए 31 गेंदों में 51 रन की साझेदारी हो चुकी है। शुरुआती पांच ओवरों में भारत को दो बड़े झटके लगे थे। कप्तान रोहित शर्मा नौ गेंदों में 11 रन और विराट कोहली सात गेंदों में दो रन बनाकर आउट हुए।
सात ओवर के बाद भारत ने दो विकेट गंवाकर 56 रन बना लिए हैं। फिलहाल केएल राहुल 17 गेंदों में 25 रन और सूर्यकुमार यादव नौ गेंदों में 16 रन बनाकर बल्लेबाजी कर रहे हैं। टीम इंडिया को शुरुआती ओवरों में ही दो बड़े झटके लगे। कप्तान रोहित शर्मा नौ गेंदों में 11 रन और विराट कोहली सात गेंदों में दो रन बनाकर आउट हुए। भारत को अगर बड़ा स्कोर करना है तो राहुल और सूर्यकुमार को बड़ी साझेदारी करनी होगी।
पांचवें ओवर में 35 के स्कोर पर भारतीय टीम को दूसरा झटका लगा। विराट कोहली एकबार फिर पुरानी गलती दोहराते हुए नाथन एलिस की फुल लेंथ की बॉल को मिड ऑन में खड़े कैमरून ग्रीन के हाथों में थमा दिया। कोहली सात गेंदों में दो रन बनाकर आउट हुए। पांच ओवर के बाद भारत का स्कोर दो विकेट पर 35 रन है। फिलहाल सूर्यकुमार यादव और केएल राहुल क्रीज पर हैं।
तीसरे ओवर में 21 के स्कोर पर भारत को पहला झटका लगा। कप्तान रोहित शर्मा नौ गेंदों में 11 रन बनाकर आउट हुए। उन्हें जोश हेजलवुड ने नाथन एलिस के हाथों कैच कराया। चार ओवर के बाद भारत का स्कोर एक विकेट पर 30 रन है। फिलहाल केएल राहुल 11 गेंदों में 18 रन और विराट कोहली चार गेंदों में एक रन बनाकर बल्लेबाजी कर रहे हैं।
भारत: रोहित शर्मा (कप्तान), केएल राहुल, विराट कोहली, सूर्यकुमार यादव, हार्दिक पांड्या, दिनेश कार्तिक (विकेटकीपर), अक्षर पटेल, भुवनेश्वर कुमार, हर्षल पटेल, उमेश यादव, युजवेंद्र चहल।
ऑस्ट्रेलिया: एरॉन फिंच (कप्तान), कैमरून ग्रीन, स्टीव स्मिथ, ग्लेन मैक्सवेल, जोश इंगलिस, टिम डेविड, मैथ्यू वेड (विकेटकीपर), पैट कमिंस, नाथन एलिस, एडम जैम्पा, जोश हेजलवुड।
भारत के खिलाफ पहले टी-20 में ऑस्ट्रेलिया ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला लिया है। भारतीय कप्तान रोहित शर्मा ने टीम में कुछ बदलाव किए हैं। उन्होंने कहा कि टीम में कुछ खिलाड़ी चोटिल हैं। जसप्रीत बुमराह यह मैच नहीं खेलेंगे। वहीं, ऋषभ पंत को भी मौका नहीं दिया गया है। अक्षर पटेल, युजवेंद्र चहल और दिनेश कार्तिक यह मैच खेल रहे है। वहीं, ऑस्ट्रेलिया के लिए सिंगापुर के ऑलराउंडर टिम डेविड डेब्यू कर रहे हैं।
नमस्कार! अमर उजाला के लाइव ब्लॉग में आपका स्वागत है। भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच पहला टी-20 खेला जा रहा है। दोनों टीमों के लिए टी-20 वर्ल्ड कप के लिहाज से यह सीरीज बेहद महत्वपूर्ण है। भारतीय टीम यह मैच जीतकर तीन मैचों की टी-20 सीरीज में बढ़त हासिल करना चाहेगी।
भारत मंगलवार से विश्व चैंपियन ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ शुरू होने वाली तीन टी-20 मैचों की सीरीज में टी-20 वर्ल्ड कप से पहले अपने उचित टीम कम्पोजिशन, खासतौर से मध्यक्रम से जुड़े मसले को सुलझाने का प्रयास करेगा।