फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

IND U19 Vs BAN U19: 10वीं बार सेमीफाइनल में पहुंचा भारत, बांग्लादेश को पांच विकेट से हराया, अब ऑस्ट्रेलिया से होगा सामना

Sun, 30 Jan 2022 12:47 AM IST
स्वप्निल शशांक स्पोर्ट्स डेस्क, अमर उजाला, एंटिगुआ

खास बातें

U19 World Cup India vs Bangladesh Highlights: अंडर-19 विश्व कप में अब तक भारतीय टीम का सफर शानदार रहा है। भारत ने टूर्नामेंट में अब तक अपने चारों मैच जीते हैं। भारतीय टीम ने बांग्लादेश से 2020 अंडर-19 विश्व कप का बदला भी ले लिया। 2020 में बांग्लादेश ने भारत को फाइनल में हराया था।
विज्ञापन
भारतीय अंडर-19 क्रिकेट टीम - फोटो : twitter@BCCI
विज्ञापन

लाइव अपडेट

12:38 AM, 30-Jan-2022

सेमीफाइनल में पहुंचा भारत

भारतीय अंडर-19 टीम ने क्वार्टर फाइनल मुकाबले में बांग्लादेश को पांच विकेट से हरा दिया है। इसी के साथ भारत ने बांग्लादेश से 2020 अंडर-19 विश्व कप फाइनल में मिली हार का बदला भी ले लिया। टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करते हुए बांग्लादेश की टीम 37.1 ओवर में 111 रन पर सिमट गई।

जवाब में भारत ने 30.5 ओवर में पांच विकेट गंवाकर लक्ष्य हासिल कर लिया। भारत के लिए अंगकृष रघुवंशी ने सबसे ज्यादा 44 रन की पारी खेली, जबकि शेख रशीद 26 रन बनाकर आउट हुए। वहीं, कप्तान यश धुल 20 रन बनाकर नाबाद रहे। सेमीफाइनल में अब भारत का सामना दो फरवरी को ऑस्ट्रेलिया से होगा। वहीं, दूसरे सेमीफाइनल में इंग्लैंड का सामना अफगानिस्तान से होगा।

भारतीय टीम 10वीं बार अंडर-19 विश्व कप के सेमीफाइनल में पहुंची है। यह लगातार चौथी बार है जब टीम इंडिया सेमीफाइनल में जगह बनाने में कामयाब हो पाई। इससे पहले टीम 2016, 2018 और 2020 अंडर-19 विश्व कप के फाइनल में पहुंची थी। 2018 में तो भारत ने विश्व कप जीता भी था, जबकि 2016 और 2020 में टीम फाइनल में हार गई थी। 

12:15 AM, 30-Jan-2022

राज बावा शून्य पर पवेलियन लौटे

97 रन पर भारत को पांचवां झटका लगा। रिपोन मंडल ने घातक गेंदबाजी करते हुए चार विकेट झटके हैं। उन्होंने अंगकृष रघुवंशी, शेख रशीद, सिद्धार्थ यादव के बाद राज बावा को भी पवेलियन भेजा। राज शून्य पर आउट हुए। उन्हें रिपोन ने फहीम के हाथों कैच कराया। फिलहाल यश धुल और कौशल तांबे क्रीज पर हैं। 26 ओवर के बाद भारत ने पांच विकेट गंवाकर 98 रन बना लिए हैं। भारत को जीत के लिए 14 रन की जरूरत है।

12:10 AM, 30-Jan-2022

भारत को चौथा झटका

82 रन पर भारत को चौथा झटका लगा। सिद्धार्थ यादव छह रन बनाकर आउट हुए। उन्हें रिपोन मंडल ने इफ्ति के हाथों कैच कराया। फिलहाल यश धुल और राज बावा क्रीज पर हैं।

विज्ञापन
11:52 PM, 29-Jan-2022

भारत को तीसरा झटका

75 रन पर भारत को तीसरा झटका लगा। रिपोन मंडल ने अंगकृष के बाद शेख रशीद को भी पवेलियन भेजा। रशीद 59 गेंदों पर 26 रन बनाकर आउट हुए। फिलहाल कप्तान यश धुल और सिद्धार्थ यादव क्रीज पर हैं। भारत ने 22 ओवर के बाद तीन विकेट गंवाकर 80 रन बना लिए हैं।

11:49 PM, 29-Jan-2022

अंगकृष रघुवंशी पवेलियन लौटे

70 रन पर भारत को दूसरा झटका लगा। अच्छी बल्लेबाजी कर रहे अंगकृष रघुवंशी 65 गेंदों पर 44 रन बनाकर आउट हुए। अपनी पारी में उन्होंने सात चौके लगाए। अंगकृष को रिपोन मंडल ने नबील के हाथों कैच कराया। अंगकृष और शेख रशीद के बीच 70 रन की साझेदारी हुई। शून्य पर भारत का पहला विकेट गिरा था।

विज्ञापन
11:26 PM, 29-Jan-2022

भारत का स्कोर 50 रन के पार

112 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए भारतीय टीम ने 16 ओवर के बाद एक विकेट गंवाकर 52 रन बना लिए हैं।  शून्य पर भारत का पहला विकेट गिरा था। इसके बाद अंगकृष रघुवंशी और शेख रशीद ने पारी संभाली और अब तक 50 प्लस रन की साझेदारी कर चुके हैं। अंगकृष 35 रन और रशीद 12 रन बनाकर क्रीज पर हैं।

11:10 PM, 29-Jan-2022

अंगकृष और रशीद ने संभाली पारी

112 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए भारत की शुरुआत धीमी रही है। 13 ओवर के बाद टीम इंडिया ने एक विकेट गंवाकर 30 रन बना लिए हैं। शून्य पर पहला विकेट गिरने के बाद अंगकृष रघुवंशी और शेख रशीद ने पारी संभाली और अब तक 30 रन की साझेदारी कर चुके हैं। टीम इंडिया को अब भी जीत के लिए 82 रन की जरूरत है। अंगकृष 21 रन और रशीद छह रन बनाकर क्रीज पर हैं।

10:39 PM, 29-Jan-2022

अंगकृष और रशीद क्रीज पर मौजूद

छह ओवर के बाद भारत ने एक विकेट गंवाकर 17 रन बना लिए हैं। अंगकृष रघुवंशी 12 रन और शेख रशीद तीन रन बनाकर क्रीज पर हैं। हरनूर सिंह शून्य पर पवेलियन लौटे। 

10:08 PM, 29-Jan-2022

शून्य पर भारत को पहला झटका

शून्य पर भारत को पहला झटका लगा। हरनूर सिंह बिना खाता खोले पवेलियन लौटे। उन्हें भारतीय पारी के दूसरे ओवर में तन्जिम हसन ने मोहम्मद फहीम के हाथों कैच कराया। फिलहाल अंगकृश रघुवंशी और उपकप्तान शेख रशीद क्रीज पर हैं। बांग्लादेश ने शुरुआती दो ओवर मेडन डाले हैं। भारत का स्कोर दो ओवर के बाद शून्य पर एक विकेट है।

09:35 PM, 29-Jan-2022

बांग्लादेश 111 रन पर ऑलआउट

भारतीय टीम ने बांग्लादेश की पारी को 37.1 ओवर में 111 रन पर समेट दिया। एसएम मेहरोब बांग्लादेश की ओर से सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज रहे। उन्होंने 48 गेंद पर 30 रन की पारी खेली। इसके अलावा अइच मोल्लाह (17 रन) और अशिकुर जमान (16 रन) ही दहाई का आंकड़ा छू सके। बांग्लादेश के आठ बल्लेबाज दहाई का आंकड़ा नहीं छू सके। भारत ने एक्स्ट्रा के तौर पर 18 रन दिए। इसमें 12 वाइड, दो लेग बाई और चार बाई के रन शामिल हैं। भारत की ओर से तेज गेंदबाज रवि कुमार ने सबसे ज्यादा तीन विकेट लिए। वहीं, स्पिनर विक्की ओस्तवाल ने दो विकेट झटके। राजवर्धन हंगरगेकर, कौशल तांबे और अंगकृष रघुवंशी को एक-एक विकेट मिला। भारत के पास बांग्लादेश से 2020 अंडर-19 विश्व कप का बदला लेने का सबसे अच्छा मौका है। 2020 में बांग्लादेश ने भारत को फाइनल में हराया था।

09:29 PM, 29-Jan-2022

बांग्लादेश ने दो रन बनाने में दो विकेट गंवाए

बांग्लादेश ने पारी के 36वें ओवर में दो रन बनाने में दो विकेट गंवा दिए। अंगकृष रघुवंशी के इस ओवर की पहली गेंद पर एक रन बना। दूसरी गेंद पर अंगकृष ने एसएम मेहरोब को विकेटकीपर दिनेश बाना के हाथों स्टंप कराया। मेहरोब 48 गेंद पर 30 रन बना सके। इसके बाद ओवर की पांचवीं गेंद पर अशिकुर जमान और तन्जिम हसन साकिब ने दो रन लेने की कोशिश की। दूसरा रन लेते हुए अशिकुर रन आउट हो गए। सिद्धार्थ यादव ने डायरेक्ट हिट पर अशिकुर को रन आउट किया। 36 ओवर के बाद बांग्लादेश ने नौ विकेट गंवाकर 109 रन बना लिए हैं।

09:22 PM, 29-Jan-2022

35 ओवर के बाद बांग्लादेश ने सात विकेट गंवाकर 105 रन बना लिए हैं। अशिकुर जमान 14 और एसएम मेहरोब 30 रन बनाकर क्रीज पर हैं। भारत की ओर से रवि कुमार ने तीन और विक्की ओस्तवाल ने दो विकेट झटके। 

09:07 PM, 29-Jan-2022

30 ओवर के बाद बांग्लादेश 80/7

30 ओवर के बाद बांग्लादेश ने सात विकेट गंवाकर 80 रन बना लिए हैं। अशिकुर जमान 8 और एसएम मेहरोब 14 रन बनाकर क्रीज पर हैं। भारत की ओर से रवि कुमार ने तीन और विक्की ओस्तवाल ने दो विकेट झटके। कौशल तांबे को एक विकेट मिला। वहीं, मोल्लाह रन आउट हुए।

08:40 PM, 29-Jan-2022

बांग्लादेश ने सात विकेट गंवाए

56 रन पर बांग्लादेश को सातवां झटका लगा। कौशल तांबे के लगातार दो ओवर में दो विकेट गिरे। बांग्लादेश की पारी के 22वें ओवर में उन्होंने पहले कप्तान रकीबुल हसन (7 रन) को पवेलियन भेजा। इसके बाद 24वें ओवर में अइच मोल्लाह रन आउट हुए। मोल्लाह 48 गेंदों पर 17 रन बना सके। उन्हें भारतीय कप्तान यश धुल के शानदार थ्रो पर तांबे ने रन आउट किया। 24 ओवर के बाद बांग्लादेश ने सात विकेट गंवाकर 60 रन बना लिए हैं। भारत की ओर से रवि कुमार ने अब तक तीन विकेट और विक्की ओस्तवाल ने दो विकेट झटके हैं। वहीं, कौशल तांबे को एक विकेट मिला। 
 

08:28 PM, 29-Jan-2022

बांग्लादेश को लगा छठा झटका

50 रन पर बांग्लादेश को छठा झटका लगा। स्पिनर कौशल तांबे ने उनके कप्तान रकीबुल हसन को एलबीडब्ल्यू आउट किया। 22 ओवर के बाद बांग्लादेश ने छह विकेट गंवाकर 50 रन बना लिए हैं। फिलहाल एसएम मेहरोब और अइच मोल्लाह क्रीज पर हैं।

07:56 PM, 29-Jan-2022

बांग्लादेश ने 37 रन पर गंवाए पांच विकेट

37 रन पर बांग्लादेश की आधी टीम पवेलियन लौट चुकी है। फिलहाल कप्तान रकीबुल हसन और आइच मोल्लाह क्रीज पर हैं। 16वें ओवर में बाएं हाथ के स्पिनर विक्की ओस्तवाल ने बांग्लादेश को दो झटके दिए। उन्होंने इस ओवर की पहली गेंद पर अरिफुल इस्लाम को पवेलियन भेजा। अरिफुल को विक्की ने विकेटकीपर दिनेश बाना के हाथों कैच कराया। इसके बाद चौथी गेंद पर मोहम्मद फहीम को क्लीन बोल्ड किया। फहीम शून्य पर आउट हुए। इससे पहले तेज गेंदबाज रवि कुमार ने बांग्लादेश के तीन विकेट लिए थे।

07:46 PM, 29-Jan-2022
तेज गेंदबाज रवि कुमार को बधाई देते साथी खिलाड़ी - फोटो : सोशल मीडिया

13 ओवर के बाद बांग्लादेश 34/3

बांग्लादेश ने 13 ओवर के बाद तीन विकेट गंवाकर 34 रन बना लिए हैं। फिलहाल आइच मोल्लाह और अरिफुल इस्लाम क्रीज पर हैं। तेज गेंदबाज रवि कुमार को तीनों सफलता मिली। उन्होंने महफिजुल, इफ्ताखेर इफ्ति और प्रांतिक नवरोज नबील को पवेलियन भेजा।

07:19 PM, 29-Jan-2022

रवि ने बांग्लादेश को तीसरा झटका दिया

14 रन के स्कोर पर बांग्लादेश को तीसरा झटका लगा। तेज गेंदबाज रवि कुमार की स्विंग के आगे बांग्लादेश की टीम पस्त दिख रही है। उन्होंने अब तक अपने चार ओवर में तीन बल्लेबाजों को पवेलियन भेज दिया है। रवि ने बांग्लादेश की पारी के आठवें ओवर में नबील को पवेलियन भेजा। इससे पहले वह महफिजुल और इफ्ति को भी आउट कर चुके हैं। बांग्लादेश ने आठ ओवर में तीन विकेट गंवाकर 16 रन बना लिए हैं। आइच मोल्लाह और अरिफुल इस्लाम क्रीज पर हैं।

07:05 PM, 29-Jan-2022

बांग्लादेश को लगा दूसरा झटका

छठे ओवर में 12 रन के कुल स्कोर पर बांग्लादेशी टीम को दूसरा झटका लगा। रवि कुमार ने इफ्ताखेर हुसैन इफ्ति को शेख रशीद के हाथों कैच कराया। वे 17 गेंदों पर 1 रन बना सके। रवि को मिली ये दूसरी सफलता है। इससे पहले उन्होंने महफिजुल को क्लीन बोल्ड किया था। फिलहाल आइच मोल्लाह और प्रांतिक नवरोज नबील क्रीज पर हैं। छह ओवर के बाद बांग्लादेश ने दो विकेट गंवाकर 12 रन बना लिए हैं।

07:04 PM, 29-Jan-2022

पांच ओवर के बाद बांग्लादेश 11/1

पांच ओवर के बाद बांग्लादेश ने एक विकेट गंवाकर 11 रन बना लिए हैं। फिलहाल इफ्ताखेर हुसैन इफ्ति 1 रन और प्रांतिक नवरोज नबील 2 रन बनाकर क्रीज पर हैं।

06:17 PM, 29-Jan-2022

बांग्लादेश को लगा पहला झटका

तीन रन के कुल स्कोर पर बांग्लादेश टीम को पहला झटका लगा। रवि कुमार ने महफिजुल इस्लाम को इनस्विंग गेंद पर क्लीन बोल्ड किया। महफिजुल दो रन बना सके। हंगरगेकर ने भी पहले ओवर में महफिजुल को स्विंग से काफी परेशान किया था। बांग्लादेशी पारी की पहली गेंद पर ही महफिजुल आउट होने से बचे थे। हंगरगेकर की इनस्विंग यॉर्कर महफिजुल से लगकर स्टंप पर लगी, लेकिन गिल्लियां नहीं गिरीं। इस वजह से वह बच गए।
 

06:14 PM, 29-Jan-2022

भारत ने टॉस जीतकर गेंदबाजी चुनी

भारतीय कप्तान यश धुल ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला लिया है। पिछले दो मैचों में भारत की कप्तानी करने वाले निशांत सिंधु यह मैच नहीं खेल रहे। वह यूगांडा के खिलाफ पिछले मैच के बाद कोरोना संक्रमित मिले थे। वहीं, रेगुलर कप्तान यश की वापसी हुई है। वह कोरोना की वजह से पिछले दो मैच से नहीं खेल रहे थे। पिच में थोड़ी नमी है। तेज गेंदबाजों को शुरुआत में और बाद में स्पिनरों को कुछ मदद मिलेगी।

भारत अंडर-19 प्लेइंग इलेवन: अंगक्रिश रघुवंशी, हरनूर सिंह, शेख रशीद, यश धुल (कप्तान), राज बावा, सिद्धार्थ यादव, कौशल तांबे, दिनेश बाना (विकेटकीपर), विक्की ओस्तवाल, राजवर्धन हंगरगेकर, रवि कुमार

बांग्लादेश अंडर-19 प्लेइंग इलेवन: महफिजुल इस्लाम, इफ्ताखेर हुसैन इफ्ति, प्रांतिक नवरोज नबील, आइच मोल्लाह, मोहम्मद फहीम (विकेटकीपर), अरिफुल इस्लाम, एसएम महरोब, रकीबुल हसन (कप्तान), आशिकुर जमान, तंजीम हसन साकिब, रिपन मोंडोल

05:37 PM, 29-Jan-2022

दोनों के बीच हालिया रिकॉर्ड

हालिया रिकॉर्ड की बात करें तो पिछले महीने हुए अंडर-19 एशिया कप में भारत ने बांग्लादेश को शिकस्त दी थी। भारत-बांग्लादेश के बीच हुए पिछले पांच मैचों में तीन मुकाबला भारत ने जीता है। टॉस छह बजे होगा, जबकि मैच शाम साढ़े छह बजे शुरू होगा।

05:35 PM, 29-Jan-2022

बांग्लादेश से 2020 का बदला लेने उतरेगी टीम इंडिया

भारतीय टीम के पास बांग्लादेश से साल 2020 का बदला लेने का भी मौका है। 2020 अंडर-19 विश्व कप के फाइनल में बांग्लादेश ने भारत को हराया था और खिताब पर कब्जा जमाया था। इस मैच के बाद बांग्लादेश के खिलाड़ी भारतीय खिलाड़ियों को स्लेज करते भी दिखे थे। आज भारतीय टीम बांग्लादेश को हराकर उस मैच का बदला लेना चाहेगी।

05:33 PM, 29-Jan-2022

निशांत सिंधु कोरोना संक्रमित मिले

हालांकि, यश धुल की गैरमौजूदगी में पिछले दो मैचों में टीम इंडिया की कप्तानी करने वाले निशांत सिंधु कोरोना संक्रमित पाए गए। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, यूगांडा के खिलाफ खेले गए आखिरी लीग मैच के बाद सिंधु की रिपोर्ट पॉजिटिव आई। वह, बांग्लादेश के खिलाफ मैच में टीम के साथ मौजूद नहीं रहेंगे। बाएं हाथ के स्पिनर अनीश्वर गौतम को रिप्लेसमेंट के तौर पर टीम से जोड़ा गया है। 

05:31 PM, 29-Jan-2022

टूर्नामेंट में तीन मैच जीत चुकी टीम इंडिया

भारतीय अंडर-19 टीम ने वर्ल्ड कप के अपने पहले ही मुकाबले में दक्षिण अफ्रीका को 45 रन से हराया था। वहीं, दूसरे मैच में आयरलैंड को 174 रन के भारी अंतर से करारी शिकस्त दी थी। टीम इंडिया का ये प्रदर्शन तब था, जब नियमित कप्तान यश धुल समेत छह खिलाड़ी कोरोना पॉजिटिव हो गए थे। छह रेगुलर खिलाड़ी के बिना भारत ने पिछले मैच में यूगांडा को 326 रन से हराया था। यश धुल समेत छह खिलाड़ियों की कोरोना रिपोर्ट अब निगेटिव आ चुकी है। यश धुल बांग्लादेश के खिलाफ कप्तानी करते दिखेंगे।

05:24 PM, 29-Jan-2022

IND U19 Vs BAN U19: 10वीं बार सेमीफाइनल में पहुंचा भारत, बांग्लादेश को पांच विकेट से हराया, अब ऑस्ट्रेलिया से होगा सामना

नमस्कार, अमर उजाला के लाइव ब्लॉग में आपका स्वागत है। आईसीसी अंडर 19 विश्व कप 2022 में आज चार बार की चैंपियन टीम इंडिया का मुकाबला क्वार्टर फाइनल में शनिवार को बांग्लादेश से होना है। भारतीय टीम ने अभी तक टूर्नामेंट में अच्छा प्रदर्शन किया है और अपने तीनों मैच जीते हैं। वहीं, बांग्लादेश ने तीन में से दो मैच जीते हैं और इंग्लैंड के हाथों हार का सामना करना पड़ा है। 

और पढ़ें...
विज्ञापन
MORE
AU ऐप में पढ़ें