फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

IND W vs SL W Highlights: भारत की लगातार दूसरी जीत, श्रीलंका को 82 रन से हराया, अरुंधति-शोभना को तीन-तीन विकेट

Wed, 09 Oct 2024 10:56 PM IST
Mayank Tripathi स्पोर्ट्स डेस्क, अमर उजाला, दुबई

खास बातें

India W vs Sri Lanka W (IND W vs SL W) T20 World Cup 2024 : नमस्कार! अमर उजाला के लाइव ब्लॉग में आपका स्वागत है। भारत ने श्रीलंका को 82 रनों से हराकर महिला टी20 विश्व कप में लगातार दूसरा मुकाबला जीत लिया। भारतीय टीम ने 20 ओवर में तीन विकेट पर 172 रन बनाए। जवाब में श्रीलंका की टीम 19.5 ओवर में 10 विकेट पर 90 रन बनाए। इस मुकाबले में अरुंधति और आशा ने तीन-तीन विकेट चटकाए। वहीं, रेणुका को दो विकेट मिले जबकि श्रेयंका और दीप्ति को एक-एक सफलता मिली।
विज्ञापन
भारत बनाम श्रीलंका - फोटो : ICC
विज्ञापन

लाइव अपडेट

10:47 PM, 09-Oct-2024

IND W vs SL W Live: भारत ने जीता मुकाबला

भारत ने बुधवार को श्रीलंका के खिलाफ ग्रुप ए के मुकाबले में 82 रन से जीत के साथ सेमीफाइनल के लिए अपनी स्थिति मजबूत कर ली है। इस मुकाबले में भारतीय टीम ने दमदार प्रदर्शन किया और नेट रनरेट में सुधार कर लिया। अब टीम की नजर ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ मैच पर है। 

दुबई अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम में खेले गए मुकाबले में भारतीय टीम ने 20 ओवर में तीन विकेट पर 172 रन बनाए। जवाब में श्रीलंका की टीम 19.5 ओवर में 10 विकेट पर 90 रन ही बना सकी। इस जीत के साथ टीम इंडिया ग्रुप ए की अंक तालिका में दूसरे स्थान पर पहुंच गई है। उनके खाते में चार अंक हैं और नेट रनरेट +0.576 का हो गया है। वहीं, श्रीलंका तीन मैचों में अब तक एक भी जीत दर्ज नहीं कर सकी है। 

10:19 PM, 09-Oct-2024

IND W vs SL W Live: श्रीलंका को लगा सातवां झटका

श्रीलंका का सातवां विकेट 61 रन के स्कोर पर गिरा। आशा शोभना ने सुगंदिका को शिकार बनाया। वह सिर्फ एक रन बना सकीं।

10:11 PM, 09-Oct-2024

IND W vs SL W Live: श्रीलंका को लगा छठा झटका

श्रीलंका को छठा झटका 58 रन के स्कोर पर लगा। अरुंधति ने कविशा दिलहारी को अपना शिकार बनाया। वह 21 रन बनाकर पवेलियन लौटीं। फिलहाल क्रीज पर अमा कंचना और सुगंदिका कुमारी मौजूद हैं।

विज्ञापन
10:07 PM, 09-Oct-2024

IND W vs SL W Live: श्रीलंका को लगा पांचवां झटका

श्रीलंका को पांचवां झटका अरुंधति रेड्डी ने दिया। उन्होंने निलकशिका को 57 रन के स्कोर पर आउट किया। वह सिर्फ आठ रन बना सकीं। श्रीलंका का बल्लेबाजी क्रम अब तक कुछ खास प्रदर्शन नहीं कर पाया है।

09:57 PM, 09-Oct-2024

IND W vs SL W Live: श्रीलंका को लगा चौथा झटका

श्रीलंका को चौथा झटका 43 रन के स्कोर पर अनुष्का संजीवनी के रूप में लगा। उन्हें आशा शोभना ने ऋचा घोष के हाथों कैच कराया। वह 20 रन बनाकर पवेलियन लौटीं। 62 गेंदों में श्रीलंका को 120 रनों की जरूरत है।

विज्ञापन
09:35 PM, 09-Oct-2024

IND W vs SL W Live: श्रीलंका की खराब शुरुआत

श्रीलंका की खराब शुरुआत हुई है। सलामी बल्लेबाजी के लिए उतरीं विश्मी पहले ओवर की दूसरी गेंद पर आउट हो गईं। वह खाता खोले बिना पवेलियन लौट गईं। वहीं, चामरी अट्टापट्टू भी एक रन बना सकीं। इसके बाद तीसरे नंबर पर बल्लेबाजी के लिए आईं हर्षिता समरविक्रमा सिर्फ तीन रन बनाकर लौटीं। फिलहाल क्रीज पर कविशा दिलहारी औरा अनुष्का संजीवनी मौजूद हैं। पांच ओवर के बाद श्रीलंका का स्कोर 21/3 है।

09:06 PM, 09-Oct-2024

IND W vs SL W Live: भारत ने श्रीलंका के सामने रखा 173 रन का लक्ष्य

भारत ने श्रीलंका के सामने 173 रनों का लक्ष्य रखा है। शेफाली वर्मा और स्मृति मंधाना के दमदार प्रदर्शन के बाद हरमनप्रीत ने भी शानदार पारी खेली। भारत ने 20 ओवर में तीन विकेट पर 172 रन बनाए हैं।

08:55 PM, 09-Oct-2024

IND W vs SL W Live: भारत को तीसरा झटका लगा

भारत को तीसरा झटका कंचना ने दिया। उन्होंने जेमिमा रोड्रिग्स को अपना शिकार बनाया। वह सिर्फ 16 रन बना सकीं। पांचवें नंबर पर बल्लेबाजी के लिए ऋचा घोष उतरी हैं। उनका साथ देने के लिए हरमनप्रीत कौर क्रीज पर मौजूद हैं।

08:33 PM, 09-Oct-2024

IND W vs SL W Live: भारत को लगा दूसरा झटका

भारत की सलामी बल्लेबाज शेफाली वर्मा भी पवेलियन लौट गईं। उन्हें चामरी अट्टापट्टू ने गुणारत्ने के हाथों कैच कराया। वह 40 गेंदों में 43 रन बनाकर आउट हुईं। चौथे नंबर पर बल्लेबाजी के लिए जेमिमा रोड्रिग्स उतरी हैं। उनका साथ देने के लिए हरमनप्रीत कौर क्रीज पर मौजूद हैं।

08:27 PM, 09-Oct-2024

IND W vs SL W Live: भारत को लगा पहला झटका

भारत को पहला झटका 98 रन के स्कोर पर लगा। स्मृति मंधाना को कंचना और अट्टापट्टू ने रन आउट किया। वह 38 गेंदों में 50 रनों की पारी खेलकर पवेलियन लौटीं। तीसरे नंबर पर बल्लेबाजी के लिए हरमनप्रीत उतरी हैं।

08:06 PM, 09-Oct-2024

IND W vs SL W Live: श्रीलंका के लिए दीवार बनीं मंधाना और शेफाली

शेफाली वर्मा और स्मृति मंधाना श्रीलंका के खिलाफ दीवार बनी हुई हैं। दोनों के बीच 70 से ज्यादा रनों की साझेदारी हो चुकी है। 10 ओवर के बाद भारत का स्कोर 78/0 है। श्रीलंका को पहले विकेट की तलाश है।

07:55 PM, 09-Oct-2024

IND W vs SL W Live: पावरप्ले के बाद भारत का स्कोर 41/0

पावरप्ले में भारतीय टीम की सलामी जोड़ी ने शानदार प्रदर्शन किया है। शेफाली और स्मृति दमदार फॉर्म में नजर आ रही हैं। छह ओवर के बाद भारत का स्कोर 41/0 है।

07:46 PM, 09-Oct-2024

IND W vs SL W Live: चार ओवर के बाद भारत का स्कोर

भारत की अच्छी शुरुआत हुई है। शेफाली वर्मा और स्मृति मंधाना के बीच अच्छी साझेदारी पनप रही है। चार ओवर के बाद भारत का स्कोर 24/0 है।

07:31 PM, 09-Oct-2024

IND W vs SL W Live: भारत की पारी शुरू

भारत की पारी शुरू हो चुकी है। स्मृति मंधाना और शेफाली वर्मा क्रीज पर मौजूद हैं। फैंस को दोनों से एक लंबी साझेदारी की उम्मीद है। वहीं, श्रीलंका की तरफ से इनोशी प्रियदर्शनी पारी का पहला ओवर फेंक रही हैं। 

07:08 PM, 09-Oct-2024

IND W vs SL W Live: दोनों टीमों की प्लेइंग 11 इस प्राकर है

भारत: शेफाली वर्मा, स्मृति मंधाना, जेमिमा रोड्रिग्स, हरमनप्रीत कौर (कप्तान), ऋचा घोष (विकेटकीपर), दीप्ति शर्मा, सजीवन सजना, अरुंधति रेड्डी, श्रेयंका पाटिल, आशा शोभना, रेणुका ठाकुर सिंह।
श्रीलंका: विशमी गुणारत्ने, चामरी अट्टापट्टू (कप्तान), हर्षिता समरविक्रमा, कविशा दिलहारी, नीलाक्षी डी सिल्वा, अनुष्का संजीवनी (विकेटकीपर), अमा कंचना, सुगंधिका कुमारी, इनोशी प्रियदर्शनी, उदेशिका प्रबोधनी, इनोका राणावीरा।

07:04 PM, 09-Oct-2024

IND W vs SL W Live: भारत ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी का फैसला किया

महिला टी20 विश्व कप में अपना तीसरा मैच खेल रही भारतीय टीम ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी का फैसला किया है। कप्तान हरमनप्रीत कौर ने बताया कि टीम इंडिया इस मुकाबले में किसी बदलाव के बिना उतरी है। वहीं, श्रीलंका में हसिनी परेरा को आराम दिया गया है। उनकी जगह अमा कंचना को जगह मिली है।

06:27 PM, 09-Oct-2024

IND W vs SL W Live: आंकड़ों पर श्रीलंका पर भारी है भारत का पलड़ा  

भारत को श्रीलंका के खिलाफ खेल के हर विभाग में अच्छा प्रदर्शन करना होगा क्योंकि ग्रुप के अंतिम मैच में उसका सामना ऑस्ट्रेलिया जैसी मजबूत टीम से होगा। श्रीलंका के खिलाफ भारत को केवल जीत नहीं बल्कि बड़ी जीत की जरूरत है जिससे कि उसके नेट रन रेट में सुधार हो सके। श्रीलंका को अपने पहले दोनों मैच में हार का सामना करना पड़ा लेकिन भारत उसकी टीम को हल्के से लेने की गलती नहीं करेगा। आंकड़ों में श्रीलंका के खिलाफ भारत का पलड़ा भारी है, लेकिन भारत को इस टीम ने एशिया कप के फाइनल में जख्म दिया था जिसके बाद भारतीय टीम अपने इस प्रतिद्वंदी के खिलाफ सतर्क होकर खेलेगी।

06:27 PM, 09-Oct-2024

IND W vs SL W Live: हरमनप्रीत का खेलना संदिग्ध 

अभी तक दो मैच में 15 और 29 रन बनाने वाली कप्तान हरमनप्रीत कौर का गर्दन में चोट के कारण श्रीलंका के खिलाफ खेलना संदिग्ध है जिससे भारत की समस्या और बढ़ गई है। हरमनप्रीत पाकिस्तान के खिलाफ पिछले मैच में बल्लेबाजी करते समय चोटिल हो गई थी और उन्हें रिटायर्ड हर्ट होकर पवेलियन लौटना पड़ा था। ऐसी परिस्थितियों में जेमिमा रॉड्रिग्ज, दीप्ति शर्मा और ऋचा घोष को बल्लेबाजी में अधिक जिम्मेदारी निभानी होगी। मध्यम गति की गेंदबाज अरुंधति रेड्डी ने पाकिस्तान के खिलाफ पिछले मैच में 19 रन देकर तीन विकेट हासिल करके अच्छा प्रदर्शन किया था लेकिन उन्हें अन्य तेज गेंदबाजों रेणुका सिंह और पूजा वस्त्राकर से अधिक सहयोग की जरूरत है। पूजा पिछले मैच में नहीं खेली थी।

06:23 PM, 09-Oct-2024

IND W vs SL W Live: बल्लेबाजी पर देना होगा ध्यान

भारतीय टीम टूर्नामेंट में अभी तक अपेक्षित प्रदर्शन नहीं कर पाई है। उसे अपने पहले मैच में न्यूजीलैंड से 58 रन से हार का सामना करना पड़ा जबकि पाकिस्तान के खिलाफ 106 रन के लक्ष्य तक पहुंचने के लिए उसने 18.5 ओवर खेले। भारत की टूर्नामेंट में अभी तक सबसे बड़ी समस्या बल्लेबाजों का लचर प्रदर्शन रहा है विशेषकर शेफाली वर्मा और उपकप्तान स्मृति मंधाना अभी तक टीम को अच्छी शुरुआत नहीं दे पाए हैं।

06:21 PM, 09-Oct-2024

IND W vs SL W Live: नेट रनरेट पर रहेगी नजर

भारतीय महिला टीम का टी20 विश्व कप में प्रदर्शन अब तक उम्मीद के अनुरूप नहीं रहा है। भारत ने न्यूजीलैंड के खिलाफ हार के साथ टूर्नामेंट का आगाज किया था, लेकिन दूसरे मैच में चिर प्रतिद्वंद्वी पाकिस्तान को हराकर वापसी की थी। भारत का सामना अब ग्रुप ए के अगले मैच में श्रीलंका से होगा। भारतीय टीम इस मैच में बड़ी जीत दर्ज करके अपने नेट रन रेट में सुधार करने की कोशिश करेगी।

06:16 PM, 09-Oct-2024

IND W vs SL W Highlights: भारत की लगातार दूसरी जीत, श्रीलंका को 82 रन से हराया, अरुंधति-शोभना को तीन-तीन विकेट

नमस्कार! अमर उजाला के लाइव ब्लॉग में आपका स्वागत है। आज महिला टी20 विश्व कप में भारतीय टीम का सामना श्रीलंका से होगा। इस मैच में टीम इंडिया श्रीलंका के खिलाफ जीत के साथ सेमीफाइनल के लिए अपनी स्थिति मजबूत करने का लक्ष्य लेकर उतरेगी।

और पढ़ें...
विज्ञापन
MORE
AU ऐप में पढ़ें