फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

IND W vs SL W Highlights: भारतीय महिला टीम ने एशियाड 2026 में जीता पहला स्वर्ण, श्रीलंका पर दर्ज की बड़ी जीत

Tue, 22 Sep 2026 02:10 PM IST
शोभित चतुर्वेदी स्पोर्ट्स डेस्क, अमर उजाला, निशिन

खास बातें

India Women vs Sri Lanka Women: हरमनप्रीत कौर की अगुआई वाली भारतीय महिला टीम ने श्रीलंका को हराकर एशियन गेम्स में स्वर्ण पदक जीत लिया है। भारत ने श्रीलंका को 147 रनों के बड़े अंतर से हराया और एशियाड में स्वर्ण पदक का सफलतापूर्वक बचाव किया।
विज्ञापन
भारतीय टीम - फोटो : Twitter
विज्ञापन

लाइव अपडेट

02:09 PM, 22-Sep-2026

IND W vs SL W Live Score: पीएम मोदी ने दी बधाई

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भारतीय महिला टीम के एशियन गेम्स में स्वर्ण पदक जीतने पर बधाई दी है। प्रधानमंत्री कार्यालय ने एक्स पर लिखा, भारतीय क्रिकेट की शानदार जीत! एशियन गेम्स में स्वर्ण पदक जीतने पर हमारी महिला क्रिकेट टीम को बहुत-बहुत बधाई। खेलों में टीम का प्रदर्शन जबरदस्त रहा, जिसमें आत्मविश्वास, कौशल और बेहतरीन टीम वर्क देखने को मिला। इस जीत के साथ ही भारत को इन खेलों में अपना पहला गोल्ड मेडल भी मिला है। टीम ने देश का मान बढ़ाया है और ये जीत देश भर के अनगिनत युवा क्रिकेटरों को प्रेरित करेगी। पूरी टीम को बहुत-बहुत शुभकामनाएं।

01:25 PM, 22-Sep-2026

IND W vs SL W Live Score: भारत ने जीता पहला स्वर्ण पदक

भारतीय महिला टीम ने श्रीलंका को हराकर एशियन गेम्स 2026 में पहला स्वर्ण पदक जीत लिया है। भारतीय टीम ने इसके साथ ही एशियाड में अपने स्वर्ण पदक का सफलतापूर्वक बचाव किया। भारत ने फाइनल में टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में तीन विकेट पर 216 रन बनाए। जवाब में श्रीलंका की टीम 15.4 ओवर में 69 रन पर ढेर हो गई। इस तरह भारतीय महिला टीम ने 147 रनों के अंतर से जीत दर्ज की। श्रीलंका ने रजत और पाकिस्तान ने महिला क्रिकेट में कांस्य पदक अपने नाम किया। 

भारतीय महिला टीम ने एशियन गेम्स में महिला क्रिकेट का सबसे बड़ा स्कोर बनाया था। भारत के लिए इस मैच में स्मृति मंधाना, शेफाली वर्मा और ऋचा घोष ने बल्ले से दमदार प्रदर्शन किया। वहीं, दीप्ति शर्मा की अगुआई में गेंदबाजों का प्रदर्शन भी जोरदार रहा। भारतीय टीम शुरुआत से ही खिताब की प्रबल दावेदार मानी जा रही थी और टीम ने अपना दबदबा जारी रखा। महिला क्रिकेट टीम ने इस तरह आइची-नागोया एशियन गेम्स में भारत का स्वर्ण पदक का इंतजार खत्म किया। 

01:20 PM, 22-Sep-2026

IND W vs SL W Live Score: स्वर्ण जीतने के करीब भारत

भारतीय महिला टीम एशियन गेम्स में स्वर्ण पदक जीतने से एक विकेट दूर है। श्रीलंका ने नौ विकेट गंवा दिए हैं। मिताली अयोध्या रन आउट होकर पवेलियन लौटीं। मिताली खाता नहीं खोल सकीं। 

विज्ञापन
01:16 PM, 22-Sep-2026

IND W vs SL W Live Score: भारत को आठवीं सफलता

भारतीय महिला टीम को आठवीं सफलता मिली है। दीप्ति शर्मा ने सुगंदिका कुमारी को आउट किया जो तीन रन बनाकर आउट हुईं। भारतीय टीम एशियाड में स्वर्ण पदक का बचाव करने से महज दो विकेट दूर है। 

01:05 PM, 22-Sep-2026

IND W vs SL W Live Score: श्रीलंका का सातवां विकेट गिरा

श्री चरणी ने काव्या काविंदी को आउट कर श्रीलंका को सातवां झटका दिया है। काव्या दो रन बनाकर आउट हुईं। भारत इस तरह एशियन गेम्स 2026 में अपने पहले स्वर्ण पदक से महज तीन विकेट दूर है। 

विज्ञापन
12:58 PM, 22-Sep-2026

IND W vs SL W Live Score: भारत को छठी सफलता

दीप्ति शर्मा ने भारतीय महिला टीम को छठी सफलता दिलाई है। दीप्ति ने कविषा दिलहारी को अपना शिकार बनाया जो 13 गेंदों पर एक चौके की मदद से 11 रन बनाकर आउट हुईं। श्रीलंका ने 49 रन के स्कोर पर छह विकेट गंवा दिए हैं। श्रीलंका को अभी 65 गेंदों पर 168 रन बनाने हैं। 

12:54 PM, 22-Sep-2026

IND W vs SL W Live Score: श्रीलंका की आधी टीम आउट

भारत के खिलाफ विशाल लक्ष्य का पीछा करते हुए श्रीलंका की पारी लड़खड़ा गई है। श्रीलंका की आधी टीम 50 से कम के स्कोर पर पवेलियन लौट गई है। भारतीय टीम ने इस तरह स्वर्ण पदक जीतने की ओर मजबूत कदम बढ़ा लिए हैं। 

12:48 PM, 22-Sep-2026

IND W vs SL W Live Score: श्रीलंका को चौथा झटका

श्रेयंका पाटिल ने हर्षिता समरविक्रमा को आउट कर श्रीलंका को चौथा झटका दिया है। श्रीलंका ने 44 रन के स्कोर पर चार विकेट गंवा दिए हैं। हर्षिता खाता खोले बिना आउट हुईं। 

12:44 PM, 22-Sep-2026

IND W vs SL W Live Score: भारत को तीसरी सफलता

दीप्ति शर्मा ने भारत को तीसरी सफलता दिलाई है। दीप्ति ने श्रीलंकाई कप्तान चमारी अट्टापट्टू को अपना शिकार बनाया जो 21 गेंदों पर पांच चौकों की मदद से 29 रन बनाकर आउट हुईं। 

12:34 PM, 22-Sep-2026

IND W vs SL W Live Score: श्रीलंका को दूसरा झटका

शेफाली वर्मा ने भारत को दूसरी सफलता दिलाई है। शेफाली ने पहले इमिशा और अब हसिनी परेरा को अपना शिकार बनाया। हसिनी खाता खोले बिना आउट हुईं। 

12:31 PM, 22-Sep-2026

IND W vs SL W Live Score: चमारी ने संभाला मोर्चा

भारत के खिलाफ विशाल लक्ष्य का पीछा करते हुए श्रीलंका की बल्लेबाजी शुरू हो गई है। भारत को एक सफलता मिली है और शेफाली वर्मा ने इमिशा दुलानी को पवेलियन भेज दिया है। दुलानी तीन रन बनाकर आउट हुईं। चमारी अट्टापट्टू ने हालांकि, मोर्चा संभाले रखा है। 

12:03 PM, 22-Sep-2026

IND W vs SL W Live Score: भारतीय पारी समाप्त

भारतीय महिला टीम ने एशियन गेम्स के फाइनल में श्रीलंका को 217 रनों का लक्ष्य दिया है। टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी भारतीय टीम ने 20 ओवर में तीन विकेट पर 216 रन बनाए। ये महिला एशियन गेम्स में किसी टीम का सर्वोच्च टोटल स्कोर है। भारत के लिए इस मैच में सलामी बल्लेबाज स्मृति मंधाना ने अर्धशतक लगाया, जबकि ऋचा घोष और शेफाली वर्मा ने शानदार बल्लेबाजी की। भारत को मंधाना और शेफाली ने दमदार शुरुआत दिलाई और पहले विकेट के लिए 99 रनों की साझेदारी की।

मंधाना ने 30 गेंदों पर अपना अर्धशतक पूरा किया। शेफाली हालांकि, पचासा नहीं जड़ सकीं और 48 रन बनाकर आउट हुईं। इसके बाद भारत को कप्तान हरमनप्रीत कौर के रूप में दूसरा झटका लगा जो 19 रन बनाकर आउट हुईं। मंधाना ने अपनी पारी जारी रखी, लेकिन वह 45 गेंदों पर पांच चौकों और सात छक्कों की मदद से 79 रन बनाकर आउट हुईं। इसके बाद ऋषा घोष ने तूफानी बल्लेबाजी की और भारत का स्कोर 200 के पार पहुंचाया। ऋचा और भारती फुलमाली के बीच चौथे विकेट के लिए 53 रनों की साझेदारी हुई। ऋचा 22 गेंदों पर छह चौकों और तीन छक्कों की मदद से नाबाद 49 और भारती सात रन बनाकर नाबाद रहीं। श्रीलंका की ओर से सुगंदिका कुमारी, कविषा दिलहारी और चामुदी प्रबोदा को एक-एक विकेट मिला। 

11:42 AM, 22-Sep-2026

IND W vs SL W Live Score: मंधाना की पारी का अंत

स्मृति मंधाना की पारी का अंत हो गया है और भारत को श्रीलंका के खिलाफ तीसरा झटका लगा है। मंधाना शानदार बल्लेबाजी कर रही थीं, लेकिन सुगंदिका कुमारी की गेंद पर अपना विकेट गंवा बैठीं। मंधाना 45 गेंदों पर पांच चौकों और सात छक्कों की मदद से 79 रन बनाकर आउट हुईं। 

11:31 AM, 22-Sep-2026

IND W vs SL W Live Score: भारत को दूसरा झटका

भारत को कप्तान हरमनप्रीत कौर के रूप में दूसरा झटका लगा है। हरमनप्रीत को कविषा दिलहारी ने अपना शिकार बनाया जो 17 गेंदों पर तीन चौकों की मदद से 19 रन बनाकर आउट हुईं। 

11:30 AM, 22-Sep-2026

IND W vs SL W Live Score: मंधाना की शानदार पारी

स्मृति मंधाना की शानदार बल्लेबाजी जारी है और वह कप्तान हरमनप्रीत कौर के साथ मिलकर साझेदारी निभा रही हैं। 15वें ओवर में ही भारत का स्कोर 150 रन के करीब पहुंच गया है। 

11:10 AM, 22-Sep-2026

IND W vs SL W Live Score: भारत को पहला झटका

भारत को शेफाली वर्मा के रूप में पहला झटका लगा है। शेफाली शानदार बल्लेबाजी कर रही थीं और अर्धशतक लगाने के करीब थीं, लेकिन चामुदी प्रबोदा की गेंद पर अपना विकेट गंवा बैठीं। शेफाली 29 गेंदों पर तीन चौकों और तीन छक्कों की मदद से 48 रन बनाकर आउट हुईं। मंधाना और शेफाली के बीच पहले विकेट के लिए 99 रनों की साझेदारी हुई। 

11:08 AM, 22-Sep-2026

IND W vs SL W Live Score: मंधाना का अर्धशतक

स्मृति मंधाना ने एशियन गेम्स के फाइनल में 30 गेंदों पर अर्धशतक पूरा किया। मंधाना और शेफाली के बीच शानदार साझेदारी हो रही है। 

10:48 AM, 22-Sep-2026

IND W vs SL W Live Score: भारत के 50 रन पूरे

भारतीय महिला टीम ने शानदार शुरुआत की है। भारत ने श्रीलंका के खिलाफ पावरप्ले में ही 50 रनों का आंकड़ा पार कर लिया है। मंधाना और शेफाली तूफानी बल्लेबाजी कर रहे हैं। 

10:31 AM, 22-Sep-2026

IND W vs SL W Live Score: भारत की बल्लेबाजी शुरू

एशियन गेम्स के फाइनल में भारतीय महिला टीम की बल्लेबाजी शुरू हो गई है। भारत के लिए शेफाली वर्मा और स्मृति मंधाना ने पारी की शुरुआत की है। 

10:07 AM, 22-Sep-2026

IND W vs SL W Live Score: दोनों टीमों की प्लेइंग-11

भारत: स्मृति मंधाना, शेफाली वर्मा, जी. कमालिनी, हरमनप्रीत कौर (कप्तान), ऋचा घोष (विकेटकीपर), भारती फुलमाली, दीप्ति शर्मा, श्रेयंका पाटिल, क्रांति गौड़, श्री चरणी, नंदिनी शर्मा। 
श्रीलंका: इमिशा दुलानी, चमारी अट्टापट्टू (कप्तान), हसिनी परेरा, कविषा दिलहारी, हर्षिता समरविक्रमा, हंसिमा करुणारत्ने, कौशिनी नुथ्यांगना (विकेटकीपर), काव्या काविंदी, मिताली अयोध्या, चामुदी प्रबोदा, सुगंदिका कुमारी। 

10:01 AM, 22-Sep-2026

IND W vs SL W Live Score: भारत ने जीता टॉस

भारतीय महिला टीम ने श्रीलंका के खिलाफ एशियन गेम्स के स्वर्ण पदक मुकाबले में टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी का फैसला लिया है। भारत ने इस मुकाबले के लिए प्लेइंग-11 में कोई बदलाव नहीं किया है। 

09:51 AM, 22-Sep-2026

IND W vs SL W Live Score: भारत के सामने अट्टापट्टू पेश कर सकती हैं चुनौती 

कप्तान चमारी अटापट्टू की 50 गेंद में 82 रन की शानदार पारी की बदौलत श्रीलंका ने पाकिस्तान के खिलाफ चुनौतीपूर्ण लक्ष्य का सफलतापूर्वक पीछा किया। भारत जैसी मजबूत टीम को हराने के लिए श्रीलंका को ऐसे ही कुछ बेहतरीन प्रदर्शनों की जरूरत होगी। भारतीय टीम सभी विभागों में शानदार फॉर्म में है। सलामी बल्लेबाज, खासकर शेफाली वर्मा शानदार फॉर्म में हैं, जबकि टीम प्रबंधन तीसरे नंबर के बल्लेबाजी क्रम को लेकर लगातार प्रयोग कर रहा है।

09:45 AM, 22-Sep-2026

IND W vs SL W Live Score: दबदबा बरकरार रखना चाहेगी भारतीय महिला टीम 

हरमनप्रीत कौर की अगुआई वाली भारतीय टीम ने जापान और बांग्लादेश के खिलाफ शानदार जीत दर्ज करके फाइनल में जगह बनाई है। मंगलवार को स्वर्ण पदक जीतने पर भारत क्षेत्र में अपनी बादशाहत और मजबूत करेगा। भारत ने इस महीने की शुरुआत में एशिया कप के फाइनल में भी श्रीलंका को हराया था। श्रीलंका अतीत में भारत को हरा चुका है लेकिन हाल के वर्षों में भारत और अन्य एशियाई टीमों के बीच अंतर बढ़ा है।

09:44 AM, 22-Sep-2026

IND W vs SL W Live Score: श्रीलंका को देगा कड़ी चुनौती

भारत का एशियन गेम्स में महिला क्रिकेट में दबदबा बरकरार रहने की उम्मीद है, लेकिन मंगलवार को होने वाले फाइनल में जुझारू श्रीलंका की टीम गत चैंपियन को कड़ी चुनौती देने के इरादे से उतरेगी। भारतीय महिला और पुरुष दोनों टीम के एक बार फिर पोडियम के शीर्ष पर पहुंचने की उम्मीद है और बेहद खराब प्रदर्शन ही उन्हें स्वर्ण पदक से रोक सकता है।

09:40 AM, 22-Sep-2026

IND W vs SL W Highlights: भारतीय महिला टीम ने एशियाड 2026 में जीता पहला स्वर्ण, श्रीलंका पर दर्ज की बड़ी जीत

India Women vs Sri Lanka Women, Asian Games 2026 Final Live Cricket Score Today: नमस्कार! अमर उजाला के लाइव ब्लॉग में आपका स्वागत है। भारतीय महिला टीम एशियन गेम्स में स्वर्ण पदक जीतने से एक कदम दूर है। हरमनप्रीत कौर की अगुआई वाली टीम का सामना फाइनल में श्रीलंका से हो रहा है। अगर भारत ये मैच जीत जाता है तो एशियाड में अपने स्वर्ण पदक का बचाव कर लेगा।

विज्ञापन
MORE
AU ऐप में पढ़ें