हांगझोऊ में चल रहे 19वें एशियाई खेलों में भारतीय महिला क्रिकेट टीम ने स्वर्ण पदक जीत लिया है। फाइनल यानी स्वर्ण पदक के मुकाबले में भारत ने श्रीलंका के सामने 117 रन का लक्ष्य रखा था। भारत ने 20 ओवर में सात विकेट गंवाकर 116 रन बनाए। स्मृति मंधाना ने सबसे ज्यादा 46 रन की पारी खेली। वहीं, जेमिमा रोड्रिग्स ने 42 रन बनाए। जवाब में श्रीलंकाई टीम 20 ओवर में आठ विकेट गंवाकर 97 रन ही बना सकी। इस तरह टीम इंडिया ने फाइनल मुकाबला 19 रन से जीत लिया।
टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए भारतीय टीम की शुरुआत खराब रही थी। शेफाली वर्मा 15 गेंदों में नौ रन बनाकर आउट हुईं। इसके बाद स्मृति ने जेमिमा के साथ मिलकर दूसरे विकेट के लिए 73 रन की साझेदारी निभाई। इस साझेदारी को रानावीरा ने तोड़ा। उन्होंने मंधाना को आउट किया। मंधाना ने 45 गेंदों में चार चौके और एक छक्के की मदद से 46 रन की पारी खेली। वहीं, ऋचा घोष नौ रन, दो मैचों के प्रतिबंध के बाद टीम में वापसी कर रहीं कप्तान हरमनप्रीत कौर दो रन, पूजा वस्त्राकर दो रन बनाकर आउट हुईं। जेमिमा रोड्रिग्स ने 40 गेदों में पांच चौके की मदद से 42 रन की पारी खेली। दीप्ति और अमनजोत एक-एक रन बनाकर नाबाद रहीं। श्रीलंका की ओर से उदेशिका प्रबोधनी, सुगंदिका कुमारी और इनोका रानावीरा ने दो-दो विकेट लिए।
जवाब में श्रीलंका की टीम की शुरुआत भी खराब रही थी। तितास साधु ने कमाल का प्रदर्शन करते हुए चमारी अटापट्टू (12), अनुष्का संजीवनी (1) और विश्मी गुणारत्ने (0) को पवेलियन भेजा। इसके बाद हसिनी परेरा और निलाक्षी डि सिल्वा ने चौथे विकेट के लिए 36 रन की साझेदारी निभाई। पूजा ने निलाक्षी (23) को आउट कर साझेदारी को तोड़ा। राजेश्वरी ने हसिनी (25) को आउट किया। दीप्ति ने ओशादी राणासिंघे (19), देविका वैद्य ने कविशा दिलहारी (5) और राजेश्वरी ने सुगंदिका कुमारी को आउट कर श्रीलंका की उम्मीदों को समाप्त कर दिया। भारत की ओर से तितास ने सबसे ज्यादा तीन विकेट लिए। वहीं, राजेश्वरी को दो विकेट मिले। दीप्ति, पूजा और देविका को एक-एक विकेट मिला।
श्रीलंका को 18वें ओवर में 86 के स्कोर पर छठा झटका लगा। दीप्ति ने रानासिंघे को आउट किया। 18 ओवर के बाद श्रीलंका का स्कोर छह विकेट पर 87 रन है। श्रीलंका को 12 गेंदों में 30 रन की जरूरत है।
11 ओवर के बाद श्रीलंका ने चार विकेट गंवाकर 54 रन बना लिए हैं। फिलहाल ओशादी रानासिंघे एक रन और निलाक्षी डीसिल्वा 13 रन बनाकर क्रीज पर हैं। राजेश्वरी गायकवाड़ ने हसिनी परेरा को आउट किया। वह 22 गेंदों में 25 रन बना सकीं। वहीं, तितास साधु ने तीन विकेट लिए। श्रीलंका को 54 गेंदों में 63 रन की जरूरत है।
आठ ओवर के बाद श्रीलंका ने तीन विकेट गंवाकर 32 रन बना लिए हैं। फिलहाल हसिनी परेरा 13 रन और निलाक्षी डिसिल्वा पांच रन बनाकर क्रीज पर हैं। श्रीलंका को अब 72 गेंदों में 85 रन की जरूरत है। वहीं, भारत को सात विकेट चाहिए। तितास साधु ने कहर बरपाते हुए तीन विकेट झटके हैं।
स्वर्ण पदक के मुकाबले में भारतीय तेज गेंदबाज तितास साधु ने कहर बरपाया है। एक ओवर में दो विकेट लेने के बाद श्रीलंकाई पारी के पांचवें ओवर में उन्होंने श्रीलंका की सबसे खतरनाक बल्लेबाज और कप्तान चमारी अटापट्टू को भी आउट किया। वह 12 गेंदों में 12 रन बना सकीं। पांच ओवर के बाद श्रीलंका का स्कोर तीन विकेट पर 15 रन है। टीम को 90 गेंदों में 102 रन की जरूरत है। वहीं, भारत को स्वर्ण जीतने के लिए सात विकेट चाहिए।
श्रीलंकाई पारी के तीसरे ओवर में भारतीय तेज गेंदबाज तितास साधु ने कहर बरपाया। उन्होंने इस ओवर में दो विकेट झटकाए। श्रीलंका को 13 के स्कोर पर पहला झटका लगा। तितास साधु ने ओवर की पहली गेंद पर अनुष्का संजीवनी को हरमनप्रीत कौर के हाथों कैच कराया। संजीवनी एक रन बना सकीं। इसके बाद चौथी गेंद पर विष्मी गुणारत्ने को क्लीन बोल्ड किया। फिलहाल कप्तान चमारी अटापट्टू 12 रन बनाकर क्रीज पर हैं। उनका साथ निभाने हसिनी परेरा आई हैं।
19वें एशियाई खेलों के स्वर्ण पदक के मुकाबले में भारत ने श्रीलंका के सामने 117 रन का लक्ष्य रखा है। टीम इंडिया को स्वर्ण पदक जीतने के लिए श्रीलंका को 116 से कम स्कोर पर रोकना है। भारत ने 20 ओवर में सात विकेट गंवाकर 116 रन बनाए। स्मृति मंधाना ने सबसे ज्यादा 46 रन की पारी खेली। वहीं, जेमिमा रोड्रिग्स ने 42 रन बनाए।
टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए भारतीय टीम की शुरुआत खराब रही थी। शेफाली वर्मा 15 गेंदों में नौ रन बनाकर आउट हुईं। इसके बाद स्मृति ने जेमिमा के साथ मिलकर दूसरे विकेट के लिए 73 रन की साझेदारी निभाई। इस साझेदारी को रानावीरा ने तोड़ा। उन्होंने मंधाना को आउट किया। मंधाना ने 45 गेंदों में चार चौके और एक छक्के की मदद से 46 रन की पारी खेली। वहीं, ऋचा घोष नौ रन, दो मैचों के प्रतिबंध के बाद टीम में वापसी कर रहीं कप्तान हरमनप्रीत कौर दो रन, पूजा वस्त्राकर दो रन बनाकर आउट हुईं। जेमिमा रोड्रिग्स ने 40 गेदों में पांच चौके की मदद से 42 रन की पारी खेली। दीप्ति और अमनजोत एक-एक रन बनाकर नाबाद रहीं। श्रीलंका की ओर से उदेशिका प्रबोधनी, सुगंदिका कुमारी और इनोका रानावीरा ने दो-दो विकेट लिए।
भारत को 17वें ओवर में 102 के स्कोर पर तीसरा झटका लगा। रनावीरा ने ऋचा घोष को संजीवनी के हाथों कैच कराया। वह छह गेंदों में नौ रन बना सकीं। इसमें एक छक्का शामिल हैं। इसके बाद कप्तान हरमनप्रीत कौर बल्लेबाजी के लिए आईं। 18वें ओवर में वह सिर्फ दो रन बनाकर पवेलियन लौट गईं। दो मैचों के प्रतिबंध के बाद टीम में वापसी कर रहीं हरमनप्रीत कुछ खास नहीं कर सकीं। 18 ओवर के बाद भारत का स्कोर चार विकेट पर 106 रन है। फिलहाल पूजा वस्त्राकर और जेमिमा रोड्रिग्स क्रीज पर हैं।
भारत को 15वें ओवर में 89 के स्कोर पर दूसरा झटका लगा। उपकप्तान स्मृति मंधाना 45 गेंदों में 46 रन बनाकर आउट हुईं। अपनी पारी में उन्होंने चार चौके और एक छक्का लगाया। वह टी20 अंतरराष्ट्रीय में 23वें अर्धशतक से चूक गईं। स्मृति ने जेमिमा के साथ दूसरे विकेट के लिए 67 गेंदों में 73 रन की साझेदारी निभाई। 15 ओवर के बाद भारत का स्कोर दो विकेट पर 89 रन है। फिलहाल जेमिमा रोड्रिग्स 33 रन बनाकर क्रीज पर हैं। ऋचा घोष उनका साथ निभाने मैदान पर आई हैं।
10 ओवर के बाद भारत ने एक विकेट गंवाकर 59 रन बना लिए हैं। फिलहाल जेमिमा रोड्रिग्स 17 गेंदों में 22 रन और स्मृति मंधाना 28 गेंदों में 27 रन बनाकर बल्लेबाजी कर रही हैं। दोनों के बीच 40+ रन की साझेदारी हो चुकी हैं।
छह ओवर यानी पावरप्ले खत्म होने के बाद भारत ने एक विकेट गंवाकर 35 रन बना लिए हैं। फिलहाल स्मृति मंधाना 15 गेंदों में 20 रन और जेमिमा रोड्रिग्स छह गेंदों में पांच रन बनाकर बल्लेबाजी कर रही हैं। सुगंदिका ने शेफाली को स्टंप आउट कराया। वह नौ रन बना सकीं।
भारतीय टीम को चौथे ओवर में 16 के स्कोर पर पहला झटका लगा। सुगंदिका कुमारी ने शेफाली वर्मा को विकेटकीपर संजीवनी के हाथों स्टंप कराया। शेफाली ने 15 गेंदों में नौ रन की पारी खेली। चार ओवर के बाद भारत का स्कोर एक विकेट पर 17 रन है। फिलहाल जेमिमा रोड्रिग्स और स्मृत मंधाना क्रीज पर हैं।
भारतीय ओपनर्स स्मृति मंधाना और शेफाली वर्मा क्रीज पर हैं। इन दोनों से बड़ी पारी की उम्मीद है।
भारत: स्मृति मंधाना, शेफाली वर्मा, जेमिमा रोड्रिग्स, हरमनप्रीत कौर (कप्तान), ऋचा घोष (विकेटकीपर), दीप्ति शर्मा, देविका वैद्य, अमनजोत कौर, पूजा वस्त्राकर, तितास साधु, राजेश्वरी गायकवाड़।
श्रीलंका: चमारी अटापट्टू (कप्तान), अनुष्का संजीवनी (विकेटकीपर), विशमी गुणरत्ने, नीलाक्षी डी सिल्वा, हासिनी परेरा, ओशादी रणसिंघे, इनोका राणावीरा, कविशा दिलहारी, उदेशिका प्रबोधनी, सुगंधिका कुमारी, इनोशी प्रियदर्शनी।
19वें एशियाई खेलों के स्वर्ण पदक के मैच में भारतीय टीम ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी का फैसला लिया है। टीम इंडिया में नियमित कप्तान हरमनप्रीत कौर की वापसी हुई है। वह दो मैचों का निलंबन झेलने के बाद वापसी कर रही हैं। क्वार्टर फाइनल और सेमीफाइनल में स्मृति मंधाना ने कप्तानी की थी।
भारतीय टीम की नियमित कप्तान हरमनप्रीत कौर दो मैचों के निलंबन के कारण यह मुकाबला भी नहीं खेल पाईं। हरमनप्रीत को कुछ महीने पहले एक सीरीज में बांग्लादेशी अंपायरिंग की आलोचना करने और खराब आचरण के लिए आईसीसी ने निलंबित किया था। क्वार्टर फाइनल और सेमीफाइनल मैच नहीं खेलकर हरमनप्रीत ने अपनी सजा पूरी कर ली है और वह खिताबी मुकाबले में वापसी करेंगी।
वस्त्रकार को भारतीय टीम की रवानगी के ठीक पहले टीम में चोटिल अंजलि सरवानी की जगह शामिल किया गया था। वस्त्रकार ने बांग्लदेश की टीम को शुरुआती झटके दिए। बांग्लादेश का जब खाता भी नहीं खुला था तब वस्त्रकार ने उनकी सलामी बल्लेबाज शाती रानी (0) को पहली ही गेंद पर आउट करके बेहतरीन शुरुआत की। उन्होंने इसी ओवर में शमीमा सुल्ताना (0) को पगबाधा आउट किया जबकि शोभना मोस्तारी (8) भी टिक नहीं सकी। पहले तीन ओवर में तीन विकेट लेकर पूजा ने भारत का शिकंजा कस दिया। टिटास ने उनका बखूबी साथ देते हुए सोरना अख्तर (0) को बोल्ड किया। बीच के ओवरों में स्पिनरों ने बल्लेबाजों को खुलकर खेलने नहीं दिया। कुछ बल्लेबाजों के रनआउट होने से बांग्लादेश की मुश्किलें और बढ़ गई थी।
पूजा ने टी-20 प्रारूप में सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन किया और उनकी मदद से बांग्लादेश की टीम 17.5 ओवर में 51 रन पर ही ढेर हो गई। यह टीम का भारत के खिलाफ न्यूनतम स्कोर है। जवाब में भारतीय टीम ने 8.2 ओवर में ही लक्ष्य हासिल कर लिया। टीम ने दो विकेट पर 52 रन बनाकर 70 गेंद शेष रहकर जीत दर्ज की। कनिका आहूजा (नाबाद 1) और जेमिमा रोड्रिग्स (नाबाद 20) ने टीम को जीत तक पहुंचाया। भारत ने कप्तान स्मृति मंधाना (07) और शेफाली वर्मा (17) के विकेट गंवाए।
इससे पहले बांग्लादेश ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी का फैसला किया जो उसका गलत साबित हुआ। बांग्लादेश के खिलाफ वस्त्रकार और टिटास साधु ने नई गेंद से कहर बरपाते हुए बल्लेबाजों के बल्लेबाजों को खुलकर खेलने नहीं दिया। सिर्फ कप्तान निगार सुल्ताना (12) ही दोहरे अंक तक पहुंच सकी। जबकि उनकी पांच बल्लेबाज खाता भी नहीं खोल पाईं।
बाएं हाथ की तेज गेंदबाज पूजा वस्त्रकार (4/17) की शानदार गेंदबाजी की मदद से भारतीय महिला टीम ने रविवार को यहां एशियाई खेलों की क्रिकेट स्पर्धा के सेमीफाइनल में बांग्लादेश को आठ विकेट और 70 गेंद शेष रहते हरा दिया। भारतीय टीम ने पहली बार इन खेलों के फाइनल में प्रवेश किया। अब आज भारत फाइनल में स्वर्ण पदक के लिए श्रीलंका के खिलाफ खेलेगा। श्रीलंका ने दूसरे सेमीफाइनल में गत विजेता पाकिस्तान को छह विकेट से हराकर फाइनल का टिकट कटाया था।
नमस्कार! अमर उजाला के लाइव ब्लॉग में आपका स्वागत है।19वें एशियाई खेलों में आज भारतीय महिला क्रिकेट टीम का फाइनल में सामना श्रीलंका से है। टीम इंडिया पहली बार स्वर्ण पदक अपने नाम करना चाहेगी। भारतीय टीम एशियाई खेलों में पहली बार हिस्सा ले रही है और अपने पहले ही खेलों में स्वर्ण पदक जीतकर इतिहास रचना चाहेगी। भारत ने पहले सेमीफाइनल में बांग्लादेश को आठ विकेट से हराया था, जबकि श्रीलंका ने दूसरे सेमीफाइनल में गत विजेता पाकिस्तान को छह विकेट से हराकर फाइनल का टिकट कटाया था। तीसरे स्थान यानी कांस्य पदक के मैच में बांग्लादेश की टीम ने पाकिस्तान को हरा दिया और पदक अपने नाम किया। फाइनल के लिए टॉस थोड़ी देर में होगा।