फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

IND W vs PAK W Highlights: भारत ने पाकिस्तान को छह विकेट से हराया, रंग लाई शेफाली-जेमिमा और हरमनप्रीत की मेहनत

Sun, 06 Oct 2024 06:53 PM IST
Mayank Tripathi स्पोर्ट्स डेस्क, अमर उजाला, दुबई

खास बातें

IND W vs PAK W T20 World Cup 2024 : नमस्कार! अमर उजाला के लाइव ब्लॉग में आपका स्वागत है। आज महिला विश्व कप में भारतीय टीम का सामना पाकिस्तान से हो रहा है। पाकिस्तान की टीम ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी का फैसला किया और 20 ओवर में आठ विकेट पर 105 रन बनाए। जवाब में भारत ने 18.5 ओवर में चार विकेट पर 108 रन बनाए और छह मुकाबला अपने नाम कर लिया।
विज्ञापन
भारत बनाम पाकिस्तान - फोटो : ICC
विज्ञापन

लाइव अपडेट

06:52 PM, 06-Oct-2024

IND W vs PAK W Live: भारत ने दर्ज की छह विकेट से जीत

भारतीय टीम ने पाकिस्तान को छह विकेट से हराकर महिला टी20 विश्व कप में जबरदस्त वापसी की है। रविवार को दुबई अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम में खेले गए इस मुकाबले में हरमनप्रीत कौर की सेना ऑलराउंड प्रदर्शन के दम पर विश्व कप में अपनी पहली जीत हासिल की। बता दें कि, इससे पहले टीम इंडिया को न्यूजीलैंड के हाथों करारी शिकस्त का सामना करना पड़ा था। 

अंक तालिका का हाल
ग्रुप ए की अंक तालिका पर नजर डालें तो भारतीय टीम इस जीत के साथ चौथे पायदान पर पहुंच गई है। उनके खाते में दो अंक हैं। हालांकि, उनका नेट रनरेट -1.217 है। अब भारतीय टीम को अपना अगला मैच नौ अक्तूबर को श्रीलंका के खिलाफ इसी मैदान पर खेलना है। वहीं, इस हार से पाकिस्तान पर कुछ खास असर नहीं पड़ा है। फातिमा सना की टीम फिलहाल तीसरे स्थान पर बनी हुई है। उनके खाते में भी दो अंक हैं और नेट रनरेट +0.555 का है। शीर्ष पर न्यूजीलैंड है जबकि दूसरे पायदान पर ऑस्ट्रेलिया है। वहीं, श्रीलंका की टीम आखिरी स्थान पर पहुंच गई है।

रविवार को खेले गए इस मुकाबले में पाकिस्तान ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी का फैसला किया। टीम ने 20 ओवर में आठ विकेट पर 105 रन बनाए। जवाब में भारतीय टीम ने 18.5 ओवर में चार विकेट पर 108 रन बनाए और छह विकेट से यह मुकाबला अपने नाम कर लिया। 

शेफाली-जेमिमा और हरमनप्रीत की मेहनत रंग लाई
लक्ष्य का पीछा करने उतरी भारतीय महिला टीम की शुरुआत ठीक-ठाक हुई थी। शेफाली वर्मा और स्मृति मंधाना के बीच एक अच्छी साझेदारी पनप रही थी कि तभी सादिया इकबाल ने भारत की उप-कप्तान को अपना शिकार बना लिया। मंधाना इस मैच में सात रन बनाकर पवेलियन लौटीं। इसके बाद मोर्चा जेमिमा ने संभाला। उन्होंने दूसरे विकेट के लिए शेफाली के साथ 43 रनों की साझेदारी की। सलामी बल्लेबाज को ओमाइमा ने 12वें ओवर में आलिया के हाथों कैच कराया। वह 32 रनों की पारी खेलकर आउट हुईं। वहीं, जेमिमा ने 23 रन बनाए। इस मैच में हरमनप्रीत सिंह ने पाकिस्तान के गेंदबाजों की खबर ली। हालांकि, मैच जीतने से ठीक पहले वह रिटायर्ड हर्ट हो गईं। उन्होंने 29 रनों की मैच दमदार पारी खेली और भारत को जीत के करीब पहुंचाया। दीप्ति शर्मा और सजीवन सजना क्रमश: सात और चार रन बनाकर नाबाद रहीं। वहीं, ऋचा घोष कोई रन नहीं बना सकीं। बांग्लादेश के लिए फातिमा सना ने दो विकेट चटकाए जबकि सादिया और ओमाइमा को एक-एक विकेट मिला।

06:28 PM, 06-Oct-2024

IND W vs PAK W Live: जेमिमा के बाद ऋचा घोष भी लौटीं पवेलियन

80 रन के स्कोर पर भारत को लगातार दो झटके लगे। फातिमा सना ने जेमिमा के बाद ऋचा घोष को आउट किया। इस मैच में टीम इंडिया को जीत के लिए 24 गेंदों में 22 रनों की दरकार है।

06:11 PM, 06-Oct-2024

IND W vs PAK W Live: शेफाली वर्मा 32 रन बनाकर आउट

61 रन के स्कोर पर भारत को दूसरा झटका ओमाइमा ने दिया। उन्होंने शेफाली वर्मा को आलिया रियाज के हाथों कैच कराया। वह 32 रन बनाकर पवेलियन लौटीं। चौथे नंबर पर बल्लेबाजी के लिए कप्तान हरमनप्रीत कौर उतरी हैं। उनका साथ देने के लिए जेमिमा रोड्रिग्स क्रीज पर मौजूद हैं। 12 ओवर के बाद टीम का स्कोर 62/2 है।

विज्ञापन
06:02 PM, 06-Oct-2024

IND W vs PAK W Live: भारत के 50 रन पूरे

भारत ने इस मैच में 50 रन पूरे कर लिए हैं। शेफाली 24 और जेमिमा 13 रन बनाकर क्रीज पर मौजूद हैं। अब टीम को जीत के लिए 60 गेंदों में 56 रनों की जरूरत है।

05:51 PM, 06-Oct-2024

IND W vs PAK W Live: सात ओवर के बाद स्कोर 31/1

शेफाली और जेमिमा के बीच एक साझेदारी पनपती दिख रही है। सात ओवर के बाद भारत का स्कोर 31/7 है।

विज्ञापन
05:41 PM, 06-Oct-2024

IND W vs PAK W Live: भारत का पहला विकेट गिरा

भारत को 18 रन पर पहला झटका लगा है। स्मृति मंधाना सात रन बनाकर आउट हो गईं। उन्हें सादिया इकबाल ने तुबा हसन के हाथों कैच कराया। तीसरे नंबर पर बल्लेबाजी के लिए जेमिमा रोड्रिग्स उतरी हैं। उनका साथ देने के लिए शेफाली वर्मा क्रीज पर मौजूद हैं।

05:20 PM, 06-Oct-2024

IND W vs PAK W Live: भारत की पारी शुरू हुई

शेफाली वर्मा और स्मृति मंधाना ने पारी की शुरुआत कर दी है। बेहतर रनरेट के लिए भारत इस मैच को जल्द से जल्द खत्म करने की कोशिश करेगा।

05:08 PM, 06-Oct-2024

IND W vs PAK W Live: पाकिस्तान ने भारत को दिया 106 रन का लक्ष्य

महिला टी20 विश्व कप के ग्रुप ए में शामिल भारत और पाकिस्तान की टीमें आज अपने दूसरे मुकाबले में आमने-सामने हैं। पाकिस्तान ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी का फैसला किया और 20 ओवर में आठ विकेट पर 105 रन बनाए। पाकिस्तान की टीम के लिए निदा डार ने सबसे ज्यादा 28 रन बनाए। उनके अलावा कोई भी बल्लेबाज 20 रन के व्यक्तिगत स्कोर को छू नहीं पाया। इस पारी में पाकिस्तान का बल्लेबाजी क्रम ताश के पत्तों की तरह ढह गया। भारत के गेंदबाजों ने जबरदस्त प्रदर्शन किया और किसी भी बल्लेबाज को क्रीज पर सेट होने का मौका नहीं दिया। इस दौरान मुनीबा ने 17, गुल फिरोजा ने शून्य, सिदरा अमीन ने आठ, ओमाइमा सोहेल ने तीन, आलिया रियाज ने चार, फातिमा सना ने 13, तुबा हसन ने शून्य, सायदा ने 14* और नशरा ने छह* रन बनाए। भारत के लिए अरुंधति रेड्डी ने तीन और श्रेयंका पाटिल ने दो विकेट लिए। वहीं, रेणुका, दीप्ति और आशा को एक-एक सफलता मिली।

05:06 PM, 06-Oct-2024

IND W vs PAK W Live: पाकिस्तान को लगा आठवां झटका

पाकिस्तान को आठवां झटका अरुंधति रेड्डी ने दिया। उन्होंने अच्छी फॉर्म में नजर आ रहीं निदा डार को शिकार बनाया।

04:57 PM, 06-Oct-2024

IND W vs PAK W Live: 18 ओवर के बाद पाकिस्तान का स्कोर 89/7

पाकिस्तान को बल्लेबाजी क्रम ताश के पत्तों की तरह बिखर रहा है। अब तक उनके लिए निदा डार इकलौती ऐसी बल्लेबाज हैं जिन्होंने 20 से ज्यादा का व्यक्तिगत स्कोर बना लिया है। उनका साथ देने के लिए सायदा 11 रन बनाकर क्रीज पर मौजूद हैं। 18 ओवर के बाद टीम का स्कोर 89/7 है।

04:44 PM, 06-Oct-2024

IND W vs PAK W Live: पाकिस्तान का सातवां विकेट भी गिरा

पाकिस्तान को सातवां झटका श्रेयंका पाटिल ने दिया। उन्होंने तुबा हसन को अपना शिकार बनाया। वह खाता खोले बिना पवेलियन लौटीं। नौवें नंबर पर बल्लेबाजी के लिए सायदा अरूब शाह उतरी हैं। वहीं, निदा डार क्रीज पर मौजूद हैं।

04:41 PM, 06-Oct-2024

IND W vs PAK W Live: कप्तान फातिमा आउट हुईं

पाकिस्तान की कप्तान फातिमा सना 13 रन बनाकर पवेलियन लौट गईं। उन्हें आशा शोभना ने अपना शिकार बनाया। छठे विकेट के लिए निदा डार और सना के बीच 18 रनों की साझेदारी हुई। 

04:31 PM, 06-Oct-2024

IND W vs PAK W Live: पांचवां विकेट गिरा

पाकिस्तान का पांचवां विकेट आलिया रियाज के रूप में गिरा। उन्हें अरुंधति रेड्डी ने एलबीडब्ल्यू आउट किया। वह सिर्फ चार रन बना सकीं। सातवें नंबर पर अब बल्लेबाजी के लिए कप्तान फातिमा सना उतरी हैं। उनका साथ देने के लिए निदा डार क्रीज पर मौजूद हैं। उम्मीद है कि दोनों के बीच एक अच्छी साझेदारी पनप सकती है।

04:16 PM, 06-Oct-2024

IND W vs PAK W Live: पाकिस्तान का चौथा विकेट गिरा

पाकिस्तान को चौथा झटका श्रेयंका पाटिल ने दिया। उन्होंने सलामी बल्लेबाज मुनीबा अली को विकेटकीपर ऋचा घोष के हाथों स्टंप कराया। वह सिर्फ 17 रन बना सकीं। अब तक पाकिस्तान को एक बड़ी साझेदारी की जरूरत है। छठे नंबर पर बल्लेबाजी के लिए आलिया रियाज आईं हैं। 10 ओवर के बाद टीम का स्कोर 41/4 है।

04:05 PM, 06-Oct-2024

IND W vs PAK W Live: ओमाइमा तीन रन बनाकर लौटीं पवेलियन

पाकिस्तान को तीसरा झटका अरुंधति रेड्डी ने दिया। उन्होंने चौथे नंबर पर बल्लेबाजी के लिए उतरीं ओमाइमा को 33 रन के स्कोर पर शेफाली वर्मा के हाथों कैच कराया। वह सिर्फ तीन रन बना सकीं। पांचवें नंबर पर बल्लेबाजी के लिए निदा डार उतरी हैं। मुनीबा 16 रन बनाकर क्रीज पर मौजूद हैं।

03:56 PM, 06-Oct-2024

IND W vs PAK W Live: पाकिस्तान का दूसरा विकेट गिरा

पाकिस्तान को दूसरा झटका दीप्ति शर्मा ने दिया। उन्होंने सिदरा अमीन को बोल्ड किया। वह सिर्फ आठ रन बना सकीं। अब चौथे नंबर पर बल्लेबाजी के लिए ओमाइमा सोहेल उतरी हैं। वहीं, मुनीबा अली क्रीज पर मौजूद हैं। पांच ओवर के बाद टीम का स्कोर 25/2 है।

03:45 PM, 06-Oct-2024

IND W vs PAK W Live: तीन ओवर के बाद पाकिस्तान का स्कोर 17/1

पाकिस्तान की शुरुआत इस मुकाबले में झटके के साथ हुई है। मुनीबा और सिदरा फिलहाल क्रीज पर मौजूद हैं। तीन ओवर के बाद टीम का स्कोर 17/1 है।

03:36 PM, 06-Oct-2024

IND W vs PAK W Live: पाकिस्तान को लगा पहला झटका

पाकिस्तान को पहला झटका एक रन के स्कोर पर लगा। टीम की सलामी बल्लेबाज गुल फिरोजा खाता खोले बिना पवेलियन लौट गईं। उन्हें रेणुका सिंह ने पहले ओवर की आखिरी गेंद पर बोल्ड किया। तीसरे नंबर पर बल्लेबाजी के लिए सिदरा अमीन उतरी हैं। उनका साथ देने के लिए मुनीबा अली क्रीज पर मौजूद हैं।

03:31 PM, 06-Oct-2024

IND W vs PAK W Live: पाकिस्तान की बल्लेबाजी शुरू

भारत के खिलाफ पाकिस्तान की पारी शुरू हो गई है और मनीबा अली तथा गुल फिरोजा पारी का आगाज करने उतरी हैं। भारत के लिए रेणुका सिंह गेंदबाजी की शुरुआत करने आई हैं। 

03:11 PM, 06-Oct-2024

IND W vs PAK W Live: दोनों टीमों की प्लेइंग 11 इस प्रकार है

भारत : स्मृति मंधाना, शेफाली वर्मा, हरमनप्रीत कौर (कप्तान), जेमिमा रोड्रिग्स, ऋचा घोष (विकेटकीपर), दीप्ति शर्मा, अरुंधति रेड्डी, सजीवन सजना, श्रेयंका पाटिल, आशा शोभना, रेणुका ठाकुर सिंह।

पाकिस्तान : मुनीबा अली (विकेटकीपर), गुल फिरोजा, सिदरा अमीन, निदा डार, आलिया रियाज, ओमैमा सोहेल, फातिमा सना (कप्तान), तुबा हसन, नशरा संधू, सैयदा अरूब शाह, सादिया इकबाल।

03:03 PM, 06-Oct-2024

IND W vs PAK W Live: पाकिस्तान ने जीता टॉस, चुनी बल्लेबाजी

इस महामुकाबले में पाकिस्तान की टीम ने टॉस जीतकर भारत के खिलाफ पहले बल्लेबाजी का फैसला किया है। भारत की कप्तान हरमनप्रीत कौर ने बताया कि इस मुकाबले में भारतीय टीम एक बदलाव के साथ उतरी है। पूजा वस्त्राकर चोट के कारण बाहर हो गई हैं। वहीं, पाकिस्तान की टीम भी एक बदलाव के साथ उतरी है। डायना बेग इस मुकाबले का हिस्सा नहीं हैं।

02:34 PM, 06-Oct-2024

IND W vs PAK W Live: भारत के बल्लेबाजों का प्रदर्शन अच्छा नहीं रहा

भारत के बल्लेबाजों का प्रदर्शन अच्छा नहीं रहा। उसकी तरफ से सर्वोच्च स्कोर 15 रन था जो हरमनप्रीत ने बनाया था। भारत हालांकि पाकिस्तान को हल्के में लेने की गलती नहीं कर सकता जिसका गेंदबाजी आक्रमण काफी मजबूत है। पाकिस्तान के पास अनुभवी निदा डार, कप्तान फातिमा सना और सादिया इकबाल जैसे अच्छे गेंदबाज हैं।

02:33 PM, 06-Oct-2024

IND W vs PAK W Live: तीन गेंदबाजों के साथ खेलने का फैसला रहा गलत

भारत का तीन तेज गेंदबाजों के साथ खेलने का फैसला सही साबित नहीं हुआ क्योंकि पिच में नमी नहीं थी और न्यूजीलैंड के बल्लेबाजों ने आसानी से उनका सामना किया। भारत इस कारण अपने तेज गेंदबाजों का पूरा उपयोग नहीं कर पाया जिसका उदाहरण पूजा वस्त्राकर हैं जिन्होंने केवल एक ओवर किया। तीन तेज गेंदबाजों के साथ खेलने के कारण भारत को बाएं हाथ की स्पिनर राधा यादव को बाहर करना पड़ा और मैच के दौरान उनकी काफी कमी खली। अब यह देखना होगा कि टीम अरुधंति की जगह राधा यादव को मौका देती है या नहीं। 

02:32 PM, 06-Oct-2024

IND W vs PAK W Live: भारत को टीम संयोजन में सुधार करना होगा

पाकिस्तान के खिलाफ मैच से पहले भारत को टीम संयोजन में सुधार करना होगा। न्यूजीलैंड के खिलाफ अरुंधति रेड्डी के रूप में एक अतिरिक्त तेज गेंदबाज को शामिल करने के लिए भारत को अपने बल्लेबाजी क्रम में बदलाव करना पड़ा। इस वजह से हरमनप्रीत को तीसरे, जेमिमा रॉड्रिग्ज को चौथे और ऋचा घोष को पांचवें नंबर पर बल्लेबाजी के लिए उतरना पड़ा, जबकि अमूमन वे इन स्थानों पर बल्लेबाजी नहीं करते हैं।

02:32 PM, 06-Oct-2024

IND W vs PAK W Live: भारत का पाकिस्तान के खिलाफ बेहतर है रिकॉर्ड

भारत और पाकिस्तान के बीच अब तक टी20 में कुल 15 बार भिड़ंत हो चुकी है, जिसमें भारत का रिकॉर्ड चिर प्रतिद्वंद्वी टीम के खिलाफ बेहतर रहा है। भारत ने 13 बार पाकिस्तान को मात दी है, जबकि पाकिस्तान टीम को तीन बार भारतीय टीम के खिलाफ सफलता मिली है। 

02:32 PM, 06-Oct-2024

IND W vs PAK W Live: पाकिस्तान के खिलाफ वापसी करने उतरेगी भारतीय टीम

भारतीय महिला टीम के लिए टी20 विश्व कप की शुरुआत अच्छी नहीं रही और उसे अपने पहले मैच में न्यूजीलैंड से हार का सामना करना पड़ा था। भारतीय टीम के लिए टूर्नामेंट में आगे की राह कठिन हो गई है और उसे अब अगले सभी मैचों में बेहतर प्रदर्शन करने की जरूरत है। हरमनप्रीत कौर की अगुआई वाली टीम को इस महत्वपूर्ण मुकाबले के लिए सही संयोजन तलाशना होगा, ऐसे में यह देखना दिलचस्प होगा कि टीम इस मैच के लिए प्लेइंग-11 में बदलाव करेगी या नहीं। 

02:28 PM, 06-Oct-2024

IND W vs PAK W Highlights: भारत ने पाकिस्तान को छह विकेट से हराया, रंग लाई शेफाली-जेमिमा और हरमनप्रीत की मेहनत

नमस्कार! अमर उजाला के लाइव ब्लॉग में आपका स्वागत है। आज महिला विश्व कप में भारतीय टीम का सामना पाकिस्तान से होगा। हरमनप्रीत कौर की टीम इस मुकाबले में अपनी पहली जीत दर्ज करने के लिए उतरेगी। वहीं, पाकिस्तान का लक्ष्य इस मुकाबले में दूसरी जीत पर है।

और पढ़ें...
विज्ञापन
MORE
AU ऐप में पढ़ें