फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

IND W vs NZ W Highlights: कीवियों ने जीता विश्व कप का पहला मैच, भारत को 58 रन से हराया, मायर को चार विकेट मिले

Fri, 04 Oct 2024 11:04 PM IST
Mayank Tripathi स्पोर्ट्स डेस्क, अमर उजाला, दुबई

खास बातें

India W vs New Zealand W (IND W vs NZ W) T20 World Cup 2024 : नमस्कार! अमर उजाला के लाइव ब्लॉग में आपका स्वागत है। महिला टी20 विश्व कप में भारतीय महिला टीम अपने अभियान की शुरुआत जीत के साथ नहीं कर सकी। न्यूजीलैंड ने उन्हें इस मैच में 58 रन से हरा दिया। हरमनप्रीत कौर की टीम इस शिकस्त के साथ ग्रुप ए की अंक तालिका में चौथे पायदान पर पहुंच गई। वहीं, सोफी डिवाइन की टीम जीत के बाद पहले स्थान पर पहुंच गई।
विज्ञापन
भारत बनाम न्यूजीलैंड - फोटो : @BCCIWomen
विज्ञापन

लाइव अपडेट

11:02 PM, 04-Oct-2024

IND W vs NZ W: कीवी टीम ने 58 रन से दर्ज की जीत

महिला टी20 विश्व कप में भारतीय महिला टीम अपने अभियान की शुरुआत जीत के साथ नहीं कर सकी। न्यूजीलैंड ने उन्हें इस मैच में 58 रन से हरा दिया। हरमनप्रीत कौर की टीम इस शिकस्त के साथ ग्रुप ए की अंक तालिका में चौथे पायदान पर पहुंच गई। वहीं, सोफी डिवाइन की टीम जीत के बाद पहले स्थान पर पहुंच गई। दूसरे पायदान पर पाकिस्तान की सेना है, जिन्होंने गुरुवार को श्रीलंका के खिलाफ 31 रनों से जीत दर्ज की थी।

दुबई अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम में खेले गए इस मुकाबले में न्यूजीलैंड की टीम ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी का फैसला लिया। सोफी डिवाइन की अर्धशतकीय पारी की बदौलत कीवियों ने 20 ओवर में चार विकेट पर 160 रनों का स्कोर तैयार किया। जवाब में भारतीय टीम 19 ओवर में 10 विकेट पर 102 रन ही बना सकी। 

भारत की शुरुआत इस मैच में कुछ खास नहीं हुई। शेफाली वर्मा को कार्सन ने दूसरे ही ओवर में अपना शिकार बनाया। वह सिर्फ दो रन बना सकीं। कीवी गेंदबाज ने ही स्मृति मंधाना को भी आउट किया। उप-कप्तान सिर्फ 12 रन बना सकीं। इस मुकाबले में भारत का बल्लेबाजी क्रम ताश के पत्तों की तरह बिखर गया। हरमनप्रीत 15, जेमिमा 13, ऋचा 12, दीप्ति 13, अरुंधति एक, पूजा आठ, श्रेयंका सात, रेणुका सिंह शून्य और आशा शोभना छह* रन बना सकीं। न्यूजीलैंड के लिए रोजमैरी मायर ने चार, ली ताहुहु ने तीन, एडेन कार्सन ने दो और अमेलिया कर ने एक विकेट चटकाया।

10:38 PM, 04-Oct-2024

IND W vs NZ W T20 Live Score: आठवां विकेट भी गिरा

भारत को आठवां झटका पूजा वस्त्राकर के रूप में लगा। उन्हें अमेलिया कर ने बोल्ड किया। वह सिर्फ आठ रन बना सकीं। 10वें नंबर पर बल्लेबाजी के लिए आशा शोभना उतरी हैं।

10:33 PM, 04-Oct-2024

IND W vs NZ W T20 Live Score: सातवां विकेट गिरा

भारतीय टीम का बल्लेबाजी क्रम ताश के पत्तों की तरह बिखरता जा रहा है। ली ताहुहु ने अपनी तीसरी सफलता हासिल करते हुए भारत को सातवां झटका दिया। उन्होंने दीप्ति शर्मा को पवेलियन भेजा। नौवें नंबर पर बल्लेबाजी के लिए श्रेयंका पाटिल उतरी हैं। 15 ओवर के बाद टीम का स्कोर 88/7 है।

विज्ञापन
10:25 PM, 04-Oct-2024

IND W vs NZ W T20 Live Score: भारत को लगा छठा झटका

भारत को छठा झटका मायर ने दिया। उन्होंने अरुंधति रेड्डी को बेट्स के हाथों कैच कराया। वह सिर्फ एक रन बना सकीं। आठवें नंबर पर बल्लेबाजी के लिए पूजा वस्त्राकर पहुंची हैं। उनका साथ दीप्ति शर्मा दे रही हैं। 13 ओवर के बाद भारत का स्कोर 77/6 है।

10:20 PM, 04-Oct-2024

IND W vs NZ W T20 Live Score: भारत का पांचवां विकेट भी गिरा

भारत को पांचवां झटका ली ताहुहु ने दिया। उन्होंने ऋचा घोष को सोफी डिवाइन के हाथों कैच कराया। वह सिर्फ 12 रन बना सके। सातवें नंबर पर बल्लेबाजी के लिए अरुंधति रेड्डी उतरी हैं। उनका साथ देने के लिए दीप्ति शर्मा क्रीज पर मौजूद हैं।

विज्ञापन
10:07 PM, 04-Oct-2024

IND W vs NZ W T20 Live Score: भारत का चौथा विकेट गिरा

भारत को चौथा झटका ली ताहूहू ने दिया। उन्होंने जेमिमा रोड्रिग्स को कैच आउट कराया। वह सिर्फ 13 रन बना सकीं। छठे नंबर पर बल्लेबाजी के लिए दीप्ति शर्मा उतरी हैं। उनका साथ देने के लिए ऋचा घोष मौजूद हैं। 10 ओवर के बाद भारत का स्कोर 63/4 है।

10:01 PM, 04-Oct-2024

IND W vs NZ W Live: हरमनप्रीत 15 रन बनाकर आउट

भारत को तीसरा झटका रोजमैरी मायर ने दिया। उन्होंने कप्तान हरमनप्रीत कौर को 42 रन के स्कोर पर एलबीडब्ल्यू आउट किया। वह सिर्फ 15 रन बना सके। पांचवें नंबर पर बल्लेबाजी के लिए ऋचा घोष उतरी हैं। उनका साथ देने के लिए जेमीमा क्रीज पर मौजूद हैं। 

09:43 PM, 04-Oct-2024

IND W vs NZ W Live: भारत को लगा दूसरा झटका

भारत को दूसरा झटका स्मृति मंधाना के रूप में लगा। उन्हें कार्सन ने ही अपना शिकार बनाया। वह 12 रन बना सकीं। चौथे नंबर पर बल्लेबाजी के लिए जेमिमा रोड्रिग्स उतरी हैं। उनका साथ देने के लिए हरमनप्रीत क्रीज पर मौजूद हैं। पांच ओवर के बाद टीम का स्कोर 34/2 है।

09:28 PM, 04-Oct-2024

IND W vs NZ W Live: भारत को लगा पहला झटका

भारत को पहला झटका शेफाली वर्मा के रूप में लगा। उन्हें एडेन कार्सन ने 11 रन के स्कोर पर उन्हें आउट किया। 20 वर्षीय बल्लेबाज सिर्फ दो रन बना सकीं। तीसरे नंबर पर अब बल्लेबाजी के लिए कप्तान हरमनप्रीत कौर उतरी हैं। उनका साथ देने के लिए स्मृति मंधाना क्रीज पर मौजूद हैं। दो ओवर के बाद टीम का स्कोर 15/1 है।

09:08 PM, 04-Oct-2024

IND W vs NZ W Live: भारत को मिला 161 रनों का लक्ष्य

महिला टी20 विश्व कप के पहले मैच में न्यूजीलैंड की टीम ने 20 ओवर में चार विकेट पर 160 रन बनाए। सूजी बेट्स और जॉर्जिया प्लिमर ने टीम को अच्छी शुरुआत दिलाई। दोनों के बीच पहले विकेट के लिए 67 रनों की साझेदारी हुई, जिसे अरुंधति रेड्डी ने तोड़ा। उन्होंने बेट्स को श्रेयंका पाटिल के हाथों कैच आउट कराया। वह दो चौकों की मदद से 27 रन बनाने में कामयाब हुईं। वहीं, जॉर्जिया ने तीन चौकों और एक छक्के की सहायता से 34 रन बनाए। इसके बाद अमेलिया केर और सोफी डिवाइन ने मोर्चा संभाला। दोनों के बीच तीसरे विकेट के लिए 32 रनों की साझेदारी हुई। रेणुका सिंह ने 15वें ओवर की दूसरी गेंद पर केर को आउट किया। वह सिर्फ 13 बनाकर लौटीं। इसके बाद कप्तान का साथ ब्रूक हॉलीडे ने दिया। दोनों के बीच 46 रनों की साझेदारी हुई जिसे रेणुका ने ही 19वें ओवर में तोड़ दिया। ब्रूक 16 रन बनाकर आउट हुईं। वहीं, सोफी डिवाइन 57 और मैडी ग्रीन पांच रन बनाकर नाबाद रहीं। भारत के लिए रेणुका ने दो, अरुंधति और आशा शोभना ने एक-एक विकेट लिए।

08:39 PM, 04-Oct-2024

IND W vs NZ W Live: न्यूजीलैंड को लगा तीसरा झटका

न्यूजीलैंड को तीसरा झटका अमेलिया कर के रूप में लगा। रेणुका सिंह ने उन्हें पूजा वस्त्राकर के हाथों कैच कराया। वह 22 गेंदों में सिर्फ 13 रन ही बना सकीं। पांचवें नंबर पर बल्लेबाजी के लिए ब्रूक हॉलीडे उतरी हैं। उनका साथ देने के लिए कप्तान सोफी डिवाइन क्रीज पर मौजूद हैं।

08:18 PM, 04-Oct-2024

IND W vs NZ W Live: 10 ओवर के बाद स्कोर 72/2

10 ओवर के बाद कीवी टीम का स्कोर 72/2 है। अमेलिया केर (2) और सोफी डिवाइन (3) क्रीज पर मौजूद हैं। पारी का 11वां ओवर सोफी डिवाइन डाल रही हैं।

08:12 PM, 04-Oct-2024

IND W vs NZ W Live: कीवी टीम को लगा दूसरा झटका

चार गेंदों के भीतर भारतीय गेंदबाजों ने न्यूजीलैंड को दूसरा झटका दे दिया है। आशा शोभना ने जॉर्जिया प्लिमर को भी मंधाना के हाथों कैच आउट करा दिया। वह 34 रन बनाकर पवेलियन लौटीं। फिलहाल क्रीज पर अमेलिया केर और सोफी डिवाइन क्रीज पर मौजूद हैं। नौ ओवर के बाद टीम का स्कोर 68/2 है।

08:05 PM, 04-Oct-2024

IND W vs NZ W Live: भारत को मिली पहली सफलता

आखिरकार भारत को पहली सफलता मिल गई। अरुंधति रेड्डी ने आठवें ओवर की चौथी गेंद पर सूजी बेट्स को श्रेयंका पाटिल के हाथों कैच आउट कराया।

07:58 PM, 04-Oct-2024

IND W vs NZ W Live: पावरप्ले समाप्त हुआ

पावरप्ले समाप्त हो चुका है। सूजी बेट्स 19 और जॉर्जिया प्लिमर 30 रन बनाकर क्रीज पर डटी हुई हैं। भारत को अपने पहले विकेट की तलाश है। शुरुआती छह ओवर के बाद न्यूजीलैंड का स्कोर 55/0 है।

07:50 PM, 04-Oct-2024

IND W vs NZ W Live: भारत को विकेट की तलाश

न्यूजीलैंड की सलामी जोड़ी अच्छी फॉर्म में नजर आ रही है। सूजी बेट्स और जॉर्जिया प्लिमर भारत के लिए मुसीबत बनती जा रही हैं। पांच ओवर के बाद कीवी टीम का स्कोर 43/0 है।

07:31 PM, 04-Oct-2024

IND W vs NZ W Live: न्यूजीलैंड की पारी शुरू

न्यूजीलैंड की पारी शुरू हो गई है। सूजी बेट्स और जॉर्जिया प्लिमर फिलहाल क्रीज पर मौजूद हैं। भारत की तरफ से पहला ओवर पूजा वस्त्राकर डाल रही हैं।

07:07 PM, 04-Oct-2024

IND W vs NZ W Live: दोनों टीमों की प्लेइंग 11 इस प्रकार है

भारतीय टीम: शेफाली वर्मा, स्मृति मंधाना, हरमनप्रीत कौर (कप्तान), जेमिमा रोड्रिग्स, ऋचा घोष (विकेटकीपर), दीप्ति शर्मा, अरुंधति रेड्डी, पूजा वस्त्राकर, श्रेयंका पाटिल, आशा शोभना, रेणुका ठाकुर सिंह।

न्यूजीलैंड टीम: सूजी बेट्स, जॉर्जिया प्लिमर, अमेलिया कर, सोफी डिवाइन (कप्तान), ब्रुक हॉलिडे, मैडी ग्रीन, इसाबेला गेज (विकेटकीपर), जेस केर, रोजमेरी मैयर, ली ताहुहू, ईडन कार्सन।

07:07 PM, 04-Oct-2024

IND W vs NZ W Live: न्यूजीलैंड ने जीता टॉस, चुनी बल्लेबाजी

न्यूजीलैंड ने इस मैच में टॉस जीतकर भारत के खिलाफ पहले बल्लेबाजी का फैसला लिया है। कप्तान सोफी डिवाइन ने कहा कि हम पहले बल्लेबाजी करेंगे। वहीं, भारत की कप्तान हरमनप्रीत कौर ने कहा कि हम अच्छा क्रिकेट खेलना चाहते हैं। अपनी टीम के विषय में बात करते हुए उन्होंने कहा कि हमारी टीम में संतुलन है।

06:38 PM, 04-Oct-2024

IND W vs NZ W Live: खिताबी सूखे को समाप्त करने के उद्देश्य से उतरेगा भारत

संभवत: अपना आखिरी टी20 विश्व कप खेल रही कप्तान हरमनप्रीत कौर कई बार खिताब के करीब पहुंचकर चूकने और निराशाजनक क्षणों की गवाह रही हैं जिसमें टी20 विश्व कप 2020 में मेलबर्न में फाइनल में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ हार भी शामिल है। अतीत की तरह यह भारतीय टीम भी प्रतिभा से भरपूर है और संभवत: केवल ऑस्ट्रेलिया के पास ही इतनी अच्छी टीम है। लेकिन मौजूदा चैंपियन ऑस्ट्रेलिया के पास छह टी20 विश्व कप खिताब हैं, जबकि भारत को पहले खिताब का इंतजार है। न्यूजीलैंड दो बार का उपविजेता है और उनके खिलाफ जीत को रणनीतिक तथा मानसिक रूप से अच्छी स्थिति में होने का संकेत माना जा सकता है। भारत के लिए जीत के साथ आगाज करना महत्वपूर्ण होगा क्योंकि इस ग्रुप में ऑस्ट्रेलिया, श्रीलंका और पाकिस्तान भी हैं।

06:30 PM, 04-Oct-2024

IND W vs NZ W Live: मंधाना लय में, हरमनप्रीत की खराब फॉर्म चिंता का विषय

भारत को अपने शीर्ष खिलाड़ियों 35 वर्षीय हरमनप्रीत, स्मृति मंधाना, जेमिमा रोड्रिग्ज, शेफाली वर्मा और दीप्ति शर्मा से महत्वपूर्ण योगदान की उम्मीद होगी। शेफाली और मंधाना शानदार फॉर्म में हैं। उन्होंने जुलाई में श्रीलंका में एशिया कप में अपने पिछले अंतरराष्ट्रीय मैच में रन बनाए लेकिन भारत फाइनल में मेजबान टीम से हार गया था। मंधाना ने पिछली पांच टी20 पारियों में तीन अर्धशतक जड़े हैं। हालांकि, हरमनप्रीत का प्रदर्शन कुछ निराशाजनक रहा है और उनका लय में होना भारत के शीर्ष और मध्य क्रम के लिए जरूरी है। 

06:23 PM, 04-Oct-2024

IND W vs NZ W Live: स्पिनरों की भूमिका रहेगी अहम

इस बात की पूरी संभावना है कि भारत न्यूजीलैंड के खिलाफ मुकाबले में सिर्फ दो तेज गेंदबाजों को खिलाएगा और स्पिनरों पर अधिक निर्भर रहना होगा। भारत के पास स्पिन विभाग में असाधारण विविधता है। आक्रमण की कमान ऑफ स्पिनर दीप्ति शर्मा और श्रेयंका पाटिल, लेग स्पिनर आशा शोभना और बाएं हाथ की स्पिनर राधा यादव के कंधों पर होगी। न्यूजीलैंड की टीम में भी अनुभवी और युवा खिलाड़ियों का अच्छा मिश्रण है जिससे टीम का दावा मजबूत है। करिश्माई कप्तान सोफी डिवाइन, अनुभवी ऑलराउंडर सूजी बेट्स और अनुभवी तेज गेंदबाज ली ताहुहू और लेघ कास्पेरेक टीम की रीढ़ हैं। युवा ऑलराउंडर अमेलिया केर भी टीम का महत्वपूर्ण हिस्सा हैं और न्यूजीलैंड की टीम टूर्नामेंट में चौंकाने वाला प्रदर्शन कर सकती है। हालांकि पिचों के टूटने से भारत के स्पिनरों को मदद मिल सकती है जो टीम का मजबूत पक्ष है।

06:21 PM, 04-Oct-2024

IND W vs NZ W Live: दोनों टीमों के हेड-टु-हेड रिकॉर्ड

भारत और न्यूजीलैंड के बीच अब तक 13 टी20 मैचों में भिड़ंत हुई है। इसमें न्यूजीलैंड ने नौ मैच जीते हैं जबकि भारत ने चार में जीत हासिल की है। आंकड़ों में न्यूजीलैंड की टीम का रिकॉर्ड भारत के खिलाफ अच्छा रहा है, लेकिन भारतीय टीम इस टूर्नामेंट में पूरी तैयारी के साथ आई है और अपने दिन किसी भी टीम को मात देने का दम रखती है। 

06:16 PM, 04-Oct-2024

IND W vs NZ W Highlights: कीवियों ने जीता विश्व कप का पहला मैच, भारत को 58 रन से हराया, मायर को चार विकेट मिले

नमस्कार! अमर उजाला के लाइव ब्लॉग में आपका स्वागत है। आज भारतीय टीम महिला टी20 विश्व कप 2024 में अपने अभियान की शुरुआत न्यूजीलैंड के खिलाफ मुकाबले से करेगी। दोनों टीमों के बीच कड़ी टक्कर देखने को मिलेगी। हरमनप्रीत कौर की टीम इस टूर्नामेंट में जीत के साथ शुरुआत करना चाहेगी।

और पढ़ें...
विज्ञापन
MORE
AU ऐप में पढ़ें