महिला वनडे विश्व कप में इंग्लैंड ने भारत को चार विकेट से हरा दिया है। टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करते हुए भारतीय टीम 36.2 ओवर में 134 रन बनाकर ऑलआउट हो गई। जवाब में इंग्लैंड की टीम ने 31.2 ओवर में छह विकेट गंवाकर लक्ष्य हासिल कर लिया।
यह भारतीय टीम को इस टूर्नामेंट में मिली दूसरी हार है। इससे पहले टीम इंडिया को न्यूजीलैंड ने हराया था। भारत अब तक चार मैच खेल चुका है। इसमें से दो में जीत और दो में हार मिली है। वहीं, इंग्लैंड टीम की यह इस टूर्नामेंट में पहली जीत है। टीम ने चार मैच खेले हैं और पहले तीन मुकाबलो में उन्हें हार का सामना करना पड़ा था।
प्वाइंट्स टेबल की बात करें तो भारतीय टीम चार मैचों में दो जीत और दो हार और चार अंकों के साथ तीसरे स्थान पर बनी हुई है। वहीं, इंग्लैंड की टीम चार मैचों में एक जीत और तीन हार और दो अंकों के साथ छठे स्थान पर है।
2017 फाइनल का बदला नहीं ले पाई टीम इंडिया
महिला वनडे विश्व कप 2017 में फाइनल में इंग्लैंड ने भारत को ही हराकर खिताब अपने नाम किया था। भारत के पास इस मुकाबले को जीतकर बदला लेने का बेहतरीन मौका था, लेकिन ऐसा नहीं हो सका। भारतीय टीम को एकबार फिर इंग्लैंड के हाथों शिकस्त झेलनी पड़ी।
30वें ओवर में इंग्लैंड ने दो विकेट गंवा दिए। इसमें मेघना सिंह ने ब्रन्ट और डंक्ले को पवेलियन भेजा। पहली गेंद पर उन्होंने डंक्ले (17) और तीसरी गेंद पर ब्रन्ट (0) को आउट किया। 30 ओवर के बाद इंग्लैंड का स्कोर 129/6 है।
102 रन के कुल स्कोर पर इंग्लैंड की टीम को चौथा झटका लगा। राजेश्वरी गायकवाड़ ने एमी जोन्स को हरमनप्रीत कौर के हाथों कैच कराया। हरमनप्रीत ने हवा में शानदार कैच लपका। एमी 28 गेंदों पर 10 रन बना सकीं। 25 ओवर के बाद इंग्लैंड ने चार विकेट गंवाकर 104 रन बना लिए हैं। फिलहाल सोफिया डंक्ले शून्य और हीदर नाइट 44 रन बनाकर बल्लेबाजी कर रही हैं।
69 रन के कुल स्कोर पर इंग्लैंड को तीसरा झटका लगा। पूजा वस्त्राकर ने नताली शीवर को झूलन गोस्वामी के हाथों कैच कराया। वह 46 गेंदों पर 45 रन बनाकर आउट हुईं। इसमें आठ चौके शामिल हैं। हालांकि, पवेलियन लौटने से पहले उन्होंने हीदर नाइट के साथ तीसरे विकेट के लिए 84 गेंदों पर 65 रन की साझेदारी निभाई। 17 ओवर के बाद इग्लैंड ने तीन विकेट गंवकर 69 रन बना लिए हैं। फिलहाल नाइट 19 रन और एमी एलेन जोन्स शून्य पर बल्लेबाजी कर रही हैं। इंग्लैंड को जीत के लिए अब भी 66 रन की जरूरत है।
10 ओवर में इंग्लैंड ने दो विकेट गंवाकर 34 रन बना लिए हैं। फिलहाल हीथर नाइट नौ रन और नताली शीवर 21 रन बनाकर बल्लेबाजी कर रही हैं। दोनों के बीच 30 प्लस रन की साझेदारी हो चुकी है।
सात ओवर के बाद इंग्लैंड ने दो विकेट गंवाकर 21 रन बना लिए हैं। फिलहाल हीथर नाइट आठ रन और नताली शीवर नौ रन बनाकर बल्लेबाजी कर रही हैं। झूलन गोस्वामी और मेघना सिंह को एक-एक सफलता मिली है। झूलन के वनडे में 250 विकेट भी पूरे हो चुके हैं। वह ऐसा करने वाली दुनिया की पहली महिला गेंदबाज हैं।
चार रन के स्कोर पर इंग्लैंड टीम को दूसरा झटका लगा। झूलन गोस्वामी ने दिग्गज बल्लेबाज टैमी ब्यूमोंट को पवेलियन भेजा। ब्यूमोंट 10 गेंदों पर एक रन बना सकीं। भारत ने इस अपील पर डिसीजन रिव्यू सिस्टम लिया था, जो भारत के ही पक्ष में रहा।
दरअसल, हआ यूं कि झूलन की गेंद पर ब्यूमोंट ने डिफेंस किया। इसके बाद झूलन और पूरी टीम अपील करने लगी। उनका मानना था कि गेंद बैट पर लगने से पहले बैटिंग पैड पर लगी थी। हालांकि, फील्ड अंपायर का मानना था कि गेंद बल्ले से ही लगी है। इसके बाद कप्तान मिताली राज ने डीआरएस का इस्तेमाल किया।
थर्ड अंपायर ने रिव्यू में देखा कि गेंद बल्ले पर लगने से पहले बैटिंग पैड पर लगी थी। बॉल ट्रैकिंग में गेंद विकेट हिटिंग भी थी और इस तरह थर्ड अंपायर ने फील्ड अंपायर से अपना फैसला बदलने को कहा और ब्यूमोंट पवेलियन लौट गईं। इस विकेट के साथ ही झूलन के अंतरराष्ट्रीय वनडे में 250 विकेट भी पूरे हो चुके हैं।
चार ओवर के बाद इंग्लैंड ने दो विकेट गंवाकर आठ रन बना लिए हैं। फिलहाल नताली शीवर शून्य और हीथर नाइट चार रन बनाकर बल्लेबाजी कर रही हैं।
भारतीय गेंदबाजों ने टीम को बेहतरीन शुरुआत दिलाई है। उन्होंने तीन रन के कुल स्कोर पर इंग्लैंड को पहला झटका दिया है। इंग्लिश टीम की पारी के दूसरे ही ओवर में तेज गेंदबाज मेघना सिंह ने डेनियल वायट को स्नेह राणा के हाथों कैच कराया। राणा ने स्लिप में डाइव लगाकर बेहतरीन कैच पकड़ा। वायट एक रन बना सकीं। फिलहाल हीथर नाइट और टैमी ब्यूमोंट क्रीज पर हैं।
भारत ने इंग्लैंड के सामने 135 रन का लक्ष्य रखा है। इंग्लैंड के सामने टीम इंडिया की बल्लेबाजी अच्छी नहीं रही और 36.2 ओवर में 134 रन पर ही सिमट गई। टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करते हुए स्मृति मंधाना ने भारत की ओर से सबसे ज्यादा 35 रन बनाए। वहीं, ऋचा घोष ने 33 रन की पारी खेली। सात भारतीय बल्लेबाज दहाई का आंकड़ा भी नहीं छू सके।
इसमें यास्तिका भाटिया (8), कप्तान मिताली राज (1), दीप्ति शर्मा (0), स्नेह राणा (0), पूजा वस्त्राकर (6), मेघना सिंह (3) और राजेश्वरी गायकवाड़ (1*) शामिल हैं। इसके अलावा पिछले मैच में शतक लगाने वालीं उपकप्तान हरमनप्रीत कौर 14 रन बनाकर आउट हुईं। झूलन गोस्वामी ने 20 रन की पारी खेली।
इंग्लैंड की ओर से स्पिनर शार्लोट डीन ने सबसे ज्यादा चार विकेट चटकाए। वहीं, आन्या श्रबसोल को दो विकेट मिले। सोफी एक्लस्टोन और केट क्रॉस को एक-एक विकेट मिला।
केट क्रॉस ने भारत को नौवां झटका दिया है। उन्होंने झूलन गोस्वामी को डेनियल वट्ट के हाथों कैच कराया। गोस्वामी ने 20 रन बनाए। इस दौरान उनके बल्ले से दो चौके और एक छक्का निकला। गोस्वामी ने पिछले दो ओवरों में कुछ बड़े शॉट लगाकर उम्मीदें जगाई थी, लेकिन उनके आउट होने के बाद भारत का 150 रन तक पहुंचना भी मुश्किल लग रहा है। अब राजेश्वरी गायकवाड़ और मेघना सिंह क्रीज पर मौजूद हैं।
भारतीय टीम की आखिरी उम्मीद ऋचा घोष भी रन आउट होकर पवेलियन लौट चुकी हैं। उन्होंने 56 गेंदों में पांच चौकों की मदद से 33 रन बनाए। भारत के टॉप ऑर्डर के फेल होने के बाद रन बनाने की पूरी जिम्मेदारी ऋचा घोष पर थी, लेकिन उनके आउट होने के बाद भारत के सम्मानजनक स्कोर तक पहुंचने की उम्मीद भी खत्म हो चुकी है।
भारत का स्कोर सात विकेट के नुकसान पर 100 के पार जा चुका है। टॉप ऑर्डर के फेल होने के बाद टीम की सार उम्मीदें ऋचा घोष पर टिकी हुई हैं। झूलन गोस्वामी उनका साथ निभा रही हैं। अब ऋचा भारत को एक सम्मान जनक स्कोर तक पहुंचाने की कोशिश करेंगी।
भारत के सात बल्लेबाज पवेलियन लौट चुके हैं। पूजा वस्त्राकर छह रन बनाकर डीन का शिकार बनीं। इस मैच में यह डीन का तीसरा विकेट था। उन्होंने पूजा को एलबीडब्लू किया। अब ऋचा घोष के साथ झूलन गोस्वामी क्रीज पर मौजूद हैं। रन बनाने की पूरी जिम्मेदारी ऋचा घोष पर है। झूलन को उनका साथ निभाना होगा और रन बनाने की बजाय विकेट बचाने की कोशिश करनी होगी।
सोफी इक्लेस्टन ने स्मृति मंधाना को आउट करके भारत को छठा झटका दिया है। मंधाना ने 58 गेंद में चार चौकों की मदद से 35 रन बनाए। अब भारतीय टीम मुश्किल में आ चुकी हैं। अब रन बनाने की पूरी जिम्मेदारी ऋचा घोष के ऊपर है। यहां से टीम इंडिया इस मैच में पूरे 50 ओवर भी खेल पाती तो एक सम्मानजनक स्कोर तक पहुंचा जा सकता है।
61 रन के स्कोर पर भारत की आधी टीम पवेलियन लौट चुकी है। स्नेह राणा बिना खाता खोले आउट होकर पवेलियन लौट गईं। डीन की गेंद पर जोन्स ने उनका कैच पकड़ा। इस मैच में एक बार फिर भारत का टॉप ऑर्डर पूरी तरह से फेल रहा है। स्मृति मंधाना को छोड़ कोई भी बल्लेबाज कुछ खास नहीं कर पाया। अब ऋचा घोष और स्मृति मंधाना क्रीज पर मौजूद हैं।
इंग्लैंड के खिलाफ भारतीय टीम मुश्किल में दिख रही है। टीम की चार बल्लेबाज पवेलियन लौट चुकी हैं। उपकप्तान हरमनप्रीत कौर भी 14 रन बनाकर आउट हो गई। डीन की गेंद पर जोन्स ने उनका कैच पकड़ा। हरमन और मंधाना की जोड़ी ने पिछले मैच में भारत को मुश्किलों से निकाला था, लेकिन इस मैच में हरमनप्रीत कौर आउट हो चुकी हैं और अब भारत के लिए मुश्किलें बढ़ गई हैं।
भारत का स्कोर तीन विकेट के नुकसान पर 50 रन के पार जा चुका है। पिछले मैच की तरह इस मैच में भी स्मृति मंधाना और हरमनप्रीत कौर भारतीय पारी को संभाल रही हैं। इस मैच में भारतीय टीम ने 28 रन के स्कोर पर तीन विकेट गंवा दिए थे। इसके बाद इस जोड़ी ने भारतीय पारी को संभाला और टीम का स्कोर 50 के पार ले गईं। इस मैच में भी इन दोनों को बड़ी पारियां खेलनी होंगी, तभी भारत इस मैच में बना रहेगा।
इंग्लैंड के खिलाफ एक बार फिर भारतीय टीम मुश्किल में दिख रही है। दीप्ति शर्मा बिना खाता खोले पवेलियन लौट चुकी हैं। केट क्रॉस ने उन्हें रन आउट किया। 28 रन के अंदर भारत के तीन बल्लेबाज पवेलियन लौट चुके हैं और अब टीम इंडिया को मुश्किल से निकालने की जिम्मेदारी एक बार फिर स्मृति मंधाना और हरमनप्रीत कौर के कंधे पर है।
एना श्रुबसोल ने भारत को दूसरा झटका दिया है। उन्होंने कप्तान मिताली राज को एक रन के स्कोर पर पवेलियन भेज दिया। डंक्ले ने उनका कैच पकड़ा। पावरप्ले के अंदर दो विकेट गंवाकर भारतीय टीम मुश्किल में दिख रही है। हालांकि, पिछले मैच में शतक लगाने वाली स्मृति अभी भी क्रीज पर मौजूद हैं। दीप्ति शर्मा उनका साथ दे रही हैं।
इंग्लैंड की टीम ने जल्द ही भारत को पहला झटका दे दिया है। ओपनर यास्तिका भाटिया आठ रन बनाकर आउट हो चुकी हैं। एना श्रुबसोल ने उन्हें क्लीन बोल्ड किया। भाटिया ने 11 गेंद खेलकर आठ रन बनाए और एक चौका लगाया। अब स्मृति मंधाना और कप्तान मिताली राज क्रीज पर मौजूद हैं।
भारत की बल्लेबाजी शुरू हो चुकी है। स्मृति मंधाना और यास्तिका भाटिया क्रीज पर मौजूद हैं। पिछले मैच में इन दोनों ने भारत को शानदार शुरुआत दी थी। मंधाना ने शुरुआत में संभलकर बल्लेबाजी की थी, जबकि भाटिया ने तेजी से रन बनाए थे। इस मैच में भी इस जोड़ी से ऐसे ही प्रदर्शन की उम्मीद होगी।
इंग्लैंड ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया है। दोनों टीमों में कोई बदलाव नहीं किया गया है। भारत वेस्टइंडीज पर बड़ी जीत के साथ यहां पहुंचा है, जबकि इंग्लैंड की लगातार तीन हार के बाद यहां आई है। इसके बावजूद टीम में कोई बदलाव नहीं है।
भारत की टीम
मिताली राज (कप्तान), स्मृति मंधाना, यास्तिका भाटिया, दीप्ति शर्मा, हरमनप्रीत कौर, ऋचा घोष (विकेटकीपर), स्नेह राणा, पूजा वस्त्राकर, झूलन गोस्वामी, मेघना सिंह, राजेश्वरी गायकवाड़।
इंग्लैंड की टीम
हीथर नाइट (कप्तान), टैमी ब्यूमोंट, डेनिएल व्याट, नताली साइवर, एमी एलेन जोन्स (विकेटकीपर), सोफिया डंकले, कैथरीन ब्रंट, सोफी एक्लेस्टोन, केट क्रॉस, चार्लोट डीन, अन्या श्रुबसोल।
महिला वनडे विश्व कप 2017 में फाइनल में इंग्लैंड ने भारत को ही हराकर खिताब अपने नाम किया था। अब भारतीय टीम उस हार का भी बदला लेने उतरेगी। इस मैच के लिए टॉस छह बजे होगा। वहीं, पहली गेंद साढ़े छह बजे फेंकी जाएगी।
भारत ने तीन में से दो मैच बड़े अंतर से जीते हैं और अंकतालिका में तीसरे स्थान पर मौजूद है। अगर भारत यह मैच जीतता है तो अंकतालिका में दूसरे स्थान पर आ जाएगा। वहीं, पाकिस्तान के अलावा इंग्लैंड इस टूर्नामेंट की दूसरी टीम है, जिसने अब तक कोई मैच नहीं जीता है। इंग्लैंड की टीम पिछले वनडे विश्व कप की चैंपियन या यूं कहें कि डिफेंडिंग चैंपियन है। इस बार यह टीम तीन हार के साथ अंकतालिका में आठवें स्थान पर है।
भारत के खिलाफ इंग्लैंड का रिकॉर्ड शानदार है। विश्व कप में दोनों टीमों के बीच कुल 11 मैच हुए हैं। इनमें से भारत सिर्फ चार मैच जीत पाया है, जबकि इंग्लैंड ने सात मैच जीते हैं।
भारत और इंग्लैंड की महिला टीम के बीच ओवरऑल 72 मैच खेले गए हैं। इनमें से 39 मैच इंग्लैंड के नाम रहे, जबकि 31 मैच में भारतीय टीम को जीत मिली। वहीं दो मैच बेनतीजा रहे हैं।
भारतीय टीम ने पहल मैच में पाकिस्तान को 107 रन से पटखनी दी थी। वहीं, दूसरे मैच में टीम को न्यूजीलैंड के हाथों हार का सामना करना पड़ा था। इसके बाद भारत ने तीसरे मैच में वेस्टइंडीज जैसी मजबूत टीम को भी हराया और प्वाइंट्स टेबल में टॉप-चार में जगह बनाई।
वहीं, दूसरी ओर इंग्लैंड की टीम भी तीन मैच खेल चुकी है और तीनों में उसे हार का सामना करना पड़ा। पहले मैच में ऑस्ट्रेलिया ने इंग्लैंड को 12 रन से हराया, जबकि दूसरे मैच में वेस्टइंडीज से सात रन से शिकस्त मिली। तीसरे मैच में दक्षिण अफ्रीका ने इंग्लैंड को तीन विकेट से हराया।
नमस्कार! अमर उजाला के लाइव ब्लॉग में आपका स्वागत है। आज महिला वनडे विश्व कप में भारत और इंग्लैंड की टीमें आमने-सामने हैं। भारतीय टीम अपने तीन में से दो मैच जीतकर मजबूत स्थिति में है। वहीं, इंग्लैंड की टीम को टूर्नामेंट में अब भी अपनी पहली जीत की तलाश है।