फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

IND W vs BAN W: भारत-बांग्लादेश के बीच तीसरा वनडे टाई, सीरीज भी 1-1 से बराबरी पर छूटी, खराब अंपायरिंग पर विवाद

Sat, 22 Jul 2023 05:22 PM IST
शक्तिराज सिंह स्पोर्ट्स डेस्क, अमर उजाला, ढाका

खास बातें

India vs Bangladesh Women ODI 2023: भारत और बांग्लादेश की महिला क्रिकेट टीम के बीच तीन मैच की वनडे सीरीज का आखिरी मुकाबला ढाका में टाई रहा और तीन मैच की सीरीज 1-1 से बराबरी पर छूट गई। ट्रॉफी भी दोनों टीमों को साझा करनी पड़ी। इस मैच में बांग्लादेश ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए फरगना हक के शतक के दम पर 225 रन बनाए। इसके जवाब में भारतीय टीम भी 225 रन ही बना सकी और मैच टाई हो गया।
विज्ञापन
भारत बनाम बांग्लादेश - फोटो : सोशल मीडिया
विज्ञापन

लाइव अपडेट

05:11 PM, 22-Jul-2023

टाई हुआ मैच

भारत और बांग्लादेश के बीच सीरीज का तीसरा और निर्णायक वनडे मैच टाई रहा। आखिरी चार गेंद में भारत को जीत के लिए एक रन की जरूरत थी, लेकिन मेघना सिंह ने विकेटकीपर को कैच थमा दिया और टीम इंडिया मैच नहीं जीत पाई। इसके साथ ही भारत ने सीरीज जीतने का मौका भी गंवा दिया। बारिश के कारण समय बर्बाद हुआ था और आधिकारिक समय खत्म होने के कारण सुपर ओवर नहीं हो सका। इसी वजह से सीरीज 1-1 से बराबरी पर छूट गई। अब दोनों टीमें ट्रॉफी साझा करेंगी।

मैच में क्या हुआ?
बांग्लादेश ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए निर्धारित 50 ओवर में चार विकेट खोकर 225 रन बनाए। फरगना हक ने 107 रन की पारी खेली। शमीमा ने भी 52 रन बनाए। भारत के लिए स्नेह राणा ने दो और देविका वैद्य ने एक विकेट लिया। इसके जवाब में भारतीय टीम भी 49.3 ओवर में सभी 10 विकेट खोकर 225 रन ही बना सकी। भारत के लिए सबेस ज्यादा 77 रन हरलीन देओल ने बनाए। स्मृति मंधाना ने भी 59 रन की पारी खेली। जेमिमा 33 रन बनाकर नाबाद रहीं, लेकिन अपनी टीम को जीत नहीं दिला सकीं। बांग्लादेश के लिए नाहिदा अख्तर ने तीन और मारुफा ने दो विकेट लिए। राबेया, फाहिमा और सुल्ताना को एक-एक विकेट मिला। भारत ने अपने आखिरी छह विकेट 34 रन पर गंवा दिए और जीता हुआ मैच टाई करा दिया।

खराब अंपायरिंग पर विवाद
इस मैच में खराब अंपायरिंग भी काफी चर्चा में रही। यास्तिका भाटिया से लेकर, हरमनप्रीत कौर और मेघना के निर्णायक विकेट तक हर मौके पर भारतीय खिलाड़ी अंपायर के फैसले से नाखुश दिखीं। इसी वजह से टीम इंडिया को बांग्लादेश के साथ ट्रॉफी भी साझा करनी पड़ी।

04:53 PM, 22-Jul-2023

IND W vs BAN W Live: नाहिदा ने एक ओवर में दो विकेट झटके

नाहिदा अख्तर ने एक ओवर में दो विकेट लेकर भारत को मुश्किल में डाल दिया है और मैच बेहद रोमांचक हो चला है। उन्होंने स्नेह राणा को पहली ही गेंद पर आउट किया। राणा ने नाहिदा को ही कैच थमा दिया और अपना खाता तक नहीं खोल सकीं। वहीं, देविका वैद्य भी खाता नहीं खोल पाईं। उन्होंने भी नाहिदा को ही कैच थमाया। अब जेमिमा और मेघना सिंह क्रीज पर हैं। भारत को जीत के दो ओवर में नौ रन की जरूरत है। ये रन जेमिमा को ही बनाने होंगे।

04:49 PM, 22-Jul-2023

IND W vs BAN W Live: भारत का सातवां विकेट गिरा

216 रन के स्कोर पर भारत का सातवां विकेट गिरा है। अमनजोत कौर 17 गेंद में 10 रन बनाकर आउट हो चुकी हैं। राबेया खान ने अपने स्पेल की आखिरी गेंद में उन्हें विकेटों के सामने फंसाया। अब जेमिमा के साथ स्नेह राणा क्रीज पर हैं।

विज्ञापन
04:28 PM, 22-Jul-2023

IND W vs BAN W Live: एक ही ओवर में दो बल्लेबाज रन आउट

एक ही ओवर में भारत की दो बल्लेबाज रन आउट हो चुकी हैं और टीम इंडिया मुश्किल में फंस गई है। पहले हरलीन देओल ओरे जेमिमा के बीच तालमेल बिगड़ा और हरलीन को अपना विकेट गंवाना पड़ा। उन्होंने 108 गेंद में नौ चौकों की मदद से 77 रन बनाए। इसके बाद ओवर की आखिरी गेंद पर दीप्ती शर्मा ने मुश्किल रन चुराने की कोशिश की और फील्डर के सटीक थ्रो के चलते उन्हें भी अपना विकेट गंवाना पड़ा। अब भारत को जीत दिलाने की जिम्मेदारी पिछले मैच की हीरो जेमिमा पर है।

04:19 PM, 22-Jul-2023

IND W vs BAN W Live: बारिश के बाद खेल शुरू

ढाका में बारिश रुक गई है और बारिश के बाद खेल शुरू हो चुका है। हरलीन देओल और जेमिमा रोड्रिग्स की जोड़ी मैदान पर हैं। इन दोनों ने अच्छी साझेदारी कर भारत का स्कोर चार विकेट पर 200 रन के करीब पहुंचा दिया है।

विज्ञापन
03:37 PM, 22-Jul-2023

IND W vs BAN W Live: बारिश के कारण खेल रुका

बारिश के कारण ढाका में खेल रुक चुका है। भारत का स्कोर 173/4 है। टीम इंडिया को जीत के लिए 72 गेंद में 53 रन की जरूरत है। हरलीन देओल 96 गेंद में 67 रन और जेमिमा रोड्रिग्स 16 गेंद में नौ रन बनाकर खेल रही हैं। डकवर्थ लुईस नियम के अनुसार भारत को जीत के लिए 38 ओवर में 151 रन बनाने थे। इस लिहाज से भारतीय टीम काफी आगे है और आगे खेल नहीं होने पर मैच और सीरीज अपने नाम करेगी।

03:23 PM, 22-Jul-2023

IND W vs BAN W Live: हरमनप्रीत कौर आउट

भारतीय कप्तान हरमनप्रीत कौर 21 गेंद में 14 रन बनाकर आउट हो चुकी हैं। नाहिदा अख्तर ने उन्हें विकेटों के सामने फंसाया। हालांकि, आउट दिन जाने के बाद हरमनप्रीत ने गुस्से में बैट स्टंप पर दे मारा। उन्होंने इशारा किया कि गेंद उनके हाथ में लगकर गई थी। अब हरलीन के साथ जेमिमा क्रीज पर हैं। 37 ओवर के बाद भारत का स्कोर चार विकेट पर 170 रन है।

03:16 PM, 22-Jul-2023

IND W vs BAN W Live: भारत का स्कोर 150 रन के पार

तीन विकेट के नुकसान पर भारत का स्कोर 150 रन के पार जा चुका है। हरलीन देओल और हरमनप्रीत कौर क्रीज पर हैं। दोनों बल्लेबाज अंत तक टिककर मैच खत्म करने की कोशिश करेंगी। 32 ओवर के बाद भारत का स्कोर 156/3 है।

03:01 PM, 22-Jul-2023

IND W vs BAN W Live: स्मृति मंधाना 59 रन बनाकर आउट

139 रन के स्कोर पर भारत का तीसरा विकेट गिरा है। स्मृति मंधाना 85 गेंद में 59 रन बनाकर आउट हो चुकी हैं। फाहिमा खातून की गेंद पर शोभना ने उनका कैच पकड़ा। मंधाना ने हरलीन के साथ तीसरे विकेट के लिए 107 रन की अहम साझेदारी की। अब हरलीन देओल के साथ कप्तान हरमनप्रीत कौर क्रीज पर हैं। 31 ओवर के बाद भारत का स्कोर तीन विकेट पर 150 रन है।

02:58 PM, 22-Jul-2023

IND W vs BAN W Live: हरनील और मंधाना के बीच शतकीय साझेदारी

स्मृति मंधाना और हरलीन देओल के बीच शतकीय साझेदारी हो चुकी है। दोनों बल्लेबाजों ने अपने अर्धशतक पूरे कर लिए हैं और शानदार लय में दिख रही हैं। इन दोनों ने भारत के लिए जीत की राह बेहद आसान कर दी है। 226 रन का पीछा करते हुए टीम इंडिया ने 28 ओवर में दो विकेट पर 137 रन बना लिए हैं।

02:54 PM, 22-Jul-2023

IND W vs BAN W Live: हरलीन देओल का अर्धशतक

स्मृति मंधाना के बाद हरलीन देओल ने भी अपना अर्धशतक पूरा कर लिया है। उन्होंने 72 गेंद में अपने 50 रन पूरे किए हैं। चौथे नंबर पर बल्लेबाजी के लिए आई हरलीन ने शुरुआत से ही सकारात्मक बल्लेबाजी की है और मंधाना के साथ बेहतरीन साझेदारी कर भारत को ड्राइविंग सीट पर बैठा दिया है।

02:52 PM, 22-Jul-2023

IND W vs BAN W Live: स्मृति मंधाना का अर्धशतक

स्मृति मंधाना ने 74 गेंद में अपना अर्धशतक पूरा कर लिया है। उन्होंने हरलीन देओल के साथ तीसरे विकेट के लिए शानदार साझेदारी की है और भारतीय टीम को जीत की राह पर ले आई हैं। पारी की शुरुआत करने आई मंधाना ने एक छोर संभालकर बल्लेबाजी की है और जल्दी दो विकेट गिरने के बाद टीम को मुश्किल से भी निकाला है। 25 ओवर के बाद भारत का स्कोर 118/2 है।

02:16 PM, 22-Jul-2023

IND W vs BAN W Live: भारत का स्कोर 100 रन के पार

दो विकेट के नुकसान पर भारत का स्कोर 100 रन के पार जा चुका है। हरलीन देओल और स्मृति मंधाना ने तीसरे विकेट के लिए शानदार साझेदारी कर टीम इंडिया को बेहतर स्थिति में पहुंचा दिया है। दोनों खिलाड़ी अच्छी गति से रन बना रही हैं और दोनों ही अपने अपने अर्धशतक के करीब पहुंच गई हैं। 20 ओवर के बाद भारत का स्कोर दो विकेट पर 103 रन है।

02:14 PM, 22-Jul-2023

IND W vs BAN W Live: स्मृति-हरलीन के बीच अर्धशतकीय साझेदारी

स्मृति मंधाना और हरलीन देओल के बीच तीसरे विकेट के लिए अर्धशतकीय साझेदारी हो चुकी है। ये दोनों बल्लेबाज अच्छी गति से रन बना रही हैं और टीम इंडिया की पकड़ मैच में मजबूत हो चुकी है। 17 ओवर के बाद भारत का स्कोर दो विकेट पर 86 रन है।

01:43 PM, 22-Jul-2023

IND W vs BAN W Live: भारत ने पावरप्ले में 59 रन बनाए

भारतीय टीम ने पावरप्ले में दो विकेट खोकर 59 रन बनाए हैं। शेफाली वर्मा और यास्तिका भाटिया के जल्दी आउट होने के बाद स्मृति मंधाना और हरलीन देओल ने भारतीय पारी को संभाला है। दोनों ने अच्छी साझेदारी की है और तेज गति से रन बनाकर बांग्लादेश की गेंदबाजों को बैकफुट पर रखा है। 13 ओवर के बाद भारत का स्कोर दो विकेट पर 75 रन है।

01:42 PM, 22-Jul-2023

IND W vs BAN W Live: भारत का स्कोर 50 रन के पार

दो विकेट के नुकसान पर भारत का स्कोर 50 रन के पार जा चुका है। स्मृति मंधाना और हरलीन देओल ने तेजी से रन बनाना जारी रखा है। इसी वजह से पावरप्ले के अंदर ही टीम इंडिया 50 रन का आंकड़ा पार कर चुकी है। ये दोनों बल्लेबाज अच्छी गति से रन बना रही हैं और बांग्लादेश की गेंदबाजों को विकेट मिलने के बावजूद लय पकड़ने का मौका नहीं दे रही हैं।

01:17 PM, 22-Jul-2023

IND W vs BAN W Live: भारत का दूसरा विकेट गिरा

32 रन के स्कोर पर भारत को दूसरा झटका लगा है। यास्तिका भाटिया सात गेंद में पांच रन बनाकर आउट हो चुकी हैं। सुल्ताना खातून ने उन्हें विकेटों के सामने फंसाया। अब स्मृति मंधाना और हरलीन देओल क्रीज पर हैं। सात ओवर के बाद भारत का स्कोर दो विकेट पर 43 रन है।

01:16 PM, 22-Jul-2023

IND W vs BAN W Live: भारत की खराब शुरुआत

226 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए भारतीय टीम की शुरुआत बेहद खराब रही है। पारी के दूसरे ओवर में ही शेफाली वर्मा आउट हो चुकी हैं। मुरफा अख्तर ने अपनी ही गेंद पर उनका कैच पकड़ा। अब स्मृति मंधाना और यास्तिका भाटिया क्रीज पर हैं। दो ओवर के बाद भारत का स्कोर एक विकेट पर 11 रन है।

12:22 PM, 22-Jul-2023

IND W vs BAN W Live: बांग्लादेश ने 223 रन बनाए

बांग्लादेश ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 225 रन बनाए हैं। सबसे ज्यादा 107 रन फरगना हक ने बनाए। उन्होंने 160 गेंद में छह चौकों की मदद से 107 रन की पारी खेली। वह बांग्लादेश के लिए वनडे क्रिकेट में शतक लगाने वाली पहली महिला खिलाड़ी हैं। हालांकि, पारी की आखिरी गेंद में रन चुराने की कोशिश में वह रन आउट भी हो गईं। फरगना ने बांग्लादेश के लिए पारी की शुरुआत की और आखिरी गेंद का भी सामना किया। उनके अलावा शमीमा सुल्ताना ने 52 रन बनाए। निगर सुल्ताना ने 24 और सोभना ने 23 रन का योगदान दिया। भारत के लिए स्नेह राणा ने दो और देविका वैद्य ने एक विकेट लिया। 

यह मैच और सीरीज जीतने के लिए टीम इंडिया को 226 रन की जरूरत है।

12:17 PM, 22-Jul-2023

IND W vs BAN W Live: फरगना हक का शतक

फरगना हक ने वनडे क्रिकेट में अपने करियर का पहला शतक पूरा कर लिया है। उन्होंने 156 गेंद में छह चौकों की मदद से 100 रन पूरे किए। उनकी शानदार शतकीय पारी के चलते बांग्लादेश की टीम अच्छा स्कोर बनाने में सफल रही है। 49 ओवर के बाद बांग्लादेश का स्कोर तीन विकेट पर 217 रन है।

12:11 PM, 22-Jul-2023

IND W vs BAN W Live: बांग्लादेश का स्कोर 200 रन के पार

तीन विकेट के नुकसान पर बांग्लादेश का स्कोर 200 रन के पार जा चुका है। फरगना हक अपने शतक के करीब हैं। वहीं, शोभना उनका साथ दे रही हैं। 47 ओवर के बाद बांग्लादेश का स्कोर तीन विकेट पर 203 रन है।

11:48 AM, 22-Jul-2023

IND W vs BAN W Live: बांग्लादेश का तीसरा विकेट गिरा

169 रन के स्कोर पर बांग्लादेश का तीसरा विकेट गिर चुका है। ऋतु मोनी चार गेंद में दो रन बनाकर आउट हुईं। देविका वैद्य की गेंद पर हरमनप्रीत कौर ने उनका कैच पकड़ा। अब फरगना हक के साथ शोभना क्रीज पर हैं।

11:45 AM, 22-Jul-2023

IND W vs BAN W Live: बांग्लादेश का दूसरा विकेट गिरा

164 रन के स्कोर पर बांग्लादेश का दूसरा विकेट गिरा है। कप्तान निगर सुल्ताना 24 रन बनाकर आउट हो चुकी हैं। उन्होंने दूसरे विकेट के लिए फरगना हक के साथ 71 रन की साझेदारी की। स्नेह राणा ने उन्हें अमनजोत कौर के हाथों कैच कराया। अब फरगना हक के साथ ऋतु मोनी क्रीज पर हैं।

11:09 AM, 22-Jul-2023

INDW vs BANW Live Score: फरगना हक का अर्धशतक

फरगना हक ने 97 गेंद में अपना अर्धशतक पूरा कर लिया है। उन्होंने निगर सुल्ताना के साथ भी अच्छी साझेदारी की है और अपनी टीम को बेहतर स्थिति में ले गई हैं। 35 ओवर के बाद बांग्लादेश का स्कोर एक विकेट पर 141 रन है।

10:56 AM, 22-Jul-2023

INDW vs BANW Live Score: बांग्लादेश का स्कोर 100 रन के पार

एक विकेट के नुकसान पर बांग्लादेश का स्कोर 100 रन के पार जा चुका है। अनुभवी फरगना हक और कप्तान निगर सुल्ताना की जोड़ी क्रीज पर है। दोनों तेज गति से रन बना रही हैं। फरगना अपने अर्धशतक के करीब पहुंच चुकी हैं। 31 ओवर के बाद बांग्लादेश का स्कोर एक विकेट पर 116 रन है।

10:54 AM, 22-Jul-2023

INDW vs BANW Live Score: बांग्लादेश का पहला विकेट गिरा

93 रन के स्कोर पर बांग्लादेश का पहला विकेट गिरा है। शमीमा सुल्ताना अर्धशतक लगाकर आउट हो चुकी हैं। स्नेह राणा की गेंद पर हरमनप्रीत कौर ने उनका कैच पकड़ा। शमीमा ने 78 गेंद में 52 रन बनाए। अब फरगना हक के साथ कप्तान निगर सुल्ताना क्रीज पर हैं।

10:50 AM, 22-Jul-2023

INDW vs BANW Live Score: शमीमा का अर्धशतक

शमीमा सुल्ताना ने 76 गेंद में अपने 50 रन पूरे कर लिए हैं। उनकी शानदार पारी के चलते बांग्लादेश की टीम बेहतर स्थिति में पहुंच गई है। 26 ओवर के बाद बांग्लादेश का स्कोर बिना किसी विकेट के 91 रन है।

10:05 AM, 22-Jul-2023

INDW vs BANW Live Score: बांग्लादेश का स्कोर 50 रन के पार

बांग्लादेश ने बिना कोई विकेट खोए 50 रन का आंकड़ा पार कर लिया है। शमीमा सुल्ताना और फरगना हक की जोड़ी अच्छी लय में दिख रही है और दोनों संभलकर बल्लेबाजी कर रही हैं। ये दोनों अच्छी साझेदारी कर अपनी टीम को बड़े स्कोर तक ले जाना चाहती हैं। 16 ओवर के बाद बांग्लादेश का स्कोर 55/0 है।

09:46 AM, 22-Jul-2023

INDW vs BANW Live Score: बांग्लादेश ने पावरप्ले में 32 रन बनाए

इस मैच में बांग्लादेश की सलामी बल्लेबाजों ने सधी हुई शुरुआत की है। पावरप्ले में बांग्लादेश ने बिना कोई विकेट खोए 32 रन बनाए। बांग्लादेश की टीम भले ही विकेट बचाने में सफल रही हो, लेकिन धीमी रन गति आगे चलकर टीम पर भारी पड़ सकती है। 12 ओवर के बाद बांग्लादेश का स्कोर बिना किसी नुकसान के 36 रन है।

09:17 AM, 22-Jul-2023

INDW vs BANW Live Score: बांग्लादेश की धीमी शुरुआत

बांग्लादेश की टीम ने धीमी शुरुआत की है। भारतीय तेज गेंदबाज अमनजोत कौर और मेघना सिंह ने बांग्लादेश के बल्लेबाजों पर दबाव बनाकर रखा है। चार ओवर के बाद बांग्लादेश का स्कोर बिना किसी नुकसान के 11 रन है।

09:08 AM, 22-Jul-2023

INDW vs BANW Live Score: दोनों टीमों की प्लेइंग 11

भारत: स्मृति मंधाना, शेफाली वर्मा, यास्तिका भाटिया (विकेटकीपर), हरमनप्रीत कौर (कप्तान), जेमिमा रोड्रिग्स, हरलीन देओल, दीप्ति शर्मा, अमनजोत कौर, स्नेह राणा, देविका वैद्य, मेघना सिंह।

बांग्लादेश: शमीमा सुल्ताना, शोभना मोस्टोरी, फरगना हक, लता मंडल, रितु मोनी, निगार सुल्ताना (विकेटकीपर/कप्तान), राबेया खान, नाहिदा अख्तर, फाहिमा खातून, सुल्ताना खातून, मारुफा अख्तर।

09:06 AM, 22-Jul-2023

INDW vs BANW Live Score: बांग्लादेश ने टॉस जीता

बांग्लादेश ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया है। बांग्लादेश की टीम दो बदलाव के साथ मैदान में उतरी है। वहीं, भारतीय टीम में प्रिया पुनिया की जगह शेफाली वर्मा को मौका दिया गया है।

09:03 AM, 22-Jul-2023

INDW vs BANW Live Score: पहला मैच हार गई थी भारतीय टीम

बांग्लादेश के खिलाफ तीन मैच की टी20 सीरीज के शुरुआती दो मैच भारत ने जीते थे, लेकिन आखिरी मैच में उसे हार का सामना करना पड़ा था। हालांकि, टीम इंडिया यह सीरीज 2-1 से अपने नाम करने में सफल रही थी। इसके बाद वनडे सीरीज का पहला मैच भी भारतीय टीम हार गई थी। महिला वनडे क्रिकेट में यह बांग्लादेश के खिलाफ भारत की पहली हार थी। हालांकि, अगला मैच जीतकर टीम इंडिया ने सीरीज में 1-1 की बराबरी कर ली। अब भारत की कोशिश यह मैच जीतकर वनडे सीरीज भी 2-1 से अपने नाम करने की होगी।

08:58 AM, 22-Jul-2023

IND W vs BAN W: भारत-बांग्लादेश के बीच तीसरा वनडे टाई, सीरीज भी 1-1 से बराबरी पर छूटी, खराब अंपायरिंग पर विवाद

Women’s Cricket Live Score Today, IND W vs BAN W 2023: नमस्कार, अमर उजाला के लाइव ब्लॉग में आपका स्वागत है। भारत और बांग्लादेश की महिला क्रिकेट टीम के बीच तीन मैच की वनडे सीरीज का आखिरी मुकाबला ढाका में खेला जा रहा है। दोनों टीमें एक-एक मैच जीत चुकी हैं और यह मैच जीतने वाली टीम सीरीज अपने नाम करेगी। 

विज्ञापन
MORE
AU ऐप में पढ़ें