जेमिमा रोड्रिग्स ने मरुफा अख्तर को स्मृति मंधाना के हाथों कैच कराया और बांग्लादेश की पारी समाप्त की। मरुफा ने एक रन बनाया। इसके साथ ही भारत ने यह मैच 108 रन से जीत लिया। टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करते हुए भारत ने 228 रन बनाए। जेमिमा ने सबसे ज्यादा 86 रन का योगदान दिया। कप्तान हरमनप्रीत ने 52 रन बनाए। बांग्लादेश के लिए सुल्ताना और नाहिदा ने दो-दो विकेट लिए। इसके जवाब में बांग्लादेश की टीम 120 रन ही बना सकी। फरगना हक ने 47 और ऋतु मोनी ने 27 रन का योगदान दिया। इन दोनों के अलावा सिर्फ मुर्शिदा खातून (12 रन) ही दहाई का आंकड़ा छू सकीं।
229 रन का पीछा करते हुए बांग्लादेश ने एक समय तीन विकेट पर 106 रन बना लिए थे और मैच में बनी हुई थी। हालांकि, इसके बाद 14 रन बनाने में टीम के सात विकेट गिर गए और भारत ने बड़ी हासिल की। भारत के लिए सबसे ज्यादा चार विकेट जेमिमा रोड्रिग्स ने लिए। देविका वैद्य को तीन विकेट मिले।
इस मैच में जीत के साथ ही भारतीय टीम ने तीन मैच की सीरीज में 1-1 की बराबरी कर ली है और पिछले मैच में मिली शर्मनाक हार का बदला ले लिया है।
115 रन के स्कोर पर बांग्लादेश के नौ विकेट गिर चुके हैं। देविका वैद्य ने सुल्ताना को स्मृति मंधाना के हाथों कैच कराया। सुल्ताना अपना खाता भी नहीं खोल पाईं। अब भारत जीत से एक विकेट दूर है।
114 रन के स्कोर पर बांग्लादेश का आठवां विकेट गिरा है। निगर सुल्ताना सात गेंद में तीन रन बनाकर आउट हो चुकी हैं। जेमिमा ने उन्हें विकेटों के सामने फंसाया। इस मैच में यह जेमिमा का तीसरा विकेट है।
113 रन के स्कोर पर बांग्लादेश का सातवां विकेट गिर चुका है। जेमिमा रोड्रिग्स ने पहले बल्ले के साथ शानदार 86 रन बनाए थे और अब गेंद के साथ दूसरा विकेट लिया है। उन्होंने नाहिदा अक्तर को बोल्ड किया। नाहिदा ने दो रन बनाए। अब बांग्लादेश की हार लगभग तय हो चुकी है। निगर सुल्ताना और फाहिमा खातून क्रीज पर हैं।
107 रन पर बांग्लादेश का छठा विकेट गिरा है। राबिया खान तीन गेंद में एक रन बनाकर आउट हो चुकी हैं। देविका वैद्य की गेंद पर यास्तिका भाटिया ने उन्हें स्टंप आउट किया।
106 रन के स्कोर पर बांग्लादेश की आधी टीम पवेलियन लौट गई है। फरगना और ऋतु दो लगातार ओवर में आउट हो गईं। पहले देविका वैद्य ने फरगना हक को स्टंप आउट कराया। फरगना ने 81 गेंद में 47 रन बनाए। इसके अगले ओवर में हरमनप्रीत ने जेमिमा को गेंद सौंप दी और जेमिमा ने ऋतु को भी आउट कर दिया। उन्होंने 46 गेंद में 27 रन बनाए। अब बांग्लादेश की टीम मुश्किल में फंस चुकी है। कप्तान निगर सुल्ताना और राबिया खान क्रीज पर हैं। 30 ओवर के बाद बांग्लादेश का स्कोर पांच विकेट पर 107 रन है।
फरगना हक और ऋतु मोनी ने चौथे विकेट के लिए अर्धशतकीय साझेदारी कर मैच में बांग्लादेश की वापसी कराई है। हक अपने अर्धशतक के करीब पहुंच गई हैं और पाकिस्तान का स्कोर 100 रन के पार पहुंच गया है।
38 रन के स्कोर पर बांग्लादेश का तीसरा विकेट गिरा है। लता मोंडल 23 गेंद में नौ रन बनाकर आउट हुईं। स्नेह राणा ने उन्हें बोल्ड किया। अब फरगना हक के साथ ऋतु मोनी क्रीज पर हैं। 15 ओवर के बाद बांग्लादेश का स्कोर तीन विकेट पर 41 रन है।
229 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए बांग्लादेश की शुरुआत बेहद खराब रही है। 14 रन के स्कोर पर टीम की दोनों सलामी बल्लेबाज पवेलियन लौट चुकी हैं। मुर्शिदा खातून ने पहले ओवर में दो चौके लगाकर अपनी टीम को अच्छी शुरुआत दी थी, लेकिन दीप्ति शर्मा ने शर्मिन अख्तर को आउट कर दबाव बनाया। शर्मिन ने नौ गेंद में दो रन बनाए और दीप्ति ने उन्हें विकेटों के सामने फंसाया। इसके बाद अगले ही ओवर में मेघना सिंह ने मुर्शिदा को स्मृति मंधाना के हाथों कैच कराया। मुर्शिदा ने 19 गेंद में 12 रन बनाए। 10 ओवर के बाद बांग्लादेश का स्कोर दो विकेट पर 22 रन है। फरगना हक और लता मोंडल क्रीज पर हैं।
भारत ने पहले बल्लेबाजी करते हुए आठ विकेट पर 228 रन बनाए हैं। स्नेह राणा के रन आउट होने के साथ ही भारतीय पारी खत्म हुई। भारत के लिए सबसे ज्यादा 86 रन जेमिमा रोड्रिग्स ने बनाए। कप्तान हरमनप्रीत ने 52 रन की पारी खेली। स्मृति मंधाना ने 36 और हरलीन देओल ने 25 रन का योगदान दिया। बांग्लादेश के लिए सुल्ताना खातून और नाहिदा अख्तर ने दो-दो विकेट लिए। राबिया खान और मुरफा अख्तर को एक-एक विकेट मिला।
दीप्ति शर्मा अपना खाता खोले बिना आउट हो चुकी हैं। उन्होंने अपनी पहली गेंद पर बड़ा शॉट खेलने की कोशिश की और सुल्ताना की गेंद पर मुर्शिदा ने उनका कैच पकड़ा।
भारतीय पारी के आखिरी ओवर में कप्तान हरमनप्रीत भी आउट हो चुकी हैं। उन्होंने 88 गेंद में 52 रन बनाए। सुल्ताना खातून की गेंद पर राबिया खान ने उनका कैच पकड़ा। अब आखिरी चार गेंद खेलने के लिए अमनजोत कौर और दीप्ति शर्मा क्रीज पर हैं।
जेमिमा रोड्रिग्स 78 गेंद में 86 रन की शानदार पारी खेलकर आउट हो चुकी हैं। उन्होंने अपनी पारी में नौ चौके लगाए और बड़ा शॉट खेलने की कोशिश में स्टंप आउट हो गईं। नाहिदा अख्तर की गेंद पर निगर सुल्ताना ने उन्हें स्टंप आउट किया।
चोट के चलते 48 रन के निजी स्कोर पर वापस लौटने वाली भारतीय कप्तान हरमनप्रीत चौथा विकेट गिरने के बाद बल्लेबाजी के लिए आ गई हैं। उन्होंने अपना अर्धशतक भी पूरा कर लिया है और अंत के ओवरों में तेजी से रन बनाने की कोशिश करेंगी। 48 ओवर के बाद भारत का स्कोर चार विकेट पर 212 रन है। जेमिमा और हरमनप्रीत अर्धशतक लगाकर खेल रही हैं।
199 रन के स्कोर पर भारत का चौथा विकेट गिरा है। हरलीन देओल 36 गेंद में 25 रन बनाकर आउट हो चुकी हैं। नाहिता अख्तर की गेंद पर कप्तान निगर सुल्ताना ने उन्हें विकेट के पीछे लपका। अब जेमिमा के साथ कप्तान हरमनप्रीत क्रीज पर हैं। हरमन चोट के चलते वापस लौट गई थीं और अब वह वापस बल्लेबाजी के लिए आई हैं।
जोमिमा रोड्रिग्स ने 56 गेंद में अपना अर्धशतक पूरा कर लिया है। उनकी शानदार पारी के चलते भारत का स्कोर तीन विकेट पर 200 रन के करीब पहुंच गया है। जेमिमा के साथ हरलीन देओल क्रीज पर हैं। दोनों अंत के ओवरों में तेजी से रन बनाकर भारत का स्कोर 200 रन के पार ले जाने की कोशिश करेंगी।
भारतीय कप्तान हरमनप्रीत कौर 80 गेंद में 48 रन बनाने के बाद वापस पवेलियन लौट गई हैं। इसी मैच में रन भागने के दौरान उन्होंने डाइव लगाई थी और उनका बल्ला जमीन में फंस गया था। इस वजह से वह चोटिल हो गईं। हालांकि, इसके बाद भी वह बल्लेबाजी करती रहीं। कुछ समय बाद उन्होंने वापस जाने का फैसला किया। हालांकि, जेमिमा के साथ उन्होंने बेहतरीन साझेदारी की और टीम को बेहतर स्थिति में पहुंचा दिया है। फिलहाल जेमिमा और हरलीन देओल क्रीज पर हैं। 39 ओवर के बाद भारत का स्कोर तीन विकेट पर 153 रन है।
तीन विकेट के नुकसान पर भारत का स्कोर 100 रन के पार जा चुका है। कप्तान हरमनप्रीत कौर और जेमिमा रोड्रिग्स के बीच अच्छी साझेदारी हो चुकी है। दोनों बल्लेबाज सूझ-बूझ के साथ खेल रही हैं और टीम इंडिया को अच्छे स्कोर की तरफ ले जा रही हैं। 29 ओवर के बाद भारत का स्कोर तीन विकेट पर 107 रन है।
बांग्लादेश के स्पिन गेंदबाजों ने शानदार प्रदर्शन किया है और भारतीय टीम पर दबाव बनाकर रखा है। इसी दबाव के चलते 68 रन के स्कोर पर भारत का तीसरा विकेट गिर चुका है। स्मृति मंधाना 58 गेंद में 36 रन बनाकर आउट हो चुकी हैं। राबिया खान ने उन्हें क्लीन बोल्ड किया। अब कप्तान हरमनप्रीत कौर के साथ जेमिमा रोड्रिग्स क्रीज पर हैं।
40 रन के स्कोर पर भारतीय टीम का दूसरा विकेट गिरा है। यास्तिका भाटिया 23 गेंद में 15 रन बनाकर रन आउट हो चुकी हैं। मुरफा की गेंद को मंधाना ने सीधे बल्ले से खेला था और गेंद मुरफा के हाथ में लगकर सीधे स्टंप्स में जा लगी। यास्तिका क्रीज से बाहर थीं और उन्हें पवेलियन लौटना पड़ा। अब स्मृति मंधाना के साथ कप्तान हरमनप्रीत कौर क्रीज पर हैं। 13 ओवर के बाद भारत का स्कोर दो विकेट पर 49 रन है।
टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी भारतीय टीम की शुरुआत खराब रही है। 17 रन के स्कोर पर टीम का पहला विकेट गिरा है। प्रिया पुनिया 13 गेंद में सात रन बनाकर आउट हुईं। मुरफा अख्तर ने उन्हें क्लीन बोल्ड किया। अब स्मृति मंधाना के साथ यास्टिका भाटिया क्रीज पर हैं। 10 ओवर का खेल होने के बाद भारत का स्कोर एक विकेट पर 40 रन है।
बांग्लादेश: मुर्शिदा खातून, शर्मिन अख्तर, फरगना हक, निगर सुल्ताना (विकेटकीपर/कप्तान), रितु मोनी, राबेया खान, लता मोंडल, नाहिदा अख्तर, फाहिमा खातून, सुल्ताना खातून, मारुफा अख्तर।
भारत: प्रिया पुनिया, स्मृति मंधाना, यास्तिका भाटिया (विकेटकीपर), हरमनप्रीत कौर (कप्तान), जेमिमा रोड्रिग्स, हरलीन देओल, अमनजोत कौर, दीप्ति शर्मा, स्नेह राणा, देविका वैद्य, मेघना सिंह।
बांग्लादेश की कप्तान निगर सुल्ताना ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया है। इस मैच में बांग्लादेश की टीम एक बदलाव के साथ मैदान पर उतरी है। वहीं, भारतीय टीम में दो बदलाव किए गए हैं।
बांग्लादेश की टीम ने पिछले मैच में शानदार प्रदर्शन करते हुए डकवर्थ लुईस नियम के तहत भारत को 40 रन से हरा दिया था। यह वनडे क्रिकेट में भारत पर बांग्लादेश की पहली जीत थी। इस ऐतिहासिक जीत के बाद बांग्लादेश की टीम यह मैच भी जीतकर पहली बार भारत के खिलाफ वनडे सीरीज जीतने की कोशिश करेगी। वहीं, भारतीय टीम की कोशिश यह मैच जीतकर दमदार वापसी करने पर होगी।
नमस्कार, अमर उजाला के लाइव ब्लॉग में आपका स्वागत है। भारत और बांग्लादेश की महिला टीम के बीच तीन मैच की वनडे सीरीज का दूसरा मुकाबला ढाका के शेर ए बांग्ला स्टेडियम में खेला जा रहा है। बांग्लादेश की टीम यह मैच जीतकर पहली बार भारत के खिलाफ वनडे सीरीज जीतना चाहेगी। वहीं, टीम इंडिया पिछले मैच में शर्मनाक हार के बाद दमदार वापसी करना चाहेगी।