फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

IND W vs AUS W: ऑस्ट्रेलिया ने भारत को छह विकेट से हराया, टीम इंडिया के लिए मुश्किल हुआ सेमीफाइनल का रास्ता

Sat, 19 Mar 2022 02:14 PM IST
स्वप्निल शशांक स्पोर्ट्स डेस्क, अमर उजाला, ऑकलैंड

खास बातें

India Women vs Australia Women (IND W vs AUS W) ODI: आज 2022 महिला वनडे विश्व कप का 18वां मुकाबला भारत और ऑस्ट्रेलिया की टीमों के बीच खेला गया। यह मैच ऑकलैंड के ईडन पार्क में खेला गया। टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करते हुए भारत ने 50 ओवर में सात विकेट गंवाकर 277 रन बनाए। जवाब में ऑस्ट्रेलिया ने चार विकेट गंवाकर लक्ष्य हासिल कर लिया।
विज्ञापन
भारत बनाम ऑस्ट्रेलिया लाइव स्कोर - फोटो : सोशल मीडिया
विज्ञापन

लाइव अपडेट

02:11 PM, 19-Mar-2022

ऑस्ट्रेलिया ने भारत को छह विकेट से हराया

महिला वनडे विश्व कप के 18वें मैच में ऑस्ट्रेलिया ने भारत को छह विकेट से हरा दिया है। ऑकलैंड के ईडन पार्क में खेले गए मुकाबले में टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करते हुए भारतीय टीम ने 50 ओवर में सात विकेट गंवाकर 277 रन बनाए। भारत की ओर से यास्तिका भाटिया ने 59 रन, कप्तान मिताली राज ने 68 रन की पारी खेली। वहीं, उपकप्तान हरमनप्रीत कौर 47 गेंदों पर 57 रन बनाकर नाबाद रहीं। पूजा वस्त्राकर ने भी 28 गेंदों पर 34 रन की पारी खेली।

जवाब में ऑस्ट्रेलियाई टीम ने 49.3 ओवर में चार विकेट गंवाकर लक्ष्य हासिल कर लिया। ऑस्ट्रेलियाई कप्तान मेग लैनिंग ने 107 गेंदों पर 97 रन की बेहतरीन पारी खेली। लैनिंग के अलावा एलिसा हीली ने 65 गेंदों पर 72 रन, रेचेल हेन्स ने 43 रन और एलिस पेरी ने 28 रन की पारी खेली। बेथ मूनी 30 रन बनाकर नाबाद रहीं।

इस जीत के साथ ऑस्ट्रेलियाई टीम सेमीफाइनल के लिए क्वालिफाई करने वाली पहली टीम बनी। ऑस्ट्रेलियाई ने अब तक इस टूर्नामेंट में पांच में से पांच मैच जीते हैं। टीम के 10 अंक हैं और वह प्वाइंट्स टेबल में टॉप पर है। वहीं, भारतीय टीम की यह लगातार दूसरी और इस टूर्नामेंट में ओवरऑल तीसरी हार थी। 

भारत के अब पांच मैचो में दो जीत और तीन हार के साथ चार अंक हैं। टीम चौथे स्थान पर बनी हुई है। भारतीय टीम को सेमीफाइनल में जगह बनाने के लिए अपने अगले दोनों बाकी बचे मैच हर हाल में जीतने होंगे। टीम इंडिया का अगला मैच 22 मार्च को बांग्लादेश के खिलाफ खेलना है। वहीं, 27 मार्च को टीम दक्षिण अफ्रीका से भिड़ेगी।

02:06 PM, 19-Mar-2022

IND vs AUS Live: ऑस्ट्रेलिया को चौथा झटका

49वें ओवर में ऑस्ट्रेलियाई टीम को चौथा झटका लगा। कप्नान मेग लैनिंग शतक से चूक गईं। वे 107 गेंदों पर 97 रन बनाकर आउट हुईं। ऑस्ट्रेलिया को एक ओवर में आठ रन की जरूरत है।

01:47 PM, 19-Mar-2022

IND vs AUS Live Score: ऑस्ट्रेलिया को 37 रन की जरूरत

44 ओवर के बाद ऑस्ट्रेलिया ने तीन विकेट गंवाकर 241 रन बना लिए हैं। फिलहाल मेग लैनिंग 85 रन और बेथ मूनी तीन रन बनाकर बल्लेबाजी कर रही हैं। टीम को 36 गेंदों पर 37 रन की जरूरत है।

विज्ञापन
01:41 PM, 19-Mar-2022

IND vs AUS Live Score: एलिस पेरी पवेलियन लौटीं

बारिश रुकने के बाद मैच दोबारा शुरू हो चुका है। बारिश की वजह से ब्रेक के बाद पहले और ऑस्ट्रेलियाई पारी के 42वें ओवर में एलिस पेरी आउट हो गईं। उन्हें पूजा वस्त्राकर ने मिताली राज के हाथों कैच कराया। पेरी 51 गेंदों पर 28 रन बनाकर आउट हुईं। पेरी और मेग लैनिंग के बीच तीसरे विकेट के लिए 123 गेंदों पर 103 रन की साझेदारी हुई। 42 ओवर के बाद ऑस्ट्रेलिया ने तीन विकेट गंवाकर 232 रन बना लिए हैं। फिलहाल मेग लैनिंग 78 रन और बेथ मूनी एक रन बनाकर बल्लेबाजी कर रही हैं।

01:19 PM, 19-Mar-2022

IND vs AUS Live Score: बारिश की वजह से खेल रुका

41 ओवर के बाद ऑस्ट्रेलिया ने दो विकेट गंवाकर 225 रन बना लिए हैं। बारिश की वजह से खेल को रोक दिया गया है। ऑस्ट्रेलियाई टीम को फिलहाल 54 गेंदों पर 53 रन की जरूरत है। एलिस पेरी 48 गेंदों पर 28 रन और कप्तान मेग लैनिंग 81 गेंदों पर 73 रन बनाकर बल्लेबाजी कर रही हैं।

अगर बारिश नहीं रुकती है तो डकवर्थ लुईस नियम का इस्तेमाल किया जाएगा। इस नियम का अगर इस्तेमाल हुआ तो ऑस्ट्रेलिया का मैच जीत सकता है। ऐसा इसलिए क्योंकि डकवर्थ लुईस नियम के तहत ऑस्ट्रेलिया 28 रन आगे है। इस वक्त का डीएलएस पारी स्कोर 197 रन था। ऑस्ट्रेलिया इससे काफी आगे है।
 

विज्ञापन
01:12 PM, 19-Mar-2022

IND vs AUS Live Score: ऑस्ट्रेलिया को 54 रन की जरूरत

40 ओवर के बाद ऑस्ट्रेलिया ने दो विकेट गंवाकर 224 रन बना लिए हैं। फिलहाल कप्तान मेग लैनिंग 78 गेंदों पर 73 रन और एलिस पेरी 45 गेंदों पर 27 रन बनाकर बल्लेबाजी कर रही हैं। दोनों के बीच तीसरे विकेट के लिए शतकीय साझेदारी हो चुकी है। भारतीय गेंदबाज विकेट के लिए तरस गए हैं। अब ऑस्ट्रेलियाई टीम को 54 रन की जरूरत है। 

12:46 PM, 19-Mar-2022

IND vs AUS Live: ऑस्ट्रेलियाई कप्तान लैनिंग का अर्धशतक

ऑस्ट्रेलियाई कप्तान मेग लैनिंग ने वनडे करियर का 19वां अर्धशतक लगाया। 34 ओवर के बाद ऑस्ट्रेलिया ने दो विकेट गंवाकर 191 रन बना लिए हैं। फिलहाल लैनिंग 54 रन और एलिस पेरी 14 रन बनाकर बल्लेबाजी कर रही हैं। दोनों के बीच तीसरे विकेट के लिए 68 रन की साझेदारी हो चुकी है। ऑस्ट्रेलिया को अब 87 रन की दरकार है।
 

12:22 PM, 19-Mar-2022

IND vs AUS Live: ऑस्ट्रेलिया का स्कोर 156/2

28 ओवर के बाद ऑस्ट्रेलिया ने दो विकेट गंवाकर 156 रन बना लिए हैं। फिलहाल कप्तान मेग लैनिंग 36 गेंदों पर 28 रन और एलिस पेरी 15 गेंदों पर छह रन बनाकर बल्लेबाजी कर रही हैं। 

12:20 PM, 19-Mar-2022

IND vs AUS Live Score: ऑस्ट्रेलिया को दूसरा झटका

123 के स्कोर पर ऑस्ट्रेलिया को दूसरा झटका लगा। पूजा वस्त्राकर ने रेचेल हेन्स को ऋचा घोष के हाथों कैच कराया। हेन्स अर्धशतक से चूक गईं और 52 गेंदों पर 43 रन बनाकर आउट हुईं। फिलहाल कप्तान मेग लैनिंग दो रन और एलिस पेरी शून्य पर क्रीज पर हैं।

11:53 AM, 19-Mar-2022

IND vs AUS Live Score: ऑस्ट्रेलिया को पहला झटका

20वें ओवर में 121 के स्कोर पर ऑस्ट्रेलिया को पहला झटका लगा। स्नेह राणा ने शानदार बल्लेबाजी कर रहीं एलिसा हीली को मिताली राज के हाथों कैच कराया। हीली 65 गेंदों पर 72 रन बनाकर आउट हुईं। 20 ओवर के बाद ऑस्ट्रेलिया ने एक विकेट गंवाकर 122 रन बना लिए हैं। फिलहाल मेग लैनिंग एक रन और रेचेल हेन्स 43 रन बनाकर बल्लेबाजी कर रही हैं।

11:39 AM, 19-Mar-2022

IND vs AUS Live Score: ऑस्ट्रेलिया की बेहतरीन शुरुआत

17 ओवर के बाद ऑस्ट्रेलिया ने बिना विकेट गंवाए 111 रन बना लिए हैं। फिलहाल एलिसा हीली 57 गेंदों पर 66 रन और रेचेल हेन्स 45 गेंदों पर 39 रन बनाकर बल्लेबाजी कर रही हैं। ऑस्ट्रेलिया को जीत के लिए अब भी 167 रन की जरूरत है। भारतीय गेंदबाज विकेट के लिए तरस गए हैं।

11:24 AM, 19-Mar-2022

IND vs AUS Live Score: एलिसा हीली का अर्धशतक

15 ओवर के बाद ऑस्ट्रेलिया ने बिना कोई विकेट गंवाए 88 रन बना लिए हैं। एलिसा हीली ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए वनडे करियर का 15वां अर्धशतक जड़ा। यह वनडे विश्व कप में उनका दूसरा अर्धशतक रहा। वहीं, रेचेल हेन्स 34 रन बनाकर बल्लेबाजी कर रही हैं। भारतीय गेंदबाज विकेट को तरस गए हैं। 

11:03 AM, 19-Mar-2022

IND vs AUS Live: 10 ओवर के बाद ऑस्ट्रेलिया 67/0

10 ओवर के बाद ऑस्ट्रेलिया ने बिना विकेट गंवाए 67 रन बना लिए हैं। रेचेल हेन्स 25 रन और एलिसा हीली 42 रन बनाकर क्रीज पर हैं। भारतीय गेंदबाज विकेट के लिए तरस गए हैं। भारत को यह मैच जीतना है तो ओपनिंग साझेदारी तोड़नी होगी।

10:51 AM, 19-Mar-2022

IND vs AUS Live Score: हीली-रेचेल के बीच पचास रन की साझेदारी

सात ओवर के बाद ऑस्ट्रेलिया ने बिना कोई विकेट गंवाए 50 रन बना लिए हैं। फिलहाल रेचेल हेन्स 14 रन और एलिसा हीली 36 रन बनाकर क्रीज पर हैं। भारतीय टीम को पहले सात ओवर में विकेट के लिए जूझना पड़ा है। 

10:41 AM, 19-Mar-2022

IND vs AUS Live Score: ऑस्ट्रेलिया की सधी शुरुआत

ऑस्ट्रेलियाई टीम ने पांच ओवर के बाद बिना विकेट गंवाए 38 रन बना लिए हैं। फिलहाल एलिसा हीली 29 रन और रेचेल हेन्स नौ रन बनाकर बल्लेबाजी कर रही हैं। ऑस्ट्रेलिया को अब भी 240 रन की जरूरत है।

10:29 AM, 19-Mar-2022

IND vs AUS Live Score: ऑस्ट्रेलियाई ओपनर्स मैदान पर

दो ओवर के बाद ऑस्ट्रेलिया ने बिना कोई विकेट गंवाए 15 रन बना लिए हैं। फिलहाल एलिसा हीली 12 रन और रेचेल हेन्स तीन रन बनाकर क्रीज पर हैं। भारत ने ऑस्ट्रेलिया के सामने 278 रन का लक्ष्य रखा है। 

09:51 AM, 19-Mar-2022

IND vs AUS Live: भारत ने ऑस्ट्रेलिया को 278 रन का लक्ष्य दिया

भारत ने ऑस्ट्रेलिया के सामने 278 रन का लक्ष्य रखा है। ऑस्ट्रेलिया जैसी मजबूत टीम के खिलाफ टीम इंडिया की ओर से आज कई बेहतरीन पारियां देखने को मिली। 28 रन तक भारत ने दो विकेट गंवा दिए थे। स्मृति मंधाना 10 रन और शेफाली वर्मा 12 रन बनाकर आउट हुईं। इसके बाद कप्तान मिताली राज ने यास्तिका भाटिया के साथ मिलकर पारी संभाली। दोनों के बीच तीसरे विकेट के लिए 154 गेंदों पर 130 रन की साझेदारी हुई। इस दौरान मिताली ने वनडे करियर का 63वां और यास्तिका ने करियर का दूसरा अर्धशतक लगाया।

मिताली राज और यास्तिका भाटिया

अर्धशतक लगाने के बाद यास्तिका ज्यादा देर तक मैदान पर नहीं टिक सकीं। वह 83 गेंदों पर 59 रन बनाकर आउट हुईं। वहीं, कप्तान मिताली 96 गेंदों पर 68 रन बनाकर पवेलियन लौटीं। मिताली और हरमनप्रीत के बीच भी 28 रन की साझेदारी हुई। ऋचा घोष (8) और स्नेह राणा (0) कुछ खास नहीं कर सकीं। इसके बाद उपकप्तान हरमनप्रीत ने पूजा वस्त्राकर के साथ मिलकर भारत को 250 रन के पार पहुंचाया। दोनों के बीच सातवें विकेट के लिए 46 गेंदों पर 64 रन की साझेदारी हुई।

इस बीच हरमनप्रीत ने वनडे करियर का 15वां अर्धशतक लगाया। वहीं, पूजा भारतीय पारी की आखिरी गेंद पर रन आउट हुईं। उन्होंने 28 गेंदों पर एक चौका और दो छक्के की मदद से 34 रनों की पारी खेली। वहीं, हरमनप्रीत 47 गेंदों पर 57 रन बनाकर नाबाद रहीं। अपनी पारी में उन्होंने छह चौके लगाए। ऑस्ट्रेलिया की ओर से डार्सी ब्राउन ने तीन और एलेना किंग ने दो विकेट झटके। वहीं, जेस जोनासन को एक विकेट मिला।

09:44 AM, 19-Mar-2022

IND vs AUS Live Score: हरमनप्रीत कौर का अर्धशतक

भारत ने 48 ओवर के बाद छह विकेट गंवाकर 257 रन बना लिए हैं। आज मैच में कप्तान मिताली राज ने बेहतरीन अर्धशतक जड़ा था। अब उपकप्तान हरमनप्रीत कौर ने भी बहुमूल्य फिफ्टी बनाई है। हरमनप्रीत के वनडे करियर का यह 15वां अर्धशतक रहा। वह 42 गेंदों पर 50 रन बनाकर बल्लेबाजी कर रही हैं। वहीं, पूजा वस्त्राकर 21 गेंदों पर 22 रन बना चुकी हैं। 

09:37 AM, 19-Mar-2022

IND vs AUS Live Score: 46 ओवर के बाद भारत 242/6

46 ओवर के बाद भारत ने छह विकेट गंवाकर 242 रन बना लिए हैं। फिलहाल हरमनप्रीत कौर 41 रन और पूजा वस्त्राकर 17 रन बनाकर क्रीज पर हैं। दोनों के बीच 30 प्लस रन की साझेदारी हो चुकी है। एलेना किंग के 46वें ओवर में हरमनप्रीत और पूजा ने 17 रन बटोरे। इसमें दो चौके और एक छक्का भी शामिल है।

09:24 AM, 19-Mar-2022

IND vs AUS Live Score: भारत को छठा झटका

भारत को 213 रन के स्कोर पर छठा झटका लगा। स्नेह राणा को जेस जोनासन ने क्लीन बोल्ड किया। स्नेह शून्य पर आउट हुईं। फिलहाल हरमनप्रीत कौर 31 रन और पूजा वस्त्राकर एक रन बनाकर क्रीज पर हैं 43 ओवर के बाद भारत का स्कोर छह विकेट पर 215 रन है।

09:19 AM, 19-Mar-2022

IND vs AUS: भारत को पांचवां झटका

42वें ओवर में भारत को पांचवां झटका लगा। ऋचा घोष 14 गेंदों पर आठ रन बनाकर आउट हुईं। उन्हें एलेना किंग ने स्टंप आउट कराया। फिलहाल हरमनप्रीत कौर 30 रन और स्नेह राणा शून्य पर क्रीज पर हैं। 42 ओवर के बाद भारत का स्कोर पांच विकेट पर 213 रन है। घोष इस टूर्नामेंट में कुछ खास नहीं कर सकी हैं।

09:09 AM, 19-Mar-2022

IND vs AUS Live: भारत का स्कोर 200 रन के पार

40 ओवर के बाद भारत ने चार विकेट गंवाकर 200 रन बना लिए हैं। फिलहाल उपकप्तान हरमनप्रीत कौर 21 रन और ऋचा घोष पांच रन बनाकर बल्लेबाजी कर रही हैं। 28 रन पर दो विकेट गिरने के बाद मिताली राज और यास्तिका भाटिया ने पारी संभाली और भारत को 150 रन के पार पहुंचाया। मिताली 68 रन और यास्तिका 59 रन बनाकर आउट हुईं।

09:02 AM, 19-Mar-2022

IND vs AUS Live Score: भारत को चौथा झटका

38वें ओवर में 186 रन के स्कोर पर भारत को चौथा झटका लगा। मिताली राज कप्तानी पारी खेलकर आउट हुईं। उन्हें एलेना किंग ने एलिस पेरी के हाथों कैच कराया। मिताली 96 गेंदों पर 68 रन बनाकर आउट हुईं। अपनी पारी में मिताली ने चार चौके और एक छक्का लगाया। 38 ओवर के बाद भारत ने चार विकेट गंवाकर 192 रन बना लिए हैं। फिलहाल हरमनप्रीत कौर 17 रन और ऋचा घोष एक रन बनाकर क्रीज पर हैं। 

08:49 AM, 19-Mar-2022

IND vs AUS Live: 35 ओवर के बाद भारत का स्कोर 176/3

35 ओवर का खेल खत्म होने के बाद भारत ने तीन विकेट के नुकसान पर 176 रन बना लिए हैं। कप्तान मिताली 65 रन बनाकर खेल रही हैं और उपकप्तान हरमनप्रीत कौर भी उनका साथ निभाने आ चुकी हैं। ऑस्ट्रेलिया के लिए तीनों विकेट डार्सी ब्रॉउन ने लिए हैं, उनके अलावा कोई भी कंगारू गेंदबाज इस मैच में विकेट नहीं हासिल कर पाया है। 

08:32 AM, 19-Mar-2022

IND vs AUS Live: भारत को तीसरा झटका

भारत को 158 रन पर तीसरा झटका लगा। यास्तिका भाटिया 59 रन बनाकर आउट हुईं। उन्हें डार्सी ब्राउन ने पवेलियन भेजा। यास्तिका के वनडे करियर का ये दूसरा अर्धशतक रहा। उन्होंने तीसरे विकेट के लिए कप्तान मिताली के साथ 130 रन की साझेदारी निभाई। 32 ओवर के बाद भारत ने तीन विकेट गवांकर 162 रन बना लिए हैं। फिलहाल उपकप्तान हरमनप्रीत कौर शून्य और कप्तान मिताली 56 रन बनाकर बल्लेबाजी कर रही हैं। 

डार्सी ब्राउन ने तीन विकेट झटके हैं

08:26 AM, 19-Mar-2022

IND vs AUS Live: मिताली राज का 63वां अर्धशतक

30 ओवर के बाद भारत ने दो विकेट गंवाकर 144 रन बना लिए हैं। मिताली राज ने ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ बड़े मैच में कप्तानी पारी खेली। उन्होंने वनडे करियर का 63वां अर्धशतक लगाया। वहीं, महिला वनडे विश्व कप में यह उनका 12वां अर्धशतक रहा। इस टूर्नामेंट में सबसे ज्यादा फिफ्टी के मामले में वह टॉप पर पहुंच गई हैं।
 

08:16 AM, 19-Mar-2022

IND vs AUS Live: मिताली-यास्तिका के बीच शतकीय साझेदारी

28 ओवर के बाद भारत ने दो विकेट गंवाकर 135 रन बना लिए हैं। दो विकेट जल्दी गिरने के बाद कप्तान मिताली राज और यास्तिका भाटिया ने पारी संभाली और अब तक तीसरे विकेट के लिए 100 प्लस रन की साझेदारी कर चुके हैं। फिलहाल यास्तिका भाटिया 43 रन और मिताली राज 47 रन बनाकर बल्लेबाजी कर रही हैं। 

मिताली राज और यास्तिका भाटिया
मिताली राज और यास्तिका भाटिया

08:10 AM, 19-Mar-2022

IND vs AUS Live Score: मिताली-यास्तिका की जबरदस्त बल्लेबाजी

26 ओवर के बाद भारत ने दो विकेट गंवाकर 123 रन बना लिए हैं। फिलहाल यास्तिका भाटिया 39 रन और मिताली राज 39 रन बनाकर बल्लेबाजी कर रही हैं। दोनों के बीच अब तक तीसरे विकेट के लिए 90 प्लस रन की साझेदारी हो चुकी है।
 

07:55 AM, 19-Mar-2022

IND vs AUS Live: भारत का स्कोर 100 रन के पार

22 ओवर के बाद भारत ने दो विकेट गंवाकर 101 रन बना लिए हैं। फिलहाल यास्तिका भाटिया 29 रन और मिताली राज 30 रन बनाकर बल्लेबाजी कर रही हैं। दोनों के बीच अब तक तीसरे विकेट के लिए 70 प्लस रन की साझेदारी हो चुकी है।

07:44 AM, 19-Mar-2022

IND vs AUS Live Score: मिताली-यास्तिका के बीच 50 प्लस रन की साझेदारी

18 ओवर के बाद भारत ने दो विकेट गंवाकर 83 रन बना लिए हैं। फिलहाल यास्तिका भाटिया 25 रन और मिताली राज 18 रन बनाकर बल्लेबाजी कर रही हैं। दोनों के बीच अब तक तीसरे विकेट के लिए 50 प्लस रन की साझेदारी हो चुकी है।

07:35 AM, 19-Mar-2022

IND vs AUS Live Score: मिताल-यास्तिका ने संभाली पारी

16 ओवर के बाद भारत ने दो विकेट गंवाकर 75 रन बना लिए हैं। फिलहाल यास्तिका भाटिया 22 रन और मिताली राज 18 रन बनाकर बल्लेबाजी कर रही हैं। दोनों के बीच अब तक तीसरे विकेट के लिए 40 प्लस रन की साझेदारी हो चुकी है।

07:27 AM, 19-Mar-2022

IND vs AUS Live: 12 ओवर के बाद भारत 60/2

12 ओवर के बाद भारत ने दो विकेट गंवाकर 60 रन बना लिए हैं। फिलहाल यास्तिका भाटिया 20 रन और कप्तान मिताली राज पांच रन बनाकर क्रीज पर हैं। 12वां ओवर एलिस पेरी डालने आईं। इस ओवर में 16 रन पड़े, जिसमें छह वाइड शामिल है। 

07:15 AM, 19-Mar-2022

IND vs AUS Live: 10 ओवर के बाद भारत 39/2

टीम इंडिया ने 10 ओवर में दो विकेट गंवाकर 39 रन बना लिए हैं। फिलहाल मिताली राज तीन रन और यास्तिका भाटिया 11 रन बनाकर क्रीज पर हैं। डार्सी ब्राउन ने दो विकेट झटके। उन्होंने स्मृति मंधाना और शेफाली वर्मा को पवेलियन भेजा। 

06:58 AM, 19-Mar-2022

IND vs AUS Live Score: भारत को दूसरा झटका, दोनों ओपनर्स पवेलियन लौटे

छठे ओवर में 28 के स्कोर पर भारत को दूसरा झटका लगा। डार्सी ब्राउन ने स्मृति मंधाना के बाद शेफाली वर्मा को भी पवेलियन भेजा। शेफाली 16 गेंदों पर 12 रन बनाकर आउट हुईं। उन्हें डार्सी ने बेथ मूनी के हाथों कैच कराया। छह ओवर के बाद टीम इंडिया का स्कोर दो विकेट पर 28 रन है। फिलहाल मिताली राज शून्य और यास्तिका भाटिया चार रन बनाकर क्रीज पर हैं।

06:46 AM, 19-Mar-2022

IND vs AUS Live: भारत को पहला झटका

चौथे ओवर में 11 रन के कुल स्कोर पर भारतीय टीम को पहला झटका लगा। डार्सी ब्राउन ने स्मृति मंधाना को मेग लैनिंग के हाथों कैच कराया। मंधाना 11 गेंदों पर 10 रन बना सकीं। फिलहाल यास्तिक भाटिया दो रन और शेफाली वर्मा एक रन बनाकर क्रीज पर हैं। चार ओवर के बाद भारत ने एक विकेट गंवाकर 15 रन बना लिए हैं। 

IND W vs AUS W ODI Live Score: India vs Australia Women World Cup 2022 Match Today in Eden Park Auckland, New Zealand Latest Updates in Hindi

06:30 AM, 19-Mar-2022

IND vs AUS Live: भारतीय ओपनर्स मैदान पर

भारतीय ओपनर्स स्मृति मंधाना और शेफाली वर्मा मैदान पर पहुंंच चुकी हैं। ऑस्ट्रेलिया की ओर से मेगन शट पहले ओवर में गेंदबाजी कर रही हैं। भारत ने एक ओवर के बाद बिना कोई विकेट गंवाए तीन रन बना लिए हैं। शेफाली शून्य और मंधाना तीन रन बनाकर क्रीज पर हैं।

06:26 AM, 19-Mar-2022

IND vs AUS Live: 2017 के प्रदर्शन को दोहराना चाहेगी टीम इंडिया

मिताली राज की ही कप्तानी में भारतीय टीम ने 2017 में बड़ा उलटफेर किया था। तब टीम इंडिया ने महिला वनडे विश्व कप के सेमीफाइनल में ऑस्ट्रेलिया को हराया था। इस बार भी टीम इंडिया ऐसा करना चाहेगी। इस टूर्नामेंट में ऑस्ट्रेलिया की टीम अब तक कोई मैच नहीं हारी है। भारत को अगर सेमीफाइनल की रेस में रहना है, तो ऑस्ट्रेलिया का विजय रथ रोकना होगा। 

06:17 AM, 19-Mar-2022

IND vs AUS Live: झूलन का 200वां वनडे मैच

भारत की दिग्गज तेज गेंदबाज झूलन गोस्वामी का यह 200वां वनडे मैच है। महिला क्रिकेट में 200 वनडे खेलने वाली वह दुनिया की दूसरी खिलाड़ी हैं। इससे पहले भारत की ही मिताली राज ने ऐसा किया है। मौजूदा टूर्नामेंट में झूलन अब तक कई रिकॉर्ड्स भी बना चुकी हैं। वह महिला वनडे क्रिकेट में 250 विकेट लेने वाली पहली खिलाड़ी भी हैं। इसके अलावा महिला वनडे विश्व कप टूर्नामेंट में झूलन के नाम ही सबसे ज्यादा विकेट चटकाने का रिकॉर्ड भी है।

06:11 AM, 19-Mar-2022

IND vs AUS Live: दोनों टीमें इस प्रकार हैं

भारत (प्लेइंग इलेवन): स्मृति मंधाना, शेफाली वर्मा, यास्तिका भाटिया, मिताली राज (कप्तान), हरमनप्रीत कौर, स्नेह राणा, ऋचा घोष (विकेटकीपर), पूजा वस्त्राकर, झूलन गोस्वामी, मेघना सिंह, राजेश्वरी गायकवाड़

ऑस्ट्रेलिया (प्लेइंग इलेवन): एलिसा हीली (विकेटकीपर), रेचल हेन्स, मेग लैनिंग (कप्तान), एलिस पेरी, बेथ मूनी, ताहलिया मैकग्रा, एश्ले गार्डनर, जेस जोनासन, एलेना किंग, मेगन शट, डार्सी ब्राउन

06:09 AM, 19-Mar-2022

IND vs AUS Live: ऑस्ट्रेलिया ने टॉस जीता, पहले गेंदबाजी का फैसला

ऑस्ट्रेलियाई टीम की कप्तान मेग लैनिंग ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला लिया है। लैनिंग ने टीम में एक बदलाव किया है। डार्सी ब्राउन को टीम में वापस लाया गया है, जबकि एनाबेल सदरलैंड को बेंच पर बिठाया गया है। वहीं, भारतीय कप्तान मिताली राज ने प्लेइंग-11 में एक बदलाव किया। आउट ऑफ फॉर्म दीप्ति शर्मा की जगह ओपनर शेफाली वर्मा की टीम में वापसी हुई है।

06:02 AM, 19-Mar-2022

IND vs AUS Live: दोनों टीमों का वनडे में रिकॉर्ड

भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच अब तक 49 वनडे मैच खेले गए हैं। इनमें से सिर्फ 10 में भारत ने जीत दर्ज की है। वहीं, 39 मैच ऑस्ट्रेलियाई टीम ने जीते हैं। ऐसे में भारतीय टीम अपने प्रदर्शन को सुधारना चाहेगी।

06:00 AM, 19-Mar-2022

IND vs AUS Live: विश्व कप में दोनों टीमों का रिकॉर्ड

महिला वनडे विश्व कप में टीम इंडिया का रिकॉर्ड ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ बेहद खराब रहा है। इस टूर्नामेंट में दोनों टीमों के बीच अब तक 12 मैच हुए हैं। इनमें से तीन मैच भारत ने जीते हैं, जबकि नौ मैच ऑस्ट्रेलिया के नाम रहे हैं।  

05:56 AM, 19-Mar-2022

IND vs AUS Live: प्वाइंट्स टेबल में टॉप पर ऑस्ट्रेलियाई टीम

पिछले मैच में इंग्लैंड के खिलाफ मिली हार के बाद भारत के लिए यह मुकाबला अहम  है। मिताली की टीम को सेमीफाइनल की रेस में बरकरार रहने के लिए हर हाल में ये मैच जीतना होगा। भारतीय टीम अब तक चार में से दो मुकाबले जीतकर और दो हारकर फिलहाल अंक तालिका में चार अंकों के साथ चौथे नंबर पर है। वहीं, ऑस्ट्रेलियाई टीम चार में से चार मुकाबले जीतकर आठ अंकों के साथ पहले नंबर पर है।

05:46 AM, 19-Mar-2022

IND W vs AUS W: ऑस्ट्रेलिया ने भारत को छह विकेट से हराया, टीम इंडिया के लिए मुश्किल हुआ सेमीफाइनल का रास्ता

नमस्कार! अमर उजाला के लाइव ब्लॉग में आपका स्वागत है। आज 2022 महिला वनडे विश्व कप का महामुकाबला भारत और ऑस्ट्रेलिया की टीमों के बीच खेला जाएगा। यह मैच ऑकलैंड के ईडन पार्क में है। भारतीय टीम इस मैच को जीतकर सेमीफाइनल के रेस में बने रहना चाहेगी। टॉस छह बजे है।

और पढ़ें...
विज्ञापन
MORE
AU ऐप में पढ़ें