फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

IND W vs AUS W Highlights: भारत ने ऑस्ट्रेलिया को हराकर फाइनल में जगह बनाई, जेमिमा का शानदार शतक

Thu, 30 Oct 2025 10:42 PM IST
शोभित चतुर्वेदी स्पोर्ट्स डेस्क, अमर उजाला, मुंबई

खास बातें

IND W vs AUS W ODI World Cup 2025 Semifinal: भारतीय महिला टीम ने ऑस्ट्रेलिया का विजयी रथ रोकते हुए महिला वनडे विश्व कप के फाइनल में जगह बना ली है। भारत के लिए जेमिमा रॉड्रिग्ज ने नाबाद शतकीय पारी खेली और टीम को खिताबी मैच में प्रवेश कराया। 
विज्ञापन
जेमिमा रॉड्रिग्ज - फोटो : PTI
विज्ञापन

लाइव अपडेट

10:42 PM, 30-Oct-2025

IND W vs AUS W Live Score: भारत फाइनल में पहुंचा

जेमिमा रॉड्रिग्ज और हरमनप्रीत कौर की शानदार साझेदारी के दम पर भारत आईसीसी महिला वनडे विश्व कप के फाइनल में पहुंच गया है। भारत ने सेमीफाइनल में ऑस्ट्रेलिया को पांच विकेट से हराया और खिताबी मुकाबले में प्रवेश करने में सफल रहीं। भारत ने जैसे ही जीत का चौका लगाया मैच में शानदार प्रदर्शन करने वाली जेमिमा रॉड्रिग्ज भावुक हो गईं। ऑस्ट्रेलिया की टीम इस टूर्नामेंट में अजेय बनी हुई थी, लेकिन भारतीय टीम ने एलीस हीली की टीम का विजयी अभियान रोक दिया। भारत का अब रविवार को फाइनल में दक्षिण अफ्रीका से सामना होगा जिसने एक अन्य सेमीफाइनल में इंग्लैंड को हराया था।

ऑस्ट्रेलिया ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 49.5 ओवर 338 रन बनाए थे। जवाब में भारत के लिए जेमिमा ने शतक लगाया और कप्तान हरमनप्रीत के साथ तीसरे विकेट के लिए 167 रनों की साझेदारी की जिससे भारत ने 48.3 ओवर में पांच विकेट पर 341 रन बनाकर मैच अपने नाम किया। भारतीय टीम तीसरी बार वनडे विश्व कप के फाइनल में पहुंची है। टीम इससे पहले 2005 और 2017 में भी खिताबी मैच में पहुंची थी। भारत ने अब तक कभी विश्व कप की ट्रॉफी नहीं जीती है और अब उसके पास खिताबी सूखा समाप्त करने का अच्छा मौका है।

भारत के लिए जेमिमा 134 गेंदों पर 14 चौकों की मदद से 127 रन बनाकर नाबाद रहीं, जबकि हरमनप्रीत ने 88 गेंदों पर 10 चौकों और दो छक्कों की मदद से 89 रन बनाए। ऑस्ट्रेलिया की ओर से किम गार्थ और एनाबल सदरलैंड को दो-दो विकेट मिले। 

10:40 PM, 30-Oct-2025

IND W vs AUS W Live Score: जीत के करीब भारत

भारतीय महिला टीम ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ सेमीफाइनल मैच में जीत के करीब पहुंच गई है। 48 ओवर की समाप्ति के बाद भारत का स्कोर पांच विकेट पर 331 रन है और उसे आठ रन और बनाने हैं।

10:30 PM, 30-Oct-2025

IND W vs AUS W Live Score: भारत को पांचवां झटका

भारत को ऋचा घोष के रूप में पांचवां झटका लगा है। ऋचा 16 गेंदों पर दो चौकों और दो छक्कों की मदद से 26 रन बनाकर आउट हो गई हैं। क्रीज पर अब जेमिमा और अमनजोत कौर मौजूद हैं।

विज्ञापन
10:25 PM, 30-Oct-2025

IND W vs AUS W Live Score: भारत का स्कोर 300 के पार

ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ लक्ष्य का पीछा करते हुए भारत का स्कोर 300 के पार पहुंच गया है। भारत के लिए जेमिमा शतक लगाकर क्रीज पर मौजूद हैं और उनका साथ ऋचा घोष निभा रही हैं।

10:12 PM, 30-Oct-2025

IND W vs AUS W Live Score: जेमिमा का शतक

जेमिमा रॉड्रिग्ज ने ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ सेमीफाइनल मुकाबले में 115 गेंदों पर शतक लगा दिया है। जेमिमा की दमदार पारी से भारत ने लक्ष्य का पीछा करते हुए 270 रन बना लिए हैं। 

विज्ञापन
10:07 PM, 30-Oct-2025

IND W vs AUS W Live Score: दीप्ति रन आउट

भारत को दीप्ति शर्मा के रूप में तीसरा झटका लगा है। दीप्ति तेजी से रन चुराने के चक्कर में रन आउट हो गई हैं। दीप्ति 17 गेंदों पर तीन चौकों की मदद से 24 रन बनाकर आउट हुईं। 

09:59 PM, 30-Oct-2025

IND W vs AUS W Live Score: भारत के 250 रन पूरे

ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ सेमीफाइनल मुकाबले में भारत ने 250 रन पूरे कर लिए हैं। जेमिमा शतक लगाने के करीब हैं और उनका साथ दीप्ति शर्मा निभा रही हैं। 

09:44 PM, 30-Oct-2025

IND W vs AUS W Live Score: हरमनप्रीत को तीसरी सफलता

एनाबल सदरलैंड ने कप्तान हरमनप्रीत कौर को आउट कर भारत को तीसरा झटका दिया है। हरमनप्रीत शतक लगाने के करीब थीं, लेकिन सदरलैंड की गेंद पर गार्डनर को कैच थमा बैठीं। हरमनप्रीत और जेमिमा के बीच तीसरे विकेट के लिए 167 रनों की साझेदारी हुई। भारत के लिए यह बहुत बड़ा झटका है, लेकिन दूसरे छोर पर जेमिमा टिकी हुई हैं। फिलहाल क्रीज पर जेमिमा और दीप्ति शर्मा मौजूद हैं। 

09:26 PM, 30-Oct-2025

IND W vs AUS W Live Score: भारत के 200 रन पूरे

भारतीय टीम के सेमीफाइनल में 200 रन पूरे हो गए हैं। भारत के लिए जेमिमा और हरमनप्रीत ने शानदार बल्लेबाजी की है और दोनों के बीच 130+ रनों की साझेदारी हो गई है। ये भारत के लिए किसी भी विकेट के लिए महिला विश्व कप के नॉकआउट में सबसे बड़ी साझेदारी है।

09:14 PM, 30-Oct-2025

IND W vs AUS W Live Score: हरमनप्रीत का पचासा

कप्तान हरमनप्रीत कौर ने ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ सेमीफाइनल मुकाबले में अर्धशतक लगा दिया है। हरमनप्रीत और जेमिमा के बीच शतकीय साझेदारी पूरी हो गई है। 

09:00 PM, 30-Oct-2025

IND W vs AUS W Live Score: भारत के 150 रन पूरे

ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ लक्ष्य का पीछा करते हुए भारत के 150 रन पूरे हो गए हैं। जेमिमा और हरमनप्रीत के बीच तीसरे विकेट के लिए शानदार साझेदारी हो रही है।

08:39 PM, 30-Oct-2025

IND W vs AUS W Live Score: जेमिमा का पचासा

जेमिमा रॉड्रिग्ज ने 57 गेंदों पर अर्धशतक पूरा कर लिया है। जेमिमा और हरमनप्रीत कौर के बीच शानदार साझेदारी पनप रही है और दोनों बल्लेबाज अब तक 60+ रनों की साझेदारी कर चुके हैं। भारत का स्कोर 120 रन के पार पहुंच गया है।

08:29 PM, 30-Oct-2025

IND W vs AUS W Live Score: भारत के 100 रन पूरे

ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ महिला विश्व कप के सेमीफाइनल में लक्ष्य का पीछा करते हुए भारत के 100 रन पूरे हो गए हैं। हरमनप्रीत और जेमिमा के बीच शानदार साझेदारी जारी है जिससे टीम ने 100 रनों का आंकड़ा पार कर लिया है।

08:17 PM, 30-Oct-2025

IND W vs AUS W Live Score: हरमनप्रीत-जेमिमा के बीच साझेदारी

दो झटके लगने के बाद कप्तान हरमनप्रीत कौर और जेमिमा रॉड्रिग्ज ने भारत की पारी को संभाले रखा है। दोनों बल्लेबाजों के बीच तीसरे विकेट के लिए अब तक 29 रनों की साझेदारी हुई है। भारत ने 15 ओवर की समाप्ति तक दो विकेट पर 88 रन बनाए हैं। उसे जीत के लिए अभी 35 ओवर में 251 रन और बनाने हैं। 

07:56 PM, 30-Oct-2025

IND W vs AUS W Live Score: मंधाना पवेलियन लौटीं

भारत को स्मृति मंधाना के रूप में बड़ा झटका लगा है। मंधाना को गार्थ ने हीली के हाथों कैच कराया। अंपायर ने मंधाना को नॉटआउट दिया था, लेकिन ऑस्ट्रेलिया ने डीआरएस लिया जिसमें दिखा कि गेंद का संपर्क मंधाना के बल्ले से हुआ है। मंधाना 24 गेंदों पर दो चौकों और एक छक्के की मदद से 24 रन बनाकर आउट हुईं। 

07:50 PM, 30-Oct-2025

IND W vs AUS W Live Score: भारत के 50 रन पूरे

ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ लक्ष्य का पीछा करते हुए भारत के 50 रन पूरे हो गए हैं। मंधाना और जेमिमा ने मोर्चा संभाले रखा है और दोनों के बीच साझेदारी पनप रही है।

07:22 PM, 30-Oct-2025

IND W vs AUS W Live Score: भारत को लगा पहला झटका

किम गार्थ ने शेफाली वर्मा को आउट कर भारत को पहला झटका दिया है। शेफाली पांच गेंदों पर दो चौकों की मदद से 10 रन बनाकर आउट हुईं। 

07:16 PM, 30-Oct-2025

IND W vs AUS W Live Score: भारत की पारी शुरू

ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ लक्ष्य का पीछा करते हुए भारत की पारी शुरू हो गई है। भारत के लिए शेफाली वर्मा और स्मृति मंधाना ने पारी का आगाज किया है। ऑस्ट्रेलिया ने भारत के सामने 339 रनों का लक्ष्य रखा है। 

06:46 PM, 30-Oct-2025

IND W vs AUS W Live Score: ऑस्ट्रेलिया की पारी समाप्त

ऑस्ट्रेलिया ने फोएबे लिचफील्ड के शतक और एलिस पैरी तथा एश्ले गार्डनर के अर्धशतकों की मदद से भारत के सामने 339 रनों का लक्ष्य रखा है। ऑस्ट्रेलिया ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला लिया और उसकी पूरी टीम 49.5 ओवर में 338 रन पर ऑलआउट हो गई। सेमीफाइनल मुकाबले में भारत के खिलाफ ऑस्ट्रेलिया के लिए लिचफील्ड ने शानदार बल्लेबाजी की और शतक लगाया। लिचफील्ड और पैरी के बीच दूसरे विकेट के लिए 155 रनों की साझेदारी हुई।

लिचफील्ड और पैरी जब तक क्रीज पर थे लग रहा था कि ऑस्ट्रेलिया का स्कोर 350 से अधिक जाएगा, लेकिन अमनजोत ने लिचफील्ड को आउट कर इस साझेदारी को तोड़ा। लिचफील्ड 119 रन बनाकर आउट हुईं। इसके बाद पैरी ने मोर्चा संभाला, लेकिन ऑस्ट्रेलिया को श्री चरणी ने बेथ मूनी (24) और एनाबेल सदरलैंड (3) के रूप में दो झटके दिए। इसके बाद राधा यादव ने पैरी की पारी का अंत किया जो 77 रन बनाकर आउट हुईं। 

ताहिला मैक्ग्रा इस मैच में कुछ खास नहीं कर सकीं और 12 रन बनाकर रन आउट हो गईं। लेकिन एश्ले गार्डनर ने अंत में तेज तर्रार पारी खेली जिससे ऑस्ट्रेलिया का स्कोर 300 के पार पहुंचा। गार्डनर 63 रन बनाकर रन आउट हो गईं। दीप्ति शर्मा ने फिर आखिरी ओवर में अलाना किंग (4) और सोफी मोलिन्यूक्स को खाता खोले बिना आउट किया। दीप्ति हैट्रिक पूरी नहीं कर सकीं, लेकिन किम गार्थ (17) रन आउट हो गईं जिससे ऑस्ट्रेलिया की टीम पूरे 50 ओवर नहीं खेल सकी। भारत के लिए श्री चरण और दीप्ति शर्मा को दो-दो विकेट मिले, जबकि अमनजोत कौर, क्रांति गौड़ और राधा यादव को एक-एक विकेट मिला।

06:38 PM, 30-Oct-2025

IND W vs AUS W Live Score: गार्डनर रन आउट

गार्डनर रन आउट होकर पवेलियन लौट गई हैं। ऑस्ट्रेलिया को इस तरह सातवां झटका लगा। गार्डनर तेजी से खेल रही थीं और अर्धशतक लगा चुकी थीं। लेकिन 45 गेंदों पर चार चौकों और चार छक्कों की मदद से 63 रन बनाकर आउट हुईं। 

06:28 PM, 30-Oct-2025

IND W vs AUS W Live Score: ऑस्ट्रेलिया के 300 रन पूरे

ऑस्ट्रेलिया ने महिला विश्व कप के सेमीफाइनल मुकाबले में 300 रनों का आंकड़ा पार कर लिया है। भारत को अब तक छह सफलता मिली है, लेकिन ऑस्ट्रेलिया की टीम 300 रनों का आंकड़ा पार करने में सफल रही है। 

06:11 PM, 30-Oct-2025

IND W vs AUS W Live Score: ऑस्ट्रेलिया को छठा झटका

ताहिला मैक्ग्रा रन आउट होकर पवेलियन लौट गई हैं और ऑस्ट्रेलिया को छठा झटका लगा है। भारतीय टीम ने ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ शानदार वापसी की है। ऑस्ट्रेलिया का स्कोर छह विकेट पर 265 रन पहुंच गया है।

06:08 PM, 30-Oct-2025

IND W vs AUS W Live Score: ऑस्ट्रेलिया का स्कोर 250 के पार

ऑस्ट्रेलिया का स्कोर 250 रन के पार पहुंच गया है। क्रीज पर मैक्ग्रा और गार्डनर मौजूद हैं। भारतीय गेंदबाजों ने वापसी करते हुए ऑस्ट्रेलिया के पांच विकेट गिरा दिए हैं।

06:01 PM, 30-Oct-2025

IND W vs AUS W Live Score: ऑस्ट्रेलिया की आधी टीम पवेलियन लौटी

भारतीय गेंदबाजों ने वापसी करते हुए ऑस्ट्रेलिया की आधी टीम पवेलियन लौट गई है। राधा यादव ने एलिस पैरी को बोल्ड कर पवेलियन भेजा जो 88 गेंदों पर छह चौकों और दो छक्कों की मदद से 77 रन बनाकर आउट हुईं। 

05:47 PM, 30-Oct-2025

IND W vs AUS W Live Score: भारत को चौथी सफलता

श्री चरणी ने सदरलैंड को आउट कर भारत को चौथी सफलता दिलाई है। चरणी ने अपनी ही गेंद पर कैच पकड़कर सदरलैंड को आउट किया। सदरलैंड तीन रन बनाकर पवेलियन लौटीं। 

05:38 PM, 30-Oct-2025

IND W vs AUS W Live Score: ऑस्ट्रेलिया को तीसरा झटका

श्री चरणी ने बेथ मूनी को आउट कर ऑस्ट्रेलिया को तीसरा झटका दिया है। मूनी 22 गेंदों पर तीन चौकों की मदद से 24 रन बनाकर आउट हुईं। क्रीज पर हालांकि, एलिस पैरी मौजूद हैं। 

05:27 PM, 30-Oct-2025

IND W vs AUS W Live Score: ऑस्ट्रेलिया ने पूरे किए 200 रन

ऑस्ट्रेलिया ने भारत के खिलाफ महिला विश्व कप के सेमीफाइनल मुकाबले में 200 रनों का आंकड़ा पार कर लिया है। ऑस्ट्रेलिया के लिए एलिस पैरी ने अर्धशतक पूरा कर लिया है।

05:10 PM, 30-Oct-2025

IND W vs AUS W Live Score: भारत को दूसरी सफलता

अमनजोत कौर ने लिचफील्ड को आउट कर भारत को दूसरी सफलता दिलाई। लिचफील्ड शानदार बल्लेबाजी कर रही थीं और शतक लगा चुकी थीं। अमनोज ने लिचफील्ड को बोल्ड किया जो 93 गेंदों पर 17 चौकों और तीन छक्कों की मदद से 119 रन बनाकर आउट हुईं। लिचफील्ड और एलिस पैरी के बीच दूसरे विकेट के लिए 155 रनों की साझेदारी हुई। 

04:55 PM, 30-Oct-2025

IND W vs AUS W Live Score: लिचफील्ड का शतक

फोएबे लिचफील्ड ने भारत के खिलाफ सेमीफाइनल मुकाबले में 77 गेंदों पर शतक पूरा कर लिया है। लिचफील्ड और पैरी के बीच दूसरे विकेट के लिए शानदार साझेदारी जारी है और दोनों बल्लेबाज अब तक 130+ रनों की साझेदारी कर चुके हैं।

04:39 PM, 30-Oct-2025

IND W vs AUS W Live Score: ऑस्ट्रेलिया का स्कोर 130 के पार

लिचफील्ड और पैरी के बीच दूसरे विकेट के लिए शतकीय साझेदारी हो चुकी है। इन दोनों बल्लेबाजों के शानदार प्रदर्शन ने ऑस्ट्रेलिया ने भारत के खिलाफ महिला विश्व कप के सेमीफाइनल मुकाबले में 20 ओवर की समाप्ति तक एक विकेट पर 135 रन बना लिए हैं।

04:20 PM, 30-Oct-2025

IND W vs AUS W Live Score: ऑस्ट्रेलिया का स्कोर 100 के पार

भारत के खिलाफ सेमीफाइनल मुकाबले में ऑस्ट्रेलिया का स्कोर 100 रन के पार पहुंच गया है। लिचफील्ड और पैरी के बीच शानदार साझेदारी जारी है। 

04:14 PM, 30-Oct-2025

IND W vs AUS W Live Score: लिचफील्ड का पचासा

फोएबे लिचफील्ड ने 45 गेंदों पर अर्धशतक जड़ दिया है। लिचफील्ड ने भारत के खिलाफ महिला विश्व कप के सेमीफाइनल मुकाबले में शानदार बल्लेबाजी की और पचासा लगाने में सफल रही हैं। वह एलिस पैरी के साथ 60+ रनों की साझेदारी भी कर चुकी हैं।

04:06 PM, 30-Oct-2025

IND W vs AUS W Live Score: पैरी-लिचफील्ड के बीच अर्धशतकीय साझेदारी

पैरी और लिचफील्ड के बीच दूसरे विकेट के लिए अर्धशतकीय साझेदारी पूरी हो चुकी है। ऑस्ट्रेलिया का स्कोर 70 रन के पार पहुंच गया है। 

03:50 PM, 30-Oct-2025

IND W vs AUS W Live Score: ऑस्ट्रेलिया के 50 रन पूरे

ऑस्ट्रेलिया ने भारत के खिलाफ महिला विश्व कप के सेमीफाइनल मुकाबले में 50 रनों का आंकड़ा पार कर लिया है। क्रीज पर लिचफील्ड और पैरी मौजूद हैं।

03:38 PM, 30-Oct-2025

IND W vs AUS W Live Score: मैच फिर शुरू

भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच मुकाबला फिर शुरू हो गया है। क्रीज पर अब एलिस पैरी के साथ फोएबे लिचफील्ड मौजूद हैं।

03:27 PM, 30-Oct-2025

IND W vs AUS W Live Score: बारिश के कारण रुका मैच

भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच महिला विश्व कप का सेमीफाइनल मुकाबला बारिश के कारण रोकना पड़ा है। ऑस्ट्रेलिया ने अब तक 5.1 ओवर में एक विकेट पर 25 रन बनाए हैं। ऑस्ट्रेलिया को पहला झटका एलिसा हीली के रूप में लगा है जिन्हें क्रांति गौड़ ने अपना शिकार बनाया है।

03:23 PM, 30-Oct-2025

IND W vs AUS W Live Score: ऑस्ट्रेलिया को पहला झटका

क्रांति गौड़ ने एलिसा हीली को आउट कर ऑस्ट्रेलिया को पहला झटका दिया है। हीली चोट के कारण पिछले दो मैच नहीं खेल सकी थीं और इस मैच में वह बल्लेबाजी में कुछ खास नहीं कर सकीं। हीली पांच रन बनाकर आउट हुईं।

03:05 PM, 30-Oct-2025

IND W vs AUS W Live Score : मुकाबला शुरू, काली पट्टी बांधकर उतरीं दोनों टीमें

भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच मुकाबले की शुरुआत हो चुकी है। ऑस्ट्रेलियाई कप्तान एलिसा हीली और फीबी लिचफील्ड क्रीज पर हैं। भारत की ओर से रेणुका सिंह ने गेंदबाजी की शुरुआत की। एक ओवर के बाद ऑस्ट्रेलिया का स्कोर बिना कोई विकेट गंवाए तीन रन है। दोनों टीमों की खिलाड़ी इस मैच में काली पट्टी बांधकर खेलने उतरी हैं। दरअसल, ऑस्ट्रेलिया युवा खिलाड़ी बेन ऑस्टिन की गेंद लगने से मौत हो गई थी जिस कारण दोनों टीमों ने उनके सम्मान में काली पट्टी बांधकर उतरने का फैसला लिया है। 

02:39 PM, 30-Oct-2025

IND W vs AUS W Live Score : दोनों टीमों की प्लेइंग-11

भारत: शेफाली वर्मा, स्मृति मंधाना, अमनजोत कौर, जेमिमा रॉड्रिग्स, हरमनप्रीत कौर (कप्तान), दीप्ति शर्मा, ऋचा घोष (विकेटकीपर), राधा यादव, क्रांति गौड़, श्री चरणी, रेणुका सिंह ठाकुर।

ऑस्ट्रेलिया: फीबी लिचफील्ड, एलिसा हीली (विकेटकीपर/कप्तान), एलिसा पेरी, बेथ मूनी, एनाबेल सदरलैंड, एश्ले गार्डनर, ताहिलिया मैकग्राथ, सोफी मॉलनिक्स, अलाना किंग, किम गर्थ, मेगन शुट।

02:32 PM, 30-Oct-2025

IND W vs AUS W Live Score : ऑस्ट्रेलिया ने जीता टॉस

ऑस्ट्रेलिया ने भारत के खिलाफ सेमीफाइनल में टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी का फैसला लिया है। ऑस्ट्रेलियाई कप्तान एलिसा हीली यह मैच खेल रही हैं। वह जॉर्जिया वॉल की जगह टीम में आई हैं। उन्होंने कहा कि जॉर्जिया वेयरहैम की जगह सोफी मोलीनॉक्स की भी टीम में वापसी हुई है। वहीं, भारतीय कप्तान हरमनप्रीत कौर ने कहा कि वह भी पहले बल्लेबाजी करना चाहती थीं। भारतीय टीम में तीन बदलाव हुए हैं। प्रतिका रावल, उमा क्षेत्री और हरलीन देओल नहीं खेल रही हैं। इनकी जगह शेफाली वर्मा, ऋचा घोष और क्रांति गौड़ टीम में आई हैं।

02:06 PM, 30-Oct-2025

IND W vs AUS W Live Score : हरमनप्रीत के लिए बड़ा दिन

यह विश्व कप भारत के लिए उतार-चढ़ाव वाला रहा। तीन करीबी हारों के बाद सेमीफाइनल तक का सफर सवालों से भरा रहा। टीम बैलेंस पर चर्चाएं हुईं, हरमनप्रीत के फैसलों पर भी सवाल उठे। इंग्लैंड के खिलाफ उनके 70 रन पर आउट होने की गलती को निर्णायक माना गया। लेकिन अब भारत सेमीफाइनल में ऑस्ट्रेलिया से भिड़ने को तैयार है। माहौल वैसा ही है, भारी उम्मीदों वाला, भावनाओं से भरा। 36 साल की हरमनप्रीत के लिए यह शायद आखिरी वनडे विश्व कप हो और संभवतः ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ अंतिम महायुद्ध भी।
 

01:26 PM, 30-Oct-2025

IND W vs AUS W Live Score : दिल तोड़ने वाली रही थी 2023 की हार

आठ साल बाद भी यह सवाल वैसा ही है। 2017 के डर्बी से लेकर अब तक, हर्मनप्रीत और भारत का विश्व कप सफर कई बार करीब आकर टूटने वाला रहा है, खासकर जब सामने ऑस्ट्रेलिया रही हो। टी20 विश्व कप 2023 के सेमीफाइनल में केप टाउन में हरमनप्रीत ने बीमारी के बावजूद 52 रनों की संघर्षपूर्ण पारी खेली थी, लेकिन एक दुर्भाग्यपूर्ण रनआउट, जब उनका बल्ला पिच में फंस गया, भारत की उम्मीदें तोड़ गया। उस मैच के बाद वे अपनी आंखों के आंसू छिपाने के लिए सनग्लास पहनकर पुरस्कार वितरण में आई थीं।

12:51 PM, 30-Oct-2025

IND W vs AUS W Live Score : इस बार हरमनप्रीत क्या करेंगी?

ऑस्ट्रेलियाई विकेटकीपर और कप्तान एलिसा हीली ने तब कहा था, 'देखिए, उस मैच की बहुत सी बातें तो मैं भूल चुकी हूं, लेकिन आप लोग हर बार उसे टीवी पर दिखा देते हैं, तो यादें ताजा हो जाती हैं। हमने उस हार के बाद अपने खेल के मानकों और दृष्टिकोण पर दोबारा विचार किया। उसी पल से हमने खुद को बेहतर बनाने का फैसला किया, और तब से हम काफी सफल रहे हैं।' तभी से जब भी भारत और ऑस्ट्रेलिया किसी बड़े टूर्नामेंट में आमने-सामने होते हैं, एक सवाल हमेशा हवा में तैरता है- इस बार हरमनप्रीत क्या करेंगी?

12:47 PM, 30-Oct-2025

IND W vs AUS W Live Score : हरमनप्रीत कौर बनाम ऑस्ट्रेलिया

जब हरमनप्रीत कौर ने 2017 महिला विश्व कप के डर्बी सेमीफाइनल में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ 115 गेंदों पर नाबाद 171 रनों की ऐतिहासिक पारी खेली थी, तब उन्होंने सिर्फ भारत को मैच नहीं जिताया था, बल्कि ऑस्ट्रेलिया की अजेयता की चादर को भी चीर दिया था। यह पारी आज भी विश्व कप इतिहास की सबसे महान पारियों में गिनी जाती है और इसे भारत में महिला क्रिकेट का टर्निंग पॉइंट माना जाता है। इस पारी ने सिर्फ भारत ही नहीं, बल्कि ऑस्ट्रेलिया को भी बदल दिया।
 

12:31 PM, 30-Oct-2025

IND W vs AUS W Highlights: भारत ने ऑस्ट्रेलिया को हराकर फाइनल में जगह बनाई, जेमिमा का शानदार शतक

नमस्कार! अमर उजाला के लाइव ब्लॉग में आपका स्वागत है। महिला विश्व कप 2025 में आज भारत का सामना गत चैंपियन ऑस्ट्रेलिया से है। यह मुकाबला नवी मुंबई में खेला जाएगा। भारतीय टीम इस मैच को हर हाल में जीतना चाहेगी और फाइनल में जगह बनाना चाहेगी। फाइनल दो नवंबर को खेला जाएगा। दक्षिण अफ्रीका की टीम इंग्लैंड को हराकर पहले ही फाइनल में जगह बना चुकी है।

विज्ञापन
MORE
AU ऐप में पढ़ें