भारत ने जिम्बाब्वे को 72 रनों से हराकर सेमीफाइनल की तरफ मजबूत कदम बढ़ाए हैं। अब टीम इंडिया का सामना 1 मार्च को वेस्टइंडीज से होगा। गुरुवार को टी20 विश्व कप के सुपर-8 मैच में जिम्बाब्वे ने टॉस जीतकर भारत को पहले बल्लेबाजी का न्योता दिया। टीम इंडिया ने अभिषेक शर्मा (55) और हार्दिक पांड्या (50*) की अर्धशतकीय पारियों की मदद से 20 ओवर में चार विकेट पर 256 रन बनाए। जवाब में जिम्बाब्वे की टीम निर्धारित ओवरों में छह विकेट पर सिर्फ 184 रन ही बना सकी। उनके लिए ब्रायन बेनेट ने 97 रनों की नाबाद पारी खेली।
दक्षिण अफ्रीका सेमीफाइनल में पहुंचा
ग्रुप-1 से दक्षिण अफ्रीका ने क्वालिफाई कर लिया है। इससे पहले ग्रुप-2 से इंग्लैंड की टीम ने सेमीफाइनल में प्रवेश किया था। वहीं, भारत अगर अपने अगले मैच में वेस्टइंडीज को मात दे देता है तो वह भी सेमीफाइनल में पहुंच जाएगा। जिम्बाब्वे इस हार के साथ टूर्नामेंट से बाहर हो गई है।
जिम्बाब्वे को तीसरा झटका अर्शदीप सिंह ने दिया। उन्होंने सिकंदर रजा को अभिषेक के हाथों कैच कराया। वह 21 गेंदों में 31 रन बना सके। अब रयान बर्ल आए हैं।
ब्रायन बेनेट ने 34 गेंदों में अपना अर्धशतक पूरा किया। वह शानदार फॉर्म में नजर आ रहे हैं। सिकंदर रजा क्रीज पर मौजूद हैं। इससे पहले डियोन मायर्स छह रन बनाकर आउट हुए थे।
पावरप्ले समाप्त हो चुका है। ब्रायन बेनेट और तदिवनाशे मारुमानी क्रीज पर मौजूद हैं। शुरुआती छह ओवरों के बाद जिम्बाब्वे का स्कोर बिना कोई विकेट गंवाए 44 रन है।
जिम्बाब्वे की पारी शुरू हो चुकी है। ब्रायन बेनेट और तदिवनाशे मारुमानी क्रीज पर मौजूद हैं।
अभिषेक शर्मा और हार्दिक पांड्या की अर्धशतकीय पारियों की मदद से भारत ने जिम्बाब्वे को 257 रनों का लक्ष्य दिया है। करो या मरो मुकाबले में जिम्बाब्वे ने टॉस जीतकर भारत को पहले बल्लेबाजी का न्योता दिया। भारतीय टीम ने 20 ओवर में चार विकेट पर 256 रन बनाए। यह टी20 विश्व कप में भारत का सर्वोच्च स्कोर है। टीम ने इस तरह वैश्विक टूर्नामेंट में अपना 19 साल पुराना रिकॉर्ड तोड़ा। इस टूर्नामेंट में इससे पहले भारत का सबसे बड़ा टोटल 2007 में इंग्लैंड के खिलाफ चार विकेट पर 218 रन था।
भारत को चौथा झटका सूर्यकुमार यादव के रूप में लगा। एनगरावा ने मुसेकिवा के हाथों कैच कराया। अब हार्दिक का साथ देने तिलक वर्मा आए हैं। 15 ओवर के बाद स्कोर चार विकेट पर 176 रन है।
भारत को तीसरा झटका मापोसा ने दिया। उन्होंने अभिषेक शर्मा को सिकंदर रजा के हाथों कैच कराया। वह 30 गेंदों में चार चौके और इतने ही छक्के की मदद से 55 रन बनाकर पवेलियन लौटे। अब कप्तान सूर्यकुमार यादव का साथ देने हार्दिक पांड्या आए हैं। 13 ओवर के बाद टीम का स्कोर तीन विकेट पर 151 रन है।
भारत को दूसरा झटका कप्तान सिकंदर रजा ने दिया। उन्होंने एनगरावा के हाथों ईशान किशन को कैच आउट कराया। वह 24 गेंदों में 38 रन बनाकर पवेलियन लौटे। अब अभिषेक का साथ देने कप्तान सूर्यकुमार यादव आए हैं। 11 ओवर के बाद भारत ने दो विकेट पर 125 रन बना लिए हैं।
सलामी बल्लेबाज अभिषेक शर्मा ने 26 गेंदों में अर्धशतक पूरा कर लिया है। छह पारियों के बाद उनके बल्ले से अर्धशतक आया है। ईशान किशन के साथ वह अर्धशतकीय साझेदारी निभा चुके हैं।
पावरप्ले समाप्त हो चुका है। शुरुआती छह ओवरों के बाद भारत का स्कोर एक विकेट पर 80 रन है। संजू सैमसन 24 रन बनाकर आउट हो गए। फिलहाल अभिषेक शर्मा 33 और ईशान किशन 15 रन बनाकर क्रीज पर डटे हैं।
भारत को पहला झटका ब्लेसिंग मुजरबानी ने दिया। उन्होंने रयान बर्ल के हाथों संजू सैमसन को कैच आउट कराया। वह 15 गेंदों में एक चौके और दो छक्के की मदद से 24 रन बनाकर आउट हुए। अब अभिषेक शर्मा का साथ देने ईशान किशन आए हैं।
अभिषेक शर्मा (16) और संजू सैमसन (23) ने भारत को शानदार शुरुआत दिलाई है। तीन ओवर के बाद स्कोर 46/0 है।
भारत की पारी शुरू हो चुकी है। संजू सैमसन और अभिषेक शर्मा क्रीज पर मौजूद हैं।
भारत: संजू सैमसन (विकेटकीपर), अभिषेक शर्मा, ईशान किशन, सूर्यकुमार यादव (कप्तान), तिलक वर्मा, हार्दिक पांड्या, शिवम दुबे, अक्षर पटेल, अर्शदीप सिंह, वरुण चक्रवर्ती, जसप्रीत बुमराह।
जिम्बाब्वे: तदिवानाशे मारुमानी (विकेटकीपर), ब्रायन बेनेट, डियोन मायर्स, रयान बर्ल, सिकंदर रजा (कप्तान), टोनी मुनयोंगा, ताशिंगा मुसेकीवा, ब्रैड इवांस, टिनोटेंडा मापोसा, ब्लेसिंग मुजरबानी, रिचर्ड एनगरावा।
जिम्बाब्वे ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला किया है। भारतीय टीम इस मुकाबले में दो बदलावों के साथ उतरी है। संजू सैमसन की रिंकू सिंह की जगह वापसी हुई है। इसके अलावा उपकप्तान अक्षर पटेल को वाशिंगटन सुंदर की जगह मौका दिया गया है। वहीं, जिम्बाब्वे ने प्लेइंग 11 में एक बदलाव किया है।
कप्तान एडेन मार्करम की नाबाद अर्धशतकीय पारी के दम पर दक्षिण अफ्रीका ने वेस्टइंडीज को नौ विकेट से हराया। दक्षिण अफ्रीका ने इसके साथ ही टी20 विश्व कप के सुपर आठ चरण में लगातार दूसरी जीत दर्ज की है और सेमीफाइनल के लिए दावा मजबूत कर लिया है। वेस्टइंडीज ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में आठ विकेट पर 176 रन बनाए। जवाब में मार्करम ने दमदार बल्लेबाजी की जिससे दक्षिण अफ्रीका ने 16.1 ओवर में एक विकेट पर 177 रन बनाकर मैच अपने नाम कर लिया।
दक्षिण अफ्रीका ने इस तरह भारत के लिए राह आसान कर दी है। अब भारत को अगले दो मुकाबले जीतने हैं जिससे वह सेमीफाइनल में जगह बना सकता है। भारत का सामना जिम्बाब्वे से है और इसके बाद टीम को वेस्टइंडीज का सामना करना है।
भारत: अभिषेक शर्मा, ईशान किशन (विकेटकीपर), तिलक वर्मा/संजू सैमसन, सूर्यकुमार यादव (कप्तान), हार्दिक पांड्या, शिवम दुबे, रिंकू सिंह, वाशिंगटन सुंदर/अक्षर पटेल, अर्शदीप सिंह, जसप्रीत बुमराह, वरुण चक्रवर्ती।
जिम्बाब्वे: ब्रायन बेनेट, तदिवनाशे मारुमानी (विकेटकीपर), रयान बर्ल, सिकंदर रजा (कप्तान), डियोन मायर्स, टोनी मुनयोंगा, ताशिंगा मुसेकिवा, ब्लेसिंग मुजरबानी, रिचर्ड एनगारवा, ब्रैड इवांस, ग्रीम क्रीमर।
दूसरी ओर जिम्बाब्वे की टीम भी वेस्टइंडीज से मिली हार के बाद दबाव में है। कप्तान सिकंदर चोट के बावजूद भारत के खिलाफ खेलने के लिए तैयार हैं, जो टीम के लिए बड़ी राहत की खबर है। ब्रायन बेनेट और तदिवनाशे मारुमानी ने टूर्नामेंट में अच्छी बल्लेबाजी की है, जबकि रयान बर्ल अनुभव के दम पर अहम भूमिका निभा सकते हैं। गेंदबाजी में ब्लेसिंग मुजरबानी शानदार लय में हैं और रिचर्ड एनगारवा की वापसी से आक्रमण मजबूत हुआ है। ब्रैड इवांस ऑलराउंड प्रदर्शन से टीम को संतुलन दे रहे हैं। ऐसे में जिम्बाब्वे भारत के खिलाफ उलटफेर की उम्मीद के साथ मैदान में उतरेगा।
स्पिन विभाग की कमान वरुण चक्रवर्ती संभाल सकते हैं और उपकप्तान अक्षर पटेल की वाशिंगटन सुंदर की जगह वापसी हो सकती है। वहीं, तेज गेंदबाजी के लिए जसप्रीत बुमराह और अर्शदीप सिंह पर भरोसा जताया जाएगा। दोनों से एक बार फिर दमदार प्रदर्शन की उम्मीद रहेगी। बुमराह ने पिछले मैच में शानदार गेंदबाजी की थी और एक बार फिर उनसे बड़ी उम्मीदें होंगी। अर्शदीप ने भी प्रभाव छोड़ा है।
मध्यक्रम में हार्दिक पांड्या, शिवम दुबे और रिंकू सिंह पर जिम्मेदारी होगी। कोच सितांशु कोटक पहले ही इस बात का संकेत दे चुके हैं कि बुधवार शाम तक रिंकू टीम से जुड़ सकते हैं। इसका मतलब यह है कि उनका जिम्बाब्वे के खिलाफ मैच में खेलना तय है। बता दें कि, रिंकू पिता की बीमारी की चलते मंगलवार को चेन्नई से नोएडा लौटे थे।
अभिषेक शर्मा लगातार तीन पारियों में शून्य पर आउट हुए हैं, जबकि तिलक वर्मा का स्ट्राइक रेट चिंता का विषय रहा है। बल्लेबाजी कोच सितांशु कोटक पहले ही इस बात के संकेत दे चुके हैं कि संजू सैमसन को प्लेइंग 11 में शामिल किए जाने पर विचार किया जा सकता है। दरअसल, ईशान और अभिषेक बाएं हाथ के बल्लेबाज हैं। इसके बाद तीसरे नंबर पर आने वाले तिलक वर्मा भी बाएं हाथ से बल्लेबाजी करते हैं। वहीं, दूसरी टीमें लगातार स्पिनर्स का इस्तेमाल कर रही हैं। ऐसे में बदलाव की संभावना से इनकार नहीं किया जा सकता। अगर सैमसन की प्लेइंग 11 में वापसी होती है तो वह अभिषेक शर्मा के साथ ओपनिंग करते नजर आ सकते हैं। वहीं, तिलक वर्मा की छुट्टी हो सकती है और उनकी जगह ईशान किशन नंबर-3 पर खेलते नजर आ सकते हैं। इस बात की भी संभावना है कि टीम प्रबंधन ईशान और अभिषेक को ही ओपनिंग का मौका दे और तीसरे स्थान पर सैमसन को खिला सकता है। कुल मिलाकर शीर्ष-तीन में बदलाव हो सकता है।
कप्तान सूर्यकुमार यादव की अगुवाई में भारतीय टीम अब सेमीफाइनल की उम्मीदें जिंदा रखने के लिए न सिर्फ जीत, बल्कि बड़े अंतर से जीत दर्ज करना चाहेगी ताकि नेट रन रेट सुधर सके। भारत और जिम्बाब्वे का हेड-टु-हेड रिकॉर्ड शानदार है। दोनों टीमों के बीच अब तक कुल 13 टी20 अंतरराष्ट्रीय मुकाबले खेले गए हैं। इनमें भारत ने 10 मैच जीते हैं जबकि जिम्बाब्वे सिर्फ तीन मैच ही जीत पाया है।
टी20 विश्व कप 2026 के सुपर-8 चरण में गुरुवार को भारत और जिम्बाब्वे आमने-सामने होंगे। सेमीफाइनल की दौड़ में बने रहने के लिए यह मुकाबला दोनों टीमों के लिए बेहद अहम है। एक ओर भारतीय टीम को दक्षिण अफ्रीका से करारी हार का झटका लगा, तो दूसरी ओर जिम्बाब्वे की टीम भी वेस्टइंडीज के खिलाफ बड़ी शिकस्त झेल चुकी है। ऐसे में चेन्नई के चेपॉक में होने वाला यह मुकाबला रोमांचक होने की पूरी उम्मीद है।
Today Live Cricket Score IND vs ZIM T20 World Cup Super 8 : नमस्कार! अमर उजाला के लाइव ब्लॉग में आपका स्वागत है। आज भारत और जिम्बाब्वे के बीच सुपर-8 का अहम मुकाबला खेला जाएगा। सेमीफाइनल की दौड़ में बने रहने के लिए भारतीय टीम को हर हाल में यह मुकाबला जीतना होगा।