फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

IND vs ZIM T20: भारत ने जिम्बाब्वे को 71 रन से हराया, सेमीफाइनल में इंग्लैंड से मुकाबला

Sun, 06 Nov 2022 05:49 PM IST
रोहित राज स्पोर्ट्स डेस्क, अमर उजाला, मेलबर्न

खास बातें

India vs Zimbabwe T20 World Cup: टी20 वर्ल्ड कप का 42वां मुकाबला भारत और जिम्बाब्वे के बीच मेलबर्न में खेला गया। यह सुपर-12 राउंड का आखिरी मैच था। भारतीय टीम पहले ही सेमीफाइनल में पहुंच चुकी थी। भारतीय कप्तान रोहित शर्मा ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी का फैसला किया और भारत ने जिम्बाब्वे के सामने 187 रन का लक्ष्य रखा था। जवाब में जिम्बाब्वे की टीम 17.2 ओवर में 115 रन पर सिमट गई।
विज्ञापन
भारतीय टीम - फोटो : सोशल मीडिया
विज्ञापन

लाइव अपडेट

04:51 PM, 06-Nov-2022

भारत ने मेलबर्न में जिम्बाब्वे को 71 रन से हराया

भारत ने सुपर-12 राउंड के अपने आखिरी ग्रुप मैच में मेलबर्न क्रिकेट ग्राउंड में जिम्बाब्वे को 71 रन से हरा दिया है। टीम इंडिया पहले ही सेमीफाइनल के लिए क्वालिफाई कर चुकी है और इस जीत का मतलब है कि टीम ने ग्रुप-दो में शीर्ष पर रहकर सेमीफाइनल के लिए जगह बनाई।

भारत ने ग्रुप दो में अपने पांच में से चार मुकाबले जीते और टीम आठ अंक के साथ शीर्ष पर रही। वहीं, इस ग्रुप से क्वालिफाई करने वाली दूसरे टीम पाकिस्तान रही। उसके छह अंक हैं। अब पहले सेमीफाइनल में न्यूजीलैंड का सामना बुधवार को पाकिस्तान से सिडनी में है। वहीं, टीम इंडिया दूसरे सेमीफाइनल में गुरुवार को इंग्लैंड से एडिलेड ओवल में भिड़ेगी।

ग्रुप वन में न्यूजीलैंड ने पहले स्थान और इंग्लैंड ने दूसरे स्थान पर रहकर सेमीफाइनल के लिए क्वालिफाई किया था। सेमीफाइनल में ग्रुप वन में पहले स्थान पर रहने वाली टीम का ग्रुप दो में दूसरे स्थान पर रहने वाली टीम से और ग्रुप दो में पहले स्थान पर रहने वाली टीम का ग्रुप वन में दूसरे स्थान पर रहने वाली टीम से सामना होता है।

टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए टीम इंडिया ने 20 ओवर में पांच विकेट गंवाकर 186 रन बनाए। केएल राहुल ने शुरुआत में और सूर्यकुमार यादव ने आखिर में बेहतरीन पारी खेली। दोनों ने अर्धशतक जमाया। राहुल ने 35 गेंदों में 51 रन बनाए।

वहीं, सूर्यकुमार ने 25 गेंदों में 61 रन की नाबाद पारी खेली। उन्होंने मैच के अंत में कई अविश्वसनीय शॉट्स लगाए। अपनी पारी में सूर्यकुमार ने छह चौके और चार छक्के लगाए। जवाब में जिम्बाब्वे की टीम 17.2 ओवर में 115 रन पर सिमट गई। रेयान बर्ल ने सबसे ज्यादा 35 रन बनाए।

वहीं, सिकंदर रजा ने 34 रन की पारी खेली। भारत की ओर से रविचंद्रन अश्विन ने सबसे ज्यादा तीन विकेट लिए। वहीं, मोहम्मद शमी और हार्दिक पांड्या को दो-दो विकेट मिले। भुवनेश्वर कुमार, अर्शदीप सिंह और अक्षर पटेल को एक-एक विकेट मिला। सूर्यकुमार को उनकी शानदार पारी के लिए प्लेयर ऑफ द मैच अवॉर्ड दिया गया।

04:43 PM, 06-Nov-2022

IND vs ZIM Live: जिम्बाब्वे के आठ विकेट गिरे

16 ओवर के बाद जिम्बाब्वे ने आठ विकेट गंवाकर 106 रन बना लिए हैं। फिलहाल सिकंदर रजा 31 रन और तेंदई चतारा क्रीज पर हैं। 16वें ओवर में रविचंद्रन अश्विन ने जिम्बाब्वे को दो-दो झटके दिए। उन्होंने ओवर की पहली गेंद पर वेलिंगटन मसाकाद्जा को रोहित के हाथों कैच कराया। वह एक रन बना सके। इसके बाद पांचवीं गेंद पर एनगरवा को बोल्ड किया। एनरगवा भी एक रन बना सके। 

04:34 PM, 06-Nov-2022

IND vs ZIM Live: जिम्बाब्वे को छठा झटका

जिम्बाब्वे को 14वें ओवर में छठा झटका लगा। रविचंद्रन अश्विन ने रेयान बर्ल को क्लीन बोल्ड किया। बर्ल 22 गेंदों में 35 रन बनाकर आउट हुए। अपनी पारी में उन्होंने पांच चौके और एक छक्का लगाया। बर्ल और सिकंदर रजा के बीच छठे विकेट के लिए 60 रन की साझेदारी हुई। फिलहाल सिकंदर रजा और वेलिंगटन मसाकाद्ज क्रीज पर हैं। 14 ओवर के बाद जिम्बाब्वे का स्कोर छह विकेट पर 96 रन है।

विज्ञापन
04:16 PM, 06-Nov-2022

IND vs ZIM Live: मजबूत स्थिति में भारत

10 ओवर के बाद जिम्बाब्वे ने पांच विकेट पर 59 रन बना लिए हैं। फिलहाल सिकंदर रजा सात गेंदों में नौ रन और रेयान बर्ल 10 गेंदों में 14 रन बनाकर बल्लेबाजी कर रहे हैं। इससे पहले वेस्ले मधेवेयरे और रेजिस चकाबवा खाता भी नहीं खोल सके। मधेवेयरे को भुवनेश्वर और चकाबवा को अर्शदीप सिंह ने पवेलियन भेजा। कप्तान क्रेग इरविन 15 गेंदों में 13 रन बनाकर हार्दिक पांड्या की गेंद पर आउट हुए। वहीं, शॉन विलियम्स 18 गेंदों में 11 रन और टोनी मुन्योंगा पांच रन बनाकर आउट हुए। इन दोनों को मोहम्मद शमी ने आउट किया। 

04:05 PM, 06-Nov-2022

IND vs ZIM Live: जिम्बाब्वे को पांचवां झटका

आठवें ओवर में 36 के स्कोर पर जिम्बाब्वे की टीम को पांचवां झटका लगा। मोहम्मद शमी ने टोनी मुन्योंगा को एल्बीडब्ल्यू आउट किया। टोनी चार गेंदों में पांच रन बना सके। आठ ओवर के बाद जिम्बाब्वे का स्कोर पांच विकेट पर 39 रन है। फिलहाल सिकंदर रजा और रेयान बर्ल क्रीज पर हैं।

विज्ञापन
03:58 PM, 06-Nov-2022

IND vs ZIM Live: जिम्बाब्वे को चौथा झटका

जिम्बाब्वे को सातवें ओवर में 31 रन के स्कोर पर चौथा झटका लगा। हार्दिक पांड्या ने कप्तान क्रेग इरविन को अपनी ही गेंद पर कैच आउट किया। इरविन 15 गेंदों में 13 रन बना सके। फिलहाल सिकंदर रजा और टोनी मुन्योंगा क्रीज पर हैं। सात ओवर के बाद जिम्बाब्वे का स्कोर चार विकेट पर 32 रन है।

03:52 PM, 06-Nov-2022

IND vs ZIM Live: जिम्बाब्वे को तीसरा झटका

छठे ओवर की आखिरी गेंद पर जिम्बाब्वे को तीसरा झटका लगा। मोहम्मद शमी ने शॉन विलियम्स को भुवनेश्वर कुमार के हाथों कैच कराया। विलियम्स 18 गेंदों में 11 रन बनाकर आउट हुए। छह ओवर के बाद जिम्बाब्वे का स्कोर तीन विकेट पर 28 रन है। फिलहाल कप्तान क्रेग इरविन और सिकंदर रजा क्रीज पर हैं। 

03:42 PM, 06-Nov-2022

IND vs ZIM Live: जिम्बाब्वे की खराब शुरुआत

187 रन की पाछी करते हुए जिम्बाब्वे की टीम ने खराब शुरुआत की है। चार ओवर के बाद जिम्बाब्वे का स्कोर दो विकेट पर 13 रन है। कप्तान क्रैग इरविन और सीन विलियम्स क्रीज पर हैं। दोनों बल्लेबाजों पर बड़ी साझेदारी करने और तेजी से रन बनाने का दबाव है, लेकिन भारतीय गेंदबाज शानदार लय में दिख रहे हैं और जिम्बाब्वे के लिए रन बनाना मुश्किल हो रहा है। 

03:32 PM, 06-Nov-2022

IND vs ZIM Live: जिम्बाब्वे का दूसरा विकेट गिरा

अर्शदीप सिंह ने जिम्बाब्वे की टीम को दूसरा झटका दिया है। मधेवेरे के बाद रेजिस चकाभवा भी खाता खोले बिना पवेलियन लौट चुके हैं। अर्शदीप सिंह ने उन्हें क्लीन बोल्ड आउट किया। मधेवेरे जहां पहली गेंद पर ही आउट हो गए। वहीं, रेजिस चकाभवा ने छह गेंदों का सामना किया, लेकिन अपना खाता नहीं खोल सके। दो ओवर के बाद जिम्बाब्वे का स्कोर दो विकेट के नुकसान पर तीन रन है।

03:23 PM, 06-Nov-2022

IND vs ZIM Live: जिम्बाब्वे का पहला विकेट गिरा

187 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए जिम्बाब्वे का पहला विकेट पारी की पहली गेंद पर ही गिर गया है। मधेवेरे ने भुवनेश्वर की गेंद को कवर की दिशा में खेलने का प्रयास किया, लेकिन गेंद सीधे शार्ट कवर में खड़ें विराट कोहली के पास चली गई। कोहली ने शानदार कैच पकड़ा और भारतीय टीम को पहली सफलता दिला दी। इसके बाद भुवनेश्वर ने रेजिस चकाभवा को भी विकेट के सामने फंसाया। अंपायर ने आउट नहीं दिया को भारत ने अंपायर के फैसले को चुनौती दी। हालांकि, रिव्यू में दिखा कि गेंद स्टंप्स के ऊपर से जा रही थी। इस तरह भारतीय टीम ने पहला रिव्यू गंवा दिया। एक ओवर का खेल पूरा होने के बाद जिम्बाब्वे की टीम एक विकेट खो चुकी है, जबकि कोई रन नहीं बना है।

03:10 PM, 06-Nov-2022

IND vs ZIM Live: भारत ने जिम्बाब्वे को 187 रन का लक्ष्य दिया

भारत ने जिम्बाब्वे के सामने 187 रन का लक्ष्य रखा है। टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए टीम इंडिया ने 20 ओवर में पांच विकेट गंवाकर 186 रन बनाए। केएल राहुल ने शुरुआत में और सूर्यकुमार यादव ने आखिर में बेहतरीन पारी खेली। दोनों ने अर्धशतक जमाया। राहुल ने 35 गेंदों में 51 रन बनाए। वहीं, सूर्यकुमार ने 25 गेंदों में 61 रन की नाबाद पारी खेली। उन्होंने मैच के अंत में कई अविश्वसनीय शॉट्स लगाए। अपनी पारी में सूर्यकुमार ने छह चौके और चार छक्के लगाए।

02:59 PM, 06-Nov-2022

IND vs ZIM Live: सूर्यकुमार की तूफानी बल्लेबाजी

18 ओवर के बाद भारत ने चार विकेट पर 152 रन बना लिए हैं। फिलहाल सूर्यकुमार यादव 18 गेंदों में 37 रन और हार्दिक पांड्या 12 गेंदों में 11 रन बनाकर क्रीज पर हैं। दोनों के बीच अर्धशतकीय साझेदारी हो चुकी है। 

02:48 PM, 06-Nov-2022

IND vs ZIM Live: हार्दिक और सूर्यकुमार क्रीज पर

16वें ओवर में हार्दिक पांड्या और सूर्यकुमार यादव ने मिलकर 18 रन बटोरे। भारत का स्कोर फिलहाल चार विकेट पर 125 रन है। दोनों के बीच 20+ रन की साझेदारी हो चुकी है। फिलहाल हार्दिक नौ गेंदों में आठ रन और सूर्यकुमार यादव नौ गेंदों में 14 रन बनाकर क्रीज पर हैं। 16वें ओवर में चार चौके लगे। ऋषभ पंत तीन रन बनाकर आउट हुए।

02:41 PM, 06-Nov-2022

IND vs ZIM Live: ऋषभ पंत पवेलियन लौटे

14वें ओवर में ऋषभ पंत आउट हो गए। उन्हें शॉन विलियम्स ने रेयान बर्ल के हाथों कैच कराया। बर्ल ने डीप मिड ऑन में बेहतरीन कैच लपका। उन्होंने डाइव लगाकर कैच लिया। पंत पांच गेंदों में तीन रन बना सके। उन्हें इस मैच में दिनेश कार्तिक की जगह प्लेइंग-11 में शामिल किया गया था। 14 ओवर के बाद भारत का स्कोर चार विकेट पर 103 रन है। फिलहाल सूर्यकुमार यादव और हार्दिक पांड्या क्रीज पर हैं।

02:31 PM, 06-Nov-2022

IND vs ZIM Live: कोहली और राहुल पवेलियन लौटे

भारत को लगातार दो ओवर में दो झटके लगे हैं। 12वें ओवर में टीम इंडिया को दूसरा झटका लगा। शॉन विलियम्स ने विराट कोहली को रेयान बर्ल के हाथों कैच कराया। कोहली 25 गेंदों में 26 रन बनाकर आउट हुए। अपनी पारी में उन्होंने दो चौके लगाए। विलियम्स की गेंद पर विराट बाउंड्री लगाने की कोशिश कर रहे थे और डीप मिड ऑफ में बर्ल को कैच थमा बैठे। इसके बाद 13वें ओवर में सिकंदर रजा की गेंद पर छक्का लगाकर केएल राहुल ने टी20 अंतरराष्ट्रीय करियर का 22वां अर्धशतक लगाया। यह इस टूर्नामेंट में उनका पांचवां अर्धशतक रहा। इसके बाद अगली गेंद पर फिर से बड़े शॉट के चक्कर में राहुल कैच थमा बैठे। राहुल ने 35 गेंदों में 51 रन की पारी खेली। अपनी पारी में उन्होंने तीन चौके और तीन छक्के लगाए। राहुल और कोहली के बीच 48 गेंदों में 60 रन की साझेदारी निभाई। फिलहाल ऋषभ पंत और सूर्यकुमार यादव क्रीज पर हैं। 13 ओवर के बाद भारत का स्कोर तीन विकेट पर 98 रन है।

02:19 PM, 06-Nov-2022

IND vs ZIM Live Score: राहुल अर्धशतक के करीब

10 ओवर के बाद भारत ने एक विकेट गंवाकर 79 रन बना लिए हैं। फिलहाल केएल राहुल 29 गेंदों पर 41 रन और विराट कोहली 18 गेंदों पर 22 रन बनाकर बल्लेबाजी कर रहे हैं। दोनों के बीच अब तक दूसरे विकेट के लिए 37 गेंदों में 52 रन की साझेदारी हो चुकी है। कोहली टी20 अंतरराष्ट्रीय में 22वें अर्धशतक के करीब हैं। 

02:10 PM, 06-Nov-2022

IND vs ZIM Live: कोहली-राहुल की शानदार बैटिंग

आठ ओवर के बाद भारत ने एक विकेट गंवाकर 68 रन बना लिए हैं। फिलहाल केएल राहुल 24 गेंदों में 34 रन और विराट कोहली 11 गेंदों में 18 रन बनाकर बल्लेबाजी कर रहे हैं। दोनों के बीच 40+ रन की साझेदारी हो चुकी है। यह दोनों भारत को बड़े स्कोर तक पहुंचाना चाहेंगे। कप्तान रोहित शर्मा 15 रन बनाकर आउट हुए।

02:05 PM, 06-Nov-2022

IND vs ZIM Live: कोहली-राहुल पर दारोमदार

छह ओवर के बाद भारत ने एक विकेट गंवाकर 46 रन बना लिए हैं। फिलहाल विराट कोहली छह गेंदों में 10 रन और केएल राहुल 17 गेंदों में 20 रन बनाकर बल्लेबाजी कर रहे हैं। रोहित शर्मा 15 रन बनाकर पवेलियन लौट चुके हैं।

01:54 PM, 06-Nov-2022

IND vs ZIM Live: कप्तान रोहित शर्मा आउट

चौथे ओवर में भारत को पहला झटका लगा। कप्तान रोहित शर्मा 13 गेंदों में दौ चौके की मदद से 15 रन बनाकर आउट हुए। उन्हें ब्लेसिंग मुजरबानी ने मसाकाद्जा के हाथों कैच कराया। जब रोहित आउट हुए तो भारत का स्कोर 27 रन था। इसके बाद विराट कोहली क्रीज पर आए। उन्होंने मैदान पर आते ही अपनी पहली गेंद पर चौका लगाया। चार ओवर के बाद भारत का स्कोर एक विकेट पर 31 रन है। फिलहाल केएल राहुल 10 गेंदों में 11 रन और विराट कोहली एक गेंद में चार रन बनाकर क्रीज पर हैं।

01:45 PM, 06-Nov-2022

IND vs ZIM Live: तीन ओवर के बाद भारत 18/0

तीन ओवर के बाद भारत ने बिना कोई विकेट गंवाए 18 रन बना लिए हैं। फिलहाल रोहित शर्मा आठ गेंदों में सात रन और केएल राहुल 10 गेंदों में 11 रन बनाकर बल्लेबाजी कर रहे हैं। राहुल ने तीसरे ओवर में मैच का पहला छक्का लगाया। वहीं, दूसरे ओवर में रोहित ने मैच की पहली बाउंड्री लगाई थी। यह एक चौका था। भारत को बड़े स्कोर तक पहुंचाने के लिए इन दोनों को बड़ी पारी खेलनी होगी।

01:35 PM, 06-Nov-2022

IND vs ZIM Live: राहुल और रोहित क्रीज पर

भारतीय ओपनर्स केएल राहुल और रोहित शर्मा क्रीज पर हैं। एनगरवा ने पहले ओवर में गेंदबाजी की और मेडन ओवर डाला। उन्होंने अपनी स्विंग से राहुल को परेशान किया। इस मैच में दिनेश कार्तिक नहीं खेल रहे हैं। उनकी जगह ऋषभ पंत को मौका दिया गया है।

01:04 PM, 06-Nov-2022

IND vs ZIM Live: दोनों टीमें इस प्रकार हैं

भारत: केएल राहुल, रोहित शर्मा (कप्तान), विराट कोहली, सूर्यकुमार यादव, हार्दिक पांड्या, ऋषभ पंत (विकेटकीपर), अक्षर पटेल, आर अश्विन, भुवनेश्वर कुमार, मोहम्मद शमी, अर्शदीप सिंह।

जिम्बाब्वे: वेस्ले मधेवेयरे, क्रेग इरविन (कप्तान), रेजिस चकबवा (विकेटकीपर), शॉन विलियम्स, सिकंदर रजा, टोनी मुन्योन्गा, रेयान बर्ल, वेलिंगटन मसाकाद्जा, रिचर्ड एनगरवा, तेंदई चतारा, ब्लेसिंग मुजरबानी।

01:03 PM, 06-Nov-2022

IND vs ZIM Live: भारत ने जीता टॉस, पहले बल्लेबाजी का फैसला

भारतीय कप्तान रोहित शर्मा ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी का फैसला लिया। उन्होंने प्लेइंग-11 में एक बदलाव किया है। दिनेश कार्तिक यह मैच नहीं खेल रहे हैं। उनकी जगह ऋषभ पंत आज विकेटकीपिंग करते दिखेंगे। वहीं, जिम्बाब्वे के कप्तान क्रेग इरविन ने दो बदलाव किए हैं। ल्यूक जोंगवे की जगह वेलिंगटन मसाकाद्जा और मिल्टन शुम्बा की जगह टोनी मुन्योन्गा खेल रहे हैं।

12:22 PM, 06-Nov-2022

IND vs ZIM T20 Live: दोनों टीमें इस प्रकार हैं:

भारत: केएल राहुल, रोहित शर्मा (कप्तान), विराट कोहली, सूर्यकुमार यादव, हार्दिक पांड्या, दिनेश कार्तिक (विकेटकीपर), अक्षर पटेल, रविचंद्रन अश्विन, भुवनेश्वर कुमार, मोहम्मद शमी, अर्शदीप सिंह, ऋषभ पंत, हर्षल पटेल, युजवेंद्र चहल, दीपक हुड्डा।

जिम्बाब्वे: वेस्ले मधेवेरे, क्रेग एर्विन (कप्तान), रेजिस चकबवा (विकेटकीपर), सीन विलियम्स, सिकंदर रजा, मिल्टन शुंबा, रयान बर्ल, ल्यूक जोंगवे, तेंदई चतरा, रिचर्ड नगारवा, ब्लेसिंग मुजरबानी, ब्रैड इवांस, वेलिंगटन मसाकाद्जा, टोनी मुन्योन्गा, क्लाइव मडांडे।

12:02 PM, 06-Nov-2022

IND vs ZIM T20 Live: भारत-जिम्बाब्वे के बीच हुए मैचों के नतीजे

साल जगह नतीजा
2010 हरारे भारत छह विकेट से जीता
2010 हरारे भारत सात विकेट से जीता
2015 हरारे भारत 54 रन से जीता
2015 हरारे जिम्बाब्वे 10 रन से जीता
2016 हरारे जिम्बाब्वे दो रन से जीता
2016 हरारे भारत 10 विकेट से जीता
2016 हरारे भारत तीन रन से जीता

11:43 AM, 06-Nov-2022

IND vs ZIM T20 Live: छह साल बाद टी20 में आमने-सामने दोनों टीमें

भारत और जिम्बाब्वे की टीम टी20 फॉर्मेट में छह साल बाद आमने-सामने होंगी। पिछली बार दोनों के बीच 22 जून 2016 को हरारे में मैच खेला गया था। तब भारतीय टीम रोमांचक मुकाबले में तीन रन से जीती थी। भारत-जिम्बाब्वे के बीच हुए कुल टी20 मैचों की बात करें तो दोनों टीमें सात बार एक-दूसरे के खिलाफ खेली है। इनमें भारत को पांच और जिम्बाब्वे को दो बार जीत मिली है। संयोग से सारे मुकाबले जिम्बाब्वे की राजधानी हरारे में खेले गए हैं। ऐसे में पहली बार किसी दूसरे मैदान पर दोनों टीमें आमने-सामने होंगी।

11:29 AM, 06-Nov-2022

IND vs ZIM T20: भारत ने जिम्बाब्वे को 71 रन से हराया, सेमीफाइनल में इंग्लैंड से मुकाबला

नमस्कार, अमर उजाला के लाइव ब्लॉग में आपका स्वागत है। टी20 वर्ल्ड कप का 42वां मुकाबला थोड़ी देर में भारत और जिम्बाब्वे के बीच मेलबर्न में खेला जाएगा। यह सुपर-12 राउंड का आखिरी मैच है। भारतीय टीम पहले ही सेमीफाइनल में पहुंच चुकी है। उसके चार मैच में छह अंक हैं। जिम्बाब्वे के खिलाफ जीत हासिल करने के बाद सुपर-12 राउंड का समापन शीर्ष पर रहकर करेगी। टीम अभी शीर्ष पर ही है, लेकिन हारती है तो दूसरे स्थान पर खिसक सकती है।

और पढ़ें...
विज्ञापन
MORE
AU ऐप में पढ़ें