फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

IND vs ZIM: भारत ने जिम्बाब्वे को 23 रनों से हराया, लगातार दूसरे टी20 मैच में दर्ज की जीत, बनाई 2-1 से बढ़त

Wed, 10 Jul 2024 08:05 PM IST
Mayank Tripathi स्पोर्ट्स डेस्क, अमर उजाला, हरारे

खास बातें

 India vs Zimbabwe 3rd T20 2024: नमस्कार! अमर उजाला के लाइव ब्लॉग में आपका स्वागत है। आज भारत और जिम्बाब्वे के बीच जारी पांच मैचों की टी20 सीरीज का तीसरा मुकाबला खेला गया। तीसरे मुकाबले में भारत ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी का फैसला किया और 20 ओवर में चार विकेट पर 182 रन बनाए हैं। जवाब में जिम्बाब्वे की टीम 20 ओवर में छह विकेट पर 159 रन बना सकी। 
विज्ञापन
भारत बनाम जिम्बाब्वे लाइव स्कोर - फोटो : twitter
विज्ञापन

लाइव अपडेट

07:48 PM, 10-Jul-2024

भारत की 23 रन से जीत

भारत और जिम्बाब्वे के बीच जारी पांच मैचों की टी20 सीरीज के तीसरे मैच में टीम इंडिया ने 23 रनों से जीत हासिल कर सीरीज में 2-1 की बढ़त बना ली है। इस मैच में जिम्बाब्वे की टीम कुछ खास कमाल नहीं दिखा पाई। सिकंदर रजा की टीम एक बार फिर गेंद और बल्ले से फ्लॉप साबित हुई। 

हरारे स्पोर्ट्स क्लब में खेले गए इस मुकाबले में भारत ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी का फैसला किया और 20 ओवर में चार विकेट पर 182 रन बनाए। इस मुकाबले में शुभमन गिल ने अपने टी20 अंतरराष्ट्रीय करियर का तीसरा अर्धशतक जड़ा। वहीं, ऋतुराज गायकवाड़ 49 रनों की ताबड़तोड़ पारी खेलकर पवेलियन लौटे। जवाब में जिम्बाब्वे की टीम 20 ओवर में छह विकेट पर 159 रन बना सकी। 

जिम्बाब्वे की शुरुआत इस मैच में झटके के साथ हुई। उन्हें पहला झटका आवेश खान ने मधवेरे के रूप में दिया। वह सिर्फ एक रन बना सके। इसके बाद विकेटों के गिरने का सिलसिला जारी रहा। सात ओवर के अंदर जिम्बाब्वे के पांच विकेट गिर गए। इस मैच में मारुमनी 13, बेनेट चार, रजा 15, कैंपबेल एक रन बनाकर आउट हुए। इसके बाद मोर्चा मायर्स और मदांडे ने संभाला। दोनों के बीच छठे विकेट के लिए 77 रनों की साझेदारी हुई, जिसे सुंदर ने तोड़ा। उन्होंने मदांडे को आउट किया। वह 26 गेंदों में 37 रन बनाकर आउट हुए। वहीं, मायर्स 49 गेंदों पर 65 रन बनाकर नाबाद रहे। उन्होंने 45 गेंदों में अपना पहला टी20 अंतरराष्ट्रीय अर्धशतक लगाया। इसके अलावा मसाकाद्जा 18 रन बनाकर नाबाद रहे। भारत के लिए सुंदर ने तीन और आवेश ने दो विकेट चटकाए। वहीं, खलील के नाम एक विकेट रहा।

07:26 PM, 10-Jul-2024

IND vs ZIM Live Score: मदांडे 37 रन बनाकर आउट

जिम्बाब्वे को छठा झटका सुंदर ने दिया। उन्होंने मदांडे को आउट किया। वह 26 गेंदों में 37 रन बनाकर आउट हुए। मदांडे ने मायर्स के साथ छठे विकेट के लिए 77 रनों की साझेदारी निभाई। आठवें नंबर पर बल्लेबाजी के लिए मसाकाद्जा उतरे हैं। उनका साथ देने के लिए मायर्स क्रीज पर मौजूद हैं।

07:08 PM, 10-Jul-2024

IND vs ZIM Live Score: मायर्स-मदांडे ने संभाला मोर्चा

मायर्स और मदांडे ने पारी संभाली हुई है। दोनों के बीच एक अच्छी साझेदारी पनपती दिख रही है। 13 ओवर के बाद स्कोर 86/5 है।

विज्ञापन
06:51 PM, 10-Jul-2024

IND vs ZIM Live Score: जिम्बाब्वे को लगा पांचवां झटका

जिम्बाब्वे को पांचवां झटका वाशिंगटन सुंदर ने ही दिया। उन्होंने छठे नंबर पर बल्लेबाजी के लिए आए जॉनथन कैपबेल को आउट किया। वह सिर्फ एक रन बना सके। सातवें नंबर पर बल्लेबाजी के लिए क्लाइव मदांडे उतरे हैं। उनका साथ देने के लिए डियोन मायर्स क्रीज पर मौजूद हैं। जिम्बाब्वे को जीत के लिए 70 गेंदों में 136 रनों की जरूरत है।

06:47 PM, 10-Jul-2024

IND vs ZIM Live Score: जिम्बाब्वे को लगा चौथा झटका

जिम्बाब्वे को चौथा झटका सिकंदर रजा के रूप में लगा। उन्हें वाशिंगटन सुंदप ने रिंकू सिंह के हाथों कैच कराया। वह सिर्फ 15 रन बना सके। जिम्बाब्वे के कप्तान का विकेट 34 रन के स्कोर पर गिरा। छठे नंबर पर बल्लेबाजी के लिए जोनाथन कैंपबेल उतरे हैं।

विज्ञापन
06:31 PM, 10-Jul-2024

IND vs ZIM Live Score: 19 पर जिम्बाब्वे के दो विकेट गिरे

जिम्बाब्वे को दूसरा और तीसरा झटका 19 रन के स्कोर पर लगा। तीसरे ओवर की चौथी गेंद पर खलील ने मारुमनी को आउट किया। वह 13 रन बना सके। वहीं, तीसरा झटका आवेश खान ने दिया। उन्होंने चौथे ओवर की पहली गेंद पर ब्रायन बेनेट को रवि बिश्नोई के हाथों कैच कराया। वह सिर्फ चार रन बना सके। पांचवें नंबर पर बल्लेबाजी के लिए सिकंदर रजा उतरे हैं। चार ओवर के बाद स्कोर 30/3 है।

06:20 PM, 10-Jul-2024

IND vs ZIM Live Score: जिम्बाब्वे को लगा पहला झटका

जिम्बाब्वे को पहला झटका नौ रन के स्कोर पर लगा। आवेश खान ने पारी के दूसरे ओवर में मधवेरे को आउट किया। वह सिर्फ एक रन बना सके। तीसरे नबंर पर बल्लेबाजी के लिए ब्रायन बेनेट उतरे हैं। 

06:14 PM, 10-Jul-2024

IND vs ZIM Live Score: जिम्बाब्वे की पारी शुरू

जिम्बाब्वे की पारी शुरू हो चुकी है। सलामी बल्लेबाजी के लिए मधवेरे और मारुमनी उतरे हैं। पारी का पहला ओवर खलील अहमद फेंक रहे हैं।

06:01 PM, 10-Jul-2024

IND vs ZIM Live Score:भारत ने जिम्बाब्वे के सामने रखा 183 रन का लक्ष्य

भारत और जिम्बाब्वे के बीच जारी पांच मैचों की टी20 सीरीज के तीसरे मुकाबले में भारत ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी का फैसला किया और 20 ओवर में चार विकेट पर 182 रन बनाए। जिम्बाब्वे के खिलाफ इस मैच में भारतीय टीम की शुरुआत शानदार हुई। यशस्वी जायसवाल और शुभमन गिल के बीच पहले विकेट के लिए 67 रनों की साझेदारी हुई जिसे सिकंदर रजा ने नौवें ओवर में तोड़ा। उन्होंने जायसवाल को बेनेट के हाथों कैच कराया। वह 27 गेंदों में 36 रन बनाने में कामयाब हुए। इस दौरान युवा बल्लेबाज ने 133.33 के स्ट्राइक रेट से चार चौके और दो छक्के लगाए। इसके बाद अभिषेक शर्मा आए। हालांकि, वह अपने पिछले प्रदर्शन को दोहरा नहीं पाए। वह सिर्फ 10 रन बनाकर पवेलियन लौट गए। इसके बाद मोर्चा ऋतुराज गायकवाड़ ने संभाला। उन्होंने शुभमन गिल के साथ तीसरे विकेट के लिए 72 रनों की साझेदारी निभाई। भारत को तीसरा झटका मुजरबानी ने 18वें ओवर की पांचवीं गेंद पर दिया। उन्होंने कप्तान को आउट किया। गिल इस मैच में अपने टी20 अंतरराष्ट्रीय करियर का तीसरा अर्धशतक लगाया। इस दौरान उन्होंने 49 गेंदों में 66 रनों की पारी खेली। उनके बल्ले से सात चौके और तीन छक्के निकले। वहीं, ऋतुराज गायकवाड़ ने 49 रनों की तूफानी पारी खेली। हालांकि, वह अर्धशतक पूरा नहीं कर सके। उन्होंने 28 गेंदों का सामना करते हुए चार चौके और तीन छक्के लगाए। भारत के लिए संजू सैमसन 12 और रिंकू सिंह एक रन बनाकर नाबाद रहे। जिम्बाब्वे की तरफ से मुजरबानी और सिकंदर रजा ने दो-दो विकेट हासिल किए। 

05:44 PM, 10-Jul-2024

IND vs ZIM Live Score: भारत को लगा तीसरा झटका

भारत को तीसरा झटका कप्तान शुभमन गिल के रूप में लगा। वह 49 गेंदों में 66 रनों की पारी खेलकर पवेलियन लौटे। उन्हें मुजरबानी ने रजा के हाथों कैच कराया। इस शानदार पारी के दौरान गिल ने सात चौके और तीन छक्के लगाए। पांचवें नंबर पर बल्लेबाजी के लिए संजू सैमसन उतरे हैं। उनका साथ देने के लिए ऋतुराज गायकवाड़ क्रीज पर मौजूद हैं।

05:36 PM, 10-Jul-2024

IND vs ZIM Live Score: 16 ओवर के बाद भारत का स्कोर 130/2

16 ओवर के बाद भारत का स्कोर 130/2 है। शुभमन गिल और ऋतुराज गायकवाड़ के बीच अच्छी साझेदारी हो रही है। दोनों जबरदस्त फॉर्म में नजर आ रहे हैं।

05:27 PM, 10-Jul-2024

IND vs ZIM Live Score: गिल ने जड़ा अर्धशतक

भारतीय कप्तान शुभमन गिल ने इस मुकाबले में 36 गेंदों पर अर्धशतक जड़ा। वह जबरदस्त फॉर्म में नजर आ रहे हैं। ऋतुराज गायकवाड़ भी दमदार प्रदर्शन कर रहे हैं। 14 ओवर के बाद भारत का स्कोर 118/2 है।

05:15 PM, 10-Jul-2024

IND vs ZIM Live Score: भारत को लगा दूसरा झटका

भारत को दूसरा झटका 81 रन के स्कोर पर लगा। सिकंदर रजा ने अभिषेक शर्मा को आउट किया। वह इस मैच में सिर्फ 10 रन बना सके। चौथे नंबर पर बल्लेबाजी के लिए ऋतुराज गायकवाड़ उतरे हैं। उनका साथ देने के लिए शुभमन गिल क्रीज पर मौजूद हैं। 

05:08 PM, 10-Jul-2024

IND vs ZIM Live Score: भारत को लगा पहला झटका

भारत को पहला झटका सिकंदर रजा ने 67 रन के स्कोर पर दिया। उन्होंने यशस्वी जायसवाल को आउट किया। वह 27 गेंदों पर 36 रनों की पारी खेलने में कामयाब हुए। इस मैच में उन्होंने चार चौके और दो छक्के लगाए। तीसरे नंबर पर बल्लेबाजी के लिए अभिषेक शर्मा उतरे हैं।

04:56 PM, 10-Jul-2024

IND vs ZIM Live Score: पावरप्ले समाप्त, भारत का स्कोर 55/0

पावरप्ले समाप्त हो चुका है। सलामी जोड़ी के बीच 55 रनों की साझेदारी हो चुकी है। शुभमन गिल 19 पर 27 और यशस्वी जायसवाल 18 पर 27 रन बनाकर क्रीज पर डटे हुए हैं।

04:47 PM, 10-Jul-2024

IND vs ZIM Live Score: चार ओवर के बाद भारत का स्कोर 49/0

चार ओवर के बाद भारत का स्कोर 49/0 है। भारतीय टीम की सलामी जोड़ी शानदार फॉर्म में नजर आ रही है। 

04:30 PM, 10-Jul-2024

IND vs ZIM Live Score: भारत की पारी शुरू

भारत की पारी शुरू हो चुकी है। सलामी बल्लेबाजी के लिए यशस्वी जायसवाल और शुभमन गिल क्रीज पर मौजूद हैं। दोनों जबरदस्त फॉर्म में नजर आ रहे हैं। 

04:08 PM, 10-Jul-2024

IND vs ZIM Live Score: दोनों टीमों की प्लेइंग 11 इस प्रकार है

भारत : यशस्वी जायसवाल, अभिषेक शर्मा, शुभमन गिल (कप्तान), ऋतुराज गायकवाड़, संजू सैमसन (विकेटकीपर), शिवम दुबे, रिंकू सिंह, वाशिंगटन सुंदर, रवि बिश्नोई, आवेश खान, खलील अहमद।

जिम्बाब्वे : तदिवनाशे मारुमनी, वेस्ले मधेवेरे, ब्रायन बेनेट, डियोन मायर्स, सिकंदर रजा (कप्तान), जॉनाथन कैंपबेल, क्लाइव मदांडे (विकेटकीपर), वेलिंगटन मसाकाद्जा, रिचर्ड नगारवा, ब्लेसिंग मुजरबानी, तेंदई चतारा।

04:03 PM, 10-Jul-2024

IND vs ZIM Live Score: भारत ने जीता टॉस, चुनी बल्लेबाजी

भारत ने जिम्बाब्वे के खिलाफ तीसरे टी20 मैच में टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी का फैसला किया है। इस मैच में संजू सैमसन (विकेटकीपर), यशस्वी जायसवाल और शिवम दुबे खेलते नजर आएंगे। मुकेश कुमार की जगह खलील अहमद को मौका मिला है। वहीं, जिम्बाब्वे की टीम दो बदलावों के साथ उतरी है।

03:42 PM, 10-Jul-2024

IND vs ZIM Live Score: गिल से कप्तानी पारी की उम्मीद

जहां तक जिम्बाब्वे का सवाल है तो उसे अपनी बल्लेबाजी में सुधार करना होगा। हरारे स्पोटर्स क्लब की पिच पर अतिरिक्त उछाल में स्पिनर रवि बिश्नोई और वाशिंगटन सुंदर को खेलना मुश्किल हो रहा था। मेजबान कप्तान सिकंदर रजा चल नहीं पा रहे, जबकि बाकी बल्लेबाज भारतीय गेंदबाजों का सामना करने में सक्षम नहीं दिख रहे। पहले मैच में 13 रन से अप्रत्याशित हार झेलने के बाद भारतीय टीम ने समय पर सही फैसला लेते हुए पांच विशेषज्ञ गेंदबाजों के साथ खेला। कप्तान गिल को पहले दो मैचों में मिली नाकामी के बाद एक अच्छी पारी खेलनी होगी।

03:41 PM, 10-Jul-2024

IND vs ZIM Live Score: सैमसन और दुबे को भी मिल सकता है मौका

यशस्वी जायसवाल प्लेइंग-11 में बी साइ सुदर्शन को रिप्लेस कर सकते हैं जो पहले दो मैचों के लिए ही स्क्वॉड में चुने गए थे। वहीं, सैमसन ध्रुव जुरेल की जगह प्लेइंग-11 में एंट्री पा सकते हैं। टी20 विश्व कप में प्लेइंग-11 का हिस्सा रहे शिवम दुबे को रियान पराग की जगह टीम में शामिल किया जा सकता है। पराग पहले टी20 में दो रन बना सके थे, जबकि दूसरे में उन्हें बल्लेबाजी का मौका नहीं मिला था।
 

03:40 PM, 10-Jul-2024

IND vs ZIM Live Score: यशस्वी-अभिषेक दोनों खेल सकते हैं

कप्तान शुभमन अंडर 14 दिनों के अपने सबसे अच्छे दोस्त के साथ यह नाइंसाफी होने नहीं देने की पूरी कोशिश करेंगे। अगर ऐसा होता है तो यशस्वी या अभिषेक में से किसी एक को बल्लेबाजी क्रम में नीचे उतरना होगा। राजस्थान रॉयल्स के लिए आईपीएल में तीसरे नंबर पर बल्लेबाजी करने वाले सैमसन को पांचवें नंबर पर उतरना पड़ सकता है और ऐसे में ऋतुराज गायकवाड़ को चौथे नंबर पर उतारा जा सकता है।

03:39 PM, 10-Jul-2024

IND vs ZIM Live Score: क्या बेंच पर बैठेंगे अभिषेक?

साथ ही ऐसा होता नहीं है कि एक यादगार पारी खेलने के बाद किसी बल्लेबाज को अगले मैच में बाहर कर दिया जाए। वैसे ईशान किशन, मनोज तिवारी और करूण नायर यह झेल चुके हैं। तिवारी को वेस्टइंडीज के खिलाफ 2011 में पहले वनडे शतक के बाद टीम से बाहर कर दिया गया था, जबकि नायर 2016 में इंग्लैंड के खिलाफ टेस्ट में तिहरा शतक लगाने के बाद टीम में जगह नहीं पा सके थे। ईशान किशन वनडे में दोहरा शतक लगाने के बाद अगले मैच में बेंच पर बैठा दिए गए थे। ऐसे में देखने वाली बात होगी कि अभिषेक को टीम में क्या रोल दिया जाता है। टीम मैनेजमेंट के लिए यह चिंता का सबब होगा।

03:39 PM, 10-Jul-2024

IND vs ZIM Live Score: कौन करेगा ओपनिंग?

बाएं हाथ के सलामी बल्लेबाज अभिषेक ने दूसरे मैच में 46 गेंद में शतक लगाया था। हालांकि, भारत की पहली पसंद की टी20 टीम में रिजर्व ओपनर होने के कारण जायसवाल का शुभमन गिल के साथ पारी की शुरूआत का दावा पुख्ता लगता है। जायसवाल ने 17 टी20 अंतरराष्ट्रीय मैचों में एक शतक और चार अर्धशतक की मदद से और 161 से अधिक के स्ट्राइक रेट से 502 रन बनाए हैं। हालांकि, भारतीय टीम आमतौर पर विनिंग कॉम्बिनेशन के साथ छेड़छाड़ नहीं करती।

03:38 PM, 10-Jul-2024

IND vs ZIM Live Score: यशस्वी जायसवाल और अभिषेक शर्मा में से एक का चयन मुश्किल

टी20 विश्व कप विजेता खिलाड़ियों की वापसी के साथ जिम्बाब्वे के खिलाफ बुधवार को यहां तीसरे टी20 मैच में भारतीय टीम के लिए यशस्वी जायसवाल और अभिषेक शर्मा में से एक का चयन काफी मुश्किल होगा। जायसवाल, संजू सैमसन और शिवम दुबे टी20 विश्व कप में भारतीय टीम का हिस्सा थे। उनकी वापसी से टीम इंडिया मजबूत हुई है। पहला टी20 गंवाने के बाद दूसरे टी20 में भारत ने जिम्बाब्वे को 100 रन से हराकर पांच मैचों की सीरीज को 1-1 से बराबर किया था। अब दोनों टीमों के बीच सीरीज का तीसरा टी20 बुधवार को हरारे स्पोर्ट्स क्लब मैदान में ही खेला जाएगा।

03:27 PM, 10-Jul-2024

IND vs ZIM: भारत ने जिम्बाब्वे को 23 रनों से हराया, लगातार दूसरे टी20 मैच में दर्ज की जीत, बनाई 2-1 से बढ़त

Live Cricket Score Today, India vs Zimbabwe 3rd T20 2024: नमस्कार! अमर उजाला के लाइव ब्लॉग में आपका स्वागत है। आज भारत और जिम्बाब्वे के बीच जारी पांच मैचों की टी20 सीरीज का तीसरा मुकाबला खेला जाएगा। इस मैच में भारतीय टीम जीत हासिल कर सीरीज में 1-2 से बढ़त बनाना चाहेगी।

और पढ़ें...
विज्ञापन
MORE
AU ऐप में पढ़ें