भारत और वेस्टइंडीज के बीच पहले टेस्ट मैच के शुरुआती दिन का खेल समाप्त हो गया है। वेस्टइंडीज ने पहले बल्लेबाजी करते हुए पहली पारी में 162 रन बनाए। भारत ने दिन का खेल खत्म होने तक पहली पारी में दो विकेट पर 121 रन बनाए हैं और वह फिलहाल विंडीज से 41 रन पीछे है। स्टंप्स के समय केएल राहुल 53 रन और शुभमन गिल 18 रन बनाकर क्रीज पर मौजूद थे। वेस्टइंडीज के लिए जेडन सिएल्स और रोस्टन चेज को एक-एक सफलता मिली है।
वेस्टइंडीज को पहली पारी में जल्द समेटने के बाद यशस्वी जायसवाल और केएल राहुल ने अच्छी शुरुआत की और पहले विकेट के लिए 68 रनों की साझेदारी की। सिएल्स ने यशस्वी को आउट कर भारत को पहला झटका दिया जो 54 गेंदों पर सात चौकों की मदद से 36 रन बनाकर आउट हुए। इसके बाद तीसरे नंबर पर बल्लेबाजी के लिए उतरे साई सुदर्शन सात रन बनाकर पवेलियन लौटे। भारतीय टीम की नजरें अब दूसरे दिन वेस्टइंडीज के खिलाफ बड़ी बढ़त हासिल करने पर टिकी होंगी।
केएल राहुल ने वेस्टइंडीज के खिलाफ अर्धशतक जड़ दिया है। राहुल का साथ कप्तान शुभमन गिल निभा रहे हैं और दोनों के बीच 30+ रनों की साझेदारी पूरी हो चुकी है।
90 के स्कोर पर भारत को दूसरा झटका लगा। कप्तान रोस्टन चेज ने साई सुदर्शन को एल्बीडब्ल्यू आउट किया। वह सात रन बना सके। फिलहाल भारतीय कप्तान शुभमन गिल और केएल राहुल क्रीज पर हैं। वेस्टइंडीज ने 162 रन बनाए थे।
भारत ने 18 ओवर में बिना विकेट गंवाए 68 रन बना लिए हैं। फिलहाल यशस्वी जायसवाल 36 रन और केएल राहुल 29 रन बनाकर क्रीज पर हैं। टीम इंडिया अब भी वेस्टइंडीज से 94 रन पीछे है।
बारिश रुकने के बाद खेल की शुरुआत हो चुकी है। भारतीय ओपनर्स केएल राहुल और यशस्वी जायसवाल क्रीज पर हैं। भारत ने बिना विकेट गंवाए 30 से ज्यादा रन बना लिए हैं।
बारिश की वजह से खेल को रोक दिया गया है। खेल रोके जाने तक तीसरे सत्र में भारत ने अपनी पहली पारी में 12.4 ओवर में बिना विकेट गंवाए 23 रन बना लिए हैं। फिलहाल यशस्वी जायसवाल चार रन और केएल राहुल 18 रन बनाकर नाबाद हैं।
भारत की पहली पारी की शुरुआत हो चुकी है। यशस्वी जायसवाल और केएल राहुल क्रीज पर हैं। दो ओवर के बाद भारत का स्कोर बिना किसी विकेट के एक रन है।
वेस्टइंडीज की पहली पारी 162 रन पर सिमट गई। टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी वेस्टइंडीज के लिए जस्टिन ग्रीव्स ने सबसे ज्यादा 32 रन बनाए। टीम साढ़े चार घंटे के अंदर ऑलआउट हो गई। भारत के लिए मोहम्मद सिराज ने चार और जसप्रीत बुमराह ने तीन विकेट लिए। इसके अलावा कुलदीप यादव को दो और वॉशिंगटन सुंदर को एक विकेट मिला। इसी के साथ अंपायर ने समय से पहले ही चायकाल का एलान किया।
वेस्टइंडीज की पारी
टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी वेस्टइंडीज की टीम की शुरुआत खराब रही। टीम ने शुरुआती घंटे में ही 42 रन पर चार विकेट गंवा दिए थे। सिराज ने तेजनारायण चंद्रपॉल (0), ब्रैंडन किंग (12) और एलिक एथनाजे (13) को पवेलियन भेजा। जबकि बुमराह ने जॉन कैंपबेल (8) को आउट किया। इसके बाद कप्तान रोस्टन चेज और शाई होप ने पांचवें विकेट के लिए 48 रन जोड़े। होप को कुलदीप यादव ने बोल्ड किया और उनके विकेट के साथ ही अंपायर ने लंच का फैसला किया। होप ने 26 रन बनाए। दूसरे सत्र में वेस्टइंडीज ने कप्तान रोस्टन चेज 24 रन बनाकर सिराज के शिकार बने। फिर सुंदर ने खेरी पियरे (11) को एल्बीडब्ल्यू आउट किया। इसके बाद बुमराह ने दो घातक यॉर्कर पर जस्टिन ग्रीव्स (32) और जोहान लेन (1) को क्लीन बोल्ड किया। कुलदीप ने वॉरिकन (8) को विकेटकीपर जुरेल के हाथों कैच कराया और वेस्टइंडीज की पारी को 162 रन पर समेट दिया।
153 के स्कोर पर वेस्टइंडीज को नौवां झटका लगा। जसप्रीत बुमराह ने जस्टिन ग्रीव्स के बाद जोहान लेन को क्लीन बोल्ड किया। वह एक रन बना सके। यह इस टेस्ट में बुमराह का तीसरा विकेट रहा। फिलहाल जेडन सील्स और जोमेल वॉरिकन क्रीज पर हैं।
वेस्टइंडीज को 150 के स्कोर पर आठवां झटका लगा। जसप्रीत बुमराह ने जस्टिन ग्रीव्स को क्लीन बोल्ड किया। वह 32 रन बना सके। फिलहाल जोमेल वॉरिकन और जोहान लेन क्रीज पर हैं।
वेस्टइंडीज को 144 के स्कोर पर सातवां झटका लगा। वॉशिंगटन सुंदर ने खैरी पियरे को एल्बीडब्ल्यू आउट किया। वह 11 रन बना सके। फिलहाल जोमेल वॉरिकन और जस्टिन ग्रीव्स क्रीज पर हैं।
ग्रीव्स और पियरे के बीच सातवें विकेट के लिए साझेदारी पनप रही है। सिराज की अगुआई में गेंदबाजों के शानदार प्रदर्शन की मदद से भारत ने पहली पारी में वेस्टइंडीज को छह झटके दिए हैं। ग्रीव्स और पियरे ने हालांकि मोर्चा संभाले रखा है।
मोहम्मद सिराज ने रोस्टन चेज को आउट कर वेस्टइंडीज को छठा झटका दिया है। सिराज अब तक पहली पारी में चार विकेट ले चुके हैं। वेस्टइंडीज की पारी लड़खड़ा गई है और उसने 105 रन के स्कोर पर छह विकेट गंवा दिए हैं। चेज 43 गेंदों पर चार चौकों की मदद से 24 रन बनाकर आउट हुए। क्रीज पर फिलहाल जस्टिन ग्रीव्स और खैरी पियरे मौजूद हैं।
पहले दिन दूसरे सत्र के खेल की शुरुआत हो चुकी है। वेस्टइंडीज ने पांच विकेट गंवाकर 90 रन से आगे खेल रही है। फिलहाल कप्तान रोस्टन चेज और जस्टिन ग्रीव्स क्रीज पर हैं।
पहले दिन लंच ब्रेक तक वेस्टइंडीज ने अपनी पहली पारी में पांच विकेट गंवाकर 90 रन बना लिए हैं। टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी वेस्टइंडीज की टीम की शुरुआत खराब रही। टीम ने शुरुआती घंटे में ही 42 रन पर चार विकेट गंवा दिए थे। सिराज ने तेजनारायण चंद्रपॉल (0), ब्रैंडन किंग (12) और एलिक एथनाजे (13) को पवेलियन भेजा। जबकि बुमराह ने जॉन कैंपबेल (8) को आउट किया। इसके बाद कप्तान रोस्टन चेज और शाई होप ने पांचवें विकेट के लिए 48 रन जोड़े। होप को कुलदीप यादव ने बोल्ड किया और उनके विकेट के साथ ही अंपायर ने लंच का फैसला किया। होप ने 26 रन बनाए। अब तक सिराज ने तीन विकेट लिए हैं, जबकि बुमराह और कुलदीप को एक-एक विकेट मिला है।
वेस्टइंडीज का चौथा विकेट गिर गया है। एलिक एथनाजे 12 रन बनाकर आउट हुए। मोहम्मद सिराज ने उन्हें आउट किया। मोहम्मद सिराज अब तक तीन विकेट ले चुके हैं। इससे पहले सिराज ने तेजनारायण चंद्रपॉल और ब्रैंडन किंग को पवेलियन भेजा था। फिलहाल कप्तान रोस्टन चेज और शाई होप क्रीज पर हैं। बुमराह को एक विकेट मिला है। उन्होंने जॉन कैंपबेल को आउट किया।
वेस्टइंडीज को 39 के स्कोर पर तीसरा झटका लगा। सिराज ने ब्रैंडन किंग को बोल्ड किया। वह 13 रन बना सके। फिलहाल कप्तान रोस्टन चेज और एलिक एथनाजे क्रीज पर हैं।
वेस्टइंडीज की टीम को 20 के स्कोर पर दूसरा झटका लगा। जसप्रीत बुमराह ने जॉन कैंपबेल को विकेटकीपर जुरेल के हाथों कैच कराया। कैंपबेल आठ रन बना सके। वहीं, इससे पहले सिराज ने तेजनारायण चंद्रपॉल को जुरेल के हाथों कैच कराया था। वह खाता नहीं खोल सके थे। फिलहाल ब्रैंडन किंग और एलिक एथनाजे क्रीज पर हैं।
वेस्टइंडीज की टीम को 12 के स्कोर पर पहला झटका लगा। मोहम्मद सिराज ने बाएं हाथ के बल्लेबाज तेजनारायण चंद्रपॉल को विकेटकीपर जुरेल के हाथों कैच कराया। तेजनारायण खाता भी नहीं खोल सके। फिलहाल जॉन कैंपबेल और एलिक एथनाजे क्रीज पर हैं।
वेस्टइंडीज टीम की पारी की शुरुआत हो चुकी है। जॉन कैंपबेल और तेजनारायण चंद्रपॉल क्रीज पर हैं। भारत की ओर से जसप्रीत बुमराह ने पहले ओवर में गेंदबाजी की और चार रन दिए।
भारत: शुभमन गिल (कप्तान), यशस्वी जयसवाल, केएल राहुल, साई सुदर्शन, ध्रुव जुरेल (विकेटकीपर), रवींद्र जडेजा, वॉशिंगटन सुंदर, नीतीश कुमार रेड्डी, कुलदीप यादव, जसप्रीत बुमराह, मोहम्मद सिराज।
वेस्टइंडीज: रोस्टन चेज (कप्तान), तेजनारायण चंद्रपॉल, जॉन कैंपबेल, एलिक एथनाजे, ब्रैंडन किंग, शाई होप (विकेटकीपर), जस्टिन ग्रीव्स, जोमेल वारिकन, खैरी पियरे, जोहान लेने, जेडेन सील्स।
वेस्टइंडीज के कप्तान रोस्टन चेज ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी का फैसला किया है। भारतीय टीम तीन स्पिनर, दो तेज गेंदबाज और नीतीश रेड्डी के रूप में एक पेस बॉलिंग ऑलराउंडर के साथ उतरी है। तीन स्पिनर रवींद्र जडेजा, वॉशिंगटन सुंदर और कुलदीप यादव हैं। जबकि दो पेसर जसप्रीत बुमराह और मोहम्मद सिराज हैं। भारतीय टीम इस मैच में अपोलो टायर्स की नई जर्सी में उतरी है। ड्रीम-11 के हटने के बाद अपोलो टायर्स ने भारतीय जर्सी की स्पॉनसरशिप खरीदी थी।
एशिया कप की खिताबी जीत के बाद भारतीय टीम घरेलू टेस्ट सत्र की शुरुआत के लिए तैयार है। गुरुवार को भारत का सामना खराब फॉर्म से जूझ रही वेस्टइंडीज टीम से होगा। पहला मुकाबला सुबह 9:30 बजे से अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम पर खेला जाएगा। इस मैच में शुभमन गिल के नेतृत्व वाली भारतीय टीम जीत के साथ सीरीज में 1-0 की बढ़त बनाने का लक्ष्य लेकर उतरेगी।
कप्तान गिल समेत भारतीय टीम के अधिकांश सदस्य और मुख्य कोच गौतम गंभीर दुबई से पहुंचे हैं और लाल गेंद के प्रारूप में खेलने के लिए तैयार हैं। इस सीरीज की अहमियत इसलिए भी है क्योंकि इससे विश्व टेस्ट चैंपियनशिप के अंक भी मिलने हैं। इंग्लैंड में टेस्ट सीरीज 2-2 से ड्रॉ कराने के बाद गिल की टीम तीसरे स्थान पर है जबकि इंग्लैंड एक अंक पीछे है। वेस्टइंडीज के खिलाफ सीरीज समेत भारत को चार घरेलू टेस्ट खेलने हैं जिनसे अधिक से अधिक अंक लेने की कोशिश होगी।
अहमदाबाद में इस बार खेलने की परिस्थतियां अलग है और पिच हरी भरी दिख रही है। मौसम उमस भरा है और टेस्ट मैच के दौरान थोड़ी बहुत बारिश की भी संभावना है। दूसरी ओर वेस्टइंडीज टीम 2025 -27 डब्ल्यूटीसी चक्र में तीन टेस्ट हार चुकी है। ऐसे में दोनों टीमों के बीच मुकाबले से ज्यादा रुचि यह जानने में है कि भारत की अंतिम एकादश क्या होगी।
पहले टेस्ट में पिच पर घास होने से भारतीय टीम संयोजन में बदलाव हो सकता है। पिछले सत्र में न्यूजीलैंड के खिलाफ टर्निंग पिचें बनाने से भारत को नुकसान हुआ था। पिछले साल अक्तूबर में भारत में आखिरी टेस्ट खेलने के बाद से टीम में बहुत कुछ बदला है। विराट कोहली, रोहित शर्मा और रविचंद्रन अश्विन जैसे दिग्गज पारंपरिक प्रारूप से विदा ले चुके हैं। अनुभवी तेज गेंदबाज मोहम्मद शमी भी अब टीम में नहीं हैं।
भारत की बल्लेबाजी और गेंदबाजी ईकाई संतुलित है और यह देखना होगा कि देवदत्त पडिक्कल के रूप में अतिरिक्त बल्लेबाज को उतारा जाता है या तेज गेंदबाजी हरफनमौला नीतीश रेड्डी को मौका मिलता है। रवींद्र जडेजा और कुलदीप यादव स्पिन गेंदबाजी का जिम्मा संभालेंगे लेकिन भारत वॉशिंगटन सुंदर या अक्षर पटेल को भी मौका दे सकता है। वॉशिंगटन ने हैंपशायर के लिए काउंटी क्रिकेट खेलने के बाद यहां पहुंचकर टीम के साथ अभ्यास किया।
करुण नायर तीसरे नंबर की जगह लेने में नाकाम रहे और अब बी साई सुदर्शन का उस क्रम पर खेलना तय है। आस्ट्रेलिया ए के खिलाफ अनौपचारिक टेस्ट में भारत ए के लिए नाबाद 176 रन बनाने वाले केएल राहुल उस लय को कायम रखना चाहेंगे। इंग्लैंड दौरे के बाद से यशस्वी जायसवाल को भी लंबा ब्रेक मिल चुका है। वह एशिया कप या ए टीम के साथ नहीं खेले हैं। एशिया कप में मिला जुला प्रदर्शन करने वाले गिल इंग्लैंड दौरे वाला फॉर्म हासिल करना चाहेंगे जहां उन्होंने पांच टेस्ट में 754 रन बनाए थे।
जसप्रीत बुमराह अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में वेस्टइंडीज के खिलाफ पहले टेस्ट में भारतीय गेंदबाजी आक्रमण की अगुवाई करने के लिए पूरी तरह तैयार हैं। गौरतलब है कि बुमराह कार्यभार प्रबंधन के कारण इंग्लैंड दौरे पर आखिरी टेस्ट मैच में नहीं खेल पाए थे। दूसरी ओर वेस्टइंडीज टीम जमैका में आस्ट्रेलिया के खिलाफ दिन रात के टेस्ट में अपने न्यूनतम स्कोर 27 रन पर आउट हो गई । उसे कई पहलुओं पर काम करना होगा। चोट के कारण तेज गेंदबाज शामार जोसेफ और अलजारी जोसेफ के बाहर होने से गेंदबाजी की धार भी कुंद हुई है जिससे टीम को बायें हाथ के दो स्पिनरों पर निर्भर रहना होगा। तेज गेंदबाज जेडेन सील्स और स्पिनर जोमेल वारिकन पर बड़ी जिम्मेदारी होगी। क्रेग ब्रेथवेट को टीम में शामिल नहीं करने के बाद अब बल्लेबाजी का जिम्मा तेजनारायण चंद्रपॉल और एलिक अथानाजे पर होगा । दोनों आस्ट्रेलिया के खिलाफ नहीं खेले थे लेकिन पिछली बार भारत के खिलाफ सीरीज का हिस्सा थे।
नमस्कार! अमर उजाला के लाइव ब्लॉग में आपका स्वागत है। आज से भारत और वेस्टइंडीज के बीच दो मैचों की टेस्ट सीरीज का पहला मुकाबला अहमदाबाद में खेला जाएगा। विश्व टेस्ट चैंपियनशिप के लिहाज से यह दोनों टेस्ट भारत के लिए काफी महत्वपूर्ण है। नए कप्तान शुभमन गिल के नेतृत्व में टीम इंडिया अपनी दूसरी टेस्ट सीरीज खेलेगी।