फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

WI vs IND 5th T20: वेस्टइंडीज ने पांचवें टी20 में भारत को आठ विकेट से हराया, टीम इंडिया ने सीरीज भी गंवाई

Mon, 14 Aug 2023 12:37 AM IST
स्वप्निल शशांक स्पोर्ट्स डेस्क, अमर उजाला, लॉडरहिल

खास बातें

West Indies vs India T20 2023 : भारत और वेस्टइंडीज के बीच पांच मैचों की टी20 सीरीज का पांचवां और आखिरी मुकाबला फ्लोरिडा के लॉडरहिल में खेला गया। पहले दो टी20 में शिकस्त के बाद भारतीय टीम ने जबरदस्त वापसी करते हुए तीसरा और चौथा टी20 अपने नाम किया था। हालांकि, पांचवें टी20 में आठ विकेट से हार के साथ टीम इंडिया 2-3 से सीरीज भी हार गई।
विज्ञापन
निकोलस पूरन और ब्रैंडन किंग - फोटो : सोशल मीडिया
विज्ञापन

लाइव अपडेट

12:33 AM, 14-Aug-2023

वेस्टइंडीज ने भारत को आठ विकेट से हराया

वेस्टइंडीज ने भारत को पांच मैचों की टी20 सीरीज के पांचवें और आखिरी निर्णायक मुकाबले में आठ विकेट से हरा दिया। इस जीत के साथ ही वेस्टइंडीज ने इस टी20 सीरीज पर भी 3-2 से कब्जा जमा लिया है। फ्लोरिडा के लॉडरहिल में खेले गए पांचवें मुकाबले में पहले बल्लेबाजी करते हुए भारत ने 20 ओवर में नौ विकेट गंवाकर 165 रन बनाए थे। जवाब में वेस्टइंडीज ने 18 ओवर में दो विकेट गंवाकर लक्ष्य हासिल कर लिया। पहले दो टी20 में वेस्टइंडीज की टीम ने जीत हासिल की थी। इसके बाद टीम इंडिया ने वापसी करते हुए तीसरा और चौथा टी20 जीता था। हालांकि, पांचवां टी20 गंवाने के साथ ही भारतीय टीम ने सीरीज भी गंवा दिया। वेस्टइंडीज के लिए निकोलस पूरन और ब्रैंडन किंग ने 107 रन की साझेदारी कर भारत को मैच और सीरीज जीतने से दूर रखा। ब्रैंडन किंग 55 गेंदों में 85 रन बनाकर नाबाद रहे। 

इस मैच के साथ ही भारत का वेस्टइंडीज दौरा भी समाप्त हो गया। भारत ने दो मैचों की टेस्ट सीरीज 1-0 से जीती थी। पहला टेस्ट भारत ने पारी और 141 रन से जीता था। दूसरा टेस्ट ड्रॉ रहा था। इसके बाद तीन मैचों की वनडे सीरीज टीम इंडिया ने 2-1 से अपने नाम की। पहला वनडे भारत ने 5 विकेट से जीता। दूसरे वनडे में विंडीज ने वापसी करते हुए 6 विकेट से जीत हासिल की। तीसरा वनडे भारत ने रिकॉर्ड 200 रन से अपने नाम किया। पांच मैचों की टी20 सीरीज का पहला मुकाबला वेस्टइंडीज ने चार रन तो दूसरा टी20 दो विकेट से अपने नाम किया। भारत ने तीसरा टी20 सात विकेट और चौथा टी20 नौ विकेट से अपने नाम किया। अब भारतीय टीम आयरलैंड के खिलाफ तीन मैचों की टी20 सीरीज खेलेगी। उसकी शुरुआत 18 अगस्त से होगी। 

12:14 AM, 14-Aug-2023

IND vs WI Live: वेस्टइंडीज को दूसरा झटका

वेस्टइंडीज को 14वें ओवर में दूसरा झटका लगा। तिलक वर्मा अंतरराष्ट्रीय करियर में पहली बार गेंदबाजी के लिए आए और अपनी दूसरी ही गेंद पर निकोलस पूरन को हार्दिक पांड्या के हाथों कैच कराया। पूरन ने 35 गेंदों में 47 रन की पारी खेली। उन्होंने अपनी पारी में एक चौका और चार छक्के लगाए। पूरन और किंग के बीच 107 रन की साझेदारी हुई। 14 ओवर के बाद वेस्टइंडीज का स्कोर दो विकेट पर 124 रन है। वेस्टइंडीज को 42 रन की जरूरत है। फिलहाल ब्रैंडन किंग और शाई होप क्रीज पर हैं।

11:35 PM, 13-Aug-2023

IND vs WI Live: खराब मौसम की वजह से रुका खेल

12.3 ओवर में खराब मौसम की वजह से खेल रोक दिया गया है। वेस्टइंडीज ने एक विकेट गंवाकर 117 रन बना लिए हैं। वेस्टइंडीज सीरीज जीतने और भारत पर सीरीज गंवाने का खतरा मंडरा रहा है। ब्रैंडन किंग ने टी20 अंतरराष्ट्रीय करियर का सातवां अर्धशतक लगाया। उन्होंने छक्के के साथ अर्धशतक पूरा किया। वहीं, निकोलस पूरन 46 रन बनाकर नाबाद हैं। वेस्टइंडीज को 49 गेंदों में 45 रन की जरूरत है।

विज्ञापन
11:20 PM, 13-Aug-2023

IND vs WI Live: वेस्टइंडीज को 70 रन की जरूरत

10 ओवर के बाद वेस्टइंडीज ने एक विकेट गंवाकर 96 रन बना लिए हैं। धीरे-धीरे वेस्टइंडीज की टीम लक्ष्य के साथ-साथ सीरीज जीत की ओर बढ़ रही है। फिलहाल ब्रैंडन किंग 45 रन और निकोलस पूरन 34 रन बनाकर क्रीज पर हैं। वेस्टइंडीज को 60 गेंदों में 70 रन की जरूरत है।

10:58 PM, 13-Aug-2023

IND vs WI Live: वेस्टइंडीज की बेहतरीन शुरुआत

छह ओवर के बाद वेस्टइंडीज ने एक विकेट गंवाकर 61 रन बना लिए हैं। फिलहाल ब्रैंडन किंग 21 गेंदों में 29 रन और निकोलस पूरन 10 गेंदों में 20 रन बनाकर बल्लेबाजी कर रहे हैं। वेस्टइंडीज को 84 गेंदों में 105 रन की जरूरत है। दोनों के बीच अर्धशतकीय साझेदारी भी हो चुकी है।

विज्ञापन
10:30 PM, 13-Aug-2023

IND vs WI Live: वेस्टइंडीज को पहला झटका

वेस्टइंडीज को दूसरे ओवर में 12 के स्कोर पर पहला झटका लगा। अर्शदीप सिंह ने काइल मेयर्स को यशस्वी जायसवाल के हाथों कैच कराया। वह पांच गेंदों में एक चौका और एक छक्के की मदद से 10 रन बनाकर आउट हुए। फिलहाल निकोलस पूरन और ब्रैंडन किंग क्रीज पर हैं।

10:08 PM, 13-Aug-2023

IND vs WI Live: भारत ने 166 रन का लक्ष्य दिया

भारत ने फ्लोरिडा के लॉडरहिल में खेले जा रहे पांचवें और निर्णायक टी20 में वेस्टइंडीज के सामने 166 रन का लक्ष्य रखा है। टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए टीम इंडिया ने 20 ओवर में नौ विकेट गंवाकर 165 रन बनाए। भारत की ओर से सूर्यकुमार यादव ने सबसे ज्यादा 61 रन बनाए। वहीं, वेस्टइंडीज के लिए रोमारियो शेफर्ड ने चार विकेट झटके। मैच में बारिश ने भी खलल डाला, लेकिन अंपायर पूरे 20 ओवर का खेल कराने में कामयाब रहे।

भारतीय पारी
पहले बल्लेबाजी करते हुए टीम इंडिया की शुरुआत खराब रही थी। पहले ही ओवर में भारत ने यशस्वी जायसवाल का विकेट गंवा दिया था। वह चार गेंदों में पांच रन बना सके। इसके बाद तीसरे ओवर में शुभमन गिल भी नौ गेंदों में नौ रन बनाकर पवेलियन चलते बने। दोनों को अकील होसेन ने पवेलियन भेजा। 17 रन पर दो विकेट गंवाने के बाद भारतीय पारी को तिलक वर्मा और सूर्यकुमार यादव ने संभाला। दोनों ने तीसरे विकेट के लिए 49 रन की साझेदारी निभाई। इस साझेदारी को रोस्टन चेज ने अपनी ही गेंद पर बेहतरीन कैच लेकर तोड़ा। उन्होंने तिलक का कैच अपनी ही गेंद पर लपका। तिलक 18 गेंदों में तीन चौके और दो छक्के की मदद से 27 रन बनाकर आउट हुए। 

सूर्यकुमार यादव का अर्धशतक
इस बीच सूर्यकुमार यादव ने टी20 अंतरराष्ट्रीय पारी का 15वां अर्धशतक लगाया। उन्होंने 38 गेंदों पर फिफ्टी पूरी की। अल्जारी जोसेफ की गेंद पर छक्का लगाकर सूर्या ने अर्धशतक पूरा किया। संजू सैमसन, कप्तान हार्दिक पांड्या एक बार फिर फेल रहे। सैमसन नौ गेंदों में दो चौके की मदद से 13 रन और हार्दिक 18 गेंदों में एक छक्के की मदद से 14 रन बनाकर आउट हुए। अक्षर पटेल 10 गेमदों में 13 रन और अर्शदीप सिंह चार गेंदों में आठ रन बनाकर आउट हुए। कुलदीप यादव खाता भी नहीं खोल सके। सैमसन, हार्दिक, अर्शदीप और कुलदीप को शेफर्ड ने आउट किया। इस तरह टीम इंडिया 165 रन बना सकी। शेफर्ड के अलावा अकील होसेन और होल्डर को दो-दो विकेट मिले। रोस्टन चेज को एक विकेट मिला।

09:56 PM, 13-Aug-2023

IND vs WI Live: बारिश ने फिर रोका खेल

बारिश ने एक बार फिर खलल डाला है। खेल को एक बार फिर रोका गया है। पिच को कवर कर दिया गया है। बारिश की वजह से दूसरी बार खेल रुकने तक टीम इंडिया ने 19.4 ओवर में आठ विकेट पर 161 रन बना लिए थे। अक्षर पटेल नौ गेंदों में 13 रन और युजवेंद्र चहल क्रीज पर मौजूद हैं। 

09:48 PM, 13-Aug-2023

IND vs WI Live: सूर्या के बाद अर्शदीप भी आउट

भारत को सूर्यकुमार यादव के रूप में छठा झटका लगा। जेसन होल्डन ने सूर्या को एल्बीडब्ल्यू आउट किया। सूर्या 45 गेंदों में चार चौके और तीन छक्के की मदद से 61 रन बनाकर आउट हुए। इसके बाद 19वें ओवर की चौथी गेंद पर रोमारियो शेफर्ड ने अर्शदीप सिंह को क्लीन बोल्ड किया। अर्शदीप चार गेंदों में एक छक्के की मदद से आठ रन बनाकर आउट हुए। इसके बाद पांचवीं गेंद पर शेफर्ड ने कुलदीप यादव को एल्बीडब्ल्यू आउट किया। कुलदीप खाता भी नहीं खोल सके। हालांकि, शेफर्ड हैट्रिक से चूक गए। 19 ओवर के बाद भारत का स्कोर आठ विकेट पर 149 रन है।

09:42 PM, 13-Aug-2023

IND vs WI Live: कप्तान हार्दिक आउट

बारिश के बाद का खेल शुरू हो चुका है। भारत को 17वें ओवर में कप्तान हार्दिक पांड्या का विकेट गंवाना पड़ा। वह 18 गेंदों में 14 रन बनाकर आउट हुए। उन्हें रोमारियो शेफर्ड ने जेसन होल्डर के हाथों कैच कराया। फिलहाल सुर्यकुमार यादव 56 रन और अक्षर पटेल दो रन बनाकर क्रीज पर हैं। 17 ओवर के बाद भारत का स्कोर पांच विकेट पर 133 रन है।

09:21 PM, 13-Aug-2023

IND vs WI Live: सूर्यकुमार का अर्धशतक, बारिश की वजह से रुका खेल

सूर्यकुमार यादव ने 38 गेंदों में टी20 अंतरराष्ट्रीय करियर का 15वां अर्धशतक लगाया। उन्होंने अल्जारी जोसेफ की गेंद पर छक्का लगाकर अर्धशतक पूरा किया। 16वें ओवर में बारिश की वजह से खेल रोक दिया गया। 16वें ओवर की पांच गेंदें फेंकी जा चुकी थीं। बारिश की वजह से खेल रोके जाने तक भारत ने 15.5 ओवर में चार विकेट गंवाकर 121 रन बना लिए हैं। फिलहाल सूर्यकुमार यादव 39 गेंदों में तीन चौके और तीन छक्के की मदद से 53 रन और कप्तान हार्दिक पांड्या 16 गेंदों में महज आठ रन बनाकर क्रीज पर हैं। दोनों के बीच अब तक 33 गेंदों में 34 रन की साझेदारी हो चुकी है।

09:01 PM, 13-Aug-2023

IND vs WI Live: भारत को चौथा झटका

भारत को 11वें ओवर में 87 के स्कोर पर चौथा झटका लगा। रोमारियो शेफर्ड ने संजू सैमसन को विकेटकीपर निकोलस पूरन के हाथों कैच कराया। सैमसन नौ गेंदों में 13 रन बना सके। फिलहाल कप्तान हार्दिक पांड्या और सूर्यकुमार यादव क्रीज पर हैं। 11 ओवर के बाद भारत का स्कोर चार विकेट पर 89 रन है। इससे पहले तिलक वर्मा 18 गेंदों में तीन चौके और दो छक्के की मदद से 27 रन बनाकर आउट हुए थे।

08:41 PM, 13-Aug-2023

IND vs WI Live: तिलक वर्मा कैच आउट

भारत को आठवें ओवर में 66 के स्कोर पर तीसरा झटका लगा। रोस्टन चेज ने तिलक वर्मा का दाईं ओर डाइव लगाते हुए बेहतरीन कैच लपका। तिलक 18 गेंदों में तीन चौके और दो छक्के की मदद से 27 रन बनाकर आउट हुए। उन्होंने सूर्यकुमार के साथ तीसरे विकेट के लिए 49 रन की साझेदारी निभाई। आठ ओवर के बाद भारत का स्कोर तीन विकेट पर 67 रन है। फिलहाल संजू सैमसन और सूर्यकुमार यादव क्रीज पर हैं।

08:30 PM, 13-Aug-2023

IND vs WI Live: तिलक-सूर्यकुमार की आक्रामक बल्लेबाजी

छह ओवर के बाद भारत ने दो विकेट गंवाकर 51 रन बना लिए हैं। फिलहाल तिलक वर्मा 10 गेंदों में 20 रन और सूर्यकुमार यादव 13 गेंदों में 15 रन बनाकर बल्लेबाजी कर रहे हैं। दोनों के बीच अब तक 34 रन की साझेदारी हो चुकी है। इससे पहले शुभमन गिल नौ रन और यशस्वी जायसवाल पांच रन बनाकर आउट हुए। दोनों को बाएं हाथ के स्पिनर अकील होसेन ने आउट किया था।

08:13 PM, 13-Aug-2023

IND vs WI Live: भारत को दूसरा झटका

भारत को तीसरे ओवर में 17 के स्कोर पर दूसरा झटका लगा। अकील होसेन ने शुभमन गिल को एल्बीडब्ल्यू आउट किया। वह नौ गेंदों में नौ रन बना सके। शुभमन ने डीआरएस का इस्तेमाल भी नहीं किया। वहीं, रिव्यू में दिखा कि अगर शुभमन ने डीआरएस का इस्तेमाल किया होता तो बच जाते, क्योंकि गेंद लेग स्टंप को मिस कर रही थी। तीन ओवर के बाद भारत का स्कोर दो विकेट पर 17 रन है। फिलहाल तिलक वर्मा और सूर्यकुमार यादव क्रीज पर हैं।

08:03 PM, 13-Aug-2023

IND vs WI Live: भारत को पहले ही ओवर में झटका

भारत को पहले ही ओवर में छह के स्कोर पर बड़ा झटका लगा। यशस्वी जायसवाल बड़े शॉट के चक्कर में अपना विकेट गंवा बैठे। वह चार गेंदों में पांच रन बनाकर आउट हुए। उनका कैच अकील होसेन ने अपनी ही गेंद पर लपका। एक ओवर के बाद टीम इंडिया का स्कोर एक विकेट पर छह रन है। फिलहाल शुभमन गिल और सूर्यकुमार यादव क्रीज पर हैं।

07:37 PM, 13-Aug-2023

IND vs WI Live: दोनों टीमें इस प्रकार हैं

वेस्टइंडीज: ब्रैंडन किंग, काइल मेयर्स, शाई होप, निकोलस पूरन (विकेटकीपर), रोवमन पॉवेल (कप्तान), शिमरोन हेटमायर, जेसन होल्डर, रोस्टन चेज, रोमारियो शेफर्ड, अकील होसेन, अल्जारी जोसेफ।

भारत: यशस्वी जयसवाल, शुभमन गिल, सूर्यकुमार यादव, तिलक वर्मा, हार्दिक पंड्या (कप्तान), संजू सैमसन (विकेटकीपर), अक्षर पटेल, कुलदीप यादव, अर्शदीप सिंह, युजवेंद्र चहल, मुकेश कुमार।

07:34 PM, 13-Aug-2023

IND vs WI Live: भारत ने टॉस जीतकर बैटिंग चुनी

भारतीय कप्तान हार्दिक पांड्या ने टॉस जीतकर पहले बैटिंग करने का फैसला लिया है। हार्दिक ने बताया कि वह प्लेइंग-11 में बिना किसी बदलाव के खेलेंगे। वहीं, वेस्टइंडीज के कप्तान रोवमन पॉवेल ने प्लेइंग-11 में दो बदलाव किए हैं। रोस्टन चेज और अल्जारी जोसेफ की प्लेइंग-11 में वापसी हुई है।

06:07 PM, 13-Aug-2023

IND vs WI Live: वेस्टइंडीज में बदलाव की संभावना ज्यादा

वेस्टइंडीज के कप्तान रोवमन पॉवेल ने पहले ही बदलाव की बात कही थी। इसी वजह से वेस्टइंडीज की टीम बदलाव करती रही है, लेकिन लगातार दो हार के बाद अब कैरिबियाई टीम पर सीरीज हारने का दबाव होगा। इस मैच में भी पॉवेल अपनी टीम में बदलाव कर सकते हैं। ओडियम स्मिथ की जगह अल्जारी जोशेफ को टीम में शामिल किया जा सकता है। इसके अलावा टीम में कोई बदलाव होने की संभावना नहीं है।

06:06 PM, 13-Aug-2023

IND vs WI Live: आवेश और उमरान को मिल सकता है मौका

कप्तान हार्दिक पांड्या इस मैच में आवेश खान और उमरान मलिक को मौका दे सकते थे, लेकिन यह सीरीज का निर्णायक मैच है और जीत के साथ हार्दिक अपनी कप्तानी में कोई टी20 सीरीज न हारने का रिकॉर्ड बरकरार रखना चाहेंगे। दबाव में भारतीय टीम ने दो मुकाबलों में अच्छा प्रदर्शन किया है और सीरीज जीतकर हार्दिक पूरी टीम का आत्मविश्वास बेहतर करना चाहेंगे। 

06:05 PM, 13-Aug-2023

IND vs WI Live: भारतीय बल्लेबाजी क्रम में हो सकता है बदलाव

भारतीय टीम के बल्लेबाजी क्रम में जरूर बदलाव हो सकता है। शुभमन गिल और यशस्वी जायसवाल का पारी की शुरुआत करना तय है। तीसरे नंबर पर सूर्यकुमार यादव खेल रहे थे, लेकिन चौथे टी20 में तिलक वर्मा को इस क्रम में भेजा गया। अब पांचवें मैच में एक बार फिर सूर्या इस स्थान पर बल्लेबाजी के लिए आ सकते हैं। इसके अलावा भारतीय टीम में बदलाव की संभावना नहीं है।

05:56 PM, 13-Aug-2023

WI vs IND 5th T20: वेस्टइंडीज ने पांचवें टी20 में भारत को आठ विकेट से हराया, टीम इंडिया ने सीरीज भी गंवाई

नमस्कार! अमर उजाला के लाइव ब्लॉग में आपका स्वागत है। आज भारत और वेस्टइंडीज के बीच पांच मैचों की टी20 सीरीज का पांचवां और आखिरी मुकाबला फ्लोरिडा के लॉडरहिल में खेला जा रहा है। यह सीरीज फिलहाल 2-2 से बराबर है। ऐसे में इस निर्णायक मुकाबले को जीतने वाली टीम टी20 सीरीज पर भी कब्जा कर लेगी। पहले दो टी20 में शिकस्त के बाद भारतीय टीम ने जबरदस्त वापसी करते हुए तीसरा और चौथा टी20 अपने नाम किया। अब टीम इंडिया की नजर सीरीज जीतने पर होगी।

विज्ञापन
MORE
AU ऐप में पढ़ें