भारत ने वेस्टइंडीज को 200 रन से हराकर सीरीज भी अपने नाम कर ली है। शार्दुल ठाकुर ने जायडेन सेल्स को एक रन के स्कोर पर आउट कर वेस्टइंडीज की पारी खत्म की। वेस्टइंडीज की टीम 352 रन का पीछा करते हुए सिर्फ 151 रन ही बना सकी और 200 रन से मैच हार गई। इस सीरीज का पहला मैच भारत ने पांच विकेट से जीता था। वहीं, वेस्टइंडीज ने दूसरा मैच छह विकेट से जीतकर बराबरी की। भारत ने तीसरा मैच 200 रन से जीता और सीरीज अपने नाम की।
इस मैच में भारत ने टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करते हुए पांच विकेट पर 351 रन बनाए। शुभमन गिल ने 85 और ईशान किशन ने 77 रन बनाए। कप्तान हार्दिक ने नाबाद 70 और संजू सैमसन ने 51 रन की पारी खेली। वेस्टइंडीज के लिए रोमारियो शेफर्ड ने दो विकेट लिए। इसके जवाब में वेस्टइंडीज की टीम सिर्फ 151 रन ही बना सकी। सबसे ज्यादा नाबाद 39 रन गुदाकेश मोती ने बनाए। वेस्टइंडीज के सात बल्लेबाज दहाई का आंकड़ा पार नहीं कर पाए। भारत के लिए शार्दुल ठाकुर ने चार और मुकेश कुमार ने तीन विकेट लिए। कुलदीप यादव को दो और जयदेव उनादकट को एक विकेट मिला।
अब दोनों टीमों के बीच पांच टी20 मैचों की सीरीज खेली जाएगी।
143 रन के स्कोर पर वेस्टइंडीज का नौवां विकेट गिरा है। शार्दुल ठाकुर ने अल्जारी जोशेफ को आउट किया। जोशेफ ने 39 गेंद में 26 रन बनाए। उन्होंने अपनी पारी में एक चौके और दो छक्के लगाए।
अल्जारी जोशेफ और गुदाकेश मोती के बीच अर्धशतकीय साझेदारी हो चुकी है। वेस्टइंडीज का स्कोर आठ विकेट पर 150 रन के करीब है। इस मैच में वेस्टइंडीज की हार लगभग तय है, लेकिन ये दोनों भारत का इंतजार बढ़ा रहे हैं।
आठ विकेट के नुकसान पर वेस्टइंडीज का स्कोर 100 रन के पार जा चुका है। अल्जारी जोशेप और गुदाकेश मोती क्रीज पर हैं। वेस्टइंडीज की हार लगभग तय हो चुकी है। हालांकि, ये दोनों वेस्टइंडीज की पारी को आगे बढ़ा रहे हैं। 30 ओवर के बाद वेस्टइंडीज का स्कोर आठ विकेट पर 128 रन है।
88 रन के स्कोर पर वेस्टइंडीज का आठवां विकेट गिरा है। यानिका कारिया 33 गेंद में 19 रन बनाकर आउट हो चुके हैं। कुलदीप यादव ने उन्हें विकेटों के सामने फंसाया। अब अल्जारी जोशेफ और गुदाकेश मोती क्रीज पर हैं।
75 रन के स्कोर पर वेस्टइंडीज का सातवां विकेट गिरा है। एलिक अथानजे को कुलदीप यादव ने क्लीन बोल्ड किया। अथानजे ने 50 गेंद में 32 रन बनाए। अब यानिक कारिया और अल्जारी जोशेप क्रीज पर हैं।
50 रन के स्कोर पर वेस्टइंडीज के छह विकेट गिर चुके हैं। रोमारियो शेफर्ड के रूप में विंडीज को छठा झटका लगा। शार्दुल ठाकुर ने उन्हें जयदेव उनादकट के हाथों कैच कराया। शेफर्ड ने आठ गेंद में दो चौकों की मदद से आठ रन बनाए। अब एलिक अथानजे और यानिक कारिया क्रीज पर हैं।
40 रन के स्कोर पर वेस्टइंडीज की आधी टीम पवेलियन लौट चुकी है। हेटमायर के रूप में वेस्टइंडीज को पांचवां झटका लगा। शार्दुल ठाकुर ने उन्हें सूर्यकुमार यादव के हाथों कैच कराया। हेटमायर ने छह गेंद में चार रन बनाए। अब एलिक अथानजे के साथ रोमारियो शेफर्ड क्रीज पर हैं।
35 रन पर वेस्टइंडीज का चौथा विकेट गिरा है। केसी कार्टी 12 गेंद में छह रन बनाकर आउट हो चुके हैं। जयदेव उनाटकट ने उन्हें शुभमन गिल के हाथों कैच कराया। अब वेस्टइंडीज की टीम मुश्किल में आ चुकी है। एलिक अथानजे के साथ शिमरन हेटमायर क्रीज पर हैं।
17 रन के स्कोर पर वेस्टइंडीज का तीसरा विकेट गिरा है। शाई होप नौ गेंद में पांच रन बनाकर आउट हो चुके हैं। मुकेश कुमार ने उन्हें शुभमन गिल के हाथों कैच कराया। अब एलिक अथानजे के साथ केसी कार्टी क्रीज पर हैं। आठ ओवर के बाद वेस्टइंडीज का स्कोर तीन विकेट पर 25 रन है।
सात रन के स्कोर पर वेस्टइंडीज के दोनों सलामी बल्लेबाज आउट हो चुके हैं। मुकेश कुमार ने काइल मेयर्स को क्लीन बोल्ड किया। मेयर्स ने 10 गेंद में चार रन बनाए। अब एलिक अथानजे और कप्तान शाई होप क्रीज पर हैं। पांच ओवर के बाद वेस्टइंडीज का स्कोर दो विकेट पर 15 रन है।
352 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए वेस्टइंडीज की शुरुआत बेहद खराब रही है। एक रन के स्कोर पर ही वेस्टइंडीज का पहला विकेट गिर चुका है। ब्रेंडन किंग खाता खोले बिना आउट हो चुके हैं। उन्होंने पांच गेंदों का सामना किया, लेकिन कोई रन नहीं बना सके। मुकेश कुमार ने उन्हें विकेटो के पीछे ईशान किशन के हाथों कैच कराया। अब काइल मेयर्स के साथ एलिक अथानजे क्रीज पर हैं।
भारत ने पहले बल्लेबाजी करते हुए पांच विकेट पर 351 रन बनाए हैं। इस पारी में भारत के लिए चार बल्लेबाजों ने अर्धशतक लगाए, लेकिन कोई अपने शतक तक नहीं पहुंच सका। सबसे ज्यादा 85 रन का योगदान शुभमन गिल ने दिया। ईशान किशन ने 77, हार्दिक पांड्या ने नाबाद 70 और संजू सैमसन ने 51 रन बनाए। सूर्यकुमार यादव 35 रन बनाकर आउट हुए। वेस्टइंडीज के लिए रोमारियो शेफर्ड ने दो विकेट लिए। अल्जारी जोसेप, गुदाकेश मोती और यानिक कारिया को एक-एक विकेट मिला। हालांकि, मोती के अलावा वेस्टइंडीज के सभी गेंदबाज रन रोकने में नाकाम रहे।
वेस्टइंडीज के सामने सीरीज जीतने के लिए 352 रन का विशाल लक्ष्य है।
भारत की शानदार शुरुआत
टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी भारतीय टीम को शुभमन गिल और ईशान किशन ने एक बार फिर शानदार शुरुआत दिलाई। दोनों ने पहले विकेट के लिए 143 रन जोड़े। वेस्टइंडीज में यह वनडे में भारत के लिए सबसे बड़ी सलामी साझेदारी है। इन दोनों ने 2017 का धवन और रहाणे का रिकॉर्ड तोड़ा। किशन ने शुरुआत से ही आक्रामक बल्लेबाजी की और लगातार तीसरे मैच में अर्धशतक लगाया। वह 77 रन बनाकर स्पिनर कारिया के खिलाफ बड़ा शॉट खेलने के प्रयास में स्टंप आउट हुए। तीसरे नंबर पर आए ऋतुराज आठ रन बनाकर चलते बने, लेकिन चौथे नंबर पर बल्लेबाजी के लिए संजू सैमसन ने ताबड़तोड़ बल्लेबाजी की। वह 41 गेंद में चार छक्के और दो चौके की मदद से 51 रन बनाकर आउट हुए।
फिनिशर के रोल में चमके हार्दिक
शुभमन गिल अर्धशतक लगाकर क्रीज पर बने हुए थे और बड़े स्कोर की तरफ बढ़ रहे थे, लेकिन 85 रन के स्कोर पर गुदाकेश मोती की असामान्य उछाल वाली गेंद पर वह कैच आउट हो गए। इसके बाद कप्तान हार्दिक ने सूर्यकुमार के साथ मिलकर भारत की पारी को आगे बढ़ाया। सूर्या छठे नंबर पर बेहतर दिखे और 35 रन बनाकर बड़ा शॉट खेलने के प्रयास में आउट हुए। अंत में हार्दिक ने तूफानी अंदाज में रन बनाए और 52 गेंद में 70 रन बनाकर नाबाद रहे। उन्होंने चार चौके और पांच छक्के लगाए। अंत में भारतीय टीम पांच विकेट खोकर 351 रन बनाने में सफल रही। वेस्टइंडीज के लिए रोमारियो शेफर्ड ने दो विकेट लिए। अल्जारी जोसेप, गुदाकेश मोती और यानिक कारिया को एक-एक विकेट मिला। हालांकि, मोती के अलावा वेस्टइंडीज के सभी गेंदबाज रन रोकने में नाकाम रहे।
हार्दिक पांड्या ने 45 गेंद में अपना अर्धशतक पूरा कर लिया है। उन्होंने काफी धीमी शुरुआत की थी, लेकिन बाद में आक्रामक बल्लेबाजी की है और टीम को बेहतर स्थिति में ले आए हैं। भारतीय टीम बड़े स्कोर तक पहुंच चुकी है। 49 ओवर के बाद भारत का स्कोर पांच विकेट पर 333 रन है।
309 रन के स्कोर पर भारत का पांचवां विकेट गिरा है। सूर्यकुमार यादव 30 गेंद में 35 रन बनाकर आउट हो चुके हैं। उन्होंने अपनी पारी में दो छक्के और दो चौके लगाए। रोमारियो शेफर्ड ने उन्हें कारिया के हाथों कैच कराया। अब हार्दिक पांड्या के साथ रवींद्र जडेजा क्रीज पर हैं। 48 ओवर के बाद भारत का स्कोर पांच विकेट पर 323 रन है।
भारत का स्कोर चार विकेट पर 300 रन के पार जा चुका है। हार्दिक पांड्या और सूर्यकुमार यादव शानदार बल्लेबाजी कर रहे हैं और टीम इंडिया को बड़े स्कोर की तरफ ले जा रहे हैं। 46 ओवर के बाद भारत का स्कोर चार विकेट पर 305 रन है।
कप्तान हार्दिक पांड्या और सूर्यकुमार यादव के बीच पांचवें विकेट के लिए अर्धशतकीय साझेदारी हो चुकी है। दोनों बल्लेबाज सूझबूझ के साथ खेल रहे हैं और टीम इंडिया को बेहतर स्थिति में ले जा चुके हैं। 45 ओवर के बाद भारत का स्कोर चार विकेट पर 295 रन है।
चार विकेट पर भारत का स्कोर 250 रन के पार जा चुका है। हार्दिक पांड्या और सूर्यकुमार यादव क्रीज पर हैं। दोनों संभलकर खेल रहे हैं। क्रीज पर नजरें जमाने के बाद ये दोनों तेज गति से रन बनाने की कोशिश करेंगे।
शुभमन गिल 92 गेंद में 85 रन बनाकर आउट हो चुके हैं। उन्होंने अपनी पारी में 11 चौके लगाए। गुदाकेश मोती ने उन्हें कारिया के हाथों कैच कराया। इसके साथ ही गिल अपने शतक से चूक गए। अब कप्तान हार्दिक के साथ सूर्यकुमार यादव क्रीज पर हैं। 40 ओवर के बाद भारत का स्कोर चार विकेट पर 247 रन है।
संजू सैमसन 41 गेंद में 51 रन की शानदार पारी खेलकर आउट हो चुके हैं। रोमारियो शेफर्ड ने उन्हें शिमरन हेटमायर के हाथों कैच कराया। अब शुभमन गिल के साथ कप्तान हार्दिक पांड्या क्रीज पर हैं। 33 ओवर के बाद भारत का स्कोर तीन विकेट पर 231 रन है।
संजू सैमसन ने 39 गेंद में अपना अर्धशतक पूरा कर लिया है। वनडे क्रिकेट में यह उनका तीसरा अर्धशतक है। सैमसन ने अपनी पारी में अब तक चार छक्के और दो चैके लगाए हैं। उनकी शानदार पारी के चलते टीम इंडिया पहले ही अच्छे स्कोर तक पहुंच चुकी है। अब अंत के ओवरों में भारत तेजी से रन बनाकर विशाल स्कोर खड़ा करना चाहेगा।
दो विकेट पर भारत का स्कोर 200 रन के पार जा चुका है। शुभमन गिल और संजू सैमसन क्रीज पर हैं। दोनों के बीच अर्धशतकीय साझेदारी हो चुकी है। गिल अर्धशतक लगाकर खेल रहे हैं और सैमसन भी अपने अर्धशतक के करीब पहुंच गए हैं।
154 रन के स्कोर पर भारत का दूसरा विकेट गिरा है। ऋतुराज गायकवाड़ 14 गेंद में आठ रन बनाकर आउट हो चुके हैं। अल्जारी जोशेप ने उन्हें स्लिप में ब्रेंडन किंग के हाथों कैच कराया। अब गिल के साथ संजू सैमसन क्रीज पर हैं। 25 ओवर के बाद भारत का स्कोर दो विकेट पर 175 रन है।
एक विकेट के नुकसान पर भारत का स्कोर 150 रन के पार जा चुका है। शुभमन गिल और ऋतुराज गायकवाड़ क्रीज पर हैं। दोनों संभलकर खेल रहे हैं और बड़ी साझेदारी कर रहे हैं। ऋतुराज क्रीज पर नजरें जमाने के बाद तेज गति से रन बनाने की कोशिश करेंगे। वहीं, गिल की कोशिश अंत तक एक छोर संभालकर बल्लेबाजी करने की होगी।
143 रन के स्कोर पर भारत का पहला विकेट गिरा है। ईशान किशन 64 गेंद में 77 रन बनाकर आउट हो चुके हैं। उन्होंने अपनी पारी में आठ चौके और तीन छक्के लगाए। कारिया ने उन्हें विकेटकीपर शाई होप के हाथों स्टंप आउट कराया। अब गिल के साथ ऋतुराज क्रीज पर हैं।
ईशान किशन के बाद शुभमन गिल ने भी अपना अर्धशतक पूरा कर लिया है। गिल ने इसके लिए 51 गेंदों का सामना किया। उन्होंने पहले विकेट के लिए किशन के साथ शतकीय साझेदारी की है और टीम इंडिया को शानदार शुरुआत दिलाई है। गिल और किशन बड़े स्कोर की नींव रख चुके हैं। इस मैच में टीम इंडिया 300 रन से ज्यादा का स्कोर बना सकती है। 19 ओवर के बाद भारत का स्कोर बिना किसी नुकसान के 141 रन है।
ईशान किशन ने लगातार तीसरे मैच में अपना अर्धशतक पूरा कर लिया है। उन्होंने इसके लिए 43 गेंदों का सामना किया। किशन की शानदार पारी के चलते टीम इंडिया बड़े स्कोर की तरफ बढ़ रही है। बिना किसी नुकसान के भारत का स्कोर 100 रन के पार जा चुका है।
पहले बल्लेबाजी करते हुए शुभमन गिल और ईशान किशन ने भारतीय टीम को शानदार शुरुआत दिलाई है। पावरप्ले के अंदर भारत का स्कोर बिना किसी नुकसान के 50 रन के पार जा चुका है। नौ ओवर के बाद भारत का स्कोर बिना किसी नुकसान के 69 रन है।
ईशान किशन और शुभमन गिल ने भारत को शानदार शुरुआत दिलाई है। दोनों अच्छी गति से रन बना रहे हैं। सात ओवर के बाद भारत का स्कोर बिना किसी नुकसान के 40 रन है।
पहले बल्लेबाजी करते हुए भारतीय टीम ने अच्छी शुरुआत की है। ईशान किशन तेजी से रन बना रहे हैं और शुभमन गिल क्रीज पर अपनी नजरें जमा रहे हैं। दो ओवर के बाद भारत का स्कोर बिना किसी नुकसान के 11 रन है।
वेस्टइंडीज: ब्रेंडन किंग, काइल मेयर्स, एलिक अथानजे, शाई होप (विकेटकीपर/कप्तान), शिमरन हेटमायर, कीसी कार्टी, रोमारियो शेफर्ड, यानिक कारिया, अल्जारी जोसेफ, गुडाकेश मोती, जायडेन सेल्स।
भारत: ईशान किशन (विकेटकीपर), शुभमन गिल, ऋतुराज गायकवाड़, संजू सैमसन, सूर्यकुमार यादव, हार्दिक पांड्या (कप्तान), रवींद्र जडेजा, शार्दुल ठाकुर, जयदेव उनादकट, कुलदीप यादव, मुकेश कुमार।
वेस्टइंडीज ने कप्तान शाई होप ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया है। इस सीरीज में दोनों मैच पहले गेंदबाजी करने वाली टीम ही जीती है। ऐसे में होप ने एक बार फिर यही फैसला किया है। वेस्टइंडीज की टीम में कोई बदलाव नहीं है। वहीं, भारतीय टीम दो बदलाव के साथ मैदान में उतरी है। अक्षर पटेल और उमरान मलिक की जगह ऋतुराज गायकवाड़ और जयदेव उनादकट को टीम में शामिल किया गया है।
इस सीरीज के पहले मैच में वेस्टइंडीज की टीम 114 रन ही बना पाई थी और पांच विकेट से यह मैच हार गई थी। विराट कोहली इस मुकाबले में बल्लेबाजी के लिए नहीं आए थे। रोहित ने भी सातवें नंबर पर बल्लेबाजी की थी। दूसरे मैच में रोहित और विराट नहीं खेले। ऐसे में टीम इंडिया 181 रन पर सिमट गई और वेस्टइंडीज ने छह विकेट से मैच जीता। अब तीसरा मैच जीतने वाली टीम सीरीज अपने नाम करेगी।
Live Cricket Score, India vs West Indies (IND vs WI) 3rd ODI: नमस्कार, अमर उजाला के लाइव ब्लॉग में आपका स्वागत है। भारत और वेस्टइंडीज के बीच वनडे सीरीज का तीसरा और निर्णायक मुकाबला त्रिनिदाद के ब्रायन लारा स्टेडियम में है। दोनों टीमें एक-एक मैच जीत चुकी हैं और तीन मैच की सीरीज में 1-1 की बराबरी पर हैं। यह मैच जीतने वाली टीम सीरीज भी अपने नाम करेगी।