पांच मैचों की टी20 सीरीज में टीम इंडिया ने हार के साथ शुरुआत की। मेजबान वेस्टइंडीज ने रोमांचक मैच में उसे चार रन से हरा दिया। विंडीज कप्तान रोवमन पॉवेल ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी का फैसला किया। उनकी टीम ने 20 ओवर में छह विकेट पर 149 रन बनाए। टीम इंडिया 150 रन के आसान लक्ष्य को हासिल नहीं कर सकी और 20 ओवर में नौ विकेट पर 145 रन ही बना सकी।
भारतीय बल्लेबाजों ने इस मैच में निराशाजनक प्रदर्शन किया। डेब्यू करने वाले तिलक वर्मा को छोड़ दें तो सबने निराश किया। तिलक ने टीम के लिए सबसे ज्यादा 39 रन बनाए। उनके अलावा कोई भी बल्लेबाज 30 रन का आंकड़ा पार नहीं कर सका। धीमे विकेट पर भारतीय बल्लेबाज सेट होने के बाद आउट होते गए। इसका खामियाजा टीम को भुगतना पड़ा। सूर्यकुमार यादव ने 21, कप्तान हार्दिक पांड्या ने 19, अक्षर पटेल ने 13, संजू सैमसन और अर्शदीप सिंह ने 12-12 रन बनाए। ईशान किशन छह और शुभमन गिल तीन रन बनाकर आउट हुए।
भारत को आखिरी पांच ओवर में जीत के लिए 37 रन बनाने थे। उस समय टीम का स्कोर चार विकेट पर 113 रन था। हार्दिक पांड्या और संजू सैमसन क्रीज पर थे। यहां से लग रहा था कि टीम इंडिया लक्ष्य को आसानी से जीत लेगा, लेकिन ऐसा नहीं हुआ। हार्दिक पांड्या के रूप में टीम को पांचवां झटका लगा। उनके बाद संजू सैमसन के रन आउट होते ही टीम की उम्मीदें समाप्त हो गईं। अर्शदीप ने आखिरी ओवरों में कुछ दर्शनीय शॉट लगाए, लेकिन वह टीम को जीत दिलाने के लिए काफी नहीं थे। दोनों टीमों के बीच सीरीज का दूसरा मुकाबला रविवार (छह अगस्त) को गुयाना में खेला जाएगा।
भारत को सातवां झटका ओबेड मैकॉय ने दिया। उन्होंने अक्षर पटेल को आउट कर भारत की बड़ी उम्मीद तोड़ दी। अक्षर 11 गेंद पर 13 रन बनाकर आउट हुए। भारत को अब जीत के लिए 10 गेंद पर 21 रन चाहिए। कुलदीप यादव के साथ अर्शदीप सिंह क्रीज पर हैं।
113 रन के स्कोर पर भारत के छह विकेट गिर चुके हैं। संजू सैमसन 12 गेंद में 12 रन बनाकर रन आउट हुए। काइल मेयर्स ने सटीक थ्रो के चलते उन्हें पवेलियन जाना पड़ा। अब टीम इंडिया मुश्किल में आ गई है। अक्षर पटेल के साथ कुलदीप यादव क्रीज पर हैं। 16 ओवर के बाद भारत का स्कोर छह विकेट पर 113 रन है।
चार विकेट के नुकसान पर भारतीय टीम का स्कोर 100 रन के पार जा चुका है। संजू सैमसन और हार्दिक पांड्या क्रीज पर हैं। दोनों सूझ-बूझ के साथ खेल रहे हैं और टीम इंडिया को लक्ष्य के करीब ले जा रहे हैं। ये दोनों अंत के ओवरों में तेजी से रन बनाकर टीम इंडिया को जीत दिलाना चाहेंगे। भारत को जीत के लिए आखिरी 30 गेंदों में 37 रन की जरूरत है।
भारतीय टीम को चौथा झटका तिलक वर्मा के रूप में लगा। 11वें ओवर की आखिरी गेंद पर तिलक को रोमारियो शेफर्ड ने आउट किया। उनका कैच हेटमायर ने लिया। तिलक ने 22 गेंद पर 39 रन बनाए। उन्होंने अपनी पारी में दो चौके और तीन छक्के लगाए।
भारत को तीसरा झटका सूर्यकुमार यादव के रूप में लगा। वह 21 गेंद पर 21 रन बनाकर आउट हुए। जेसन होल्डर की गेंद पर शिमरॉन हेटमायर ने उनका कैच लिया। भारत ने 10 ओवर में तीन विकेट पर 70 रन बना लिए हैं। तिलक वर्मा 18 गेंद पर 33 रन बनाकर नाबाद हैं। हार्दिक पांड्या तीन गेंद पर दो रन बनाकर खेल रहे हैं।
लक्ष्य का पीछा करते हुए भारत के 50 रन पूरे हो गए हैं। उसने सात ओवर में दो विकेट पर 50 रन बना लिए हैं। सूर्यकुमार यादव 15 गेंद पर 19 और तिलक वर्मा नौ गेंद पर 17 रन बनाकर नाबाद हैं।
भारत को पांचवें ओवर में दूसरा झटका लगा। ओबेड मैकॉय ने पांचवीं गेंद पर ईशान किशन को आउट कर दिया। किशन नौ गेंद पर छह रन बनाकर रोवमन पॉवेल को कैच थमा बैठे। भारत ने पांच ओवर में दो विकेट पर 28 रन बनाए हैं। सूर्यकुमार यादव के साथ तिलक वर्मा क्रीज पर हैं।
शुभमन गिल का बल्ला इस मैच में नहीं चला। वह नौ गेंद पर तीन रन बनाकर आउट हो गए। तीसरे ओवर की दूसरी गेंद पर अकील हुसैन ने उन्हें आउट कर दिया। अकील की गेंद को बाउंड्री के बाहर भेजने के प्रयास में शुभमन गिल विकेटकीपर जॉनसन चार्ल्स के हाथों स्टंप हो गए।
150 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए भारत की बल्लेबाजी शुरू हो चुकी है। शुभमन गिल और ईशान किशन ने पारी की शुरुआत की है। इन दोनों ने वनडे सीरीज में भारत को लगातार अच्छी शुरुआत दी थी। अब टी20 में भी इन दोनों से ऐसी ही उम्मीद होगी। शानदार फॉर्म में चल रहे ईशान किशन से इस पारी में भी अर्धशतक की उम्मीद होगी। वेस्टइंडीज के लिए अकील हुसैन ने पारी की शुरुआत की। एक ओवर का खेल होने के बाद भारत का स्कोर बिना किसी नुकसान के तीन रन है।
वेस्टइंडीज ने पहले बल्लेबाजी करते हुए छह विकेट पर 149 रन बनाए हैं। वेस्टइंडीज के लिए सबसे ज्यादा 48 रन कप्तान रोवमन पॉवेल ने बनाए। वहीं, निकोलस पूरन ने 41 रन की पारी खेली। ब्रेंडन किंग ने 28 रन का योगदान दिया। भारत के लिए युजवेन्द्र चहल और अर्शदीप सिंह ने दो-दो विकेट लिए। हार्दिक पांड्या और कुलदीप यादव को एक-एक विकेट मिला।
वेस्टइंडीज की पारी में क्या हुआ
टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए वेस्टइंडीज ने शानदार शुरुआत की। ब्रेंडन किंग ने पहले ओवर से ही बड़े शॉट खेलना शुरू कर दिया और शुरुआत दो ओवर में वेस्टइंडीज का स्कोर 20 रन के पार जा चुका था। हालांकि, दूसरे छोर पर काइल मेयर्स लय में नहीं थे। कप्तान हार्दिक ने पांचवां ओवर चहल को दिया और चहल ने मेयर्स को विकेटों के सामने फंसाया। हालांकि, गेंद स्टंप से बाहर जा रही थी, लेकिन मेयर्स ने रिव्यू नहीं लिया और पवेलियन लौट गए। मेयर्स ने सात गेंद में एक रन बनाया। अगली गेंद पर जॉनसन चॉर्ल्स ने एक रन लिया और ओवर की तीसरी गेंद पर चहल ने किंग को भी विकेटों के सामने फंसा लिया। किंग ने 19 गेंद में 28 रन बनाए। एक ही ओवर में दो विकेट गंवाने के बाद वेस्टइंडीज की टीम दबाव में आ गई।
चौथे नंबर पर आए पूरन ने चौके के साथ शुरुआत की और मैच में टीम को बनाए रखा, लेकिन चार्ल्स बड़ा शॉट खेलने के प्रयास में कुलदीप का शिकार बने। तिलक वर्मा ने शानदार कैच पकड़कर उन्हें पवेलियन भेजा। चार्ल्स ने छह गेंद में तीन रन बनाए। इसके बाद कप्तान रोवमन पॉवेल ने पूरन के साथ मिलकर चौथे विकेट के लिए 38 रन की साझेदारी की। इसके बाद पूरन भी बड़ा शॉट खेलने के प्रयास में हार्दिक पांड्या का शिकार बने। पूरन ने 34 गेंद में 41 रन बनाए। पूरन के बाद हेटमायर भी बड़ा शॉट खेलने के प्रयास में आउट हुए। उन्होंने 12 गेंद में सिर्फ 10 रन बनाए। अंत में कप्तान पॉवेल भी 32 गेंद में 48 रन बनाकर आउट हो गए। अर्शदीप ने उन्हें सूर्यकुमार यादव के हाथों कैच कराया।
अर्शदीप ने भारतीय पारी के 19वें ओवर में चार वाइड गेंद की। इस वजह से टीम इंडिया तय समय पर 20वां ओवर नहीं शुरू कर सकी और आखिरी ओवर में सिर्फ चार फील्डर 30 गज के दायरे के बाहर थे। हालांकि, वेस्टइंडीज की टीम इसका फायदा नहीं उठा सकी और 20 ओवर में छह विकेट खोकर 149 रन ही बना पाई। भारत के लिए अर्शदीप सिंह और युजवेन्द्र चहल ने दो-दो विकेट लिए। कुलदीप यादव और हार्दिक पांड्या को एक-एक विकेट मिला।
वेस्टइंडीज के कप्तान रोवमन पॉवेल अपने अर्धशतक से चूक गए हैं। अर्शदीप सिंह ने उन्हें सूर्यकुमार यादव का हाथों कैच कराया। पॉवेल ने तीन चौके और तीन छक्कों की मदद से 32 गेंद में 48 रन बनाए। अब रोमारियो शेफर्ड और जेसन होल्डर क्रीज पर हैं।
भारत को पांचवीं सफलता अर्शदीप सिंह ने दिलाई। उन्होंने शिमरॉन हेटमायर को अक्षर पटेल के हाथों कैच कराया। हेटमायर ने 12 गेंद पर 10 रन बनाए। वेस्टइंडीज ने 18.1 ओवर में पांच विकेट पर 134 रन बना लिए हैं। कप्तान रोवमन पॉवेल 48 रन बनाकर नाबाद हैं। हेटमायर के बाद रोमारियो शेफर्ड बल्लेबाजी के लिए आए हैं।
भारतीय कप्तान हार्दिक पांड्या ने 15वें ओवर की पहली गेंद पर टीम इंडिया को बड़ी सफलता दिलाई। उन्होंने निकोलस पूरन को तिलक वर्मा के हाथों कैच कराया। पूरन ने मैचमें शानदार बल्लेबाजी की, लेकिन वह अर्धशतक पूरा नहीं कर पाए। वह 34 गेंद पर 41 रन बनाकर आउट हुए। इस दौरान पूरन ने दो चौके और दो छक्के लगाए। वेस्टइंडीज ने 15.1 ओवर में चार विकेट पर 96 रन बना लिए हैं। रोवमन पॉवेल 20 रन बनाकर नाबाद हैं। पूरन के आउट होने के बाद शिमरॉन हेटमायर क्रीज पर आए हैं।
वेस्टइंडीज की पारी के 10 ओवर समाप्त हो गए हैं। उसने तीन विकेट पर 69 रन बना लिए हैं। निकोलस पूरन 21 गेंद पर 33 और रोवमन पॉवेल सात गेंद पर तीन रन बनाकर नाबाद हैं।
वेस्टइंडीज को तीसरा झटका जॉनसन चार्ल्स के रूप में लगा। उनका बल्ला पहले टी20 में नहीं चला। वह छह गेंद पर तीन रन बनाकर आउट हुए। कुलदीप की गेंद को वह बाउंड्री के बाहर भेजना चाहते थे, लेकिन गेंद हवा में ज्यादा ऊपर चली गई। पहला मैच खेल रहे तिलक वर्मा ने आगे की ओर दौड़ते हुए शानदार कैच लिया। वेस्टइंडीज आठ ओवर में तीन विकेट पर 61 रन बना लिए हैं। निकोलस पूरन 14 गेंद पर 27 और कप्तान रोवमन पॉवेल दो गेंद पर एक रन बनाकर नाबाद हैं।
वेस्टइंडीज को पहला झटका युजवेंद्र चहल ने दिया। उन्होंने पांचवें ओवर की पहली गेंद पर कायेल मेयर्स को एलबीडब्ल्यू कर दिया। मेयर्स सात गेंद पर एक रन ही बना सके। चहल ने उनके बाद ब्रेंडन किंग को भी पवेलियन भेज दिया। किंग तीसरी गेंद पर एलबीडब्ल्यू हो गए। वेस्टइंडीज ने पांच ओवर में दो विकेट पर 40 रन बना लिए हैं। निकोलस पूरन तीन गेंद पर 10 और जॉनसन चार्ल्स एक गेंद पर एक रन बनाकर नाबाद हैं।
वेस्टइंडीज की पारी शुरू हो गई है। उसके ओपनर ब्रेंडन किंग और कायेल मेयर्स क्रीज पर उतरे हैं। भारत के लिए गेंदबाजी की शुरुआत अर्शदीप सिंह ने की है। वेस्टइंडीज ने एक ओवर में बिना किसी नुकसान के सात रन बना लिए हैं।
भारत: शुभमन गिल, ईशान किशन (विकेटकीपर), सूर्यकुमार यादव, तिलक वर्मा, हार्दिक पांड्या (कप्तान), संजू सैमसन, अक्षर पटेल, कुलदीप यादव, युजवेंद्र चहल, अर्शदीप सिंह, मुकेश कुमार।
वेस्टइंडीज: कायेल मेयर्स, ब्रेंडन किंग, जॉनसन चार्ल्स (विकेटकीपर), निकोलस पूरन, शिमरॉन हेटमायर, रोवमन पॉवेल (कप्तान), जेसन होल्डर, रोमारियो शेफर्ड, अकील हुसैन, अल्जारी जोसेफ, ओबेड मैकॉय।
वेस्टइंडीज के कप्तान रोवमन पॉवेल ने भारत के खिलाफ टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया है। भारतीय टीम पहले गेंदबाजी करेगी। भारत के लिए मुकेश कुमार और तिलक वर्मा ने डेब्यू किया है।
भारत के लिए दो खिलाड़ियों को इस मैच में डेब्यू करने का मौका मिलेगा। तेज गेंदबाज मुकेश कुमार और मध्यक्रम के बल्लेबाज तिलक वर्मा का नाम तय हो गया है। दोनों अपना पहला टी20 मैच खेलेंगे।
नमस्कार, अमर उजाला के लाइव ब्लॉग में आपका स्वागत है। भारत और वेस्टइंडीज के बीच पांच टी20 मैचों की सीरीज का पहला मुकाबला गुरुवार (तीन अगस्त) को खेला जाएगा। दोनों टीमों के बीच यह मुकाबला त्रिनिदाद के ब्रायन लारा स्टेडियम में होगा। इससे पहले टीम इंडिया दो टेस्ट मैचों की सीरीज में1-0 और तीन वनडे मैचों की सीरीज में 2-1 से जीती थी। टी20 में भारत की नजर जीत के साथ शुरुआत करने पड़ होगी।