फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

IND vs WI 1st ODI Live: भारत तीन रन से जीता ,आखिरी ओवर में वेस्टइंडीज नहीं बना सका 15 रन, सिराज जीत के हीरो

Sat, 23 Jul 2022 03:22 AM IST
रोहित राज स्पोर्ट्स डेस्क, अमर उजाला, त्रिनिदाद

खास बातें

Live Cricket Score, India vs West Indies (IND vs WI) 1st ODI:   नमस्कार, अमर उजाला के लाइव ब्लॉग में आपका स्वागत है। इंग्लैंड दौरे के बाद भारतीय टीम अब वेस्टइंडीज में है। वहां तीन वनडे मैचों की सीरीज का पहला मुकाबला त्रिनिदाद में खेला गया। भारत ने रोमांचक मैच में वेस्टइंडीज को तीन रन से हरा दिया। इस जीत के साथ ही टीम इंडिया ने तीन वनडे मैचों की सीरीज में 1-0 की बढ़त हासिल कर ली। दूसरा मुकाबला इसी मैदान पर 24 जुलाई को खेला जाएगा।
विज्ञापन
मोहम्मद सिराज, युजवेंद्र चहल और दीपक हुड्डा - फोटो : सोशल मीडिया
विज्ञापन

लाइव अपडेट

03:15 AM, 23-Jul-2022

IND vs WI Live Score: भारत रोमांचक मैच में जीता

भारत ने रोमांचक मैच में वेस्टइंडीज को तीन रन से हरा दिया। आखिरी ओवर में वेस्टइंडीज को 15 रन बनाने थे, लेकिन सिराज ने सिर्फ 11 रन दिए। भारत ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 50 ओवर में सात विकेट पर 308 रन बनाए थे। विंडीज को जीत के लिए 309 रन बनाने थे, लेकिन वह 50 ओवर में छह विकेट पर 305 रन ही बना सका। उसके लिए कायेल मेयर्स ने सबसे ज्यादा 75 रन बनाए। ब्रैंडन किंग ने 54, शामराह ब्रूक्स ने 46 और निकोलस पूरन ने 25 रन बनाए।

आखिरी ओवरों में रोमारियो शेफर्ड में 25 गेंद पर नाबाद 39 रन और अकील हुसैन ने 32 गेंद पर नाबाद 33 रन बनाए। दोनों ने सातवें विकेट के लिए 33 गेंद पर नाबाद 53 रन की साझेदारी कर मैच को रोमांचक बनाया। आखिरी गेंद पर शेफर्ड को जीत के लिए एक छक्के की जरूरत थी, लेकिन ऐसा नहीं कर सके। भारत के लिए मोहम्मद सिराज, शार्दुल ठाकुर और युजवेंद्र चहल ने दो-दो विकेट लिए। टीम इंडिया ने सीरीज में 1-0 की बढ़त हासिल कर ली है।

02:45 AM, 23-Jul-2022

IND vs WI Live Score: चहल ने ब्रैंडन किंग को किया आउट

कप्तान शिखर धवन ने 45वें ओवर में गेंदबाजी के लिए अनुभवी लेग स्पिनर युजवेंद्र चहल को बुलाया। चहल ने अपने कप्तान को निराश नहीं किया। उन्होंने खतरनाक लग रहे ब्रैंडन किंग को पवेलियन भेज दिया। किंग 66 गेंद पर 54 रन बनाकर पवेलियन लौट गए। उन्होंने अपनी पारी में दो चौके और दो छक्के लगाए। किंग के आउट होने के बाद रोमारियो शेफर्ड आए हैं। वेस्टइंडीज ने 45 ओवर में छह विकेट पर 255 रन बना लिए हैं। उसे जीत के लिए 30 गेंद पर 54 रन और बनाने हैं।

02:35 AM, 23-Jul-2022

IND vs WI Live Score: वेस्टइंडीज को सात ओवर में चाहिए 64 रन

वेस्टइंडीज ने 43 ओवर में पांच विकेट पर 245 रन बना लिए हैं। उसे जीत के लिए 42 गेंदों पर 64 रन और बनाने हैं। ब्रैंडन किंग ने अर्धशतक लगाकर मैच में अपनी टीम को बनाए रखा है। किंग ने वेस्टइंडीज में अपने वनडे करियर का पहला अर्धशतक लगाया है। यह उनके करियर का तीसरा अर्धशतक है। भारत को जीत के लिए हर हाल में विकेट चाहिए।

विज्ञापन
02:03 AM, 23-Jul-2022

IND vs WI Live Score: नहीं चले रोवमन पॉवेल

लंबे-लंबे छक्के लगाने के लिए मशहूर रोवमन पॉवेल का बल्ला इस मैच में नहीं चला। युजवेंद्र चहल ने उन्हें 37वें ओवर में आउट कर दिया। चहल की गेंद पर पॉवेल ने स्लिप में दीपक हुड्डा को कैच थमा दिया। उनके आउट होने के बाद अकील हुसैन बल्लेबाजी के लिए उतरे हैं। दूसरे छोर पर ब्रैंडन किंग 29 रन बनाकर मौजूद हैं। वेस्टइंडीज ने 37 ओवर में पांच विकेट पर 197 रन बना लिए हैं। उसे जीत के लिए 112 रन और बनाने हैं।

01:56 AM, 23-Jul-2022

IND vs WI Live Score: विंडीज का चौथा विकेट गिरा

वेस्टइंडीज को चौथा झटका मोहम्मद सिराज ने दिया। कप्तान शिखर धवन ने उन्हें 36वें ओवर में गेंदबाजी के लिए बुलाया। सिराज ने पहली ही गेंद पर विपक्षी कप्तान निकोलस पूरन को पवेलियन भेज दिया। सिराज की गेंद पर बड़ा शॉट खेलने के प्रयास में पूरन मिड-ऑन पर प्रसिद्ध कृष्णा को कैच थमा बैठे। उन्होंने 26 गेंद पर 25 रन बनाए। इस दौरान दो छक्के लगाए। पूरन ने ब्रैंडन किंग के साथ 56 गेंदों पर 51 रनों की साझेदारी की।

विज्ञापन
01:42 AM, 23-Jul-2022

IND vs WI Live Score: निकोलस पूरन और ब्रैंडन किंग टिके

तीन विकेट गिर जाने के बाद कप्तान निकोलस पूरन और ब्रैंडन किंग ने टीम को संभाल लिया है। दोनों ने चौथे विकेट के लिए 43 गेंदों पर 44 रन की साझेदारी कर ली है। वेस्टइंडीज ने 33 ओवर में तीन विकेट पर 182 रन बना लिए हैं। किंग 25 और पूरन 21 रन बनाकर नाबाद हैं। विंडीज को जीत के लिए 127 रन और चाहिए। अगर दोनों बल्लेबाज क्रीज पर टिके रहे तो यह स्कोर ज्यादा बड़ा नहीं है। भारत को जीत के लिए लगातार विकेट चाहिए। उसे इस साझेदारी को जल्द से जल्द तोड़ना होगा।

01:11 AM, 23-Jul-2022

IND vs WI Live Score: भारत को मिली बड़ी सफलता

'लॉर्ड शार्दुल' के नाम से मशहूर शार्दुल ठाकुर फिर से भारतीय टीम के संकटमोचक साबित हुए। उन्होंने उस समय दो विकेट लिए, जब टीम को उसकी सबसे ज्यादा जरूरत थी। उन्होंने पहले शामराह ब्रूक्स को और फिर कायेल मेयर्स को आउट कर दिया। मेयर्स ज्यादा खतरनाक दिख रहे थे। उन्होंने 68 गेंद पर 75 रन बना लिए थे। 26वें ओवर की पांचवीं गेंद पर मेयर्स ने विकेटकीपर संजू सैमसन को कैच थमा दिया। उन्होंने अपनी पारी में 10 चौके और एक छक्का लगाया। ब्रेंडन किंग और निकोलस पूरन क्रीज पर हैं।

01:01 AM, 23-Jul-2022

IND vs WI Live Score: ब्रूक्स अर्धशतक से चूके

भारत को जिस विकेट की तलाश थी वह शार्दुल ठाकुर ने दिलाई। उन्होंने शॉर्ट गेंद पर शामराह ब्रूक्स को आउट कर दिया। ब्रूक्स छक्का मारने के प्रयास में डीप स्क्वायर लेग बाउंड्री पर श्रेयस अय्यर के हाथों लपके गए। उन्होंने कायेल मेयर्स के साथ दूसरे विकेट के लिए 117 रनों की साझेदारी की। ब्रूक्स ने 61 गेंद पर 46 रन बनाए। वह अपने चौथे वनडे अर्धशतक से चार रन दूर रह गए। वेस्टइंडीज ने 24 ओवर में दो विकेट पर 132 रन बना लिए हैं। उसे जीत के लिए 175 रन और बनाने हैं। कायेल मेयर्स 74 रन बनाकर नाबाद हैं।

12:51 AM, 23-Jul-2022

IND vs WI Live Score: ब्रूक्स और मेयर्स की शतकीय साझेदारी

शामराह ब्रूक्स और कायेल मेयर्स ने दूसरे विकेट के लिए शतकीय साझेदारी पूरी कर ली है। शार्दुल ठाकुर 22वां ओवर लेकर आए। पहली ही गेंद पर शामराह ब्रूक्स ने सामने की ओर छक्का मारा। इस छक्के से उन्होंने शतकीय साजेदारी पूरी की। ब्रूक्स अर्धशतक के करीब हैं। वहीं, कायेल मेयर्स 68 रन बनाकर खेल रहे हैं। वेस्टइंडीज ने 22 ओवर में एक विकेट पर 125 रन बना लिए हैं।

12:27 AM, 23-Jul-2022

IND vs WI Live Score: मेयर्स और ब्रूक्स ने की अर्धशतकीय साझेदारी

शाई होप के आउट होने के बाद शाई होप और शामराह ब्रूक्स ने वेस्टइंडीज को संभाल लिया है। दोनों ने दूसरे विकेट के लिए 70 से ज्यादा रनों की साझेदारी कर ली है। मेयर्स ने अर्धशतक पूरा कर लिया है। यह वनडे में उनका पहला अर्धशतक है। इससे पहले उन्होंने एक शतक लगाया था। वहीं, ब्रूक्स ने भी 30 रन के आंकड़े को पार कर लिया है। भारतीय कप्तान शिखर धवन इस जोड़ी को तोड़ने के लिए लगातार गेंदबाजी में बदलाव कर रहे हैं, लेकिन उन्हें सफलता नहीं मिल रही।

12:08 AM, 23-Jul-2022

IND vs WI Live Score: पावरप्ले में वेस्टइंडीज ने बनाए 52 रन

वेस्टइंडीज ने पहले पावरप्ले (शुरुआती 10 ओवर) में 52 रन बनाए। इस दौरान उसने सिर्फ एक ही विकेट गंवाया। शाई होप के आउट होने के बाद कायेल मेयर्स और शामराह ब्रूक्स ने पारी को संभाला। ब्रूक्स ने कुछ अच्छे शॉट लगाए और टीम को 50 रन के पार पहुंचाया। वह 19 गेंद पर 18 और मेयर्स 23 गेंद पर 26 रन बनाकर नाबाद हैं।

11:41 PM, 22-Jul-2022
भारत बनाम वेस्टइंडीज लाइव स्कोर: शाई होप का विकेट लेने के बाद मोहम्मद सिराज - फोटो : सोशल मीडिया

IND vs WI Live Score: सिराज ने दिलाई पहली सफलता

वेस्टइंडीज को पहला झटका मोहम्मद सिराज ने दिया। उन्होंने पांचवें ओवर की पांचवीं गेंद पर अनुभवी शाई होप को आउट कर दिया। होप थर्ड मैन की ओर बाउंड्री लगाने के प्रयास में शार्दुल ठाकुर के हाथों लपके गए। उन्होंने 18 गेंद पर सिर्फ सात रन बनाए। इस दौरान उनके बल्ले से एक चौका निकला। होप के आउट होने के बाद शामराह ब्रूक्स क्रीज पर आए हैं।

11:22 PM, 22-Jul-2022

IND vs WI Live Score: वेस्टइंडीज की पारी शुरू

वेस्टइंडीज की पारी शुरू हो गई है। उसे जीत के लिए 50 ओवर में 309 रन बनाने हैं। ओपनिंग के लिए शाई होप के साथ कायेल मेयर्स उतरे हैं। होप लंबी पारी खेलने के लिए मशहूर हैं। वहीं, मेयर्स तेजी से रन बनाने के लिए जाने जाते हैं। टीम इंडिया शुरुआती विकेट लेकर वेस्टइंडीज की टीम पर दबाव बनाना चाहेगी। भारत के लिए मोहम्मद सिराज ने पहला ओवर किया। वेस्टइंडीज ने पहले ओवर में तीन रन बनाए।

10:50 PM, 22-Jul-2022

IND vs WI Live Score: भारत ने बनाए 308 रन

भारत ने 50 ओवर में सात विकेट पर 308 रन बनाए। उसके लिए कप्तान शिखर धवन ने सर्वाधिक 97 रन बनाए। शुभमन गिल ने 64 और श्रेयस अय्यर ने 54 रन की पारी खेली। इन तीनों के अलावा कोई भी बल्लेबाज बड़ा स्कोर नहीं बना सका। मध्यक्रम में सूर्यकुमार यादव, संजू सैमसन और दीपक हुड्डा फेल रहे। दीपक हुड्डा 32 गेंद पर 27, सूर्यकुमार यादव 14 गेंद पर 13 और संजू सैमसन 18 गेंद पर 12 रन बनाकर आउट हुए। टीम इंडिया ने 35 ओवर में 225 रन बना लिए थे। यहां से ऐसा लग रहा था कि 350 के करीब स्कोर पहुंच जाएगा, लेकिन मध्यक्रम के फेल हो जाने के कारण आखिरी 15 ओवर में सिर्फ 83 रन ही बने। शार्दुल ठाकुर सात और मोहम्मद सिराज एक रन बनाकर नाबाद रहे। अक्षर पटेल ने 21 गेंद पर 21 रन का योगदान दिया। वेस्टइंडीज के लिए गुडाकेश मोती और अल्जारी जोसेफ ने दो-दो विकेट लिए। रोमारियो शेफर्ड और अकील हुसैन को एक-एक सफलता मिली।

10:10 PM, 22-Jul-2022

IND vs WI Live Score: संजू सैमसन का नहीं चला बल्ला

भारतीय पारी धीरे-धीरे पटरी से उतरने लगी है। आठ ओवर के अंदर टीम इंडिया को तीसरा झटका लगा है। संजू सैमसन 43वें ओवर में एलबीडब्ल्यू आउट हो गए। रोमारिया शेफर्ड की गेंद लेग स्टंप पर थी और संजू उसे लेग साइड में खेलना चाहते थे, लेकिन गेंद बल्ले से नहीं लगी। पैड पर गेंद लगने के बाद रोमारियो ने जोरदार अपील की और अंपायर ने सैमसन को आउट दिया। सैमसन ने 18 गेंद पर एक छक्के की मदद से 12 रन बनाए। दीपक हुड्डा और अक्षर पटेल क्रीज पर हैं। दोनों के ऊपर टीम को 300 रन के पार पहुंचाने की जिम्मेदारी है।

09:52 PM, 22-Jul-2022

IND vs WI Live Score: सूर्यकुमार सस्ते में आउट

श्रेयस अय्यर के आउट होने के कुछ समय बाद सूर्यकुमार यादव भी पवेलियन लौट गए। तेजी से रन बनाने के लिए प्रसिद्ध सूर्यकुमार इस मैच में 14 गेंद पर 13 रन ही बना सके। उन्होंने दो चौके लगाए। अकील हुसैन ने 39वें ओवर में उन्हें क्लीन बोल्ड कर दिया। सूर्यकुमार के बाद भारत को एक और झटका उसी ओवर में लग सकता था, लेकिन ऐसा नहीं हुआ। अकील हुसैन की गेंद को दीपक हुड्डा ने लेग साइड में स्वीप किया, लेकिन मोती उस कैच को नहीं ले पाए। भारत ने 39 ओवर में चार विकेट पर 248 रन बना लिए हैं।

09:39 PM, 22-Jul-2022

IND vs WI Live Score: श्रेयस अय्यर भी हुए आउट

श्रेयस अय्यर ने अपना अर्धशतक शिखर धवन के आउट होने के बाद पूरा कर लिया। हालांकि, वह लंबी पारी नहीं खेल पाए। 54 रन बनाकर अय्यर पवेलियन लौट गए। मोटी की गेंद को वह एक्स्ट्रा-कवर बाउंड्री के ऊपर से मारना चाहते थे, लेकिन विंडीज के कप्तान निकोलस पूरन ने उछलते हुए एक हाथ से बेहतरीन कैच लिया। अय्यर ने 57 गेंद की पारी में पांच चौके और दो छकत्के लगाए। उनके आउट होने के बाद संजू सैमसन क्रीज पर आए हैं।

09:30 PM, 22-Jul-2022

IND vs WI Live Score: भारतीय कप्तान शतक से चूके

भारत को दूसरा झटका 34वें ओवर में लगा। कप्तान शिखर धवन 97 रन बनाकर आउट हो गए। गुडाकेश मोती की गेंद को पॉइंट बाउंड्री से बाहर भेजने के प्रयास में धवन पवेलियन लौट गए। पॉइंट पर शामराह ब्रूक्स ने डाइव लगाते हुए शानदार कैच लिया। धवन ने 99 गेंद की पारी में 10 चौके और तीन छक्के लगाए। उन्होंने पहले शुभमन गिल के साथ शतकीय साझेदारी की और फिर श्रेयस अय्यर के साथ दूसरे विकेट के लिए 94 रन जोड़े। धवन ने पिछला वनडे शतक 2019 में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ लगाया था। उनके बाद सूर्यकुमार यादव क्रीज पर आए हैं।

09:19 PM, 22-Jul-2022

IND vs WI Live Score: भारत के 200 रन पूरे

भारतीय टीम ने 32वें ओवर में 200 रन को पूरे कर लिए। शिखर धवन और श्रेयस अय्यर क्रीज पर हैं। दोनों ने दूसरे विकेट के लिए 84 रनों की साझेदारी कर ली है। धवन धीरे-धीरे शतक की ओर बढ़ रहे हैं। उन्होंने 89 रन बना लिए हैं। वहीं, श्रेयस अय्यर भी अर्धशतक के करीब हैं। वह 44 रन बनाकर नाबाद हैं।

IND vs WI Live Score: भारतीय पारी के आधे ओवर समाप्त

भारतीय पारी के आधे ओवर समाप्त हो चुके हैं। टीम इंडिया ने 150 रन के आंकड़े को छू लिया है। उसने 25 ओवर में एक विकेट पर 152 रन बना लिए हैं। शिखर धवन 69 और श्रेयस अय्यर 14 रन बनाकर नाबाद हैं। गिल के आउट होने के बाद अय्यर ने धवन के साथ बखूबी पारी को आगे बढ़ाया है। दोनों ने दूसरे विकेट के लिए 44 गेंदों पर 33 रनों की साझेदारी कर ली है। धवन के पास तीन साल बाद शतक लगाने का मौका है। वह इस दौरान अच्छी शुरुआत कर कई बार आउट हो चुके हैं। विंडीज के खिलाफ धवन यह मौका नहीं गंवाना चाहेंगे।

08:24 PM, 22-Jul-2022

IND vs WI Live Score: अपनी गलती से शुभमन गिल आउट

शुभमन गिल के रूप में भारत को पहला झटका 18वें ओवर की चौथी गेंद पर लगा। गिल 64 रन बनाकर रन आउट हो गए। निकोलस पूरन ने शानदार थ्रो से उन्हें रन आउट कर दिया। गिल ने लेग साइड की ओर गेंद को पुश करके एक रन के लिए धवन को बुलाया। धवन तो दूसरे छोर पर पहुंच गए, लेकिन गिल खुद नहीं पहुंच पाए। वह बहुत धीमी गति से दौड़ रहे थे। इसका खामियाजा उन्हें भुगतना पड़ा। टीम इंडिया का स्कोर 18 ओवर में एक विकेट पर 120 रन है। धवन 51 रन बनाकर नाबाद हैं। गिल के बाद श्रेयस अय्यर बल्लेबाजी के लिए उतरे हैं।

07:58 PM, 22-Jul-2022

IND vs WI Live Score: शुभमन का अर्धशतक, भारत के 100 रन पूरे

रोहित शर्मा की अनुपस्थिति में मिले मौके को भुनाते हुए शुभमन गिल ने अपने वनडे करियर का पहला अर्धशतक जड़ दिया। उन्होंने 12वें ओवर की आखिरी गेंद पर एक रन लेकर अर्धशतक लगाया। टीम इंडिया ने इसके बाद 14वें ओवर में अपने 100 रन भी पूरे कर लिए। इस तरह गिल और धवन ने शतकीय साझेदारी पूरी कर ली। गिल 54 और धवन 41 रन बनाकर नाबाद हैं।

07:48 PM, 22-Jul-2022

IND vs WI Live Score: पावरप्ले में भारत को नहीं लगा झटका

भारतीय टीम ने 10 ओवर में 73 रन बनाए। पावरप्ले में भारतीय ओपनर शिखर धवन और शुभमन गिल ने शानदार बल्लेबाजी की। धवन शुरू में थोड़े धीमे जरूर थे, लेकिन धीरी-धीरे उन्होंने रफ्तार पकड़ ली। गिल लगातार आक्रामक बल्लेबाजी कर रहे हैं। वह अर्धशतक के करीब हैं। गिल ने 41 और धवन ने 28 रन बना लिए हैं।

07:35 PM, 22-Jul-2022

IND vs WI Live Score: सातवें ओवर में ही भारत के 50 रन पूरे

भारत के 50 रन सातवें ओवर में पूरे हो गए। रोमारियो शेफर्ड की पांचवीं गेंद पर धवन ने चौका लगाकर भारत को इस आंकड़े तक पहुंचाया। टीम इंडिया के कप्तान धवन के साथ शुभमन गिल क्रीज पर टिके हुए हैं। गिल 17 गेंद पर 22 और धवन 25 गेंद पर 24 रन बनाकर नाबाद हैं। वेस्टइंडीज के गेंदबाज लगातार खराब गेंदबाजी कर रहे हैं।

07:26 PM, 22-Jul-2022
भारत बनाम वेस्टइंडीज लाइव स्कोर - फोटो : सोशल मीडिया

IND vs WI Live Score: शुरुआती पांच ओवर भारत के नाम

भारतीय ओपनर शिखर धवन और शुभमन गिल ने टीम को मजबूत शुरुआत दिलाई। दोनों शुरुआती पांच ओवर में 38 रन बनाए। इस दौरान टीम इंडिया को एक भी झटका नहीं लगा। गिल ने पहले आक्रामक अंदाज में बल्लेबाजी की। उनके बाद धवन ने भी अपने हाथ खोले। धवन 17 गेंद पर 16 और गिल 13 गेंद पर 18 रन बनाकर नाबाद हैं।

07:01 PM, 22-Jul-2022

IND vs WI 1st ODI Live: धवन के साथ उतरे गिल

रोहित शर्मा की अनुपस्थिति में शुभमन गिल बतौर ओपनर कप्तान शिखर धवन के साथ क्रीज पर उतरे हैं। धवन और रोहित ने इंग्लैंड के खिलाफ वनडे सीरीज में ओपनिंग की थी। नियमित कप्तान रोहित को वनडे सीरीज में आराम दिया गया है। ऋतुराज गायकवाड़ को टीम में चुना गया है, लेकिन उन्हें आज खेलने का मौका नहीं मिला।

06:49 PM, 22-Jul-2022

IND vs WI 1st ODI Live: दोनों टीमों की प्लेइंग-11

भारत: शिखर धवन (कप्तान), शुभमन गिल, श्रेयस अय्यर (उपकप्तान), सूर्यकुमार यादव, संजू सैमसन (विकेटकीपर), दीपक हुड्डा, अक्षर पटेल, शार्दुल ठाकुर, युजवेंद्र चहल, मोहम्मद सिराज, प्रसिद्ध कृष्णा।

वेस्टइंडीज: शाई होप (विकेटकीपर), ब्रैंडन किंग, शामराह ब्रूक्स, निकोलस पूरन (कप्तान), रोवमन पॉवेल, अकील हुसैन, रोमारियो शेफर्ड, कायेल मेयर्स, गुडाकेश मोती, अल्जारी जोसेफ, जेडेन सिल्स।

06:36 PM, 22-Jul-2022
शिखर धवन और निकोलस पूरन ट्रॉफी के साथ - फोटो : सोशल मीडिया

IND vs WI 1st ODI Live: भारत को पहले मिली बल्लेबाजी

वेस्टइंडीज के कप्तान निकोलस पूरन ने टॉस जीतकर गेंदबाजी का फैसला किया है। निकोलस पहली बार होमग्राउंड पर किसी वनडे में अपनी टीम की कप्तानी कर रहे हैं। टीम पहले बल्लेबाजी करेगी। रवींद्र जडेजा घुटने की चोट के कारण इस मैच में नहीं खेल रहे हैं। वह दूसरे वनडे में भी नहीं खेलेंगे।

06:14 PM, 22-Jul-2022

IND vs WI 1st ODI Live : बांग्लादेश से हारा है वेस्टइंडीज

वेस्टइंडीज के टीम को हाल ही में बांग्लादेश के खिलाफ घरेलू सीरीज में क्लीन स्वीप का सामना करना पड़ा था। ऐसे में इस टीम का मनोबल काफी गिरा हुआ है। भारतीय टीम इसका फायदा उठाना चाहेगी। वेस्टइंडीज के खिलाफ वनडे सीरीज में भारत का रिकॉर्ड भी शानदार है। पिछले 16 साल में भारत यहां कोई वनडे सीरीज नहीं हारा है और अब धवन के ऊपर रिकॉर्ड बरकरार रखने की चुनौती है। 

06:09 PM, 22-Jul-2022

IND vs WI 1st ODI Live: भारत तीन रन से जीता ,आखिरी ओवर में वेस्टइंडीज नहीं बना सका 15 रन, सिराज जीत के हीरो

नमस्कार, अमर उजाला के लाइव ब्लॉग में आपका स्वागत है। इंग्लैंड दौरे के बाद भारतीय टीम अब वेस्टइंडीज में है। वहां तीन वनडे मैचों की सीरीज का पहला मुकाबला त्रिनिदाद में खेला जा रहा है। वेस्टइंडीज ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला किया है। भारत ने 50 ओवर में सात विकेट पर 308 रन बनाए। उसके लिए कप्तान शिखर धवन ने सर्वाधिक 97 रन बनाए। शुभमन गिल ने 64 और श्रेयस अय्यर ने 54 रन की पारी खेली। वेस्टइंडीज को जीत के लिए 309 रन बनाने हैं।

और पढ़ें...
विज्ञापन
MORE
AU ऐप में पढ़ें