अक्षर पटेल ने भारत को हारते-हारते बचा लिया। उन्होंने 35 गेंद पर नाबाद 64 रन बनाकर टीम इंडिया को दो विकेट से रोमांचक जीत दिलाई। वेस्टइंडीज ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 50 ओवर में छह विकेट पर 311 रन बनाए थे। जवाब में टीम इंडिया ने 49.4 ओवर में आठ विकेट पर 312 रन बनाकर मैच को अपने नाम कर लिया। अक्षर ने 27 गेंद पर अपना पहला वनडे अर्धशतक लगाया। टीम इंडिया को जीत के लिए आखिरी ओवर में आठ रन बनाने थे। अक्षर ने चौथी गेंद पर छक्का लगाकर टीम को जीत दिला दी। अक्षर के अलावा भारत के लिए श्रेयस अय्यर ने 63, संजू सैमसन 54, शुभमन गिल ने 43 और दीपक हुड्डा ने 33 रन बनाए। वेस्टइंडीज के लिए अल्जारी जोसेफ और कायेल मेयर्स ने दो-दो विकेट लिए। भारत ने तीन वनडे की सीरीज में 2-0 की अजेय बढ़त हासिल कर ली है। उसने वेस्टइंडीज को लगातार 12वीं सीरीज में हराया है।
46वें ओवर में अल्जारी जोसेफ गेंदबाजी करने के लिए आए। उन्होंने शुरुआत चार गेंदों पर ही 16 रन दे दिए। ऐसा लग रहा था कि भारत के लिए मैच में सबकुछ ठीक होने लगा है, तभी पांचवीं गेंद को बाउंड्री से बाहर भेजने के प्रयास में शार्दुल ठाकुर आउट हो गए। उन्होंने छह गेंद पर तीन रन बनाए। अब टीम इंडिया को अक्षर पटेल से चमत्कार की उम्मीद है। भारत को चार ओवर में 32 रन चाहिए।
भारत के जीत के लिए 36 गेंद पर 56 रन बनाने थे। 45वें ओवर में गेंदबाजी के लिए महंगे साबित हो रहे अकील हुसैन को कप्तान निकोलस पूरन ने एक बार फिर से बुलाया। अकील ने पहली ही गेंद पर दीपक हुड्डा को आउट कर उनके फैसले को सही साबित किया। हुड्डा 36 गेंद पर 33 रन बनाकर आउट हुए। उनके आउट होने के बाद शार्दुल ठाकुर क्रीज पर आए हैं।
भारत ने 43 ओवर में पांच विकेट पर 243 रन बना लिए हैं। उसे जीत के लिए 42 गेंद पर 64 रन और बनाने हैं। दीपक हुड्डा और अक्षर पटेल सधी हुई बल्लेबाजी कर रहे हैं। दोनों खराब गेंदों को बाउंड्री से बाहर पहुंचा रहे हैं। अक्षर ने 29 और हुड्डा ने 27 रन बना लिए हैं। दोनों के बीच छठे विकेट के लिए 40 से ज्यादा रनों की साझेदारी हो गई है।
संजू सैमसन 39वें ओवर में रन आउट हो गए। रोमारियो शेफर्ड की गेंद संजू एक रन लेना चाहते थे। गेंद बल्ले से लगकर फील्डर कायेल मेयर्स के पास गई। मेयर्स ने बॉलर एंड पर थ्रो किया और गेंद शेफर्ड के पैर से लगकर विकेटों से टकरा गई। सैमसन काफी पीछे थे। वह 51 गेंद पर 54 रन बनाकर पवेलियन लौट गए। उन्होंने तीन चौके और तीन छक्के लगाए। सैमसन के बाद अक्षर पटेल क्रीज पर उतरे हैं। भारत ने 39 ओवर में पांच विकेट पर 207 रन बना लिए हैं। दीपक हुड्डा 23 गेंद पर 16 रन बनाकर नाबाद हैं। टीम इंडिया को जीत के लिए 11 ओवर में 105 रन चाहिए।
संजू सैमसन ने वनडे करियर का पहला अर्धशतक लगाया। उन्होंने 38वें ओवर की दूसरी गेंद पर चौका लगाकर फिफ्टी पूरी की। 38 ओवर में भारत ने चार विकेट पर 202 रन बना लिए हैं। संजू सैमसन 53 और दीपक हुड्डा 13 रन बनाकर नाबाद हैं। दोनों ने पांचवें विकेट के लिए 24 रन की साझेदारी कर ली है।
अल्जारी जोसेफ ने 33वें ओवर की आखिरी गेंद पर वेस्टइंडीज को बड़ी सफलता दिलाई। उन्होंने श्रेयस अय्यर को एलबीडब्ल्यू कर दिया। अय्यर ने 71 गेंद पर 63 रन बनाए। उन्होंने अपनी पारी में चार चौके और एक छक्का लगाया। अय्यर ने आउट होने से पहले संजू सैमसन के साथ चौथे विकेट के लिए 99 रनों की साझेदारी की। अय्यर के आउट होने के बाद दीपक हुड्डा क्रीज पर आए हैं।
पहले वनडे में 54 रन बनाने वाले श्रेयस अय्यर ने दूसरे मैच में भी अपनी फॉर्म को बरकरार रखा है। उन्होंने 30वें ओवर में कायेल मेयर्स की गेंद पर चौका लगाकर अर्धशतक पूरा किया। उसके बाद एक छक्का भी लगाया। अय्यर ने सैमसन के साथ 83 रनों की साझेदारी कर ली है। अय्यर का विंडीज के खिलाफ वनडे में यह आठ मैचों में सातवां अर्धशतक है। उन्होंने नौ मैचों में 400 से ज्यादा रन बनाए हैं। भारत ने 30 ओवर में तीन विकेट पर 162 रन बना लिए हैं। सैमसन 33 और अय्यर 57 रन बनाकर नाबाद हैं।
संजू सैमसन और श्रेयस अय्यर ने टीम को संभाल लिया है। दोनों ने चौथे विकेट के लिए अर्धशतकीय साझेदारी पूरी कर ली है। भारत ने 26 ओवर में तीन विकेट पर 129 रन बनाए हैं। श्रेयस अय्यर 34 और सैमसन 24 रन बनाकर नाबाद हैं। दोनों इस अर्धशतकीय साझेदारी को शतकीय में बदलना चाहेंगे।
भारत के 100 रन 23वें ओवर में पूरे हो गए। रोमारियो शेफर्ड की तीसरी गेंद पर चौका लगाकर श्रेयस अय्यर ने भारत को 100 रन के पार पहुंचाया। टीम का स्कोर 23 ओवर में तीन विकेट पर 104 रन है। श्रेयस अय्यर 35 गेंद पर 24 और संजू सैमसन 15 गेंद पर 13 रन बना लिए हैं। दोनों टीम की पारी को पटरी पर लाने की कोशिश में जुटे हैं।
सूर्यकुमार यादव का बल्ला नहीं चला। वह एक बार फिर गेंद को अपने विकेटों में मार बैठे हैं। सूर्यकुमार यादव आठ गेंद पर नौ रन बनाकर आउट हो गए। उन्होंने एक छक्का लगाया। मेयर्स ने उन्हें बोल्ड किया। सूर्यकुमार के बाद संजू सैमसन क्रीज पर आए हैं। उन्होंने पहली गेंद पर चौका लगाया और दूसरी गेंद पर आउट होने से बच गए। मेयर्स की असमान उछाल वाली गेंद सैमसन के बल्ले से लगकर सामने की ओर चली गई, लेकिन कोई कैच नहीं ले सका। सैमसन बाल-बाल बच गए। भारत ने 18 ओवर में तीन विकेट पर 84 रन बना लिए हैं। सैमसन के साथ श्रेयस अय्यर क्रीज पर हैं।
भारत को दूसरा झटका 16वें ओवर में लगा। कायेल मेयर्स ने चौथी गेंद पर गिल को पवेलियन भेज दिया। गिल विकेट के पीछे स्कूप शॉट लगाने के प्रयास में गलती कर बैठे और गेंद सीधे मेयर्स के ही हाथों में चली गई। उन्होंने 49 गेंद पर 43 रन बनाए। उन्होंने अपनी पारी में पांच चौके लगाए। गिल के बाद सूर्यकुमार यादव क्रीज पर उतरे हैं। भारत ने दो विकेट पर 66 रन बना लिए हैं।
पिछले मैच में 97 रन की पारी खेलने वाले भारतीय कप्तान शिखर धवन दूसरे वनडे में फेल रहे। वह 31 गेंद पर 13 रन बनाकर आउट हो गए। रोमारियो शेफर्ड की शॉर्ट गेंद को थर्ड मैन बाउंड्री के ऊपर से मारने के प्रयास में वह आउट हो गए। कायेल मेयर्स ने बाउंड्री पर डाइव लगाते हुए शानदार कैच लिया। धवन के आउट होने के बाद श्रेयस अय्यर क्रीज पर आए हैं। शुभमन गिल 35 रन बनाकर नाबाद हैं। भारत ने एक विकेट पर 48 रन बना लिए हैं।
बारिश रुकने के बाद खेल फिर से शुरू हो गया है। शिखर धवन और शुभमन गिल क्रीज पर हैं। भारत ने पहले पावरप्ले (शुरुआती 10 ओवर) में 42 रन बनाए हैं। इस दौरान उसने एक भी विकेट नहीं गंवाया है। गिल 30 और धवन 12 रन बनाकर नाबाद हैं।
बारिश ने मैच में खलल डाला है। 9.4 ओवर के बाद अंपायरों ने मैच को रोकने का फैसला किया। ्पिच के कवर से ढक दिया गया है। 312 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी टीम इंडिया ने बिना विकेट गंवाए 41 रन बना लिए हैं। शुभमन गिल 32 गेंद पर 30 और शिखर धवन 26 गेंद पर 11 रन बनाकर नाबाद हैं।
भारत के ओपनर शिखर धवन और शुभमन गिल ने सधी शुरुआत की है। दोनों ने पहले पांच ओवर में वेस्टइंडीज के गेंदबाजों विकेट नहीं दिया। भारत ने पांच ओवर में बिना किसी नुकसान के 22 रन बना लिए हैं। गिल 17 गेंद पर 17 और धवन 13 गेंद पर पांच रन बनाकर नाबाद हैं।
भारत की पारी शुरू हो गई है। कप्तान शिखर धवन के साथ ओपनिंग करने के लिए शुभमन गिल आए हैं। दोनों ने पिछले मैच में शानदार बल्लेबाजी की थी। टीम इंडिया को फिर से वैसी ही पारी की उम्मीद है। वेस्टइंडीज के लिए गेंदबाजी की शुरुआत अल्जारी जोसेफ ने की है।
वेस्टइंडीज ने 50 ओवर में 311 रन बनाए। उसने भारत को जीत के लिए 312 रन का लक्ष्य दिया। विंडीज के लिए शाई होप ने 115 रन की पारी खेली। उन्होंने अपने 100वें वनडे में शतक लगाया। वह ऐसा करने वाले वेस्टइंडीज के चौथे और दुनिया के 10वें बल्लेबाज हैं। होप ने 135 गेंद की पारी में आठ चौके और तीन छक्के लगाए। उनके अलावा कप्तान निकोलस पूरन ने 74 रन की पारी खेली। कायेल मेयर्स ने 39 और शामराह ब्रूक्स ने 35 रन बनाए। रोमारियो शेफर्ड 15 और अकील हुसैन छह रन बनाकर नाबाद रहे। रोवमन पॉवेल ने 13 रनों का योगदान दिया। ब्रैंडन किंग खाता नहीं खोल सके। भारत के लिए शार्दुल ठाकुर ने सबसे ज्यादा तीन विकेट लिए। दीपक हुड्डा, अक्षर पटेल और युजवेंद्र चहल को एक-एक सफलता मिली।
शार्दुल ठाकुर ने भारत को पांचवीं सफलता दिलाई। उन्होंने 47वें ओवर की चौथी गेंद पर रोवमन पॉवेल को आउट किया। पॉवेल छक्का मारने के प्रयास में श्रेयस अय्यर को बाउंड्री पर कैच थमा बैठे। उन्होंने 10 गेंद की पारी में 13 रन बनाए। इस दौरान एक चौका और एक छक्का लगाया। वेस्टइंडीज ने 47 ओवर में पांच विकेट पर 285 रन बना लिए हैं। शाई होप 110 और रोमारियो शेफर्ड पांच रन बनाकर नाबाद हैं।
शाई होप ने अपने 100वें वनडे को यादगार बना लिया है। उन्होंने युजवेंद्र चहल की गेंद पर छक्का लगाकर शतक पूरा किया। यह उनके करियर का 13वां शतक है। होप ने वनडे में भारत के खिलाफ तीसरा शतक लगाया है। वेस्टइंडीज ने 45 ओवर में चार विकेट पर 264 रन बना लिए हैं। होप 107 और पॉवेल दो रन बनाकर नाबाद हैं।
भारत को बड़ी सफलता शार्दुल ठाकुर ने दिलाई। उन्होंने वेस्टइंडीज के कप्तान निकोलस पूरन को 44वें ओवर की चौथी गेंद पर क्लीन बोल्ड कर दिया। पूरन ने शाई होप के साथ चौथे विकेट के लिए 117 रनों की बड़ी साझेदारी की। उन्होंने 77 गेंद पर 74 रनों की पारी खेली। इस दौरान एक चौका और छह छक्के उनके बल्ले से निकले। शाई होप 93 रन बनाकर नाबाद हैं। उनका साथ देने के लिए रोवमन पॉवेल क्रीज पर उतरे हैं। वेस्टइंडीज ने 43.4 ओवर में चार विकेट पर 247 रन बना लिए हैं।
निकोलस पूरन ने अपना अर्धशतक पूरा कर लिया। 39वें ओवर की आखिरी गेंद पर उन्होंने एक रन लेकर अपना 10वां अर्धशतक लगाया। वह 60 गेंद पर 50 रन बनाकर नाबाद हैं। वेस्टइंडीज ने 39 ओवर में तीन विकेट पर 216 रन बना लिए हैं। शाई होप 111 गेंद पर 87 रन बनाकर नाबाद हैं।
शाई होप और निकोलस पूरन ने चौथे विकेट के लिए अर्धशतकीय साझेदारी कर ली है। दोनों खिलाड़ी भारतीय गेंदबाजों का सामना डटकर कर रहे हैं। पूरन ने धीमी शुरुआत के बाद रफ्तार पकड़ी है। वहीं, शाई होप धीरे-धीरे शतक की ओर बढ़ रहे हैं। 36 ओवर में वेस्टइंडीज ने तीन विकेट पर 194 रन बना लिए हैं। होप 82 और पूरन 34 रन बनाकर नाबाद हैं।
वेस्टइंडीज की पारी के 30 ओवर हो गए हैं। उसने तीन विकेट पर 165 रन बना लिए हैं। ओपनर शाई होप 94 गेंद पर 77 रन बनाकर जमे हुए हैं। अपने 100वें वनडे में वह शतक के करीब बढ़ रहे हैं। कप्तान निकोलस पूरन उनका बखूबी साथ निभा रहे हैं। उन्होंने 22 गेंद पर 12 रन बना लिए हैं। दोनों के बीच 36 रनों की साझेदारी हो गई है।
युजवेंद्र चहल को पहली सफलता ब्रैंडन किंग के रूप में मिली। चहल ने 23वें ओवर की पांचवीं गेंद पर किंग को आउट कर दिया। कप्तान धवन ने एक बार फिर से शानदार कैच लिया। पिछले मैच में अर्धशतक लगाने वाले किंग का बल्ला इस मैच में नहीं चला। वह खाता भी नहीं खोल पाए। उनके बाद कप्तान निकोलस पूरन क्रीज पर उतरे हैं। शाई होप 54 रन बनाकर नाबाद हैं। वेस्टइंडीज ने 23 ओवर में तीन विकेट पर 131 रन बना लिए हैं।
भारत को दूसरी सफलता 22वें ओवर में अक्षर पटेल ने दिलाई। उन्होंने तीसरी गेंद पर शामराह ब्रूक्स को आउट कर साझेदारी को तोड़ा। ब्रूक्स का कैच कप्तान शिखर धवन ने लिया। उन्होंने 36 गेंद पर 35 रन बनाए। ब्रूक्स ने दूसरे विकेट के लिए होप के साथ 62 रनों की साझेदारी की। उनके आउट होने के बाद पिछले मैच में अर्धशतक लगाने वाले ब्रैंडन किंग क्रीज पर उतरे हैं।
शामराह ब्रूक्स और शाई होप टिक गए हैं। दोनों ने टीम की पारी को शानदार तरीके से संभाला है। होप और ब्रूक्स ने दूसरे विकेट के लिए अर्धशतकीय साझेदारी कर ली है। वेस्टइंडीज ने 21 ओवर में एक विकेट पर 127 रन बना लिए हैं। होप ने अपने 100वें वनडे में अर्धशतक पूरा कर लिया है। वह 51 और ब्रूक्स 35 रन बनाकर नाबाद हैं।
वेस्टइंडीज के पारी के 15 ओवर हो चुके हैं। उसने इस दौरान एक विकेट पर 94 रन बनाए हैं। मेयर्स के आउट होने के बाद शामराह ब्रूक्स और शाई होप ने पारी को संभाला है। दोनों ने 28 रनों की साझेदारी कर ली है। ब्रूक्स 16 गेंद पर 17 और होप 51 गेंद पर 36 रन बनाकर नाबाद हैं।
वेस्टइंडीज को पहला झटका 10वें ओवर में लगा। शिखर धवन ने गेंदबाजी मे ंबदलाव करते हुए दीपक हुड्डा को मैच में पहली बार बुलाया। हुड्डा ने कप्तान को निराश नहीं किया। उन्होंने पहली ही गेंद पर कायेल मेयर्स को आउट कर दिया। मेयर्स सामने की ओर हुड्डा को ही कैच थमा बैठे। उन्होंने पहले विकेट के लिए शाई होप के साथ 65 रनों की साझेदारी की। मेयर्स ने 23 गेंद पर 39 रन बनाए। उन्होंने छह चौके और एक छक्का लगाया। मेयर्स के बाद बल्लेबाजी के लिए शामराह ब्रूक्स आए हैं।
वेस्टइंडीज ने छह ओवर के बाद बिना कोई विकेट गंवाए 45 रन बना लिए हैं। फिलहाल शाई होप 21 गेंदों में 22 रन और कायेल मेयर्स 15 गेंदों में 23 रन बनाकर बल्लेबाजी कर रहे हैं। दोनों ने टीम को तेज शुरुआत दिलाई है।
वेस्टइंडीज के लिए पारी की शुरुआत करने के लिए शाई होप और कायेल मेयर्स क्रीज पर उतर गए हैं। शाई होप आराम से बल्लेबाजी कर लंबी पारी खेलने के लिए जाने जाते हैं। उनका यह 100वां मैच है। ऐसे में वह इसे यादगार बनाना चाहेंगे। होप के साथ बाएं हाथ के कायेल मेयर्स भी बल्लेबाजी के लिए आए हैं। मेयर्स ने पहले मैच में शानदार बल्लेबाजी की थी। उन्होंने अर्धशतक लगाया था। भारत के लिए गेंदबाजी की शुरुआत मोहम्मद सिराज ने की है।
भारत: शिखर धवन (कप्तान), शुभमन गिल, श्रेयस अय्यर (उपकप्तान), सूर्यकुमार यादव, संजू सैमसन (विकेटकीपर), दीपक हुड्डा, अक्षर पटेल, शार्दुल ठाकुर, मोहम्मद सिराज, युजवेंद्र चहल, आवेश खान।
वेस्टइंडीज: शाई होप (विकेटकीपर), ब्रैंडन किंग, शामराह ब्रूक्स, कायेल मेयर्स, निकोलस पूरन (कप्तान), रोवमन पॉवेल, अकील हुसैन, रोमारियो शेफर्ड, अल्जारी जोसेफ, जेडेन सील्स, हेडेन वॉल्श जूनियर।
दूसरे वनडे में वेस्टइंडीज के कप्तान निकोलस पूरन ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी का फैसला किया है। वेस्टइंडीज ने टीम में एक बदलाव किया है। गुडाकेश मोती चोट के कारण इस मैच में नहीं खेल रहे हैं। उनके स्थान पर हेडेन वॉल्श जूनियर को मौका दिया गया है। विकेटकीपर बल्लेबाज शाई होप का यह 100वां वनडे मैच है। भारतीय टीम में प्रसिद्ध कृष्णा की जगह आवेश खान को मौका दिया गया है। आवेश का यह पहला वनडे मैच है।
इंदौर के तेज गेंदबाज आवेश खान को वनडे में डेब्यू का मौका मिला है। उन्हें मैच से पहले वनडे कैप सौंपी गई है। आवेश भारत के लिए टी20 मैच खेल चुके हैं। उन्होंने आईपीएल में दिल्ली कैपिटल्स और लखनऊ सुपर जाएंट्स के लिए शानदार प्रदर्शन किया है। भारत के लिए भी टी20 में उनका प्रदर्शन ठीक रहा है। नौ मैच में उनके नाम आठ विकेट हैं। अब देखना है कि वह वनडे में छाप छोड़ पाते हैं या नहीं।
पिछली बार जब भारतीय टीम ने वनडे सीरीज के लिए वेस्टइंडीज का दौरा किया था तो मेहमान टीम ने 2-0 से सीरीज जीती थी जिसमें एक मैच बारिश की भेंट चढ़ गया था। वेस्टइंडीज की टीम वनडे में लगातार हारने का सिलसिला तोड़ना चाहेगी जो अब सात मैचों का हो गया है जिसमें इस सीरीज से पहले बांग्लादेश से मिली 0-3 की हार भी शामिल है।
नमस्कार, अमर उजाला के लाइव ब्लॉग में आपका स्वागत है। भारत और वेस्टइंडीज के बीच तीन वनडे मैचों की सीरीज का दूसरा मुकाबला थोड़ी देर में त्रिनिदाद में खेला जाएगा। इसी मैदान पर टीम इंडिया ने शुक्रवार को पहला वनडे तीन रन से अपने नाम किया था। वह दूसरे मैच को जीतकर सीरीज अपने नाम करने उतरेगी। दूसरी ओर, वेस्टइंडीज की नजर वनडे में लगातार सात हार के क्रम को तोड़ने पर होगी। निकोलस पूरन की टीम दूसरा वनडे जीतकर सीरीज को बराबरी पर लाने की कोशिश करेगी।