भारत ने श्रीलंका को 302 रन से हरा दिया है। इस विश्व कप में टीम इंडिया अजेय बनी हुई है। भारत ने लगातार सातवां मैच जीतकर 14 अंक के साथ सेमीफाइनल में जगह बना ली है। भारत सेमीफाइनल में पहुंचने वाली पहली टीम बनी है। श्रीलंका के खिलाफ भारत ने एक बार फिर एकतरफा जीत हासिल की है। इससे पहले एशिया कप सेमीफाइनल में भारत ने श्रीलंका को 50 रन पर आउट कर आसान जीत हासिल की थी।
इस मैच में भारत ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 50 ओवर में आठ विकेट खोकर 357 रन बनाए। शुभमन गिल ने सबसे ज्यादा 92 रन की पारी खेली। वहीं, विराट कोहली ने 88 और श्रेयस अय्यर ने 82 रन बनाए। श्रीलंका की ओर से दिलशान मदुशंका ने पांच विकेट लिए। इसके जवाब में श्रीलंकाई टीम सिर्फ 55 रन बना पाई। सबसे ज्यादा 14 रन कसून रजिता ने बनाए। उनके अलावा महीश तीक्ष्णा और एंजेलो मैथ्यूज ने 12-12 रन बनाए। श्रीलंका के पांच बल्लेबाज शून्य के स्कोर पर आउट हुए। वहीं, आठ बल्लेबाज दहाई का आंकड़ा नहीं छू पाए। भारत के लिए मोहम्मद शमी ने पांच विकेट लिए। मोहम्मद सिराज ने तीन और जसप्रीत बुमराह, रवींद्र जडेजा ने एक-एक विकेट लिया।
भारत की पारी
भारतीय टीम की शुरुआत खराब रही थी। कप्तान रोहित शर्मा को पारी की दूसरी ही गेंद पर दिलशान मदुशंका ने क्लीन बोल्ड किया था। वह चार रन बना सके थे। इसके बाद विराट कोहली ने शुभमन गिल के साथ दूसरे विकेट के लिए 189 रन की साझेदारी निभाई। इस साझेदारी को मदुशंका ने तोड़ा। उन्होंने शुभमन को नर्वस 90 में विकेटकीपर कुसल मेंडिस के हाथों कैच कराया। शुभमन 92 गेंद में 92 रन बनाकर आउट हुए। अपनी पारी में उन्होंने 11 चौके और दो छक्के लगाए। इसके बाद विराट भी शतक से चूक गए। उन्हें मदुशंका ने निसांका के हाथों कैच कराया।
विराट ने 94 गेंद में 11 चौके की मदद से 88 रन की पारी खेली। इसके बाद श्रेयस अय्यर और केएल राहुल ने 46 गेंद में 60 रन की ताबड़तोड़ साझेदारी की। राहुल 19 गेंद में 21 रन बनाकर आउट हुए। उन्हें दुष्मंथा चमीरा ने आउट किया। सूर्यकुमार यादव कुछ खास नहीं कर सके। वह नौ गेंद में 12 रन बनाकर आउट हुए। इस बीच श्रेयस ने वनडे करियर का 16वां अर्धशतक जड़ा। उन्होंने 36 गेंद में पचास रन पूरे किए। श्रेयस को मदुशंका ने पवेलियन भेजा। वह 56 गेंद में तीन चौके और छह छक्के की मदद से 82 रन बनाकर आउट हुए। मोहम्मद शमी दो रन बनाकर आउट हुए। वहीं, रवींद्र जडेजा 24 गेंद में एक चौका और एक छक्के की मदद से 35 रन की पारी खेली। भारतीय पारी की आखिरी गेंद पर जडेजा रन आउट हुए। श्रीलंका की ओर से मदुशंका ने पांच विकेट लिए, जबकि चमीरा को एक विकेट मिला।
श्रीलंकाई पारी
श्रीलंका की पारी कभी भी पटरी में नहीं थी। 358 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए पहली गेंद में ही श्रीलंका ने पथुम निसांका को गंवा दिया। बुमराह ने उन्हें विकेटों के सामने फंसाया। इसके बाद सिराज ने अगले ओवर में दिमुथ करुणारत्ने और सदीरा समरविक्रमा को भी आउट कर दिया। कप्तान मेंडिस भी एक रन बनाकर सिराज का शिकार बने। तीन रन पर चार विकेट गिरने के बाद मैथ्यूज और असलांका ने श्रीलंका को मैच में वापस लाने की कोशिश की। दोनों ने थोड़ी देर तक विकेटों का पतन रोका, लेकिन शमी के आते ही फिर विकेटों की झड़ी लग गई।
शमी ने अगले पांच विकेट अपने नाम किए और भारत को जीत की दहलीज पर पहुंचा दिया। अंत में जडेजा ने मदुशंका को आउट कर श्रीलंका की पारी खत्म की।
49 रन के स्कोर पर श्रीलंका का नौवां विकेट गिरा है। कसून रजिता 17 गेंद में 14 रन बनाकर आउट हो चुके हैं। शमी ने उन्हें शुभमन गिल के हाथों स्लिप में कैच कराया। इस मैच में यह शमी की पांचवीं सफलता है। इस विश्व कप के तीन मुकाबलों में वह 14 विकेट ले चुके हैं और भारत के लिए विश्व कप में कुल 45 विकेट ले चुके हैं। वह विश्व कप में सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले भारतीय हैं।
29 रन पर श्रीलंका के आठ विकेट गिर चुके हैं। मोहम्मद शमी ने मैथ्यूज को क्लीन बोल्ड किया। यह इस मैच में शमी की चौथी सफलता है। इस विश्व कप में उन्होंने अपने हर मैच में कम से कम चार विकेट लिए हैं। मैथ्यूज ने 25 गेंद में 12 रन बनाए। वह टीम के सबसे सफल बल्लेबाज हैं।
22 रन के स्कोर पर श्रीलंका का सातवां विकेट गिरा है। दुष्मंता चमीरा खाता खोले बिना आउट हो चुके हैं। उन्होंने छह गेंदों का सामना किया और लेग स्टंप के बाहर की गेंद पर राहुल ने उनका कैच पकड़ा। यह गेंद बेहद खराब थी, लेकिन किस्मत से शमी को इसमें भी विकेट मिल गया। अंपायर ने इसे वाइड गेंद करार दिया था, लेकिन विकेटकीपर राहुल के कहने पर रोहित ने रिव्यू लिया और भारत को विकेट मिल गया।
14 रन के स्कोर पर ही श्रीलंका का छठा विकेट भी गिर गया है। मोहम्मद शमी ने दुशान हेमंता को विकेटकीपर राहुल के हाथों कैच कराया। हेमंता भी अपना खाता नहीं खोल पाए। अब तक श्रीलंका के चार बल्लेबाज शून्य के स्कोर पर आउट हो चुके हैं। पावरप्ले के बाद टीम का स्कोर 14/6 है।
14 रन के स्कोर पर श्रीलंका की आधी टीम पवेलियन लौट चुकी है। चरिथ असालंका 24 गेंद में एक रन बनाकर आउट हुए। शमी ने उन्हें रवींद्र जडेजा के हाथों कैच कराया।
तीन रन के स्कोर पर श्रीलंका को चौखा झटका लगा है। शानदार लय में चल रहे कप्तान कुसल मेंडिस भी 10 गेंद में एक रन बनाकर आउट हो चुके हैं। सिराज ने उन्हें क्लीन बोल्ड किया। इस मैच में यह सिराज की तीसरी सफलता है। एशिया कप फाइनल की तरह एक बार फिर भारत श्रीलंका के खिलाफ एकतरफा जीत के लिए तैयार है। अब असालंका और मैथ्यूज क्रीज पर हैं। चार ओवर के बाद श्रीलंका का स्कोर चार ओवर के बाद श्रीलंका का स्कोर 7/4 है। मैथ्यूज अब तक श्रीलंका के लिए बल्ले से रन बनाने वाले सिर्फ दूसरे खिलाड़ी हैं। उनसे पहले एकमात्र रन कुसल मेंडिस ने बनाया था। करुणारत्ने, निसांका और समरविक्रमा अपना खाता तक नहीं खोल सके।
दो रन के स्कोर पर श्रीलंका की टीम ने अपने तीन विकेट गंवा दिए हैं। अच्छी लय में चल रहे सदीरा समरविक्रमा भी खाता खोले बिना आउट हो चुके हैं। उन्होंने चार गेंदों का सामना किया और सिराज ने उन्हें स्लिप में श्रेयस अय्यर के हाथों कैच कराया। अब कप्तान मेंडिस के साथ चरिथ असालंका क्रीज पर हैं।
दो रन पर श्रीलंका ने दूसरा विकेट गंवा दिया है। मोहम्मद सिराज ने दिमुथ करुणारत्ने को पहली ही गेंद पर विकेटों के सामने फंसाया। श्रीलंका के दोनों सलामी बल्लेबाज पहली ही गेंद पर खाता खोले बिना आउट हुए हैं। 358 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए यह बेहद खराब शुरुआत है। अब श्रीलंका के लिए मैच में टक्कर दे पाना भी मुश्किल होगा।
358 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए श्रीलंका की शुरुआत बेहद खराब रही है। पथुम निसांका पहली गेंद में ही आउट हो गए। बुमराह ने उन्हें विकेटों के सामने फंसाया। अब दिमुथ करुणारत्ने और कप्तान कुसल मेंडि को बड़ी साझेदारी करनी होगी। तभी श्रीलंका की टीम मैच में बनी रहेगी। एक ओवर के बाद श्रीलंका का स्कोर 2/1 है।
भारत ने श्रीलंका के सामने 358 रन का लक्ष्य रखा है। टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करते हुए टीम इंडिया ने 50 ओवर में आठ विकेट गंवाकर 357 रन बनाए। शुभमन गिल ने सबसे ज्यादा 92 रन की पारी खेली। वहीं, विराट कोहली ने 88 और श्रेयस अय्यक ने 82 रन बनाए। श्रीलंका की ओर से दिलशान मदुशंका ने पांच विकेट लिए।
भारत की पारी
भारतीय टीम की शुरुआत खराब रही थी। कप्तान रोहित शर्मा को पारी की दूसरी ही गेंद पर दिलशान मदुशंका ने क्लीन बोल्ड किया था। वह चार रन बना सके थे। इसके बाद विराट कोहली ने शुभमन गिल के साथ दूसरे विकेट के लिए 189 रन की साझेदारी निभाई। इस साझेदारी को मदुशंका ने तोड़ा। उन्होंने शुभमन को नर्वस 90 में विकेटकीपर कुसल मेंडिस के हाथों कैच कराया। शुभमन 92 गेंद में 92 रन बनाकर आउट हुए। अपनी पारी में उन्होंने 11 चौके और दो छक्के लगाए। इसके बाद विराट भी शतक से चूक गए। उन्हें मदुशंका ने निसांका के हाथों कैच कराया। विराट ने 94 गेंद में 11 चौके की मदद से 88 रन की पारी खेली। इसके बाद श्रेयस अय्यर और केएल राहुल ने 46 गेंद में 60 रन की ताबड़तोड़ साझेदारी की। राहुल 19 गेंद में 21 रन बनाकर आउट हुए। उन्हें दुष्मंथा चमीरा ने आउट किया। सूर्यकुमार यादव कुछ खास नहीं कर सके। वह नौ गेंद में 12 रन बनाकर आउट हुए। इस बीच श्रेयस ने वनडे करियर का 16वां अर्धशतक जड़ा। उन्होंने 36 गेंद में पचास रन पूरे किए। श्रेयस को मदुशंका ने पवेलियन भेजा। वह 56 गेंद में तीन चौके और छह छक्के की मदद से 82 रन बनाकर आउट हुए। मोहम्मद शमी दो रन बनाकर आउट हुए। वहीं, रवींद्र जडेजा 24 गेंद में एक चौका और एक छक्के की मदद से 35 रन की पारी खेली। भारतीय पारी की आखिरी गेंद पर जडेजा रन आउट हुए। श्रीलंका की ओर से मदुशंका ने पांच विकेच लिए, जबकि चमीरा को एक विकेट मिला।
भारत को 48वें ओवर में 333 के स्कोर पर छठा झटका लगा। मदुशंका ने श्रेयस अय्यर को तीक्ष्णा के हाथों कैच कराया। वह 56 गेंद में तीन चौके और छह छक्के की मदद से 82 रन बना सके। फिलहाल रवींद्र जडेजा और मोहम्मद शमी क्रीज पर हैं। श्रेयस ने जडेजा के साथ 36 गेंद में 57 रन की साझेदारी निभाई। 48 ओवर के बाद भारत का स्कोर छह विकेट पर 339 रन है। मदुशंका की यह पांचवीं सफलता रही। इससे पहले वह रोहित, शुभमन, विराट और सूर्यकुमार को पवेलियन भेज चुके हैं।
भारत ने 45 ओवर में पांच विकेट गंवाकर 304 रन बना लिए हैं। फिलहाल श्रेयस अय्यर 45 गेंद में 59 रन और रवींद्र जडेजा 10 गेंद में 10 रन बनाकर बल्लेबाजी कर रहे हैं।
श्रेयस अय्यर ने 36 गेंद में वनडे करियर का 16वां अर्धशतक जड़ा। उन्होंने चौके के साथ अर्धशतक पूरा किया। 43 ओवर के बाद भारत का स्कोर पांच विकेट पर 288 रन है। फिलहाल श्रेयस 53 और रवींद्र जडेजा पांच रन बनाकर क्रीज पर हैं।
42वें ओवर में 276 के स्कोर पर भारत को पांचवां झटका लगा। दिलशान मदुशंका ने सूर्यकुमार यादव को विकेटकीपर कुसल मेंडिस के हाथों कैच कराया। वह नौ गेंद में 12 रन बना सके। मदुशंक का यह चौथा विकेट रहा। इससे पहले वह रोहित शर्मा, विराट कोहली, शुभमन गिल को भी पवेलियन भेज चुके हैं। 42 ओवर के बाद भारत का स्कोर पांच विकेट पर 279 रन है। फिलहाल श्रेयस अय्यर और रवींद्र जडेजा क्रीज पर हैं।
भारत को 40वें ओवर में 256 के स्कोर पर चौथा झटका लगा। दुष्मंथा चमीरा की गेंद पर केएल राहुल हेमंता को कैच थमा बैठे। राहुल ने 19 गेंद में 21 रन की पारी खेली। अपनी पारी में उन्होंने दो चौके लगाए। उन्होंने श्रेयस अय्यर के साथ मिलकर 46 गेंद में 60 रन की ताबड़तोड़ साझेदारी की। फिलहाल श्रेयस अय्यर का साथ निभाने के लिए सूर्यकुमार यादव आए हैं। 40 ओवर के बाद भारत का स्कोर चार विकेट पर 264 रन है।
भारत ने 38 ओवर के बाद तीन विकेट पर 248 रन बना लिए हैं। केएल राहुल और श्रेयस अय्यर आक्रामक बल्लेबाजी कर रहे हैं। दोनों के बीच 39 गेंद में ही अब तक 52 रन की साझेदारी हो चुकी है। श्रेयस 25 गेंद में 32 रन और राहुल 16 गेंद में 19 रन बनाकर बल्लेबाजी कर रहे हैं। इससे पहले विराट कोहली 88 और शुभमन गिल 92 रन बनाकर आउट हुए थे।
विराट कोहली 94 गेंद में 88 रन बनाकर आउट हो चुके हैं। उन्होंने अपनी पारी में 11 चौके लगाए। दिलशान मदुशंका ने उन्हें निसांका के हाथों कैच कराया। कोहली अपने 49वें वनडे शतक से चूक गए। अब श्रेयस के साथ लोकेश राहुल क्रीज पर हैं। 32 ओवर के बाद भारत का स्कोर 199/3 है।
शुभमन गिल 92 गेंद में 92 रन बनाकर आउट हो चुके हैं। उन्होंने अपनी पारी में 11 चौके और दो छक्के लगाए। मदुशंका ने उन्हें कुसल मेंडिस के हाथों कैच कराया। अब विराट के साथ श्रेयस अय्यर क्रीज पर हैं।
विराट कोहली के बाद शुभमन गिल ने भी 55 गेंद में अर्धशतक जड़ा। यह उनके वनडे करियर का 11वां अर्धशतक रहा। दोनों के बीच अब तक 110 से ज्यादा रन की साझेदारी हो चुकी है। 19 ओवर के बाद भारत का स्कोर एक विकेट पर 119 रन है। विराट 53 रन और शुभमन गिल 53 रन बनाकर क्रीज पर हैं।
विराट कोहली ने 50 गेंद में अर्धशतक जड़ा। यह उनके वनडे करियर का 70वां अर्धशतक रहा। इसी के साथ दोनों ने भारत का स्कोर 100 रन के पार भी पहुंचा दिया है। 17 ओवर के बाद भारत का स्कोर एक विकेट पर 106 रन है। विराट 52 और शुभमन 40 रन बनाकर क्रीज पर हैं। दोनों के बीच अब तक 102 रन की साझेदारी भी हो चुकी है।
चार रन पर पहला विकेट गिरने के बाद विराट कोहली और शुभमन गिल ने पारी संभाल ली है। दोनों ने 60 से ज्यादा रन की साझेदारी कर ली है। 12 ओवर के बाद भारत का स्कोर एक विकेट पर 72 रन है। फिलहाल विराट 35 रन और शुभमन 26 रन बनाकर क्रीज पर हैं।
पांचवें ओवर में दिलशान मदुशंका की गेंद पर शुभमन गिल का कैच छूटा था। चरिथ असलंका कैच नहीं ले सके। तब शुभमन आठ रन बनाकर बल्लेबाजी कर रहे थे। इसके बाद छठे ओवर की पहली गेंद पर दुष्मंथा चमीरा ने अपनी ही गेंद पर कोहली का कैच छोड़ दिया। उस वक्त कोहली 10 रन बना सके थे। इसी ओवर में कैच छूटने के बाद कोहली ने दो चौके जड़े। फिर सातवें ओवर में भी कोहली ने दो चौके लगाए। सात ओवर के बाद भारत का स्कोर एक विकेट गंवाकर 42 रन है। फिलहाल कोहली 26 और शुभमन 10 रन बनाकर क्रीज पर हैं।
भारत ने तीन ओवर के बाद एक विकेट गंवाकर 14 रन बना लिए हैं। फिलहाल शुभमन गिल खाता खोले बिना और विराट कोहली नौ रन बनाकर क्रीज पर हैं। रोहित चार रन बनाकर आउट हुए। उन्हें दिलशान मदुशंका ने क्लीन बोल्ड किया।
भारत को पहले ही ओवर में बड़ा झटका लगा। दिलशान मदुशंका पहले ओवर में गेंदबाजी के लिए आए। पहली ही गेंद पर रोहित ने फाइन लेग बाउंड्री पर चौका लगाया। इसके बाद अगली ही गेंद पर मदुशंका ने रोहित शर्मा को क्लीन बोल्ड किया। वह दो गेंद में चार रन बना सके। ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ ओपनिंग मैच के बाद यह पहली बार है जब रोहित सस्ते में निपट गए हैं। एक ओवर के बाद भारत का स्कोर एक विकेट पर आठ रन है। विराट कोहली ने इस ओवर में फाइन लेग बाउंड्री पर ही चौका लगाया। उनके साथ शुभमन गिल क्रीज पर हैं।
भारत: रोहित शर्मा (कप्तान), शुभमन गिल, विराट कोहली, श्रेयस अय्यर, केएल राहुल (विकेटकीपर), सूर्यकुमार यादव, रवींद्र जडेजा, कुलदीप यादव, मोहम्मद शमी, जसप्रीत बुमराह, मोहम्मद सिराज।
श्रीलंका: पथुम निसांका, दिमुथ करुणारत्ने, कुसल मेंडिस (कप्तान/विकेटकीपर), सदीरा समरविक्रमा, चरिथ असलांका, एंजेलो मैथ्यूज, दुशान हेमंता, महीश तीक्ष्णा, कसुन रजिथा, दुष्मंत चमीरा, दिलशान मदुशंका।
श्रीलंका के कप्तान कुसल मेंडिस ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला लिया। उन्होंने प्लेइंग-11 में एक बदलाव किया है। धनंजय डिसिल्वा की जगह स्पिनर दुशान हेमंता को टीम में शामिल किया गया है। वहीं, भारतीय कप्तान रोहित शर्मा ने प्लेइंग-11 में कोई बदलाव नहीं किया है। यानी श्रेयस अय्यर, सूर्यकुमार और शमी खेलते दिखेंगे। हमेशा की तरह रोहित इस बार भी टॉस में कॉन्फिडेंट दिखे। उन्होंने कहा कि हम टॉस जीतते तो पहले बल्लेबाजी का ही फैसला करते। इस वजह से टॉस का ज्यादा असर नहीं है।
12 साल पहले ही इसी मैदान पर वानखेड़े स्टेडियम पर भारतीय टीम ने श्रीलंका को ही हराकर विश्व कप ट्रॉफी जीती थी। विश्व कप 2011 का फाइनल मैच भारत और श्रीलंका के बीच बराबरी का था, लेकिन इस बार यह टक्कर का नहीं माना जा रहा है। भारतीय टीम शानदार फॉर्म में है तो श्रीलंका की टीम हार से परेशान है। भारतीय टीम को अब तक कोई चुनौती नहीं मिली है और हर विभाग में एक विजेता की तरह प्रदर्शन किया है।
दोनों टीमों के बीच आईसीसी टूर्नामेंट के 14 मैचों में से वनडे विश्व कप में नौ मुकाबले खेले गए हैं, जबकि चैंपियंस ट्रॉफी में तीन मैच और टी20 विश्व कप में दो मुकाबले खेले गए हैं। वनडे विश्व कप में दोनों के बीच खेले गए नौ मैचों में से चार मैच भारत और चार मैच श्रीलंका ने जीते हैं। एक मैच का कोई नतीजा नहीं निकला। भारतीय सरजमीं पर दोनों के बीच विश्व कप के तीन मैच खेले गए हैं। इनमें से श्रीलंका ने दो मुकाबले जीते, जबकि भारत को एक में जीत मिली। चैंपियंस ट्रॉफी में तीन मुकाबले में से भारत ने दो जीते हैं, जबकि एक का कोई नतीजा नहीं निकला। टी20 विश्व कप में भारत आज तक श्रीलंका से कोई मुकाबला नहीं जीत पाया है।
आईसीसी टूर्नामेंट्स में दोनों टीमों के रिकॉर्ड की बात करें तो दोनों टीमें कुल 14 आमने-सामने आ चुकी हैं। इनमें चैंपियंस ट्रॉफी, वनडे विश्व कप और टी20 विश्व कप शामिल है। आईसीसी टूर्नामेंट में दोनों टीमें सबसे पहले 1979 में भिड़ी थीं। श्रीलंका ने मैनचेस्टर में खेले गए उस मुकाबले में भारत को 47 रन से हराया था। भारत का श्रीलंका के खिलाफ आईसीसी टूर्नामेंट्स में रिकॉर्ड खराब रहा है। 14 मैचों में से सात मैच श्रीलंका ने जीते हैं, जबकि भारत ने पांच मुकाबले जीते हैं। दो मैचों का कोई नतीजा नहीं निकला।
यह इस विश्व कप का 33वां मुकाबला होगा और मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में खेला जाएगा। यह वही मैदान है जहां भारत ने 12 साल पहले श्रीलंका को विश्व कप के फाइनल में शिकस्त दी थी। 2011 विश्व कप के फाइनल में भारत ने श्रीलंका को सात विकेट से हराया था। अब जब दोनों टीमें इस मैदान पर आमने-सामने आएंगी तो यादें ताजा हो जाएंगी। भारतीय टीम जहां सातवीं जीत दर्ज कर सेमीफाइनल में जगह बनाने उतरेगी, वहीं श्रीलंकाई टीम 2011 का बदला लेने उतरेगी। साथ ही श्रीलंका को इस विश्व कप में जिंदा रहने के लिए भी जीत जरूरी है। हारने पर टीम की स्थिति खतरे में पड़ जाएगी।
नमस्कार! अमर उजाला के लाइव ब्लॉग में आपका स्वागत है। आज विश्व कप 2023 के 33वें मुकाबले में भारत का सामना श्रीलंका से है। यह मैच मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में खेला जाएगा। टीम इंडिया छह में से छह मुकाबले जीतकर मजबूत स्थिति में है, जबकि श्रीलंका ने छह में से सिर्फ दो मैच जीते हैं। चार मैचों में उन्हें हार का सामना करना पड़ा है। आज जीत से भारत सेमीफाइनल में अपनी जगह लगभग पक्की कर लेगा। वहीं, श्रीलंका के लिए यह करो या मरो मुकाबला है। हार से उसका रास्ता बेहद मुश्किल हो जाएगा।