फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Ind vs SL T20: सुपर 4 में अजेय रहकर फाइनल में पहुंचा भारत, श्रीलंका को सुपर ओवर में हराया, निसंका का शतक बेकार

Sat, 27 Sep 2025 12:38 AM IST
Mayank Tripathi स्पोर्ट्स डेस्क, अमर उजाला, दुबई

खास बातें

एशिया कप 2025 का रोमांच चरम पर उस वक्त पहुंच गया, जब सुपर-4 का आखिरी मुकाबला सुपर ओवर तक खिंच गया। दुबई इंटरनेशनल स्टेडियम में खेले गए इस मैच में भारत और श्रीलंका दोनों ने निर्धारित 20-20 ओवर में 202-202 रन बनाए। मुकाबला सुपर ओवर में पहुंचा, जहां श्रीलंका ने बल्लेबाजी करते हुए 2 रन बनाए और भारत को जीत के लिए 3 रनों का लक्ष्य दिया। जवाब में भारतीय कप्तान सूर्यकुमार यादव ने पहली ही गेंद पर तीन रन लेकर टीम को रोमांचक जीत दिला दी।
विज्ञापन
सूर्यकुमार यादव - फोटो : BCCI
विज्ञापन

लाइव अपडेट

12:36 AM, 27-Sep-2025

भारत ने सुपरओवर में जीता मुकाबला

एशिया कप 2025 का रोमांच चरम पर उस वक्त पहुंच गया, जब सुपर-4 का आखिरी मुकाबला सुपर ओवर तक खिंच गया। दुबई इंटरनेशनल स्टेडियम में खेले गए इस मैच में भारत और श्रीलंका दोनों ने निर्धारित 20-20 ओवर में 202-202 रन बनाए। मुकाबला सुपर ओवर में पहुंचा, जहां श्रीलंका ने बल्लेबाजी करते हुए 2 रन बनाए और भारत को जीत के लिए 3 रनों का लक्ष्य दिया। जवाब में भारतीय कप्तान सूर्यकुमार यादव ने पहली ही गेंद पर तीन रन लेकर टीम को रोमांचक जीत दिला दी।

12:14 AM, 27-Sep-2025

Ind vs SL T20 Live Score: श्रीलंका-सुपरओवर

श्रीलंका ने सुपरओवर में दो विकेट पर दो रन बनाए। अर्शदीप सिंह ने दो विकेट झटके। अब भारत को जीत के लिए तीन रन बनाने होंगे।

12:11 AM, 27-Sep-2025

Ind vs SL T20 Live Score: भारत-श्रीलंका का मुकाबला टाई हुआ, अब सुपरओवर से होगा विजेता का फैसला

भारत और श्रीलंका के बीच जारी एशिया कप का मुकाबला टाई हो गया है। श्रीलंका ने आखिरी गेंद पर 202 रन बना लिए। अब फैसला सुपरओवर से होगा।

विज्ञापन
11:53 PM, 26-Sep-2025

Ind vs SL T20 Live: पथुम निसंका ने शतक

पथुम निसंका ने 52 गेंदों में अपने टी20 अंतरराष्ट्रीय करियर और मौजूदा एशिया कप का पहला शतक जड़ा। वह शानदार फॉर्म में नजर आ रहे हैं। उनका साथ देने के लिए दसुन शनाका आठ रन बनाकर क्रीज पर मौजूद हैं। श्रीलंका ने 18 ओवर में चार विकेट पर 180 रन बना लिए हैं।

11:50 PM, 26-Sep-2025

Ind vs SL T20 Live Score: चौथा झटका

श्रीलंका को चौथा झटका अर्शदीप सिंह ने दिया। उन्होंने कामिंदु मेंडिस को अपना शिकार बनाया। वह सिर्फ तीन रन बना पाए। अब निसंका का साथ देने दसुन शनाका आए हैं।

विज्ञापन
11:42 PM, 26-Sep-2025

Ind vs SL T20 Live Score: श्रीलंका को तीसरा झटका

श्रीलंका को तीसरा झटका कुलदीप यादव ने दिया। उन्होंने कप्तान चरिथ असलंका को अपना शिकार बनाया। वह सिर्फ पांच रन बना पाए। अब निसंका का साथ देने कामिंदु मेंडिस आए हैं।

11:28 PM, 26-Sep-2025

Ind vs SL T20 Live Score: वरुण चक्रवर्ती ने तोड़ी कुसल-निसंका की 134 रनों की साझेदारी

13वें ओवर में वरुण चक्रवर्ती ने पथुम निसंका और कुसल परेरा के बीच हुई 134 रनों की साझेदारी को तोड़ दिया। उन्होंने परेरा को अपना शिकार बनाया। वह 32 गेंदों में 58 रन बनाकर आउट हुए। अब निसंका का साथ देने कप्तान चरिथ असलंका आए हैं।

11:13 PM, 26-Sep-2025

Ind vs SL T20 Live Score: कुसल परेरा का भी पचासा

पथुम निसंका के बाद कुसल परेरा ने भी अर्धशतक पूरा कर लिया। दोनों के बीच 100 से ज्यादा रनों की साझेदारी हो चुकी है। 10 ओवर के बाद स्कोर एक विकेट पर 114 रन है। 114/1 एशिया कप 2025 में 10 ओवर के बाद सर्वोच्च स्कोर है। एशिया कप के मौजूदा संस्करण में अभिषेक और गिल द्वारा पाकिस्तान के खिलाफ 105 रन जोड़े जाने के बाद यह दूसरी शतकीय साझेदारी है।

11:04 PM, 26-Sep-2025

Ind vs SL T20 Live Score: पथुम निसंका का 25 गेंदों में पचासा

पथुम निसंका ने 25 गेंदों में अपना अर्धशतक पूरा किया। वह कुसल परेरा के साथ 80+ रनों की साझेदारी निभा चुके हैं।

10:24 PM, 26-Sep-2025

Ind vs SL T20 Live Score: श्रीलंका को पहले ओवर में झटका

श्रीलंका को पहले ओवर की चौथी गेंद पर हार्दिक पांड्या ने झटका दिया। उन्होंने कुसल मेंडिस को शुभमन गिल के हाथों कैच कराया। वह खाता भी नहीं खोल पाए। पथुम निसंका का साथ देने कुसल परेरा आए हैं।

10:00 PM, 26-Sep-2025

Ind vs SL T20 Live Score: भारत ने श्रीलंका के सामने रखा 203 रन का लक्ष्य

भारत ने एशिया कप सुपर-4 के आखिरी मुकाबले में श्रीलंका के सामने 203 रनों का लक्ष्य रखा है। भारत ने पहले बल्लेबाजी करते हुए अभिषेक शर्मा की तूफानी अर्धशतकीय पारी के दम पर श्रीलंका के खिलाफ 20 ओवर में पांच विकेट पर 202 रन बनाए हैं। दिलचस्प बात यह है कि एशिया कप के मौजूदा संस्करण में यह पहला 200+ टोटल बना है। इसके अलावा टी20 एशिया कप के इतिहास में यह दूसरा सबसे बड़ा स्कोर है। श्रीलंका के लिए महीश तीक्षणा, दुष्मंथा चमीरा, वानिंदु हसरंगा, दसुन शनाका और चरिथ असलंका ने एक-एक विकेट झटके।

टी20 एशिया कप के सर्वाधिक टोटल

स्कोर टीम विपक्षी टीम जगह साल
212/2 भारत अफगानिस्तान  दुबई 2022
202/5 भारत  श्रीलंका  दुबई 2025*
193/2 पाकिस्तान  हांगकांग  शारजाह 2022
192/2 भारत  हांगकांग  दुबई 2022

09:36 PM, 26-Sep-2025

Ind vs SL T20 Live Score: भारत को पांचवां झटका

भारत को 17वें ओवर में 162 के स्कोर पर पांचवां झटका लगा। हार्दिक पांड्या दो रन बनाकर आउट हुए। उनका कैच चमीरा ने अपनी ही गेंद पर लपका। फिलहाल अक्षर पटेल और तिलक वर्मा क्रीज पर हैं।

09:32 PM, 26-Sep-2025

Ind vs SL T20 Live Score: चौथा झटका

संजू सैमसन और तिलक वर्मा के बीच चौथे विकेट के लिए हुई 66 रनों की साझेदारी को दसुन शनाका ने तोड़ दिया। उन्होंने चरिथ असलंका के हाथों विकेटकीपर बल्लेबाज सैमसन को आउट कराया। वह 23 गेंदों में एक चौके और तीन छक्के की मदद से 39 रन बनाकर आउट हुए। अब तिलक का साथ देने हार्दिक पांड्या आए हैं। 16 ओवर का खेल पूरा हो चुका है और भारत ने चार विकेट पर 160 से ज्यादा रन बना लिए हैं।

09:19 PM, 26-Sep-2025

Ind vs SL T20 Live Score: तिलक और सैमसन के बीच 40+ रन की साझेदारी

तिलक वर्मा और संजू सैमसन के बीच 40 से ज्यादा रनों की साझेदारी हो चुकी है। दोनों अच्छी फॉर्म में नजर आ रहे हैं। 13 ओवर का खेल हो चुका है और भारत ने तीन विकेट पर 130 से ज्यादा रन बना लिए हैं।

08:58 PM, 26-Sep-2025

Ind vs SL T20 Live Score: असलंका ने दिया भारत को तीसरा झटका

भारत को तीसरा झटका चरिथ असलंका ने दिया। उन्होंने अभिषेक शर्मा को कामिंदु मेंडिस के हाथों कैच कराया। वह 31 गेंदों में 61 रनों की तूफानी पारी खेलकर पवेलियन लौटे। अब तिलक वर्मा का साथ देने संजू सैमसन आए हैं।

08:47 PM, 26-Sep-2025

Ind vs SL T20 Live Score: 74 पर भारत को दूसरा झटका

भारत को दूसरा झटका वानिंदु हसरंगा ने दिया। उन्होंने भारतीय कप्तान सूर्यकुमार यादव को एलबीडब्ल्यू किया। वह सिर्फ 12 रन बना पाए। अब अभिषेक का साथ देने तिलक वर्मा आए हैं।

08:39 PM, 26-Sep-2025

Ind vs SL T20 Live Score: अभिषेक शर्मा का आतिशी पचासा

अभिषेक शर्मा ने एक बार फिर अपनी आतिशी फॉर्म बरकरार रखते हुए शानदार अर्धशतक जड़ा। उन्होंने महज 22 गेंदों में अपने टी20 करियर का पांचवां पचासा जड़ा। वह सूर्यकुमार यादव के साथ 50 से ज्यादा रनों की साझेदारी निभा चुके हैं। 

08:20 PM, 26-Sep-2025

Ind vs SL T20 Live Score: 15 पर भारत को पहला झटका

भारत को पहला झटका महीश तीक्षणा ने दिया। उन्होंने शुभमन गिल को अपना शिकार बनाया। वह सिर्फ चार रन बना पाए। फिलहाल अभिषेक शर्मा का साथ देने सूर्यकुमार यादव आए हैं।

08:11 PM, 26-Sep-2025

शुभमन गिल चार रन बनाकर आउट

श्रीलंका के खिलाफ भारत की बल्लेबाजी में शुरुआत खराब रही है। सलामी बल्लेबाज शुभमन गिल चार रन के व्यक्तिगत स्कोर पर पावरप्ले में ही आउट हो गए। श्रीलंका के गेंदबाज महेश तीक्ष्णा ने पारी के दूसरे ओवर में ही उन्हें अपनी ही गेंद पर कैच लपककर पवेलियन की राह दिखाई। तीसरे नंबर पर बल्लेबाजी करने कप्तान सूर्यकुमार यादव आए हैं। फिलहाल क्रीज पर अभिषेक शर्मा और सूर्यकुमार मौजूद हैं।

07:35 PM, 26-Sep-2025

Ind vs SL T20 Live Score: दोनों टीमों की प्लेइंग 11

भारत: अभिषेक शर्मा, शुभमन गिल, सूर्यकुमार यादव (कप्तान), तिलक वर्मा, संजू सैमसन (विकेटकीपर), हार्दिक पांड्या, अक्षर पटेल, हर्षित राणा, कुलदीप यादव, अर्शदीप सिंह, वरुण चक्रवर्ती।

श्रीलंका: पथुम निसंका, कुसल मेंडिस (विकेटकीपर), कुसल परेरा, चरिथ असलांका (कप्तान), कामिंदु मेंडिस, दसुन शनाका, वानिंदु हसरंगा, जनिथ लियान्गे, दुष्मंथा चमीरा, महीश तीक्षणा, नुवान तुषारा।

07:31 PM, 26-Sep-2025

Ind vs SL T20 Live Score: श्रीलंका ने जीता टॉस, गेंदबाजी चुनी

श्रीलंका ने टॉस जीतकर भारत को पहले बल्लेबाजी का न्योता दिया है। भारतीय कप्तान सूर्यकुमार यादव ने इस मैच के लिए प्लेइंग 11 में दो बदलाव किए हैं। उन्होंने शिवम दुबे और जसप्रीत बुमराह को आराम देने का फैसला किया है। उनकी जगह हर्षित राणा और अर्शदीप सिंह की टीम में वापसी हुई है। इस मैच में भारत तीन स्पिनर और दो तेज गेंदबाजों के साथ उतरा है। वहीं, श्रीलंका के कप्तान चरिथ असलंका ने बताया कि चमिका करुणारत्ने की जगह जनिथ लियान्गे खेलेंगे।

07:14 PM, 26-Sep-2025

Ind vs SL T20 Live Score: बुमराह को मिल सकता है आराम

भारतीय टीम के अनुभवी तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह को फाइनल से पहले तरोताजा रखने के लिए श्रीलंका के खिलाफ आराम दिया जा सकता है। लेकिन देखना होगा कि यह तेज गेंदबाज इसके इच्छुक है या नहीं। बुमराह को ओमान के खिलाफ आराम मिला था, लेकिन पाकिस्तान के खिलाफ अगले मैच में वह काफी महंगे साबित हुए थे। हालांकि, बांग्लादेश के खिलाफ मैच में बुमराह विकेट निकालने में सफल हुए थे। बुमराह अगर बाहर बैठते हैं तो उनकी जगह अर्शदीप सिंह को मौका मिल सकता है। 

07:13 PM, 26-Sep-2025

Ind vs SL T20 Live Score: जितेश के साथ उतरेगा भारत?

फाइनल को देखते हुए भारतीय टीम विजयी संयोजन को ज्यादा छेड़ेगी नहीं और श्रीलंका के खिलाफ भी टीम में बड़े बदलाव की उम्मीद कम है। भारतीय टीम प्रबंधन के पास जितेश को फिनशिर के तौर पर आजमाने का यह आखिरी मौका होगा जिन्हें पूरे टूर्नामेंट में एक भी मैच में मौका नहीं मिला है। भारतीय बल्लेबाजी क्रम में सैमसन फिट होते नहीं दिख रहे। बांग्लादेश के खिलाफ मैच में सैमसन को बल्लेबाजी में शीर्ष सात में भी नहीं उतारा गया और अब सवाल उठता है कि अगर वह अक्षर पटेल के पहले भी आने के लायक नहीं हैं तो टीम में क्या कर रहे हैं। चौथे नंबर पर शिवम दुबे को उतारना समझ में आता है क्योंकि कलाई के स्पिनरों को वह बखूबी खेलते हैं लेकिन मध्यक्रम में बायां-दायां संयोजन रखने के लिए यह सही नहीं था। हार्दिक पांड्या को उनसे पहले बाएं हाथ के दो बल्लेबाजों तिलक वर्मा और अक्षर के साथ भेजा गया। ऐसी भी संभावना है कि सैमसन को श्रीलंका के खिलाफ औपचारिकता के मैच में तीसरे नंबर पर उतारा जाए। समझा जाता है कि शीर्ष क्रम के बल्लेबाज के तौर पर सैमसन के पिछले रिकॉर्ड को देखते हुए उन्हें बाहर नहीं किया जा रहा लेकिन इस प्रारूप में हर खिलाड़ी की अपनी भूमिका है। जितेश शर्मा मध्यक्रम के बल्लेबाज होने के साथ फिनिशर भी हैं। जितेश ने आईपीएल में पांचवें नंबर पर 18 पारियों में 374 रन बनाए, जबकि छठे नंबर पर 15 पारियों में 384 रन जोड़े ।सातवें नंबर पर उन्होंने सात पारियों में 178 से ऊपर की स्ट्राइक रेट से 136 रन बनाए हैं।

07:13 PM, 26-Sep-2025

Ind vs SL T20 Live Score: मध्यक्रम बन रहा चिंता का विषय

भारत के लिए मध्यक्रम के बल्लेबाजों का लंबे समय तक क्रीज पर नहीं टिक पाना भी चिंता का विषय रहा है। अभिषेक शर्मा और शुभमन गिल ने टीम को मजबूत शुरुआत दिलाई है, लेकिन इन दोनों की साझेदारी टूटने विशेषकर अभिषेक के आउट होने के बाद भारतीय बल्लेबाज नियमित अंतराल पर विकेट गंवा रहे हैं। बांग्लादेश के खिलाफ एक समय जहां टीम का स्कोर 200 के पार पहुंचता दिख रहा था, वहीं मध्यक्रम के लगातार विकेट गंवाने से टीम 170 रन से भी नीचे रह गई थी। कप्तान सूर्यकुमार यादव का बल्ला पूरे टूर्नामेंट में खामोश रहा है और उन्हें अब फॉर्म में लौटने की जरूरत है। यहां यह भी देखना दिलचस्प होगा कि सूर्यकुमार श्रीलंका के खिलाफ मैच में किस स्थान पर बल्लेबाजी करने उतरते हैं क्योंकि ओमान के खिलाफ वह अंत तक बल्लेबाजी के लिए नहीं उतरे थे। 

07:13 PM, 26-Sep-2025

Ind vs SL T20 Live Score: फील्डिंग में करना होगा सुधार

भारतीय टीम ने भले ही एशिया कप के फाइनल में जगह बना ली है, लेकिन जिस तरह से टूर्नामेंट में उसके खिलाड़ियों ने कैच छोड़े हैं, वो टीम के लिए मुसीबत खड़ी कर सकते हैं। भारत ने पहले पाकिस्तान के खिलाफ सुपर चार के मैच में कई कैच छोड़े थे, वहीं बांग्लादेश के खिलाफ मुकाबले में भी भारतीय खिलाड़ियों का फील्डिंग में प्रदर्शन निराशाजनक रहा। फाइनल से पहले भारतीय खिलाड़ियों को फील्डिंग में सुधार करने की जरूरत है क्योंकि किसी भी दिन यह गलती टीम को भारी पड़ सकती है। भारतीय टीम अब तक पांच मैचों में 12 कैच छोड़ चुकी है, जबकि इस मामले में हांगकांग भी उससे पीछे है। हांगकांग ने कुल 11 कैच छोड़े हैं।

07:12 PM, 26-Sep-2025

Ind vs SL T20 Live Score: तीन स्पिनर और एक विशेषज्ञ तेज गेंदबाज की रणनीति रही है सफल

भारत को रविवार को खिताबी मुकाबला खेलना है, लेकिन इससे पहले उसके पास बेंच स्ट्रेंथ को परखने का मौका रहेगा। भारत ने अब तक सिर्फ ओमान के खिलाफ प्लेइंग-11 में बदलाव किया था। उस मैच में भारत ने जसप्रीत बुमराह और वरुण चक्रवर्ती को आराम देकर अर्शदीप सिंह और हर्षित राणा को जगह दी थी। भारत ने ओमान के अलावा मैच को छोड़ दें तो अब तक तीन स्पिनर और एक विशेषज्ञ तेज गेंदबाज के साथ उतरने का फैसला लिया है। भारत के लिए यह संयोजन हिट रहा है क्योंकि टीम को सफलता मिली है। ऐसा नहीं है कि ओमान के खिलाफ टीम को हार मिली, लेकिन अपेक्षाकृत इस कमजोर टीम के खिलाफ जीत दर्ज करने के लिए उसे मेहनत करनी पड़ी थी। 

07:10 PM, 26-Sep-2025

Ind vs SL T20 Live Score: भारत का श्रीलंका से सामना

भारतीय टीम अजेय रहते हुए एशिया कप के फाइनल में पहुंच गई है और अब शुक्रवार को सुपर चार चरण के आखिरी मैच में उसका सामना श्रीलंका से होगा। भारत के लिए यह मैच महज एक औपचारिकता है क्योंकि टीम के पास इसमें गंवाने के लिए कुछ नहीं है। भारत ने टूर्नामेंट में अब तक लगातार पांच मैच जीते हैं और वह ग्रुप चरण के बाद सुपर चार की अंक तालिका में भी शीर्ष पर बनी हुई है। 

06:47 PM, 26-Sep-2025

Ind vs SL T20: सुपर 4 में अजेय रहकर फाइनल में पहुंचा भारत, श्रीलंका को सुपर ओवर में हराया, निसंका का शतक बेकार

Live Cricket Score Today, T20 Asia Cup Ind vs SL 2025: नमस्कार! अमर उजाला के लाइव ब्लॉग में आपका स्वागत है। आज भारत और श्रीलंका के बीच एशिया कप का आखिरी सुपर-4 मैच खेला जाएगा। भारत और पाकिस्तान की टीमें पहले ही फाइनल में पहुंच चुकी हैं। ऐसे में यह मुकाबला भारतीय टीम के लिए उसकी बेंच स्ट्रेंथ को परखने का सुनहरा अवसर है।

विज्ञापन
MORE
AU ऐप में पढ़ें