तीन मैचों की टी20 सीरीज के पहले मुकाबले में भारत ने श्रीलंका को 43 रन से हरा दिया है। पहले बल्लेबाजी करते हुए भारत ने 20 ओवर में सात विकेट गंवाकर 213 रन बनाए थे। जवाब में श्रीलंका की टीम 19.2 ओवर में 170 रन पर सिमट गई। एक वक्त श्रीलंका का स्कोर एक विकेट पर 140 रन था। हालांकि, इसके बाद श्रीलंकाई टीम ने 30 रन बनाने में अगले नौ विकेट गंवा दिए। श्रीलंका की ओर से पथुम निसांका ने सबसे ज्यादा 79 रन बनाए। वहीं, भारत की ओर से रियान पराग ने सबसे ज्यादा तीन विकेट लिए। उन्होंने 20वें ओवर में लगातार दो गेंदों पर दो विकेट झटका। इस तरह टीम इंडिया सीरीज में 1-0 से आगे हो गई है। सीरीज का अगला मुकाबला रविवार को खेला जाएगा।
श्रीलंका को 18वें ओवर में 163 के स्कोर पर सातवां झटका लगा। अर्शदीप सिंह ने हसरंगा को रियान पराग के हाथों कैच कराया। वह दो रन बना सके। फिलहाल महीश तीक्ष्णा और मथीशा पथिराना क्रीज पर हैं। 18 ओवर के बाद श्रीलंका का स्कोर सात विकेट पर 164 रन है। श्रीलंका को अब 12 गेंद में 50 रन की जरूरत है।
आखिरी 24 गेंद में श्रीलंका को 56 रन की जरूरत थी। तभी सूर्यकुमार यादव ने मास्टरस्ट्रोक चला और रियान पराग को गेंद थमाई। 17वें ओवर की पहली ही गेंद पर दासुन शनाका रन आउट हो गए। वह खाता नहीं खोल सके। इसके बाद पराग ने ओवर की चौथी गेंद पर कामिंदु मेंडिस को क्लीन बोल्ड किया। मेंडिस 12 रन बना सके। 17 ओवर के बाद श्रीलंका का स्कोर छह विकेट पर 163 रन है। फिलहाल वानिंदु हसरंगा और महीश तीक्ष्णा क्रीज पर हैं। पराग ने पहला अंतरराष्ट्रीय विकेट लेने के साथ-साथ सिर्फ पांच रन दिए। श्रीलंका को 18 गेंद में 51 रन की जरूरत है।
श्रीलंका को 158 के स्कोर पर चौथा झटका लगा। रवि बिश्नोई ने 16वें ओवर की आखिरी गेंद पर कप्तान चरिथ असलंका को यशस्वी के हाथों कैच कराया। आखिरी 24 गेंद में श्रीलंका को 56 रन की जरूरत है। फिलहाल कामिंदु मेंडिस और दासुन शनाका क्रीज पर हैं।
श्रीलंका को 15वें ओवर में दो-दो झटके लगे। अक्षर पटेल ने पहली ही गेंद पर अच्छी बल्लेबाजी कर रहे पथुम निसांका को क्लीन बोल्ड किया। निसांका ने 48 गेंद में सात चौके और चार छक्के की मदद से 79 रन की पारी खेली। इसके बाद आखिरी गेंद पर कुसल परेरा को रवि बिश्नोई के हाथों कैच कराया। परेरा ने 14 गेंद में 20 रन बनाए। फिलहाल कामिंदु मेंडिस और कप्तान चरिथ असलंका क्रीज पर हैं। श्रीलंका को 30 गेंद में 65 रन की जरूरत है। श्रीलंका का स्कोर 15 ओवर के बाद तीन विकेट पर 149 रन है।
निसांका ने 34 गेंद में टी20 अंतरराष्ट्रीय करियर का 11वां अर्धशतक पूरा किया। 12 ओवर के बाद श्रीलंका का स्कोर एक विकेट पर 120 रन है। फिलहाल निसांका 38 गेंद में 61 रन और कुसल परेरा सात गेंद में 11 रन बनाकर क्रीज पर हैं।
श्रीलंका को नौवें ओवर में 84 के स्कोर पर पहला झटका लगा। अर्शदीप सिंह ने कुसल मेंडिस को यशस्वी जायसवाल के हाथों कैच कराया। कुसल 27 गेंद में सात चौके और एक छक्के की मदद से 45 रन बनाकर आउट हुए। नौ ओवर के बाद श्रीलंका का स्कोर एक विकेट पर 91 रन है। फिलहाल पथुम निसांका और कुसल परेरा क्रीज पर हैं।
आठ ओवर के बाद श्रीलंका ने बिना विकेट गंवाए 77 रन बना लिए हैं। फिलहाल पथुम निसांका 23 गेंद में 37 रन और कुसल मेंडिस 25 गेंद में 39 रन बनाकर बल्लेबाजी कर रहे हैं। भारतीय गेंदबाज विकेट को तरस गए हैं। अगर विकेट नहीं गिरता है तो भारत के लिए मुश्किलें खड़ी हो सकती हैं।
पांच ओवर के बाद श्रीलंका ने बिना विकेट गंवाए 49 रन बना लिए हैं। फिलहाल कुसल मेंडिस 18 रन और पथुम निसांका 30 रन बनाकर क्रीज पर हैं। भारत ने 213 रन बनाए हैं। जवाब में श्रीलंका को भी तेज शुरुआत मिली है।
श्रीलंका की पारी की शुरुआत हो चुकी है। दो ओवर में उन्होंने 13 रन बना लिए हैं। फिलहाल पथुम निसांका 13 रन और कुसल मेंडिस खाता खोले बिना क्रीज पर हैं।
भारत ने श्रीलंका के सामने 214 रन का लक्ष्य रखा है। टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करते हुए भारत ने 20 ओवर में सात विकेट गंवाकर 213 रन बनाए। कप्तान सूर्यकुमार यादव ने सबसे ज्यादा 58 रन बनाए। वहीं, ऋषभ पंत ने 49 रन की और यशस्वी जायसवाल ने 40 रन की पारी खेली। श्रीलंका की ओर से मथीशा पथिराना ने चार विकेट लिए।
भारत को 192 के स्कोर पर पांचवां झटका लगा था। रियान पराग एक बार फिर फेल रहे। वह सात रन बना सके। इसके बाद 201 के स्कोर पर भारत को छठा झटका लगा। ऋषभ पंत 33 गेंद में छह चौके और एक छक्के की मदद से 49 रन बनाकर पवेलियन लौटे। वहीं, 20वें ओवर में 206 के स्कोर पर भारत को सातवां झटका लगा। रिंकू सिंह एक रन बनाकर आउट हुए।
17 ओवर के बाद भारत ने चार विकेट गंवाकर 181 रन बना लिए हैं। फिलहाल ऋषभ पंत 28 गेंद में 36 रन और रियान पराग एक रन बनाकर क्रीज पर हैं। हार्दिक पांड्या के रूप में भारत को चौथा झटका लगा। वह नौ रन बना सके।
भारत को 150 के स्कोर पर तीसरा झटका लगा। मथिशा पथिराना ने कप्तान सूर्यकुमार यादव को एल्बीडब्ल्यू आउट किया। वह 26 गेंद में आठ चौके और दो छक्के की मदद से 58 रन बनाकर आउट हुए। फिलहाल हार्दिक पांड्या और ऋषभ पंत क्रीज पर हैं। 14 ओवर के बाद भारत का स्कोर तीन विकेट पर 153 रन है।
13वें ओवर में सूर्यकुमार यादव ने 22 गेंद में टी20 अंतरराष्ट्रीय करियर का 20वां अर्धशतक जड़ा। यह बतौर टी20 कप्तान भारत के लिए उनका तीसरा अर्धशतक है। वहीं, श्रीलंका के खिलाफ यह सूर्यकुमार का चौथा 50+ स्कोर है। 13 ओवर के बाद भारत का स्कोर दो विकेट पर 146 रन है। सूर्यकुमार 24 गेंद में 54 रन और ऋषभ पंत 17 गेंद में 16 रन बनाकर क्रीज पर हैं।
भारत ने नौ ओवर के बाद दो विकेट गंवाकर 102 रन बना लिए हैं। फिलहाल सूर्यकुमार यादव आठ गेंद में 21 रन और ऋषभ पंत नौ गेंद में सात रन बनाकर बल्लेबाजी कर रहे हैं। इससे पहले शुभमन गिल 34 रन और यशस्वी जायसवाल 40 रन बनाकर आउट हुए थे।
भारत को 74 के स्कोर पर लगातार दो गेंद पर दो झटके लगे। पावरप्ले यानी छठे ओवर की आखिरी गेंद पर मदुशंका ने शुभमन गिल को असिथा फर्नांडो के हाथों कैच कराया। इसके बाद सातवें ओवर की पहली गेंद पर वानिंदु हसरंगा ने यशस्वी जायसवाल को विकेटकीपर कुसल मेंडिस के हाथों स्टंप कराया। शुभमन ने 16 गेंद में छह चौके और एक छक्के की मदद से 34 रन की पारी खेली। वहीं, यशस्वी ने 21 गेंद में पांच चौके और दो छक्के की मदद से 40 रन की पारी खेली। फिलहाल कप्तान सूर्यकुमार यादव और ऋषभ पंत क्रीज पर हैं। सात ओवर के बाद भारत का स्कोर दो विकेट पर 81 रन है।
चार ओवर के बाद भारत ने बिना विकेट गंवाए 51 रन बना लिए हैं। फिलहाल यशस्वी जायसवाल 15 गेंद में 33 रन और शुभमन गिल नौ गेंद में 18 रन बनाकर बल्लेबाजी कर रहे हैं। दोनों आक्रामक बल्लेबाजी कर रहे हैं।
भारत और श्रीलंका के बीच तीन मैचों की टी20 सीरीज की शुरुआत हो चुकी है। पहले मैच में टीम इंडिया टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी। शुभमन गिल और यशस्वी जायसवाल ओपनिंग करने आए हैं। यशस्वी ने मैच की पहली ही गेंद पर चौका लगाया। श्रीलंका की ओर से दिलशान मदुशंका ने पहले ओवर में गेंदबाजी की। पहले ओवर के बाद भारत का स्कोर बिना विकेट गंवाए 13 रन है।
भारतः शुभमन गिल, यशस्वी जायसवाल, सूर्यकुमार यादव (कप्तान), रिंकू सिंह, रियान पराग, हार्दिक पांड्या, अक्षर पटेल, ऋषभ पंत (विकेटकीपर), अर्शदीप सिंह, रवि बिश्नोई, मोहम्मद सिराज।
श्रीलंका: पथुम निसांका, कुसल मेंडिस (विकेटकीपर), कुसल परेरा, कामिंदु मेंडिस, चरिथ असलांका (कप्तान), वानिंदु हसरंगा, दासुन शनाका, महीश तीक्ष्णा, मथीशा पथिराना, असिथा फर्नांडो, दिलशान मदुशंका।
भारत के खिलाफ श्रीलंका के कप्तान चरिथ असलंका ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला किया है। वहीं, सूर्यकुमार यादव ने चार खिलाड़ियों के नाम लिए, जो इस मैच में नहीं खेल रहे हैं। इनमें वॉशिंगटन सुंदर, संजू सैमसन, शिवम दुबे और खलील अहमद शामिल हैं।
अगर पंत और सैमसन के आंकड़ों पर गौर करें तो वह काफी हद तक समान नजर आते हैं। सैमसन ने अभी तक 28 टी20 अंतरराष्ट्रीय मैच खेले हैं जिसमें उन्होंने 133 की स्ट्राइक रेट से रन बनाए हैं। इनमें से 27 मैच उन्होंने 2020 के बाद खेले हैं, जबकि उन्होंने 2015 में इस प्रारूप में पदार्पण कर लिया था। उन्होंने खुद स्वीकार किया था कि 21.14 का उनका औसत उनकी योग्यता के अनुरूप नहीं है। दूसरी तरफ पंत ने अभी तक 74 टी20 अंतरराष्ट्रीय मैच खेले हैं जिनमें उन्होंने 127 के स्ट्राइक रेट से रन बनाए हैं। उनका औसत 22.70 है। इन दोनों में से किसका चयन करना है यह काफी हद तक टीम प्रबंधन की सोच पर निर्भर करेगा। जहां तक रोहित शर्मा की बात है तो उनका पंत पर पूरा भरोसा था और यही वजह रही की टी20 विश्व कप के दौरान टीम का हिस्सा होने के बावजूद सैमसन को लेकर किसी तरह की चर्चा नहीं हुई।
पंत ने पिछले महीने अमेरिका और वेस्टइंडीज में खेले गए टी20 विश्व कप में 171 रन बनाए थे। दूसरी ओर, सैमसन को एक भी मैच खेलने का मौका नहीं मिला जबकि वह टीम का हिस्सा थे। भारत और श्रीलंका के बीच यह सीरीज भारतीय टीम के लिए इसलिए महत्वपूर्ण बन गई है क्योंकि गंभीर की मुख्य कोच के रूप में यह पहली सीरीज है जबकि टीम के नए कप्तान सूर्यकुमार यादव हैं। गंभीर के पिछले रिकार्ड को देखते हैं तो यह निश्चित है कि टीम संयोजन में उनकी बात को अधिक तवज्जो दी जाएगी। पंत जब दिसंबर 2022 में कार दुर्घटना में घायल होने के बाद टीम से बाहर थे तब विकेटकीपर बल्लेबाज के रूप में ईशान किशन, सैमसन, जितेश शर्मा और ध्रुव जुरेल को आजमाया गया।
भारतीय क्रिकेट टीम के नवनियुक्त मुख्य कोच गौतम गंभीर के लिए श्रीलंका के खिलाफ पहले टी20 मैच में अनुभवी विकेटकीपर बल्लेबाज ऋषभ पंत और संजू सैमसन में से किसी एक का चयन करना चुनौतीपूर्ण होगा। छोटे प्रारूप से संन्यास लेने वाले रोहित शर्मा और विराट कोहली को छोड़कर टी20 विश्व कप विजेता टीम के अधिकतर खिलाड़ी श्रीलंका दौरे पर आए हैं और ऐसे में पंत और सैमसन में से किसी एक का चयन करना आसान नहीं होगा क्योंकि यह दोनों ही आक्रामक विकेटकीपर बल्लेबाज हैं। भारतीय बल्लेबाजी क्रम में भले ही दो स्थान खाली हैं, लेकिन फिर भी इन दोनों में से किसी एक को बल्लेबाज के रूप में उतारना भी आसान नहीं होगा।
भारत के लिए मुख्य कोच गौतम गंभीर इस सीरीज से अपना कार्यकाल की शुरुआत करेंगे, जबकि टीम इस प्रारूप के नए कप्तान सूर्यकुमार की अगुआई में खेलने उतरेगी। टी20 विश्व कप की खिताबी जीत के बाद नियमित कप्तान रोहित शर्मा ने टी20 अंतरराष्ट्रीय से संन्यास की घोषणा कर दी थी। वैश्विक टूर्नामेंट के बाद भारत शुभमन गिल की अगुआई में जिम्बाब्वे दौरे पर गया था, लेकिन अब टीम सीनियर खिलाड़ियों के साथ श्रीलंका दौरे पर आई है और सूर्यकुमार टीम की कमान संभालते दिखेंगे, जबकि शुभमन उपकप्तान की भूमिका में होंगे।
नमस्कार! अमर उजाला के लाइव ब्लॉग में आपका स्वागत है। आज से भारत के श्रीलंका दौरे की शुरुआत हो रही है। इसके साथ ही गंभीर युग की भी शुरुआत हो रही है। गौतम गंभीर के मुख्य कोच बनने के बाद यह टीम इंडिया की पहली सीरीज है। नए टी20 कप्तान सूर्यकुमार यादव की अगुआई में भारतीय टीम इसका शानदार आगाज करना चाहेगी। तीन मैचों की टी20 सीरीज का पहला मुकाबला पल्लेकल में खेला जा रहा है।