भारत को जीत दिलाने वाले श्रेयस अय्यर को प्लेयर ऑफ द मैच और प्लेयर ऑफ द सीरीज अवॉर्ड दिया गया। श्रेयस ने श्रीलंका के खिलाफ तीन टी-20 मैचों में तीन अर्धशतक की बदौलत 204 रन बनाए। इस दौरान उनका स्ट्राइक रेट 180 के ऊपर रहा। उन्होंने पहले मैच में 28 गेंदों पर नाबाद 57 रन, दूसरे मैच में 44 गेंदों पर नाबाद 74 रन और तीसरे मैच में 45 गेंदों पर नाबाद 73 रन की पारी खेली।
श्रेयस ने तीन मैचों की द्विपक्षीय टी-20 सीरीज में भारतीय खिलाड़ी द्वारा सबसे ज्यादा रन बनाने के रिकॉर्ड को भी तोड़ दिया। श्रेयस से पहले यह रिकॉर्ड विराट कोहली के नाम था। उन्होंने 2016 में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ उसके घर में तीन मैचों में 199 रन बनाए थे।
टी-20 अंतरराष्ट्रीय में यह भारत की लगातार 12वीं जीत है। इसके साथ ही भारत ने लगातार सबसे ज्यादा टी-20 जीतने के वर्ल्ड रिकॉर्ड की बराबरी कर ली है। अफगानिस्तान ने 2018-19 में लगातार 12 टी-20 मैच जीते थे। इसके अलावा रोमानिया ने लगातार 12 मैच जीते हैं, लेकिन उन्हें टेस्ट क्रिकेट खेलने का दर्जा प्राप्त नहीं है।
भारत ने टी-20 विश्व में भी आयरलैंड, नामीबिया और अफगानिस्तान को हराया था। इसके बाद न्यूजीलैंड, वेस्टइंडीज और श्रीलंका को तीन-तीन मैचों में हराया है। भारत ने घरेलू जमीन पर टी-20 फॉर्मेट में लगातार सातवीं सीरीज अपने नाम की है।
भारत के लिहाज से एक और अच्छा ओवर रहा। इस बार बिनुरा फ़र्नांडो के ओवर से श्रेयस और जडेजा ने 13 रन बटोरे। भारत को अब जीत के लिए आखिरी 24 गेंदों में 11 रन की जरुरत। 16 ओवर के बाद भारत का स्कोर: 136/4, रवींद्र जाडेजा (16*), श्रेयस अय्यर (68*)
भारत अब मैच और सीरीज क्लीन स्वीप के करीब है। श्रेयस अय्यर और रविंद्र जडेजा क्रीज पर हैं। टीम इंडिया को जीत के लिए आखिरी 30 गेंदों में 24 रन की दरकार है। 15 ओवर के बाद भारत का स्कोर: 123/4, श्रेयस अय्यर (61*), रवींद्र जाडेजा (10*)
वेंकटेश अय्यर को इस मैच में ऊपरी क्रम में बल्लेबाजी के लिए भेजा गया था लेकिन वह ज्यादा कुछ नहीं कर पाए। वेंकटेश को लहिरु कुमारा ने पांच के स्कोर पर जयाविक्रमा के हाथों कैच कराया। 13 ओवर के बाद भारत का स्कोर: 107/4, रवींद्र जाडेजा (1*), श्रेयस अय्यर (55*)
श्रेयस अय्यर की एक और शानदार पारी के दम पर भारत अपनी तीसरी जीत के करीब पहुंच गया है। टीम इंडिया ने 12वें ओवर में अपने 100 रन पूरे कर लिए हैं। 12 ओवर के बाद भारत का स्कोर: 102/3, वेंकटेश अय्यर (5*), श्रेयस अय्यर (52*)
श्रेयस अय्यर ने अपने शानदार फॉर्म को जारी रखते हुए सीरीज का लगातार तीसरा अर्धशतक पूरा कर लिया है। उन्होंने इस बार 29 गेंदों में छक्के के साथ अपनी फिफ्टी पूरी की।
लहिरु कुमारा की सटीक यॉर्कर गेंद पर बोल्ड हुए दीपक हुड्डा। हालांकि उन्होंने आउट होने से पहले 16 गेंदों में तेजी से 21 रन बनाए। 11 ओवर के बाद भारत का स्कोर: 93/3, वेंकटेश अय्यर (4*), श्रेयस अय्यर (44*)
भारत ने रोहित शर्मा का विकेट गंवाने के बाद तेजी से रन बटोरे लेकिन संजू सैमसन भी जल्दी ही पवेलियन लौट गए। सात ओवर के बाद भारत का स्कोर: 55/2, दीपक हुड्डा (3*), श्रेयस अय्यर (28*)
सलामी बल्लेबाज के रूप में उतरे संजू सैमसन इस मैच में भी कुछ खास नहीं कर पाए। इस बार उन्हें चमिका करुणारत्ना ने अपने पहले ओवर में पवेलियन का रास्ता दिखा दिया। संजू ने आउट होने से गेंदों में 18 रन बनाए।
भारत ने रोहित का विकेट गंवाने के बाद पावरप्ले में अच्छे रन बना लिए हैं। छह ओवर के बाद भारत का स्कोर: 47/1, श्रेयस अय्यर (27*), संजू सैमसन (14*)
भारतीय बल्लेबाजों ने धीमी शुरुआत की है। रोहित के जल्दी आउट होने के बाद श्रेयस अय्यर नए बल्लेबाज के रूप में मैदान पर पहुंचे हैं। तीन ओवर के बाद भारत का स्कोर: 13/1, श्रेयस अय्यर (6*), संजू सैमसन (2*)
रोहित शर्मा ने लगातार दूसरी बार निराश किया। उन्हें दूसरे ओवर में दुश्मांता चमीरा ने करुणारत्ना के हाथों कैच कराया। रोहित ने आउट होने से पहले 9 गेंदों में पांच रन बनाए। दो ओवर के बाद भारत का स्कोर: 7/1, संजू सैमसन (1*), श्रेयस अय्यर (1*)
श्रीलंका के 147 रन का पीछा करने के लिए भारत की तरफ से रोहित शर्मा के साथ इस बार संजू सैमसन ने पारी की शुरुआत की है। जबकि श्रीलंका की तरफ से बिनुरा फ़र्नांडो ने नई गेंद संभाली है।
आवेश खान अपने आखिरी ओवर में काफी रन लुटा दिए। तीन ओवर में महज चार रन देने के बाद उन्होंने आखिरी ओवर में 19 रन दिए।
श्रीलंकाई कप्तान दसून शनाका ने महज 29 गेंदों में अपना अर्धशतक पूरा कर लिया है। उन्होंने चौके के साथ फिफ्टी पूरी की। 19 ओवर के बाद श्रीलंका का स्कोर: 134/5, दसून शनाका (62*), चमिका करुणारत्ने (12*)
कप्तान दशुन शनाका और चमिका करुणारत्ने ने मिलकर श्रीलंका के लिए एक अहम साझेदारी कर ली है। दोनों ने मिलकर छठे विकेट के लिए अर्धशतकीय साझेदारी कर ली है। 18 ओवर के बाद श्रीलंका का स्कोर: 115/5, दसून शनका (47*), चमिका करुणारत्ना (10*)
मोहम्मद सिराज ने अपने कोटे के चार ओवर पूरे कर लिए। हालांकि उन्होंने अपने आखिरी ओवर में 13 रन खर्च दिए। 17 ओवर के बाद श्रीलंका का स्कोर: 103/5, दसून शनाका (37*), चमिका करुणारत्ने (8*)
हर्षल पटेल अपने तीसरे ओवर में महंगे रहे। उन्होंने इस बार रन खर्च दिए। 16 ओवर के बाद श्रीलंका का स्कोर: 90/5, चमिका करुणारत्ना (7*), दसून शनाका (25*)
हर्षल पटेल ने भी अपने खाते में एक विकेट जोड़ लिया है। उन्होंने अपने दूसरे ओवर की पहली गेंद पर दिनेश चांदीमल को अपना शिकार बनाया। चांदीमल ने आउट होने से पहले 27 गेंदों में 25 रन बनाए। 13 ओवर के बाद श्रीलंका का स्कोर: 64/5, चमिका करुणारत्ना (3*), दसून शनाका (12*)
श्रीलंकाई टीम शुरुआती झटके से उबरने में लगी हुई है। कप्तान दसून शनाका और दिनेश चांदीमल पारी को सँभालने में लगे हुए हैं। श्रीलंका ने भी अपने 50 रन पूरे कर लिए हैं। 11 ओवर के बाद श्रीलंका का स्कोर: 52/4, दसून शनाका (9*), दिनेश चांदीमल (19*)
भारतीय लेग स्पिनर रवि बिश्नोई ने भी सिराज और आवेश की तरह अपने पहले ओवर में ही विकेट लिया है। उन्होंने जनित लियानगे को 9 रन के स्कोर पर क्लीन बोल्ड कर दिया। 9 ओवर के बाद श्रीलंका का स्कोर: 34/4, दिनेश चांदीमल (9*), दसून शनाका (2*)
भारतीय गेंदबाजों ने शुरुआती छह ओवर यानी पहले पावरप्ले में अपना दबदबा बनाए रखा। भारत ने इस दौरान श्रीलंका के तीन प्रमुख खिलाड़ियों को आउट किया जबकि मेहमान टीम ने 18 रन बनाए। छह ओवर के बाद श्रीलंका का स्कोर: 18/3, जनित लियानगे (4*), दिनेश चांदीमल (4*)
आवेश खान ने श्रीलंका के शीर्ष क्रम को ध्वस्त कर दिया है। उन्होंने अपने दूसरे ओवर में चरिथ असलंका को सैमसन के हाथों कैच कराया। आवेश के ओवर की आखिरी गेंद पर असलंका छह गेंदों में चार रन बनाकर आउट हुए। चार ओवर के बाद श्रीलंका का स्कोर: 11/3, जनित लियानगे (2*), दिनेश चांदीमल (0*)
आवेश खान ने सीरीज के पहले मैच के पहले ही ओवर में श्रीलंका की दूसरे ओपनर पथुम निसंका को पवेलियन भेज दिया है। पिछले मैच में 75 रन बनाने वाले निसंका ने एक रन बनाकर वेंकटेश अय्यर को कैच थमाया। आवेश ने अपने पहले ओवर में बिना कोई रन दिए एक बड़ा विकेट झटका। दो ओवर के बाद श्रीलंका का स्कोर: 5/2, चरिथ असलंका (0*), जनित लियानगे (0*)
मोहम्मद सिराज ने शानदार वापसी करते हुए मैच के पहले ही ओवर में श्रीलंका को बड़ा झटका दिया है। सिराज ने ओवर के आखिरी गेंद पर दनुष्का गुनातिलका को खाता खोले बगैर पवेलियन भेज दिया। एक ओवर के बाद श्रीलंका का स्कोर: 1/1, पथुम निसंका (1*), चरिथ असलंका (0*)
श्रीलंकाई टीम ने भी इस मैच में दो बदलाव किए हैं। लियानागे और वेंडरसे की वापसी हुई है जबकि जयविक्रमा और मिसारा को जगह नहीं मिली है।
भारतीय टीम में चार बदलाव किए गए हैं। ईशान किशन, जसप्रीत बुमराह, भुवनेश्वर कुमार और युजवेंद्र चहल आज टीम का हिस्सा नहीं हैं। उनकी जगह पर आवेश ख़ान, मोहम्मद सिराज, कुलदीप यादव और रवि बिश्नोई को टीम में शामिल किया गया है।
श्रीलंकाई कप्तान दसुन शनाका ने टॉस जीतकर भारत के खिलाफ पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया है।
भारतीय टीम के विकेटकीपर और सलामी बल्लेबाज ईशान किशन इस मैच से बाहर हो गए हैं। उन्हें कल दूसरे मैच के दौरान सिर पर गेंद लग गई थी। इसके बाद उन्हें स्थानीय अस्पताल में जांच के लिए ले जाया गया था। यहां उनका सिटी स्कैन किया गया था, जिसकी रिपोर्ट नॉर्मल आई थी। हालांकि, सावधानी बरतते हुए उन्हें इस मैच से बाहर रखा गया है।
भारतीय टीम ने सीरीज के शुरू के दोनों मैचों में जीत दर्ज की है। सबसे पहले लखनऊ में टीम इंडिया ने 62 रन से जीत दर्ज की और उसके बाद शनिवार को धर्मशाला में सात विकेट से बाजी अपने नाम की।