श्रीलंका ने भारत को 16 रन से हरा दिया है। इसके साथ ही श्रीलंकाई टीम ने तीन मैच की सीरीज में 1-1 की बराबरी कर ली है। श्रीलंका ने पहले बल्लेबाजी करते हुए भारत के सामने 207 रन का लक्ष्य रखा था। इसके जवाब में भारत 190 रन ही बना पाया और मैच हार गया। हार्दिक पांड्या की कप्तानी में यह भारत की पहली हार है। इस मैच में श्रीलंका के लिए कप्तान दसून शनाका और कुशल मेंडिस ने कमाल की बल्लेबाजी की। वहीं, भारत के लिए अक्षर पटेल और सूर्यकुमार यादव ने कमाल किया। हालांकि, ये दोनों भारत को जीत नहीं दिला पाए। सीरीज का तीसरा और निर्णायक मैच सात जनवरी (शनिवार) को खेला जाएगा।
मैच में क्या हुआ?
टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी श्रीलंका की शुरुआत शानदार रही। दूसरे ओवर में अर्शदीप ने 19 रन लुटा दिए और यहीं से श्रीलंका की पारी ने तेज रफ्तार पकड़ ली। कुशल मेंडिस 31 गेंद में 52 रन बनाकर आउट हुए, लेकिन तब तक श्रीलंका का स्कोर 80 रन हो चुका था। हालांकि, अगले ही ओवर में भानुका राजपक्षे भी दो रन बनाकर आउट हो गए। कुछ समय बाद पथुम निशांका भी 33 रन बनाकर आउट हो गए। धनंजय डीसिल्वा भी कुछ खास नहीं कर पाए और तीन रन बनाकर आउट हो गए। इसके बाद चरिथ असालंका ने 19 गेंद में 37 रन बनाकर श्रीलंका की वापसी कराई। अंत में श्रीलंकाई कप्तान दसून शनाका ने 22 गेंद में 56 रन की पारी खेली और श्रीलंका का स्कोर छह विकेट पर 206 रन तक पहुंचाया।
बड़े लक्ष्य का पीछा करते हुए भारत की शुरुआत बेहद खराब रही। पारी के दूसरे ओवर में ही भारत को दोनों सलामी बल्लेबाज पवेलियन लौट गए। कसून रजिता ने ईशान किशन को दो और शुभमन गिल को पांच रन के स्कोर पर आउट किया। राहुल त्रिपाठी भी डेब्यू मैच में पांच रन बनाकर आउट हो गए। 21 रन पर तीन विकेट गिरने के बाद भारतीय टीम मुश्किल में आ गई थी। 13 रन बाद ही कप्तान हार्दिक भी 12 रन बनाकर आउट हो गए। 34 रन पर भारत के चार विकेट गिर चुके थे। सूर्यकुमार यादव और दीपक हुड्डा ने छोटी साझेदारी की, लेकिन हुड्डा भी नौ रन बनाकर चलते बने। इसके बाद अक्षर पटेल ने सूर्यकुमार के साथ मिलकर तेजी से रन बनाए। इस बीच श्रीलंका ने अक्षर को रन आउट करने का आसान मौका भी छोड़ा। अक्षर और सूर्या ने मिलकर भारत का स्कोर 100 रन के पार पहुंचाया। इन दोनों ने बेहतरीन साझेदारी कर मैच में भारत की वापसी कराई, लेकिन अंत में सूर्यकुमार और अक्षर दोनों आउट हो गए। इन दोनों के आउट होने के साथ ही भारत मैच हार गया। हालांकि, आखिरी ओवर तक भारत के जीतने की उम्मीद बनी हुई थी।
शिवम मावी और अक्षर पटेल ने तूफानी बल्लेबाजी कर भारत के जीतने की उम्मीदें कायम रखी हैं। दोनों तेजी से रन बना रहे हैं और टीम इंडिया अभी भी मैच में बनी हुई है। भारत का स्कोर छह विकेट पर 180 रन के पार जा चुका है। अब टीम इंडिया को जीतने के लिए आखिरी ओवर में 21 रन की जरूरत है।
सूर्यकुमार यादव 51 रन बनाकर आउट हो चुके हैं। उन्होंने 36 गेंद का सामना किया और तीन चौके और तीन छक्के लगाए। दिलशान मदुशंका ने उन्हें हसरंगा के हाथों कैच आउट कराया। 16 ओवर के बाद भारत का स्कोर छह विकेट पर 149 रन है। अब अक्षर पटेल के साथ शिवम मावी क्रीज पर हैं। भारत को जीत के लिए 24 गेंद में 58 रन की जरूरत है।
अक्षर पटेल के बाद सूर्यकुमार यादव ने भी अपना अर्धशतक पूरा कर लिया है। उन्होंने 33 गेंद में अपने 50 रन पूरे किए। अक्षर और सूर्यकुमार के बीच बेहतरीन साझेदारी हो चुकी है और ये दोनों मैच में टीम इंडिया को वापस ले आए हैं।
अक्षर पटेल ने तूफानी बल्लेबाजी कर 20 गेंद में अपना अर्धशतक पूरा कर लिया है। उनकी शानदार पारी के चलते टीम इंडिया मैच में वापस आ गई है।
अक्षर पटेल और सूर्यकुमार यादव ने तूफानी बल्लेबाजी कर भारत का स्कोर 100 रन के पार पहुंचा दिया है। दोनों तेजी से रन बना रहे हैं और अभी भी भारतीय टीम मैच में बनी हुई है। 14 ओवर के बाद भारत का स्कोर पांच विकेट पर रन है।
दीपक हुड्डा के रूप में भारत को पांचवां झटका लगा। वनिंदू हसरंगा ने उन्हें धनंजय डीसिल्वा के हाथों कैच कराया। दीपक हुड्डा ने 12 गेंद में नौ रन बनाए। अब भारत के लिए जीत बहुत मुश्किल दिख रही है। सूर्यकुमार यादव के अलावा अक्षर पटेल क्रीज पर हैं। इन दोनों के लिए लक्ष्य का पीछा करना बहुत मुश्किल होगा।
207 रन का पीछा करते हुए भारत ने पावरप्ले में चार विकेट खोकर 39 रन बनाए हैं। सूर्यकुमार यादव और दीपक हुड्डा क्रीज पर हैं। ये दोनों भारतीय बल्लेबाजी में आखिरी विशेषज्ञ बल्लेबाज हैं और भारत को जीत दिलाने के लिए इन दोनों को बड़ी साझेदारी करनी होगी। सात ओवर के बाद भारत का स्कोर चार विकेट पर 47 रन है।
34 रन के स्कोर पर भारत का चौथा विकेट गिरा है। कप्तान हार्दिक पांड्या 12 गेंद में 12 रन बनाकर आउट हो चुके हैं। उन्होंने अपनी पारी में एक चौका और एक छक्का लगाया। चमिका करुणारत्ने की गेंद पर कुशल मेंडिस ने उनका शानदार कैच पकड़ा। पांच ओवर के बाद भारत का स्कोर चार विकेट पर 35 रन है।
207 रन के स्कोर का पीछा करते हुए 21 रन पर भारत का तीसरा विकेट गिरा है। राहुल त्रिपाठी पांच गेंद में पांच रन बनाकर आउट हो चुके हैं। मदुशंका ने उन्हें विकेटकीपर कुशल मेंडिस के हाथों कैच कराया। अब टीम इंडिया मुश्किल में आ चुकी है। सूर्यकुमार यादव और कप्तान हार्दिक पांड्या क्रीज पर हैं। तीन ओवर के बाद भारत का स्कोर तीन विकेट पर 27 रन है।
20 रन के स्कोर पर भारत का दूसरा विकेट गिर चुका है। शुभमन गिल तीन गेंद में पांच रन बनाकर आउट हो चुके हैं। कसून रजिता ने उन्हें महीष तीक्ष्णा के हाथों कैच कराया। अब भारतीय टीम मुश्किल में दिख रही है। राहुल त्रिपाठी और सूर्यकुमार यादव क्रीज पर हैं।
207 रन का पीछा करते हुए 12 रन के स्कोर पर भारत का पहला विकेट गिरा है। ईशान किशन पांच गेंद में दो रन बनाकर आउट हो चुके हैं। कसून रजिता ने उन्हें अंदर आती गेंद पर क्लीन बोल्ड किया। अब शुभमन गिल और राहुल त्रिपाठी क्रीज पर हैं। दो ओवर के बाद भारत का स्कोर दो विकेट के नुकसान पर 21 रन है।
207 रन का पीछा करते हुए भारत की बल्लेबाजी शुरू हो चुकी है। ईशान किशन और शुभमन गिल की जोड़ी मैदान पर है। दोनों तेजी से रन बना रहे हैं। पहले ओवर के बाद भारत का स्कोर बिना किसी नुकसान के 12 रन है।
श्रीलंका ने पहले बल्लेबाजी करते हुए भारत के सामने 207 रन का बड़ा लक्ष्य रखा है। इस मैच में श्रीलंकाई टीम ने शानदार शुरुआत की थी। इसके बाद बीच के ओवरों में श्रीलंका की पारी लड़खड़ाई, लेकिन अंत में कप्तान दसून शनाका ने आक्रामक बल्लेबाजी कर अपनी टीम का स्कोर 206 रन तक पहुंचा दिया। श्रीलंका के लिए कुशल मेंडिस और दसून शनाका ने अर्धशतकीय पारी खेली। भारत के लिए उमरान मलिक ने दो विकेट लिए।
पहली पारी में क्या हुआ?
टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी श्रीलंका की शुरुआत शानदार रही। दूसरे ओवर में अर्शदीप ने 19 रन लुटा दिए और यहीं से श्रीलंका की पारी ने तेज रफ्तार पकड़ ली। कुशल मेंडिस 31 गेंद में 52 रन बनाकर आउट हुए, लेकिन तब तक श्रीलंका का स्कोर 80 रन हो चुका था। हालांकि, अगले ही ओवर में भानुका राजपक्षे भी दो रन बनाकर आउट हो गए। कुछ समय बाद पथुम निशांका भी 33 रन बनाकर आउट हो गए। धनंजय डीसिल्वा भी कुछ खास नहीं कर पाए और तीन रन बनाकर आउट हो गए। इसके बाद चरिथ असालंका ने 19 गेंद में 37 रन बनाकर श्रीलंका की वापसी कराई।
अंत में श्रीलंकाई कप्तान दसून शनाका ने 22 गेंद में 56 रन की पारी खेली और श्रीलंका का स्कोर छह विकेट पर 206 रन तक पहुंचाया। इस दौरान उन्होंने श्रीलंका के लिए टी20 में सबसे तेज अर्धशतक लगाया।
स्पिन गेंदबाज और उमरान चमके, लेकिन नो बॉल पड़ी भारी
इस मैच में श्रीलंकाई टीम ने शानदार शुरुआत की थी और पावरप्ले में 55 रन बना लिए थे। पहले विकेट के लिए 80 रन की साझेदारी हुई थी। इसके बाद स्पिन गेंदबाजों ने भारत की वापसी कराई और 138 रन पर श्रीलंका के छह विकेट गिर गए। चहल ने पहला विकेट लिया। वहीं, अक्षर को दो सफलता मिली। इस बीच उमरान मलिक ने तीन विकेट अपने नाम किए। हालांकि, अर्शदीप सिंह और उमरान मलिक इस मैच में काफी महंगे साबित हुए। मावी ने चार ओवर में 53 और अर्शदीप ने दो ओवर में 37 रन लुटा दिए। अर्शदीप ने इस मैच में पांच नो बॉल भी की। इसमें से एक में उन्हें विकेट भी मिला, लेकिन नो बॉल के चलते वह बहुत महंगे साबित हुए।
अर्शदीप सिंह ने इस मैच में चौथी नो बॉल की है। इस बार उनकी नो गेंद पर दसून शनाका आउट हो गए, लेकिन उन्हें जीवनदान मिल गया। इसके बाद उन्होंने एक और छक्का लगा दिया। 19 ओवर के बाद श्रीलंका का स्कोर छह विकेट पर 186 रन हो चुका है।
छह विकेट के नुकसान पर श्रीलंका का स्कोर 150 रन के पार जा चुका है। श्रीलंकाई कप्तान दसून शनाका और चमिका करुणारत्ने क्रीज पर हैं। दोनों तेजी से रन बना रहे हैं और श्रीलंका को बड़े स्कोर तक ले जा रहे हैं। 18 ओवर के बाद श्रीलंका का स्कोर छह विकेट पर 168 रन है।
उमरान मलिक ने दो गेंदों पर लगातार दो विकेट लेकर श्रीलंकाई टीम को बैकफुट पर ढकेल दिया है। उन्होंने असालंका को आउट करने के बाद वनिंदू हसरंगा को भी पहली ही गेंद पर पवेलियन भेज दिया। हसरंगा अपना खाता भी नहीं खोल पाए। उमरान मलिक के पास हैट्रिक पूरी करने का मौका है। 17 ओवर के बाद श्रीलंका का स्कोर छह विकेट पर 147 रन है।
138 रन के स्कोर पर श्रीलंका की आधी टीम पवेलियन लौट चुकी है। उमरान मलिक ने असालंका को शुभमन गिल के हाथों कैच कराकर श्रीलंका को पांचवां झटका दिया। असालंका ने 19 गेंद में 37 रन बनाए। उन्होंने अपनी पारी में चार छक्के लगाए।
110 रन के स्कोर पर श्रीलंकाई टीम को चौथा झटका लगा है। धनंजय डीसिल्वा छह गेंद में तीन रन बनाकर आउट हो चुके हैं। अक्षर पटेल की गेंद पर दीपक हुड्डा ने उनका कैच पकड़ा। अच्छी शुरुआत के बाद श्रीलंका की पारी पूरी तरह पटरी से उतर चुकी है। अब कप्तान दसून शनाका और चरिथ असालंका क्रीज पर हैं। 14 ओवर के बाद श्रीलंका का स्कोर चार विकेट पर 114 रन है।
तीन विकेट के नुकसान पर श्रीलंका का स्कोर 100 रन के पार जा चुका है। चरिथ असालंका और धनंजय डीसिल्वा क्रीज पर हैं। दोनों तेजी से श्रीलंका को बड़े स्कोर की तरफ ले जा रहे हैं।
96 रन के स्कोर पर श्रीलंका का तीसरा विकेट गिरा है। अक्षर पटेल ने पथूम निशांका को राहुल त्रिपाठी के हाथों कैच कराया। निशांका ने 35 गेंद में 33 रन बनाए। उन्होंने अपनी पारी में चार चौके लगाए। अब धनंजय डीसिल्वा और चरथ असालंका क्रीज पर हैं। 12 ओवर के बाद श्रीलंका का स्कोर तीन विकेट पर 98 रन है।
83 रन के स्कोर पर श्रीलंकाई टीम का दूसरा विकेट गिरा है। उमरान मलिक ने भानुका राजपक्षे को क्लीन बोल्ड कर श्रीलंका को दूसरा झटका दिया है। राजपक्षे ने तीन गेंद में दो रन बनाए। तीन रन के अंतराल में दो विकेट गंवाने के बाद श्रीलंका की टीम बैकफुट पर आ गई है, वहीं टीम इंडिया मैच में वापस आ चुकी है। अब पथूम निशांका और चरिथ असालंका क्रीज पर हैं। 10 ओवर के बाद श्रीलंका का स्कोर दो विकेट पर 89 रन है।
80 रन के स्कोर पर श्रीलंका का पहला विकेट गिरा है। युजवेन्द्र चहल ने कुशल मेंडिस को एलबीडब्ल्यू आउट किया। मेंडिस ने 31 गेंद में 52 रन बनाए। उनकी पारी में तीन चौके और चार छक्के शामिल थे। नौ ओवर के बाद श्रीलंका का स्कोर एक विकेट पर 83 रन है।
श्रीलंका के कुशल मेंडिस ने 27 गेंद में अपना अर्धशतक पूरा कर लिया है और श्रीलंकाई टीम को शानदार शुरुआत की है। मेंडिस अब तक चार छक्के और तीन चौके लगा चुके हैं। उनकी बेहतरीन बल्लेबाजी के चलते श्रीलंका का स्कोर आठ ओवर में बिना किसी नुकसान के 80 रन हो चुका है।
टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करते हुए श्रीलंकाई टीम ने पावरप्ले में बिना कोई विकेट खोए 55 रन बना लिए हैं। कुशल मेंडिस तेज गति से रन बना रहे हैं, जबकि पथूम निशांका संभलकर खेल रहे हैं। भारतीय गेंदबाजों ने जमकर नो और वाइड गेंदें की हैं। इससे भी श्रीलंकाई बल्लेबाजों का काम आसान हुआ है। सात ओवर के बाद श्रीलंका का स्कोर बिना विकेट खोए 67 रन है।
दूसरे टी20 में भारतीय गेंदबाज अनुशासन में नहीं रहे हैं। सीरीज के पहले मैच में भारत ने कुल छह अतिरिक्त रन दिए थे, लेकिन दूसरे टी20 में चार ओवर के अंदर ही भारतीय गेंदबाज चार नो बॉल कर चुके हैं। अर्शदीप सिंह ने लगातार तीन नो बॉल की हैं। चार ओवर के बाद श्रीलंका का स्कोर बिना किसी नुकसान के 47 रन है। टीम इंडिया अब तक पांच अतिरिक्त रन दे चुकी है और पांच अतिरिक्त गेंद भी की हैं, जिनमें 10 से ज्यादा रन बन चुके हैं।
टॉस हारकर श्रीलंका की टीम पहले बल्लेबाजी के लिए मैदान पर उतर चुकी है। भारत के लिए कप्तान हार्दिक पांड्या ने गेंदबाजी की शुरुआत की और एक बार फिर अच्छा पहला ओवर किया। दो ओवर के बाद श्रीलंका का स्कोर बिना किसी नुकसान के 21 रन है। दूसरे ओवर में अर्शदीप सिंह ने लगातार तीन नो गेंद कर अपना ओवर खराब कर लिया। हार्दिक ने पहले ओवर में सिर्फ दो रन दिए थे, लेकिन अर्शदीप ने 19 रन देकर श्रीलंका को अच्छी शुरुआत करने का मौका दे दिया।
श्रीलंका: पथूम निसांका, कुशल मेंडिस (विकेटकीपर), धनंजया डीसिल्वा, चरित असलंका, भानुका राजपक्षे, दसून शनाका (कप्तान), वनिंदू हसरंगा, चमिका करुणारत्ने, महेश तीक्ष्णा, कसुन राजिता, दिलशान मदुशंका।
भारत: ईशान किशन (विकेटकीपर), शुभमन गिल, सूर्यकुमार यादव, राहुल त्रिपाठी, हार्दिक पांड्या (कप्तान), दीपक हुड्डा, अक्षर पटेल, शिवम मावी, उमरान मलिक, अर्शदीप सिंह, युजवेंद्र चहल।
भारतीय कप्तान हार्दिक पांड्या ने टॉस जीतकर गेंदबाजी करने का फैसला किया है। इस मैच में टीम इंडिया दो बदलाव के साथ उतरी है। चोटिल संजू सैमसन की जगह राहुल त्रिपाठी को मौका दिया गया है। वहीं, अर्शदीप सिंह फिट होकर टीम में वापस आ गए हैं। उन्हें हर्षल पटेल की जगह टीम इंडिया में शामिल किया गया है।
इस मैच में राहुल त्रिपाठी ने अंतराष्ट्रीय क्रिकेट में डेब्यू किया है। मैच से पहले बल्लेबाजी कोच विक्रम राठौर ने उन्हें टीम इंडिया की कैप दी। राहुल त्रिपाठी को संजू सैमसन की जगह टीम इंडिया में मौका मिला है। सैमसन पहले मैच में फील्डिंग के दौरान चोटिल हो गए थे और वह टी20 सीरीज से बाहर हो चुके हैं।
दूसरे टी20 मैच के लिए भारतीय टीम पुणे के महाराष्ट्र क्रिकेट एसोसिएशन स्टेडियम में पहुंच चुकी है। मैच से पहले कप्तान हार्दिक और सूर्यकुमार यादव जैसे खिलाड़ी पूरी तरह फिट और खुश नजर आए। टीम इंडिया लगातार दूसरा मैच जीतकर सीरीज अपने नाम करना चाहेगी।
नमस्कार, अमर उजाला के लाइव ब्लॉग में आपका स्वागत है। भारत और श्रीलंका के बीच टी20 सीरीज का दूसरा मुकाबला पुणे के महाराष्ट्र क्रिकेट एसोसिएशन स्टेडियम में है। तीन मैच की सीरीज का पहला मुकाबला भारत ने दो रन से अपने नाम किया था। अब हार्दिक की कप्तानी वाली टीम दूसरा मैच भी जीतकर सीरीज अपने नाम करना चाहेगी। चोट की वजह से संजू सैमसन यह मुकाबला नहीं खेलेंगे। वह पूरी टी20 सीरीज से बाहर हो चुके हैं। उनकी जगह राहुल त्रिपाठी को भारतीय टीम में शामिल किया जा सकता है।