भारत और श्रीलंका के बीच मोहाली के पीसीए स्टेडियम में खेले जा रहे पहले टेस्ट मैच के दूसरे दिन का खेल खत्म हो चुका है। भारत के पास पहली पारी के आधार पर 466 रनों की बढ़त है। भारत ने इससे पहले रविंद्र जडेजा के 175 रन की नाबाद पारी के दम पर 574/8 के स्कोर पर अपनी पहली पारी घोषित की। इसके जवाब में श्रीलंका ने स्टंप्स होने तक 108/4 का स्कोर बना लिया है। श्रीलंका की तरफ से पथुम निसंका (26*) और चरिथ असलंका (1*) रन बनाकर नाबाद हैं।
रोहित ने अश्विन को जडेजा की जगह पर नए स्पेल के साथ लगाया और उन्होंने आते ही पहली गेंद पर धनंजय डीसिल्वा को पवेलियन का रास्ता दिखा दिया। आश्विन ने डीसिल्वा को एक रन के स्कोर पर एलबीडब्ल्यू आउट किया। 39 ओवर के बाद श्रीलंका का स्कोर: 105/4, पथुम निसंका (23*), चरिथ असलंका (1*)
श्रीलंकाई टीम ने तीन विकेट गंवाकर अपने 100 रन पूरे कर लिए हैं। हालांकि उन्हें अभी लंबा रास्ता तय करना है। 35 ओवर के बाद श्रीलंका का स्कोर: 100/3, पथुम निसंका (20*), धनंजय डीसिल्वा (0*)
जसप्रीत बुमराह को आखिरकार इस बार विकेट मिल गया। उन्होंने अपने सातवें ओवर की आखिरी गेंद पर ऐंजेलो मैथ्यूज़ को 22 के स्कोर पर एलबीडब्ल्यू किया। मैथ्यूज़ ने रिव्यू लिया लेकिन वह उनके पक्ष में नहीं गया और अंपायर्स कॉल का फायदा भारत को मिला। 34 ओवर के बाद श्रीलंका का स्कोर: 96/3, पथुम निसंका (16*), धनंजय डीसिल्वा (0*)
जसप्रीत बुमराह ने अपने छठे ओवर की तीसरी गेंद पर ऑफ कटर डालकर पथुम निसंका को बोल्ड कर दिया लेकिन तीसरे नंबर ने उसे नो बॉल करार दिया। बुमराह का पैर क्रीज से काफी बाहर चला गया था जिसकी वजह से निसंका को यहां जीवनदान मिल गया।
रविंद्र जडेजा ने बल्ले के बाद अब गेंद से भी कमाल दिखाना शुरू कर दिया है। उन्होंने श्रीलंकाई सलामी बल्लेबाज दिमुथ करुणारत्ना को अपने पहले ही ओवर में आउट कर श्रीलंका को दूसरा झटका दे दिया। जडेजा ने अपने ओवर की दूसरी गेंद पर करुणारत्ना को 28 के स्कोर पर एलबीडब्लू किया। 25 ओवर के बाद श्रीलंका का स्कोर: 63/2, पथुम निसंका (6*), ऐंजेलो मैथ्यूज़ (3*)
भारतीय टीम ने श्रीलंकाई सलामी बल्लेबाजों के खिलाफ अश्विन और जयंत यादव की स्पिन जोड़ी को गेंदबाजी पर लगाया है। हालांकि श्रीलंकाई बल्लेबाजों को कोई खास दिक्कत नहीं हो रही है। 15 ओवर के बाद श्रीलंका का स्कोर: 41/0, दिमुथ करुणारत्ना (23*), लहिरू थिरिमाने (15*)
भारतीय खिलाड़ियों ने पूर्व कप्तान विराट कोहली को उनके 100वें टेस्ट मैच के मौके पर गार्ड ऑफ़ ऑनर दिया और उनके सम्मान में तालियां बजाई।
भारत के पहली पारी के 574 रन के जवाब में श्रीलंका ने सधी हुई शुरुआत की है। उसकी तरफ से दिमुथ करुणारत्ना और लहिरू थिरिमाने ने पारी की शुरुआत की है। छह ओवर के बाद श्रीलंका का स्कोर: 22/0, दिमुथ करुणारत्ना (12*), लहिरू थिरिमाने (8*)
भारतीय टीम ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए आठ विकेट पर 574 रन बनाकर पारी घोषित की है। भारत की तरफ से रविंद्र जडेजा ने सबसे अधिक 175 रन की पारी खेली और आखिरी तक नाबाद रहे। उनके अलावा ऋषभ पंत (96), रविचंद्रन अश्विन (61), हनुमा विहारी (58) ने अर्धशतकीय पारियां खेलीं।
रविंद्र जडेजा ने मोहम्मद शमी के साथ मिलकर नौवें विकेट के लिए शतकीय साझेदारी कर ली है। दोनों खिलाड़ी तेजी से रन बनाते हुए 600 के बड़े स्कोर की तरफ बढ़ रहे हैं। 129 ओवर के बाद भारत का स्कोर: 572/8, रवींद्र जाडेजा (174*), मोहम्मद शमी (19*)
रविंद्र जडेजा ने अपनी पारी का तीसरा छक्का लगाने के साथ ही महान कपिल देव का बड़ा रिकॉर्ड तोड़ दिया है। वह अब टेस्ट में 7वें नंबर पर आकर भारत के लिए सबसे ज्यादा निजी स्कोर बनाने वाले बल्लेबाज बन गए हैं। उनसे पहले कपिल देव ने 1986 में कानपुर में श्रीलंका के खिलाफ 163 रन बनाए थे।
भारत की तरफ से एक और अर्धशतकीय साझेदारी हो चुकी है। इस बार जडेजा ने शमी के साथ मिलकर नौवें विकेट के लिए 50 रन से अधिक की साझेदारी की है। इसमें शमी ने सिर्फ एक रन का योगदान दिया है।
सर रविंद्र जडेजा ने इस बार धनंजय डीसिल्वा को निशाने पर लिया और उनके ओवर में 11 रन बटोरे। जडेजा ने छक्के के साथ अपने 150 रन पूरे किए। यह उनका अब टेस्ट करियर का सर्वोच्च स्कोर हो चुका है। 123 ओवर के बाद भारत का स्कोर: 525/8, रवींद्र जाडेजा (152*), मोहम्मद शमी (0*)
रविंद्र जडेजा अब पूरी तरह से आक्रामक मोड़ पर आ चुके हैं। उन्होंने लसिथ एम्बुलदेनिया के 44वें ओवर में 15 रन बटोरे। 121 ओवर के बाद भारत का स्कोर: 508/8, रविंद्र जाडेजा (141*), मोहम्मद शमी (0*)
रविंद्र जडेजा ने अब पूरी तरह आक्रामक रुख अपना लिया है। उन्होंने लसिथ एम्बुलदेनिया के ओवर की लगातार तीन गेंदों पर एक छक्का और दो चौके लगाए। इसके साथ ही भारत के 500 रन भी पूरे हो गए हैं।
लंच ब्रेक के बाद दूसरे ही ओवर में भारत ने अपना आठवां विकेट गंवा दिया है। जयंत यादव दो रन बनाकर विश्वा फर्नांडो की गेंद पर थिरिमाने को कैच थमा बैठे। 114 ओवर के बाद भारत का स्कोर: 471/8, रवींद्र जाडेजा (104*), मोहम्मद शमी (0*)
दूसरे दिन का पहला सत्र समाप्त हो चुका है और इसी के साथ लंच ब्रेक भी हो गया है। यह सत्र पूरी तरह से भारत के नाम रहा। भारत ने अश्विन का एक विकेट खोकर 111 रन बनाए। इस दौरान रविंद्र जडेजा ने अपने टेस्ट करियर का दूसरा शतक लगाया तो वहीं अश्विन ने अपना 12वां अर्धशतक पूरा किया। भारत अब बहुत अच्छी स्थिति में है और एक बड़े स्कोर के करीब है। 112 ओवर के बाद भारत का स्कोर: 468/7, जयंत यादव (2*), रवींद्र जाडेजा (102*)
टेस्ट क्रिकेट के इतिहास में यह सिर्फ चौथा मौक़ा है जब एक टेस्ट पारी में टीम के शीर्ष आठ बल्लेबाज़ों ने 25 से अधिक रन बनाए हैं। दिलचस्प बात यह है कि इससे पहले 2007 में भारत ने ही आख़िरी बार इंग्लैंड के ख़िलाफ यह कारनामा किया था।
बाएं हाथ के बल्लेबाज रविंद्र जडेजा ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए अपना शतक पूरा कर लिया है। उन्होंने 160 गेंदों में अपने टेस्ट करियर का दूसरा शतक लगाया है।
रविंद्र जडेजा और अश्विन ने मिलकर श्रीलंकाई गेंदबाजों को विकेट के लिए तरसा दिया है। भारतीय जोड़ी टीम को एक बड़े और मजबूत स्कोर की तरफ ले जा रहे हैं। इस बीच भारत ने 450 रन पूरे कर लिए हैं। 108 ओवर के बाद भारत का स्कोर: 451/6, रवींद्र जाडेजा (93*), अश्विन (56*)
रविंद्र जडेजा और अश्विन की हिट जोड़ी ने एक बार फिर से शानदार बल्लेबाजी करते हुए शतकीय साझेदारी कर ली है। दोनों के बीच में सातवें विकेट के लिए 100 रन से अधिक की साझेदारी हो चुकी है।
रविचंद्रन अश्विन ने एक बार फिर से शानदार बल्लेबाजी करते हुए अपना 12वां अर्धशतक पूरा कर लिया है। उन्होंने 67 गेंदों में पचासा जड़ा। 106 ओवर के बाद भारत का स्कोर: 446/6, रवींद्र जाडेजा (90*), रविचंद्रन अश्विन (55*)
भारतीय टीम बड़े स्कोर की तरफ से तेजी से बढ़ रही है। अश्विन और जडेजा के बीच एक मजबूत साझेदारी हो चुकी है। वहीं श्रीलंकाई गेंदबाज विकेट के लिए तरस गए हैं। 100 ओवर के बाद भारत का स्कोर: 415/6, रवींद्र जाडेजा (78*), रविचंद्रन अश्विन (35*)
जडेजा किसी भी तरह की ढिलाई के मूड में नहीं हैं। उन्होंने विश्वा फर्नांडो के ओवर में दो चौके लगाकर कुल आठ रन बटोरे। वहीं दूसरे छोर पर अश्विन भी जडेजा का बखूबी साथ दे रहे हैं। भारत ने इस बीच 400 का आंकड़ा भी छू लिया है। 97 ओवर के बाद भारत का स्कोर: 400/6, रवींद्र जाडेजा (76*), रवि अश्विन (22*)
रविंद्र जडेजा और रविचंद्रन अश्विन ने सातवें विकेट के लिए अर्धशतकीय साझेदारी कर ली है। दोनों खिलाड़ी बिना किसी दिक्कत के अपनी पारी और टीम के आगे बढ़ा रहे हैं। 94 ओवर के बाद भारत का स्कोर: 386/6, रवींद्र जाडेजा (63*), रविचंद्रन अश्विन (21*)
भारत और श्रीलंका की टीम ने आज मैच के दूसरे दिन की शुरुआत से पहले ऑस्ट्रेलियाई दिग्गज रोड मार्श और शेन वॉर्न के लिए दो मिनट का मौन रखा। दोनों टीम के खिलाड़ियों ने अपनी बाँहों पर काल पट्टी बांधकर दोनों खिलाड़ियों को श्रद्धांजलि दी है। ऑस्ट्रेलियाई दिग्गज मार्श और वॉर्न का शुक्रवार को निधन हो गया था।
रविंद्र जडेजा ने दिन के दूसरे ही ओवर में चौके के साथ अपना अर्धशतक पूरा किया। जडेजा ने 87 गेंदों में अपनी फिफ्टी पूरी की और बल्ले को तलवार की तरह चलाते हुए अपने मशहूर अंदाज में जश्न मनाया।
भारत की तरफ से रविंद्र जडेजा और रविचंद्रन अश्विन क्रीज पर हैं और पारी को आगे बढ़ा रहे हैं। वहीं श्रीलंका की तरफ से लसिथ एम्बुलदेनिया ने शुरुआत की है।
ऑस्ट्रेलिया के महान लेग स्पिनर शेन वार्न का शुक्रवार को दिल का दौरा पड़ने की वजह से निधन हो गया। उन्होंने 52 साल की उम्र में अंतिम सांस ली। अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में 1001 विकेट लेने वाले वार्न के जाने से क्रिकेट को जगत का बड़ा झटका लगा है। भारतीय कप्तान रोहित शर्मा ने भी आज मैच से पहले दुःख जताते हुए उन्हें श्रद्धांजलि दी और अपनी संवेदना प्रकट की।