भारत ने पांचवां टी20 मुकाबला 30 रन से जीत लिया। इसी के साथ टीम इंडिया ने दक्षिण अफ्रीका को 3-1 से हराकर लगातार सातवीं टी20 सीरीज अपने नाम की। शुक्रवार को अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में खेले गए मुकाबले में भारतीय टीम ने पहले बल्लेबाजी करते हुए तिलक वर्मा और हार्दिक पांड्या की अर्धशतकीय पारियों की मदद से 20 ओवर में पांच विकेट पर 231 रन बनाए। जवाब में दक्षिण अफ्रीका की टीम 20 ओवर में आठ विकेट पर 201 रन ही बना सकी और मुकाबला हार गई।
दक्षिण अफ्रीका को आठवां झटका 177 के स्कोर पर बुमराह ने दिया। उन्होंने मार्को यानसेन को अपना शिकार बनाया। वह 14 रन बनाकर पवेलियन लौटे। अब कॉर्बिन बॉश का साथ देने लुंगी एनगिडी आए हैं। 17 ओवर के बाद स्कोर आठ विकेट पर 179 रन है।
वरुण ने सातवां झटका लिंडे के रूप में दिया।
वरुण चक्रवर्ती ने 13वें ओवर की तीसरी और चौथी गेंद पर दो विकेट झटके। 135 के स्कोर पर एडेन मार्करम और डोनोवन फरेरा पवेलियन लौटे। अब डेविड मिलर का साथ देने जॉर्ज लिंडे आए हैं।
दक्षिण अफ्रीका को तीसरा झटका हार्दिक पांड्या ने दिया। उन्होंने डेवाल्ड ब्रेविस को सुंदर के हाथों कैच कराया। वह 31 रन बना सके। अब मिलर का साथ देने मार्करम आए हैं।
दक्षिण अफ्रीका को दूसरा झटका जसप्रीत बुमराह ने दिया। उन्होंने क्विंटन डिकॉक को अपना शिकार बनाया। वह 65 रन बनाकर पवेलियन लौटे। अब ब्रेविस का साथ देने डेविड मिलर आए हैं।
क्विंटन डिकॉक ने 31 गेंदों में अपना अर्धशतक पूरा किया। यह उनके टी20 अंतरराष्ट्रीय करियर का 18वां पचासा है। वह शानदार फॉर्म में नजर आ रहे हैं। आठ ओवर के बाद स्कोर 76 रन है।
दक्षिण अफ्रीका को पहला झटका वरुण चक्रवर्ती ने दिया। उन्होंने रीजा हैंड्रिक्स को अपना शिकार बनाया। वह 13 रन बना सके। अब क्विंटन डिकॉक का साथ देने डेवाल्ड ब्रेविस आए हैं।
दक्षिण अफ्रीका की पारी शुरू हो चुकी है। क्विंटन डिकॉक और रीज हैंड्रिक्स क्रीज पर मौजूद हैं।
तिलक वर्मा और हार्दिक पांड्या की अर्धशतकीय पारियों की मदद से भारत ने दक्षिण अफ्रीका के सामने 232 रनों का विशाल लक्ष्य रखा है। अहमदाबाद में खेले जा रहे इस मुकाबले में दक्षिण अफ्रीका ने टॉस जीतकर भारत को पहले बल्लेबाजी का न्योता दिया। भारत ने 20 ओवर में पांच विकेट पर 231 रन बनाए।
भारत को चौथा झटका बार्टमैन ने दिया। उन्होंने हार्दिक पांड्या को रीजा हैंड्रिक्स के हाथों कैच कराया। वह 63 रन बनाकर पवेलियन लौटे।
हार्दिक पांड्या ने दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ जारी पांचवें टी20 मुकाबले में धमाकेदार प्रदर्शन करते हुए महज 16 गेंदों में अपने करियर का छठा अर्धशतक पूरा किया। यह टी20 अंतरराष्ट्रीय में किसी भारतीय बल्लेबाज द्वारा बनाई गई दूसरी सबसे तेज फिफ्टी है। हार्दिक और तिलक के बीच 80 रनों की नाबाद साझेदारी हो चुकी है।
तिलक वर्मा ने 30 गेंदों में अपने टी20 अंतरराष्ट्रीय करियर का छठा अर्धशतक पूरा किया है। वह शानदार फॉर्म में नजर आ रहे हैं। भारत ने 15 ओवर के बाद तीन विकेट पर 170 रन बना लिए हैं।
हार्दिक पांड्या ने पारी के 14वें ओवर में जॉर्ज लिंडे को निशाना बनाया। उन्होंने तीन छक्के और दो चौके की मदद से 27 रन लूटे।
भारत को तीसरा झटका कॉर्बिन बॉश ने दिया। उन्होंने कप्तान सूर्यकुमार यादव को डेविड मिलर के हाथों कैच कराया। वह सिर्फ पांच रन बना पाए। अब तिलक का साथ देने हार्दिक पांड्या आए हैं।
भारत के 100 रन पूरे हो गए। 10 ओवर का खेल पूरा हो चुका है। भारत ने दो विकेट पर 101 रन बना लिए हैं। फिलहाल तिलक वर्मा और सूर्यकुमार यादव क्रीज पर मौजूद हैं।
भारत को दूसरा झटका जॉर्ज लिंडे ने दिया। उन्होंने संजू सैमसन को बोल्ड किया। वह 22 गेंदों में चार चौके और दो छक्के लगाकर 37 रन बनाने में कामयाब हुए। दूसरे विकेट के लिए उन्होंने तिलक वर्मा के साथ 30 से ज्यादा विकेट की साझेदारी की। अब तिलक का साथ देने कप्तान सूर्यकुमार यादव आए हैं।
भारत को पहला झटका कॉर्बिन बॉश ने दिया। उन्होंने अभिषेक शर्मा को अपना शिकार बनाया। वह 34 रन बनाकर पवेलियन लौटे। पहले विकेट के लिए अभिषेक और सैमसन के बीच 63 रनों की साझेदारी हुई। अब सैमसन का साथ देने तिलक वर्मा आए हैं।
अभिषेक शर्मा और संजू सैमसन के बीच 50 से ज्यादा रनों की साझेदारी हो चुकी है। दोनों शानदार फॉर्म में नजर आ रहे हैं।
अभिषेक शर्मा ने संजू सैमसन के साथ भारत को तेज शुरुआत दिलाई है। उन्होंने दूसरे ओवर की शुरुआती तीनों गेंदों पर लगातार चार चौके लगाए।
भारत की पारी शुरू हो चुकी है। अभिषेक शर्मा और संजू सैमसन क्रीज पर मौजूद हैं।
भारत: अभिषेक शर्मा, संजू सैमसन, तिलक वर्मा, सूर्यकुमार यादव (कप्तान), हार्दिक पांड्या, शिवम दुबे, जितेश शर्मा (विकेटकीपर), वाशिंगटन सुंदर, वरुण चक्रवर्ती, जसप्रीत बुमराह, अर्शदीप सिंह।
दक्षिण अफ्रीका: क्विंटन डिकॉक (विकेटकीपर), रीजा हेंड्रिक्स, एडेन मार्करम (कप्तान), डेवाल्ड ब्रेविस, डेविड मिलर, डोनोवन फरेरा, जॉर्ज लिंडे, मार्को यानसेन, कॉर्बिन बॉश, लुंगी एनगिडी, ओटनिल बार्टमैन।
अहमदाबाद में खेले जा रहे पांचवें टी20 मुकाबले में दक्षिण अफ्रीका ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला किया है। भारत ने इस मैच के लिए प्लेइंग 11 में तीन बदलाव किए हैं। हर्षित राणा की जगह जसप्रीत बुमराह आए हैं। कुलदीप यादव की जगह वाशिंगटन सुंदर और शुभमन गिल की जगह संजू सैमसन आए हैं। वहीं, दक्षिण अफ्रीका ने एक बदलाव किया है। जॉर्ज लिंडे को एनरिक नॉर्त्जे की जगह मौका मिला है।
गिल का छोटे प्रारूप में नहीं चलना भी भारत के लिए अगले साल फरवरी-मार्च में होने वाले टी-20 विश्व कप से पहले चिंता का विषय होगा। वह पिछले मैच में अभ्यास के दौरान चोटिल हो गए थे। अहमदाबाद पहुंच चुके गिल को लेकर भारतीय टीम किसी तरह का जोखिम लेना उचित नहीं समझेगी क्योंकि उसके पास शीर्ष क्रम में संजू सैमसन के रूप में एक अच्छा विकल्प मौजूद है। सैमसन निचले क्रम में बल्लेबाजी के लिए कभी भी सही विकल्प नहीं थे। उन्होंने सलामी बल्लेबाज के रूप में अच्छा प्रदर्शन किया है जबकि मध्यक्रम में वह अपेक्षित प्रदर्शन नहीं कर पाए हैं।
टी20 सीरीज नहीं हारना मुख्य कोच गौतम गंभीर के लिए राहत की बात होगी, लेकिन टीम के दो प्रमुख खिलाड़ी सूर्यकुमार यादव और टेस्ट और वनडे कप्तान शुभमन गिल का पिछले कुछ समय से रन बनाने के लिए जूझना जरूर उन्हें चिंतित कर रहा होगा। सूर्यकुमार ने टी20 में इस साल 20 मैचों में 18 पारियों में एक भी अर्धशतक नहीं बनाया। इस दौरान उन्होंने 14.20 के औसत से 213 रन बनाए। तेज गेंदबाजी आक्रमण में अर्शदीप सिंह लय में नजर आ रहे हैं, जबकि हर्षित राणा ने भी अच्छा प्रदर्शन किया है।
भारत विश्व चैंपियन बनने के बाद से छह टी20 सीरीज और एशिया कप अपने नाम कर चुका है। ऐसे में उसकी कोशिश लगातार सातवीं टी20 सीरीज जीतने की होगी। भारत 2023 से टी20 में अजेय है। इस दौरान उसने एशियाई खेलों, विश्वकप, एशिया कप का खिताब जीतने के साथ नौ टी20 सीरीज जीती हैं और एक ड्रॉ कराई है। 1-1 से एकमात्र ड्रॉ सीरीज उसने दक्षिण अफ्रीका के साथ 2023-24 में खेली है। यही कारण है कि भारतीय टीम यह सीरीज जीतने के लिए अपना पूरा जोर लगा देगी। वहीं, 2-0 से टेस्ट सीरीज जीतने वाली दक्षिण अफ्रीका इस सीरीज को ड्रॉ कराने के लिए पूरी कोशिश करेगी। इस मुकाबले में निगाहें फिर कप्तान सूर्यकुमार यादव पर होंगी। उनसे उम्मीद की जाएगी कि वह बड़ी पारी खेलकर अपनी खोई फॉर्म को हासिल करें। लखनऊ टी20 से पहले पैर का अंगूठा चोटिल करा बैठे शुभमन गिल के इस मैच में भी खेलने पर संशय है। तीसरे टी20 में नहीं खेलने वाले बुमराह उपलब्ध हैं।
लखनऊ में चौथा टी20 घने कोहरे के कारण रद्द होने के बाद यह तय हो गया है कि भारतीय टीम दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ पांच मैचों की टी20 सीरीज हारने नहीं जा रही है। भारत शुक्रवार को होने वाले पांचवें और अंतिम टी20 में सीरीज में 2-1 की बढ़त के साथ उतरेगा। बावजूद इसके भारत के सामने दक्षिण अफ्रीका से यह सीरीज जीतना चुनौती होगा। सच्चाई यह है कि 2024 में टी20 विश्व चैंपियन बनने के बाद से भारत ने टी20 में एक भी सीरीज और टूर्नामेंट नहीं गंवाया है और न ही उसने इस दौरान कोई सीरीज ड्रॉ की है।
Live Cricket Score Today, India vs South Africa 5th T20 2025: नमस्कार! अमर उजाला के लाइव ब्लॉग में आपका स्वागत है। आज भारत और दक्षिण अफ्रीका के बीच जारी पांच मैचों की टी20 सीरीज का आखिरी मुकाबला अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में खेला जाएगा। इस मैच में जीत के साथ भारत की नजरें 3-1 से सीरीज अपने नाम करने पर होंगी। फिलहाल टीम इंडिया 2-1 से आगे चल रही है।