फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

IND vs SA Highlights: भारत ने द. अफ्रीका को नौ विकेट से हराकर जीती सीरीज, यशस्वी का शतक; कोहली-रोहित का पचासा

Sat, 06 Dec 2025 08:42 PM IST
शोभित चतुर्वेदी स्पोर्ट्स डेस्क, अमर उजाला, विशाखापत्तनम

खास बातें

India vs South Africa 3rd ODI 2025: भारतीय टीम ने दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ तीसरे वनडे मैच में बल्ले के बाद गेंद से भी दमदार प्रदर्शन किया। भारत ने यशस्वी, रोहित और कोहली के दम पर नौ विकेट से जीत दर्ज की। भारत इस तरह सीरीज 2-1 से अपने नाम करने में सफल रहा।
विज्ञापन
कोहली, यशस्वी और रोहित - फोटो : PTI
विज्ञापन

लाइव अपडेट

08:41 PM, 06-Dec-2025

IND vs SA Live Score: भारत ने जीती सीरीज

भारतीय टीम ने यशस्वी जायसवाल के शतक और रोहित शर्मा तथा विराट कोहली के अर्धशतकों की मदद से दक्षिण अफ्रीका को तीसरे वनडे मैच में नौ विकेट से हराया। भारत ने इसके साथ ही तीन मैचों की वनडे सीरीज 2-1 से अपने नाम कर ली। दक्षिण अफ्रीका ने पहले बल्लेबाजी करते हुए क्विंटन डिकॉक के 106 रनों की बदौलत 47.5 ओवर में 270 रन बनाए थे। भारत ने शीर्ष तीन बल्लेबाजों की शानदार बल्लेबाजी के दम पर 61 गेंद शेष रहते 39.5 ओवर में एक विकेट पर 271 रन बनाकर मैच तथा सीरीज अपने नाम की।

लक्ष्य का पीछा करते हुए यशस्वी और रोहित ने भारत को मजबूत शुरुआत दिलाई और दोनों बल्लेबाजों ने पहले विकेट के लिए 155 रनों की साझेदारी की। रोहित ने इस दौरान अपने वनडे करियर का 61वां अर्धशतक लगाया और अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में 20000 रन भी पूरे किए। रोहित 75 रन बनाकर आउट हुए। इसके बाद मैदान पर विराट कोहली उतरे, जिनका बल्ला इस सीरीज में जमकर चला। कोहली और यशस्वी ने गियर बदलते हुए आक्रमक अंदाज में बल्लेबाजी की। यशस्वी ने अपने वनडे करियर का पहला शतक लगाया और भारत को जीत दिलाने में अहम भूमिका निभाई।

कोहली ने लगातार चौथे मैच में 50+ स्कोर बनाया। कोहली ने दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ तीन मैच से पहले ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ सिडनी में खेले गए तीसरे वनडे में अर्धशतकीय पारी खेली थी। यशस्वी ने 121 गेंदों पर 12 चौकों और दो छक्कों की मदद से नाबाद 116 रन और कोहली ने 45 गेंदों पर छह चौकों और तीन छक्कों की मदद से नाबाद 65 रन बनाए। दक्षिण अफ्रीका की ओर से एकमात्र सफलता केशव महाराज को मिली। 

08:35 PM, 06-Dec-2025

IND vs SA Live Score: विराट का 76वां अर्धशतक

विराट कोहली ने 40 गेंदों में अपने वनडे करियर का 76वां अर्धशतक पूरा किया है। वह यशस्वी जायसवाल के साथ 90 से ज्यादा रनों की साझेदारी निभा चुके हैं।

07:28 PM, 06-Dec-2025

IND vs SA Live Score: यशस्वी का वनडे में पहला अर्धशतक

यशस्वी जायसवाल ने 75 गेंदों में इस प्रारूप में अपना पहला अर्धशतक पूरा किया। वह रोहित शर्मा के साथ पहले विकेट के लिए 130 रन की साझेदारी निभा चुके हैं। 

विज्ञापन
07:10 PM, 06-Dec-2025

IND vs SA Live Score: रोहित का 61वां अर्धशतक

रोहित शर्मा ने 54 गेंदों में 61वां अर्धशतक पूरा किया। मौजूदा सीरीज में यह उनका दूसरा अर्धशतक है। यशस्वी जायसवाल के साथ हिटमैन पहले विकेट के लिए 100 से ज्यादा रनों की साझेदारी निभा चुके हैं। 

06:57 PM, 06-Dec-2025

IND vs SA Live Score: 17 ओवर का खेल पूरा

17 ओवर का खेल पूरा हो चुका है। रोहित शर्मा 45 और यशस्वी जायसवाल 29 रन बनाकर क्रीज पर डटे हैं। भारत ने बिना कोई विकेट गंवाए 85 रन बना लिए हैं।

विज्ञापन
06:47 PM, 06-Dec-2025

IND vs SA Live Score: रोहित के अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में 20 हजार रन पूरे

इस मुकाबले में रोहित शर्मा ने बड़ी उपलब्धि हासिल कर ली। उन्होंने अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में 20 हजार रन पूरे कर लिए। इस उपलब्धि को हासिल करने वाले वह चौथे भारतीय बन गए। इससे पहले सचिन तेंदुलकर, विराट कोहली, राहुल द्रविड़ ने अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में 20 हजार रन का आंकड़ा छुआ। 

अंततराष्ट्रीय क्रिकेट में 20 हजार+ रन बनाने वाले भारतीय

बल्लेबाज रन
सचिन तेंदुलकर 34,357
विराट कोहली 27,910
राहुल द्रविड़ 24,208
रोहित शर्मा 20,000

06:35 PM, 06-Dec-2025

IND vs SA Live Score: भारत के 50 रन पूरे

दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ तीसरे वनडे मैच में लक्ष्य का पीछा करते हुए 50 रन पूरे कर लिए हैं। इसी के साथ रोहित और यशस्वी के बीच अर्धशतकीय साझेदारी भी हो गई है। यह इस सीरीज में पहली बार है जब इस ओपनिंग जोड़ी ने 50+ रनों की साझेदारी की है।

06:10 PM, 06-Dec-2025

IND vs SA Live Score: पांच ओवर का खेल पूरा

रोहित और यशस्वी ने भारत को सधी शुरुआत दिलाई है। पांच ओवर का खेल पूरा हो चुका है और भारत ने बिना कोई विकेट गंवाए 21 रन बना लिए हैं।

05:50 PM, 06-Dec-2025

IND vs SA Live Score: भारत की पारी शुरू

भारत की पारी शुरू हो चुकी है। रोहित शर्मा और यशस्वी जायसवाल टीम को अच्छी शुरुआत दिलाना चाहेंगे।

05:13 PM, 06-Dec-2025

IND vs SA Live Score: दक्षिण अफ्रीका की पारी समाप्त

भारतीय टीम ने कुलदीप यादव और प्रसिद्ध कृष्णा के चार-चार विकेटों की मदद से दक्षिण अफ्रीका को 47.5 ओवर में 270 रन पर ऑलआउट कर दिया। भारत ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला लिया। दक्षिण अफ्रीका के लिए क्विंटन डिकॉक ने 106 रनों की पारी खेली, जबकि कप्तान तेम्बा बावुमा ने 48 रन बनाए। डिकॉक और बावुमा ने दूसरे विकेट के लिए 114 रनों की साझेदारी की जिससे दक्षिण अफ्रीका चुनौतीपूर्ण स्कोर खड़ा कर सका।

डिकॉक और बावुमा की साझेदारी जडेजा ने तोड़ी जिसके बाद प्रसिद्ध कृष्णा ने अपना दम दिखाया। प्रसिद्ध के बाद कुलदीप यादव ने शानदार गेंदबाजी की और दक्षिण अफ्रीका की पारी समेटने में ज्यादा देर नहीं लगाई। दक्षिण अफ्रीका के लिए डिकॉक और बावुमा के अलावा डेवाल्ड ब्रेविस ने 29, मैथ्यू ब्रिट्जके ने 24, मार्को यानसेन ने 17 और कॉर्बिन बॉश ने नौ रन बनाए। वहीं, केशव महाराज 20 रन बनाकर नाबाद रहे। कुलदीप और प्रसिद्ध के अलावा अर्शदीप सिंह और रवींद्र जडेजा को एक-एक विकेट मिला। 

04:57 PM, 06-Dec-2025

IND vs SA Live Score: दक्षिण अफ्रीका के नौ विकेट गिरे

कुलदीप यादव ने शानदार गेंदबाजी जारी रखते हुए लुंगी एनगिडी को आउट कर दक्षिण अफ्रीका का नौवां झटका दिया। एनगिडी 1 रन बनाकर आउट हुए। कुलदीप का इस मैच का यह चौथा विकेट है।

04:47 PM, 06-Dec-2025

IND vs SA Live Score: भारत को आठवीं सफलता

कुलदीप यादव ने कॉर्बिन बॉश को आउट कर भारत को आठवीं सफलता दिलाई है। बॉश नौ रन बनाकर आउट हुए। कुलदीय ने इस मैच की तीसरी सफलता हासिल की है।

04:29 PM, 06-Dec-2025

IND vs SA Live Score: कुलदीप को दूसरी सफलता

कुलदीप यादव ने तीन गेंदों के अंदर अपना दूसरा विकेट लिया और मार्को यानसेन को अपना शिकार बनाया। कुलदीप ने पहले ब्रेविस को आउट किया और अब यानसेन को अपना शिकार बनाया। यानसेन 15 गेंदों पर दो चौकों की मदद से 17 रन बनाकर आउट हुए।

04:27 PM, 06-Dec-2025

IND vs SA Live Score: दक्षिण अफ्रीका को छठा झटका

कुलदीप यादव ने डेवाल्ड ब्रेविस को आउट कर दक्षिण अफ्रीका को छठा झटका दिया। ब्रेविस 29 गेंदों पर दो चौकों और एक छक्के की मदद से 29 रन बनाकर आउट हुए।

03:55 PM, 06-Dec-2025

IND vs SA Live Score: भारत को पांचवीं सफलता

प्रसिद्ध कृष्णा ने क्विंटन डिकॉक को बोल्ड कर भारत को पांचवीं सफलता दिलाई। प्रसिद्ध ने डिकॉक को बोल्ड किया और मैच का अपना तीसरा विकेट लिया। डिकॉक 89 गेंदों पर आठ चौकों और छह छक्कों की मदद से 106 रन बनाकर आउट हुए।

03:38 PM, 06-Dec-2025

IND vs SA Live Score: डिकॉक का शतक

क्विंटन डिकॉक ने भारत के खिलाफ तीसरे वनडे मैच में शतक जड़ दिया है। डिकॉक का भारत के खिलाफ वनडे में यह सातवां शतक है और वह किसी एक टीम के खिलाफ सर्वाधिक शतक लगाने वाले विकेटकीपर बल्लेबाज बन गए हैं। भारत को अब तक चार सफलताएं मिली है। इससे पहले, प्रसिद्ध कृष्णा ने मैथ्यू ब्रिट्जके और एडेन मार्करम को आउट किया था। ब्रिट्जके 24 और मार्करम एक रन बनाकर आउट हुए थे। 

03:00 PM, 06-Dec-2025

IND vs SA Live Score: बावुमा अर्धशतक से चूके

रवींद्र जडेजा ने तेम्बा बावुमा को आउट कर भारत को दूसरी सफलता दिलाई है। बावुमा अर्धशतक लगाने से चूक गए हैं और 67 गेंदों पर पांच चौकों की मदद से 48 रन बनाकर आउट हुए। बावुमा और डिकॉक के बीच दूसरे विकेट के लिए 114 रनों की साझेदारी हुई।

02:54 PM, 06-Dec-2025

IND vs SA Live Score: दक्षिण अफ्रीका के 100 रन पूरे

दक्षिण अफ्रीका के 100 रन पूरे हो चुके हैं। 19 ओवर का खेल हो चुका है। फिलहाल डिकॉक और बावुमा क्रीज पर मौजूद हैं। दोनों 90 से ज्यादा रनों की साझेदारी कर चुके हैं। भारत को दूसरे विकेट की तलाश है।

02:39 PM, 06-Dec-2025

Live Score IND vs SA: डिकॉक का अर्धशतक

क्विंटन डिकॉक ने भारत के खिलाफ तीसरे वनडे मैच में अर्धशतक लगा दिया है। डिकॉक और बावुमा के बीच अब तक 80+ रनों की साझेदारी हुई है जिससे दक्षिण अफ्रीका ने 16 ओवर की समाप्ति के बाद एक विकेट पर 86 रन बनाए हैं। भारत को अब विकेट की तलाश है।

02:23 PM, 06-Dec-2025

Live Score IND vs SA: दक्षिण अफ्रीका का स्कोर 50 के पार

बावुमा और डिकॉक के बीच अर्धशतीय साझेदारी पूरी हो गई है। दक्षिण अफ्रीका का स्कोर 50 के पार पहुंच गया है। दक्षिण अफ्रीका ने 11 ओवर की समाप्ति के बाद एक विकेट पर 60 रन बनाए हैं।

01:59 PM, 06-Dec-2025

Live Score IND vs SA: बावुमा-डिकॉक ने संभाला

शुरुआती झटका लगने के बाद तेम्बा बावुमा और क्विंटन डिकॉक ने दक्षिण अफ्रीका को संभाला। अर्शदीप ने रिकेल्टन को आउट कर पहले ही ओवर में भारत को सफलता दिलाई, लेकिन डिकॉक और बावुमा ने टीम को संभाला। दक्षिण अफ्रीका ने छह ओवर की समाप्ति के बाद एक विकेट पर 18 रन बनाए हैं।

01:35 PM, 06-Dec-2025

Live Score IND vs SA: भारत को पहली सफलता

अर्शदीप सिंह ने पहले ही ओवर में रेयान रिकेल्टन को आउट कर भारत को पहली सफलता दिलाई है। रिकेल्टन खाता खोले बिना आउट हुए।

01:33 PM, 06-Dec-2025

IND vs SA Live Score: दक्षिण अफ्रीका की पारी शुरू

दक्षिण अफ्रीका की पारी शुरू हो गई है। दक्षिण अफ्रीका के लिए रेयान रिकेल्टन के साथ डिकॉक पारी की शुरुआत करने उतरे हैं। तीसरे वनडे मैच में भारत ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला लिया है।

01:06 PM, 06-Dec-2025

IND vs SA Live Score: दोनों टीमों की प्लेइंग-11

भारत: रोहित शर्मा, यशस्वी जायसवाल, विराट कोहली, ऋतुराज गायकवाड़, तिलक वर्मा, केएल राहुल (कप्तान और विकेटकीपर), रवींद्र जडेजा, हर्षित राणा, कुलदीप यादव, अर्शदीप सिंह, प्रसिद्ध कृष्णा। 
दक्षिण अफ्रीका: रेयान रिकेल्टन, क्विंटन डिकॉक (विकेटकीपर), तेम्बा बावुमा (कप्तान), मैथ्यू ब्रिट्जके, एडेन मार्करम, डेवाल्ड ब्रेविस, मार्को यानसेन, कॉर्बिन बॉश, केशव महाराज, लुंगी एनगिडी, ओटेनिल बार्टमैन। 


 

01:01 PM, 06-Dec-2025

IND vs SA Live Score: भारत ने जीता टॉस

भारतीय कप्तान केएल राहुल ने दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ तीसरे वनडे मुकाबले में टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया है। भारत ने वनडे में 20 मैच के बाद टॉस जीता है। टॉस जीतना भारत के लिए कितना अहम था इसका अंदाजा इस बात से ही लगाया जा सकता है कि राहुल भी अपनी खुशी नहीं रोक सके। भारत ने इस मैच के लिए प्लेइंग-11 में एक बदलाव किया है और वाशिंगटन सुंदर की जगह तिलक वर्मा को एकादश में जगह मिली है। दक्षिण अफ्रीका ने भी दो बदलाव किए हैं और रिक्लेटन तथा बार्टमैन की वापसी हुई है। तेम्बा बावुमा ने बताया कि डि जॉर्जी और नांद्रे बर्गर कुछ सप्ताह के लिए बाहर हो गए हैं। 

12:45 PM, 06-Dec-2025

IND vs SA Live Score: गेंदबाजों से बड़े प्रदर्शन की उम्मीद

अर्शदीप सिंह ने नए बॉल के साथ प्रभावशाली गेंदबाजी की है। अब उम्मीद है कि प्रसिद्ध कृष्णा और हर्षित राणा भी लय में लौटेंगे और टीम को जरूरी ब्रेकथ्रू दिलाएंगे। हालांकि, प्रसिद्ध कृष्णा पिछले मैच में फॉर्म में नहीं दिखे थे। ऐसे में टीम नीतीश के रूप में ऑलराउंडर खिला सकती है। हालांकि, गंभीर ज्यादा बदलाव के पक्ष में नहीं होंगे और प्रसिद्ध पर एक बार फिर भरोसा जताया जा सकता है।

12:42 PM, 06-Dec-2025

IND vs SA Live Score: टीम संयोजन में बदलाव की संभावना

भारत अपनी प्लेइंग इलेवन में बदलाव कर सकता है। वॉशिंगटन सुंदर को आराम देकर उनकी जगह तिलक वर्मा को मौका मिल सकता है। तिलक मध्यक्रम को मजबूती देने के साथ-साथ स्पिन गेंदबाजी और शानदार फील्डिंग का विकल्प भी देते हैं। ऋषभ पंत भी एक विकल्प हैं, लेकिन टीम बैलेंस देखते हुए तिलक का पलड़ा भारी माना जा रहा है।

12:41 PM, 06-Dec-2025

IND vs SA Live Score: रोहित-कोहली से बड़ी पारी खेलने की आस

भारतीय टीम इस समय दो अनुभवी दिग्गजों, विराट कोहली और रोहित शर्मा के दम पर आगे बढ़ रही है। दोनों खिलाड़ियों ने हाल के मैचों में धमाकेदार प्रदर्शन किया है। कोहली ने अपनी पिछली तीन पारियों में दो शतक और एक अर्धशतक लगाया है। वहीं, रोहित शर्मा ने भी चार पारियों में एक शतक और दो अर्धशतक बनाए हैं। इन दोनों खिलाड़ियों से एक बार फिर मैच जिताऊ प्रदर्शन की उम्मीद होगी क्योंकि ऐसे निर्णायक मुकाबलों में उनका अनुभव भारत की सबसे बड़ी ताकत है।

12:40 PM, 06-Dec-2025

IND vs SA Live Score: जायसवाल पर बड़ी नजर

ऋतुराज गायकवाड़ ने पिछल मैच में शानदार शतक लगाया था, जिससे टीम को मजबूती मिली, लेकिन युवा सलामी बल्लेबाज यशस्वी जायसवाल अभी भी लय नहीं पकड़ पाए हैं। जायसवाल की सबसे बड़ी चुनौती लेफ्ट-आर्म फास्ट बॉलर्स के खिलाफ कमजोरी है। वह अब तक अपने इंटरनेशनल करियर में 30 बार लेफ्ट-आर्म गेंदबाजों का शिकार हुए हैं। वेस्टइंडीज के जेडन सील्स से शुरू हुई यह समस्या अब दक्षिण अफ्रीका के मार्को यानसन और नांद्रे बर्गर के सामने और बढ़ गई है। यदि इस मैच में भी प्रदर्शन बेहतर नहीं हुआ, तो भारतीय टीम प्रबंधन को गायकवाड़ को ओपनिंग के लिए भेजने पर विचार करना पड़ सकता है।

12:37 PM, 06-Dec-2025

IND vs SA Highlights: भारत ने द. अफ्रीका को नौ विकेट से हराकर जीती सीरीज, यशस्वी का शतक; कोहली-रोहित का पचासा

Live Cricket Score Today, India vs South Africa 3rd ODI 2025: नमस्कार! अमर उजाला के लाइव ब्लॉग में आपका स्वागत है। भारत और दक्षिण अफ्रीका के बीच आज वनडे सीरीज का तीसरा और आखिरी मुकाबला विशाखापत्तनम में खेला जाएगा। दोनों टीमों के बीच यह सीरीज फिलहाल 1-1 से ड्रॉ है। भारतीय टीम इस निर्णायक मुकाबले को जीतकर सीरीज अपने नाम करना चाहेगी। 

विज्ञापन
MORE
AU ऐप में पढ़ें