फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

IND vs SA T20: रोमांचक मुकाबले में दक्षिण अफ्रीका ने भारत को पांच विकेट से हराया, मिलर-मार्करम ने पलटा मैच

Sun, 30 Oct 2022 08:44 PM IST
शक्तिराज सिंह स्पोर्ट्स डेस्क, अमर उजाला, पर्थ

खास बातें

India vs South Africa T20 World Cup: टी20 विश्व कप में भारत का तीसरा मैच दक्षिण अफ्रीका के साथ था। पहले दो मैच जीतने के बाद भारतीय टीम लगातार तीसरी जीत दर्ज करने उतरी थी। हालांकि, पर्थ की उछाल भरी पिच में दक्षिण अफ्रीकी गेंदबाजों ने कहर बरपाया। भारत ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए दक्षिण अफ्रीका के सामने 134 रन का लक्ष्य रखा था। जवाब में अफ्रीकी टीम ने 19.4 ओवर में पांच विकेट गंवाकर लक्ष्य हासिल कर लिया।
विज्ञापन
दक्षिण अफ्रीका की टीम - फोटो : सोशल मीडिया
विज्ञापन

लाइव अपडेट

08:09 PM, 30-Oct-2022
एडेन मार्करम और डेविड मिलर - फोटो : सोशल मीडिया

दक्षिण अफ्रीका ने भारत को पांच विकेट से हराया

दक्षिण अफ्रीका ने भारत को पांच विकेट से हरा दिया है। टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए भारत ने 20 ओवर में नौ विकेट गंवाकर 133 रन बनाए थे। सूर्यकुमार यादव ने 40 गेंदों में 68 रन की बेहतरीन पारी खेली। वहीं, दक्षिण अफ्रीका की ओर से लुंगी एनगिडी ने चार विकेट लिए। जवाब में दक्षिण अफ्रीका की टीम ने 19.4 ओवर में पांच विकेट गंवाकर लक्ष्य हासिल कर लिया। मैच में भारतीय फील्डर्स ने निराश किया। रोहित शर्मा और विराट कोहली दोनों ने आउट के कई मौके गंवा दिए। मार्करम को कई जीवनदान मिले। इसी का फायदा उठाकर उन्होंने 41 गेंदों पर 52 रन की पारी खेली। वहीं, डेविड मिलर ने 46 गेंदों पर 59 रन बनाए और नाबाद रहे। मार्करम ने अपनी पारी में छह चौके और एक छक्का लगाया। वहीं, मिलर ने चार चौके और तीन छक्के लगाए।

एक वक्त दक्षिण अफ्रीका ने 24 रन पर तीन विकेट गंवा दिए थे। इसके बाद मार्करम और मिलर ने 76 रन की साझेदारी निभाई और मैच पलट दिया। मार्करम के आउट होने के बाद मिलर ने दक्षिण अफ्रीका को जिता कर ही दम लिया। वह मैदान पर जमे रहे। आखिरी ओवर में दक्षिण अफ्रीका को जीत के लिए छह रन चाहिए थे। भुवनेश्वर के ओवर की तीसरी और चौथी गेंद पर लगातार दो चौके लगाकर दक्षिण अफ्रीकी टीम को जीत दिलाई। भारत की ओर से अर्शदीप सिंह ने दो विकेट लिए।

इस जीत के साथ दक्षिण अफ्रीका की टीम ग्रुप-2 के पॉइंट्स टेबल में पहले स्थान पर पहुंच गई है। दक्षिण अफ्रीका के तीन मैचों में दो जीत के साथ पांच अंक हैं। अफ्रीका का एक मैच बारिश से धुल गया था। वहीं, भारत के तीन मैचों में दो जीत और एक हार के साथ चार अंक हैं। बांग्लादेश की टीम भी चार अंक के साथ तीसरे स्थान पर है। अफ्रीका की जीत से पाकिस्तान की सेमीफाइनल की उम्मीदों को झटका लगा है। उसके तीन मैचों के बाद दो हार और एक जीत के साथ दो अंक हैं। भारत को अगला मैच दो नवंबर को बांग्लादेश के खिलाफ खेलना है।

07:43 PM, 30-Oct-2022

IND vs SA Live: मार्करम आउट

16 ओवर के बाद दक्षिण अफ्रीका ने चार विकेट गंवाकर 102 रन बना लिए हैं। टीम को 24 गेंदों में 32 रन की जरूरत है। फिलहाल डेविड मिलर और ट्रिस्टन स्टब्स क्रीज पर हैं। 16वें ओवर में हार्दिक पांड्या ने एडेन मार्करम को सूर्यकुमार यादव को कैच आउट कराया। मार्करम ने 41 गेंदों पर 52 रन की शानदार पारी खेली। उन्हें रोहित-कोहली ने दो जीवनदान दिए थे। मार्करम और मिलर के बीच 60 गेंदों में 76 रन की साझेदारी निभाई।

07:39 PM, 30-Oct-2022

IND vs SA Live: कार्तिक चोटिल, पंत कर रहे विकेटकीपिंग

15 ओवर के बाद दक्षिण अफ्रीका ने तीन विकेट गंवाकर 95 रन बना लिए हैं। फिलहाल टीम को 30 गेंदों में 39 रन की जरूरत है। फिलहाल एडेन मार्करम 39 गेंदों में 50 रन और डेविड मिलर 31 गेंदों में 28 रन बनाकर बल्लेबाजी कर रहे हैं। दोनों के बीच 70+ रन की साझेदारी हो चुकी है। मार्करम ने 38 गेंदों पर टी20 अंतरराष्ट्रीय करियर का नौवां अर्धशतक जड़ा। मार्करम को रोहित शर्मा और विराट कोहली ने दो-दो जीवनदान दिए थे। इसका उन्होंने फायदा उठाया है। 15वें ओवर के बाद विकेटकीपर दिनेश कार्तिक परेशानी में नजर आए। वह पैर की मांसपेशियों में खिंचाव की शिकायत कर रहे थे। इसके बाद उन्हें मैदान से बाहर ले जाया गया। कार्तिक की जगह ऋषभ पंत विकेटकीपिंग के लिए आए हैं।

विज्ञापन
07:31 PM, 30-Oct-2022

IND vs SA Live: भारत की खराब फील्डिंग

13वें ओवर में भारी ड्रामा देखने को मिला। ओवर की पांचवीं गेंद पर रोहित शर्मा ने रन आउट का आसान मौका गंवा दिया। मार्करम तब तक हाफ क्रीज पर थे। रोहित स्टंप के पास पहुंचकर थ्रो करने पर भी विकेट को हिट नहीं कर सके। मार्करम को मिला यह दूसरा जीवनदान था। इससे पहले कोहली ने 12वें ओवर में मार्करम का आसान कैच छोड़ा था। 14वें ओवर में मार्करम और मिलर ने मिलकर 17 रन बनाए। इस ओवर में दोनों ने एक-एक छक्का लगाया। 14 ओवर के बाद दक्षिण अफ्रीका का स्कोर तीन विकेट पर 85 रन है। अफ्रीका को 36 गेंदों में 49 रन की जरूरत है। 

07:23 PM, 30-Oct-2022

IND vs SA Live: मार्करम को मिली जीवनदान

12 ओवर के बाद दक्षिण अफ्रीका ने तीन विकेट गंवाकर 65 रन बना लिए हैं। फिलहाल डेविड मिलर 20 गेंदों में 13 रन और एडेन मार्करम 32 गेंदों में 36 रन बनाकर बल्लेबाजी कर रहे हैं। दोनों के बीच 40+ रन की साझेदारी हो चुकी है। इस ओवर में अश्विन की पांचवीं गेंद पर विराट कोहली ने डीप मिड ऑन पर मार्करम का आसान कैच छोड़ दिया। गेंद कोहली के हाथ से लगकर छिटक गई। तब मार्करम 35 रन बनाकर बल्लेबाजी कर रहे थे। 

विज्ञापन
07:11 PM, 30-Oct-2022

IND vs SA Live: 10 ओवर के बाद द. अफ्रीका 40/3

10 ओवर के बाद दक्षिण अफ्रीका ने तीन विकेट गंवाकर 40 रन बना लिए हैं। फिलहाल एडेन मार्करम 25 गेंदों में 23 रन और डेविड मिलर 15 गेंदों में पांच रन बनाकर बल्लेबाजी कर रहे हैं। दोनों के बीच चौथे विकेट के लिए अब तक 16 रन की साझेदारी हो चुकी है। आठवें ओवर में डेविड मिलर बाल-बाल बचे। शमी के इस ओवर की पहली ही गेंद जाकर मिलर के बैटिंग पैड पर लगी। इस पर कप्तान रोहित शर्मा ने रिव्यू लिया। हालांकि, डीआरएस में जब गेंद बल्ले के बगल से जा रही थी तो स्पाइक दिखा। इस पर थर्ड अंपायर ने बल्लेबाज के फेवर में फैसला सुनाया। हालांकि, रोहित इससे नाखुश दिखे। इसके बाद नौवें ओवर की पांचवीं गेंद पर मार्करम और मिलर के बीच रन को लेकर कन्फ्यूजन पैदा हो गई। मार्करम नॉन स्ट्राइकर एंड पर आधे क्रीज तक आगे निकल गए थे। रोहित शर्मा ने थ्रो किया लेकिन वह विकेट के ऊपर से निकल गई। डायरेक्ट हिट पर मार्करम पवेलियन लौट गए होते।

07:01 PM, 30-Oct-2022

IND vs SA Live: आठ ओवर के बाद अफ्रीका 33/3

आठ ओवर के बाद दक्षिण अफ्रीका ने तीन विकेट गंवाकर 33 रन बना लिए हैं। फिलहाल एडेन मार्करम 19 रन और डेविड मिलर दो रन बनाकर क्रीज पर हैं। इस ओवर में मोहम्मद शमी गेंदबाजी कर रहे थे। पहली ही गेंद जाकर मिलर के बैटिंग पैड पर लगी। इस पर कप्तान रोहित शर्मा ने रिव्यू लिया। हालांकि, डीआरएस में जब गेंद बल्ले के बगल से जा रही थी तो स्पाइक दिखा। इस पर थर्ड अंपायर ने बल्लेबाज के फेवर में फैसला सुनाया। हालांकि, रोहित इससे नाखुश दिखे। 

06:51 PM, 30-Oct-2022

IND vs SA Live: दक्षिण अफ्रीका को तीसरा झटका

पावरप्ले के आखिरी ओवर यानी छठे ओवर में दक्षिण अफ्रीका की टीम को तीसरा झटका लगा। मोहम्मद शमी ने कप्तान तेम्बा बावुमा को विकेटकीपर दिनेश कार्तिक के हाथों कैच कराया। बावुमा 15 गेंदों में 10 रन बना सके। पावरप्ले खत्म होने के बाद दक्षिण अफ्रीका का स्कोर तीन विकेट पर 24 रन है। फिलहाल डेविड मिलर और एडेन मार्करम क्रीज पर हैं। इससे पहले अर्शदीप सिंह ने एक ही ओवर में क्विंटन डिकॉक और राइली रूसो को आउट किया था।

06:37 PM, 30-Oct-2022

IND vs SA Live: अर्शदीप की शानदार गेंदबाजी

पर्थ की पिच पर अर्शदीप सिंह शानदार लय में दिख रहे हैं और बेहतरीन गेंदबाजी कर रहे हैं। अर्शदीप ने अब तक अपने दो ओवर में सिर्फ आठ रन दिए हैं और दो विकेट ले चुके हैं। अपने दूसरे ओवर में भी उन्होंने एडेन मार्करम को खासा परेशान किया। उनके इस ओवर में सिर्फ चार रन बने। चार ओवर के बाद दक्षिण अफ्रीका का स्कोर दो विकेट पर 13 रन है।

06:30 PM, 30-Oct-2022

IND vs SA Live: अफ्रीकी टीम को दो झटके

अर्शदीप सिंह ने अफ्रीकी पारी के दूसरे ओवर में कहर बरपाया है। उन्होंने मैच में अपनी पहली ही गेंद पर क्विंटन डिकॉक को स्लिप में केएल राहुल के हाथों कैच कराया। डिकॉक एक रन बना सके। इसके बाद तीसरी गेंद पर राइली रूसो को एल्बीडब्ल्यू आउट किया। रूसो खाता भी नहीं खोल सके। रूसो ने बांग्लादेश के खिलाफ पिछले मैच में शतक जड़ा था। तीन ओवर के बाद दक्षिण अफ्रीका का स्कोर दो विकेट पर नौ रन है। फिलहाल एडेन मार्करम और तेम्बा बावुमा क्रीज पर हैं।

06:09 PM, 30-Oct-2022

भारत ने 20 ओवर में नौ विकेट गंवाकर 133 रन बनाए

भारत ने दक्षिण अफ्रीका के सामने 134 रन का लक्ष्य रखा है। टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए भारत ने 20 ओवर में नौ विकेट गंवाकर 133 रन बनाए। टीम इंडिया की शुरुआत बेहद खराब रही थी। 23 पर टीम इंडिया को पहला झटका लगा था। कप्तान रोहित शर्मा 14 गेंदों में 15 रन बनाकर आउट हुए थे। इसके बाद तो विकेट की झड़ी लग गई।

केएल राहुल नौ रन, विराट कोहली 12 रन बनाकर आउट हुए। इन तीनों को लुंगी एनगिडी ने पवेलियन भेजा। इसके बाद अक्षर पटेल की जगह टीम में शामिल किए गए दीपक हुड्डा भी फेल रहे। वह खाता भी नहीं खोल सके। हुड्डा को नॉर्त्जे ने विकेटकीपर डिकॉक के हाथों कैच कराया। हार्दिक पांड्या दो रन बनाकर आउट हुए। हार्दिक को एनगिडी ने पवेलियन भेजा।

49 रन पर पांच विकेट गिरने के बाद सूर्यकुमार यादव ने दिनेश कार्तिक के साथ मिलकर टीम इंडिया की पारी संभाली। दोनों ने छठे विकेट के लिए 40 गेंदों में 52 रन की साझेदारी निभाई। सूर्यकुमार ने 30 गेंदों पर टी20 अंतरराष्ट्रीय करियर का 11वां अर्धशतक लगाया। दोनों मिलकर भारत को 100 रन के पार ले गए। कार्तिक 16वें ओवर में वेन पार्नेल की गेंद पर कैच आउट हुए। उनका कैच राइली रूसो ने लिया। कार्तिक 15 गेंदों पर छह रन बना सके।

19वें ओवर में भारत को दो-दो झटके लगे। वेन पार्नेल ने इस ओवर में रविचंद्रन अश्विन और सूर्यकुमार यादव को आउट किया। पार्नेल ने अश्विन को ओवर की पहली गेंद पर रबाडा के हाथों कैच कराया। अश्विन 11 गेंदों में सात रन बना सके। इसके बाद ओवर की आखिरी गेंद पर पार्नेल ने सूर्यकुमार को महाराज के हाथों कैच कराया। सूर्यकुमार ने पर्थ की मुश्किल पिच पर शानदार पारी खेली। उन्होंने 40 गेंदों में छह चौके और तीन छक्के की मदद से 68 रन की पारी खेली।

आखिरी ओवर में दो नए बल्लेबाज भुवनेश्वर कुमार और मोहम्मद शमी मैदान पर थे। ओवर की चौथी गेंद पर मोहम्मद शमी रन आउट हो गए। वह खाता भी नहीं खोल सके। वहीं, आखिरी दो गेंदों पर तीन रन बने। 20वें ओवर से छह रन आए। आखिरी पांच ओवर में भारत ने 32 रन बनाए और चार विकेट गंवाए।

05:55 PM, 30-Oct-2022

IND vs SA Live: सूर्यकुमार और अश्विन क्रीज पर

17 ओवर के बाद भारत का स्कोर छह विकेट पर 115 रन है। सूर्यकुमार यादव 36 गेंदों में 61 रन और रविचंद्रन अश्विन चार रन बनाकर बल्लेबाजी कर रहे हैं। भारत ने एक वक्त 49 रन पर पांच विकेट गंवा दिए थे। इसके बाद सूर्या ने कार्तिक के साथ मिलकर पारी संभाली। 

05:48 PM, 30-Oct-2022

IND vs SA Live: सूर्यकुमार का अर्धशतक, कार्तिक आउट

सूर्यकुमार यादव ने पर्थ की मुश्किल पिच पर शानदार अर्धशतक जड़ा है। 49 पर भारत को पांचवां झटका लगा था। इसके बाद सूर्यकुमार ने दिनेश कार्तिक के साथ मिलकर छठे विकेट के लिए 40 गेंदों में 52 रन की साझेदारी निभाई। सूर्यकुमार ने 30 गेंदों पर टी20 अंतरराष्ट्रीय करियर का 11वां अर्धशतक लगाया। दोनों मिलकर भारत को 100 रन के पार ले गए। कार्तिक 16वें ओवर में वेन पार्नेल की गेंद पर कैच आउट हुए। उनका कैच राइली रूसो ने लिया। कार्तिक 15 गेंदों पर छह रन बना सके। फिलहाल रविचंद्रन अश्विन और सूर्यकुमार यादव क्रीज पर हैं। 16 ओवर के बाद भारत का स्कोर छह विकेट पर 105 रन है।

05:30 PM, 30-Oct-2022

IND vs SA Live: सूर्या-कार्तिक ने संभाली पारी

12 ओवर के बाद भारत ने पांच विकेट गंवाकर 73 रन बना लिए हैं। फिलहाल दिनेश कार्तिक दो रन और सूर्यकुमार यादव 27 रन बनाकर बल्लेबाजी कर रहे हैं। दोनों के बीच अब तक 24 रन की साझेदारी हो चुकी है। आज के मैच में तेज गेंदबाज लुंगी एनगिडी ने कहर बरपाया। उन्होंने विराट कोहली (12), रोहित शर्मा (15), केएल राहुल (9) और हार्दिक पांड्या समेत चार बल्लेबाजों को पवेलियन भेजा। वहीं, एक विकेट को एनरिक नॉर्त्जे को मिला। हार्दिक दो रन बना सके। 

05:24 PM, 30-Oct-2022

IND vs SA Live: कार्तिक-सूर्यकुमार पर दारोमदार

10 ओवर के बाद भारत ने पांच विकेट गंवाकर 60 रन बना लिए हैं। फिलहाल दिनेश कार्तिक एक रन और सूर्यकुमार यादव 17 रन बनाकर बल्लेबाजी कर रहे हैं। आज के मैच में तेज गेंदबाज लुंगी एनगिडी ने कहर बरपाया। उन्होंने विराट कोहली (12), रोहित शर्मा (15), केएल राहुल (9) और हार्दिक पांड्या समेत चार बल्लेबाजों को पवेलियन भेजा। वहीं, एक विकेट को एनरिक नॉर्त्जे को मिला। हार्दिक दो रन बना सके। 

05:13 PM, 30-Oct-2022

IND vs SA Live: भारत को पांचवां झटका

भारत ने 50 रन के अंदर पांच विकेट गंवा दिए हैं। भारतीय बल्लेबाज पर्थ के मैदान पर पूरी तरह विफल रहे हैं। 23 पर टीम इंडिया को पहला झटका लगा था। कप्तान रोहित शर्मा 14 गेंदों में 15 रन बनाकर आउट हुए थे। इसके बाद तो विकेट की झड़ी लग गई। केएल राहुल नौ रन, विराट कोहली 12 रन बनाकर आउट हुए। इन तीनों को लुंगी एनगिडी ने पवेलियन भेजा। इसके बाद अक्षर पटेल की जगह टीम में शामिल किए गए दीपक हुड्डा भी फेल रहे। वह खाता भी नहीं खोल सके। हुड्डा को नॉर्त्जे ने विकेटकीपर डिकॉक के हाथों कैच कराया। हार्दिक पांड्या दो रन बनाकर आउट हुए। हार्दिक को एनगिडी ने पवेलियन भेजा। 49 पर भारत का पांचवां विकेट गिरा। नौ ओवर के बाद भारत का स्कोर पांच विकेट पर 51 रन है।

05:04 PM, 30-Oct-2022

IND vs SA T20 Live: भारत को तीसरा झटका

भारत को विराट कोहली के रूप में तीसरा और बड़ा झटका लगा है। वह 11 गेंदों में 12 रन बनाकर आउट हुए। उन्हें लुंगी एनगिडी ने कगिसो रबाडा के हाथों कैच कराया। कोहली ने पिछली दो पारियों में नाबाद 82 और नाबाद 62 रन बनाए थे। टीम की पिछली दो जीत में उन्हीं का योगदान था। हालांकि, इस मैच में वह रन नहीं बना सके।

04:59 PM, 30-Oct-2022

IND vs SA T20 Live: पावरप्ले के बाद भारत का स्कोर 33/2

पावरप्ले में भारतीय टीम ने दो विकेट खोकर 33 रन बनाए हैं। रोहित शर्मा और लोकेश राहुल इस मैच में फ्लॉप रहे। रोहित शर्मा 15 और लोकेश राहुल नौ रन बनाकर आउट हुए। अब विराट कोहली और सूर्यकुमार यादव क्रीज पर हैं।

04:54 PM, 30-Oct-2022

IND vs SA T20 Live: भारत ने एक ओवर में दो विकेट गंवाए

लुंगी एनगिडी ने एक ओवर में भारत को दो झटके दिए हैं। उन्होंने भारत के दोनों सलामी बल्लेबाजों को पवेलियन भेज दिया है। कप्तान रोहित के आउट होने के चार गेंद बाद ही राहुल भी आउट हो गए। राहुल ने 14 गेंद में नौ रन बनाए। लुंगी एनगिडी की गेंद पर एडेन मार्करम ने उनका कैच पकड़ा। 

04:51 PM, 30-Oct-2022

IND vs SA T20 Live: कप्तान रोहित 15 रन बनाकर आउट

23 रन के स्कोर पर भारत का पहला विकेट गिरा है। लुंगी एनगिडी ने भारतीय कप्तान रोहित शर्मा को 15 रन के स्कोर पर आउट किया। एनगिडी ने अपनी ही गेंद पर रोहित का कैच पकड़ा।

04:49 PM, 30-Oct-2022

IND vs SA T20 Live: भारत का स्कोर चार ओवर में 21 रन

चार ओवर का खेल खत्म होने के बाद भारतीय टीम का स्कोर 21 रन हो चुका है। भारत ने धीमी शुरुआत की है, लेकिन अच्छी बात यह है कि टीम इंडिया ने अब तक कोई विकेट नहीं गंवाया है। 

04:44 PM, 30-Oct-2022

IND vs SA T20 Live: भारत का स्कोर तीन ओवर में 14 रन

तीन ओवर के बाद भारत का स्कोर बिना किसी नुकसान के 14 रन है। तीसरे ओवर की पांचवीं गेंद लोकेश राहुल के शरीर में लगी। इस वजह से मैच थोड़ी देर के लिए रुका। फिजियो मैदान पर आए, लेकिन राहुल को ज्यादा चोट नहीं आई है और वह बल्लेबाजी कर रहे हैं। 

04:38 PM, 30-Oct-2022

IND vs SA T20 Live: भारत की धीमी शुरुआत

टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए भारतीय टीम ने धीमी शुरुआत की है। दो ओवर के बाद भारत का स्कोर बिना किसी नुकसान के छह रन है। इस बीच रोहित शर्मा को एक जीवनदान भी मिल चुका है। कगिसो रबाडा ने अपनी ही गेंद पर रोहित का आसान कैच छोड़ा।

04:30 PM, 30-Oct-2022

IND vs SA T20 Live: भारत की बल्लेबाजी शुरू

दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ भारत की बल्लेबाजी शुरू हो चुकी है। रोहित शर्मा और लोकेश राहुल क्रीज पर हैं। दक्षिण अफ्रीका के लिए वेन पार्नेल ने गेंदबाजी की शुरुआत की है। पार्नेल ने पहले ओवर में कोई रन नहीं दिया है। लोकेश राहुल संभलकर बल्लेबाजी कर रहे हैं और पहले ओवर में उन्होंने कोई जोखिम नहीं लिया।

04:07 PM, 30-Oct-2022

IND vs SA T20 Live: दोनों टीमों की प्लेइंग 11

भारत: रोहित शर्मा (कप्तान), केएल राहुल, विराट कोहली, सूर्यकुमार यादव, दीपक हुड्डा, हार्दिक पांड्या, दिनेश कार्तिक (विकेटकीपर), रविचंद्रन अश्विन, भुवनेश्वर कुमार, मोहम्मद शमी, अर्शदीप सिंह।

दक्षिण अफ्रीका: क्विंटन डी कॉक (विकेटकीपर), तेम्बा बावुमा (कप्तान), राइली रूसो, एडेन मार्कराम, डेविड मिलर, ट्रिस्टन स्टब्स, वेन पार्नेल, केशव महाराज, कगिसो रबाडा, लुंगी एनगिडी, एनरिक नॉर्त्जे।

04:04 PM, 30-Oct-2022

IND vs SA T20 Live: भारत ने टॉस जीतकर बल्लेबाजी चुनी

भारतीय कप्तान रोहित शर्मा ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया है। टीम इंडिया इस मैच में एक बदलाव के साथ उतरी है। इस मैच में दीपक हुड्डा को मौका दिया गया है। वहीं, अक्षर पटेल यह मैच नहीं खेल रहे हैं। दक्षिण अफ्रीका की टीम में भी एक बदलाव किया गया है। तबरेज शम्सी की जगह लुंगी एनगिडी को टीम में शामिल किया गया है।

03:55 PM, 30-Oct-2022

IND vs SA T20 Live: भारत या दक्षिण अफ्रीका को मिलेगी पहली हार

इस टूर्नामेंट में अब तक सिर्फ तीन टीमें अजेय रही हैं। भारत, दक्षिण अफ्रीका और न्यूजीलैंड। आज भारत या दक्षिण अफ्रीका को पहली हार मिल सकती है। इस मैच में बारिश की संभावना भी कम है। ऐसे में मैच का नतीजा आने की संभावना बहुत ज्यादा है। इस स्थिति में दोनों टीमों में से किसी एक को टूर्नामेंट में पहली हार का सामना पड़ेगा।

03:46 PM, 30-Oct-2022

IND vs SA T20 Live: दीपक हुड्डा को मिल सकता है मौका

मैच से नेट्स में दीपक हुड्डा ने काफी बल्लेबाजी की ऐसे में कयास लगाए जा रहे हैं कि इस मैच में उन्हें मौका मिल सकता है। हुड्डा को अक्षर पटेल, रविचंद्रन अश्विन या लोकेश राहुल की जगह टीम में शामिल किया जा सकता है। हालांकि, अक्षर की जगह हुड्डा को मौका दिए जाने की संभावना कम है, क्योंकि अक्षर टीम में इकलौते बाएं हाथ के बल्लेबाज हैं। 

दक्षिण अफ्रीका के एडेन मार्करम ने भी मैच से पहले नेट्स में काफी गेंदबाजी की। इसके बाद माना जा रहा है कि तबरेज शम्सी को बाहर बैठाया जा सकता है और उनकी जगह मार्को यानसेन को मौका दिया जा सकता है। इस स्थिति में केशव महाराज के साथ स्पिन गेंदबाजी की जिम्मेदारी मार्करम को दी जा सकती है।

03:37 PM, 30-Oct-2022

IND vs SA T20 Live: भारत की जीत की दुआ करेगा पाकिस्तान

पाकिस्तान की टीम अपने शुरुआती दो मैच हार चुकी है और सेमीफाइनल में पहुंचने के लिए इस टीम को किस्मत के साथ की जरूरत होगी। इस मैच में पाकिस्तान की टीम दुआ करेगी कि भारत दक्षिण अफ्रीका को हरा दे। इस स्थिति में पाकिस्तान अपने बाकी मैच जीतकर सेमीफाइनल में पहुंच जाएगा। क्योंकि दक्षिण अफ्रीका के पास सिर्फ पांच अंक होंगे और पाकिस्तान के पास छह अंक हो जाएंगे।

03:28 PM, 30-Oct-2022

IND vs SA T20: रोमांचक मुकाबले में दक्षिण अफ्रीका ने भारत को पांच विकेट से हराया, मिलर-मार्करम ने पलटा मैच

नमस्कार, अमर उजाला के लाइव ब्लॉग में आपका स्वागत है। टी20 विश्व कप 2022 में भारत का तीसरा मुकाबला पर्थ के मैदान पर दक्षिण अफ्रीका के साथ है। भारत ने इस टूर्नामेंट में अपने शुरुआती दो मैच जीते हैं और लगातार तीसरा मैच जीतकर सेमीफाइनल में अपनी जगह लगभग पक्की करना चाहेगी। दक्षिण अफ्रीका की टीम भी यह मैच जीतकर सेमीफाइनल के लिए अपनी राह आसान करना चाहेगी।

भारतीय टीम यह मैच जीत जाती है तो सेमीफाइनल में उसकी जगह लगभग पक्की हो जाएगी। भारत के पास तीन मैच में छह अंक होंगे और बाकी दो मैच भारत को बांग्लादेश और जिम्बाब्वे से खेलने हैं। ऐसे में भारतीय टीम अपने ग्रुप में पहले स्थान पर रहकर सेमीफाइनल में जगह बनाएगी। वहीं, दक्षिण अफ्रीका की टीम अगर यह मैच जीत जाती है तो उसके पास तीन मैच में पांच अंक होंगे और इस टीम का सेमीफाइनल खेलना भी लगभग पक्का हो जाएगा। क्योंकि, इसके बाद दक्षिण अफ्रीका को पाकिस्तान और नीदरलैंड से खेलना है।

और पढ़ें...
विज्ञापन
MORE
AU ऐप में पढ़ें