फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

IND Vs SA Highlights: भारत ने दक्षिण अफ्रीका को 243 रन से हराया; कोहली के शतक के बाद जडेजा ने पांच विकेट लिए

Sun, 05 Nov 2023 08:42 PM IST
स्वप्निल शशांक स्पोर्ट्स डेस्क, अमर उजाला, नई दिल्ली

खास बातें

IND Vs SA (India vs South Africa) World Cup 2023 Highlights: विश्व कप 2023 के 37वें मुकाबले में भारत ने दक्षिण अफ्रीका को 243 रन से हरा दिया है। कोलकाता के ईडन गार्डन्स में भारत ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए 326 रन बनाए थे। इसके जवाब में दक्षिण अफ्रीका की टीम सिर्फ 83 रन बना सकी और भारत ने इस टूर्नामेंट में अजेय रहते हुए एक और आसान जीत हासिल की।
विज्ञापन
भारत बनाम दक्षिण अफ्रीका - फोटो : सोशल मीडिया
विज्ञापन

लाइव अपडेट

08:34 PM, 05-Nov-2023

भारत ने दक्षिण अफ्रीका को हराया

भारत ने दक्षिण अफ्रीका को 243 रन से हरा दिया है। इसके साथ ही टीम इंडिया के अजेय रहने का सिलसिला जारी है। भारत लगातार आठ जीत के साथ अंक तालिका में शीर्ष पर बना हुआ है और अब यह भी तय हो गया कि भारत शीर्ष पर ही रहेगा। वहीं, दक्षिण अफ्रीका को दूसरी हार का सामना करना पड़ा है। हालांकि, यह टीम भी पहले ही सेमीफाइनल में पहुंच चुकी है, लेकिन यह हार दक्षिण अफ्रीका के मनोबल के लिए बेहद नुकसानदेह होगी।

इस मैच में भारत ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए पांच विकेट खोकर 326 रन बनाए। भारत के लिए सबसे ज्यादा नाबाद 101 रन विराट कोहली ने बनाए। उन्होंने वनडे में 49वां शतक लगाया और सचिन के विश्व रिकॉर्ड की बराबरी की। श्रेयस अय्यर ने 77 और कप्तान रोहित ने 40 रन का योगदान दिया। दक्षिण अफ्रीका के लिए एडेन मार्करम को छोड़ सभी गेंदबाजों ने एक-एक विकेट लिया। इसके जवाब में दक्षिण अफ्रीका की टीम सिर्फ 83 रन बना सकी। सबसे ज्यादा 14 रन मार्को यानसेन ने बनाए। उनके अलावा डुसेन ने 13 रन और बावुमा-मिलर ने 11-11 रन बनाए। इनके अलावा कोई भी अफ्रीकी बल्लेबाज दहाई का आंकड़ा पार नहीं कर पाया। भारत के लिए रवींद्र जडेजा ने पांच विकेट लिए। मोहम्मद शमी और कुलदीप यादव को दो-दो विकेट मिले। मोहम्मद सिराज ने एक विकेट लिया।

08:27 PM, 05-Nov-2023

IND Vs SA Live: दक्षिण अफ्रीका के नौ विकेट गिरे

79 रन पर दक्षिण अफ्रीका के नौ विकेट गिर गए हैं। कगिसो रबाडा 26 गेंद में छह रन बनाकर आउट हुए। रवींद्र जडेजा ने अपनी ही गेंद पर उनका कैच पकड़ा। यह इस मैच में उनकी पांचवीं सफलता है। 

08:24 PM, 05-Nov-2023

IND Vs SA Live: दक्षिण अफ्रीका के आठ विकेट गिरे

79 रन पर दक्षिण अफ्रीका के आठ विकेट गिर चुके हैं। मार्को यानसेन 30 गेंद में 14 रन बना चुके हैं। कुलदीप यादव ने उन्हें रवींद्र जडेजा के हाथों कैच कराया। 

विज्ञापन
08:02 PM, 05-Nov-2023

IND Vs SA Live: दक्षिण अफ्रीका को सातवां झटका

67 रन पर दक्षिण अफ्रीका का सातवां विकेट गिरा है। केशव महाराज 11 गेंद में सात रन बनाकर आउट हो चुके हैं। रवींद्र जडेजा ने उन्हें क्लीन बोल्ड किया। अब कगिसो रबाडा और मार्को यानसेन क्रीज पर हैं। 20 ओवर के बाद दक्षिण अफ्रीका का स्कोर 69/7 है।

07:53 PM, 05-Nov-2023

IND Vs SA Live: दक्षिण अफ्रीका के छह विकेट गिरे

59 रन पर दक्षिण अफ्रीका ने छह विकेट गंवा दिए हैं। डेविड मिलर 11 गेंद में 11 रन बनाकर आउट हुए। रवींद्र जडेजा ने उन्हें क्लीन बोल्ड किया। इस मैच में यह उनकी तीसरी सफलता है। अब मार्को यानसेन और केशव महाराज क्रीज पर हैं।

विज्ञापन
07:34 PM, 05-Nov-2023

IND Vs SA Live: दक्षिण अफ्रीका के पांच विकेट गिरे

40 रन के स्कोर पर दक्षिण अफ्रीका के पांच विकेट गिर चुके हैं। मोहम्मद शमी ने डुसेन को विकेटों के सामने फंसाया। उन्होंने 32 गेंद में 13 रन बनाए। भारत ने एक बार फिर रिव्यू लेकर विकेट हासिल किया। अब डेविड मिलर के साथ मार्को यानसेन क्रीज पर हैं। 14 ओवर के बाद दक्षिण अफ्रीका का स्कोर 42/5 है।

07:29 PM, 05-Nov-2023

IND Vs SA Live: दक्षिण अफ्रीका के चार विकेट गिरे

40 रन पर दक्षिण अफ्रीका के चार विकेट गिर चुके हैं। रवींद्र जडेजा ने हेनरिक क्लासेन को आउट किया। उन्होंने 11 गेंद में एक रन बनाए। जडेजा ने रिव्यू लेकर यह विकेट हासिल किया।

07:17 PM, 05-Nov-2023

IND Vs SA Live: दक्षिण अफ्रीका को तीसरा झटका

भारतीय टीम एक बार फिर बड़ी जीत की तरफ बढ़ रही है। 326 रन बनाने के बाद भारत ने 35 रन पर दक्षिण अफ्रीका के तीन बल्लेबाजों को आउट कर दिया है। मोहम्मद शमी ने एडेन मार्करम को आउट किया। वह छह गेंद में नौ रन बनाकर आउट हो चुके हैं। मोहम्मद शमी ने उन्हें विकेटकीपर लोकेश राहुल के हाथों कैच कराया। अब डुसेन के साथ क्लासेन क्रीज पर हैं। 12 ओवर के बाद दक्षिण अफ्रीका का स्कोर 37/3 है।

07:08 PM, 05-Nov-2023

IND Vs SA Live: दक्षिण अफ्रीका का दूसरा विकेट गिरा

22 रन के स्कोर पर दक्षिण अफ्रीका के दोनों सलामी बल्लेबाज पवेलियन लौट चुके हैं। क्विंटन डिकॉक के बाद कप्तान टेम्बा बावुमा भी आउट हो चुके हैं। रवींद्र जडेजा ने उन्हें क्लीन बोल्ड किया। बावुमा ने 19 गेंद में 11 रन बनाए। अब डुसेन के साथ एडेन मार्करम क्रीज पर हैं।

07:02 PM, 05-Nov-2023

IND Vs SA Live: दक्षिण अफ्रीका की धीमी शुरुआत

327 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए दक्षिण अफ्रीका ने बेहद धीमी शुरुआत की है। आठ ओवर के बाद टीम का स्कोर 21/1 है। कप्तान टेम्बा बावुमा के साथ रासी वन डर डुसेन क्रीज पर हैं।

06:38 PM, 05-Nov-2023

IND Vs SA Live Score: दक्षिण अफ्रीका को पहला झटका

दक्षिण अफ्रीका को दूसरे ओवर में छह के स्कोर पर पहला झटका लगा। सिराज ने इस विश्व कप में दो शतक लगा चुके क्विंटन डिकॉक को बोल्ड किया। डिकॉक एक चौके की मदद से 10 गेंद में पांच रन बना सके। दो ओवर के बाद दक्षिण अफ्रीका का स्कोर एक विकेट पर छह रन है। फिलहाल कप्तान तेम्बा बावुमा और रसी वान डर डुसेन क्रीज पर हैं।

05:56 PM, 05-Nov-2023

IND Vs SA Live Score: भारत ने दक्षिण अफ्रीका को 327 रन का लक्ष्य दिया

भारत ने दक्षिण अफ्रीका के सामने 327 रन का लक्ष्य रखा है। टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए टीम इंडिया ने 50 ओवर में पांच विकेट गंवाकर 326 रन बनाए। विराट कोहली 121 गेंद में 101 रन बनाकर नाबाद रहे। वहीं, रवींद्र जडेजा 15 गेंद में 29 रन बनाकर नाबाद रहे। टीम इंडिया की शुरुआत अच्छी रही थी। रोहित शर्मा ने शुभमन गिल के साथ मिलकर 35 गेंद पर 62 रन की साझेदारी निभाई थी। रोहित 24 गेंद में ताबड़तोड़ 40 रन बनाकर आउट हुए। उन्होंने अपनी पारी में छह चौके और दो छक्के लगाए।

शुभमन गिल 24 गेंद 23 रन बनाकर आउट हुए। अपनी पारी में उन्होंने चार चौके और एक छक्का लगाया। 93 पर दो विकेट गिरने के बाद विराट कोहली और श्रेयस अय्यर ने 134 रन की साझेदारी निभाई। श्रेयस 87 गेंद में सात चौके और दो छक्के की मदद 77 रन बनाकर आउट हुए। केएल राहुल कुछ खास नहीं कर सके और आठ रन बना सके। सूर्यकुमार यादव ने 14 गेंद में पांच चौके की मदद से ताबड़तोड़ 22 रन बनाए।

विराट ने 49वें ओवर में जाकर शतक पूरा किया। वह 121 गेंद में 10 चौके की मदद से 101 रन बनाकर नाबाद रहे। वहीं, जडेजा ने अपनी 29 रन की नाबाद पारी में तीन चौके और एक छक्का लगाया। विराट का यह 49वां शतक रहा। उन्होंने सचिन तेंदुलकर के 49 वनडे शतक के रिकॉर्ड की बराबरी की। दक्षिण अफ्रीका की ओर से लुंगी एनगिडी, मार्को यानसेन, कगिसो रबाडा, केशव महाराज और तबरेज शम्सी को एक-एक विकेट मिला।

वनडे में सबसे ज्यादा शतक

  • 49: विराट कोहली (277 पारियां)
  • 49: सचिन तेंदुलकर (452 पारियां)
  • 31: रोहित शर्मा (251 पारियां)
  • 30: रिकी पोंटिंग (365 पारियां)
  • 28: सनथ जयसूर्या (433 पारियां)

रॉस टेलर, मिचेल मार्श और कोहली ने ऐसा विश्व कप के मैचों में किया है।

05:46 PM, 05-Nov-2023

IND Vs SA Live Score: विराट कोहली का शतक

विराट कोहली ने 119 गेंद में शतक लगाया। यह उनके वनडे करियर का 49वां शतक रहा। इस मामले में उन्होंने महान बल्लेबाज और क्रिकेट के भगवान कहे जाने वाले सचिन तेंदुलकर की बराबरी की। सचिन ने भी वनडे में 49 शतक लगाए थे। सचिन ने ऐसा 452 वनडे पारियों में किया था, जबकि सचिन ने 277वीं वनडे पारी में 49 शतक लगाए हैं। इसमें भी खास यह रहा कि उन्होंने आज अपने जन्मदिन पर शतक लगाया और रिकॉर्ड की बराबरी की। इस विश्व कप यह उनका दूसरा शतक रहा।

वनडे में सबसे ज्यादा शतक

  • 49 विराट कोहली (277 पारियां)
  • 49 सचिन तेंदुलकर (452 पारियां)
  • 31 रोहित शर्मा (251 पारियां)
  • 30 रिकी पोंटिंग (365 पारियां)
  • 28 सनथ जयसूर्या (433 पारियां)

05:35 PM, 05-Nov-2023

IND Vs SA Live Score: भारत को पांचवां झटका

46वें ओवर में 285 के स्कोर पर पांचवां झटका लगा। तबरेज शम्सी ने सूर्यकुमार यादव को विकेटकीपर डिकॉक के हाथों कैच कराया। वह 14 गेंद में पांच चौके की मदद से 22 रन बनाकर आउट हुए। फिलहाल विराट कोहली 91 रन बनाकर क्रीज पर हैं। रवींद्र जडेजा उनका साथ निभाने आए हैं।

05:16 PM, 05-Nov-2023

IND Vs SA Live Score: भारत को चौथा झटका

भारत को 43वें ओवर में 249 के स्कोर पर चौथा झटका लगा। मार्को यानसेन ने केएल राहुल को डुसेन के हाथों कैच कराया। वह 17 गेंद में आठ रन बना सके। फिलहाल विराट कोहली 78 रन और सूर्यकुमार यादव चार रन बनाकर क्रीज पर हैं। 43 ओवर के बाद भारत का स्कोर चार विकेट पर 253 रन है।

04:45 PM, 05-Nov-2023

IND Vs SA Live Score: श्रेयस अय्यर आउट

भारत को 227 के स्कोर पर तीसरा झटका लगा। श्रेयस अय्यर 87 गेंद में सात चौके और दो छक्के की मदद से 77 रन बनाकर आउट हुए। उन्हें एनगिडी ने मार्करम के हाथों कैच कराया। श्रेयस और विराट के बीच 134 रन की साझेदारी हुई। 37 ओवर के बाद भारत का स्कोर तीन विकेट पर 227 रन है। फिलहाल विराट कोहली 68 रन बनाकर और केएल राहुल क्रीज पर हैं।

04:21 PM, 05-Nov-2023

IND Vs SA Live Score: विराट-श्रेयस के बीच शतकीय साझेदारी

विराट कोहली और श्रेयस अय्यर के बीच शतकीय साझेदारी हो चुकी है। अब दोनों अच्छी गति से रन बना रहे हैं और टीम इंडिया को बड़े स्कोर की तरफ ले जा रहे हैं। 32 ओवर के बाद भारत का स्कोर 196/2 है।

04:13 PM, 05-Nov-2023

IND Vs SA Live Score: श्रेयस अय्यर का अर्धशतक

श्रेयस अय्यर ने 64 गेंद में अपना अर्धशतक पूरा कर लिया है। उन्होंने विराट कोहली के साथ शानदार साझेदारी की है और टीम इंडिया को बड़े स्कोर की तरफ ले जा रहे हैं।

04:03 PM, 05-Nov-2023

IND Vs SA Live Score: विराट कोहली का अर्धशतक

विराट कोहली ने 67 गेंद में अपना अर्धशतक पूरा कर लिया है। उन्होंने अपने जन्मदिन पर शानदार पारी खेली है और मुश्किल पिच पर टीम इंडिया को अच्छी स्थिति में बनाए हुए हैं। अय्यर के साथ उन्होंने शानदार साझेदारी की है। 30 ओवर के बाद भारत का स्कोर 179/2 है।

03:53 PM, 05-Nov-2023

IND Vs SA Live Score: विराट कोहली और श्रेयस अय्यर के बीच अर्धशतकीय साझेदारी

विराट कोहली और श्रेयस अय्यर के बीच अर्धशतकीय साझेदारी हो चुकी है। दोनों संभलकर खेल रहे हैं। कोहली अपने अर्धशतक के बेहद करीब हैं। अब श्रेयस भी अच्छी लय में दिख रहे हैं। 26 ओवर के बाद भारत का स्कोर 151/2 है।

03:25 PM, 05-Nov-2023

IND vs SA Live: विराट-श्रेयस क्रीज पर

18 ओवर के बाद भारत ने दो विकेट गंवाकर 118 रन बना लिए हैं। फिलहाल श्रेयस अय्यर 26 गेंद में 10 रन और विराट कोहली 34 गेंद में 34 रन बनाकर बल्लेबाजी कर रहे हैं। दोनों के बीच 20+ रन की साझेदारी हो चुकी है।

02:55 PM, 05-Nov-2023

IND vs SA Live: भारत को दूसरा झटका

भारत को 11वें ओवर में 93 के स्कोर पर दूसरा झटका लगा। शुभमन गिल 24 गेंद में 23 रन बनाकर आउट हुए। उन्हें केशव महाराज ने क्लीन बोल्ड किया। इससे पहले रोहित 24 गेंद में 40 रन बनाकर आउट हुए थे। उन्हें रबाडा ने आउट किया था। 11 ओवर के बाद भारत का स्कोर दो विकेट पर 94 रन है। फिलहाल विराट कोहली और श्रेयस अय्यर क्रीज पर हैं।

02:50 PM, 05-Nov-2023

IND vs SA Live: विराट-शुभमन क्रीज पर

नौ ओवर के बाद भारत ने एक विकेट गंवाकर 82 रन बना लिए हैं। फिलहाल विराट कोहली 10 गेंद में नौ रन और शुभमन गिल 20 गेंद में 23 रन बनाकर बल्लेबाजी कर रहे हैं। 

02:33 PM, 05-Nov-2023

IND vs SA Live:

भारत को छठे ओवर में पहला झटका लगा। छठे ओवर की पांचवीं गेंद पर बड़े शॉट के चक्कर में रोहित अपना विकेट गंवा बैठे। रबाडा ने उन्हें तेम्बा बावुमा के हाथों कैच कराया। रोहित ने 24 गेंद में छह चौके और दो छक्के की मदद से 40 रन की पारी खेली। फिलहाल शुभमन गिल और विराट कोहली क्रीज पर हैं।

02:28 PM, 05-Nov-2023

IND vs SA Live: पांच ओवर में ही 60 रन के पार

भारत ने पांच ओवर में ही बिना विकेट गंवाए 61 रन बना लिए हैं। कप्तान रोहित शर्मा 22 गेंद में 40 रन और शुभमन गिल नौ गेंद में 12 रन बनाकर बल्लेबाजी कर रहे हैं। रोहित अब तक अपनी पारी में छह चौके और दो छक्के लगा चुके हैं। पांचवें ओवर में 16 रन आए। चौथे ओवर में 10 रन, तीसरे ओवर में 13 रन, दूसरे ओवर में 17 रन और पहले ओवर में पांच रन आए थे।

02:18 PM, 05-Nov-2023

IND vs SA Live: टीम इंडिया की तेज शुरुआत

भारत ने तीन ओवर के बाद बिना कोई विकेट गंवाए 35 रन बना लिए हैं। शुभमन गिल सात गेंद में 12 रन और रोहित शर्मा 11 गेंद में 15 रन बनाकर बल्लेबाजी कर रहे हैं। भारतीय ओपनर्स ने मार्को यानसेन के दूसरे ओवर में 17 रन और लुंगी एनगिडी के तीसरे ओवर में 13 रन बटोरे।

02:05 PM, 05-Nov-2023

IND vs SA Live: रोहित ने चौके से खाता खोला

रोहित शर्मा ने चौके से अपना और टीम का खाता खोला। उन्होंने लुंगी एनगिडी के पहले ओवर की चौथी गेंद पर कवर्स बाउंड्री पर चौका लगाया। इस ओवर में पांच रन आए। रोहित के साथ शुभमन पारी की शुरुआत करने उतरे हैं।

01:40 PM, 05-Nov-2023

IND vs SA Live: दोनों टीमों की प्लेइंग-11

दक्षिण अफ्रीका: क्विंटन डिकॉक (विकेटकीपर), तेम्बा बावुमा (कप्तान), रसी वान डर डुसेन, एडेन मार्करम, हेनरिच क्लासेन, डेविड मिलर, मार्को यानसेन, केशव महाराज, तबरेज शम्सी, कगिसो रबाडा, लुंगी एंगिडी।

भारत: रोहित शर्मा (कप्तान), शुभमन गिल, विराट कोहली, श्रेयस अय्यर, केएल राहुल (विकेटकीपर), सूर्यकुमार यादव, रवींद्र जडेजा, मोहम्मद शमी, जसप्रीत बुमराह, कुलदीप यादव, मोहम्मद सिराज।

01:35 PM, 05-Nov-2023

IND vs SA Live: भारतीय टीम पहले करेगी बल्लेबाजी

भारतीय कप्तान रोहित शर्मा ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी का फैसला किया है। ऐसा माना जा रहा था कि अपनी मजबूती को देखते हुए टीम इंडिया रन का पीछा करना चाहेगी, लेकिन रोहित ने अलग निर्णय लिया। उन्होंने कहा कि वह चुनौती का सामना करना चाहते हैं। भारत ने प्लेइंग-11 में एक भी बदलाव नहीं किया। वहीं, दक्षिण अफ्रीका ने स्पिनर तबरेज शम्सी को तेज गेंदबाज गेराल्ड कोएत्जी की जगह टीम में शामिल किया।

01:08 PM, 05-Nov-2023

IND vs SA Live: विश्व कप में दोनों टीमों के आंकड़े

विश्व कप में दोनों टीमें पांच बार आमने-सामने आ चुकी हैं। दो बार भारत ने और तीन मैच दक्षिण अफ्रीका ने जीते हैं।

01:03 PM, 05-Nov-2023

IND vs SA Live: दोनों टीमें मैदान में पहुंचीं

भारत और दक्षिण अफ्रीका की टीमें ईडन गार्डेन्स पहुंच चुकी हैं। खिलाड़ी वार्म अप में जुट गए हैं। भारत ने इस साल वनडे में पहले बल्लेबाजी करते हुए 83 प्रतिशत मैच जीते हैं, जबकि चेज करते हुए 80 प्रतिशत मुकाबले जीते हैं। वहीं, दक्षिण अफ्रीका ने इस विश्व कप में पहले बल्लेबाजी करते हुए अपने पांच के पांच मुकाबले जीते हैं।

12:53 PM, 05-Nov-2023

IND vs SA Live: आसमान में छाए रह सकते हैं बादल

कोलकाता के मौसम की बात करें तो नवंबर के आसपास यहां लगातार बदलाव होते रहते हैं। मानसून का मौसम बीत चुका है और सर्दी शुरू होने वाली है। इसके बावजूद यह माना जा रहा है कि कभी भी बारिश हो सकती है। आसमान में मैच के दौरान ज्यादातर समय बादल छाए रहने का अनुमान है। मौसम का पूर्वानुमान यह बता रहा है कि दिन के दौरान तापमान 28 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की उम्मीद है, जो शाम को थोड़ा कम होकर 22 डिग्री सेल्सियस तक गिर जाएगा।

12:24 PM, 05-Nov-2023

IND vs SA Live: क्या जन्मदिन पर शतक लगा पाएंगे विराट?

विराट ने इस विश्व कप में अब तक 85 रन, नाबाद 55 रन, 16 रन, नाबाद 103 रन, 95 रन, शून्य और 88 रन की पारियां खेल चुके हैं। अगर वह आज शतक लगाते हैं तो वनडे में जन्मदिन पर शतक लगाने वाले सातवें खिलाड़ी बनेंगे। टॉम लाथम, रॉस टेलर, सनथ जयसूर्या, मिचेल मार्श, सचिन तेंदुलकर और विनोद कांबली पहले ऐसा कर चुके हैं।

जन्मदिन पर शतक लगाने वाले खिलाड़ी (वनडे)

बल्लेबाज स्कोर खिलाफ तारीख
टॉम लाथम 140* नीदरलैंड 02/04/2022
रॉस टेलर 131* पाकिस्तान 08/03/2011
सनथ जयसूर्या 130 बांग्लादेश 30/06/2008
मिचेल मार्श 121 पाकिस्तान 20/10/2023
सचिन तेंदुलकर 134 ऑस्ट्रेलिया 24/04/1998
विनोद कांबली 100* इंग्लैंड 18/01/1993

11:51 AM, 05-Nov-2023

IND vs SA Live: अश्विन या शार्दुल को मिलेगा मौका?

भारतीय टीम में सिर्फ श्रेयस अय्यर और सूर्यकुमार यादव ही ऐसे बल्लेबाज हैं, जिन्हें टीम से बाहर किया जा सकता है। इनके बाहर जाने पर रविचंद्रन अश्विन या शार्दुल ठाकुर को मौका मिल सकता है। ये दोनों गेंदबाजी के साथ थोड़ी बल्लेबाजी भी कर सकते हैं। वहीं, मध्यक्रम में ईशान किशन को भी मौका दिया जा सकता है। क्योंकि भारत सेमीफाइनल में पहुंच चुका है और ईशान को भी टीम मैनेजमेंट मौका देना चाहेगा। ताकि जरूरत पड़ने पर वह सेमीफाइनल और फाइनल मैच से पहले लय में रहें।

11:51 AM, 05-Nov-2023

IND vs SA Live: छठे गेंदबाज की खल सकती है कमी

मौजूदा समय में भारतीय टीम छह बल्लेबाज और पांच गेंदबाजों के साथ खेल रही है। ऐसे में किसी मुकाबले के दौरान किसी भी गेंदबाज को चोट लगने पर या किसी गेंदबाज का खराब दिन होने पर भारत मुश्किल में फंस सकता है। विश्व कप जैसे बड़े टूर्नामेंट में छठे गेंदबाज का होना बेहद जरूरी है। ऐसे में रोहित शर्मा और राहुल द्रविड़ टीम में बदलाव करने के बारे में सोच सकते हैं। 

11:18 AM, 05-Nov-2023

IND vs SA Live: प्लेइंग-11 में होगा बदलाव?

हार्दिक पांड्या के विश्व कप से बाहर होने के बाद भारत की परेशानी बढ़ गई है। अब टीम इंडिया अपनी प्लेइंग 11 में बदलाव कर सकती हैं। यह देखना होगा कि ईशान किशन को मौका मिलता है या नहीं। अगर ऐसा होता है तो श्रेयस अय्यर या सूर्यकुमार यादव में से किसी एक को बाहर बैठना पड़ सकता है।

09:43 AM, 05-Nov-2023

IND Vs SA Highlights: भारत ने दक्षिण अफ्रीका को 243 रन से हराया; कोहली के शतक के बाद जडेजा ने पांच विकेट लिए

नमस्कार! अमर उजाला के लाइव ब्लॉग में आपका स्वागत है। आज विश्व कप 2023 के 37वें मुकाबले में भारत का सामना दक्षिण अफ्रीका से है। ऐसा कहा जा रहा है कि यह मैच इस विश्व कप का सबसे दिलचस्प मुकाबला साबित हो सकता है। दोनों ही टीमें शानदार फॉर्म में हैं। भारत ने अब तक अपने सभी सात मैच जीते हैं। वहीं, दक्षिण अफ्रीका ने सात में से छह मुकाबले जीते हैं। आज जीतने वाली टीम अंक तालिका में शीर्ष स्थान पर बनी रहेगी। यह मैच कोलकाता के ईडन गार्डेन्स में खेला जाएगा।

विज्ञापन
MORE
AU ऐप में पढ़ें