दक्षिण अफ्रीका ने दूसरे वनडे में भारत को चार विकेट से हरा दिया। बुधवार को रायपुर के शहीद वीर नारायण सिंह अंतरराष्ट्रीय स्टेडियम पर खेले गए मुकाबले में पहले बल्लेबाजी करने उतरी भारतीय टीम ने विराट कोहली और ऋतुराज गायकवाड़ के शतकों की मदद से 50 ओवर में पांच विकेट पर 358 रन बनाए थे। जवाब में दक्षिण अफ्रीका की टीम ने एडेन मार्करम के शतक और मैथ्यू ब्रिट्जके तथा डेवाल्ड ब्रेविस के अर्धशतकों की सहायता से 49.2 ओवर में छह विकेट खोकर 362 रन बनाए और मुकाबला अपने नाम कर लिया। इस जीत के साथ मेहमानों ने भारत से तीन वनडे मैचों की सीरीज में 1-1 की बराबरी कर ली। अब दोनों टीमें 6 दिसंबर को विशाखापत्तनम में आखिरी और निर्णायक मुकाबले में आमने-सामने होंगी।
टोनी डी जॉर्जी रिटायर्ड हर्ट होकर पवेलियन लौट गए। वह लंगड़ाते हुए नजर आए। उनकी जगह केशव महाराज बल्लेबाजी के लिए आए हैं।
भारत को छठा झटका मार्को यानसेन के रूप में अर्शदीप सिंह ने दिया। वह सिर्फ दो रन बना पाए। अब जॉर्जी का साथ देने कॉर्बिन बॉश आए हैं।
कुलदीप यादव ने डेवाल्ड ब्रेविस को आउट कर भारत को चौथी सफलता दिलाई है। ब्रेविस ने 33 गेंदों पर पचासा पूरा किया, लेकिन अगली ही गेंद पर ऊंचा शॉट खेलने के चक्कर में अपना विकेट गंवा बैठे। ब्रेविस का विकेट कुलदीप यादव ने झटका जो 34 गेंदों पर एक चौका और पांच छक्के की मदद से 54 रन बनाकर आउट हुए।
ब्रिट्जके ने 49 गेंदों में अपना अर्धशतक पूरा किया है। वह अच्छी फॉर्म में नजर आ रहे हैं और चौथे विकेट के लिए ब्रेविस के साथ 60 से ज्यादा रनों की साझेदारी निभा चुके हैं।
भारत के खिलाफ लक्ष्य का पीछा करते हुए दक्षिण अफ्रीका का स्कोर 210 रन के पार पहुंच गया है। दक्षिण अफ्रीका के लिए डेवाल्ड ब्रेविस और मैथ्यू ब्रिट्जके क्रीज पर मौजूद हैं।
हर्षित राणा ने एडेन मार्करम को आउट कर दक्षिण अफ्रीका को तीसरा झटका दिया। मार्करम शानदार बल्लेबाजी कर रहे थे और शतक लगा चुके थे, लेकिन 98 गेंदों पर 10 चौकों और चार छक्कों की मदद से 110 रन बनाकर आउट हो गए।
एडेन मार्करम ने 88 गेंदों पर शतक लगा दिया है। मार्करम शानदार बल्लेबाजी कर रहे हैं जिसकी मदद से दक्षिण अफ्रीका ने 27 ओवर की समाप्ति के बाद दो विकेट पर 177 रन बनाए हैं। टीम को अब जीत के लिए 182 रन बनाने हैं। मार्करम का ओपनर के तौर पर यह पहला शतक है।
एडेन मार्करम की शानदार बल्लेबाजी जारी है और वह शतक लगाने के करीब पहुंच गए हैं। दक्षिण अफ्रीका का स्कोर 170 के पार चला गया है।
भारत को प्रसिद्ध कृष्णा ने दूसरी सफलता दिलाई है। बावुमा अर्धशतक लगाने से चूक गए और 46 रन बनाकर आउट हुए। बावुमा और मार्करम के बीच दूसरे विकेट के लिए 101 रनों की साझेदारी हुई, लेकिन प्रसिद्ध ने इसे तोड़ा।
भारत के खिलाफ लक्ष्य का पीछा करते हुए दक्षिण अफ्रीका का स्कोर 100 रन के पार पहुंच गया है। बावुमा और मार्करम के बीच अच्छी साझेदारी चल रही है, जबकि भारत को विकेट की तलाश है।
दक्षिण अफ्रीका के सलामी बल्लेबाज एडेन मार्करम ने भारत के खिलाफ अर्धशतक जड़ दिया है। मार्करम और बावुमा के बीच दूसरे विकेट के लिए शानदार साझेदारी जारी है जिससे दक्षिण अफ्रीका का स्कोर 100 रन के करीब पहुंच गया है।
बावुमा और मार्करम के बीच साझेदारी पनप रही है जिससे दक्षिण अफ्रीका का स्कोर 70 रन के पार पहुंच गया है। पहला झटका लगने के बाद बावुमा और मार्करम ने दक्षिण अफ्रीका को संभाला। दोनों बल्लेबाजों के बीच अब तक 50+ रनों की साझेदारी हो गई है। भारत को अब विकेट की तलाश है।
भारत के खिलाफ लक्ष्य का पीछा करते हुए दक्षिण अफ्रीका के 50 रन पूरे हो गए हैं। भारत को क्विंटन डिकॉक के रूप में अब तक एक सफलता मिली है। फिलहाल क्रीज पर मार्करम और कप्तान बावुमा मौजूद हैं।
दक्षिण अफ्रीका को क्विंटन डिकॉक के रूप में पहला झटका लगा है। डिकॉक 11 गेंदों पर आठ रन बनाकर आउट हुए। अर्शदीप ने डिकॉक को आउट कर भारत को सफलता दिलाई।
भारत के खिलाफ दूसरे वनडे मैच में लक्ष्य का पीछा करते हुए दक्षिण अफ्रीका की पारी शुरू हो गई है। भारत ने दक्षिण अफ्रीका के सामने 359 रनों का लक्ष्य रखा है। दक्षिण अफ्रीका के लिए एडेन मार्करम और क्विंटन डिकॉक पारी की शुरुआत करने उतरे हैं।
दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ नौ दिसंबर से होने वाली पांच मैचों की टी20 सीरीज के लिए भारतीय टीम घोषित हो गई है। इस 15 सदस्यीय टीम में शर्तों के साथ शुभमन गिल को भी जगह दी गई है जो टेस्ट सीरीज के दौरान चोटिल हो गए थे। हालांकि, बीसीसीआई ने बताया है कि गिल की उपलब्धता सीओई की फिटनेस रिपोर्ट पर निर्भर करेगी। यानी गिल तभी खेलेंगे जब उन्हें पूरी तरह फिट होने की मंजूरी मिलेगी। वहीं, हार्दिक पांड्या की भी टीम में वापसी हुई है जो एशिया कप फाइनल से पहले चोटिल हो गए थे।
अगले साल होने वाले टी20 विश्व कप के लिए भारतीय टीम की जर्सी लॉन्च हो गई है। भारत और दक्षिण अफ्रीका के बीच दूसरे वनडे मैच के दौरान जर्सी लॉन्च की गई है। टी20 विश्व कप 2026 की शुरुआत सात फरवरी से हो रही है। इसकी मेजबानी भारत और श्रीलंका करेंगे।
भारत ने विराट कोहली और ऋतुराज गायकवाड़ के शतक के बाद कप्तान केएल राहुल की अर्धशतकीय पारी की बदौलत दक्षिण अफ्रीका के सामने 359 रनों का लक्ष्य रखा है। दक्षिण अफ्रीका ने इस मैच में टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला लिया। भारत ने गायकवाड़ के 105, कोहली के 102 और राहुल के नाबाद 66 रनों के दम पर 50 ओवर में पांच विकेट पर 358 रन बनाए। कोहली ने मौजूदा सीरीज में लगातार दूसरा शतक लगाया।
भारत के लिए रोहित शर्मा और यशस्वी जायसवाल सस्ते में आउट हुए, लेकिन कोहली और ऋतुराज ने तीसरे विकेट के लिए 195 रनों की साझेदारी कर भारत की वापसी कराई। ऋतुराज ने अपने वनडे करियर का पहला शतक लगाया और इसके बाद कोहली ने भी अपने वनडे करियर का 53वां शतक जड़ा। दोनों ही बल्लेबाज शतक लगाने के बाद ज्यादा देर क्रीज पर नहीं टिक सके। इसके बाद केएल राहुल और जडेजा ने अंतिम ओवरों में दमदार बल्लेबाजी की जिससे भारत का स्कोर 350 के पार पहुंचा। जडेजा 24 रन बनाकर नाबाद रहे। दक्षिण अफ्रीका के लिए मार्को यानसेन ने दो विकेट लिए, जबकि नांद्र बर्गर और लुंगी एनगिडी को एक-एक विकेट मिला।
भारतीय कप्तान केएल राहुल ने दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ दूसरे वनडे मैच में अर्धशतक लगा दिया है। राहुल ने लगातार दूसरे मैच में पचासा लगाया। भारत का स्कोर भी 330 रनों के पार पहुंच गया है।
दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ दूसरे वनडे मुकाबले में भारत का स्कोर 300 रन के पार पहुंच गया है। फिलहाल क्रीज पर केएल राहुल के साथ रवींद्र जडेजा मौजूद हैं।
भारत को 289 के स्कोर पर पांचवां झटका लगा। केएल राहुल और जडेजा क्रीज पर हैं। 41 ओवर के बाद भारत का स्कोर 289 रन है। वॉशिंगटन सुंदर एक रन बनाकर रन आउट हुए।
विराट कोहली 102 रन बनाकर आउट हुए। 40वें ओवर में 284 के स्कोर पर भारत को चौथा झटका लगा। कोहली ने 93 गेंद में सात चौके और दो छक्कों की मदद से 102 रन की पारी खेली। उन्होंने ऋतुराज के साथ तीसरे विकेट के लिए 195 रन की साझेदारी निभाई। ऋतुराज 105 रन बनाकर आउट हुए। फिलहाल केएल राहुल और वॉशिंगटन सुंदर क्रीज पर हैं।
कोहली ने 90 गेंद पर वनडे करियर का 53वां और अंतरराष्ट्रीय करियर का 84वां शतक जड़ा। यह उनका लगातार दूसरा शतक है। इससे पहले पिछले मैच में उन्होंने 135 रन की पारी खेली थी। वहीं, यह उनका लगातार तीसरा 50+ का स्कोर है। इन दो वनडे से पहले सिडनी में कोहली ने अर्धशतक लगाया था। भारत ने 38 ओवर के बाद तीन विकेट पर 275 रन बना लिए हैं। कोहली के साथ राहुल 14 रन बनाकर क्रीज पर हैं। ऋतुराज 105 रन बनाकर आउट हुए।
भारत को 36वें ओवर में 257 के स्कोर पर तीसरा झटका लगा। यानसेन ने ऋतुराज गायकवाड़ को जॉर्जी के हाथों कैच कराया। वह 83 गेंद पर 12 चौके और दो छक्कों की मदद से 105 रन बनाकर आउट हुए। ऋतुराज ने कोहली के साथ तीसरे विकेट के लिए 156 गेंद में 195 रन की साझेदारी निभाई। फिलहाल राहुल मैदान पर आए हैं। कोहली 96 रन बनाकर क्रीज पर हैं।
ऋतुराज गायकवाड़ ने वनडे करियर का पहला शतक जड़ा। उन्होंने 77 गेंद पर शतक पूरा किया। कुल मिलाकर यह ऋतुराज का दूसरा अंतरराष्ट्रीय शतक रहा। इससे पहले वह वनडे टी20 अंतरराष्ट्रीय में शतक लगा चुके हैं। फिलहाल ऋतुराज 101 रन और कोहली 92 रन बनाकर क्रीज पर हैं। 34 ओवर के बाद भारत ने दो विकेट पर 249 रन बना लिए हैं। दोनों के बीच 180+ रन की साझेदारी हो चुकी है।
भारत ने 30 ओवर के बाद दो विकेट पर 207 रन बना लिए हैं। फिलहाल ऋतुराज 87 रन और कोहली 64 रन बनाकर क्रीज पर हैं। दोनों के बीच अब तक 145 रन की साझेदारी हो चुकी है। यह ऋतुराज का वनडे में सर्वश्रेष्ठ निजी स्कोर है।
ऋतुराज के बाद विराट कोहली ने अर्धशतक पूरा किया। उन्होंने 47 गेंद में अर्धशतक जड़ा। यह उनके वनडे करियर का 76वां अर्धशतक रहा। कोहली फिलहाल शानदार फॉर्म में हैं और यह उनका लगातार तीसरा 50+ का स्कोर है। 25 ओवर के बाद भारत का स्कोर दो विकेट पर 158 रन है। फिलहाल कोहली और ऋतुराज दोनों 51-51 रन बनाकर क्रीज पर हैं। दोनों के बीच अब तक 96 रन की साझेदारी हो चुकी है।
ऋतुराज गायकवाड़ ने वनडे करियर का दूसरा अर्धशतक लगाया। उन्होंने 52 गेंद में अर्धशतक पूरा किया। फिलहाल वह 50 रन और विराट कोहली 49 रन बनाकर क्रीज पर हैं। कोहली अपने 76वें वनडे अर्धशतक से एक रन दूर हैं। दोनों के बीच अब तक 92 रन की साझेदारी हो चुकी है। भारत 24 ओवर के बाद दो विकेट पर 154 रन बना लिए हैं। रोहित 14 रन और यशस्वी 22 रन बनाकर आउट हुए।
दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ पहले वनडे मैच में भारत का स्कोर 100 रन के पार पहुंच गया है। कोहली और ऋतुराज गायकवाड़ के बीच तीसरे विकेट के लिए साझेदारी पनप रही है।
भारत के लिए आज ओपनिंग करने उतरे यशस्वी जयसवाल कुछ खास सफल नहीं रहे। 38 गेंद खेलकर उन्होंने 22 रन बनाए और मार्को यानसेन की गेंद पर कॉर्बिन बॉश को कैच थमा बैठे। इसके साथ ही भारत ने 62 रन के स्कोर पर दूसरा विकेट गंवा दिया।
भारत ने दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ 50 रनों का आंकड़ा छू लिया है। फिलहाल क्रीज पर यशस्वी जायसवाल के साथ विराट कोहली मौजूद हैं। भारत को पहला झटका रोहित शर्मा के रूप में लगा जो 14 रन बनाकर आउट हुए।
भारतीय टीम को रोहित शर्मा के रूप में पहला झटका लगा है। रोहित और यशस्वी ने टीम को अच्छी शुरुआत दिलाई थी, लेकिन रोहित नांद्रे बर्गर की गेंद पर विकेट के पीछे डिकॉक को कैच थमा बैठे। बर्गर ने अपील की, लेकिन मैदानी अंपायर ने नॉटआउट दिया। दक्षिण अफ्रीका ने रिव्यू लिया और रिप्ले में दिखा कि गेंद रोहित के बल्ले का किनारा लेकर डिकॉक के हाथों में गई। इस तरह रोहित की पारी का अंत हुआ। रोहित आठ गेंदों पर तीन चौकों की मदद से 14 रन बनाकर आउट हुए।
दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ दूसरे वनडे मुकाबले में भारत की बल्लेबाजी शुरू हो गई है। दक्षिण अफ्रीका ने इस मैच में टॉस जतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला लिया है। भारत की ओर से यशस्वी जायसवाल के साथ रोहित शर्मा पारी की शुरुआत करने उतरे हैं।
भारत: रोहित शर्मा, यशस्वी जायसवाल, विराट कोहली, ऋतुराज गायकवाड़, केएल राहुल (कप्तान और विकेटकीपर), वॉशिंगटन सुंदर, रवींद्र जडेजा, कुलदीप यादव, हर्षित राणा, अर्शदीप सिंह, प्रसिद्ध कृष्णा।
दक्षिण अफ्रीका: क्विंटन डिकॉक (विकेटकीपर), एडेन मार्करम, तेम्बा बावुमा (कप्तान), डेवाल्ड ब्रेविस, मैथ्यू ब्रिट्जके, टोनी डी जॉर्जी, मार्को यानसेन, कॉर्बिन बॉश, केशव महाराज, नांद्रे बर्गर, लुंगी एनगिडी।
दक्षिण अफ्रीका के कप्तान तेम्बा बावुमा ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला किया है। भारत ने वनडे में लगातार 20वां टॉस गंवाया। बावुमा ने कहा कि उनकी प्लेइंग-11 में तीन बदलाव हैं। बावुमा की वापसी हुई है। वहीं, उनके अलावा लुंगी एनगिडी और केशव महाराज को मौका मिला है। वहीं, भारतीय कप्तान केएल राहुल ने कहा कि उनकी प्लेइंग-11 में कोई बदलाव नहीं है। दक्षिण अफ्रीका ने रेयान रिकेल्टन, प्रेनालन सुब्रायन और बार्टमैन को बाहर किया है।
भारत और दक्षिण अफ्रीका के बीच बुधवार को रायपुर में दूसरा वनडे मैच खेला जाएगा। भारतीय टीम की कोशिश इस मैच को जीतकर तीन मैचों की सीरीज में अजेय बढ़त हासिल करने पर टिकी होंगी। इस मैच में यह देखना भी दिलचस्प रहेगा कि भारत प्लेइंग-11 में कोई बदलाव करता है या नहीं। पहले मैच में विराट कोहली, रोहित शर्मा और कप्तान केएल राहुल का बल्ला चला था, लेकिन यशस्वी जायसवाल, ऋतुराज गायकवाड़ और वाशिंगटन सुंदर प्रभाव नहीं छोड़ पाए थे।
भारतीय टीम पहले मैच में तीन स्पिनर और इतने ही तेज गेंदबाजों के साथ उतरी थी। ऋषभ पंत की जगह ऋतुराज गायकवाड़ को मौका मिला था, जबकि ऑलराउंडर के तौर पर नीतीश कुमार रेड्डी के स्थान पर वाशिंगटन सुंदर खेले थे। इस बात की संभावन कम है कि भारत इस मैच में कोई बड़े बदलाव करे। अगर टीम प्रबंधन बेंच स्ट्रेंथ परखना चाहेगा तो ऋतुराज की जगह पंत को मौका मिल सकता है। पंत और केएल राहुल दोनों ही इस सीरीज का हिस्सा हैं। केएल नियमित कप्तान शुभमन गिल की अनुपस्थिति में टीम की कमान संभाल रहे हैं तो यह तय है कि वह मैच में होंगे, लेकिन सबसे ज्यादा चर्चा इस बात की है कि पंत और राहुल के साथ एकादश में कैसे फिट हो सकते हैं?
ऋतुराज गायकवाड़ को टीम प्रबंधन समय देना चाहेगा क्योंकि एक मैच में विफलता से उनका प्लेइंग-11 से हटना आदर्श स्थिति नहीं होगी। पहला मैच जीतने के बावजूद भारत की चिंता कम नहीं हुई है। लिस्ट ए क्रिकेट में प्रभावी प्रदर्शन करने वाले गायकवाड़ को चौथे नंबर पर भेजा गया, लेकिन वह इसके लिए तैयार नहीं दिखे। केएल राहुल छठे नंबर पर उतरे। वाशिंगटन सुंदर को बल्लेबाजी क्रम में प्रयोगों की आदत हो चुकी है। दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ कोलकाता टेस्ट में तीसरे नंबर पर उतरने के बाद उन्हें पहले वनडे में पांचवें नंबर पर भेजा गया, लेकिन वह बड़ी पारी नहीं खेल सके। गेंदबाजी में उन्होंने तीन ही ओवर डाले और 18 रन दिए। हालांकि, नीतीश रेड्डी को वाशिंगटन की जगह मौका मिलेगा इसकी संभावना कम नजर आती है।
वनडे सीरीज में रोहित और कोहली को लेकर सबसे ज्यादा चर्चा है। ये दोनों बल्लेबाज अब भारत के लिए सिर्फ एक प्रारूप में खेलते हैं और फैंस इन्हें मैदान पर उतरते देखने का आनंद लेते हैं। इन दोनों स्टार बल्लेबाजों की जोड़ी ने पहले मैच में शतकीय साझेदारी कर दर्शकों का खूब मनोरंजन किया और अब इनसे एक बार फिर ऐसी ही पारी खेलते देखने की उम्मीद रहेगी। कोहली के 52वें वनडे शतक और रोहित की 57 रन की आक्रामक पारी के दम पर भारत ने रांची में पहले मैच में दक्षिण अफ्रीका को 17 रन से हराया था। वनडे विश्व कप 2027 में अभी दो साल है और ऐसे में कोहली और रोहित के लिए हर मैच अपनी फिटनेस और फॉर्म को साबित करने का जरिया है। पिछले दो वनडे में भारत की जीत के सूत्रधार रहे रोहित और कोहली ने दक्षिण अफ्रीका में होने वाले विश्व कप के लिए अपना दावा पुख्ता कर दिया है।
दक्षिण अफ्रीका ने पहला वनडे कप्तान तेम्बा बावुमा और स्पिनर केशव महाराज के बिना खेला जिन्हें आराम दिया गया था। अब दोनों की वापसी से टीम को मजबूती मिलेगी। दक्षिण अफ्रीका टीम में दो बदलाव हो सकते हैं। बावुमा की वापसी से टोनी डि जॉर्जी और ब्रिट्जके में से किसी एक को बाहर बैठना पड़ सकता है।
Live Cricket Score Today, India vs South Africa 2nd ODI 2025: नमस्कार! अमर उजाला के लाइव ब्लॉग में आपका स्वागत है। भारत और दक्षिण अफ्रीका के बीच आज रायपुर में दूसरा वनडे मुकाबला खेला जाएगा। भारतीय टीम तीन मैचों की सीरीज में 1-0 से आगे चल रही है और उसकी नजरें इस मैच को जीतकर अजेय बढ़त लेने की होगी।