फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

IND vs SA Highlights: भारत ने द. अफ्रीका को पहले टी20 मैच में 61 रन से हराया, वरुण-रवि को मिले तीन-तीन विकेट

Sat, 09 Nov 2024 12:16 AM IST
Mayank Tripathi स्पोर्ट्स डेस्क, अमर उजाला, डरबन

खास बातें

Live Cricket Score Today, India vs South Africa 1st T20 2024: नमस्कार! अमर उजाला के लाइव ब्लॉग में आपका स्वागत है। भारत और दक्षिण अफ्रीका के बीच चार मैचों की टी20 सीरीज का आज से आगाज हो गया। भारत ने दक्षिण अफ्रीका को डरबन में खेले गए पहले टी20 मैच में 61 रन से हराकर चार मैचों की टी20 सीरीज में 1-0 की बढ़त बना ली है। टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी भारतीय टीम ने संजू सैमसन की 107 रनों की विस्फोटक पारी के दम पर 20 ओवर में आठ विकेट पर 202 रन बनाए। जवाब में दक्षिण अफ्रीका 17.5 ओवर में 141 रन ही बना सकी। 
विज्ञापन
भारत बनाम दक्षिण अफ्रीका - फोटो : @ProteasMenCSA
विज्ञापन

लाइव अपडेट

12:11 AM, 09-Nov-2024

IND vs SA Live Score: भारत ने दक्षिण अफ्रीका को 61 रन से हराया

भारत ने दक्षिण अफ्रीका को डरबन में खेले गए पहले टी20 मैच में 61 रन से हराकर चार मैचों की टी20 सीरीज में 1-0 की बढ़त बना ली है। टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी भारतीय टीम ने संजू सैमसन की 107 रनों की विस्फोटक पारी के दम पर 20 ओवर में आठ विकेट पर 202 रन बनाए। जवाब में दक्षिण अफ्रीका 17.5 ओवर में 141 रन ही बना सकी। अब टीम इंडिया की नजर दूसरे टी20 पर होगी जो 10 नवंबर को खेला जाएगा।

दक्षिण अफ्रीका की पारी
लक्ष्य का पीछा करने उतरी मेजबान टीम को पहला झटका पहले ही ओवर में अर्शदीप सिंह ने दिया। उन्होंने कप्तान एडेन मार्करम को अपना शिकार बनाया। वह सिर्फ आठ रन बना सके। इसके बाद आवेश खान ने चौथे ओवर में ट्रिस्टन स्टब्स को निशाना बनाया। वह भी 11 रन बनाकर पवेलियन लौट गए। इसके अलावा रयान रिकलटन भी 21 रन बनाकर आउट हो गए। 44 के स्कोर पर तीन विकेट गंवा चुकी दक्षिण अफ्रीका को एक लंबी और मजबूत साझेदारी की दरकार थी। ऐसे में हेनरिक क्लासेन और डेविड मिलर ने मोर्चा संभाला। दोनों के बीच चौथे विकेट के लिए 42 रनों की साझेदारी हुई, जिसे वरुण चक्रवर्ती ने तोड़ा। उन्होंने एक ही ओवर में दोनों को आउट किया। क्लासेन 25 और मिलर 18 रन बनाकर रवाना हो गए। इसके अलावा पैट्रिक क्रूगर ने एक, मार्को यानसेन ने 12, एंडिले सिमेलेन ने छह, गेराल्ड कोएत्जी ने 23, केशव महाराज ने पांच और पीटर ने पांच* रन बनाए। भारत के लिए वरुण और रवि बिश्नोई ने तीन-तीन विकेट चटकाए जबकि आवेश खान को दो सफलताएं मिलीं। वहीं, अर्शदीप सिंह ने एक विकेट अपने नाम करने में कामयाबी हासिल की।

11:36 PM, 08-Nov-2024

IND vs SA Live Score: क्लासेन और मिलर आउट हुए

वरुण दक्षिण अफ्रीका के क्लासेन (25) और मिलर (28) के लिए काल साबित हुए। उन्होंने दोनों को अपना शिकार बनाया। फिलहाल यानसेन और क्रूगर क्रीज पर मौजूद हैं। 

11:23 PM, 08-Nov-2024

IND vs SA Live Score: नौ ओवर के बाद स्कोर 76/3

नौ ओवर का खेल पूरा हो चुका है। क्रीज पर हेनरिक क्लासेन और डेविड मिलर मौजूद हैं। दोनों के बीच 32* रनों की साझेदारी हो चुकी है और स्कोर 76/3 है।

विज्ञापन
11:08 PM, 08-Nov-2024

IND vs SA Live Score: रयान रिकलटन 21 रन बनाकर आउट

दक्षिण अफ्रीका को तीसरा झटका रयान रिकलटन के रूप में लगा। उन्हें वरुण चक्रवर्ती ने तिलक वर्मा के हाथों कैच कराया। वह 11 गेंदों में 21 रन बनाकर आउट हो गए। पांचवें नंबर पर बल्लेबाजी के लिए डेविड मिलर उतरे हैं। उनका साथ देने के लिए हेनरिक क्लासेन क्रीज पर मौजूद हैं।

10:57 PM, 08-Nov-2024

IND vs SA Live Score: स्टब्स 11 रन रन बनाकर आउट

दक्षिण अफ्रीका को तीसरा झटका ट्रिस्टन स्टब्स के रूप में लगा। उन्हें आवेश खान ने अपना शिकार बनाया। वह 11 रन बनाकर पवेलियन लौटे। चौथे नंबर पर बल्लेबाजी के लिए हेनरिक क्लासेन उतरे हैं। उनका साथ देने के लिए रयान रिकेलटन क्रीज पर मौजूद हैं।

विज्ञापन
10:54 PM, 08-Nov-2024

IND vs SA Live Score: तीन ओवर के बाद स्कोर 28/1

रयान रिकेलटन 10 और ट्रिस्टन स्टब्स नौ रन बनाकर क्रीज पर मौजूद हैं। तीन ओवर के बाद स्कोर 28/1 है।

10:41 PM, 08-Nov-2024

IND vs SA Live Score: दक्षिण अफ्रीका को लगा पहला झटका

भारतीय टीम के तेज गेंदबाज अर्शदीप सिंह ने एडेन मार्करैम को आउट कर पहले ही ओवर में दक्षिण अफ्रीका को शुरुआती झटका दिया। मार्करैम चार गेंदों पर दो चौकों की मदद से आठ रन बनाकर आउट हुए। मार्करम अच्छी शुरुआत दिलाने की कोशिश कर रहे थे और उन्होंने दो चौके भी जड़ दिए थे, लेकिन अर्शदीप ने पहले ओवर की चौथी गेंद पर सैमसन के हाथों कैच कराकर मार्करैम को पवेलियन भेजा। 

10:19 PM, 08-Nov-2024

IND vs SA Live Score: भारत ने दक्षिण अफ्रीका के सामने रखा 203 रन का लक्ष्य

भारत ने दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ 20 ओवर में आठ विकेट पर 202 रन बनाए। टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी भारतीय टीम की शुरुआत शानदार हुई। संजू सैमसन और अभिषेक शर्मा के बीच पहले विकेट के लिए 24 रनों की साझेदारी हुई। कोएत्जी ने इस पार्टनरशिप को तोड़ा। उन्होंने अभिषेक को अपना शिकार बनाया। वह सिर्फ सात रन बना सके। इसके बाद मोर्चा सूर्यकुमार यादव ने संभाला। उन्होंने दूसरे विकेट के लिए संजू के साथ 66 रनों की साझेदारी की। कप्तान 17 गेंदों में 21 रन बनाकर पवेलियन लौटे। इसके बाद तिलक वर्मा ने सलामी बल्लेबाज का साथ दिया। दोनों के बीच 77 रनों की पार्टनरशिप हुई। तिलक 33 रन बनाकर आउट हुए। 47 गेंदों में विकेटकीपर बल्लेबाज सैमसन ने शतक जड़ा। यह उनके टी20 अंतरराष्ट्रीय करियर का दूसरा शतक है। उन्होंने लगातार दूसरे मैच में शतक लगाया। वह 50 गेंदों में 214 के स्ट्राइक रेट से 107 रन बनाकर आउट हुए। इसके अलावा भारत के लिए हार्दिक पांड्या ने दो, रिंकू सिंह ने 11, अक्षर पटेल ने सात, रवि बिश्नोई एक और अर्शदीप सिंह ने पांच* रन बनाए। दक्षिण अफ्रीका के लिए गेराल्ड कोएत्जी ने तीन विकेट चटकाए। इसके अलावा मार्को यानसेन , केशव महाराज, पीटर और क्रूगर ने एक-एक विकेट लिए।

10:11 PM, 08-Nov-2024

IND vs SA Live Score: अक्षर पटेल सात रन बनाकर आउट

भारत को सातवां झटका अक्षर पटेल के रूप में लगा। उन्हें मार्को यानसेन ने अपना शिकार बनाया। वह सिर्फ सात रन बना सके। नौवें नंबर पर बल्लेबाजी के लिए रवि बिश्नोई उतरे हैं। उनका साथ देने के लिए अर्शदीप सिंह क्रीज पर मौजूद हैं। 

10:09 PM, 08-Nov-2024

IND vs SA Live Score: रिंकू सिंह 11 रन बनाकर आउट

भारत को छठा झटका रिंकू सिंह के रूप में लगा। उन्हें कोएत्जी ने क्सालेन के हाथों कैच कराया। वह सिर्फ 11 रन बना सके। 

09:59 PM, 08-Nov-2024

IND vs SA Live Score: भारत को लगा पांचवां झटका

भारत को पांचवां झटका हार्दिक पांड्या के रूप में लगा। उन्हें कोएत्जी ने यानसेन के हाथों कैच कराया। वह सिर्फ दो रन बना पाए। सातवें नंबर पर बल्लेबाजी के लिए अक्षर पटेल उतरे हैं। उनका साथ देने के लिए रिंकू सिंह क्रीज पर मौजूद हैं। 17 ओवर के बाद टीम का स्कोर 182/5 है।

09:54 PM, 08-Nov-2024

IND vs SA Live Score: संजू सैमसन आउट हुए

भारत को चौथा झटका संजू सैमसन के रूप में लगा। उन्हें पीटर ने ट्रिस्टन स्टब्स के हाथों कैच कराया। वह 50 गेंदों में 107 रनों की विस्फोटक पारी खेलकर पवेलियन लौटे। इस दौरान उन्होंने 214 के स्ट्राइक रेट से सात चौके और 10 छक्के लगाए। छठे नंबर पर बल्लेबाजी के लिए रिंकू सिंह उतरे हैं। उनका साथ देने के लिए हार्दिक पांड्या क्रीज पर मौजूद हैं। 

09:47 PM, 08-Nov-2024

IND vs SA Live Score: तिलक वर्मा आउट हुए

भारत को तीसरा झटका तिलक वर्मा के रूप में लगा। उन्हें केशव महाराज ने अपना शिकार बनाया। वह तीन चौके और दो छक्कों की मदद से 33 रन बनाकर आउट हुए। पांचवें नंबर पर बल्लेबाजी के लिए हार्दिक पांड्या उतरे हैं।

09:44 PM, 08-Nov-2024

IND vs SA Live Score: 47 गेंदों में संजू सैमसन ने मारा शतक

भारतीय टीम के सलामी बल्लेबाज संजू सैमसन शानदार फॉर्म में नजर आ रहे हैं। उन्होंने महज 47 गेंदों में शतक जड़ा। यह स्टार खिलाड़ी के करियर का दूसरा शतक है। इससे पहले उन्होंने बांग्लादेश के खिलाफ शतक लगाया था। 

09:37 PM, 08-Nov-2024

IND vs SA Live Score: 13 ओवर के बाद भारत का स्कोर 142/2

13 ओवर का खेल पूरा हो चुका है और भारत का स्कोर 142/2 हो गया है। संजू सैमसन कहर बरपा रहे हैं और शतक से महज आठ रन दूर हैं। वह 92 रन बनाकर क्रीज पर मौजूद हैं। उनका साथ तिलक वर्मा दे रहे हैं। 

09:18 PM, 08-Nov-2024

IND vs SA Live Score: भारत को लगा दूसरा झटका

भारत को दूसरा झटका सूर्यकुमार यादव के रूप में लगा। उन्हें क्रूगर ने अपना शिकार बनाया। वह 17 गेंदों में 21 रन बनाकर पवेलियन लौटे। चौथे नंबर पर बल्लेबाजी के लिए तिलक वर्मा उतरे हैं। उनका साथ देने के लिए संजू सैमसन क्रीज पर मौजूद हैं।

09:06 PM, 08-Nov-2024

IND vs SA Live Score: 27 गेंदों में संजू सैमसन ने जड़ा पचासा

संजू सैमसन ने महज 27 गेंदों में अपने करियर का तीसरा अर्धशतक बना डाला। वह जबरदस्त फॉर्म में दिख रहे हैं। उनका साथ सूर्या भी दे रहे हैं। वह 17 रन बनाकर क्रीज पर डटे हैं। आठ ओवर के बाद भारत का स्कोर 75/1 है।

08:57 PM, 08-Nov-2024

IND vs SA Live Score: पावरप्ले समाप्त, स्कोर 56/1

पावरप्ले समाप्त हो चुका है। भारत का स्कोर 50 रन के पार पहुंच चुका है। संजू सैमसन 35 और सूर्या 14 रन बनाकर क्रीज पर मौजूद हैं। छह ओवर के बाद टीम का स्कोर 56/1 है।

08:45 PM, 08-Nov-2024

IND vs SA Live Score: 24 पर भारत ने खोया पहला विकेट

भारत को पहला झटका चौथे ओवर की पहली गेंद पर लगा। गेराल्ड कोएत्जी ने अभिषेक शर्मा को एडेन मार्करम के हाथों कैच कराया। वह सात रन बनाकर पवेलियन लौटे। तीसरे नंबर पर बल्लेबाजी के लिए कप्तान सूर्यकुमार यादव उतरे हैं। उनका साथ देने के लिए संजू सैमसन मौजूद हैं। 

08:43 PM, 08-Nov-2024

IND vs SA Live Score: तीन ओवर के बाद भारत का स्कोर 24/0

संजू सैमसन और अभिषेक शर्मा शानदार फॉर्म में नजर आ रहे हैं। दोनों पारी की शुरुआत से आक्रामक दिख रहे हैं। तीन ओवर के बाद टीम का स्कोर 24/0 है।

08:30 PM, 08-Nov-2024

IND vs SA Live Score: भारत की पारी शुरू

भारत की पारी शुरू हो चुकी है। सलामी बल्लेबाजी के लिए अभिषेक शर्मा और संजू सैमसन क्रीज पर उतरे हैं। दोनों अच्छी फॉर्म में नजर आ रहे हैं। मार्को यानसेन पारी का पहला ओवर फेंक रहे हैं।

08:05 PM, 08-Nov-2024

IND vs SA Live Score: दोनों टीमों की प्लेइंग-11

भारत: संजू सैमसन (विकेटकीपर), अभिषेक शर्मा, सूर्यकुमार यादव (कप्तान), तिलक वर्मा, हार्दिक पंड्या, रिंकू सिंह, अक्षर पटेल, अर्शदीप सिंह, रवि बिश्नोई, आवेश खान, वरुण चक्रवर्ती।

दक्षिण अफ्रीका: रयान रिकेल्टन (विकेटकीपर), एडेन मार्करम (कप्तान), ट्रिस्टन स्टब्स, हेनरिक क्लासेन, डेविड मिलर, पार्ट्रिक क्रुगर, मार्को यानसेन, एंडिले सिमेलाने, गेराल्ड कोएत्जी, केशव महाराज, नकाबायोमजी पीटर।

08:02 PM, 08-Nov-2024

IND vs SA Live Score: दक्षिण अफ्रीका ने जीता टॉस, चुनी गेंदबाजी

दक्षिण अफ्रीका ने भारत के खिलाफ टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला लिया है। भारतीय टीम के कप्तान सूर्यकुमार यादव ने कहा कि वह अगर टॉस जीतते तो पहले बल्लेबाजी ही चुनते। पहले टी20 मैच में भारतीय टीम की प्लेइंग 11 में कुल छह गेंदबाज मौजूद हैं। 

07:49 PM, 08-Nov-2024

IND vs SA Live Score: रोहित-कोहली के बाद इन सीनियर्स के कंधों पर होगी बड़ी जिम्मेदारी

टीम के सीनियर खिलाड़ी जैसे कप्तान सूर्यकुमार यादव, ऑलराउंडर हार्दिक पंड्या और अक्षर पटेल भी दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ सीरीज को यादगार बनाने की कोशिश करेंगे। जहां तक दक्षिण अफ्रीका का सवाल है तो उसकी टीम जून में टी20 विश्व कप के फाइनल में भारत के हाथों मिली हार का बदला चुकता करने के लिए बेताब होगी। 

07:48 PM, 08-Nov-2024

IND vs SA Live Score: ये युवा बिखेरना चाहेंगे चमक

विकेटकीपर बल्लेबाज जितेश शर्मा और स्पिनर वरुण चक्रवर्ती के लिए भी यह अच्छा मौका होगा। चक्रवर्ती ने बांग्लादेश के खिलाफ पांच विकेट लेकर प्रभावित किया था। चयनकर्ता इस बात पर भी बारीकी से नजर रखेंगे कि तेज गेंदबाज अर्शदीप सिंह, अवेश खान, विशाक विजयकुमार और यश दयाल दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ कैसा प्रदर्शन करते हैं। अर्शदीप और आवेश को अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में खेलने का अनुभव है जबकि विशाक और दयाल ने घरेलू क्रिकेट और आईपीएल में अच्छे प्रदर्शन के दम पर भारतीय टीम में जगह बनाई है। एक और खिलाड़ी रमनदीप सिंह है जिन्होंने आईपीएल में अच्छा प्रदर्शन किया था और यही वजह है कि कोलकाता नाइट राइडर्स ने उनको रिटेन किया। रमनदीप में एक संपूर्ण क्रिकेटर नजर आता है। वह निचले क्रम में आक्रामक बल्लेबाज, मध्यम गति के तेज गेंदबाज और बेहतरीन क्षेत्र रक्षक हैं। 

07:11 PM, 08-Nov-2024

IND vs SA Live Score: तिलक करना चाहेंगे दमदार वापसी

इसी तरह की स्थिति तिलक वर्मा की है। बाएं हाथ के इस बल्लेबाज ने अगस्त 2023 में वेस्टइंडीज के खिलाफ टी20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में डेब्यू करते हुए अपने प्रदर्शन से प्रभाव छोड़ा था लेकिन इसके बाद वह अपेक्षित प्रदर्शन नहीं कर पाए। उन्होंने अब तक जो 12 टी20 अंतरराष्ट्रीय मैच खेले हैं उनमें उनके नाम पर केवल एक अर्धशतक दर्ज है। उन्होंने अपना आखिरी मैच इस साल जनवरी में अफगानिस्तान के खिलाफ खेला था। हैदराबाद का यह खिलाड़ी भी अच्छा प्रदर्शन करने के लिए बेताब होगा। वह अपनी ऑफ स्पिन का भी बेहतर इस्तेमाल करना चाहेंगे।

07:11 PM, 08-Nov-2024

IND vs SA Live Score: अपने प्रदर्शन में सुधार करना चाहेंगे अभिषेक

अभिषेक शर्मा के लिए भी यह सीरीज बेहद महत्वपूर्ण है क्योंकि जिम्बाब्वे के खिलाफ जुलाई में हरारे में आकर्षक शतक बनाने के बाद वह रन बनाने के लिए जूझते रहे हैं। उन्हें अपनी जगह पक्की करने के लिए अपने प्रदर्शन में निरंतरता लानी होगी। वह बाएं हाथ के स्पिन गेंदबाज के रूप में भी बेहतर प्रदर्शन करना चाहेंगे। 

07:10 PM, 08-Nov-2024

IND vs SA Live Score: सैमसन के पास टीम में जगह बनाने का सुनहरा मौका

विकेटकीपर बल्लेबाज सैमसन को हाल ही में बांग्लादेश के खिलाफ घरेलू टी20 सीरीज में पारी का आगाज करने का मौका मिला था और उन्होंने 47 गेंद पर 111 रन की पारी खेल कर टीम प्रबंधन के फैसले को सही साबित किया था। रोहित शर्मा टी20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से संन्यास ले चुके हैं और ऐसे में सैमसन दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ कुछ अच्छी पारियां खेल कर इस प्रारूप में भारतीय शीर्ष क्रम में अपनी जगह पक्की करने की कोशिश करेंगे। 

07:01 PM, 08-Nov-2024

IND vs SA Highlights: भारत ने द. अफ्रीका को पहले टी20 मैच में 61 रन से हराया, वरुण-रवि को मिले तीन-तीन विकेट

Live Cricket Score Today, India vs South Africa 1st T20 2024: नमस्कार! अमर उजाला के लाइव ब्लॉग में आपका स्वागत है। भारत और दक्षिण अफ्रीका के बीच चार मैचों की टी20 सीरीज का आज से आगाज होने जा रहा है। पहला मुकाबला डरबन में खेला जाएगा। इस मैच में दोनों टीमों के बीच कड़ी टक्कर देखने को मिलेगी। भारतीय टीम सूर्यकुमार यादव के नेतृत्व में मेहमानों को पहले मैच में हराकर सीरीज में 1-0 की बढ़त बनाने का लक्ष्य लेकर उतरेगी।

और पढ़ें...
विज्ञापन
MORE
AU ऐप में पढ़ें