भारत ने दक्षिण अफ्रीका को पहले वनडे में 17 रन से हराकर तीन मुकाबलों की सीरीज में 1-0 से बढ़त हासिल कर ली। रविवार को रांची के जेएससीए अंतरराष्ट्रीय स्टेडियम कॉम्प्लेक्स में खेले गए मुकाबले में भारत ने पहले बल्लेबाजी करते हुए विराट कोहली के शतक और रोहित शर्मा तथा केएल राहुल के अर्धशतकों की मदद से 50 ओवर में आठ विकेट खोकर 349 रन बनाए थे। जवाब में दक्षिण अफ्रीका की टीम 49.2 ओवर में 332 रन ही बना सकी और ऑलआउट हो गई। मेहमानों की तरफ से मैथ्यू ब्रीत्जके (72), मार्को यानसेन (70) और कॉर्बिन बॉश (67) ने अर्धशतकीय पारियां खेलीं। भारत के लिए कुलदीप यादव ने चार विकेट लिए जबकि हर्षित राणा ने तीन सफलताएं हासिल कीं। इसके अलावा अर्शदीप को दो और प्रसिद्ध कृष्णा को एक विकेट मिला।
दक्षिण अफ्रीका को नौवां झटका अर्शदीप सिंह ने दिया। उन्होंने नांद्रे बर्गर को केएल राहुल के हाथों कैच कराया। वह 17 रन बनाकर आउट हुए। अब कॉर्बिन बॉश का साथ देने ओटिनेल बार्टमैन आए हैं।
दक्षिण अफ्रीका का स्कोर 300 के पार पहुंच गया है। कॉर्बिन बॉश और नांद्रे बर्गर के बीच 33 गेंदों में 37 रनों की साझेदारी हो चुकी है। दक्षिण अफ्रीका को 30 गेंदों में 43 रनों की जरूरत है।
कुलदीप यादव ने भारत को मैच में वापसी दिलाई है। उन्होंने 32वें ओवर में मार्को यानसेन (70) और मैथ्यू ब्रीत्जके (72) को अपना शिकार बनाया। दोनों के बीच 97 रन की साझेदारी हुई। अब क्रीज पर कॉर्बिन बॉश और प्रेणेलन सुब्रायन मौजूद हैं। 34 ओवर के बाद टीम का स्कोर 230/7 है।
मार्को यानसेन ने 26 गेंदों में अपना अर्धशतक पूरा किया है। वह ब्रीत्जके के साथ 69 रनों की साझेदारी निभा चुके हैं।
ब्रीत्जके और यानसेन के बीच 60 से ज्यादा रनों की साझेदारी हो चुकी है। दोनों शानदार फॉर्म में नजर आ रहे हैं। दक्षिण अफ्रीका का स्कोर 200 के करीब पहुंच गया है। भारत को छठे विकेट की तलाश है।
मैथ्यू ब्रीत्जके ने 55 गेंदों में अपना अर्धशतक पूरा किया है। दक्षिण अफ्रीका का स्कोर 150 के करीब पहुंच गया है। क्रीज पर मार्को यानसेन मौजूद हैं।
भारत को पांचवां झटका हर्षित राणा ने दिया। उन्होंने डेवाल्ड ब्रेविस को गायकवाड़ के हाथों कैच कराया। वह 37 रन बनाकर पवेलियन लौटे। अब ब्रीत्जके का साथ देने मार्को यानसेन आए हैं।
कुलदीप याजव ने 15वें ओवर की आखिरी गेंद पर टोनी डी जॉर्जी और मैथ्यू ब्रीत्जके के बीच चौथे विकेट के लिए हुई 66 रनों की साझेदारी तोड़ी। उन्होंने जॉर्जी को एलबीडब्ल्यू आउट किया। वह 35 गेंदों में 39 रन बनाकर पवेलियन लौटे। अब ब्रीत्जके का साथ देने डेवाल्ड ब्रेविस आए हैं।
पावरप्ले समाप्त हो चुका है और दक्षिण अफ्रीका के 50 रन भी पूरे हो गए। मैथ्यू ब्रीत्जके और टोनी डी जॉर्जी के बीच 40 से ज्यादा रनों की साझेदारी हो चुकी है। भारत की नजर अब चौथे विकेट पर है।
दक्षिण अफ्रीका को तीसरा झटका अर्शदीप सिंह ने दिया। उन्होंने कप्तान एडेन मार्करम को पवेलियन की राह दिखाई। अब ब्रीत्जके का साथ देने टोनी डी जॉर्जी आए हैं।
पारी के दूसरे ओवर की तीसरी गेंद पर हर्षित राणा ने क्विंटन डिकॉक को भी चलता किया। वह भी खाता नहीं खोल पाए। अब मार्करम का साथ देने मैथ्यू ब्रीत्जके आए हैं।
दक्षिण अफ्रीका को पहला झटका रेयान रिकेल्टन के रूप में लगा। पारी के दूसरे ओवर में हर्षित राणा ने उन्हें बोल्ड किया। वह खाता भी नहीं खोल पाए। अब मार्करम का साथ देने क्विंटन डिकॉक आए हैं।
दक्षिण अफ्रीका की पारी शुरू हो चुकी है। रेयान रिकेल्टन और एडेन मार्करम क्रीज पर मौजूद हैं। भारत ने 349 रन बनाकर मेहमानों के सामने 350 रनों का लक्ष्य रखा है।
विराट कोहली के शतक और रोहित शर्मा तथा केएल राहुल के अर्धशतकों की मदद से भारतीय टीम ने पहले वनडे में दक्षिण अफ्रीका के सामने 350 रनों का लक्ष्य रखा है। रांची में खेले जा रहे इस मुकाबले में टीम इंडिया ने 50 ओवर में आठ विकेट पर 349 रन बनाए। अब जिम्मेदारी गेंदबाजों पर है।
भारत को छठा झटका केएल राहुल के रूप में लगा। उन्हें यानसेन ने डिकॉक के हाथों कैच कराया। वह 56 गेंदों में 60 रन बनाकर आउट हुए। अब जडेजा का साथ देने हर्षित राणा आए हैं।
केएल राहुल ने 50 गेंदों में अपने वनडे करियर का 19वां अर्धशतक पूरा कर लिया। वह शानदार फॉर्म में नजर आ रहे हैं। भारत ने पांच विकेट पर 320 से ज्यादा रन बना लिए हैं।
भारत को पांचवां झटका विराट कोहली के रूप में लगा। उन्हें नांद्रे बर्गर ने रेयान रिकेल्टन के हाथों कैच कराया। इस मुकाबले में किंग कोहली 120 गेंदों में 135 रन बनाकर पवेलियन लौटे। इस दौरान उन्होंने 11 चौके और सात छक्के लगाए। अब केएल राहुल का साथ देने रवींद्र जडेजा आए हैं। 43 ओवर के बाद भारत का स्कोर पांच विकेट पर 277 रन है।
विराट कोहली ने 102 गेंदों में अपने वनडे करियर का 52वां शतक पूरा किया। वह शानदार फॉर्म में नजर आ रहे हैं। यह उनके करियर का ओवरऑल 83वां शतक है। मैच के दौरान एक प्रशंसक सुरक्षा घेरा तोड़कर कोहली के करीब पहुंच गया और पूर्व कप्तान के पैरों में गिर पड़ा। तभी मैदानकर्मी मौके पर पहुंचे और उसे बाहर ले गए।
भारत को चौथा झटका बार्टमैन ने ही दिया। उन्होंने कॉर्बिन बॉश के हाथों वाशिंगटन सुंदर को अपना शिकार बनाया। वह 19 गेंदों में 13 रन बना पाए। अब कोहली का साथ देने केएल राहुल आए हैं।
भारत को तीसरा झटका ऋतुराज गायकवाड़ के रूप में लगा। उन्हें बार्टमैन ने ब्रेविस के हाथों कैच कराया। युवा बल्लेबाज आठ रन बनाकर पवेलियन लौटे। अब किंग कोहली का साथ देने वाशिंगटन सुंदर आए हैं।
भारत को दूसरा झटका रोहित शर्मा के रूप में लगा। उन्हें मार्को यानसेन ने एलबीडब्ल्यू आउट किया। वह 51 गेंदों में 57 रन बनाकर पवेलियन लौटे। हिटमैन ने विराट कोहली के साथ दूसरे विकेट के लिए 136 रनों की साझेदारी निभाई। अब किंग कोहली का साथ देने ऋतुराज गायकवाड़ आए हैं। 22 ओवर के बाद भारत का स्कोर दो विकेट पर 163 रन है।
कोहली के बाद रोहित शर्मा ने भी अर्धशतक जड़ दिया है। रोहित ने 43 गेंदों पर अपने वनडे करियर का 60वां पचासा पूरा किया।
भारतीय टीम के स्टार बल्लेबाज विराट कोहली ने दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ 48 गेंदों पर अर्धशतक पूरा कर लिया है। कोहली का यह वनडे में 76वां पचासा है। कोहली ने रोहित के साथ दूसरे विकेट के लिए शतकीय साझेदारी भी पूरी कर ली है। कोहली इस मैच में पुरानी लय में नजर आ रहे हैं।
रोहित और कोहली के बीच दूसरे विकेट के लिए शतकीय साझेदारी पूरी हो गई है।
रोहित और कोहली के बीच शानदार साझेदारी की मदद से भारत का स्कोर 100 रन के पार पहुंच गया है। इन दोनों बल्लेबाजों ने दमदार बल्लेबाजी जारी रखी है और दक्षिण अफ्रीका के गेंदबाजों को जमकर परेशान किया। रोहित ने इसके साथ ही वनडे में सबसे ज्यादा छक्के लगाने के मामले में शाहीद अफरीदी के रिकॉर्ड की बराबरी कर ली है। रोहित अब तक इस प्रारूप में 350 छक्के लगा चुके हैं।
कोहली और रोहित ने दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ आक्रामक रुख अपनाया है और दोनों के बीच दूसरे विकेट के लिए अर्धशतकीय साझेदारी पूरी हो गई है। कोहली इस दौरान पुरानी लय में नजर आ रहे हैं और तेजी से बल्लेबाजी कर रहे हैं।
दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ पहले वनडे मैच में भारत का स्कोर 50 रन के पार पहुंच गया है। यशस्वी जायसवाल के आउट होने के बाद रोहित और कोहली ने मोर्चा संभाला है और दोनों के बीच साझेदारी पनप रही है। रोहित को हालांकि, इस दौरान एक बार जीवनदान भी मिला।
नांद्रे बर्गर ने यशस्वी जायसवाल को आउट कर भारत को पहला झटका दिया है। यशस्वी ने तेज शुरुआत दिलाई थी, लेकिन वह इस लय को बरकरार नहीं रख सके और विकेट के पीछे डि कॉक को कैच थमा बैठे। यशस्वी 16 गेंदों पर दो चौकों और एक छक्के की मदद से 18 रन बनाकर आउट हुए।
दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ पहले वनडे मैच में भारत की बल्लेबाजी शुरू हो गई है। दक्षिण अफ्रीका ने टॉस जीतकर भारत को बल्लेबाजी का न्योता दिया है। भारत के लिए रोहित शर्मा के साथ यशस्वी जायवाल पारी की शुरुआत करने उतरे हैं।
भारत: रोहित शर्मा, यशस्वी जायसवाल, विराट कोहली, ऋतुराज गायकवाड़, वाशिंगटन सुंदर, केएल राहुल (कप्तान और विकेटकीपर), रवींद्र जडेजा, हर्षित राणा, कुलदीप यादव, अर्शदीप सिंह, प्रसिद्ध कृष्णा।
दक्षिण अफ्रीका: रेयान रिकेल्टन, क्विंटन डिकॉक (विकेटकीपर), एडेन मार्करम (कप्तान), मैथ्यू ब्रिट्जके, टोनी डि जॉर्जी, डेवाल्ड ब्रेविस, मार्को यानसेन, कॉर्बिन बॉश, प्रेनेलन सुब्रायेन, नांद्रे बर्गर, ओटनिल बार्टमैन।
दक्षिण अफ्रीका ने भारत के खिलाफ पहले वनडे मैच में टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला लिया है। भारतीय कप्तान केएल राहुल ने भी कहा कि अगर वह टॉस जीतते तो पहले गेंदबाजी करने का फैसला ही लेते। केएल ने इस बात की पुष्टि कर दी है कि ऋतुराज गायकवाड़ इस मैच के लिए प्लेइंग-11 का हिस्सा होंगे, जबकि रोहित शर्मा के साथ यशस्वी जायसवाल पारी की शुरुआत करेंगे।
रांची के जेएससीए स्टेडियम में विराट कोहली का बल्ला खूब चलता है। उन्होंने यहां खेले पांच वनडे मुकाबलों में दो शतक और एक अर्धशतक की मदद से 384 रन बनाए हैं, जिसमें 139 रन की नाबाद पारी भी शामिल है। इसी स्टेडियम से रोहित शर्मा ने 2013 में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ बेनतीजा रहे मुकाबले से वनडे में नियमित ओपनर के रूप में शुरुआत की थी। इस स्टेडियम में भारत ने छह वनडे खेले हैं, जिनमें उसे तीन में जीत मिली है, तो दो में हार और एक बेनतीजा रहा है। भारत ने नौ अक्तूबर 2022 को इस स्टेडियम में अपना अंतिम वनडे मैच दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ ही खेला था, जिसमें सात विकेट से जीत दर्ज की थी।
दक्षिण अफ्रीका ने 2015 में अंतिम बार भारत में पांच मैचों की वनडे सीरीज 3-2 से जीती थी। वहीं तीन-तीन मैचों की पिछली दो सीरीज भारत ने 2-1, 2-1 से जीतीं, जिनमें एक 2022 में भारत में और एक 2023 में दक्षिण अफ्रीका की धरती पर। मेहमान टीम के पास कैगिसो रबादा और एनरिच नोर्त्जे नहीं हैं, लेकिन तेम्बा बावुमा की अगुआई में मेहमान टीम के पास ऑलराउंडर मार्को यानसेन, लुंगी एनगिडी, केशव महाराज कड़ी चुनौती पेश करेंगे। बल्लेबाजी में एडन मार्करम, क्विंटन डिकॉक, बावुमा, मैथ्यू ब्रीत्जके, डेवाल्ड ब्रेविस और रूबिन हर्मन टीम को मजबूती प्रदान करते हैं।
भारत के सामने टीम संयोजन की मगजमारी रहेगी। गिल की जगह यशस्वी के रोहित के साथ पारी की शुरुआत करने की उम्मीद है। तीसरे नंबर पर विराट आएंगे। चौथे पर श्रेयस की जगह तिलक, ऋतुराज या ऋषभ में से एक को मौका मिल सकता है। पांचवें नंबर पर राहुल खुद आ सकते कते हैं। छठे सातवें नंबर सुंदर और जडेजा, तो इसके बाद नीतीश, हर्षित, अर्शदीप और प्रसिद्ध को अंतिम एकादश में शामिल किए जाने के आसार हैं। यदि कुलदीप यादव को टीम में जगह मिलती है, तब नीतिश या वाशिंगटन में से किसी एक को हटाना पड़ेगा।
Today Live Cricket Score, IND vs SA 1st ODI 2025: नमस्कार! अमर उजाला के लाइव ब्लॉग में आपका स्वागत है। आज भारत और दक्षिण अफ्रीका के बीच तीन वनडे मैचों की सीरीज का पहला मुकाबला रांची में खेला जाएगा। इस मैच में जीत के साथ टीम इंडिया की नजरें सीरीज में 1-0 से बढ़त हासिल करने पर होंगी।