फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

IND vs SA 2nd T20 Highlights: दक्षिण अफ्रीका ने भारत को 51 रन से हराया, सीरीज में हासिल की 1-1 की बराबरी

Thu, 11 Dec 2025 10:44 PM IST
शोभित चतुर्वेदी स्पोर्ट्स डेस्क, अमर उजाला, मुल्लांपुर

खास बातें

India vs South Africa 2nd T20 2025: दक्षिण अफ्रीका ने दूसरे टी20 मैच में शानदार प्रदर्शन किया और पांच मैचों की सीरीज में 1-1 की बराबरी हासिल कर ली। इस मैच में डिकॉक ने बल्ले से दम दिखाया, जबकि बार्टमैन ने शानदार गेंदबाजी की।
विज्ञापन
तिलक वर्मा - फोटो : BCCI
विज्ञापन

लाइव अपडेट

10:43 PM, 11-Dec-2025

IND vs SA 2nd T20 Live: दक्षिण अफ्रीका जीता

क्विंटन डिकॉक के बाद ओटेनिल बार्टमैन की शानदार गेंदबाजी के दम पर दक्षिण अफ्रीका ने भारत को दूसरे टी20 मैच में 51 रन से हराया। भारत ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला लिया। दक्षिण अफ्रीका ने डिकॉक के शानदार अर्धशतक की मदद से 20 ओवर में चार विकेट पर 213 रन बनाए। जवाब में भारतीय टीम 19.1 ओवर में 162 रन पर ऑलआउट हो गई। दक्षिण अफ्रीका ने इस तरह पांच मैचों की सीरीज में 1-1 की बराबरी कर ली है।

लक्ष्य का पीछा करते हुए भारत की बल्लेबाजी अच्छी नहीं रही और टीम ने नियमित अंतराल पर विकेट गंवाए। शुभमन गिल और कप्तान सूर्यकुमार यादव का बल्ला एक बार फिर खामोश रहा। गिल तो खाता भी नहीं खोल सके। वहीं, अभिषेक शर्मा ने आक्रामक बल्लेबाजी करने की कोशिश की, लेकिन वह जल्द ही विकेट गंवा बैठे। भारत के लिए सिर्फ तिलक वर्मा ने अच्छी बल्लेबाजी की और अर्धशतक लगाया। तिलक आखिरी बल्लेबाज के तौर पर आउट हुए। भारत की ओर से तिलक वर्मा ने 34 गेंदों पर दो चौकों और पांच छक्कों की मदद से 62 रन बनाए। वहीं, जितेश शर्मा ने 27, अक्षर पटेल ने 21, हार्दिक पांड्या ने 20 और अभिषेक शर्मा ने 17 रन बनाए। दक्षिण अफ्रीका के लिए ओटेनिल बार्टमैन ने चार विकेट झटके, जबकि लुंगी एनगिडी, मार्को यानसेन और लुथो सिपाम्ला को दो-दो विकेट मिले। 

10:41 PM, 11-Dec-2025

IND vs SA 2nd T20 Live: बार्टमैन ने एक ओवर में झटके तीन विकेट

ओटेनिल बार्टमैन ने शानदार गेंदबाजी करते हुए एक ही ओवर में तीन विकेट लिए। बार्टमैन ने शिवम दुबे, अर्शदीप सिंह और वरुण चक्रवर्ती को आउट किया।

10:37 PM, 11-Dec-2025

IND vs SA 2nd T20 Live: भारत को सातवां झटका

ओटेनिल बार्टमैन ने शिवम दुबे को आउट कर भारत को सातवां झटका दिया। शिवम एक रन बनाकर आउट हुए।

विज्ञापन
10:34 PM, 11-Dec-2025

IND vs SA 2nd T20 Live: भारत को लगा छठा झटका

भारत को जितेश शर्मा के रूप में छठा झटका लगा है। जितेश 17 गेंदों पर दो चौकों और दो छक्कों की मदद से 27 रन बनाकर आउट हुए। तिलक वर्मा हालांकि क्रीज पर मौैजूद हैं। भारत को 13 गेंदों पर 57 रन चाहिए।

10:32 PM, 11-Dec-2025

IND vs SA 2nd T20 Live: भारत का स्कर 150 के पार

दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ भारत का स्कोर 150 के पार पहुंच गया है। भारत के लिए तिलक वर्मा अर्धशतक लगाकर क्रीज पर मौजूद हैं और उनका साथ जितेश शर्मा निभा रहे हैं। 

विज्ञापन
10:16 PM, 11-Dec-2025

IND vs SA 2nd T20 Live: भारत को पांचवां झटका

भारत को हार्दिक पांड्या के रूप में पांचवां झटका लगा है। हार्दिक 23 गेंदों पर एक छक्के की मदद से 20 रन बनाकर आउट हुए।

10:05 PM, 11-Dec-2025

IND vs SA 2nd T20 Live: भारत के 100 रन पूरे

दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ लक्ष्य का पीछा करते हुए भारत ने 100 रनों का आंकड़ा छू लिया है। क्रीज पर फिलहाल हार्दिक पांड्या के साथ तिलक वर्मा मौजूद हैं। 

09:48 PM, 11-Dec-2025

IND vs SA 2nd T20 Live: भारत की पारी लड़खड़ाई

दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ लक्ष्य का पीछा करते हुए भारत की पारी लड़खड़ा गई है। भारत ने नौ ओवर की समाप्ति तक चार विकेट पर 71 रन बनाए हैं। भारत को अब जीत के लिए 66 गेंदों पर 143 रन बनाने हैं। भारत को अक्षर पटेल के रूप में चौथा झटका लगा जो 21 गेंदों पर एक चौका और एक छक्के की मदद से 21 रन बनाकर आउट हुए।

09:37 PM, 11-Dec-2025

IND vs SA 2nd T20 Live: भारत का स्कोर 60 के पार

तिलक वर्मा और अक्षर पटेल ने भारतीय पारी को संभाला जिससे टीम का स्कोर 60 रन के पार पहुंच गया है। दक्षिण अफ्रीका ने भारत को शुरुआती झटके दिए थे।

09:24 PM, 11-Dec-2025

IND vs SA 2nd T20 Live: भारत को तीसरा झटका

मार्को यानसेन ने कप्तान सूर्यकुमार यादव को आउट कर भारत को तीसरा झटका दिया है। सूर्यकुमार चार गेंदों पर एक चौके की मदद से पांच रन बनाकर आउट हुए।

09:12 PM, 11-Dec-2025

IND vs SA 2nd T20 Live: अभिषेक पवेलियन लौटे

दक्षिण अफ्रीका ने भारत को शुरुआती झटके दिए हैं। गिल के बाद अभिषेक शर्मा भी पवेलियन लौट गए हैं। मार्को यानसेन ने अभिषेक को आउट किया जो आठ गेंदों पर दो छक्के की मदद से 17 रन बनाकर आउट हुए।

09:05 PM, 11-Dec-2025

IND vs SA 2nd T20 Live: भारत को पहला झटका

लुंगी एनगिडी ने एक बार फिर पहले ही ओवर में भारत को शुरुआती झटका दिया है। एनगिडी ने गिल को आउट किया जो खाता भी नहीं खोल सके। 

09:02 PM, 11-Dec-2025

IND vs SA 2nd T20 Live: भारत की पारी शुरू

दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ लक्ष्य का पीछा करते हुए भारत की पारी शुरू हो गई है। दक्षिण अफ्रीका ने भारत के सामने 214 रनों का लक्ष्य रखा है। भारत की ओर से अभिषेक शर्मा के साथ शुभमन गिल पारी की शुरुआत करने उतरे हैं।

08:50 PM, 11-Dec-2025

IND vs SA 2nd T20 Live: दक्षिण अफ्रीका की पारी समाप्त

दक्षिण अफ्रीका ने भारत के सामने जीत के लिए 214 रनों का लक्ष्य रखा है। भारत ने इस मैच में टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया। दक्षिण अफ्रीका के लिए क्विंटन डिकॉक ने शानदार बल्लेबाजी की जिससे दक्षिण अफ्रीका ने 20 ओवर में चार विकेट पर 213 रन बनाए। डिकॉक ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए 46 गेंदों पर पांच चौकों और सात छक्कों की मदद से 90 रन बनाए। अंत में डेविड मिलर और डोनोवान फेरेरा ने पांचवें विकेट के लिए 50+ रनों की साझेदारी की जिससे दक्षिण अफ्रीका का स्कोर 200 के पार पहुंचा।

इस मैच में डिकॉक अलग ही रंग में नजर आए और उन्होंने शानदार पारी खेली। हालांकि, वह शतक लगाने से चूक गए। अंत के ओवरों में फेरेरा और मिलर ने आक्रामक बल्लेबाजी की और दोनों ने पांचवें विकेट के लिए 53 रन जोड़े। बुमराह के आखिरी ओवर में 18 रन बनाए। दक्षिण अफ्रीका के बल्लेबाजों ने भारत के सभी गेंदबाजों को निशाना बनाया। भारत के लिए सिर्फ वरुण चक्रवर्ती और अक्षर पटेल को ही सफलता मिली, बाकी अन्य गेंदबाज खाली हाथ रहे। वरुण को दो और अक्षर को एक विकेट मिला।

भारत के लिए इस मैच में सबसे महंगे अर्शदीप सिंह रहे जिन्होंने चार ओवर में 54 रन दिए और एक भी विकेट नहीं ले सके। दिलचस्प बात यह रही कि उन्होंने अपने स्पैल में नौ वाइड गेंद डाली और उनकी इकॉनोमी 13.50 की रही। हार्दिक टी20 अंतरराष्ट्रीय में 100 विकेट पूरे करने से एक कदम दूर थे, लेकिन इस मैच में सफलता नहीं मिलने से उनका 100 टी20 अंतरराष्ट्रीय विकेट पूरा करने का इंतजार बढ़ गया है। दक्षिण अफ्रीका के लिए डिकॉक के अलावा कप्तान एडेन मार्करम ने 29 रन, डेवाल्ड ब्रेविस ने 14 और रीजा हेंड्रिक्स ने आठ रन बनाए। वहीं, फेरेरा 16 गेंदों पर एक चौका और तीन छक्के की मदद से नाबाद 30 और डेविड मिलर 12 गेंदों पर दो चौकों और एक छक्के की मदद से 20 रन बनाकर नाबाद लौटे। 

08:47 PM, 11-Dec-2025

IND vs SA 2nd T20 Live: दक्षिण अफ्रीका का स्कोर 200 के पार

भारत के खिलाफ दूसरे टी20 मैच में दक्षिण अफ्रीका का स्कोर 200 रन के पार पहुंच गया है। दक्षिण अफ्रीका के लिए फिलहाल क्रीज पर डोनोवान फेरेरा और डेविड मिलर मौजूद हैं।

08:29 PM, 11-Dec-2025

IND vs SA 2nd T20 Live: दक्षिण अफ्रीका को चौथा झटका

अक्षर पटेल ने डेवाल्ड ब्रेविस को आउट कर दक्षिण अफ्रीका को चौथा झटका दिया है। ब्रेविस 10 गेंदों पर एक चौका और एक छक्के की मदद से 14 रन बनाकर आउट हुए।

08:24 PM, 11-Dec-2025

IND vs SA 2nd T20 Live: डिकॉक शतक से चूके

वरुण चक्रवर्ती ने शानदार गेंदबाजी जारी रखी और क्विंटन डिकॉक को अपना शिकार बनाया। डिकॉक शतक लगाने के करीब थे, लेकिन 46 गेंदों पर पांच चौकों और सात छक्कों की मदद से 90 रन बनाकर आउट हुए। जितेश ने डिकॉक को रन आउट किया।

08:21 PM, 11-Dec-2025

IND vs SA 2nd T20 Live: डिकॉक शतक के करीब

दक्षिण अफ्रीका के सलामी बल्लेबाज क्विंटन डिकॉक भारत के खिलाफ दूसरे टी20 मैच में शतक लगाने के करीब पहुंच गए हैं। दक्षिण अफ्रीका ने 150 रन का आंकड़ा पार कर लिया है। 15 ओवर की समाप्ति के बाद दक्षिण अफ्रीका ने दो विकेट पर 156 रन बनाए हैं। 

08:04 PM, 11-Dec-2025

IND vs SA 2nd T20 Live: भारत को दूसरी सफलता

वरुण चक्रवर्ती ने भारत को दूसरी सफलता दिलाई है। वरुण ने एडेन मार्करम को अपना शिकार बनाया जो क्विंटन डिकॉक के साथ शानदार साझेदारी कर रहे थे। मार्करम 26 गेंदों पर एक चौका और दो छक्के की मदद से 29 रन बनाकर आउट हुए। डिकॉक और मार्करम के बीच दूसरे विकेट के लिए 83 रनों की साझेदारी हुई।

07:55 PM, 11-Dec-2025

IND vs SA 2nd T20 Live: दक्षिण अफ्रीका के 100 रन पूरे

दक्षिण अफ्रीका ने भारत के खिलाफ दूसरे टी20 मैच में 100 रनों का आंकड़ा पार कर लिया है। 11वां ओवर डालने आए अर्शदीप सिंह अब तक पांच वाइड गेंद डाल चुके हैं। 

07:50 PM, 11-Dec-2025

IND vs SA 2nd T20 Live: मार्करम-डिकॉक की शानदार साझेदारी

एडेन मार्करम और क्विंटन डिकॉक के बीच दूसरे विकेट के लिए शानदार साझेदारी पनप रही है। दोनों बल्लेबाज अब तक 50+ रनों की साझेदारी कर चुके हैं। दक्षिण अफ्रीका ने 10 ओवर की समाप्ति तक एक विकेट पर 90 रन बनाए हैं। 

07:42 PM, 11-Dec-2025

IND vs SA 2nd T20 Live: डिकॉक का अर्धशतक

दक्षिण अफ्रीका के सलामी बल्लेबाज क्विंटन डिकॉक ने भारत के खिलाफ दूसरे टी20 मैच में अर्धशतक जड़ा। डिकॉक ने 26 गेंदों पर अपने टी20 करियर का 17वां पचासा पूरा किया।

07:28 PM, 11-Dec-2025

IND vs SA 2nd T20 Live: दक्षिण अफ्रीका के 50 रन पूरे

दक्षिण अफ्रीका ने भारत के खिलाफ पावरप्ले में ही 50 रनों का आंकड़ा पार कर लिया है। दक्षिण अफ्रीका ने छह ओवर की समाप्ति तक एक विकेट पर 53 रन बनाए हैं। दक्षिण अफ्रीका के लिए फिलहाल एडेन मार्करम और क्विंटन डिकॉक क्रीज पर मौजूद हैं।

07:22 PM, 11-Dec-2025

IND vs SA 2nd T20 Live: दक्षिण अफ्रीका को पहला झटका

वरुण चक्रवर्ती ने रीजा हेंड्रिक्स को बोल्ड कर दक्षिण अफ्रीका को पहला झटका दिया है। हेंड्रिक्स और डिकॉक के बीच पहले विकेट के लिए अच्छी साझेदारी पनप रही थी, लेकिन वरुण ने इसे तोड़ा। हेंड्रिक्स 10 गेंदों पर एक छक्के की मदद से आठ रन बनाकर आउट हुए।

07:15 PM, 11-Dec-2025

IND vs SA 2nd T20 Live: दक्षिण अफ्रीका की अच्छी शुरुआत

भारत के खिलाफ दूसरे टी20 मुकाबले में पहले बल्लेबाजी करते हुए दक्षिण अफ्रीका ने अच्छी शुरुआत की है। हेंड्रिक्स और डिकॉक ने पहले तीन ओवर में अब तक भारत को सफलता हासिल नहीं करने दी है।

07:01 PM, 11-Dec-2025

IND vs SA 2nd T20 Live: दक्षिण अफ्रीका की बल्लेबाजी शुरू

भारत के खिलाफ दूसरे टी20 मैच में दक्षिण अफ्रीका की बल्लेबाजी शुरू हो गई है। दक्षिण अफ्रीका के लिए क्विंटन डिकॉक और रीजा हैंड्रिक्स पारी की शुरुआत करने उतरे हैं।

06:37 PM, 11-Dec-2025

IND vs SA 2nd T20 Live: टी20 विश्व कप के लिए टिकट की बिक्री आज से

अगले साल होने वाले टी20 विश्व कप के लिए टिकटों की बिक्री आज से शुरू हो रही है। भारतीय समयानुसार टिकट की बिक्री शाम 6.45 बजे से शुरू होगी। टॉस के बाद भारतीय कप्तान सूर्यकुमार यादव को भारत और अमेरिका तथा दक्षिण अफ्रीका के कप्तान एडेन मार्करम को दक्षिण अफ्रीका और कनाडा मैच की टिकट सौंपी गई।

06:36 PM, 11-Dec-2025

IND vs SA 2nd T20 Live: दोनों टीमों की प्लेइंग-11

भारत: अभिषेक शर्मा, शुभमन गिल, सूर्यकुमार यादव (कप्तान), तिलक वर्मा, अक्षर पटेल, हार्दिक पांड्या, शिवम दुबे, जितेश शर्मा (विकेटकीपर), जसप्रीत बुमराह, वरुण चक्रवर्ती, अर्शदीप सिंह।
दक्षिण अफ्रीका: रीजा हेंड्रिक्स, क्विंटन डिकॉक (विकेटकीपर), एडेन मार्करम (कप्तान), डेवाल्ड ब्रेविस, डेविड मिलर, डोनोवान फेरेरा, जॉर्ज लिंडे, मार्को यानसेन, लुथो सिपाम्ला, लुंगी एनगिडी, ओटेनिल बार्टमैन।




 

06:32 PM, 11-Dec-2025

IND vs SA 2nd T20 Live: भारत ने जीता टॉस

भारतीय कप्तान सूर्यकुमार यादव ने दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ दूसरे टी20 में टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला लिया है। भारत ने इस मुकाबले के लिए प्लेइंग-11 में कोई बदलाव नहीं किया है। दक्षिण अफ्रीका ने इस मैच के लिए एकादश में तीन बदलाव किए हैं।

06:20 PM, 11-Dec-2025

IND vs SA 2nd T20 Live: टी20 में 100 विकेट हासिल करने से एक कदम दूर हार्दिक

भारत के अनुभवी ऑलराउंडर हार्दिक पांड्या ने कटक में बल्ले और गेंद दोनों से दम दिखाया था। हार्दिक ने नाबाद अर्धशतक लगाने के साथ ही एक विकेट भी लिया था। हार्दिक के टी20 अंतरराष्ट्रीय में 99 विकेट पूरे हो गए हैं और वह इस प्रारूप में 100 विकेट पूरे करने से एक कदम दूर हैं। हार्दिक अगर दूसरे टी20 में एक विकेट हासिल कर लेते हैं तो वह टी20 में भारत के लिए 100 विकेट पूरे करने वाले तीसरे गेंदबाज बन जाएंगे। भारत की ओर से अब तक अर्शदीप सिंह और जसप्रीत बुमराह की ऐसा कर चुके हैं। 

06:04 PM, 11-Dec-2025

IND vs SA 2nd T20 Live: युवराज-हरमनप्रीत के नाम पर स्टैंड

भारत और दक्षिण अफ्रीका के बीच दूसरे टी20 मैच के से पहले न्यू चंडीगढ़ के मुल्लांपुर में पूर्व भारतीय ऑलराउंडर युवराज सिंह और भारतीय महिला टीम की कप्तान हरमनप्रीत कौर के नाम पर बने स्टैंड का भी अनावरण किया गया। इस दौरान पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान भी मौजूद रहे। युवराज ने 2011 वनडे विश्व कप में भारत को खिताबी जीत दिलाने में अहम भूमिका निभाई थी, जबकि भारतीय महिला टीम ने इस साल हरमनप्रीत की कप्तानी में पहली बार वनडे विश्व कप की ट्रॉफी अपने नाम की थी।

05:57 PM, 11-Dec-2025

IND vs SA 2nd T20 Live: गिल को करना होगा प्रदर्शन

पहले टी20 से गिल ने चोट के बाद वापसी की, लेकिन वह इसे यादगार नहीं बना सके और चार रन बनाकर आउट हुए। गिल पिछले कुछ समय से अच्छा प्रदर्शन नहीं कर पा रहे हैं। गिल के पहले ही ओवर में विकेट गंवाने से भारतीय बल्लेबाजों पर दबाव बढ़ा था। उनसे दूसरे टी20 में बेहतर प्रदर्शन करने की आस होगी।

05:47 PM, 11-Dec-2025

IND vs SA 2nd T20 Live: विजयी संयोजन में बदलाव का जोखिम उठाएगा भारत?

भारत ने पहले टी20 में बल्ले और गेंद दोनों से शानदार प्रदर्शन करते हुए एकतरफा अंदाज में जीत दर्ज की और सीरीज में 1-0 की बढ़त हासिल कर ली। अब टीम की नजरें सीरीज में बढ़त मजबूत करने पर टिकी होंगी। आमतौर पर भारतीय टीम विजयी संयोजन से छेड़छाड़ नहीं करती, इसलिए यह देखने लायक होगा कि दूसरे टी20 के लिए क्या भारतीय टीम प्रबंधन ये जोखिम उठाएगी?

05:40 PM, 11-Dec-2025

IND vs SA 2nd T20 Highlights: दक्षिण अफ्रीका ने भारत को 51 रन से हराया, सीरीज में हासिल की 1-1 की बराबरी

Live Cricket Score Today, India vs South Africa 2nd T20 2025: नमस्कार! अमर उजाला के लाइव ब्लॉग में आपका स्वागत है। भारत और दक्षिण अफ्रीका के बीच दूसरा टी20 आज मुल्लांपुर में है। भारतीय टीम पहले ही पांच मैचों की इस सीरीज में 1-0 से आगे चल रही है और अब उसकी नजरें जीत की लय बरकरार रखने पर है।

विज्ञापन
MORE
AU ऐप में पढ़ें