दक्षिण अफ्रीका ने पार्ल के बोलैंड पार्क में खेले गए दूसरे वनडे में भारत को सात विकेट से हरा दिया है। टेस्ट सीरीज के भारतीय टीम वनडे सीरीज में भी पस्त हो गई। टेस्ट सीरीज दक्षिण अफ्रीकी टीम ने 2-1 से जीती थी। वहीं, दूसरे वनडे में जीत के साथ दक्षिण अफ्रीका ने तीन मैचों की वनडे सीरीज में 2-0 की अजेय बढ़त बना ली है। आखिरी वनडे 23 जनवरी को केपटाउन में खेला जाएगा।
टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए भारतीय टीम ने 50 ओवर में छह विकेट के नुकसान पर 287 रन का स्कोर खड़ा किया। भारत की ओर से कप्तान केएल राहुल ने 55 रन और ऋषभ पंत ने 85 रन की पारी खेली। जवाब में दक्षिण अफ्रीकी टीम ने 48 ओवर में तीन विकेट के नुकसान पर 288 रन बनाकर मैच जीत लिया। टीम की ओर से जानेमन मलान ने 91 रन और क्विंटन डिकॉक ने 78 रन बनाए।
दक्षिण अफ्रीकी टीम ने लगातार दो ओवर में दो विकेट गंवा दिए हैं। 35वें ओवर में यानेमन मलान 91 रन बनाकर आउट हुए थे। इसके बाद 36वें ओवर में युजवेंद्र चहल ने तेम्बा बावुमा को कॉट एंड बोल्ड किया। वे 36 गेंद पर 35 रन बना सके। 36 ओवर के बाद दक्षिण अफ्रीका ने तीन विकेट पर 215 रन बना लिए हैं। फिलहाल एडेन मार्करम और रसी वान डर डुसेन क्रीज पर हैं।
212 रन के स्कोर पर दक्षिण अफ्रीका को दूसरा झटका लगा। जसप्रीत बुमराह ने यानेमन मलान को नर्वस 90 में आउट किया। मलान 108 गेंदों पर 91 रन बनाकर बोल्ड हुए। 35 ओवर के बाद दक्षिण अफ्रीका का स्कोर 213/2 है। फिलहाल एडेन मार्करम 1 रन और बावुमा 35 रन बनाकर क्रीज पर हैं।
31 ओवर के बाद दक्षिण अफ्रीका ने एक विकेट पर 187 रन बना लिए हैं। जीत के लिए टीम को अब भी 101 रन की जरूरत है। डिकॉक के विकेट के बाद भारतीय गेंदबाज विकेट को तरस गए हैं। डिकॉक का विकेट 22वें ओवर में गिरा था। इसके बाद से यानेमन मलान और तेम्बा बावुमा के बीच 55 रन की साझेदारी हो चुकी है। मलान 79 रन और बावुमा 22 रन बनाकर क्रीज पर हैं।
दक्षिण अफ्रीका को 132 रन के कुल स्कोर पर पहला झटका लगा। क्विंटन डिकॉक 66 गेंदों पर 78 रन बनाकर आउट हुए। उन्हें सात चौके और तीन छक्के लगाए। शार्दुल ठाकुर ने टीम इंडिया को पहली सफलता दिलाई। शार्दुल की गेंद स्विंग होकर सीधे डिकॉक के पैर पर लगी। फील्ड अंपायर मरायस इरैस्मस ने पहले डिकॉक को नॉटआउट दिया। इसके बाद राहुल ने डीआरएस का इस्तेमाल किया। रिप्ले में दिखा की गेंद स्टंप के बीचोबीच लग रही थी। इसके बाद फील्ड अंपायर ने फैसला बदला। 22 ओवर की समाप्त के बाद दक्षिण अफ्रीका ने एक विकेट गंवाकर 132 रन बना लिए हैं। मलान 50 रन बनाकर क्रीज पर हैं। यह उनके वनडे करियर की तीसरी फिफ्टी रही। वहीं कप्तान तेम्बा बावुमा उनका साथ निभाने आए हैं।
शार्दुल ठाकुर को 18वें ओवर में लाया गया। उन्होंने अपने पहले ओवर में सात रन खर्चे। 18 ओवर के बाद दक्षिण अफ्रीका का स्कोर: 116/0, क्विंटन डिकॉक (72*), यानेमन मलान (42*)
क्विंटन डिकॉक की ताबड़तोड़ बल्लेबाजी के दम पर दक्षिण अफ्रीका ने अपने पहले 100 रन पूरे कर लिए हैं। भारत की तरफ से भुवनेश्वर कुमार ने एक और महंगा ओवर डाला और इस बार 12 रन खर्चे। 16 ओवर के बाद दक्षिण अफ्रीका का स्कोर: 105/0, क्विंटन डिकॉक (65*), यानेमन मलान (38*)
क्विंटन डिकॉक ने वनडे करियर का 27वां अर्धशतक जमाया। दक्षिण अफ्रीका ने 12 ओवर के बाद बिना कोई विकेट गंवाए 75 रन बना लिए हैं। फिलहाल डिकॉक 51 रन और यानेमन मलान 22 रन बनाकर क्रीज पर हैं। डिकॉक ने अब तक भारत के खिलाफ सात बार पचास प्लस स्कोर बनाया है। इसमें से पांच बार पचास प्लस को शतक में बदला है।
भारत के खिलाफ वनडे में डिकॉक के 50+ स्कोर
135
106
101
103
109
53
50* (आज)
दक्षिण अफ्रीका ने 10 ओवर में बिना विकेट गंवाए 66 रन बना लिए हैं। फिलहाल जानेमन मलान 19 रन और क्विंटन डिकॉक 46 रन बनाकर क्रीज पर हैं। भारतीय गेंदबाज विकेट को तरस गए हैं। अगर यह साझेदारी और बढ़ी तो भारत पर हार का खतरा मंडरा सकता है। यह मैच हारने पर भारत को सीरीज भी गंवानी पड़ेगी।
दक्षिण अफ्रीका ने आठ ओवर के बाद बिना विकेट गंवाए 50 रन बना लिए हैं। डिकॉक और मलान ने अफ्रीकी टीम को बेहतरीन शुरुआत दिलाई है। फिलहाल मलान 12 रन और डिकॉक 39 रन बनाकर क्रीज पर हैं।
दक्षिण अफ्रीका की पारी के छठे ओवर में रविचंद्रन अश्विन ने मेडन ओवर डाला। उस वक्त स्ट्राइक पर यानेमन मलान थे। छह ओवर के बाद दक्षिण अफ्रीका का स्कोर बिना कोई विकेट गंवाए 38 रन बनाए। फिलहाल मलान 6 रन और डिकॉक 31 रन बनाकर क्रीज पर हैं।
दक्षिण अफ्रीकी पारी का दूसरा ओवर भुवनेश्वर कुमार फेंकने आए। इस ओवर में डिकॉक और मलान ने मिलकर 16 रन बटोरे। डिकॉक ने इस ओवर में दो चौके और एक छक्का लगाया। एक रन सिंगल से और एक वाइड रहा। दक्षिण अफ्रीका ने दो ओवर के बाद बिना विकेट गंवाए 23 रन बना लिए हैं। डिकॉक 10 गेंदों पर 20 रन और यानेमन मलान दो रन बनाकर क्रीज पर हैं।
दक्षिण अफ्रीकी ओपनर्स यानेमन मलान और क्विंटन डिकॉक मैदान पर हैं। भारत ने दक्षिण अफ्रीका के सामने 288 रन का लक्ष्य रखा है। वहीं, पहला ओवर जसप्रीत बुमराह ने फेंका। एक ओवर के बाद दक्षिण अफ्रीका ने बिना विकेट गंवाए सात रन बना लिए हैं।
पहले बल्लेबाजी करते हुए भारत ने दक्षिण अफ्रीका के सामने 288 रन का लक्ष्य रखा है। पावरप्ले में अच्छी शुरुआत के बाद भारत ने दो विकेट जल्दी गंवा दिए थे। इसके बाद कप्तान राहुल ने पंत के साथ मिलकर पारी को संभाला और भारत का स्कोर 179 रन तक ले गए। इसके बाद फिर भारत के विकेट गुच्छे में गिरे और पिछले मैच की तरह मध्यक्रम लड़खड़ा गया। अंत में अश्विन और शार्दुल ठाकुर ने अच्छी साझेदारी कर भारत का स्कोर 300 के करीब पहुंचाया। अश्विन और शार्दुल ने सातवें विकेट के लिए 38 गेंद में 48 रन जोड़े।
इस सीरीज में 1-1 की बराबरी करने के लिए भारत को यह मैच हर हाल में जीतना होगा। अगर टीम इंडिया यह मैच हार जाती है तो टेस्ट के बाद वनडे सीरीज भी गंवा देगी।
छह विकेट के नुकसान पर भारत का स्कोर 250 के पार जा चुका है। शार्दुल और अश्विन क्रीज पर मौजूद हैं। शार्दुल एक बार फिर अच्छी पारी खेल रहे हैं और भारत का स्कोर 300 के करीब ले जाने की कोशिश कर रहे हैं। भारत का स्कोर 275 के करीब जा चुका है।
फेहलुकवायो ने भारत को छठा झटका दिया है। वेंकटेश अय्यर 22 रन बनाकर उनका शिकार बने। एक बार फिर क्विंटन डिकॉक ने अपनी बेहतरीन विकेटकीपिंग से दक्षिण अफ्रीका को विकेट दिलाया है। पिछले मैच में भी उन्होंने इसी अंदाज में ऋषभ पंत को आउट किया था। फेहलुकवायो की लेग स्टंप के बाहर की गेंद पर अय्यर का संतुलन बिगड़ा और वो क्रीज से बाहर चले गए। इसी का फायदा उठाकर डिकॉक ने उन्हें स्टंप आउट कर दिया।
भारत की आधी टीम पवेलियन लौट चुकी है और अब क्रीज वेंकटेश अय्यर ही एकमात्र बल्लेबाज हैं। तबरेज शम्सी ने भारत को पांचवां झटका दिया। उनकी गेंद क्रीज पर पड़कर घूमी थी, लेकिन अय्यर गेंद की लाइन में ही खेल गए और एलबीडब्ल्यू आउट हुए। अंपायर ने उन्हें आउट नहीं दिया था, लेकिन अफ्रीकी टीम ने रिव्यू लिया, जो सफल रहा। अब वेंकटेश के साथ शार्दुल ठाकुर क्रीज पर मौजूद हैं।
वेंकटेश को जीवनदान मिला
14 रन के स्कोर पर डुसेन ने वेंकटेश अय्यर का कैच छोड़ा है। एनगिडी की धीमी गेंद पर अय्यर ने हवा में शॉट खेला था और गेंद डुसेन के पास पहुंची थी, लेकिन उन्होंने कैच छोड़ दिया। इस पारी में अफ्रीकी टीम तीन कैच छोड़ चुकी है। भारत का स्कोर पांच विकेट के नुकसान पर 220 के पार जा चुका है।
चार विकेट के नुकसान पर भारत का स्कोर 200 रन के पार जा चुका है। वेंकटेश और श्रेयस अय्यर क्रीज पर मौजूद हैं और भारतीय पारी को आगे ले जाने की कोशिश कर रहे हैं। नौ गेंद के अंदर राहुल और पंत के आउट होने से अफ्रीकी टीम मैच में वापस लौटी है।
कप्तान राहुल के बाद ऋषभ पंत भी खराब शॉट खेलकर पवेलियन लौट चुके हैं। पंत ने 71 गेंदों में 85 रन बनाए। इस दौरान उन्होंने 10 चौके और दो छक्के लगाए। राहुल के आउट होने के बाद अफ्रीकी कप्तान तबरेज शम्सी को गेंदबाजी के लिए वापस लाए थे और शम्सी ने पहले ओवर में सफलता दिला दी। पंत ने एक बार फिर शम्सी के खिलाफ बड़ा शॉट लगाने की कोशिश की, लेकिन इस बार सफल नहीं हुए और मार्रकरम ने लॉग ऑन से भागकर बेहतरीन कैच पकड़ा।
भारत के दो विकेट जल्दी गिरने से श्रेयस और वेंकटेश दोनों नए बल्लेबाज क्रीज पर मौजूद हैं। अब इन दोनों को ही भारत का स्कोर 300 के करीब ले जाने की कोशिश करनी होगी।
मगाला ने भारत को तीसरा झटका दिया है। उन्होंने कप्तान लोकेश राहुल को 55 रन के स्कोर पर आउट किया। राहुल ने 79 गेंद पर 55 रन की धीमी, लेकिन अहम पारी खेली। इस दौरान उन्होंने चार चौके लगाए। मगाला ने बहुत ही चतुराई के साथ धीमी गेंद की थी और राहुल यह समझ नहीं पाए। उन्होने ऑन साइड में शॉट खेलने की कोशिश की और सीधे डुसेन के हाथों में कैच थमा बैठे।
ऋषभ पंत और लोकेश राहुल के बीच शतकीय साझेदारी हो चुकी है। ये दोनों भारत को मुश्किल स्थिति से निकाल चुके हैं और 96 गेंदों में 102 रन जोड़े हैं। पंत के बाद राहुल भी अपना अर्धशतक पूरा कर चुके हैं। ये दोनों भारत को काफी बेहतर स्थिति में ले आए हैं और टीम इंडिया का स्कोर 200 के करीब पहुंच रहा है। इस साझेदारी में पंत ने तेजी से रन बनाए हैं, जबकि राहुल एक छोर संभालकर खेल रहे हैं। हालांकि राहुल को इस पारी में तीन अहम जीवनदान भी मिले हैं।
चौथे नंबर पर बल्लेबाजी करने आए ऋषभ पंत ने अपना अर्धशतक पूरा कर लिया है। पंत ने अपनी पारी में छह चौके और एक छक्का लगाया है। वनडे में यह उनका चौथा अर्धशतक है। उन्होंने 43 गेंद में 50 रन पूरे किए। पंत जब बल्लेबाजी करने आए थे, तब भारत का स्कोर 64 रन था और अब टीम इंडिया का स्कोर 150 के पार जा चुका है। आज ऋषभ पंत के पास अपने वनडे करियर का पहला शतक लगाने का बेहतरीन मौका है।
राहुल को तीसरा जीवनदान मिला
अफ्रीकी टीम ने इस पारी में राहुल को तीसरा जीवनदान दिया है। उन्हें पहला जीवनदान आठ रन पर मिला था, जब यानेमन मलान ने उनका कैच छोड़ा था। इसके बाद 27 रन के स्कोर पर उन्हें दूसरा जीवनदान मिला, जब अफ्रीकी टीम ने उन्हें रन आउट करने का मौका गंवा दिया। इसके बाद 46 रन के स्कोर पर मार्रकरम ने उनका आसान कैच छोड़ दिया। खास बात यह है कि अफ्रीकी टीम के पास तीनों बार राहुल को आउट करने का आसान मौका था।
लोकेश राहुल और ऋषभ पंत के बीच तीसरे विकेट के लिए अर्धशतकीय साझेदारी हो चुकी है। धवन और विराट के जल्दी आउट होने के बाद इन दोनों खिलाड़ियों ने भारत को मुश्किल स्थिति से उबारा है और अब धीरे-धीरे भारत की पारी को आगे ले जा रहे हैं। भारत का स्कोर दो विकेट के नुकसान पर 115 रन के पार जा चुका है। राहुल 42 और पंत 35 रन बनाकर खेल रहे हैं।
दो विकेट के नुकसान पर भारत का स्कोर 100 रन के पार जा चुका है। लोकेश राहुल और ऋषभ पंत क्रीज पर जमे हुए हैं और स्पिन गेंदबाजों के खिलाफ बड़े शॉट खेल रहे हैं। ये दोनों 39 गेंदों में 36 रन जोड़ चुके हैं।
27 रन के स्कोर पर इस पारी में लोकेश राहुल का दूसरा जीवनदान मिला है। रन भागने के दौरान राहुल और पंत के बीच तालमेल गड़बड़ाया था और दोनों बल्लेबाज एक ही छोर पर पहुंच गए थे, लेकिन अफ्रीकी कप्तान तेम्बा बावुमा ने काफी तेज थ्रो किया। गेंदबाज केशव महाराज गेंद नहीं पकड़ पाए और बैकअप में फील्डर नहीं था। ऐसे में राहुल को क्रीज में वापस लौटने का मौका मिल गया। दूसरा जीवनदान मिलने के बाद राहुल बड़ी पारी खेल सकते हैं। इससे पहले यानेमन मलान ने आठ रन पर उनका कैच छोड़ा था। भारत का स्कोर 79/2 है।
विराट कोहली बिना खाता खोले पवेलियन लौट चुके हैं। केशव महाराज ने उनका विकेट लिया। अफ्रीकी कप्तान तेम्बा बावुमा ने उनका कैच पकड़ा। विराट ने पांच गेंदों का सामना किया। भारत के दो विकेट जल्दी गिरने से टीम परेशानी में आ चुकी है। अब राहुल और पंत को लंबी साझेदारी करनी होगी।
एडेन मार्रकरम ने एक बार फिर भारत को पहला झटका दिया है। उन्होंने शिखर धवन को कप्तान तेम्बा बावुमा के हाथों कैच आउट कराया। मार्करम ने पहले मैच में भी भारत का पहला विकेट लिया था। मार्रकरम की गेंद पर धवन ने स्वीप शॉट खेलने की कोशिश की लेकिन गेंद को फील्डर से दूर नहीं रक पाए। गेंद सीधा डीप मिडविकेट में खड़े मगाला के पास गई और उन्होंने कैच पकड़कर धवन को पवेलियन भेजा। उन्होंने 38 गेंद में 29 रन बनाए।
पहले बल्लेबाजी करते हुए भारत ने पावरप्ले में बिना विकेट गंवाए 57 रन बना लिए हैं। धवन और राहुल अच्छी लय में दिख रहे हैं। पिछले मैच में राहुल जल्दी आउट हो गए थे, लेकिन इस मैच में भारत को अच्छी शुरुआत मिली है और ये दोनों लंबी साझेदारी करने की कोशिश करेंगे।
दूसरे वनडे मैच में भारतीय टीम ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए शानदार शुरुआत की है। टीम इंडिया ने बिना किसी नुकसान के 50 रन के पार जा चुका है। शिखर धवन और लोकेश राहुल क्रीज पर मौजूद हैं। धवन बहुत ही बेहतरीन लय में दिख रहे हैं और बढ़िया शॉट खेल रहे हैं। वहीं राहुल थोड़ा संभलकर बल्लेबाजी कर रहे हैं। राहुल को आठ रन पर जीवनदान भी मिल चुका है। राहुल 18 और धवन 24 रन बनाकर खेल रहे हैं।
यानेमन मलान ने आठ रन के स्कोर पर लोकेश राहुल को जीवनदान दिया है। एनगिडी की गेंद को अतिरिक्त उछाल मिला था और गेंद राहुल के बल्ले का बाहरी किनारा लेकर गली में खड़े यानेमन मलान के पास गई थी। गेंद आसानी से उनके पास तक पहुंची और उनका बायां हाथ गेंद पर लगा भी, लेकिन वो कैच नहीं पकड़ पाए। अफ्रीका को यह कैच छोड़ना महंगा पड़ सकता है। भारत पांच ओवर में बिना कोई विकेट गंवाए 33 रन बना चुका है।
लोकेश राहुल और शिखर धवन की सलामी जोड़ी क्रीज पर आ चुकी है। दक्षिण अफ्रीका के लिए एनगिडी ने गेंदबाजी की शुरुआत की है। दूसरे मैच में भारत की शुरुआत अच्छी रही है और तीन ओवर का खेल खत्म होने तक टीम इंडिया ने बिना कोई विकेट गंवाए 21 रन बना लिए हैं।
भारत ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी का फैसला किया है। पहले वनडे में हार के बावजूद भारतीय टीम में कोई बदलाव नहीं किया गया है। वहीं दक्षिण अफ्रीका ने पिछले मैच में डेब्यू करने वाले मार्को जैन्सन को टीम से बाहर कर दिया है। उनकी जगह एस मगला को टीम में शामिल किया गया है। जैन्सन टेस्ट सीरीज में भी तीनों मैच खेले थे और काफी गेंदबाजी की थी। इसी वजह से उन्हें इस मैच में आराम दिया गया है।
भारतीय टीम: केएल राहुल (कप्तान), शिखर धवन, विराट कोहली, ऋषभ पंत (विकेटकीपर), श्रेयस अय्यर, वेंकटेश अय्यर, रविचंद्रन अश्विन, शार्दुल ठाकुर, भुवनेश्वर कुमार, जसप्रीत बुमराह, युजवेंद्र चहल।
दक्षिण अफ्रीकी टीम: क्विंटन डी कॉक (विकेटकीपर), यानेमन मलान, एडेन मार्करम, रासी वन डर डुसेन, तेम्बा बावुमा (कप्तान), डेविड मिलर, एंडिलो फेहलुकवायो, केशव महाराज, तबरेज शम्सी, एस मगला, लुंगी एनगिडी।
Live Score, India vs South Africa (IND vs SA) 2nd ODI: नमस्कार, अमर उजाला के लाउव ब्लॉग में आपका स्वागत है। भारत और दक्षिण अफ्रीका के बीच तीन मैचों की वनडे सीरीज का दूसरा मुकाबला पार्ल के मैदान में खेला जा रहा है। इसी मैदान में खेले गए सीरीज के पहले मैच में भारत को 31 रनों से हार का सामना करना पड़ा था। ऐसे में टीम इंडिया पलटवार के इरादे से उतरेगी। सीरीज के लिहाज से भारत के लिए यह मैच करो या मरो का है। अगर टीम इंडिया मैच हार जाती है तो सीरीज में गंवा देगी।
दक्षिण अफ्रीका में भारत अब तक सिर्फ एक बार वनडे सीरीज जीत पाया है। भारतीय टीम ने जब पिछली बार दक्षिण अफ्रीका का दौरा किया था, तब विराट की कप्तानी में भारत ने जीत हासिल की थी। हालांकि इससे पहले भारत यहां कोई वनडे सीरीज नहीं जीता है। हाल ही में टेस्ट सीरीज में भारत ने 1-0 की बढ़त बनाई थी, लेकिन बाद में उसे 1-2 से हार का सामना करना पड़ा। यह मैच और वनडे सीरीज जीतने के लिए भारत को अपने प्रदर्शन में सुधार करना होगा।
बावुमा और डुसेन से निपटना बड़ी चुनौती
सीरीज के पहले मैच में टेम्बा बावुमा और रासी वन डर डुसेन ने चौथे विकेट के लिए 204 रन की साझेदारी की थी और अफ्रीका का स्कोर 296 तक ले गए थे। इसी वजह से भारत को इस मैच में हार का सामना करना पड़ा। इस मैच में भी भारत के सामने इन दोनों को रोकना बड़ी चुनौती होगी। ऐसे में देखना होगा कि कप्तान राहुल और कोच द्रविड़ इन दोनों के खिलाफ क्या रणनीति बनाते हैं।
मध्यक्रम और गेंदबाजी में भी सुधार की जरूरत
पिछले मैच में बड़े लक्ष्य के बावजूद भारत जीत के करीब पहुंच रहा था और कोहली-धवन की जोड़ी ने भारत को अच्छी स्थिति में पहुंचा दिया था। हालांकि इन दोनों के आउट होते ही टीम इंडिया ताश के पत्तों की तरह ढह गई। भारत का मध्यक्रम फिर फेल रहा। ऐसे में भारत को मैच जीतना है तो मध्यक्रम के बल्लेबाजों को अच्छा योगदान देना होगा। वहीं भारत के गेंदबाज बीच के ओवरों में विकेट नहीं ले पाए थे। साथ ही अंत में रन रोकने में भी नाकामयाब रहे थे। दूसरे मैच में टीम इंडिया को इस कमी को भी दूर करना होगा।