फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

IND vs PAK Highlights: भारत ने पाकिस्तान को छह विकेट से हराया, अभिषेक का पचासा; गिल ने भी दिखाया दम

Sun, 21 Sep 2025 11:59 PM IST
शोभित चतुर्वेदी स्पोर्ट्स डेस्क, अमर उजाला, दुबई

खास बातें

India vs Pakistan Live Asia Cup 2025 Super 4: सूर्यकुमार यादव की अगुआई वाली भारतीय टीम ने एशिया कप में अपना विजयी अभियान जारी रखते हुए एक बार फिर पाकिस्तान को करारी शिकस्त दी। इस मैच में अभिषेक शर्मा और शुभमन गिल का बल्ला गरजा जिससे टीम ने आसानी से लक्ष्य हासिल कर लिया।
विज्ञापन
अभिषेक शर्मा और शुभमन गिल - फोटो : BCCI
विज्ञापन

लाइव अपडेट

11:58 PM, 21-Sep-2025

IND vs PAK Live Score: भारत ने छह विकेट से जीता मैच

भारत ने एशिया कप के सुपर चार चरण के मैच में पाकिस्तान को छह विकेट से हराकर विजयी अभियान जारी रखा है। भारत ने इस मैच में टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला लिया। पाकिस्तान ने साहिबजादा फरहान के अर्धशतक की मदद से 20 ओवर में पांच विकेट पर 171 रन बनाए। जवाब में अभिषेक शर्मा और शुभमन गिल ने भारत को दमदार शुरुआत दिलाई और दोनों के बीच पहले विकेट के लिए शतकीय साझेदारी हुई। भारत ने 18.5 ओवर में चार विकेट पर 174 रन बनाकर मैच अपने नाम किया। 

भारत के लिए अभिषेक ने शानदार बल्लेबाजी की और 39 गेंदों पर छह चौकों और पांच छक्कों की मदद से 74 रन बनाए। उन्होंने गिल के साथ पहले विकेट के लिए 105 रनों की साझेदारी की। मौजूदा टूर्नामेंट में किसी भी टीम के लिए किसी भी विकेट के लिए पहली 100+ साझेदारी है।

11:54 PM, 21-Sep-2025

IND vs PAK Live Score: जीत के करीब पहुंचा भारत

पाकिस्तान के खिलाफ भारतीय टीम जीत के करीब पहुंच गई है। 18 ओवर की समाप्ति के बाद भारत ने चार विकेट पर 163 रन बनाए हैं और उसे 12 गेंदों पर नौ रन बनाने हैं। क्रीज पर हार्दिक पांड्या के साथ तिलक वर्मा मौजूद हैं। 

11:46 PM, 21-Sep-2025

IND vs PAK Live Score: भारत का चौथा विकेट गिरा

हारिस रऊफ ने संजू सैमसन को आउट कर भारत को चौथा झटका दिया। सैमसन पांचवें नंबर पर बल्लेबाजी के लिए उतरे थे, लेकिन 17 गेंदों पर एक चौके की मदद से 13 रन बनाकर आउट हो गए। 

विज्ञापन
11:42 PM, 21-Sep-2025

IND vs PAK Live Score: भारत का स्कोर 150 के करीब

पाकिस्तान के खिलाफ लक्ष्य का पीछा करते हुए भारत का स्कोर 150 के करीब पहुंच गया है। क्रीज पर संजू सैमसन के साथ तिलक वर्मा मौजूद हैं। भारत ने 16 ओवर की समाप्ति के बाद तीन विकेट पर 145 रन बनाए हैं। 

11:25 PM, 21-Sep-2025

IND vs PAK Live Score: अभिषेक की पारी समाप्त

अबरार अहमद ने अभिषेक शर्मा की पारी का अंत कर भारत को तीसरा झटका दिया। अभिषेक शानदार बल्लेबाजी कर रहे थे और 39 गेंदों पर छह चौकों और पांच छक्कों की मदद से 74 रन बनाकर आउट हुए। भारत ने 123 रन के स्कोर पर तीसरा विकेट गंवाया है। 

विज्ञापन
11:14 PM, 21-Sep-2025

IND vs PAK Live Score: सूर्यकुमार खाता खोले बिना आउट

पाकिस्तान को दूसरी सफलता मिली है और भारतीय कप्तान सूर्यकुमार यादव खाता खोले बिना आउट हो गए हैं। अभिषेक और गिल ने लक्ष्य का पीछा करते हुए भारत को अच्छी शुरुआत दिलाई थी, लेकिन पाकिस्तान ने गिल के बाद सूर्यकुमार का विकेट लेकर वापसी की कोशिश की है। 

11:10 PM, 21-Sep-2025

IND vs PAK Live Score: भारत को पहला झटका

भारतीय टीम के उपकप्तान शुभमन गिल के रूप में पहला झटका लगा है। फहीम अशरफ ने गिल को बोल्ड किया जो अर्धशतक लगाने से चूक गए। गिल ने 28 गेंदों पर आठ चौकों की मदद से 47 रन बनाकर आउट हुए। गिल और अभिषेक के बीच पहले विकेट के लिए 105 रनों की साझेदारी हुई। 

10:56 PM, 21-Sep-2025

IND vs PAK Live Score: अभिषेक ने 24 गेंदों में जड़ा पचासा

अभिषेक शर्मा ने 24 गेंदों में अपने टी20 अंतरराष्ट्रीय करियर का तीसरा अर्धशतक पूरा किया। वह शानदार फॉर्म में नजर आ रहे हैं और शुभमन गिल के साथ पाकिस्तान पर पूरी तरह दबाव बना रहे हैं। भारतीय उपकप्तान भी अर्धशतक के करीब हैं।

10:48 PM, 21-Sep-2025

IND vs PAK Live Score: पावरप्ले में भारत ने 69 रन बनाए

पावरप्ले समाप्त हो चुका है। शुभमन गिल और अभिषेक शर्मा ने टीम को आतिशी शुरुआत दिलाई। भारत ने शुरुआती छह ओर में बिना कोई विकेट गंवाए 69 रन बना लिए हैं।

10:42 PM, 21-Sep-2025

IND vs PAK Live score: भारत ने पूरे किए 50 रन

भारत ने पाकिस्तान के खिलाफ लक्ष्य का पीछा करते हुए शानदार शुरुआत की है। भारत ने पावरप्ले खत्म होने से पहले ही 50 रनों का आंकड़ा छू लिया है। भारत ने पांच ओवर की समाप्ति के बाद बिना किसी नुकसान के 55 रन बनाए हैं। 

10:30 PM, 21-Sep-2025

IND vs PAK Live score: तीन ओवर के बाद भारत के 31 रन

भारत ने तीन ओवर पूरे होने के बाद 31 रन बना लिए हैं। शुभमन गिल ने शाहीन अफरीदी के ओवर की आखिरी गेंद पर चौका जड़ा है।

10:23 PM, 21-Sep-2025

IND vs PAK Live score: भारत की पारी शुरू

पाकिस्तान के खिलाफ लक्ष्य का पीछा करते हुए भारत की पारी शुरू हो गई है। अभिषेक शर्मा ने शाहीन अफरीदी की पहली ही गेंद पर छक्का लगाकर शुरुआत की है। अभिषेक के साथ शुभमन गिल क्रीज पर मौजूद हैं। 

09:59 PM, 21-Sep-2025

IND vs PAK Live score: पाकिस्तान की पारी समाप्त

पाकिस्तान ने भारत के सामने एशिया कप के मुकाबले में 172 रनों का लक्ष्य रखा है। भारत ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया, लेकिन पाकिस्तान ने भारत की खराब फील्डिंग का फायदा उठाया और 20 ओवर में पांच विकेट पर 171 रन बनाए। पाकिस्तान के लिए सलामी बल्लेबाजी साहिबजादा फरहान ने 58 रनों की पारी खेली। भारत की ओर से शिवम दुबे को दो विकेट मिले, जबकि हार्दिक पांड्या और कुलदीप यादव को एक-एक विकेट मिला। 

09:48 PM, 21-Sep-2025

IND vs PAK Live score: नवाज आउट हुए

मोहम्मद नवाज रन आउट होकर पवेलियन लौट गए हैं। सलमान आगा ने बुमराह की गेंद पर एक रन लेने की कोशिश की, आगा को क्रीज पर पहुंच गए, लेकिन नवाज क्रीज तक नहीं पहुंच सके थे। सूर्यकुमार ने इसे देखा और गेंद थ्रो कर दी। नवाज 19 गेंदों पर एक चौका और एक छक्के की मदद से 21 रन बनाकर आउट हुए। 

09:45 PM, 21-Sep-2025

IND vs PAK Live score: सलमान-नवाज के बीच साझेदारी

कप्तान सलमान आगा और मोहम्मद नवाज के बीच पांचवें विकेट के लिए साझेदारी पनप रही है। पाकिस्तान ने 18 ओवर की समाप्ति के बाद चार विकेट पर 146 रन बनाए हैं। 

09:23 PM, 21-Sep-2025

IND vs PAK Live score: फरहान अर्धशतक लगाकर आउट

शिवम दुबे ने साहिबजादा फरहान को आउट कर भारत को चौथी सफलता दिलाई। फरहान को मैच में तीन बार जीवनदान मिला था, लेकिन इस बार सूर्यकुमार यादव ने कैच पकड़ने में कोई गलती नहीं की और उनकी पारी का अंत किया। फरहान 45 गेंदों पर पांच चौकों और तीन छक्कों की मदद से 58 रन बनाकर आउट हुए। 

09:17 PM, 21-Sep-2025

India vs Pakistan Match Live Score: पाकिस्तान को तीसरा झटका

कुलदीप यादव ने हुसैन तलत को आउट कर पाकिस्तान को तीसरा झटका दिया है। तलत 11 गेंदों पर 10 रन बनाकर आउट हुए। साहिबजादा फरहान हालांकि, क्रीज पर मौजूद हैं और उनका साथ देने के लिए मोहम्मद नवाज उतरे हैं। 

09:03 PM, 21-Sep-2025

India vs Pakistan Match Live Score: अयूब पवेलियन लौटे

भारत को सैम अयूब के रूप में दूसरी सफलता मिली है। शिवम दुबे ने अयूब को आउट कर भारत को बड़ी सफलता दिलाई। अयूब 17 गेंदों पर एक चौके और एक छक्के की मदद से 21 रन बनाकर आउट हुए। इसी के साथ अयूब और फरहान के बीच दूसरे विकेट के लिए 72 रनों की साझेदारी का अंत हुआ। दिलचस्प बात यह है कि इस विकेट से ठीक पहले ड्रिंक्स ब्रेक के दौरान मुख्य कोच गौतम गंभीर मैदान पर आए थे और उन्होंने खिलाड़ियों का हौसला बढ़ाया था। इसके बाद ही भारत ये साझेदारी तोड़ने में सफल रहा। 

08:54 PM, 21-Sep-2025

India vs Pakistan Match Live Score: फरहान का पचासा

पाकिस्तान के सलामी बल्लेबाज साहिबजादा फरहान ने दो बार मिली जीवनदान का पूरा फायदा उठाया और 34 गेंदों पर अपना अर्धशतक पूरा किया। फरहान को अभिषेक और कुलदीप ने जीवनदान दिया। फरहान ने अर्धशतक लगाने के बाद बंदूक का इशारा किया। साहिबजादा फरहान को इस दौरान दो बार जीवनदान मिले। फरहान जब खाता भी नहीं खोल सके थे उस वक्त अभिषेक शर्मा ने उनका कैच छोड़ा और अब 16 रन के स्कोर पर कुलदीप यादव ने उनका आसान सा कैच छोड़ा था।  

08:50 PM, 21-Sep-2025

India vs Pakistan Match Live Score: फरहान-अयूब के बीच अर्धशतकीय साझेदारी

साहिबजादा फरहान और सैम अयूब के बीच दूसरे विकेट के लिए अर्धशतकीय साझेदारी पूरी हो चुकी है। भारत को खराब फील्डिंग का खामियाजा भुगतना पड़ रहा है। फरहान और अयूब ने गियर बदला और दोनों बल्लेबाज आक्रामक बल्लेबाजी कर रहे हैं। पाकिस्तान ने नौ ओवर की समाप्ति के बाद एक विकेट पर 83 रन बनाए हैं। 

08:39 PM, 21-Sep-2025

India vs Pakistan Match Live Score: पावरप्ले समाप्त

भारत को पावरप्ले में एक सफलता मिली, जबकि पाकिस्तान ने पिछले मैच की तुलना में अच्छी शुरुआत की है। पहले छह ओवर में भारत की फील्डिंग अच्छी नहीं रही है और उसने दो कैच छोड़े। पाकिस्तान ने छह ओवर की समाप्ति के बाद एक विकेट पर 55 रन बनाए। 

08:33 PM, 21-Sep-2025

India vs Pakistan Match Live Score: फरहान को फिर मिला जीवनदान

साहिबजादा फरहान को भारत के खिलाफ दूसरी बार जीवनदान मिला। फरहान जब खाता भी नहीं खोल सके थे उस वक्त अभिषेक शर्मा ने उनका कैच छोड़ा और अब 16 रन के स्कोर पर कुलदीप यादव ने उनका आसान सा कैच छोड़ दिया। 

08:17 PM, 21-Sep-2025

India vs Pakistan Match Live Score: भारत को मिली पहली सफलता

हार्दिक पांड्या ने तीसरे ओवर में भारत को पहली सफलता दिलाई है। पाकिस्तान के सलामी बल्लेबाज फखर जमां विकेट के पीछे संजू सैमसन को कैच देकर आउट हो गए हैं। फखर और साहिबजादा फरहान ने पाकिस्तान को तेज शुरुआत देने की कोशिश की, लेकिन हार्दिक ने फखर को आउट कर भारत को सफलता दिलाई। फखर नौ गेंदों पर तीन चौकों की मदद से 15 रन बनाकर आउट हुए। 

08:06 PM, 21-Sep-2025

India vs Pakistan Match Live Score: अभिषेक ने छोड़ा कैच

अभिषेक शर्मा ने साहिबजादा फरहान का कैच छोड़ दिया जिससे उन्हें जीवनदान मिला। भारत को एक बार फिर पहले ही ओवर में सफलता मिल सकती थी, लेकिन अभिषेक कैच लपक नहीं सके। फरहान खाता भी नहीं खोल सके थे, लेकिन भाग्यशाली रहे। 

08:01 PM, 21-Sep-2025

India vs Pakistan Match Live Score: पाकिस्तान की बल्लेबाजी शुरू

भारत और पाकिस्तान के बीच एशिया कप के सुपर चार चरण का मैच शुरू हो गया है। पाकिस्तान इस मैच में पहले बल्लेबाजी कर रहा है और उसके लिए साहिबजादा फरहान और फखर जमां बल्लेबाजी के लिए उतरे हैं। भारत की ओर से हार्दिक पांड्या ने नई गेंद से शुरुआत की है। हार्दिक की पहली गेंद साहिबजादा के हाथ में लगी जिस वजह से मैदान पर फिजियो बुलाना पड़ा है। 

07:35 PM, 21-Sep-2025

IND vs PAK Live Score: दोनों टीमों की प्लेइंग 11

भारत : अभिषेक शर्मा, शुभमन गिल, संजू सैमसन (विकेटकीपर), सूर्यकुमार यादव (कप्तान), तिलक वर्मा, शिवम दुबे, हार्दिक पांड्या, अक्षर पटेल, जसप्रीत बुमराह, कुलदीप यादव, वरुण चक्रवर्ती।
पाकिस्तान : सैम अयूब, साहिबजादा फरहान, फखर जमां, सलमान आगा (कप्तान), हुसैन तलत, मोहम्मद हारिस (विकेटकीपर), मोहम्मद नवाज, फहीम अशरफ, शाहीन अफरीदी, हारिस रऊफ, अबरार अहमद।

07:31 PM, 21-Sep-2025

IND vs PAK Live Score: महामुकाबले में भारत ने जीता टॉस, गेंदबाजी चुनी

सुपर-4 के अपने पहले मुकाबले में भारत ने टॉस जीतकर गेंदबाजी का फैसला किया है। कप्तान सूर्यकुमार यादव ने भारत की प्लेइंग 11 में दो बदलाव किए हैं। जसप्रीत बुमराह और वरुण चक्रवर्ती की वापसी हुई है। दोनों को हर्षित राणा और अर्शदीप सिंह की जगह मौका मिला है। वहीं, पाकिस्तान ने ने भी दो बदलाव किए हैं। हसन नवाज और खुशदिल शाह इस मैच में नहीं खेल रहे हैं।

07:08 PM, 21-Sep-2025

India vs Pakistan Match Live Score: मैदान पर अभ्यास कर रहे खिलाड़ी

पाकिस्तान के खिलाफ मैच से पहले भारतीय खिलाड़ी मैदान पर अभ्यास कर रहे हैं। इस दौरान कप्तान सूर्यकुमार यादव बल्लेबाजी अभ्यास करते नजर आए। अब से कुछ ही देर में टॉस होगा। यह देखना दिलचस्प रहेगा कि भारत प्लेइंग-11 में बदलाव करता है या नहीं। 

06:48 PM, 21-Sep-2025

India vs Pakistan Match Live Score: दोनों टीमें स्टेडियम पहुंचीं

भारत और पाकिस्तान की टीमें एशिया कप में सुपर चार चरण के मुकाबले के लिए दुबई इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम पहुंच गई हैं। दोनों टीमों के बीच मैच भारतीयसमयानुसार रात आठ बजे से होगा, जबकि टॉस इससे आधे घंटे पहले यानी शाम 7.30 बजे होगा। 
 

05:56 PM, 21-Sep-2025

IND vs PAK Match Live Score: गावस्कर ने प्लेइंग-11 बरकरार रखने कहा

भारतीय टीम के दिग्गज खिलाड़ी सुनील गावस्कर ने भारत से प्लेइंग-11 बरकरार रखने कहा है। उन्होंने कहा, मैं यही चाहता हूं। हमने देखा कि अर्शदीप और हर्षित ने कुछ रन लुटाए थे। यह स्पष्ट है कि भारत नई गेंद से बुमराह और हार्दिक पांड्या के साथ जाएगा और फिर स्पिनरों से गेंदबाजी कराएगा।

05:22 PM, 21-Sep-2025

IND vs PAK Live Score: पायक्रॉफ्ट को मिला अश्विन का समर्थन

भारत के पूर्व ऑफ स्पिनर रविचंद्रन अश्विन ने मैच के बाद भारतीय खिलाड़ियों का पाकिस्तान के खिलाड़ियों के साथ हाथ नहीं मिलाने के विवाद के बीच मैच रेफरी एंडी पायक्रॉफ्ट का समर्थन करते हुए कहा कि जिम्बाब्वे का अधिकारी कोई ‘स्कूल शिक्षक’ नहीं है और वह केवल अनावश्यक तमाशे से बचने के लिए अपनी भूमिका को अच्छी तरह से निभा रहे थे।

04:56 PM, 21-Sep-2025

IND vs PAK Live Score: एक और प्रभावशाली जीत दर्ज करने उतरेगा भारत 

रविवार हमेशा सबसे आरामदायक दिन नहीं होता है और पिछले मैच में भारत को सात विकेट से जीत दिलाने में अहम भूमिका निभाने वाले सूर्यकुमार भी इस बात की पुष्टि करते हैं। भारत और पाकिस्तान की टीमें जब आमने-सामने होती हैं तो उनके खिलाड़ियों के बीच तनाव बना रहता है, लेकिन इस बार यह नए स्तर पर पहुंच गया है। विवाद के बीच जब भारतीय टीम पाकिस्तान का सामना करने उतरेगी तो उसका लक्ष्य अपनी स्पिन तिकड़ी के दम पर अपने इस चिर प्रतिद्वंद्वी के के खिलाफ एक और प्रभावशाली जीत दर्ज करना होगा।

03:58 PM, 21-Sep-2025

IND vs PAK Live Score: भारत ने बल्लेबाजी क्रम में किए थे प्रयोग 

भारत ने ग्रुप चरण में दमदार प्रदर्शन किया और अपने तीनों मैच जीतकर ग्रुप ए में शीर्ष पर रही। भारत ने ओमान के खिलाफ प्लेइंग-11 में दो बदलाव किए थे और जसप्रीत बुमराह तथा वरुण चक्रवर्ती को आराम देकर तेज गेंदबाज अर्शदीप सिंह और हर्षित राणा को मौका दिया था। भारत ने पहले बल्लेबाजी करने का फैसला लिया और ओमान के खिलाफ अपने बल्लेबाजी आक्रमण को परखा। कप्तान सूर्यकुमार यादव ने इस मैच में बल्लेबाजी क्रम में प्रयोग किए और खुद को 11वें नंबर पर बल्लेबाजी के लिए रखा, जबकि संजू सैमसन को तीसरे स्थान पर बल्लेबाजी के लिए भेजा। सैमसन ने इस मौके का फायदा उठाते हुए अर्धशतक जड़ा।

ओमान के खिलाफ भारत को बल्लेबाजी और गेंदबाजी दोनों विभाग में सबक मिले और इसने दिखाया कि भारतीय टीम को कहां सुधार करने की जरूरत है। भारत ने पहले दो मैच जहां आसानी से अपने नाम किए थे, वहीं ओमान के खिलाफ जीत दर्ज करने के लिए उसे मेहनत करनी पड़ी। पाकिस्तान के खिलाफ यह तय माना जा रहा है कि भारत अपनी पिछली रणनीति ही अपनाएगा। दरअसल, टीम पहले दो मैच में तीन स्पिनर और बुमराह के रूप में एक विशेषज्ञ तेज गेंदबाज के साथ खेलने उतरी थी। यह रणनीति सफल रही थी।

03:58 PM, 21-Sep-2025

IND vs PAK Live Score: अर्शदीप-हर्षित को बैठना पड़ सकता है बाहर

भारत ने ओमान के खिलाफ अर्शदीप और हर्षित को परखा, लेकिन ये दोनों ही गेंदबाज बहुत ज्यादा प्रभावी नहीं रहे। अर्शदीप ने हालांकि, टी20 अंतरराष्ट्रीय में 100 विकेट पूरे किए और वह ऐसा करने वाले भारत के पहले गेंदबाज बने। दूसरी ओर, हर्षित को भी एक सफलता मिली, लेकिन दुबई की पिच धीमी होती है जहां स्पिनरों को मदद मिलती है। भारत को अक्षर पटेल, कुलदीप यादव और वरुण चक्रवर्ती की स्पिन तिकड़ी से उम्मीदें होंगी। अक्षर ओमान के खिलाफ चोटिल हो गए जिसने भारत की चिंता बढ़ाई, लेकिन फील्डिंग कोच टी दिलीप ने स्पष्ट किया कि अक्षर अच्छी स्थिति में हैं जिससे इस बात की संभावना बढ़ गई है कि वह पाकिस्तान के खिलाफ मैच का हिस्सा होंगी। 

अगर अक्षर फिट नहीं हो पाते हैं तो उनकी जगह वाशिंगटन सुंदर या रियान पराग को मिल सकती है। ऐसे में हो सकता है कि भारत इस स्पिन तिकड़ी के साथ दोबारा उतरे और तेज गेंदबाज के तौर पर बुमराह और हार्दिक पांड्या जिम्मेदारी संभालें। पाकिस्तान के खिलाफ पिछले मैच में इस स्पिन तिकड़ी ने कुल छह विकेट चटकाए थे, जबकि बुमराह और हार्दिक ने मिलकर तीन विकेट लिए थे। भारत इस मैच की महत्वता को देखते हुए अधिक बदलाव नहीं करेगा और अपने पिछले विजयी संयोजन पर ही आगे बढ़ने की सोचेगा। ऐसे में अर्शदीप और हर्षित को फिर बाहर बैठना पड़ सकता है और उनके जगह बुमराह-वरुण की प्लेइंग-11 में वापसी हो सकती है। 

03:28 PM, 21-Sep-2025

IND vs PAK Live Score: बल्लेबाजों की फॉर्म चिंता का विषय

ओमान के खिलाफ भारत की बल्लेबाजी उम्मीद के अनुरूप नहीं रही। सैमसन के अलावा अन्य बल्लेबाज ज्यादा प्रभावी नहीं दिखे। सबसे ज्यादा चिंता की बात शुभमन गिल का प्रदर्शन नहीं कर पाना है और उन्हें अब जल्द ही अपनी फॉर्म में लौटना होगा। वहीं, अभिषेक शर्मा को भी अच्छी शुरुआत को बड़ी पारी में बदलना होगा। ओमान के खिलाफ तीसरे नंबर पर सैमसन उतरे थे और अब यह देखना दिलचस्प रहेगा कि भारतीय टीम प्रबंधन पाकिस्तान के खिलाफ उन्हें किस स्थान पर बल्लेबाजी के लिए भेजता है। इस बात की संभावना अधिक है कि तीसरे नंबर पर सूर्यकुमार ही उतरेंगे और सैमसन पांचवें नंबर पर बल्लेबाजी करते दिख सकते हैं। 

02:59 PM, 21-Sep-2025

IND vs PAK Live Score: दुबई में आंकड़े

दुबई में दोनों टीमें चार बार टी20 में भिड़ चुकी हैं। इनमें से भारत को दो मैच में जीत मिली, जबकि पाकिस्तान ने दो मैच जीते हैं। 

01:55 PM, 21-Sep-2025

IND vs PAK Live Score: भारत-पाकिस्तान टी20 आंकड़े

टी20 में दोनों टीमों के बीच ओवरऑल रिकॉर्ड की बात करें तो भारत और पाकिस्तान के बीच अब तक कुल 14 टी20 मुकाबले खेले गए हैं। इनमें से टीम इंडिया ने 10 मैच जीते हैं, जबकि पाकिस्तान को तीन मैचों में जीत मिली। एक मैच टाई रहा।

01:50 PM, 21-Sep-2025

IND vs PAK Live Score: एशिया कप में भारत का पलड़ा भारी

एशिया कप में वनडे और टी20 दोनों प्रारूपों को मिलाकर भारत और पाकिस्तान की टीमें 20 बार आमने-सामने आ चुकी हैं। इनमें से भारत ने 11 मुकाबले जीते हैं और पाकिस्तान ने छह मैच जीते हैं। तीन मैच बेनतीजा रहे हैं।

11:54 AM, 21-Sep-2025

IND vs PAK Highlights: भारत ने पाकिस्तान को छह विकेट से हराया, अभिषेक का पचासा; गिल ने भी दिखाया दम

Live Cricket Score Today, T20 Asia Cup IND vs PAK 2025: नमस्कार! अमर उजाला के लाइव ब्लॉग में आपका स्वागत है। भारत और पाकिस्तान के बीच आज दुबई में एशिया कप के सुपर चार चरण का मुकाबला खेला जाएगा। भारत ने चिर प्रतिद्वंद्वी टीम को ग्रुप चरण में एकतरफा अंदाज में हराया था और सूर्यकुमार की अगुआई वाली टीम एक बार फिर पाकिस्तान को धूल चटाना चाहेगी। 

विज्ञापन
MORE
AU ऐप में पढ़ें