फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

IND vs PAK Highlights: भारत ने पाकिस्तान को सात विकेट से हराया, सूर्यकुमार ने छक्का लगाकर दिलाई जीत

Sun, 14 Sep 2025 11:17 PM IST
शोभित चतुर्वेदी स्पोर्ट्स डेस्क, अमर उजाला, दुबई

खास बातें

T20 Asia Cup IND vs PAK 2025: भारत और पाकिस्तान के बीच एशिया कप में आज मुकाबला हुआ। भारत ने इस मैच में गेंदबाजी के साथ-साथ बल्ले से दमदार प्रदर्शन किया और लगातार दूसरी जीत हासिल की।

विज्ञापन
सूर्यकुमार यादव - फोटो : BCCI
विज्ञापन

लाइव अपडेट

11:17 PM, 14-Sep-2025

IND vs PAK Live Score: भारत की धमाकेदार जीत

भारतीय टीम ने पाकिस्तान को एशिया कप के मुकाबले में सात विकेट से हराकर लगातार दूसरी जीत दर्ज की। भारत ने पाकिस्तान को 25 गेंदों के शेष रहते हराकर मौजूदा टूर्नामेंट में लगातार दूसरी जीत दर्ज की। मुकाबले में कप्तान सूर्यकुमार यादव ने छक्का लगाकर टीम को जीत दिलाई। इसके बाद वह पवेलियन की तरफ लौट आए। उन्होंने पाकिस्तान के खिलाड़ियों से हाथ नहीं मिलाया। ऐसा ही बाकी खिलाड़ियों ने भी किया। इस मैच में टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी पाकिस्तान की टीम ने 20 ओवर में नौ विकेट पर 127 रन बनाए। जवाब में भारत ने 15.5 ओवर में तीन विकेट पर 131 रन बनाए और मैच अपने नाम कर लिया।

भारतीय गेंदबाजों के बाद बल्लेबाजों ने भी निराश नहीं किया और आसानी से लक्ष्य हासिल कर लिया। भारत को एक बार फिर अभिषेक शर्मा और शुभमन गिल ने अच्छी शुरुआत दिलाई, लेकिन दोनों पावरप्ले में ही अपने विकेट गंवा बैठे। गिल 10 रन बनाकर आउट हुए, जबकि अभिषेक ने 31 रन बनाए। इसके बाद मोर्चा कप्तान सूर्यकुमार ने तिलक वर्मा के साथ संभाला। दोनों बल्लेबाजों के बीच तीसरे विकेट के लिए 56 रनों की साझेदारी हुई। तिलक 31 रन बनाकर आउट हुए। फिर शिवम दुबे और सूर्यकुमार ने मिलकर भारत के लिए जीत की औपचारिकता पूरी की। भारत के लिए सूर्यकुमार 47 रन बनाकर नाबाद लौटे, जबकि दुबे 10 रन बनाकर नाबाद रहे। पाकिस्तान की ओर से तीनों विकेट सैम अयूब को मिले। भारत ने इसके साथ ही सुपर चार चरण के लिए दावा मजबूत कर लिया है। 

11:12 PM, 14-Sep-2025

IND vs PAK Live Score: जीत के करीब पहुंचा भारत

पाकिस्तान के खिलाफ भारतीय टीम जीत के करीब पहुंच गई है। भारत को अब 30 गेंदों पर पांच रनों की जरूरत है। क्रीज पर सूर्यकुमार यादव के साथ शिवम दुबे मौजूद हैं। 

11:05 PM, 14-Sep-2025

IND vs PAK Live Score: भारत का स्कोर 100 के पार

भारतीय टीम ने पाकिस्तान के खिलाफ लक्ष्य का पीछा करते हुए 100 रनों का आंकड़ा छू लिया है। भारतीय टीम को अब जीत के लिए 27 रन और चाहिए। 

विज्ञापन
11:02 PM, 14-Sep-2025

IND vs PAK Live Score: भारत को लगा तीसरा झटका

भारतीय टीम को तिलक वर्मा के रूप में तीसरा झटका लगा है। तिलक और सूर्यकुमार ने तीसरे विकेट के लिए 56 रनों की साझेदारी की, लेकिन सैम अयूब ने तिलक को पवेलियन भेजा। तिलक 31 गेंदों पर दो चौकों और एक छक्के की मदद से 31 रन बनाए। 

10:47 PM, 14-Sep-2025

IND vs PAK Live Score: भारत का स्कोर 80 के पार

पाकिस्तान के खिलाफ लक्ष्य का पीछा करते हुए भारत का स्कोर 80 रन के पार पहुंच गया है। भारत ने पावरप्ले में दो विकेट गंवा दिए थे, लेकिन सूर्यकुमार यादव ने तिलक वर्मा के साथ मिलकर पारी को संभाला। भारत ने 10 ओवर की समाप्ति के बाद दो विकेट पर 88 रन बनाए हैं और उसे जीत के लिए अब 60 गेंदों पर 40 रन बनाने हैं। 

विज्ञापन
10:33 PM, 14-Sep-2025

IND vs PAK Live Score: पावरप्ले समाप्त

भारत ने पाकिस्तान के खिलाफ लक्ष्य का पीछा करते हुए पावरप्ले में 60 रनों का आंकड़ा पार कर लिया। भारत ने छह ओवर की समाप्ति के बाद दो विकेट पर 61 रन बनाए हैं। पाकिस्तान ने पावरप्ले में दो सफलताएं हासिल की और शुभमन गिल और अभिषेक शर्मा के विकेट चटकाए। 

10:21 PM, 14-Sep-2025

IND vs PAK Live Score: भारत को दूसरा झटका

अभिषेक शर्मा की शानदार बल्लेबाजी का अंत हो गया है और वह एक बार फिर अच्छी शुरुआत को बड़ी पारी में नहीं बदल सके। अभिषेक 13 गेंदों पर चार चौकों और दो छक्कों की मदद से 31 रन बनाकर आउट हुए। भारत ने 128 रनों के लक्ष्य का पीछा करते हुए दो विकेट 41 रन पर गंवा दिए हैं। 

10:13 PM, 14-Sep-2025

IND vs PAK Live Score: भारत का पहला विकेट गिरा

पाकिस्तान के खिलाफ लक्ष्य का पीछा करते हुए भारत का पहला विकेट गिर गया है। शुभमन गिल अपना विकेट गंवा बैठे और सात गेंदों पर दो चौकों की मदद से 10 रन बनाकर आउट हुए। 

10:06 PM, 14-Sep-2025

IND vs PAK Live Score: भारत की पारी शुरू

128 रनों के लक्ष्य का पीछा करने के लिए भारतीय टीम तैयार है। अभिषेक शर्मा और शुभमन गिल क्रीज पर पर मौजूद हैं। दोनों अच्छी फॉर्म में नजर आ रहे हैं।

09:44 PM, 14-Sep-2025

India vs Pakistan Match Live: पाकिस्तान की पारी समाप्त

एशिया कप 2025 का महामुकाबला दुबई अंतरराष्ट्रीय स्टेडियम पर भारत और पाकिस्तान के बीच खेला जा रहा है। इस मैच में टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी पाकिस्तान की टीम ने 20 ओवर में नौ विकेट पर 127 रन बनाए। उनके लिए साहिबजादा फरहान ने सर्वाधिक 40 रन बनाए। वहीं, भारत के लिए कुलदीप यादव ने तीन और जसप्रीत बुमराह व अक्षर पटेल ने दो-दो विकेट झटके। इसके अलावा हार्दिक पांड्या और वरुण चक्रवर्ती ने एक-एक विकेट झटके।

09:39 PM, 14-Sep-2025

India vs Pakistan Match Live: पाकिस्तान को नौवां झटका

जसप्रीत बुमराह ने सुफियान मुकीम को बोल्ड कर पाकिस्तान को नौवां झटका दिया है। मुकीम ने बुमराह की गेंद पर दो बाउंड्री लगाई थी, लेकिन बुमराह ने 19वें ओवर की आखिरी गेंद पर उन्हें बोल्ड किया। मुकीम छह गेंदों पर 10 रन बनाकर आउट हुए। 

09:36 PM, 14-Sep-2025

India vs Pakistan Match Live: पाकिस्तान के 100 रन पूरे

गिरते विकेटों के बीच पाकिस्तान ने 100 रनों का आंकड़ा पार कर लिया है। मुकीम ने बुमराह के ओवर से लगातार बाउंड्री निकाली जिससे पाकिस्तान का स्कोर 110 रन के पार पहुंच गया है। 

09:31 PM, 14-Sep-2025

India vs Pakistan Match Live: पाकिस्तान का आठवां विकेट गिरा

वरुण चक्रवर्ती ने फहीम अशरफ को आउट कर पाकिस्तान को आठवां झटका दिया। फहीम 14 गेंदों पर एक चौके की मदद से 11 रन बनाकर आउट हुए। पाकिस्तान ने इस तरह 97 के स्कोर पर आठवां विकेट गंवा दिया है। 

09:23 PM, 14-Sep-2025

India vs Pakistan Match Live: साहिबजादा फरहान पवेलियन लौटे

कुलदीप यादव ने दमदार गेंदबाजी जारी रखते हुए पाकिस्तान को सातवां झटका दिया। कुलदीप ने साहिबजादा फरहान को पवेलियन की राह दिखाई जो अच्छी बल्लेबाजी कर रहे थे। फरहान 44 गेंदों पर एक चौका और तीन छक्कों की मदद से 40 रन बनाकर आउट हुए। पाकिस्तान ने 83 रन के स्कोर पर सात विकेट गंवा दिए हैं। 

09:07 PM, 14-Sep-2025

India vs Pakistan Match Live: कुलदीप को लगातार दूसरी सफलता

कुलदीप ने लगातार दूसरी गेंद पर विकेट हासिल किया और पाकिस्तान को छठा झटका दिया। कुलदीप ने पहले हसन नवाज को आउट किया और फिर अगली ही गेंद पर मोहम्मद नवाज को एलबीडब्ल्यू कर पवेलियन भेजा। मोहम्मद नवाज खाता भी नहीं खोल सके। पाकिस्तान ने इस तरह 64 रन के स्कोर पर छठा विकेट गंवाया। 

09:04 PM, 14-Sep-2025

India vs Pakistan Match Live: पाकिस्तान की आधी टीम पवेलियन लौटी

पाकिस्तान की आधी टीम महज 64 रन के स्कोर पर पवेलियन लौट गई है। कलाई के स्पिनर कुलदीप यादव ने हसन नवाज को अक्षर के हाथों कैच कराकर पवेलियन की राह दिखाई। हसन सात गेंदों पर पांच रन बनाकर आउट हुए। 

08:53 PM, 14-Sep-2025

India vs Pakistan Match Live: सलमान आगा पवेलियन लौटे

अक्षर पटेल ने एक बार फिर भारत को सफलता दिलाई और पाकिस्तान के कप्तान सलमान अली आगा को पवेलियन की राह दिखाई। आगा खाता खोले बिना एलबीडब्ल्यू हुए थे, लेकिन स्टंप मिस होने के कारण उन्हें रिव्यू लेने पर जीवनदान मिल गया था। हालांकि, वह इसका फायदा नहीं उठा सके और तीन रन ही बना पाए। पाकिस्तान की शुरुआत अच्छी नहीं रही है और उसने 49 रन के स्कोर पर चौथा विकेट गंवा दिया है। अक्षर का इस मैच का यह दूसरा विकेट है। 

08:43 PM, 14-Sep-2025

India vs Pakistan Match Live: भारत को मिली तीसरी सफलता

अक्षर पटेल ने फखर जमां को आउट कर भारत को तीसरी सफलता दिलाई है। फखर और साहिबजादा फरहान के बीच तीसरे विकेट के लिए 39 रनों की साझेदारी हुई। फखर जब खाता भी नहीं खोल सके तो बुमराह की गेंद पर एलबीडब्ल्यू हुए थे, लेकिन उन्होंने रिव्यू लिया जिससे उन्हें जीवनदान मिला। हालांकि, फखर भारत के लिए परेशानी खड़ी करते उससे पहले ही अक्षर की गेंद पर आउट हो गए। फखर ने 15 गेंदों पर तीन चौकों की मदद से 17 रन बनाए। 

08:36 PM, 14-Sep-2025

India vs Pakistan Match Live: फखर-साहिबजादा ने संभाला

शुरुआती झटके लगने के बाद फखर जमां और साहिबजादा फरहान ने पाकिस्तान की पारी को संभाला। इन दोनों की बल्लेबाजी से पाकिस्तान ने पावरप्ले की समाप्ति तक दो विकेट पर 42 रन बनाए हैं। भारत ने अच्छी शुरुआत करते हुए पाकिस्तान को दो झटके दिए, लेकिन फखर और साहिबजादा ने कुछ अच्छे शॉट्स लगाकर पारी को संभाला। 

08:20 PM, 14-Sep-2025

IND vs PAK Asia Cup Live Score: भारत ने बनाया दबाव

भारतीय टीम ने पाकिस्तान को शुरुआती झटके देकर चिर प्रतिद्वंद्वी टीम पर दबाव बना दिया है। भारत ने शुरुआत में पाकिस्तान के दो विकेट चटकाए। बुमराह ने फखर जमां को एलबीडब्ल्यू किया, लेकिन रिव्यू में वह नॉटआउट करार दिए गए। पाकिस्तान ने तीन ओवर की समाप्ति के बाद दो विकेट पर 20 रन बनाए हैं। 

08:09 PM, 14-Sep-2025

IND vs PAK Asia Cup Live Score: भारत को दूसरी सफलता

भारतीय टीम ने शानदार शुरुआत करते हुए पाकिस्तान को शुरुआती झटके दिए हैं। पहले हार्दिक पांड्या ने सैम अयूब को आउट किया और अब जसप्रीत बुमराह ने मोहम्मद हारिस को पवेलियन की राह दिखाई। हारिस पांच गेंदों पर तीन रन बनाकर आउट हो गए हैं। पाकिस्तान ने इस तरह छह रन के स्कोर पर दो विकेट गंवा दिए हैं। फिलहाल क्रीज पर साहिबजादा फरहान के साथ फखर जमां मौजूद हैं। 

08:03 PM, 14-Sep-2025

IND vs PAK Asia Cup Live Score: पाकिस्तान को लगा पहला झटका

हार्दिक पांड्या ने पहले ही ओवर में पाकिस्तान को पहला झटका दिया है। हार्दिक ने गेंदबाजी की शुरुआत की और पहली गेंद वाइड फेंकी, लेकिन अगली ही गेंद पर सैम अयूब बुमराह को आसान सा कैच थमा बैठे। सैम खाता भी नहीं खोल पाए और पाकिस्तान को एक तरह से पहली ही गेंद पर झटका लगा। फिलहाल क्रीज पर मोहम्मद हारिस के साथ साहिबजादा फरहान मौजूद हैं। 

08:02 PM, 14-Sep-2025

IND vs PAK Asia Cup Live Score: पाकिस्तान की बल्लेबाजी शुरू

भारत के खिलाफ पाकिस्तान की बल्लेबाजी शुरू हो गई है। पाकिस्तान के लिए सैम अयूब के साथ साहिबजादा फरहान बल्लेबाजी के लिए उतरे हैं। 

07:59 PM, 14-Sep-2025

IND vs PAK Asia Cup Live Score: राष्ट्रगान समाप्त

मैच की शुरुआत से पहले मैदान पर भारत और पाकिस्तान का राष्ट्रगान बजा। राष्ट्रगान समाप्त होने के बाद अब भारतीय खिलाड़ी फील्डिंग के लिए मैदान पर उतर गए हैं, जबकि पाकिस्तान की सलामी जोड़ी भी क्रीज पर आ गई है। 

07:08 PM, 14-Sep-2025

IND vs PAK Asia Cup Live Score: भारत का बल्लेबाजी क्रम मजबूत 

पाकिस्तान को गेंदबाजी से ज्यादा भारत का बल्लेबाजी क्रम चिंतित करेगा। गिल, अभिषेक, संजू सैमसन, सूर्यकुमार, तिलक वर्मा, हार्दिक पांड्या और शिवम दुबे अगर चल जाएं तो किसी भी गेंदबाजी आक्रमण की धज्जियां उड़ा सकते हैं। ऑलराउंडरों की बात करें तो फहीम अशरफ की हार्दिक से कोई तुलना ही नहीं है। भारत के लिए आदर्श बल्लेबाजी लाइन-अप का पता लगाना ही अहम होगा। संजू सैमसन और दुबे का बल्लेबाजी क्रम में स्थान महत्वपूर्ण होगा। यूएई के खिलाफ मैच से पहले सैमसन का एकादश से बाहर रहना तय माना जा रहा था, लेकिन टीम प्रबंधन ने जितेश शर्मा की जगह सैमसन के अनुभव को तरजीह दी थी। जितेश पाकिस्तान के खिलाफ इसकी उम्मीद कम है। 

06:54 PM, 14-Sep-2025

IND vs PAK Asia Cup Live Score: स्टेडियम पहुंची भारतीय टीम

भारतीय टीम पाकिस्तान के खिलाफ एशिया कप के मुकाबले के लिए दुबई इंटरनेशनल स्टेडियम पहुंच गई है। 
 

06:51 PM, 14-Sep-2025

IND vs PAK Asia Cup Live Score: गांगुली ने भारत-पाकिस्तान मैच पर दिया बयान

भारतीय टीम के पूर्व कप्तान सौरव गांगुली ने भारत और पाकिस्तान के बीच मैच को लेकर कहा कि भारत काफी मजबूत और प्रभावशाली टीम है। 

06:42 PM, 14-Sep-2025

India vs Pakistan Live Score: अर्शदीप को मिला मौका तो कौन होगा बाहर

भारत के लिए तीन स्पिनर और एक विशेषज्ञ तेज गेंदबाज के साथ उतरना फायदेमंद रहा था और दुबई की पिच पर स्पिनरों ने शानदार प्रदर्शन किया था। ऐसे में इस बात की संभावना कम है कि भारत प्लेइंग-11 में किसी तरह का बदलाव करेगा। भारत अगर बदलाव करना चाहे तो वह एक स्पिनर कम करके तेज गेंदबाज अर्शदीप सिंह को मौका दे सकता है जो पिछले मैच में नहीं खेले थे। लेकिन सबसे बड़ा सवाल यह उठता है कि अर्शदीप की जगह किस खिलाड़ी को प्लेइंग-11 से बाहर किया जा सकता है। अक्षर गेंदबाजी के अलावा बल्ले से भी दमदार प्रदर्शन करने की क्षमता रखते हैं, ऐसे में उनका एकादश में रहना तय है। यानी अगर अर्शदीप को मौका देना है तो वरुण और कुलदीप में से किसी एक को बाहर बैठना पड़ सकता है। 

06:19 PM, 14-Sep-2025

IND vs PAK Asia Cup Live Score: प्लेइंग-11 में बदलाव की कितनी संभवना?

भारतीय टीम में इस बार रोहित शर्मा और विराट कोहली नहीं होंगे जो टी20 अंतरराष्ट्रीय से संन्यास ले चुके हैं। हालांकि, टीम में शुभमन गिल, सूर्यकुमार यादव और अभिषेक शर्मा जैसे बल्लेबाज हैं जो फटाफट क्रिकेट के रोमांच को बरकरार रखने में सक्षम हैं। भारत ने यूएई के खिलाफ एशिया कप के मैच में प्लेइंग-11 में तीन स्पिनर और एक विशेषज्ञ तेज गेंदबाज को मौका दिया था। भारत उस मैच में अक्षर पटेल, वरुण चक्रवर्ती और कुलदीप यादव की स्पिन गेंदबाजी तिकड़ी के साथ उतरा, जबकि जसप्रीत बुमराह एकमात्र विशेषज्ञ तेज गेंदबाज थे। यह देखना दिलचस्प होगा कि भारत इसी रणनीति के साथ उतरता है या पाकिस्तान के खिलाफ मैच की महत्वता को देखते हुए कुछ बदलाव करता है।

04:56 PM, 14-Sep-2025

IND vs PAK Asia Cup Live Score: सांकेतिक विरोध कर सकती है भारतीय टीम

भारतीय टीम के खिलाड़ी पाकिस्तान के खिलाफ मैच के दौरान सांकेतिक विरोध कर सकते हैं। मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, खिलाड़ी मैच में पहलगाम हमले का विरोध करने के लिए काली पट्टी बांधकर खेलने उतर सकते हैं। हालांकि, बीसीसीआई की ओर से इसे लेकर फिलहाल कोई आधिकारिक सूचना नहीं आई है। 

04:07 PM, 14-Sep-2025

IND vs PAK Asia Cup Live Score: गावस्कर ने कही यह बात

भारत-पाकिस्तान महामुकाबले को लेकर उठ रही 'बायकॉट' की आवाजों पर गावस्कर ने कहा कि खिलाड़ियों को सरकार का फैसला मानना चाहिए। उन्होंने कहा, 'दिन के अंत में फैसला सरकार का होता है। जो भी सरकार तय करेगी, खिलाड़ी और बीसीसीआई वही करेंगे। व्यक्तिगत राय से ज्यादा अहम सरकार का आदेश है।'

03:02 PM, 14-Sep-2025

IND vs PAK Live Score: गंभीर ने सूर्यकुमार को बर्थडे विश किया

यह दुनिया भर के क्रिकेट प्रशंसकों के लिए खास दिन है और भारतीय कप्तान सूर्यकुमार यादव के लिए और भी खास, क्योंकि आज उनका जन्मदिन है। गौतम गंभीर ने लिखा – जन्मदिन की ढेर सारी शुभकामनाएं सूर्या। आप अपने जीवन में और ऊंचाइयां छुएं सूर्यकुमार।
 

03:02 PM, 14-Sep-2025

IND vs PAK Live Score: मौसम कैसा रहेगा?

बारिश का कोई खतरा नहीं है, लेकिन रविवार को दुबई में तेज गर्मी पड़ने की संभावना है। दिन में तापमान करीब 39 डिग्री सेल्सियस तक रहने की उम्मीद है, जबकि नमी के कारण महसूस होने वाला तापमान लगभग 44 डिग्री सेल्सियस तक जा सकता है। साथ ही, तेज हवाएं चलने की भी संभावना है, जिनकी रफ्तार 33 किमी/घंटा तक पहुंच सकती है।

03:01 PM, 14-Sep-2025

IND vs PAK Live Score: पिच रिपोर्ट

पिच का स्वभाव धीमा रहने की उम्मीद है, जिससे यह स्पिन गेंदबाजों के लिए स्वर्ग साबित हो सकती है। ऐसे में टीम इंडिया एक बार फिर तीन स्पिनरों के साथ उतर सकती है। दिन के बाद के हिस्से में हल्की ओस पड़ने की संभावना है। टॉस जीतने वाला कप्तान पहले बल्लेबाजी करना चाहेगा।

02:31 PM, 14-Sep-2025

IND vs PAK Live Score: इस साल दूसरी बार भिड़ेंगी दोनों टीमें

आमतौर पर भारत और पाकिस्तान के बीच मैच के लिए फैंस को इंतजार रहता है। इस वर्ष दूसरी बार होगा जब भारत और पाकिस्तान की टीमें एक दूसरे के खिलाफ होंगी। इससे पहले इस साल की शुरुआत में चैंपियंस ट्रॉफी के दौरान भी दोनों देशों के बीच मुकाबला हुआ था। दिलचस्प बात है कि पिछली बार भी भारत और पाकिस्तान दुबई में खेली थी और एक बार फिर यह मैदान इस महामुकाबले की मेजबानी के लिए तैयार है। 

01:17 PM, 14-Sep-2025

IND vs PAK Live Score: गंभीर का टीम को संदेश

गौतम गंभीर ने पाकिस्तान के खिलाफ मैच से पहले भारतीय खिलाड़ियों को संदेश दिया है। सहायक कोच डेशकाटे ने प्री-मैच प्रेस कॉन्फ्रेंस में बताया, 'हम निश्चित रूप से जानते हैं कि लोगों की भावनाएं और संवेदनाएं कितनी मजबूत हैं। गंभीर का संदेश पूरी तरह से पेशेवर रहा है। उन्होंने कहा कि उन चीजों की चिंता न करें जो हमारे नियंत्रण में नहीं हैं। इन भावनाओं और संवेदनाओं को पीछे छोड़ना होगा। इस विषय पर टीम मीटिंग में भी बात की गई। हम लोगों की भावनाओं से भली-भांति अवगत हैं, लेकिन साथ ही हमें इन्हें एक तरफ रखकर केवल मैच पर ध्यान केंद्रित करना होगा।'

01:16 PM, 14-Sep-2025

IND vs PAK Live Score: डेशकाटे ने कही यह बात

भारत के सहायक कोच रेयान टेन डेशकाटे ने पाकिस्तान के खिलाफ मुकाबले से पहले टीम की तैयारियों को लेकर जानकारी दी। उन्होंने कहा कि इस तरह के बड़े मैच में थोड़ा बहुत घबराहट होना स्वाभाविक है, लेकिन टीम के पास इतना अनुभव है कि वो मैदान पर अपने काम पर पूरी तरह ध्यान केंद्रित कर सके।

12:48 PM, 14-Sep-2025

IND vs PAK Live Score: भारतीय टीम मैच के लिए तैयार

बीसीसीआई ने सोशल मीडिया पर भारतीय टीम की तैयारियों को लेकर पोस्ट डाला है। इसमें उन्होंने असिस्टेंट कोच डेशकाटे और बल्लेबाजी कोच सितांशु कोटक के बयानों को शामिल किया है। वीडियो में भारतीय खिलाड़ी जमकर पसीना बहाते दिखते हैं और हंसी मजाक भी करते दिखते हैं। 
 

12:39 PM, 14-Sep-2025

IND vs PAK Live Score: दुबई में आंकड़े

दुबई में दोनों टीमें तीन बार टी20 में भिड़ चुकी हैं। इनमें से भारत को एक मैच में जीत मिली, जबकि पाकिस्तान ने दो मैच जीते हैं। 

12:36 PM, 14-Sep-2025

IND vs PAK Live Score: भारत-पाकिस्तान टी20 आंकड़े

टी20 में दोनों टीमों के बीच ओवरऑल रिकॉर्ड की बात करें तो भारत और पाकिस्तान के बीच अब तक कुल 13 टी20 मुकाबले खेले गए हैं। इनमें से टीम इंडिया ने नौ मैच जीते हैं, जबकि पाकिस्तान को तीन मैचों में जीत मिली। एक मैच टाई रहा।

12:34 PM, 14-Sep-2025

IND vs PAK Live Score: एशिया कप में भारत का पलड़ा भारी

एशिया कप में वनडे और टी20 दोनों प्रारूपों को मिलाकर भारत और पाकिस्तान की टीमें 19 बार आमने-सामने आ चुकी हैं। इनमें से भारत ने 10 मुकाबले जीते हैं और पाकिस्तान ने छह मैच जीते हैं। तीन मैच बेनतीजा रहे हैं।

11:04 AM, 14-Sep-2025

IND vs PAK Highlights: भारत ने पाकिस्तान को सात विकेट से हराया, सूर्यकुमार ने छक्का लगाकर दिलाई जीत

Live Cricket Score Today, T20 Asia Cup IND vs PAK 2025: नमस्कार! अमर उजाला के लाइव ब्लॉग में आपका स्वागत है। भारत और पाकिस्तान के बीच एशिया कप में आज मुकाबला खेला जाएगा। दोनों टीमों ने टूर्नामेंट में अपने-अपने पहले मैच जीते हैं। भारत और पाकिस्तान की नजरें इस मैच को जीतकर सुपर चार चरण के लिए क्वालिफाई करने पर टिकी होंगी।

विज्ञापन
MORE
AU ऐप में पढ़ें