फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

IND vs PAK Highlights: बारिश के कारण रद्द हुआ भारत-पाकिस्तान मैच, सुपर-4 में पहुंची बाबर आजम की टीम

Sat, 02 Sep 2023 10:30 PM IST
रोहित राज स्पोर्ट्स डेस्क, अमर उजाला, कैंडी (श्रीलंका)

खास बातें

India vs Pakistan Highlights, Asia Cup 2023: एशिया कप का तीसरा मुकाबला शनिवार (दो सितंबर) को भारत और पाकिस्तान के बीच बेनतीजा रहा। कैंडी के पल्लेकल इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में भारत के कप्तान रोहित शर्मा ने टॉस जीतकर बल्लेबाजी का फैसला किया। टीम इंडिया 50 ओवर भी नहीं खेल पाई। वह 48.5 ओवर में 266 रन पर सिमट गई। इसके बाद पाकिस्तान की पारी बारिश के कारण शुरू नहीं हो पाई। अंपायरों ने काफी देर इंतजार करने के बाद दोनों कप्तानों से बात की और मैच को रद्द घोषित कर दिया।
विज्ञापन
विज्ञापन

लाइव अपडेट

09:55 PM, 02-Sep-2023

IND vs PAK Live: पाकिस्तान को नहीं मिला बल्लेबाजी का मौका, बेनतीजा रहा मैच

भारत और पाकिस्तान के बीच मैच को रद्द घोषित कर दिया गया। मैच रद्द होने से दोनों टीमों को एक-एक मिले। इस तरह पाकिस्तान के दो मैचों में तीन अंक हो गए। उसने अपने पहले मुकाबले में नेपाल को हराया था। दूसरी ओर, भारत के खाते में एक मैच में एक अंक है। अब उसे सुपर-4 में पहुंचने के लिए चार सितंबर को होने वाले मुकाबले में हर हाल में नेपाल को हराना होगा। पाकिस्तान सुपर-4 में पहुंचने वाली पहली टीम है।

भारत के कप्तान रोहित शर्मा ने टॉस जीतकर बल्लेबाजी का फैसला किया। टीम इंडिया 50 ओवर भी नहीं खेल पाई। वह 48.5 ओवर में 266 रन पर सिमट गई। इसके बाद पाकिस्तान की पारी बारिश के कारण शुरू नहीं हो पाई। अंपायरों ने काफी देर इंतजार करने के बाद दोनों कप्तानों से बात की और मैच को रद्द घोषित कर दिया।

भारत की पारी के बाद जमकर हुई बारिश
भारत की बल्लेबाजी के बाद पाकिस्तान की टीम को रन चेज करने के लिए उतरना था, लेकिन ऐसा नहीं हुआ। बारिश रुक-रुक होती रही और अंपायरों ने कई बार निरीक्षण भी किया। फैंस को उम्मीद थी कि कम से कम 20 ओवर का भी मैच होगा। बारिश ने उम्मीदों पर पानी फेर दिया। लगातार बारिश को देखते हुए अंपायरों ने दोनों कप्तानों से बात की। फिर मैच रद्द करने पर सहमति बन गई।

ईशान और हार्दिक ने जीता दिल
इससे पहले ईशान किशन और हार्दिक पांड्या ने भारतीय प्रशंसकों का दिल जीता। टीम इंडिया के लिए सबसे ज्यादा रन हार्दि ने बनाए। उन्होंने 87 रन की पारी खेली। ईशान ने पाकिस्तान के खिलाफ अपने पहले अंतरराष्ट्रीय मैच में 82 रन बनाए। इन दोनों के अलावा कोई भी भारतीय बल्लेबाज 20 रन का आंकड़ा भी नहीं छू सका। यहां तक कि हार्दिक और ईशान के बाद बुमराह तीसरे टॉप स्कोरर रहे। उन्होंने आखिरी में 16 रन बनाकर भारत को 266 रन तक पहुंचाया। पाकिस्तान के लिए शाहीन अफरीदी ने 10 ओवर में 35 रन देकर चार विकेट लिए। नसीम शाह और हारिस रऊफ को तीन-तीन सफलता मिली।

रोहित का फैसला हुआ गलत
भारत के कप्तान रोहित शर्मा ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी का फैसला किया। उनका यह निर्णय उस समय गलत साबित हुआ जब पाकिस्तानी गेंदबाजों ने मौसम और पिच का फायदा उठाते हुए कहर बरपा दिया। 14.1 ओवर में 66 रन पर भारत के चार बल्लेबाज पवेलियन लौट गए। शाहीन अफरीदी ने रोहित शर्मा और विराट कोहली को आउट किया तो हारिस ने श्रेयस अय्यर और शुभमन गिल को अपना शिकार बनाया। रोहित 11, विराट चार, श्रेयस 14 और शुभमन 10 रन बनाकर आउट हुए।

हार्दिक और किशन की शतकीय साझेदारी
66 रन पर चार विकेट गिर जाने के बाद ईशान किशन और हार्दिक पांड्या पर सारी जिम्मेदारी आ गई। किशन तो प्लेइंग-11 में शामिल भी नहीं होने वाले थे। टूर्नामेंट से पहले केएल राहुल पूरी तरह फिट नहीं हो पाए और किशन को खेलने का मौका मिल गया। वह पहली बार पाकिस्तान के खिलाफ खेल रहे थे। यहां तक कि पहली बार उन्होंने पांचवें नंबर पर वनडे में बल्लेबाजी की। किशन ने दबाव वाले इस मैच में धैर्य और साहस दिखाया। उन्हें उपकप्तान हार्दिक का अच्छा साथ मिला। हार्दिक ने एक-एक रन लेकर ईशान पर से दबाव हटाया। इससे बाएं हाथ के इस बल्लेबाज को खुलकर खेलने की छूट मिल गई। उन्होंने पाकिस्तानी गेंदबाजों पर दबाव बनाया। खासकर स्पिनर्स के खिलाफ शानदार प्रदर्शन किया। ईशान ने 81 गेंद पर 82 रन बनाए। उन्होंने अपनी पारी में नौ चौके और दो छक्के लगाए। किशन को हारिस रऊफ ने बाबर आजम के हाथों कैच कराया।

किशन के आउट होने के बाद हार्दिक ने हाथ खोले और तेजी से रन बनाए। वह अपने पहले वनडे शतक की ओर बढ़ रहे थे, लेकिन 87 रन पर पवेलियन लौट गए। हार्दिक को शाहीन अफरीदी ने आगा सलमान के हाथों कैच कराया। भारतीय उपकप्तान ने 90 गेंदों का सामना किया और 87 रन की पारी खेली। इस दौरान सात चौके और एक छक्का लगाया। हार्दिक और ईशान ने पांचवें विकेट के लिए 138 रन की साझेदारी की और टीम को जल्द ऑलआउट होने से बचाया।

जडेजा और शार्दुल ने बल्लेबाजी में किया निराश
रवींद्र जडेजा और शार्दुल ठाकुर के पास आज अच्छा मौका था कि वह बल्ले से अपना कमाल दिखा सके, लेकिन दोनों ने निराश किया। जडेजा 22 गेंद पर 14 रन बनाकर आउट हुए। उन्हें शाहीन ने रिजवान के हाथों कैच कराया। शार्दुल ने गैर-जिम्मेदाराना शॉट खेलते हुए अपना विकेट गंवाया। शार्दुल तीन गेंद पर तीन रन ही बना सके। नसीम शाह की गेंद पर शादाब खान को कैच थमा बैठे। कुलदीप यादव चार रन बनाकर नसीम शाह की गेंद पर आउट हुए। वहीं, बुमराह (16) को नसीम ने ही आगा सलमान के हाथों कैच कराया। मोहम्मद सिराज एक रन बनाकर नाबाद रहे।

09:30 PM, 02-Sep-2023

IND vs PAK Live: क्या पाकिस्तान को खेलने के लिए मिलेंगे 20 ओवर

अब तक कैंडी में बारिश नहीं रुकी है और मैदान पर कवर्स हैं। ऐसे में अब ओवर कटने शुरू हो जाएंगे। पाकिस्तान को 20 ओवर भी खेलने के लिए भी मिल सकते हैं। भारतीय समयानुसार रात 10:27 बजे तक अगर मैच शुरू नहीं होता है तो पाकिस्तान को खेलने के लिए 20 ओवर मिलेंगे। ऐसे में उसे 155 रन का लक्ष्य मिलेगा।

09:10 PM, 02-Sep-2023

IND vs PAK Live: फिर से आई बारिश

कैंडी में फिर से बारिश शुरू हो गई है। अंपायर मैदान का निरीक्षण करने पहुंचे थे, लेकिन वह ज्यादा देर तक मैदान पर नहीं रह पाए। उन्हें वापस लौटना पड़ा। भारतीय टीम के कुछ खिलाड़ी भी अभ्यास करने लगे थे। अब सभी पवेलियन लौट चुके हैं।

विज्ञापन
08:45 PM, 02-Sep-2023

IND vs PAK Live: पाकिस्तान की पारी में देरी

कैंडी में बारिश ने मैच में खलल डलल है। अच्छी बात है कि बारिश रुक गई है और मैदान को सुखाने का काम जारी है। अंपायर कुछ देर में मैदान और पिच का निरीक्षण करेंगे। उसके बाद फैसला लेंगे कि पाकिस्तान की पारी कब शुरू होगी। अगर ओवर काटे जाएंगे तो 45 ओवर में पाकिस्तान को 254, 40 ओवर में 239, 30 ओवर में 203 और 20 ओवर में 155 रन का लक्ष्य मिलेगा।

08:07 PM, 02-Sep-2023

IND vs PAK Live: बारिश ने डाला खलल

बारिश ने मैच में फिर से खलल डाल दिया है। भारत की पारी के बाद बारिश शुरू हो गई। मैदानकर्मियों ने पिच को कवर्स से ढक दिया है। पाकिस्तान की पारी अब तक शुरू नहीं हो पाई है।


विज्ञापन
07:45 PM, 02-Sep-2023

IND vs PAK Live: पाकिस्तान को मिला चुनौतीपूर्ण लक्ष्य

भारतीय टीम पाकिस्तान के खिलाफ एशिया कप के मैच में 48.5 ओवर में 266 रन पर ऑलआउट हो गई। टीम इंडिया के लिए सबसे ज्यादा रन हार्दिक पांड्या ने बनाए। उन्होंने 87 रन की पारी खेली। बाएं हाथ के विकेटकीपर बल्लेबाज ईशान किशन ने भी भारतीय प्रशंसकों का दिल जीता और पाकिस्तान के खिलाफ अपने पहले अंतरराष्ट्रीय मैच में 82 रन बनाए। इनदोनों के अलावा कोई भी भारतीय बल्लेबाज 20 रन का आंकड़ा भी नहीं छू सका। यहां तक कि हार्दिक और ईशान के बाद बुमराह तीसरे टॉप स्कोरर रहे। उन्होंने आखिरी में 16 रन बनाकर भारत को 266 रन तक पहुंचाया। पाकिस्तान के लिए शाहीन अफरीदी ने 10 ओवर में 35 रन देकर चार विकेट लिए। नसीम शाह और हारिस रऊफ को तीन-तीन सफलता मिली।

07:41 PM, 02-Sep-2023

IND vs PAK Live: भारत को लगा नौवां झटका

भारत को नौवां झटका 49वें ओवर की दूसरी गेंद पर लगा। नसीम शाह ने कुलदीप यादव को आउट किया। कुलदीप का कैच विकेटकीपर मोहम्मद रिजवान ने लिया। उन्होंने अपनी 13 गेंद की पारी में चार रन बनाए। भारत का स्कोर नौ विकेट पर 262 रन है।

07:22 PM, 02-Sep-2023

IND vs PAK Live: जडेजा और शार्दुल भी आउट

भारत की पारी अचानक से लड़खड़ा गई है। सात गेंद के अंदर टीम के तीन बल्लेबाज आउट हो गए। 44वें ओवर की पहली गेंद पर शाहीन ने हार्दिक को आउट किया। इसी ओवर की छठी गेंद पर रवींद्र जडेजा पवेलियन लौट गए। उनके बाद 45वें ओवर की पहली गेंद पर नसीम शाह ने शार्दुल ठाकुर को आउट कर दिया। जडेजा 22 गेंद पर 14 रन बनाकर विकेटकीपर मोहम्मद रिजवान को कैच थमा बैठे। वहीं, नसीम शाह ने शार्दुल को शादाब खान के हाथों कैच कराया। भारत ने 45 ओवर में आठ विकेट पर 246 रन बना लिए हैं।

07:17 PM, 02-Sep-2023

IND vs PAK Live: भारत को लगा बड़ा झटका

भारतीय टीम को मैच के अहम समय में बहुत बड़ा झटका लगा। वह 44वें ओवर की पहली गेंद पर शाहीन अफरीदी का शिकार बन गए। शाहीन की गेंद पर आगा सलमान ने उनका कैच लिया। हार्दिक के पास वनडे करियर का पहला शतक लगाने का मौका था, लेकिन वह 87 रन बनाकर आउट हो गए। उन्होंने 90 गेंदों का सामना किया। हार्दिक के बल्लेबाज सात चौके निकले। उन्होंने एक छक्का भी लगाया।

06:48 PM, 02-Sep-2023

IND vs PAK Live: भारत की आधी टीम पवेलियन लौटी

204 रन के स्कोर पर भारत की आधी टीम पवेलियन लौट चुकी है। ईशान किशन अपने शतक से चूक गए और 81 गेंद में 82 रन बनाकर आउट हुए। उन्होंने अपनी पारी में नौ चौके और दो छक्के लगाए। हारिस रऊफ की गेंद में बड़ा शॉट खेलने के प्रयास में वह बाबर आजम को कैच थमाकर आउट हुए। अब हार्दिक पांड्या के साथ रवींद्र जडेजा क्रीज पर हैं। 41 ओवर के बाद भारत का स्कोर 226/5 है।

06:44 PM, 02-Sep-2023

IND vs PAK Asia Cup Live: भारत का स्कोर 200 रन के पार

चार विकेट के नुकसान पर भारत का स्कोर 200 रन के पार जा चुका है। ईशान किशन और हार्दिक पांड्या अपने अर्धशतक पूरे कर चुके हैं। दोनों के बीच शतकीय साझेदारी हो चुकी है। किशन अपने शतक के करीब पहुंच गए हैं। इन दोनों ने पांचवें विकेट के लिए शानदार साझेदारी कर मैच में भारत की वापसी कराई है।

06:30 PM, 02-Sep-2023

IND vs PAK Asia Cup Live: हार्दिक पांड्या ने लगाया अर्धशतक

ईशान किशन के बाद हार्दिक पांड्या ने भी अपना अर्धशतक पूरा कर लिया है। वनडे में यह उनका 11वां अर्धशतक है। उन्होंने 34वें ओवर में आगा सलमान की आखिरी गेंद पर चौका लगाकर अपना अर्धशतक पूरा किया। भारत ने 34 ओवर में चार विकेट पर 178 रन बना लिए हैं। ईशान किशन 72 और हार्दिक पांड्या 50 रन बनाकर नाबाद हैं।

06:22 PM, 02-Sep-2023

IND vs PAK Asia Cup Live: भारत का स्कोर 32 ओवर में 160/4

भारत ने पाकिस्तान के खिलाफ 32 ओवर में चार विकेट पर 160 रन बना लिए हैं। ईशान किशन 59 और हार्दिक पांड्या 45 रन बनाकर नाबाद हैं।

06:07 PM, 02-Sep-2023

IND vs PAK Asia Cup Live: ईशान ने जड़ा शानदार अर्धशतक

ईशान किशन ने भारत को संकट से निकालते हुए शानदार अर्धशतक लगाया है। उन्होंने 29वें ओवर की दूसरी गेंद पर अपना अर्धशतक पूरा किया। पाकिस्तान के खिलाफ यह उनका पहला वनडे और उन्होंने इसे यादगार बनाया। इतना ही नहीं, उन्होंने पहली बार वनडे में पांचवें नंबर पर बल्लेबाजी की है। भारत ने 29 ओवर में चार विकेट पर 147 रन बना लिए हैं। ईशान किशन 55 और हार्दिक पांड्या 37 रन बनाकर नाबाद हैं।

05:51 PM, 02-Sep-2023

IND vs PAK Asia Cup Live: भारत की पारी के आधे ओवर समाप्त

पाकिस्तान के खिलाफ भारत ने 25 ओवर में चार विकेट पर 127 रन बना लिए हैं। ईशान किशन 43 और हार्दिक पांड्या 30 रन बनाकर नाबाद हैं। दोनों ने 61 रन की साझेदारी की है।

05:32 PM, 02-Sep-2023

IND vs PAK Asia Cup Live: भारत का स्कोर 20 ओवर में 102/4

भारत के 100 रन पूरे हो गए हैं। चार विकेट गिरने के बाद ईशान किशन और उपकप्तान हार्दिक पांड्या ने मोर्चा संभाल लिया है। टीम इंडिया ने 20 ओवर में चार विकेट पर 102 रन बना लिए हैं। ईशान किशन 32 और हार्दिक पांड्या 16 रन बनाकर नाबाद हैं। दोनों खिलाड़ी से टीम इंडिया को बड़ी साझेदारी की उम्मीद है।

05:11 PM, 02-Sep-2023

IND vs PAK Asia Cup Live: शुभमन गिल भी हुए आउट

हारिस रऊफ ने भारत को चौथा झटका दिया। उन्होंने 15वें ओवर की पहली गेंद पर शुभमन गिल को आउट कर दिया। गिल क्लीन बोल्ड हो गए। उन्होंने 32 गेंद पर 10 रन बनाए। भारत ने 16 ओवर में चार विकेट पर 83 रन बना लिए हैं। ईशान किशन 23 और हार्दिक पांड्या सात रन बनाकर नाबाद हैं।

04:56 PM, 02-Sep-2023

IND vs PAK Asia Cup Live: बारिश रुकने के बाद खेल शुरू

बारिश रुकने के बाद अब फिर से खेल शुरू हो गया है। शुभमन गिल के साथ ईशान किशन क्रीज पर हैं। भारत ने 12 ओवर में तीन विकेट पर 58 रन बना लिए हैं। ईशान किशन आठ और शुभमन सात रन बनाकर नाबाद हैं। ईशान ने भारतीय पारी का पहला छक्का लगाया। उन्होंने 12वें ओवर की चौथी गेंद पर हारिस रऊफ को ऑफ साइड में छक्का मारा।

04:37 PM, 02-Sep-2023

IND vs PAK Asia Cup Live: बारिश ने फिर डाला खलल

बारिश ने मैच में फिर से खलल डाला है। उसके कारण दूसरी बार मैच को रोका गया है। भारत ने 11.2 ओवर में तीन विकेट पर 51 रन बना लिए हैं। शुभमन गिल के साथ ईशान किशन नाबाद हैं। गिल ने 24 गेंद पर छह और ईशान ने छह गेंद पर दो रन बनाए हैं।

04:28 PM, 02-Sep-2023

IND vs PAK Asia Cup Live: भारत को तीसरा झटका

भारत को लगा तीसरा झटका लगा है। 10वें ओवर की पांचवीं गेंद पर हारिस रऊफ ने श्रेयस अय्यर को आउट कर दिया। अय्यर नौ गेंद पर 14 रन बनाकर फखर जमान को कैच थमा बैठे। इस तरह भारतीय टीम ने शुरुआती 10 ओवर में अपने तीन बल्लेबाज गंवा दिए।

04:11 PM, 02-Sep-2023

IND vs PAK Asia Cup Live: भारत को दूसरा झटका

भारत को सातवें ओवर में 27 के स्कोर पर दूसरा झटका लगा। शाहीन अफरीदी का कहर देखने को मिल रहा है। उन्होंने रोहित शर्मा के बाद विराट कोहली को आउट किया। विराट वही खिलाड़ी हैं, जिन्होंने पिछले साल टी20 विश्व कप में टीम इंडिया को जीत दिलाई थी। विराट सात गेंदों में चार रन बना सके। वहीं, रोहित 22 गेंदों में 11 रन बना सके थे। शाहीन ने लगातार दो ओवरों में भारत के दो मुख्य बल्लेबाजों को पवेलियन भेज दिया है। सात ओवर के बाद भारत ने दो विकेट गंवाकर 30 रन बना लिए हैं। फिलहाल शुभमन गिल और श्रेयस अय्यर क्रीज पर हैं।

03:59 PM, 02-Sep-2023

IND vs PAK Asia Cup Live: रोहित शर्मा क्लीन बोल्ड

बारिश के तुरंत बाद भारत को बड़ा झटका लगा है। पांचवें ओवर की आखिरी गेंद पर शाहीन अफरीदी ने इनस्विंग गेंद पर रोहित को क्लीन बोल्ड किया। यह ठीक वैसी ही गेंद थी जैसा उन्होंने 2021 टी20 विश्व कप के दौरान रोहित को फेंकी थी और उन्हें आउट किया था। रोहित 22 गेंदों में 11 रन बना सके। पांच ओवर के बाद भारत का स्कोर एक विकेट पर 15 रन है। फिलहाल शुभमन गिल और विराट कोहली क्रीज पर हैं।

03:54 PM, 02-Sep-2023

IND vs PAK Asia Cup Live: बारिश रुकी, जल्द शुरू होगा मैच

बारिश रुक चुकी है। खिलाड़ी दोबारा मैदान में वापस आ चुके हैं और खेल शुरू हो चुका है। 4.2 ओवर में बारिश ने खलल डाला था। अब वहीं से खेल शुरू हुआ है। 

03:41 PM, 02-Sep-2023

IND vs PAK Asia Cup Live: डकवर्थ लुईस नियम का हो सकता है इस्तेमाल

अगर मैच में बारिश होती है तो रिजल्ट के लिए दोनों टीमों का कम से कम 20 ओवर खेलना जरूरी है। अगर बारिश मैच की पहली पारी के दौरान ही होती है और जारी रहती है तो पूरा मैच धुल जाएगा। अगर बारिश दूसरी पारी के 20 ओवर के बाद होती है तो डकवर्थ लुईस नियम का इस्तेमाल होगा और मैच का नतीजा आएगा। अगर बारिश से मैच धुल जाता है तो दोनों टीमें एक-एक अंक शेयर करेंगी।

पाकिस्तान पहले ही नेपाल के खिलाफ मैच जीत चुका है और उसके पास तीन अंक हैं। ऐसे में एक अंक लेकर भी टीम सुपर-फोर के लिए क्वालिफाई कर जाएगी। वहीं, भारत को सुपर फोर के लिए क्वालिफाई करने के लिए नेपाल के खिलाफ चार सितंबर को होने वाले मैच में किसी भी कीमत पर जीत या ड्रॉ जरूरी होगी।

03:27 PM, 02-Sep-2023

IND vs PAK Asia Cup Live: बारिश के कारण रुका खेल

पहली पारी के 4.2 ओवर के बाद ही तेज बारिश के कारण मैच को रोक दिया गया है। पूरे मैदान को कवर्स से ढक दिया गया है। आज भारी बारिश की संभावना जताई गई थी। ऐसे में अब कुदरत ने अपना खेल दिखाना शुरू कर दिया है। 4.2 ओवर के बाद भारत ने बिना कोई विकेट गंवाए 15 रन बना लिए हैं। फिलहाल रोहित शर्मा 18 गेंदों में दो चौके की मदद से 11 रन और शुभमन गिल आठ गेंदों में खाता खोले बिना मैदान में हैं।

03:06 PM, 02-Sep-2023

IND vs PAK Asia Cup Live: रोहित शर्मा ने चौके से खोला खाता

रोहित शर्मा ने शाहीन अफरीदी की गेंद पर लेग साइड में शानदार चौका लगाकर टीम का खाता खोला। शाहीन ने पहले ओवर में दो गेंदों पर रोहित को परेशान किया। भारत ने एक ओवर के बाद बिना विकेट गंवाए छह रन बना लिए। रोहित शर्मा पांच रन बनाकर नाबाद हैं और शुभमन को अभी अपना खाता खोलना है।

03:00 PM, 02-Sep-2023

IND vs PAK Asia Cup Live: भारत की बल्लेबाजी शुरू

पाकिस्तान के खिलाफ भारत की बल्लेबाजी शुरू हो गई है। कप्तान रोहित शर्मा के साथ शुभमन गिल क्रीज पर उतरे हैं। पाकिस्तान के लिए गेंदबाजी की शुरुआत तेज गेंदबाज शाहीन अफरीदी ने की है।

02:54 PM, 02-Sep-2023

IND vs PAK Asia Cup Live: रोहित शर्मा और शुभमन गिल करेंगे ओपनिंग

भारत के लिए इस मैच में कप्तान रोहित शर्मा और शुभमन गिल ओपनिंग करेंगे। दोनों खिलाड़ियों के ऊपर टीम इंडिया को अच्छी शुरुआत दिलाने की जिम्मेदारी है। उन्हें शुरुआती ओवरों में शाहीन अफरीदी की चुनौती का सामना करना पड़ेगा।

02:35 PM, 02-Sep-2023

IND vs PAK Asia Cup Live: दोनों टीमों की प्लेइंग-11

भारत: रोहित शर्मा (कप्तान), शुभमन गिल, विराट कोहली, श्रेयस अय्यर, ईशान किशन (विकेटकीपर), हार्दिक पांड्या (उपकप्तान), रवींद्र जडेजा, शार्दुल ठाकुर, कुलदीप यादव, जसप्रीत बुमराह, मोहम्मद सिराज।

पाकिस्तान: फखर जमान, इमाम उल हक, बाबर आजम (कप्तान), मोहम्मद रिजवान (विकेटकीपर), आगा सलमान, इफ्तिखार अहमद, शादाब खान, मोहम्मद नवाज, शाहीन अफरीदी, नसीम शाह, हारिस रऊफ।

02:32 PM, 02-Sep-2023

IND vs PAK Asia Cup Live: रोहित शर्मा ने जीता टॉस

पाकिस्तान के खिलाफ एशिया कप में भारत के कप्तान रोहित शर्मा ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी का फैसला किया है। वनडे प्लेइंग-11 में श्रेयस अय्यर और जसप्रीत बुमराह की वापसी हुई है। वहीं, दो स्पिनर के तौर पर रवींद्र जडेजा और कुलदीप चहल टीम में हैं। मोहम्मद शमी इस मैच में नहीं खेल रहे हैं। शार्दुल ठाकुर को टीम मैनेजमेंट ने मौका दिया है। जहां तक पाकिस्तान की बात है तो उसने अपने प्लेइंग-11 में कोई बदलाव नहीं किया है।

02:15 PM, 02-Sep-2023

IND vs PAK Asia Cup Live: मौसम की आंख मिचौली

कैंडी में मौसम की आंख मिचौली जारी है। कभी आसमान साफ हो रहा है तो कभी बादल छा जा रहे हैं। इसे देखते हुए पिच पर कवर्स अभी भी हैं। दोनों टीमों के खिलाड़ी मैदान पर हैं और अभ्यास कर रहे हैं।

01:57 PM, 02-Sep-2023

IND vs PAK Asia Cup Live: कैंडी से फैंस के लिए खुशखबरी

कैंडी से फैंस के लिए खुशखबरी आई है। मौसम पूरी तरह साफ है और टॉस समय पर होगा। ब्रॉडकास्टर के लिए रवि शास्त्री और मैथ्यू हेडन मैदान में खड़े होकर मुकाबले से पहले कई तरह की जानकारी दे रहे हैं। पिच पर कवर्स हैं, लेकिन उसे हटाने की प्रक्रिया थोड़ी देर में शुरू हो जाएगी। भारतीय टीम के खिलाड़ी अभ्यास के लिए मैदान पर उतर गए हैं।

01:22 PM, 02-Sep-2023

IND vs PAK Asia Cup Live: कितने बजे शुरू होगा मैच?

भारत बनाम पाकिस्तान मैच कब खेला जाएगा?
भारत बनाम पाकिस्तान एशिया कप मैच शनिवार, दो सितंबर को खेला जाएगा।

भारत बनाम पाकिस्तान मैच कितने बजे शुरू होगा?
भारत बनाम पाकिस्तान एशिया कप मैच भारतीय समयानुसार दो सितंबर (आज) दोपहर तीन बजे से शुरू होगा। टॉस इससे आधे घंटे पहले यानी दोपहर ढाई बजे होगा।

पाकिस्तान के खिलाफ महामुकाबला भारत में किस टीवी चैनल पर देख सकते हैं?
भारत और पाकिस्तान के बीच महामुकाबले का सीधा प्रसारण स्टार स्पोर्ट्स के चैनलों पर होगा। अलग-अलग चैनलों पर अलग-अलग भाषाओं में आप यह मैच देख सकते हैं। साथ ही इस मैच से जुड़ी खबरें Amarujala.com पर पढ़ सकते हैं। वहीं, ऑनलाइन आप यह मैच डिज्नी+हॉटस्टार (Disney+Hotstar) एप पर देख सकते हैं। डिज्नी+हॉटस्टार एप पर आप फ्री में मैच देख पाएंगे। 

12:50 PM, 02-Sep-2023

IND vs PAK Asia Cup Live: चार साल बाद वनडे में आमने-सामने दोनों टीमें

भारत और पाकिस्तान की टीमें वनडे फॉर्मेट में चार साल बाद तो एशिया कप वनडे में पांच साल बाद टकराएंगी। एशिया कप वनडे में भारत-पाकिस्तान का सामना 2018 में हुआ था, तो वनडे में दोनों का सामना 2019 विश्व कप के दौरान हुआ था। मैनचेस्टर में खेले गए मैच में टीम इंडिया जीती थी।

12:11 PM, 02-Sep-2023

IND vs PAK Asia Cup Live: श्रीलंका में अपने सारे मैच खेलेगा भारत

इस बार एशिया कप हाईब्रिड फॉर्मूले पर खेला जा रहा है। पाकिस्तान अपने घरेलू मैदान पर टूर्नामेंट के 13 में चार मैचों की मेजबानी करेगा, जबकि सुपर फोर और फाइनल समेत नौ मुकाबले श्रीलंका में खेले जाएंगे। बीसीसीआई द्वारा अपनी टीम को पाकिस्तान भेजने से इनकार करने के बाद पीसीबी ने श्रीलंका के साथ मिलकर मेजबानी का फैसला किया। टूर्नामेंट का फाइनल मैच कोलंबो में 17 सितंबर को खेला जाएगा।

11:14 AM, 02-Sep-2023

IND vs PAK Asia Cup Live: मैच के दौरान कैसा रहेगा मौसम?

वेदर डॉट कॉम के अनुसार, बारिश की संभावनाओं में बदलाव हुआ है। मैच के दौरान बादल छाए रहेंगे, लेकिन बारिश के कोई संकेत नहीं हैं। अनुमान है कि आसमान 64 प्रतिशत बादलों से ढका रहेगा लेकिन बूंदाबांदी का पूर्वानुमान केवल 15-19 फीसदी ही है।

10:52 AM, 02-Sep-2023

IND vs PAK Asia Cup Live: पाकिस्तान की टीम में नहीं है कोई बदलाव

पाकिस्तान ने नेपाल के खिलाफ हुए मैच की अपनी टीम में कोई बदलाव नहीं किया है। पाकिस्तानी टीम मैनेजमेंट ने तीन तेज गेंदबाजों के अलावा तीन स्पिन बॉलिंग ऑलराउंडर्स को प्लेइंग-11 में रखा है। इसके अलावा टीम की बैटिंग भी काफी मजबूत दिख रही है। फखर जमान और इमाम उल हक ओपनिंग करते दिखेंगे। वहीं, मिडिल ऑर्डर में बाबर आजम, मोहम्मद रिजवान, इफ्तिखार अहमद, आगा सलमान दिखेंगे। लोअर ऑर्डर में शादाब खान और मोहम्मद नवाज भी बैटिंग कर सकते हैं। पेस अटैक में नसीम के अलावा शाहीन अफरीदी और हारिस रऊफ नजर आएंगे।

10:39 AM, 02-Sep-2023

IND vs PAK Highlights: बारिश के कारण रद्द हुआ भारत-पाकिस्तान मैच, सुपर-4 में पहुंची बाबर आजम की टीम

नमस्कार, अमर उजाला के लाइव ब्लॉग में आपका स्वागत है। एशिया कप के तीसरे मुकाबले में शनिवार (दो सितंबर) को भारत के सामने पाकिस्तान की चुनौती है। दोनों टीमें कैंडी के पल्लेकले इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में आमने-सामने होंगी। ग्रुप-ए में भारत का इस संस्करण में यह पहला मैच है। वहीं, पाकिस्तान की टीम अपना दूसरा मैच खेलेगी। उसने पहले मुकाबले में नेपाल को हराया था।

और पढ़ें...
विज्ञापन
MORE
AU ऐप में पढ़ें