केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने टीम इंडिया को जीत की बधाई दी।
भारत ने पाकिस्तान को छह विकेट से हरा दिया है। टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए पाकिस्तान की टीम 49.4 ओवर में 241 रन पर सिमट गई थी। जवाब में भारत ने 42.3 ओवर में चार विकेट गंवाकर लक्ष्य हासिल कर लिया। विराट कोहली ने वनडे करियर का 51वां शतक लगाया। वह 111 गेंद 100 रन बनाकर नाबाद रहे। एक वक्त ऐसा लग रहा था कि पाकिस्तान विराट को शतक नहीं बनाने देने की साजिश रच रहा है। शाहीन वाइड पर वाइड फेंक रहे थे। 43वें ओवर में भारत को जीत के लिए चार रन और कोहली को शतक के लिए पांच रन चाहिए थे। 43वें ओवर की पहली गेंद पर कोहली ने एक रन लिया। फिर अगली गेंद पर अक्षर ने एक रन लिया। तीसरी गेंद पर विराट ने चौका लगाकर शतक भी पूरा किया और भारत को जीत भी दिलाई। भारत ने चैंपियंस ट्रॉफी में अब दो मैच जीत लिए हैं और सेमीफाइनल में पहुंचना का दावा मजबूत कर लिया है। वहीं, पाकिस्तान की टीम लगभग चैंपियंस ट्रॉफी से बाहर हो गई है। उसे अब अन्य टीमों के नतीजों पर निर्भर रहना होगा। भारत के दो मैचों के बाद चार अंक हैं, जबकि पाकिस्तान दो मैचों में खाता नहीं खोल सका है।
भारत को 223 के स्कोर पर चौथा झटका लगा। शाहीन अफरीदी ने हार्दिक पांड्या को विकेटकीपर रिजवान के हाथों कैच कराया। वह आठ रन बना सके। भारत को 60 गेंद में 19 रन की जरूरत है। विराट कोहली को शतक बनाने के लिए 14 रन की जरूरत है। उनके साथ अक्षर पटेल क्रीज पर हैं।
भारत को 214 के स्कोर पर तीसरा झटका लगा। खुशदिल शाह ने श्रेयस अय्यर को इमाम के हाथों कैच कराया। वह 67 गेंद पर पांच चौके और एक छक्के की मदद से 56 रन बनाकर आउट हुए। श्रेयस ने कोहली के साथ 114 रन की साझेदारी निभाई। फिलहाल कोहली और हार्दिक क्रीज पर हैं। कोहली 51वें शतक के करीब हैं। भारत को जीत के लिए 20 रन चाहिए और कोहली को शतक के लिए 15 रन चाहिए।
37 ओवर के बाद भारत ने दो विकेट गंवाकर 201 रन बना लिए हैं। फिलहाल विराट कोहली 81 रन और श्रेयस अय्यर 50 रन बनाकर क्रीज पर हैं। भारत को जीत के लिए 78 गेंद पर 41 रन की जरूरत है। श्रेयस ने वनडे करियर का 21वां अर्धशतक लगाया।
35 ओवर के बाद भारत ने दो विकेट गंवाकर 189 रन बना लिए हैं। फिलहाल विराट कोहली 71 रन और श्रेयस अय्यर 48 रन बनाकर क्रीज पर हैं। भारत को जीत के लिए 90 गेंद पर 53 रन की जरूरत है।
32 ओवर के बाद भारत ने दो विकेट गंवाकर 175 रन बना लिए हैं। फिलहाल विराट कोहली 65 रन और श्रेयस अय्यर 41 रन बनाकर क्रीज पर हैं। दोनों के बीच अब तक 75 रन की साझेदारी हो चुकी है। श्रेयस भी अब खुलकर बल्लेबाजी कर रहे हैं। उन्होंने चार चौके और एक छक्के लगाए हैं। भारत को अब 67 रन की जरूरत है।
कोहली ने 62 गेंद पर वनडे करियर का 74वां अर्धशतक पूरा किया। उन्होंने 27वें ओवर में नसीम शाह की गेंद पर चौका लगाकर अर्धशतक पूरा किया। फिलहाल कोहली के साथ श्रेयस अय्यर क्रीज पर हैं। दोनों के बीच 30+ रन की साझेदारी हो चुकी है। 27 ओवर के बाद भारत का स्कोर दो विकेट पर 136 रन है। कोहली 53 रन और श्रेयस 14 रन बनाकर क्रीज पर हैं। टीम इंडिया को अब जीत के लिए 106 रन की जरूरत है।
24 ओवर के बाद भारत ने दो विकेट गंवाकर 124 रन बना लिए हैं। फिलहाल विराट कोहली 45 रन और श्रेयस अय्यर 10 रन बनाकर क्रीज पर हैं। भारत को अब 118 रन की जरूरत है। इससे पहले शुभमन गिल 46 रन बनाकर अबरार अहमद की गेंद पर क्लीन बोल्ड हुए थे।
भारत को 18वें ओवर में 100 के स्कोर पर दूसरा झटका लगा। स्पिनर अबरार अहमद ने शुभमन गिल को क्लीन बोल्ड किया। 52 गेंद में सात चौके की मदद से 46 रन बना सके और अर्धशतक से चूक गए। 18 ओवर के बाद भारत का स्कोर दो विकेट पर 102 रन है। फिलहाल विराट कोहली और श्रेयस अय्यर क्रीज पर हैं। कोहली और गिल के बीच 69 रन की साझेदारी हुई।
विराट कोहली ने वनडे में 14 हजार रन पूरे कर लिए हैं। वह इस मुकाम को छूने वाले सबसे तेज हैं। कोहली ने 287 वनडे पारियों में 14 हजार रन पूरे किए हैं। इस मामले में कोहली ने तेंदुलकर को पीछे छोड़ा। तेंदुलकर ने 350 पारी में यह उपलब्धि हासिल की थी। इसी के साथ कोहली और शुभमन गिल के बीच 50 से ज्यादा रन की साझेदारी भी हो चुकी है। 13 ओवर के बाद भारत का स्कोर एक विकेट पर 84 रन है। कोहली 22 रन और गिल 39 रन बनाकर क्रीज पर हैं।
11 ओवर के बाद भारत ने एक विकेट गंवाकर 67 रन बना लिए हैं। फिलहाल शुभमन गिल 35 रन और विराट कोहली नौ रन बनाकर क्रीज पर हैं। हारिस रऊफ के इस ओवर में खुशदिल शाह ने शुभमन गिल का कैच छोड़ दिया। वह तब 35 रन पर थे। भारत को एकमात्र झटका रोहित शर्मा के रूप में लगा है। उन्हें शाहीन अफरीदी ने क्लीन बोल्ड किया। रोहित 15 गेंद में 20 रन बना सके।
भारत को पांचवें ओवर में 31 के स्कोर पर पहला झटका लगा। शाहीन अफरीदी ने एक बार फिर फुलर लेंथ गेंद पर रोहित को क्लीन बोल्ड किया। यह वही गेंद थी, जिस पर रोहित 2021 टी20 विश्व कप में शाहीन की गेंद पर आउट हुए थे। फिलहाल शुभमन गिल और विराट कोहली क्रीज पर हैं।
पहले ओवर में दो रन बनाने के बाद दूसरे ओवर में भारत ने 10 रन बटोरे। रोहित ने नसीम शाह के ओवर में लगातार दो गेंदों पर एक चौका और एक छक्का लगाया। दो ओवर के बाद भारत का स्कोर बिना किसी विकेट के 12 रन है।
भारतीय पारी की शुरुआत हो चुकी है। कप्तान रोहित शर्मा और उपकप्तान शुभमन गिल क्रीज पर हैं। पाकिस्तान ने भारत के सामने 242 रन का लक्ष्य रखा है। इन दोनों को भारत को अच्छी शुरुआत देनी होगी। पाकिस्तान की ओर से शाहीन अफरीदी ने पहले ओवर में गेंदबाजी की। उन्होंने केवल दो रन खर्च किए।
पाकिस्तान ने भारत के सामने 242 रन का लक्ष्य रखा है। टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए पाकिस्तान की टीम 49.4 ओवर में 241 रन पर ऑलआउट हो गई। भारत ने वनडे में लगातार पांचवें मैच में विपक्षी टीम को 50 ओवर के अंदर ऑलआउट किया है। हर्षित राणा ने खुशदिल शाह को कोहली के हाथों कैच कराया और पाकिस्तान की पारी समेट दी। खुशदिल ने 39 गेंद में दो छक्के की मदद से 38 रन की पारी खेली। भारत की ओर से कुलदीप ने सबसे ज्यादा तीन और हार्दिक पांड्या ने दो विकेट झटके।
पाकिस्तान की पारी
पहले बल्लेबाजी करते हुए पाकिस्तान को बाबर आजम और इमाम उल हक ने सधी हुई शुरुआत दिलाई। दोनों के बीच पहले विकेट के लिए 41 रन की साझेदारी हुई। इस साझेदारी को हार्दिक पांड्या ने तोड़ा। उन्होंने बाबर को विकेटकीपर राहुल के हाथों कैच कराया। वह 26 गेंद पर पांच चौके की मदद से 23 रन बना सके। इसके अगले ही ओवर में इमाम उल हक भी रन आउट हो गए। वह 26 गेंद में 10 रन बना सके। 47 रन पर दो विकेट गिर जाने के बाद सऊद शकील और कप्तान मोहम्मद रिजवान ने पारी संभाली। दोनों के बीच तीसरे विकेट के लिए 104 रन की साझेदारी हुई। इस बीच शकील ने वनडे करियर का चौथा अर्धशतक लगाया। इस साझेदारी को अक्षर पटेल ने तोड़ा। उन्होंने रिजवान को क्लीन बोल्ड किया। वह 77 गेंद में तीन चौके की मदद से 46 रन बनाकर आउट हुए। उनके आउट होते ही फिर से विकेट की झड़ी लग गई। शकील भी 76 गेंद में पांच चौके की मदद से 62 रन बनाकर हार्दिक पांड्या का शिकार बने। तैयब ताहिर चार रन और सलमान अली आगा 19 रन बनाकर आउट हुए। सलमान को कुलदीप और तैयब को जडेजा ने पवेलियन भेजा। शाहीन अफरीदी खाता नहीं खोल सके। नसीम शाह 14 रन और हारिस रऊफ आठ रन बनाकर आउट हुए। कुलदीप और हार्दिक के अलावा हर्षित राणा, अक्षर और जडेजा को एक-एक विकेट मिला।
पाकिस्तान को 49वें ओवर में नौवां झटका लगा। हारिस रऊफ रन आउट हुए। फिलहाल खुशदिल शाह और अबरार अहमद क्रीज पर हैं।
कलाई के स्पिनर कुलदीप यादव ने पाकिस्तान को 222 रन के स्कोर पर आठवां झटका दिया है। कुलदीप की गेंद पर नसीम शाह ने शॉट खेलने की कोशिश की, लेकिन कोहली ने कैच लपका और उन्हें पवेलियन भेजा। नसीम 16 गेंदों पर एक चौके की मदद से 14 रन बनाकर आउट हुए। पाकिस्तान ने 47 ओवर की समाप्ति के बाद आठ विकेट पर 222 रन बना लिए हैं। फिलहाल क्रीज पर हारिस रऊफ और खुशदिल शाह मौजूद हैं।
पाकिस्तान की पारी के चार ओवर शेष हैं और टीम ने 46 ओवर की समाप्ति तक सात विकेट पर 220 रन बना लिए हैं। पाकिस्तान के लिए फिलहाल क्रीज पर नसीम शाह और खुशदिल शाह मौजूद हैं।
पाकिस्तान ने 43 ओवर के बाद सात विकेट गंवाकर 200 रन बना लिए हैं। फिलहाल नसीम शाह और खुशदिल शाह क्रीज पर हैं। 43वें ओवर में कुलदीप यादव की फिरकी का जादू चला। उन्होंने ओवर में लगातार दो गेंद पर दो विकेट लिए। ओवर की चौथी गेंद पर कुलदीप ने सलमान अली आगा को जडेजा के हाथों कैच कराया। वह 19 रन बना सके। इसके बाद अगली गेंद पर शाहीन अफरीदी को एल्बीडब्ल्यू आउट किया। वह खाता नहीं खोल सके।
40 ओवर के बाद पाकिस्तान ने पांच विकेट गंवाकर 183 रन बना लिए हैं। फिलहाल खुशदिल शाह और सलमान अली आगा क्रीज पर हैं। इनमें से किसी के आउट होने पर पाकिस्तान की टीम मुश्किल में पड़ जाएगी। भारतीय टीम की ओर से हार्दिक पांड्या ने दो विकेट लिए हैं, जबकि अक्षर और जडेजा को एक-एक विकेट मिला है।
37 ओवर के बाद पाकिस्तान ने पांच विकेट गंवाकर 167 रन बना लिए हैं। फिलहाल खुशदिल शाह और सलमान आगा क्रीज पर हैं। पाकिस्तान को 37वें ओवर में रवींद्र जडेजा ने पांचवां झटका दिया। उन्होंने तैयब ताहिर को क्लीन बोल्ड किया। तैयब चार रन बना सके। पाकिस्तान पिछले चार ओवर में तीन विकेट गंवाए हैं। रिजवान, शकील और तैयब आउट हुए हैं। हार्दिक ने दो विकेट लिए हैं, जबकि अक्षर-जडेजा को एक-एक विकेट मिला है।
35वें ओवर में हार्दिक पांड्या ने पाकिस्तान को पांचवां झटका दिया। उन्होंने जम चुके सऊद शकील को अक्षर पटेल के हाथों कैच कराया। शकील ने 76 गेंद में पांच चौके की मदद से 62 रन की पारी खेली। 35 ओवर के बाद पाकिस्तान का स्कोर चार विकेट पर 160 रन है। फिलहाल सलमान अली आगा और तैयब ताहिर क्रीज पर हैं। इससे पहले अक्षर पटेल ने रिजवान को क्लीन बोल्ड किया था। शकील और रिजवान के बीच 104 रन की साझेदारी हुई थी। हार्दिक को मिला यह दूसरा विकेट रहा। वहीं, अक्षर ने एक रन आउट भी किया था। दोनों इस मैच में चमके हैं।
34वें ओवर में 151 के स्कोर पर पाकिस्तान को तीसरा झटका लगा। अक्षर पटेल ने पाकिस्तानी कप्तान मोहम्मद रिजवान को क्लीन बोल्ड किया। वह 77 गेंद में तीन चौके की मदद से 46 रन बना सके। रिजवान ने शकील के साथ 104 रन की साझेदारी निभाई। अक्षर ने इसी के साथ हर्षित राणा को भी बचा लिया। एक गेंद पहले हार्दिक पांड्या की गेंद पर हर्षित ने रिजवान का कैच छोड़ा था। 34वें ओवर में ही अक्षर को एक और विकेट मिलता, लेकिन डीप मिड विकेट में कुलदीप ने शकील का कैच छोड़ दिया। 34 ओवर के बाद पाकिस्तान का स्कोर तीन विकेट पर 154 रन है। फिलहाल सऊद शकील के साथ सलमान अली आगा क्रीज पर हैं।
31 ओवर के बाद पाकिस्तान ने दो विकेट गंवाकर 137 रन बना लिए हैं। फिलहाल सऊद शकील 50 रन और मोहम्मद रिजवान 41 रन बनाकर क्रीज पर हैं। दोनों के बीच अब तक 90 रन की साझेदारी हो चुकी है। यह शकील के वनडे करियर का चौथा अर्धशतक रहा।
30 ओवर के बाद पाकिस्तान ने दो विकेट गंवाकर 129 रन बना लिए हैं। फिलहाल सऊद शकील 60 गेंद में 44 रन और मोहम्मद रिजवान 68 गेंद में 39 रन बनाकर क्रीज पर हैं। दोनों के बीच 80 से ज्यादा रन की साझेदारी हो चुकी है। शकील वनडे में चौथे अर्धशतक के करीब हैं। भारतीय स्पिनर्स इस साझेदारी को तोड़ने में नाकाम रहे हैं।
रिजवान और सऊद शकील के बीच अर्धशतकीय साझेदारी हो चुकी है। दोनों ने शुरू में धीरा खेल दिखाया, लेकिन अब रन रेट बढ़ा रहे हैं। 27 ओवर के बाद पाकिस्तान का स्कोर दो विकेट पर 116 रन है। भारत को इस साझेदारी को तोड़ने की जरूरत है।
पाकिस्तान की टीम ने 22 ओवर में दो विकेट गंवाकर 86 रन बना लिए हैं। फिलहाल सऊद शकील 23 रन और कप्तान मोहम्मद रिजवान 17 रन बनाकर क्रीज पर हैं। दोनों के बीच 39 रन की साझेदारी हो चुकी है। पाकिस्तान की टीम ने पिछली 40 गेंद से कोई बाउंड्री नहीं लगाई है।
15 ओवर के बाद पाकिस्तान ने दो विकेट गंवाकर 63 रन बना लिए हैं। फिलहाल सऊद शकील नौ रन और कप्तान मोहम्मद रिजवान आठ रन बनाकर क्रीज पर हैं। बाबर (23) को हार्दिक ने कैच आउट कराया, जबकि इमाम उल हक को अक्षर ने डायरेक्ट हिट पर रन आउट किया। शमी भी मैदान पर लौट चुके हैं और गेंदबाजी कर रहे हैं।
13 ओवर के बाद पाकिस्तान ने दो विकेट गंवाकर 59 रन बना लिए हैं। फिलहाल सऊद शकील सात रन और कप्तान मोहम्मद रिजवान छह रन बनाकर क्रीज पर हैं। बाबर (23) को हार्दिक ने कैच आउट कराया, जबकि इमाम उल हक को अक्षर ने डायरेक्ट हिट पर रन आउट किया। शमी भी मैदान पर लौट चुके हैं और गेंदबाजी कर रहे हैं।
पाकिस्तान को पारी के 10वें ओवर में दूसरा झटका लगा। अक्षर पटेल के डायरेक्ट हिट पर इमाम उल हक को रन आउट किया। इमाम 26 गेंद में 10 रन बना सके। पाकिस्तान को लगातार दूसरे ओवर में झटका लगा है। इससे पहले नौवें ओवर में हार्दिक ने बाबर को विकेटकीपर राहुल के हाथों कैच कराया था। वह 23 रन बना सके थे। इमाम फखर जमां की जगह टीम में आए हैं। फिलहाल कप्तान मोहम्मद रिजवान और सऊद शकील क्रीज पर हैं। 10 ओवर के बाद पाकिस्तान का स्कोर दो विकेट पर 52 रन है।
पारी के नौवें ओवर में 41 के स्कोर पर पाकिस्तान को पहला झटका। हार्दिक पांड्या के ओवर की पहली गेंद पर बाबर ने चौका लगाया था। इसके बाद हार्दिक खुद से नाराज दिखे थे। अगली ही गेंद पर हार्दिक ने बाबर को विकेटकीपर के हाथों कैच कराया और पवेलियन भेज दिया। हार्दिक ने बाबर की बोलती बंद की। बाबर 26 गेंद में पांच चौके की मदद से 23 रन बना सके। फिलहाल इमाम उल हक और सऊद शकील क्रीज पर हैं।
सात ओवर के बाद पाकिस्तान ने बिना विकेट गंवाए 31 रन बना लिए हैं। बाबार 14 रन और इमाम नौ रन बनाकर क्रीज पर हैं। शमी के पैर में चोट लगी है और वह मैदान के बाहर गए हैं। क्या यह भारत के लिए घातक साबित हो सकता है? यह तो समय ही बताएगा।
पांच ओवर के बाद पाकिस्तान ने बिना विकेट गंवाए 25 रन बना लिए हैं। फिलहाल बाबर 14 गेंद में दो चौके की मदद से 10 रन और इमाम उल हक 16 गेंद में नौ रन बनाकर क्रीज पर हैं। शमी और हर्षित पर इस साझेदारी को तोड़ने की बड़ी जिम्मेदारी है।
भारत और पाकिस्तान के बीच महामुकाबे की शुरुआत हो चुकी है। फखर जमां की जगह टीम में आए इमाम उल हक और बाबर आजम क्रीज पर हैं। शमी ने पहले ओवर में गेंदबाजी की। उन्होंने पहले ओवर में पांच वाइड गेंदें फेंकीं और कुल 11 गेंदें फेंकीं। इसके अलावा एक रन इमाम ने भाग कर लिया। पहले ओवर के बाद पाकिस्तान का स्कोर बिना विकेट गंवाए छह रन है।
भारतः रोहित शर्मा (कप्तान), शुभमन गिल, विराट कोहली, श्रेयस अय्यर, अक्षर पटेल, केएल राहुल (विकेटकीपर), हार्दिक पांड्या, रवींद्र जडेजा, कुलदीप यादव, हर्षित राणा, मोहम्मद शमी।
पाकिस्तान: इमाम-उल-हक, बाबर आजम, सऊद शकील, मोहम्मद रिजवान (विकेटकीपर/कप्तान), सलमान आगा, तैयब ताहिर, खुशदिल शाह, शाहीन अफरीदी, नसीम शाह, हारिस रऊफ, अबरार अहमद।
भारत के खिलाफ महामुकाबले में पाकिस्तान ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी का फैसला किया है। पाकिस्तान के कप्तान रिजवान ने प्लेइंग-11 में एक बदलाव किया है। चोटिल फखर जमां की जगह इमाम उल हक खेल रहे हैं। वहीं, भारतीय कप्तान रोहित ने प्लेइंग-11 में कोई बदलाव नहीं किया है। रोहित ने कहा कि वह टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का ही फैसला लेने वाले थे। इसलिए टॉस हारने का उन्हें नुकसान नहीं हुआ है।
अब तक वनडे में दोनों टीमें कुल 135 बार आमने-सामने आ चुकी हैं। इसमें से भारत ने 57 मैचों में और पाकिस्तान ने 73 मैचों में जीत हासिल की है। पांच मुकाबलों का कोई नतीजा नहीं निकला। हालांकि, न्यूट्रल वेन्यू यानी किसी तटस्थ स्थान पर पाकिस्तान का पलड़ा भारी दिखा है। दोनों टीमों के बीच किसी तटस्थ स्थान पर 77 वनडे मैच खेले गए हैं। इस दौरान भारत ने 34 और पाकिस्तान ने 40 मैच जीते हैं। तीन मैचों का कोई नतीजा नहीं निकला।
भारत को इस मैच में अच्छे परिणाम के लिए कप्तान रोहित शर्मा और शुभमन गिल से अच्छी शुरुआत की उम्मीद करनी होगी। हालांकि, यह आसान नहीं होगा। शाहीन, नसीम, और रऊफ के पास जिस तरह की तेजी है, वहां भारतीय जोड़ी को पूरा संयम बरतना होगा। रोहित और गिल दोनों की तकनीक की भी इन गेंदबाजों के सामने परीक्षा होगी। रोहित को शाहीन के खिलाफ पहले तीन ओवरों में अतिरिक्त सावधानी बरतनी होगी। 2021 के टी20 विश्व कप और एशिया कप 2023 के ग्रुप मैच में रोहित को शाहीन ने अपनी बनाना स्विंग (अंदर आती गेंद) से शुरुआत में ही आउट कर दिया था। गिल को भी अपने फुटवर्क का ध्यान रखना होगा।
भारत को पहले की तरह कप्तान रोहित शर्मा और विराट कोहली का साथ मिलेगा तो वहीं पाकिस्तान के शाहीन आफरीदी का साथ देने के लिए हारिस रऊफ जैसे डेढ़ सौ किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से गेंद फेंकने वाले गेंदबाज होंगे। इसके अलावा नसीम शाह के वेरिएशन से भी परेशानी हो सकती है। आज होने वाले इस मुकाबले में भारत के स्टार बल्लेबाजों और पाकिस्तान के घातक तेज गेंदबाजों के बीच रोचक भिड़ंत होगी।
पाकिस्तान के खिलाफ हर तरह के मुकाबले में पिछले तीन मैचों में टीम इंडिया ने तीनों मैच जीते हैं। इस दौरान भारत ने पाकिस्तान को 2024 टी20 विश्व कप में न्यूयॉर्क में, 2023 वनडे विश्व कप में अहमदाबाद में और 2023 एशिया कप में कोलंबो में शिकस्त दी है। भारत आज जीतकर जीत का चौका लगाना चाहेगा।
भारत और पाकिस्तान के बीच पिछले छह वनडे मुकाबलों की बात करें तो इसमें से टीम इंडिया ने पांच जीते हैं, जबकि एक मुकाबला बेनतीजा रहा है। इस दौरान भारत ने पाकिस्तान को 2023 वनडे विश्व कप में अहमदाबाद में, 2023 एशिया कप में कोलंबो में, 2019 वनडे विश्व कप में मैनचेस्टर में, 2018 एशिया कप में दुबई में दो बार हराया है। 2023 एशिया कप में पल्लेकल में खेला गया मुकाबला बारिश से धुल गया था।
आईसीसी के वनडे टूर्नामेंट्स में दोनों टीमों के रिकॉर्ड की बात करें तो कुल 13 मैच खेले गए हैं। इसमें से भारत ने 10 और पाकिस्तान ने तीन मैच जीते हैं। पिछली बार दोनों वनडे में किसी आईसीसी टूर्नामेंट में 2023 में आमने सामने आए थे। तब वनडे विश्व कप के मैच में भारत ने पाकिस्तान को सात विकेट से शिकस्त दी थी।
भारत और पाकिस्तान के बीच आंकड़ों की बात करें तो दोनों टीमें अब तक वनडे में 135 बार भिड़ चुकी हैं। 57 मैच भारत ने जीते, जबकि 73 मैचों में पाकिस्तान को जीत मिली है। पांच मुकाबले बेनतीजा रहे हैं।
नमस्कार! अमर उजाला के लाइव ब्लॉग में आपका स्वागत है। चैंपियंस ट्रॉफी में आज भारत और पाकिस्तान के बीच दुबई में मुकाबला खेला जाएगा। इसके लिए दोनों टीमें तैयार हैं। पाकिस्तान को अपने पहले मुकाबले में न्यूजीलैंड के खिलाफ हार का सामना करना पड़ा था, जबकि भारत ने बांग्लादेश के खिलाफ अपना पहला मैच जीता था। ऐसे में भारतीय टीम की नजर लगातार दूसरा मैच जीतकर सेमीफाइनल के लिए क्वालिफाई करने पर होगी।