फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

IND vs NZ: न्यूजीलैंड ने तीसरा मैच 25 रन से जीता, भारत को उसके घर में 24 साल बाद किसी टीम ने किया क्लीन स्वीप

Sun, 03 Nov 2024 01:14 PM IST
स्वप्निल शशांक स्पोर्ट्स डेस्क, अमर उजाला, मुंबई

खास बातें

IND vs NZ 2nd Test Day 3 : भारत और न्यूजीलैंड के बीच तीन मैचों की टेस्ट सीरीज का आखिरी मुकाबला मुंबई के वानखेड़े में खेला गया। टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए न्यूजीलैंड ने अपनी पहली पारी में 235 रन बनाए थे। जवाब में भारत की पहली पारी 263 रन पर समाप्त हुई थी। भारत को 28 रन की बढ़त मिली थी। इसके जवाब में न्यूजीलैंड की दूसरी पारी 174 रन पर खत्म हुई। भारत के सामने 147 रन का लक्ष्य था, लेकिन भारतीय टीम 121 रन पर सिमट गई।
विज्ञापन
न्यूजीलैंड की टीम - फोटो : BCCI
विज्ञापन

लाइव अपडेट

01:04 PM, 03-Nov-2024

न्यूजीलैंड ने भारत को क्लीन स्वीप किया

न्यूजीलैंड ने मुंबई के वानखेड़े में खेले गए तीसरे और आखिरी टेस्ट में भारत को 25 रन से हरा दिया। इस जीत के साथ ही न्यूजीलैंड की टीम ने तीन मैचों की टेस्ट सीरीज में भारत का सूपड़ा साफ कर दिया। भारत अपने घर में दो या इससे ज्यादा मैचों की टेस्ट सीरीज में दूसरी बार क्लीन स्वीप हुआ है। इससे पहले फरवरी 2000 में दक्षिण अफ्रीका ने भारत को दो मैचों की सीरीज में 2-0 से हराया था। वहीं, भारत अपने घर में तीन या इससे ज्यादा मैचों की टेस्ट सीरीज में पहली बार क्लीन स्वीप हुआ है। न्यूजीलैंड की टीम ने इतिहास रच दिया। न सिर्फ उन्होंने पहली बार भारत में टेस्ट सीरीज जीती, बल्कि टीम इंडिया को क्लीन स्वीप भी किया। न्यूजीलैंड ने भारत को 12 साल बाद अपने घर में टेस्ट सीरीज हारने पर मजबूर किया और साथ ही घर में लगातार 18 सीरीज जीतने का सिलसिला भी तोड़ा। खास बात तो यह रही कि न्यूजीलैंड की केन विलियम्सन के बिना यह टेस्ट सीरीज खेली है। साथ ही टॉम लाथम पहली बार टीम की कमान संभाल रहे थे। इन सबके बावजूद उन्होंने कोई कसर नहीं छोड़ी। टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए न्यूजीलैंड ने अपनी पहली पारी में 235 रन बनाए थे। जवाब में भारत की पहली पारी 263 रन पर समाप्त हुई थी। भारत को 28 रन की बढ़त मिली थी। इसके जवाब में न्यूजीलैंड की दूसरी पारी 174 रन पर खत्म हुई और उन्होंने 146 रन की कुल बढ़त हासिल की। भारत के सामने 147 रन का लक्ष्य था, लेकिन भारतीय टीम 121 रन पर सिमट गई। भारत की ओर से दूसरी पारी में ऋषभ पंत ने सबसे ज्यादा 64 रन बनाए, जबकि न्यूजीलैंड की ओर से एजाज पटेल ने छह विकेट लिए।

12:26 PM, 03-Nov-2024

IND vs NZ 3rd Test Live Score: भारत को सातवां झटका

भारत को 106 के स्कोर पर सातवां झटका लगा। शानदार बैटिंग कर रहे ऋषभ पंत 64 रन बनाकर एजाज पटेल का शिकार बने। अब भारत को 40 रन की जरूरत है। स्कोर सात विकेट पर 107 रन है। रविचंद्रन अश्विन और वॉशिंगटन सुंदर क्रीज पर हैं।

12:14 PM, 03-Nov-2024

IND vs NZ 3rd Test Live Score: दूसरे सत्र का खेल शुरू

तीसरे दिन दूसरे सत्र के खेल की शुरुआत हो चुकी है। वॉशिंगटन सुंदर और ऋषभ पंत क्रीज पर हैं। भारत को जीत के लिए 50 से ज्यादा रन की जरूरत है। मैच काफी रोमांचक स्थिति में पहुंच चुका है।

विज्ञापन
11:32 AM, 03-Nov-2024

IND vs NZ 3rd Test Live Score: लंच

147 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए भारत ने तीसरे दिन लंच तक अपनी दूसरी पारी में छह विकेट गंवाकर 92 रन बना लिए हैं। फिलहाल ऋषभ पंत 50 गेंद में 53 रन और वॉशिंगटन सुंदर छह रन बनाकर नाबाद हैं। दोनों के बीच अब तक 21 रन की साझेदारी हो चुकी है। भारत को जीत के लिए अब भी 55 रन की जरूरत है। इससे पहले भारत का शीर्षक्रम पूरी तरह फ्लॉप साबित हुआ। रोहित शर्मा (11), शुभमन गिल (1), विराट कोहली (1), यशस्वी जायसवाल (5) और सरफराज खान (1) पवेलियन लौट चुके हैं। इसके बाद पंत ने रवींद्र जडेजा के साथ छठे विकेट के लिए 42 रन की साझेदारी निभाई। जडेजा छह रन बनाकर आउट हुए। न्यूजीलैंड की ओर से एजाज पटेल ने अब तक चार विकेट लिए हैं, जबकि ग्लेन फिलिप्स और मैट हेनरी को एक-एक विकेट मिला है। भारतीय टीम पर क्लीन स्वीप का खतरा मंडरा रहा है। भारतीय बल्लेबाज अपने ही घर में टर्निंग विकेट पर फिसड्डी साबित हुए हैं।

11:30 AM, 03-Nov-2024

IND vs NZ 3rd Test Live Score: पंत का अर्धशतक

ऋषभ पंत ने 48 गेंद में टेस्ट करियर का 14वां अर्धशतक जड़ा। यह उनका लगातार दूसरा अर्धशतक रहा। पिछली पारी में उन्होंने 36 गेंद पर अर्धशतक जड़ा था और 60 रन की पारी खेली थी। 

विज्ञापन
11:11 AM, 03-Nov-2024

IND vs NZ 3rd Test Live Score: भारत को छठा झटका

भारत को 71 के स्कोर पर छठा झटका लगा। एजाज पटेल ने रवींद्र जडेजा को अपना चौथा शिकार बनाया। वह छह रन बनाकर आउट हुए। जडेजा और पंत के बीच 42 रन की साझेदारी हुई। भारत को अब भी जीत के लिए 76 रन की जरूरत है। फिलहाल ऋषभ पंत और वॉशिंगटन सुंदर क्रीज पर हैं।

11:04 AM, 03-Nov-2024

IND vs NZ 3rd Test Live Score: भारत का स्कोर 60 रन के पार

15 ओवर के बाद भारत ने पांच विकेट गंवाकर 66 रन बना लिए हैं। टीम इंडिया को अब 81 रन की जरूरत है। फिलहाल ऋषभ पंत 30 गेंद में 33 रन और रवींद्र जडेजा 20 गेंद में छह रन बनाकर बल्लेबाजी कर रहे हैं। इससे पहले रोहित शर्मा (11), शुभमन गिल (1), विराट कोहली (1), यशस्वी जायसवाल (5) और सरफराज खान (1) पवेलियन लौट चुके हैं। भारतीय टीम पर क्लीन स्वीप का खतरा मंडरा रहा है। भारतीय बल्लेबाज अपने ही घर में टर्निंग विकेट पर फिसड्डी साबित हुए हैं।

10:29 AM, 03-Nov-2024

IND vs NZ 3rd Test Live Score: भारत की आधी टीम पवेलियन लौटी

भारतीय बल्लेबाजी एक बार फिर फ्लॉप साबित हुई है। टीम इंडिया ने 147 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए 29 रन पर पांच विकेट गंवा दिए हैं। रोहित शर्मा (11), शुभमन गिल (1), विराट कोहली (1), यशस्वी जायसवाल (5) और सरफराज खान (1) पवेलियन लौट चुके हैं। भारतीय टीम पर क्लीन स्वीप का खतरा मंडरा रहा है। भारतीय बल्लेबाज अपने ही घर में स्पिन विकेट पर फिसड्डी साबित हुए हैं। आठ ओवर के बाद भारत का स्कोर पांच विकेट पर 31 रन है। टीम इंडिया को अब भी 116 रन की जरूरत है।

10:25 AM, 03-Nov-2024

IND vs NZ 3rd Test Live Score: भारत को चौथा झटका

28 पर भारत को चौथा झटका लगा। टीम इंडिया पर हार का खतरा मंडरा रहा है। भारत पर क्लीन स्वीप का खतरा मंडरा रहा है। यशस्वी जायसवाल के रूप में चौथा झटका लगा। उन्हें ग्लेन फिलिप्स ने एल्बीडब्ल्यू आउट किया। वह पांच रन बना सके। सात ओवर के अंदर भारत ने अपने चार प्रमुख बल्लेबाजों के विकेट गंवा दिए हैं। भारत का स्कोर चार विकेट पर 29 रन है। फिलहाल सरफराज खान और ऋषभ पंत क्रीज पर हैं। इससे पहले रोहित शर्मा 11 रन, शुभमन गिल और विराट कोहली एक-एक रन बनाकर आउट हुए थे।

10:14 AM, 03-Nov-2024

IND vs NZ 3rd Test Live Score: भारत को तीसरा झटका

छह ओवर के अंदर भारत ने तीन विकेट गंवा दिए हैं। 18 के स्कोर पर भारत को तीसरा झटका लगा। विराट कोहली को एजाज पटेल ने स्लिप में डेरिल मिचेल के हाथों कैच कराया। वह एक रन बना सके। इससे पहले रोहित शर्मा 11 रन, शुभमन गिल एक रन बनाकर आउट हुए थे। फिलहाल यशस्वी जायसवाल और ऋषभ पंत क्रीज पर हैं। भारत को अब भी 129 रन की जरूरत है। 

10:07 AM, 03-Nov-2024

IND vs NZ 3rd Test Live Score: भारत को दूसरा झटका

16 के स्कोर पर भारत को दूसरा झटका लगा। रोहित शर्मा के बाद शुभमन गिल भी पवेलियन लौट गए। एजाज पटेल की सीधी गेंद को लीव करने के प्रयास में शुभमन क्लीन बोल्ड हुए। वह एक रन बना सके। फिलहाल यशस्वी जायसवाल और विराट कोहली क्रीज पर हैं।

10:01 AM, 03-Nov-2024

IND vs NZ 3rd Test Live Score: भारत को पहला झटका

भारत को 13 के स्कोर पर पहला झटका लगा। रोहित शर्मा खराब शॉट खेलकर पवेलियन लौट गए। उन्होंने 11 रन बनाए। स्पिन पिच पर रोहित ने तेज गेंदबाज को विकेट गंवाया। मैट हेनरी ने उन्हें ग्लेन फिलिप्स के हाथों कैच कराया। फिलहाल शुभमन गिल और यशस्वी जायसवाल क्रीज पर हैं। भारत के सामने 147 रन का लक्ष्य है। 

09:48 AM, 03-Nov-2024

IND vs NZ 3rd Test Live Score: रोहित-यशस्वी क्रीज पर

रोहित शर्मा और यशस्वी जायसवाल क्रीज पर हैं। दोनों लंच से पहले टीम इंडिया को जीत दिलाना चाहेंगे। न्यूजीलैंड के लिए मैट हेनरी ने पहले ओवर में गेंदबाजी की। इस ओवर में छह रन बने। रोहित ने एक चौका भी लगाया।

09:38 AM, 03-Nov-2024

IND vs NZ 3rd Test Live Score: न्यूजीलैंड की दूसरी पारी 174 रन पर समाप्त

मुंबई टेस्ट जीतने के लिए भारत के सामने 147 रन का लक्ष्य है। न्यूजीलैंड की दूसरी पारी 174 रन पर सिमट गई है। कीवियों ने रविवार को नौ विकेट पर 171 रन से आगे खेलना शुरू किया और तीन रन बनाने में अपना आखिरी विकेट गंवा दिया। आखिरी विकेट के रूप में जडेजा ने एजाज पटेल को आकाश दीप के हाथों कैच कराया वह आठ रन बना सके। विलियम ओरुर्के दो रन बनाकर नाबाद रहे। टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए न्यूजीलैंड ने अपनी पहली पारी में 235 रन बनाए थे। जवाब में भारत की पहली पारी 263 रन पर समाप्त हुई थी। भारत को 28 रन की बढ़त मिली थी। इसके जवाब में न्यूजीलैंड की दूसरी पारी 174 रन पर सिमटी और उनकी कुल बढ़त 146 रन की हुई। भारतीय टीम यह मैच जीतकर सीरीज का अंत अच्छे से करना चाहेगी। ऑस्ट्रेलिया जाने से पहले भारतीय खिलाड़ियों के लिए यह आत्मविश्वास बढ़ाने वाली जीत होगी। 

इससे पहले शनिवार को कीवियों के लिए विल यंग ने सबसे ज्यादा रन बनाए। उन्होंने 51 रनों की शानदार पारी खेली। उनके अलावा कॉनवे ने 22, मिचेल ने 21 और फिलिप्स ने 26 रन बनाए। बाकी चार बल्लेबाज दहाई का आंकड़ा भी नहीं छू पाए। रचिन रवींद्र चार रन, टॉम ब्लंडेल चार रन, ईश सोढ़ी आठ रन और कप्तान टॉम लाथम एक रन बनाकर आउट हुए। भारत के लिए जडेजा ने पांच विकेट चटकाए, जबकि अश्विन को तीन विकेट मिले। वहीं, आकाश दीप और सुंदर को एक-एक विकेट मिला। जडेजा ने पहली पारी में भी पांच विकेट लिए थे। उन्होंने इस टेस्ट में कुल 10 विकेट चटकाए। यह उनका 15वां फाइव विकेट हॉल रहा। टीम इंडिया लंच से पहले मैच को खत्म करना चाहेगी।

09:31 AM, 03-Nov-2024

IND vs NZ 3rd Test Live Score: तीसरे दिन का खेल शुरू

तीसरे दिन के खेल की शुरुआत हो चुकी है। न्यूजीलैंड का स्कोर नौ विकेट पर 171 रन है। फिलहाल एजाज पटेल और विलियम ओरुर्के क्रीज पर हैं। कीवियों की बढ़त 143 रन की है। टीम इंडिया बढ़त को 150 के अंदर ही रखना चाहेगी। न्यूजीलैंड की पारी जल्द समेटकर भारतीय टीम आज ही मैच खत्म करना चाहेगी।

08:35 AM, 03-Nov-2024

IND vs NZ 3rd Test Live Score: न्यूजीलैंड की दूसरी पारी

दूसरे दिन का खेल समाप्त होने तक न्यूजीलैंड ने दूसरी पारी में नौ विकेट पर 171 रन बनाए और 143 रनों की बढ़त हासिल कर ली। एजाज पटेल सात रन बनाकर नाबाद लौटे। शनिवार को कीवियों के लिए विल यंग ने सबसे ज्यादा रन बनाए। उन्होंने 51 रनों की शानदार पारी खेली। उनके अलावा कॉनवे ने 22, मिचेल ने 21 और फिलिप्स ने 26 रन बनाए। बाकी चार बल्लेबाज दहाई का आंकड़ा भी नहीं छू पाए। रचिन रवींद्र चार रन, टॉम ब्लंडेल चार रन, ईश सोढ़ी आठ रन और कप्तान टॉम लाथम एक रन बनाकर आउट हुए। भारत के लिए जडेजा ने चार, अश्विन ने तीन विकेट चटकाए। वहीं, आकाश दीप और सुंदर को एक-एक विकेट मिला। आज भारतीय टीम न्यूजीलैंड की पारी को जल्द से जल्द समाप्त कर मैच जीतने के लक्ष्य से उतरेगी। आज ही इस टेस्ट का नतीजा आ सकता है।

08:34 AM, 03-Nov-2024

IND vs NZ 3rd Test Live Score: भारत की पहली पारी

भारत की पहली पारी 263 रन पर समाप्त हुई। न्यूजीलैंड ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए अपनी पहली पारी में 235 रन बनाए थे। इस लिहाज से टीम इंडिया को 28 रन की बढ़त मिली। भारत की ओर से शुभमन गिल ने सबसे ज्यादा 90 रन बनाए। शनिवार को भारत ने चार विकेट पर 86 रन से आगे खेलना शुरू किया और 177 रन बनाने में बाकी छह विकेट गंवा दिए। शुभमन गिल और ऋषभ पंत ने आज भारतीय पारी को आगे बढ़ाया और आक्रामक बल्लेबाजी की। दोनों ने पांचवें विकेट के लिए 96 रन की साझेदारी निभाई। पंत ने इस दौरान टेस्ट करियर का 13वां अर्धशतक और गिल ने सातवां अर्धशतक लगाया। 

बड़े हिट के चक्कर में पंत एल्बीडब्ल्यू आउट हो गए। उन्हें ईश सोढ़ी ने पवेलियन भेजा। वह 59 गेंद में आठ चौके और दो छक्के की मदद से 60 रन बनाकर आउट हुए। इसके बाद भारतीय पारी लड़खड़ा गई। एक वक्त भारत का स्कोर चार विकेट पर 180 रन था और फिर 83 रन बनाने में टीम इंडिया ने आखिरी छह विकेट गंवा दिए। पंत के आउट होने के बाद रवींद्र जडेजा 14 रन, रविचंद्रन अश्विन छह रन बनाकर आउट हुए। शुभमन गिल ने 146 गेंद में सात चौके और एक छक्के की मदद से 90 रन की पारी खेली। सरफराज खान और आकाश दीप खाता नहीं खोल सके। वॉशिंगटन सुंदर ने आखिर में कुछ बड़े हिट्स लगाए और भारत को बढ़त दिलाई। वह 36 गेंद में चार चौके और दो छक्कों की मदद से 38 रन बनाकर नाबाद रहे। न्यूजीलैंड की ओर से एजाज पटेल ने पांच विकेट लिए। वहीं, मैट हेनरी, ग्लेन फिलिप्स और ईश सोढ़ी को एक-एक विकेट मिला।

08:33 AM, 03-Nov-2024

IND vs NZ 3rd Test Live Score: न्यूजीलैंड की पहली पारी

टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए न्यूजीलैंड की शुरुआत खराब रही थी। 15 के स्कोर पर टीम को पहला झटका लगा। आकाश दीप ने डेवोन कॉनवे को एल्बीडब्ल्यू आउट किया। वह चार रन बना सके। इसके बाद कप्तान टॉम लाथम ने विल यंग के साथ 44 रन की साझेदारी निभाई। इस साझेदारी को वॉशिंगटन सुंदर ने तोड़ा। उन्होंने लाथम को क्लीन बोल्ड किया। लाथम 28 रन बनाकर आउट हुए। इसके बाद सुंदर ने रचिन रवींद्र को भी क्लीन बोल्ड किया। वह पांच रन बना सके। सुंदर ने रचिन को लगातार तीन पारियों में तीसरी बार आउट किया।

रचिन के आउट होने के बाद यंग ने डेरिल मिचेल के साथ चौथे विकेट के लिए 87 रन की साझेदारी निभाई। इस दौरान यंग ने टेस्ट करियर का आठवां अर्धशतक जड़ा। इस साझेदारी को रवींद्र जडेजा ने तोड़ा। कीवी पारी के 44वें ओवर में जडेजा ने दो विकेट लिए। उन्होंने पहले यंग को स्लिप में कैच आउट कराया। फिर टॉम ब्लंडेल को क्लीन बोल्ड किया। यंग ने 71 रन की पारी खेली। वहीं, ब्लंडेल खाता भी नहीं खोल सके। इसके बाद जडेजा ने ग्लेन फिलिप्स को भी क्लीन बोल्ड किया। वह 17 रन बना सके।

इसके बाद जडेजा ने इस पारी में दूसरी बार एक ओवर में दो विकेट चटकाए। उन्होंने कीवी पारी के 61वें ओवर में ईश सोढ़ी और मैट हेनरी को पवेलियन भेजा। सोढ़ी एल्बीडब्ल्यू आउट हुए, जबकि हेनरी क्लीन बोल्ड हुए। सोढ़ी ने सात रन बनाए, जबकि हेनरी खाता भी नहीं खोल सके। वॉशिंगटन सुंदर ने डेरिल मिचेल और एजाज पटेल (7) को आउट कर न्यूजीलैंड की पारी को 235 रन पर समेट दिया।

08:30 AM, 03-Nov-2024

IND vs NZ: न्यूजीलैंड ने तीसरा टेस्ट 25 रन से जीता, भारत को उसके घर में 24 साल बाद किसी टीम ने किया क्लीन स्वीप

नमस्कार! अमर उजाला के लाइव ब्लॉग में आपका स्वागत है। भारत और न्यूजीलैंड के बीच तीन मैचों की टेस्ट सीरीज का आखिरी मुकाबला मुंबई के वानखेड़े में जारी है। टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए न्यूजीलैंड ने अपनी पहली पारी में 235 रन बनाए थे। जवाब में भारत की पहली पारी 263 रन पर समाप्त हुई थी। भारत को 28 रन की बढ़त मिली थी। इसके जवाब में न्यूजीलैंड ने अपनी दूसरी पारी में नौ विकेट पर 171 रन बना लिए हैं। कीवियों की बढ़त अब तक 143 रन की है।

विज्ञापन
MORE
AU ऐप में पढ़ें