फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

IND vs NZ Highlights: दूसरे दिन का खेल खत्म, दूसरी पारी में न्यूजीलैंड 198/5, भारत पर अब तक 301 रन की बढ़त

Fri, 25 Oct 2024 04:52 PM IST
स्वप्निल शशांक स्पोर्ट्स डेस्क, अमर उजाला, पुणे

खास बातें

IND vs NZ Test Match Day-2 Highlights : भारत और न्यूजीलैंड के बीच तीन मैचों की टेस्ट सीरीज का दूसरा मुकाबला पुणे के महाराष्ट्र क्रिकेट स्टेडियम में जारी है। टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी न्यूजीलैंड की टीम पहले दिन पहली पारी में 259 रन पर ऑलआउट हो गई। जवाब में भारत ने अपनी पहली पारी में 156 रन बनाए। फिलहाल न्यूजीलैंड की दूसरी पारी जारी है। दूसरे दिन का खेल खत्म होने तक उसने पांच विकेट गंवाकर 198 रन बना लिए हैं।
विज्ञापन
न्यूजीलैंड के कप्तान टॉम लाथम - फोटो : BCCI
विज्ञापन

लाइव अपडेट

04:51 PM, 25-Oct-2024

दूसरे दिन का खेल खत्म

दूसरे दिन के खेल का अंत हो चुका है। न्यूजीलैंड ने अपनी दूसरी पारी में पांच विकेट गंवाकर 198 रन बना लिए हैं और टीम मजबूत स्थिति में है। कीवी टीम ने अपनी पहली पारी में 259 रन बनाए थे और जवाब में टीम इंडिया को 156 रन पर समेट दिया था। ऐसे में दूसरी पारी में न्यूजीलैंड टीम की कुल बढ़त 301 रन की हो चुकी है। अब भी तीन दिन का खेल बाकी है और ऐसे में नतीजा आना तय है। जिस तरह से गेंद स्पिन हो रही है, चौथी पारी में 300 से ऊपर किसी भी लक्ष्य का पीछा करना टीम इंडिया के लिए आसान नहीं होगा। दिन का खेल खत्म होने तक ग्लेन फिलिप्स नौ रन और टॉम ब्लंडेल 30 रन बनाकर नाबाद हैं। दिन का खेल न्यूजीलैंड के नाम रहा।

भारत ने आज एक विकेट पर 16 रन से आगे खेलना शुरू किया और 140 रन बनाने में बाकी नौ विकेट गंवा दिए। न्यूजीलैंड की टीम दूसरी पारी में 103 रन के बढ़त के साथ बैटिंग करने उतरी और टीम एकबार फिर 200 रन के करीब है। दूसरी पारी में न्यूजीलैंड के लिए कप्तान टॉम लाथम ने सबसे ज्यादा 86 रन बनाए। वहीं, डेवोन कॉनवे 17 रन, विल यंग 23 रन,  रचिन रवींद्र नौ रन, डेरिल मिचेल 18 रन बनाकर आउट हुए।

04:13 PM, 25-Oct-2024

IND vs NZ 2nd Test Live Score: न्यूजीलैंड की आधी टीम पवेलियन लौटी

183 के स्कोर पर न्यूजीलैंड को पांचवां झटका लगा। वॉशिंगटन सुंदर ने टॉम लाथम को एल्बीडब्ल्यू आउट किया। वह 133 गेंद में 10 चौके की मदद से 86 रन बनाकर आउट हुए। फिलहाल टॉम ब्लंडेल और ग्लेन फिलिप्स क्रीज पर हैं। भारत पर न्यूजीलैंड की बढ़त 286 रन की हो चुकी है।

03:47 PM, 25-Oct-2024

IND vs NZ 2nd Test Live Score: न्यूजीलैंड मजबूत स्थिति में

न्यूजीलैंड की टीम मजबूत स्थिति में पहुंच गई है। उसने चार विकेट पर 168 रन बना लिए हैं। उसकी भारत पर बढ़त 271 रन की हो चुकी है। फिलहाल कप्तान टॉम लाथम 76 रन और टॉम ब्लंडेल 20 रन बनाकर क्रीज पर हैं। दोनों के बीच 40+ रन की साझेदारी हो चुकी है।

विज्ञापन
03:07 PM, 25-Oct-2024

IND vs NZ 2nd Test Live Score: न्यूजीलैंड को चौथा झटका

न्यूजीलैंड को 123 के स्कोर पर चौथा झटका लगा। डेरिल मिचेल 18 रन बनाकर आउट हुए। उन्हें वॉशिंगटन सुंदर ने यशस्वी जायसवाल के हाथों कैच कराया। फिलहाल टॉम ब्लंडेल और कप्तान टॉम लाथम अर्धशतक लगाकर क्रीज पर हैं।

02:45 PM, 25-Oct-2024

IND vs NZ 2nd Test Live Score: न्यूजीलैंड को तीसरा झटका

न्यूजीलैंड को 89 के स्कोर पर तीसरा झटका लगा। रचिन रवींद्र नौ रन बनाकर आउट हुए। उन्हें वॉशिंगटन सुंदर ने क्लीन बोल्ड किया। फिलहाल कप्तान टॉम लाथम और डेरिल मिचेल क्रीज पर हैं। न्यूजीलैंड ने तीन विकेट गंवाकर 100 रन बना लिए हैं। उनकी बढ़त 203 रन की हो चुकी है। भारत के लिए यह टेस्ट जीतने मुश्किल होता जा रहा है।
 

विज्ञापन
02:16 PM, 25-Oct-2024

IND vs NZ 2nd Test Live Score: चायकाल

दूसरे दिन चायकाल तक न्यूजीलैंड ने अपनी दूसरी पारी में दो विकेट गंवाकर 85 रन बना लिए हैं। फिलहाल कप्तान टॉम लाथम 37 रन और रचिन रवींद्र सात रन बनाकर क्रीज पर हैं। डेवोन कॉनवे 17 और विल यंग 23 रन बनाकर आउट हुए। न्यूजीलैंड की बढ़त 188 रन की हो चुकी है।

02:06 PM, 25-Oct-2024

IND vs NZ 2nd Test Live Score: न्यूजीलैंड को दूसरा झटका

न्यूजीलैंड को 78 के स्कोर पर दूसरा झटका लगा। आर अश्विन ने विल यंग को एल्बीडब्ल्यू आउट किया। वह 23 रन बना सके। फिलहाल टॉम लाथम और रचिन रवींद्र क्रीज पर हैं। न्यूजीलैंड की भारत पर बढ़त 180 से ज्यादा रन की हो चुकी है।

01:31 PM, 25-Oct-2024

IND vs NZ 2nd Test Live Score: न्यूजीलैंड को पहला झटका

न्यूजीलैंड को 36 के स्कोर पर पहला झटका लगा। सुंदर ने कॉनवे को आउट किया। तीसरे नंबर पर बल्लेबाजी के लिए विल यंग उतरे हैं। उनका साथ देने के लिए कप्तान टॉम लाथम क्रीज पर मौजूद हैं।

12:44 PM, 25-Oct-2024

भारत की पहली पारी 156 रन पर सिमटी

भारत की पहली पारी 156 रन पर सिमट गई। भारतीय टीम सिर्फ 45.3 ओवर खेल सकी। रोहित शर्मा गुरुवार को ही खाता खोले बिना आउट हुए थे। शुक्रवार को भारत को पहला झटका शुभमन गिल के रूप में लगा। वह 30 रन बनाकर आउट हुए। वहीं, विराट कोहली भी कुछ खास नहीं कर सके और एक रन बनाकर पवेलियन चलते बने। ऋषभ पंत 18 रन, सरफराज खान 11 रन, आर अश्विन चार रन, आकाश दीप छह रन और बुमराह खाता खोले बिना आउट हुए। रवींद्र जडेजा ने सबसे ज्यादा 38 रन बनाए और वॉशिंगटन सुंदर 18 रन बनाकर नाबाद रहे। फिलहाल न्यूजीलैंड की दूसरी पारी शुरू हो चुकी है। कप्तान टॉम लाथम और डेवोन कॉनवे क्रीज पर हैं।

12:36 PM, 25-Oct-2024

IND vs NZ Day 2 Live Score: भारत को नौवां झटका

142 पर भारत को नौवां झटका लगा। मिचेल सैंटनर ने कहर बरपाते हुए एक और विकेट लिया और आकाश दीप को क्लीन बोल्ड किया। वह छह रन बना सके। फिलहाल वॉशिंगटन सुंदर और जसप्रीत बुमराह क्रीज पर हैं।

12:32 PM, 25-Oct-2024

IND vs NZ Day 2 Live Score: भारत को आठवां झटका

भारत को 136 के स्कोर पर आठवां झटका लगा। मिचेल सैंटनर ने रवींद्र जडेजा को एल्बीडब्ल्यू आउट किया। वह 46 गेंद में तीन चौके और दो छक्के की मदद से 38 रन बनाकर आउट हुए। भारत अब भी 123 रन पीछे है। फिलहाल वॉशिंगटन सुंदर और आकाश दीप क्रीज पर हैं।

12:11 PM, 25-Oct-2024

IND vs NZ Day 2 Live Score: दूसरे सत्र का खेल शुरू

दूसरे दिन दूसरे सत्र के खेल की शुरुआत हो चुकी है। रवींद्र जडेजा और वॉशिंगटन सुंदर क्रीज पर हैं। भारतीय टीम मुश्किलों में दिख रही है। भारत का स्कोर सात विकेट पर 110 रन के पार है। जडेजा और सुंदर को बड़ा स्कोर करना होगा। न्यूजीलैंड ने अपनी पहली पारी में 259 रन बनाए थे।

11:31 AM, 25-Oct-2024

IND vs NZ Day 2 Live Score: लंच ब्रेक

दूसरे दिन लंच तक भारत ने अपनी पहली पारी में सात विकेट गंवाकर 107 रन बना लिए हैं। न्यूजीलैंड ने अपनी पहली पारी में 259 रन बनाए थे। इस लिहाज से टीम इंडिया अभी भी 152 रन पीछे है। रवींद्र जडेजा 11 रन और वॉशिंगटन सुंदर दो रन बनाकर नाबाद हैं। भारत ने आज एक विकेट पर 18 रन से आगे खेलना शुरू किया और आज पहले सत्र में 91 रन बनाने में छह विकेट गंवा दिए। रोहित गुरुवार को ही खाता खोले बिना पवेलियन लौटे थे। शुभमन गिल के रूप में आज टीम इंडिया को पहला झटका लगा। वह 30 रन बना सके। इसके बाद विराट कोहली (1), यशस्वी जायसवाल (30), ऋषभ पंत (18), सरफराज खान (11) और रविचंद्रन अश्विन (4) आउट हुए। न्यूजीलैंड की ओर से मिचेल सैंटनर ने चार विकेट लिए हैं। वहीं, ग्लेन फिलिप्स को दो विकेट मिले। टिम साउदी ने एक विकेट लिया है।

11:19 AM, 25-Oct-2024

IND vs NZ Day 2 Live Score: भारत को सातवां झटका

भारत को 103 के स्कोर पर सातवां झटका लगा। रविचंद्रन अश्विन चार रन बनाकर मिचेल सैंटनर का शिकार बने। कीवी स्पिनर्स ने कहर बरपाया और भारतीय बैटिंग लाइन अप की धज्जियां उड़ा दी हैं। सैंटनर ने अब तक चार और ग्लेन फिलिप्स ने दो विकेट लिए हैं। एक विकेट टिम साउदी को मिला है। फिलहाल वॉशिंगटन सुंदर और रवींद्र जडेजा क्रीज पर हैं।

11:14 AM, 25-Oct-2024

IND vs NZ Day 2 Live Score: भारत को छठा झटका

95 के स्कोर पर भारत को छठा झटका लगा। सरफराज खान 11 रन बनाकर आउट हुए। न्यूजीलैंड ने अपनी पहली पारी में 259 रन बनाए थे। भारत अभी भी 160+ रन पीछे है। हालांकि, टीम इंडिया मुश्किल में दिख रही है और अब आखिरी बैटिंग जोड़ी मैदान पर है। फिलहाल रविचंद्रन अश्विन और रवींद्र जडेजा क्रीज पर हैं। 

10:56 AM, 25-Oct-2024

IND vs NZ Day 2 Live Score: भारत की आधी टीम पवेलियन लौटी

83 पर भारत की आधी टीम पवेलियन लौट चुकी है। भारत को तब बड़ा झटका लगा जब सबसे बड़ी उम्मीद ऋषभ पंत भी आउट हो गए। वह 18 रन बना सके। यह शुक्रवार को भारत को लगा चौथा झटका है। इससे पहले आज शुभमन गिल (30), विराट कोहली (1) और यशस्वी जायसवाल (30) पवेलियन लौट चुके हैं। फिलहाल सरफराज खान और रवींद्र जडेजा क्रीज पर हैं।

10:42 AM, 25-Oct-2024

IND vs NZ Day 2 Live Score: भारत को चौथा झटका

भारत को 70 के स्कोर पर चौथा झटका लगा। यह आज टीम इंडिया को लगा तीसरा झटका है। रोहित गुरुवार को पवेलियन लौटे थे। शुभमन गिल 30 रन, विराट कोहली एक रन और यशस्वी जायसवाल भी 30 रन बनाकर आउट हुए। यशस्वी को ग्लेन फिलिप्स ने डेरिल मिचेल के हाथों कैच कराया। फिलिप्स के अलावा मिचेल सैंटनर ने दो विकेट लिए हैं। वहीं, एजाज को एक विकेट मिला है। फिलहाल सरफराज खान और ऋषभ पंत क्रीज पर हैं। भारत अभी भी 180+ रन पीछे है।

10:22 AM, 25-Oct-2024

IND vs NZ Day 2 Live Score: भारत को तीसरा झटका

56 के स्कोर पर भारत को तीसरा झटका लगा। मिचेल सैंटनर ने विराट कोहली को क्लीन बोल्ड किया। सैंटनर की फुल टॉस गेंद को कोहली ने मिस किया और गेंद सीधे जाकर स्टंप्स पर लगी। कोहली एक रन बना सके। कोहली इसके बाद काफी निराश दिखे। फुल टॉस गेंद मिस होने पर उन्हें काफी दुखी देखा गया। इससे पहले दिन का पहला झटका भारत को शुभमन गिल के रूप में लगा था। वह 30 रन बना सके। फिलहाल ऋषभ पंत और यशस्वी जायसवाल क्रीज पर हैं।

10:13 AM, 25-Oct-2024

IND vs NZ Day 2 Live Score: भारत को दूसरा झटका

भारत को 50 के स्कोर पर दूसरा झटका लगा। शुभमन गिल 72 गेंद में दो चौके और एक छक्के की मदद से 30 रन बनाकर आउट हुए। गिल ने यशस्वी जायसवाल के साथ दूसरे विकेट के लिए 111 गेंद में 49 रन की साझेदारी निभाई। फिलहाल विराट कोहली और यशस्वी जायसवाल क्रीज पर हैं। गिल का विकेट मिचेल सैंटनर को मिला। भारतीय टीम अभी भी 209 रन पीछे है। न्यूजीलैंड ने अपनी पहली पारी में 259 रन बनाए थे।

09:35 AM, 25-Oct-2024

IND vs NZ Day 2 Live Score: दूसरा दिन का खेल शुरू

दूसरे दिन के खेल की शुरुआत हो चुकी है। भारतीय टीम ने एक विकेट गंवाकर 24 रन बना लिए हैं। यशस्वी जायसवाल 10 रन और शुभमन गिल 14 रन बनाकर बल्लेबाजी कर रहे हैं। न्यूजीलैंड ने पहले ओवर से ही स्पिन अटैक लगाया है। एक छोर से मिचेल सैंटनर तो दूसरे छोर से तेज गेंदबाज गेंदबाजी कर रहे हैं।

08:48 AM, 25-Oct-2024

IND vs NZ Day 2 Live Score: भारत की पहली पारी

भारत ने अपनी पहली पारी में एक विकेट गंवाकर 16 रन बना लिए हैं। टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए न्यूजीलैंड ने पहली पारी में 259 रन बनाए थे। इस लिहाज से भारत अब भी 243 रन पीछे है। शुभमन गिल 10 रन और यशस्वी जायसवाल छह रन बनाकर नाबाद हैं। भारत को एकमात्र झटका कप्तान रोहित शर्मा के रूप में लगा। वह खाता नहीं खोल सके। 

08:47 AM, 25-Oct-2024

IND vs NZ Day 2 Live Score: न्यूजीलैंड की पहली पारी

न्यूजीलैंड की पहली पारी 259 रन पर सिमट गई। पहले टेस्ट के लिए स्क्वॉड में नहीं चुने गए वॉशिंगटन सुंदर को दूसरे स्क्वॉड के लिए अचानक टीम में बुलाया गया और उन्हें प्लेइंग-11 में भी शामिल किया गया। कुलदीप यादव की जगह उन्हें शामिल किया गया और टीम मैनेजमेंट के इस फैसले को सुंदर ने सही साबित करते हुए सात विकेट झटके हैं। उन्होंने 23.1 ओवर में 59 रन देकर सात विकेट झटके। इनमें पांच खिलाड़ियों को उन्होंने क्लीन बोल्ड किया। एक एल्बीडब्ल्यू और एक कैच आउट रहा। बाकी के तीन विकेट रविचंद्रन अश्विन ने लिए। सुंदर ने रचिन रवींद्र, डेरिल मिचेल, टॉम ब्लंडेल, ग्लेन फिलिप्स, टिम साउदी, एजाज पटेल और मिचेल सैंटनर को आउट किया है। वहीं, अश्विन ने कप्तान टॉम लाथम, विल यंग और डेवोन कॉनवे को पवेलियन भेजा। 

08:47 AM, 25-Oct-2024

IND vs NZ Day 2 Live Score: कॉनवे ने सबसे ज्यादा रन बनाए

कॉनवे ने सबसे ज्यादा 76 रन बनाए। वहीं, रचिन रवींद्र ने 65 रन बनाए। इन दोनों के अलावा कोई भी 35+ रन का आंकड़ा नहीं छू सका। लाथम 15 रन, विल यंग 18 रन, डेरिल मिचेल 18 रन, टॉम ब्लंडेल तीन रन, ग्लेन फिलिप्स नौ रन, टिम साउदी पांच रन और एजाज पटेल चार रन बनाकर आउट हुए। यह सुंदर का बेस्ट स्पेल है। यह उनका टेस्ट में पहला फाइफर है। यह छठी बार है जब भारत में किसी टेस्ट के पहले दिन स्पिनर्स ने पहली पारी में विपक्षी टीम के सभी 10 बल्लेबाजों को आउट किया हो। इस साल ऐसा दूसरी बार हुआ है। इससे पहले धर्मशाला में भारतीय स्पिनर्स ने इंग्लैंड की पहली पारी में सभी 10 विकेट लिए थे।

08:46 AM, 25-Oct-2024

IND vs NZ Day 2 Live Score: न्यूजीलैंड ने जीता था टॉस

दूसरे टेस्ट में भारत के खिलाफ न्यूजीलैंड ने टॉस जीता और पहले बल्लेबाजी का फैसला किया। कीवी कप्तान टॉम लाथम ने कहा कि उनके प्लेइंग-11 में एक फोर्स्ड चेंज है। मैट हेनरी चोटिल हो गए हैं। उनकी जगह मिचेल सैंटनर को मौका दिया गया है। पुणे के महाराष्ट्र क्रिकेट स्टेडियम की बात करें तो भारत ने यहां दो टेस्ट खेले हैं और एक में जीत हासिल की है तो दूसरे में उन्हें हार मिली है। भारत ने पुणे में पहला टेस्ट 2017 में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ था और तब टीम इंडिया को 333 रन से हार का सामना करना पड़ा था। वहीं, अक्तूबर 2019 में भारत ने दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ टेस्ट मैच खेला था। तब टीम इंडिया को पारी और 137 रन से जीत मिली थी। 

08:41 AM, 25-Oct-2024

IND vs NZ Highlights: दूसरे दिन का खेल खत्म, दूसरी पारी में न्यूजीलैंड 198/5, भारत पर अब तक 301 रन की बढ़त

नमस्कार! अमर उजाला के लाइव ब्लॉग में आपका स्वागत है। भारत और न्यूजीलैंड के बीच तीन मैचों की टेस्ट सीरीज का दूसरा मुकाबला पुणे के महाराष्ट्र क्रिकेट स्टेडियम में जारी है। टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी न्यूजीलैंड की टीम पहले दिन पहली पारी में 259 रन पर ऑलआउट हो गई। जवाब में भारत ने पहले दिन का खेल खत्म होने तक एक विकेट गंवाकर 16 रन बना लिए हैं। शुक्रवार को टीम इससे आगे खेलेगी।

विज्ञापन
MORE
AU ऐप में पढ़ें