भारत ने न्यूजीलैंड को चार विकेट से हरा दिया है। वनडे विश्व कप 2023 में कीवी टीम का विजयरथ रुक चुका है, जबकि टीम इंडिया इस टूर्नामेंट में अभी भी अजेय है। इस जीत के साथ भारतीय टीम के पास 10 अंक हो गए हैं और अंक तालिका में भारत शीर्ष पर पहुंच गया है। वहीं, न्यूजीलैंड को पहली हार झेलनी पड़ी है और यह टीम अंक तालिका में दूसरे स्थान पर है।
इस मैच में न्यूजीलैंड ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 50 ओवर में सभी 10 विकेट खोकर 273 रन बनाए थे। न्यूजीलैंड के लिए डेरिल मिचेल ने न्यूजीलैंड के लिए सबसे ज्यादा 130 रन डेरिल मिचेल ने बनाए। रचिन रवींद्र ने 75 और ग्लेन फिलिप्स ने 23 रन का योगदान दिया। इन तीनों के अलावा सिर्फ विल यंग (17 रन) ही दहाई का आंकड़ा छू सके। भारत के लिए मोहम्मद शमी ने पांच और कुलदीप यादव ने दो विकेट लिए। जसप्रीत बुमराह और मोहम्मद सिराज को एक-एक विकेट मिला।
भारत के लिए विराट कोहली ने 95 रन की पारी खेली। रोहित शर्मा ने 46 और रवींद्र जडेजा ने नाबाद 39 रन बनाए। श्रेयस ने 33, राहुल ने 27 और गिल ने 26 रन का योगदान दिया। न्यूजीलैंड के लिए लॉकी फर्ग्यूसन ने दो विकेट लिए। वहीं, बोल्ट-हेनरी और सैंटनर को एक-एक विकेट मिला।
भारतीय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने टीम इंडिया को इस जीत की बधाई दी। उन्होंने लिखा "न्यूजीलैंड के खिलाफ शानदार जीत पर भारतीय क्रिकेट टीम को बधाई! यह टीम का शानदार प्रयास था, जिसमें सभी ने योगदान दिया। मैदान पर समर्पण और कौशल अनुकरणीय था।"
भारतीय टीम का अगला मैच 29 अक्तूबर को इंग्लैंड के साथ होगा।
पांच विकेट के नुकसान पर भारत का स्कोर 250 रन के पार जा चुका है। विराट कोहली और रवींद्र जडेजा क्रीज पर हैं। दोनों के बीच अच्छी साझेदारी हो चुकी है और अब ये दोनों मैच खत्म करने की कोशिश करेंगे। 46 ओवर के बाद भारत का स्कोर 255/5 है।
विराट कोहली और रवींद्र जडेजा के बीच अर्धशतकीय साझेदारी हो चुकी है। दोनों संभलकर खेल रहे हैं और भारत को जीत के करीब ले जा चुके हैं। वहीं, विराट कोहली अपने शतक के करीब पहुंच गए हैं। 45 ओवर के बाद भारत का स्कोर 248/5 है।
191 रन के स्कोर पर भारत की आधी टीम पवेलियन लौट चुकी है। सूर्यकुमार यादव चार गेंद में दो रन बनाकर रन आउट हुए। विराट कोहली और सूर्यकुमार यादव के बीच गलतफहमी के चलते टीम इंडिया को यह नुकसान हुआ है। अब विराट कोहली और रवींद्र जडेजा क्रीज पर हैं। 35 ओवर के बाद भारत का स्कोर 192/5 है।
विराट कोहली ने 60 गेंद में अपना अर्धशतक पूरा कर लिया है। यह उनके वनडे करियर का 69वां अर्धशतक है। बांग्लादेश के खिलाफ शतक लगाने के बाद कोहली ने एक और बेहतरीन पारी खेली हैं और टीम इंडिया मैच में बनी हुई है। उन्होंने विश्व कप में 12वीं बार 50 रन से ज्यादा की पारी खेली है। इसके साथ ही वह वनडे विश्व कप 2023 में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज बन गए हैं।
182 रन के स्कोर पर भारत का चौथा विकेट गिरा है। लोकेश राहुल 35 गेंद में 27 रन बनाकर आउट हो चुके हैं। मिचेल सैंटनर ने उन्हें विकेटों के सामने फंसाया। अब सूर्यकुमार यादव के साथ विराट कोहली क्रीज पर हैं। 33 ओवर के बाद भारत का स्कोर 186/4 है।
विराट कोहली और लोकेश राहुल के बीच अर्धशतकीय साझेदारी हो चुकी है। दोनों शानदार बल्लेबाजी कर रहे हैं और टीम इंडिया का स्कोर 200 रन के करीब पहुंच चुका है। कोहली अपने अर्धशतक के करीब पहुंच चुके हैं।
श्रेयस अय्यर के आउट होने के बाद विराट कोहली और लोकेश राहुल ने भारतीय पारी को संभाला है। दोनों मिलकर भारत का स्कोर 150 रन के पार ले जा चुके हैं। 29 ओवर के बाद भारत का स्कोर 160/3 है।
श्रेयस अय्यर 29 गेंद में 33 रन बनाकर आउट हो चुके हैं। ट्रेंट बोल्ट ने उन्हें डेवोन कॉन्वे के हाथों कैच कराया। अब विराट कोहली के साथ लोकेश राहुल क्रीज पर हैं। 22 ओवर के बाद भारत का स्कोर 128/3 है।
विराट कोहली और श्रेयस अय्यर के बीच अर्धशतकीय साझेदारी हो चुकी है। दोनों अच्छी बल्लेबाजी कर रहे हैं और टीम इंडिया को लक्ष्य के करीब ले जा रहे हैं।
धर्मशाला में कोहरा कम हो गया है और अब आसमान साफ हो चुका है। खेल फिर से शुरू हो चुका है। विराट कोहली और श्रेयस अय्यर क्रीज पर हैं। भारत का स्कोर दो विकेट पर 100 रन के पार जा चुका है। 18 ओवर के बाद भारत का स्कोर 117/2 है।
खराब मौसम के कारण खेल रोक दिया गया है। भारत का स्कोर 15.4 ओवर में 100/2 है। विराट कोहली सात और श्रेयस अय्यर 21 रन बनाकर नाबाद हैं। धर्मशाला के मैदान में काफी ज्यादा कोहरा आ चुका है। इससे गेंद देखने में परेशानी हो रही है। इसी वजह से खेल रोक दिया गया है। अगर आने वाले कुछ समय में खेल शुरु होता है और 20 ओवर का मैच होता है तो भारत को अगली 26 गेंद में 24 रन बनाने होंगे।
दो विकेट के नुकसान पर भारत का स्कोर 100 रन पहुंच चुका है। विराट कोहली और श्रेयस अय्यर क्रीज पर हैं। दोनों अच्छी गति से रन बना रहे हैं। न्यूजीलैंड के गेंदबाज इस जोड़ी के सामने बेअसर साबित हुए हैं।
76 रन के स्कोर पर भारत का दूसरा विकेट गिरा है। शुभमन गिल 31 गेंद में 26 रन बनाकर आउट हो चुके हैं। लॉकी फर्ग्यूसन ने उन्हें डेरिल मिचेल के हाथों कैच कराया। अब विराट कोहली के साथ श्रेयस अय्यर क्रीज पर हैं। 14 ओवर के बाद भारत का स्कोर 84/2 है।
71 रन के स्कोर पर भारत का पहला विकेट गिरा है। रोहित शर्मा 40 गेंद में 46 रन बनाकर आउट हो चुके हैं। उन्होंने अपनी पारी में चार चौके और चार छक्के लगाए। लॉकी फर्ग्यूसन की गेंद उनके बल्ले के अंदरून किनारे पर लगकर स्टंप पर चली गई। अब शुभमन गिल के साथ विराट कोहली क्रीज पर हैं। 12 ओवर के बाद भारत का स्कोर 75/1 है।
भारत ने पावरप्ले में बिना कोई विकेट खोए 63 रन बना लिए हैं। 274 रन का पीछा करते हुए टीम इंडिया ने अच्छी शुरुआत की है। अब रोहित और गिल की कोशिश बड़ी साझेदारी कर भारत को लक्ष्य के करीब ले जाने की होगी।
बिना कोई विकेट खोए भारत का स्कोर 50 रन के पार जा चुका है। रोहित शर्मा और शुभमन गिल तेज गति से रन बना रहे हैं। भारतीय टीम मजबूत स्थिति में है और तेजी से लक्ष्य की तरफ बढ़ रही है। आठ ओवर के बाद भारत का स्कोर 52/0 है।
भारतीय टीम ने इस मैच में तेज शुरुआत की है। रोहित शर्मा आक्रामक बल्लेबाजी कर रहे हैं। वहीं, गिल संभलकर खेल रहे हैं। पांच ओवर के बाद भारत का स्कोर बिना किसी नुकसान के 32 रन है।
274 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए भारत की बल्लेबाजी शुरू हो चुकी है। रोहित शर्मा और शुभमन गिल की जोड़ी क्रीज पर है। न्यूजीलैंड के लिए ट्रेंट बोल्ट ने पारी की शुरुआत की। दो ओवर के बाद भारत का स्कोर बिना किसी नुकसान के 13 रन है।
पहले बल्लेबाजी करते हुए न्यूजीलैंड ने निर्धारित 50 ओवर में सभी विकेट खोकर 273 रन बनाए हैं। भारत को यह मैच जीतने के लिए 274 रन की जरूरत है। न्यूजीलैंड के लिए सबसे ज्यादा 130 रन डेरिल मिचेल ने बनाए। रचिन रवींद्र ने 75 और ग्लेन फिलिप्स ने 23 रन का योगदान दिया। इन तीनों के अलावा सिर्फ विल यंग (17 रन) ही दहाई का आंकड़ा छू सके। भारत के लिए मोहम्मद शमी ने पांच और कुलदीप यादव ने दो विकेट लिए। जसप्रीत बुमराह और मोहम्मद सिराज को एक-एक विकेट मिला।
पहली पारी में क्या हुआ?
टॉस हारकर बल्लेबाजी करने उतरी कीवी टीम की शुरुआत कुछ खास नहीं रही। डेवोन कॉन्वे खाता खोले बिना ही सिराज का शिकार बने। विल यंग भी 17 रन बनाकर शमी की गेंद पर बोल्ड हो गए। 19 रन पर दो विकेट गिरने के बाद रचिन रवींद्र और डेरिल मिचेल ने न्यूजीलैंड की पारी को संभाला। पावरप्ले खत्म होने के बाद कीवी टीम का स्कोर 34/2 था। 13 ओवर में न्यूजीलैंड का स्कोर 50 के पार और 21 ओवर में 100 के पार पहुंचा। रवींद्र ने 56 गेंद और मिचेल ने 60 गेंद में अपना अर्धशतक पूरा किया। ये दोनों मिलकर न्यूजीलैंड का स्कोर 150 रन के पार ले गए। दोनों के बीच तीसरे विकेट के लिए 159 रन की साझेदारी हुई। 178 रन पर न्यूजीलैंड का तीसरा विकेट गिरा। रवींद्र 75 रन बनाकर शमी का दूसरा शिकार बने।
मिचेल ने लाथम के साथ मिलकर न्यूजीलैंड का स्कोर 200 रन के पार पहुंचाया। हालांकि, लाथम पांच रन बनाकर कुलदीप की गेंद पर आउट हो गए, लेकिन मिचले जमे रहे। उन्होंने 100 गेंद में अपना शतक पूरा किया। दूसरे छोर पर विकेट गिरते रहे। कुलदीप ने फिलिप्स को 23 रन के निजी स्कोर पर पवेलियन भेजा। चैपमैन भी आठ रन बनाकर बुमराह का शिकार बने। शमी ने न्यूजीलैंड की पारी के 48वें ओवर में सैंटनर और मैट हेनरी को बोल्ड किया। पारी के आखिरी ओवर में उन्होंने मिचेल को 130 रन के स्कोर पर आउट कर मैच में पांचवां विकेट हासिल किया। अंत में कीवी टीम 50 ओवर में सभी विकेट खोकर 273 रन बना पाई। भारत के लिए शमी के पांच विकेट के अलावा कुलदीप ने दो और बुमराह-सिराज ने एक-एक विकेट लिया।
खराब शुरुआत के बाद कुलदीप की वापसी
इस मैच में रचिन रवींद्र और डेरिल मिचेल ने कुलदीप यादव पर शुरुआत से ही दबाव बनाया था। उनके पहले ओवर से ही कीवी बल्लेबाजों ने जमकर रन बनाए थे। इसी वजह से कुलदीप ने अपने शुरुआती पांच ओवर में बिना कोई विकेट लिए 48 रन लुटा दिए थे। हालांकि, बाद में उन्होंने दबाव बनाया और दो विकेट भी लिए। इसके अलावा बाकी गेंदबाजों का अच्छा साथ निभाया। अपने आखिरी पांच ओवरों में उन्होंने 25 रन दिए और दो विकेट झटके।
शमी का कमाल
मोहम्मद शमी को इस विश्व कप में पहली बार खेलने का मौका मिला था और उन्होंने शानदार गेंदबाजी की। अपनी पहली ही गेंद पर उन्होंने विल यंग को पवेलियन भेजा। इसके बाद क्रीज पर जम चुके रचिन रवींद्र को आउट कर 159 रन की साझेदारी तोड़ी। अंत में उन्होंने तीन विकेट लेकर न्यूजीलैंड को बड़ा स्कोर बनाने से रोका। उन्होंने अपने 10 ओवरों में 54 रन देकर पांच विकेट झटके।
मिचेल-रवींद्र की रिकॉर्ड साझेदारी
डेरिल मिचेल और रचिन रवींद्र ने इस मैच में शानदार बल्लेबाजी की। जब ये दोनों क्रीज पर आए थे तब न्यूजीलैंड का स्कोर 19/2 था। इसके बाद से दोनों ने संभलकर बल्लेबाजी की और तीसरे विकेट के लिए 159 रन जोड़े। पहले इन दोनों ने क्रीज पर नजरें जमाई। इसके बाद स्पिन गेंदबाजों के खिलाफ बड़े शॉट खेले और तेज गति से रन बनाए। इन दोनों ने कई रिकॉर्ड भी अपने नाम किए। विश्व कप के इतिहास में यह दूसरा मौका था, जब न्यूजीलैंड के लिए किसी जोड़ी ने शतकीय साझेदारी की। विश्व कप में यह भारत के खिलाफ न्यूजीलैंड के लिए सबसे बड़ी साझेदारी थी।
273 रन के स्कोर पर न्यूजीलैंड का नौवां विकेट गिरा है। डेरिल मिचेल 127 गेंद पर 130 रन बनाकर आउट हो चुके हैं। मोहम्मद शमी ने उन्हें विराट कोहली के हाथों कैच कराया। इस मैच में यह शमी की पांचवीं सफलता है।
मोहम्मद शमी ने लगातार दो गेंदों में विकेट लेकर न्यूजीलैंड के निचले क्रम को समेट दिया है। उन्होंने सैंटनर के बाद हेनरी को भी यॉर्कर पर बोल्ड किया। हेनरी अपना खाता तक नहीं खोल सके और पहली गेंद में ही आउट हो गए। अब डेरिल मिचेल के साथ लॉकी फर्ग्यूसन क्रीज पर हैं। 49 ओवर के बाद न्यूजीलैंड का स्कोर 263/8 है।
260 रन के स्कोर पर न्यूजीलैंड का सातवां विकेट गिरा है। मिचेल सैंटनर दो गेंद में एक रन बनाकर आउट हो चुके हैं। मोहम्मद शमी ने उन्हें सटीक यॉर्कर पर क्लीन बोल्ड किया।
257 रन के स्कोर पर न्यूजीलैंड का छठ विकेट गिरा है। मार्क चैपमैन आठ गेंद में छह रन बनाकर आउट हो चुके हैं। जसप्रीत बुमराह ने उन्हें विराट कोहली के हाथों कैच कराया। अब डेरिल मिचेल के साथ मिचेल सैंटनर क्रीज पर हैं।
पांच विकेट के नुकसान पर न्यूजीलैंड का स्कोर 250 रन के पार जा चुका है। डेरिल मिचेल शतक लगाकर खेल रहे हैं। वहीं, दूसरे छोर पर मार्क चैपमैन उनके साथ हैं। 47 ओवर के बाद न्यूजीलैंड का स्कोर 257/6 है।
243 रन पर न्यूजीलैंड की आधी टीम पवेलियन लौट चुकी है। कुलदीप यादव ने ग्लेन फिलिप्स को रोहित शर्मा के हाथों कैच कराया। उन्होंने 26 गेंद में 23 रन बनाए। अब डेरिल मिचेल के साथ मार्क चैपमैन क्रीज पर हैं। 45 ओवर के बाद न्यूजीलैंड का स्कोर 245/5 है।
डेरिल मिचेल ने 100 के स्ट्राइक रेट से बल्लेबाजी करते हुए 100 गेंद में शतक पूरा किया। उनके वनडे करियर का यह पांचवां शतक रहा। मिचेल ने अब तक शानदार बल्लेबाजी की है। 41 ओवर के बाद न्यूजीलैंड का स्कोर चार विकेट पर 222 रन है।
205 रन के स्कोर पर न्यूजीलैंड का चौथा विकेट गिरा है। कुलदीप यादव ने टॉम लाथम को आउट किया। लाथम ने सात गेंद में पांच रन बनाए। कुलदीप ने उन्हें विकेटों के सामने फंसाया। अब मिचेल के साथ ग्लेन फिलिप्स क्रीज पर हैं।
तीन विकेट के नुकसान पर न्यूजीलैंड का स्कोर 200 रन के पार जा चुका है। डेरिल मिचेल अपने शतक के करीब पहुंच गए हैं। कीवी टीम बड़े स्कोर की तरफ बढ़ रही है।
178 रन पर न्यूजीलैंड का तीसरा विकेट गिरा है। रचिन रवींद्र 87 गेंद में 75 रन बनाकर आउट हो चुके हैं। मोहम्मद शमी ने उन्हें शुभमन गिल के हाथों कैच कराया। रवींद्र ने मिचेल के साथ तीसरे विकेट के लिए 159 रन की साझेदारी की। अब डेरिल मिचेल के साथ टॉम लाथम क्रीज पर हैं। इस विकेट के बाद भारतीय टीम का उत्साह बढ़ेगा और टीम इंडिया गुच्छे में विकेट ले सकती है।
रचिन रवींद्र और डेरिल मिचेल के बीच रिकॉर्ड साझेदारी हो चुकी है। इन जोड़ी ने विश्व कप में भारत और न्यूजीलैंड मैच में सबसे बड़ी साझेदारी की है। 1987 में सुनील गावस्कर और के श्रीकांत ने 136 रन की साझेदारी की थी। अब इन दोनों ने इस रिकॉर्ड को तोड़ा है।
दो विकेट के नुकसान पर न्यूजीलैंड का स्कोर 150 रन के पार जा चुका है। डेरिल मिचेल और रचिन रवींद्र शानदार लय में हैं। दोनों आक्रामक बल्लेबाजी कर रहे हैं और न्यूजीलैंड की टीम विशाल स्कोर की तरफ बढ़ रही है।
रचिन रवींद्र के बाद डेरिल मिचेल ने भी अपना अर्धशतक पूरा कर लिया है। उन्होंने 60 गेंद में अपने 50 रन पूरे किए। उनकी शानदार पारी के चलते न्यूजीलैंड की टीम बहुत अच्छी स्थिति में पहुंच गई है। 28 ओवर के बाद न्यूजीलैंड का स्कोर 138/2 है।
रचिन रवींद्र और डेरिल मिचेल के बीच शतकीय साझेदारी हो चुकी है। दोनों बल्लेबाज अच्छी गति से रन बना रहे हैं। रवींद्र का अर्धशतक हो चुका है और मिचेल इसके करीब हैं। भारतीय गेंदबाज इस जोड़ी के सामने बेअसर साबित हुए हैं। 26 ओवर के बाद न्यूजीलैंड का स्कोर 128/2 है।
रचिन रवींद्र ने 56 गेंद में अपना अर्धशतक पूरा कर लिया है। उन्होंने पूरे टूर्नामेंट में शानदार बल्लेबाजी की है और इस मैच में भी शानदार लय में दिख रहे हैं। उनकी शानदार पारी के चलते न्यूजीलैंड की टीम अच्छी स्थिति में आ गई है।
दो विकेट के नुकसान पर न्यूजीलैंड का स्कोर 100 रन के पार जा चुका है। रचिन रवींद्र और डेरिल मिचेल शानदार बल्लेबाजी कर रहे हैं। दोनों तेज गति से रन बना रहे हैं। दोनों बल्लेबाजों ने कुलदीप यादव के खिलाफ आक्रामक बल्लेबाजी की है। दोनों अपने अर्धशतक के करीब पहुंच रहे हैं। 22 ओवर के बाद न्यूजीलैंड का स्कोर 107/2 है।
रचिन रवींद्र और डेरिल मिचेल के बीच अर्धशतकीय साझेदारी हो चुकी है। दोनों ने मिलकर न्यूजीलैंड की पारी को संभाला है।
दो विकेट के नुकसान पर न्यूजीलैंड का स्कोर 50 रन के पार जा चुका है। डेरिल मिचेल और रचिन रवींद्र ने अच्छी साझेदारी की है और अपनी टीम को मुश्किल से बाहर ले जा रहे हैं।
पहले बल्लेबाजी करते हुए न्यूजीलैंड ने पावरप्ले में दो विकेट खोकर 34 रन बनाए हैं। रचिन रवींद्र और डेरिल मिचेल क्रीज पर हैं। भारत के लिए तेज गेंदबाजों ने शानदार प्रदर्शन किया है। शमी और सिराज ने एक-एक विकेट लिए हैं।
19 रन के स्कोर पर न्यूजीलैंड के दो विकेट गिर चुके हैं। मोहम्मद शमी ने विल यंग को बोल्ड किया। यंग ने 27 गेंद में 17 रन बनाए। रचिन रवींद्र के साथ डेरिल मिशेल क्रीज पर हैं।
न्यूजीलैंड की टीम ने धीमी शुरुआत की है। आठ ओवर के बाद कीवी टीम का स्कोर 19/1 है। डेवोन कॉन्वे आउट हो चुके हैं। विल यंग के साथ रचिन रवींद्र क्रीज पर हैं।
चौथे ओवर में नौ के स्कोर पर न्यूजीलैंड को पहला झटका लगा। सिराज ने डेवोन कॉन्वे को स्क्वायर लेग पर श्रेयस अय्यर के हाथों कैच कराया। यह कैच काफी लो था और श्रेयस ने बेहतरीन अंदाज में लपका। फिलहाल विल यंग और रचिन रवींद्र क्रीज पर हैं। चार ओवर के बाद न्यूजीलैंड का स्कोर एक विकेट पर नौ रन है। सिराज का चौथा ओवर विकेट मेडन रहा।
तीन ओवर के बाद न्यूजीलैंड ने बिना विकेट गंवाए नौ रन बना लिए हैं। पहले ओवर में बुमराह ने कोई रन नहीं दिया था। इसके बाद सिराज के दूसरे ओवर में पांच रन और फिर बुमराह के तीसरे ओवर में चार रन आए।
बुमराह ने पहले ओवर में कोई रन नहीं दिया। कॉन्वे स्ट्राइक पर थे और बुमराह ने उन्हें बाहर जाती गेंदें फेंकीं। तेज गेंदबाजों को पिच से स्विंग और सीम मिलती दिखाई पड़ रही है।
भारतः रोहित शर्मा (कप्तान), शुभमन गिल, विराट कोहली, श्रेयस अय्यर, लोकेश राहुल (विकेटकीपर), सूर्यकुमार यादव, रवींद्र जडेजा, कुलदीप यादव, मोहम्मद शमी, जसप्रीत बुमराह, मोहम्मद सिराज।
न्यूजीलैंडः डेवोन कॉन्वे, विल यंग, रचिन रवींद्र, डेरिल मिचेल, टॉम लाथम (कप्तान और विकेटकीपर), ग्लेन फिलिप्स, मार्क चैपमैन, मिचेल सैंटनर, मैट हेनरी, लोकी फर्ग्यूसन, ट्रेंट बोल्ट।
भारत के कप्तान रोहित शर्मा ने न्यूजीलैंड के खिलाफ टॉस जीतकर गेंदबाजी का फैसला किया है। रोहित ने टॉस के दौरान बताया कि हार्दिक पांड्या और शार्दुल ठाकुर इस मैच में नहीं खेल रहे हैं। उनके स्थान पर मोहम्मद शमी और सूर्यकुमार यादव को टीम में शामिल किया गया है। वहीं, न्यूजीलैंड ने एक भी बदलाव नहीं किया है।
2003 विश्व कप के बाद से टीम इंडिया न्यूजीलैंड के खिलाफ आईसीसी टूर्नामेंट में छह मैच खेल चुकी है। इसमें से पांच मैच कीवी टीम ने जीते। जबकि, 2019 वनडे विश्व कप में ग्रुप स्टेज का मैच बारिश की वजह से रद्द हो गया था। यह वही न्यूजीलैंड है जिसने 2019 के विश्व कप सेमीफाइनल में भारत को हराकर उसके चैंपियन बनने का सपना तोड़ा था।
भारत और न्यूजीलैंड की टीम धर्मशाला के स्टेडियम पहुंच चुकी है। दोनों टीमों के खिलाड़ी वॉर्म अप कर रहे हैं। यह भारत का धर्मशाला में पहला वर्ल्ड कप मैच है। भारतीय टीम मैनेजमेंट के सामने सही प्लेइंग कॉम्बिनेशन को चुनने को लेकर बड़ी चुनौती है। हार्दिक पांड्या के चोटिल होने से प्लेइंग कॉम्बिनेशन को लेकर परेशानी आई है। टीम में आज सूर्यकुमार और शमी की एंट्री हो सकती है।
प्रैक्टिस सत्र के दौरान जहां सूर्यकुमार यादव की कलाई पर चोट गई, तो वहीं युवा बल्लेबाज ईशान किशन को गर्दन के पीछे मधुमक्खी ने काट लिया था, जिस वजह से उन्हें सत्र छोड़कर बाहर जाना पड़ा। फिलहाल वह ठीक हैं। ईशान ने इस साल 17 वनडे मुकाबलों की 15 पारियों में 35.07 की औसत के साथ 456 रन बनाए हैं, जिसमें चार अर्धशतक शामिल हैं। इस दौरान उनका स्ट्राइक रेट 93 से अधिक रहा।
न्यूजीलैंड के खिलाफ मुकाबले से पहले नेट प्रैक्टिस के दौरान टीम के मिडिल ऑर्डर बल्लेबाज सूर्यकुमार यादव चोटिल हो गए। दरअसल, प्रैक्टिस के दौरान सूर्यकुमार यादव की कलाई पर गेंद लग गई थी, जिस वजह से उन्हें बहुत दर्द भी हुआ और उन्हें प्रक्टिस सत्र छोड़ कर जाना पड़ा। सूर्यकुमार यादव को टीम इंडिया के लिए एक्स फैक्टर के तौर पर देखा जाता है।
बांग्लादेश के खिलाफ खेले गए मुकाबले के दौरान टीम के ऑलराउंडर हार्दिक पांड्या चोटिल हो गए थे, जिसके बाद उनका न्यूजीलैंड के खिलाफ मुकाबले में टीम से बाहर हो गए। हालांकि, इसी बीच टीम इंडिया को एक और बड़ा झटका लग गया है।
नमस्कार! अमर उजाला के लाइव ब्लॉग में आपका स्वागत है। आज विश्व कप 2023 के मुकाबले में भारत का सामना न्यूजीलैंड से है। यह इस संस्करण का 21वां मुकाबला है। यह मैच धर्मशाला के हिमाचल प्रदेश क्रिकेट एसोसिएशन स्टेडियम में खेला जा रहा है। भारतीय टीम 2003 विश्व कप के बाद से कभी इस टूर्नामेंट में न्यूजीलैंड से नहीं जीत सकी है। 20 साल बाद टीम इंडिया इस इंतजार को खत्म करना चाहेगी।