भारत ने पांचवें टी20 मुकाबले में न्यूजीलैंड को 46 रन से हराकर पांच मैचों की टी20 सीरीज 4-1 से अपने नाम कर ली। शनिवार को तिरुवनंतपुरम में खेले गए आखिरी मुकाबले में टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी भारतीय टीम ने ईशान किशन की शतकीय और सूर्यकुमार यादव की अर्धशतकीय पारियों की मदद से 20 ओवर में पांच विकेट पर 271 रन बनाए। जवाब में न्यूजीलैंड की टीम 225 रन ही बना सकी और ऑलआउट हो गई। उनके लिए फिन एलन ने 80 रनों की पारी खेली।
रचिन रवींद्र और ग्लेन फिलिप्स आउट हो गए। फिलहाल क्रीज पर डेरिल मिचेल और मिचेल सेंटनर मौजूद हैं।
न्यूजीलैंड को दूसरा झटका अक्षर पटेल ने दिया। उन्होंने फिन एलन को अपना शिकार बनाया। वह 38 गेंदों में 80 रन बनाकर पवेलियन लौटे। अब रचिन रवींद्र का साथ देने ग्लेन फिलिप्स आए हैं। नौ ओवर के बाद स्कोर 117/2 है।
भारत ने न्यूजीलैंड के सामने 272 रन का लक्ष्य रखा है। टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी भारतीय टीम ने 20 ओवर में पांच विकेट पर 271 रन बनाए। उनके लिए ईशान रिशन ने 103 और सूर्यकुमार यादव ने 63 रनों की पारियां खेलीं।
ईशान किशन ने 42 गेंदों में अपने टी20 करियर का पहला शतक जड़ा। वह 103 रन बनाकर पवेलियन लौटे। फिलहाल क्रीज पर हार्दिक पांड्या और रिंकू सिंह मौजूद हैं। 18 ओवर के बाद टीम का स्कोर चार विकेट पर 236 रन है।
सूर्यकुमार यादव ने भी अपना अर्धशतक पूरा कर लिया। उन्होंने 27 गेंदों में अपने टी20 करियर का 24वां पचासा पूरा किया। वह ईशान किशन के साथ तीसरे विकेट के लिए 54 गेंदों में 130 रन की साझेदारी निभा चुके हैं। 14 ओवर के बाद भारत का स्कोर दो विकेट पर 178 रन है।
ईशान किशन ने 28 गेंदों में अपने टी20 करियर का आठवां अर्धशतक पूरा कर लिया। वह शानदार फॉर्म में नजर आ रहे हैं और सूर्यकुमार यादव के साथ 60 से ज्यादा रनों की साझेदारी निभा चुके हैं।
10 ओवर का खेल पूरा हो चुका है। भारत ने दो विकेट पर 102 रन बना लिए हैं। संजू सैमसन छह और अभिषेक शर्मा 30 रन बनाकर आउट हुए। फिलहाल क्रीज पर ईशान किशन (39) और सूर्यकुमार यादव (27) मौजूद हैं। दोनों के बीच 30 गेंदों में 54 रनों की साझेदारी हो चुकी है।
भारत को दूसरा झटका भी लॉकी फर्ग्यूसन ने दिया। उन्होंने अभिषेक शर्मा को बोल्ड किया। वह 16 गेंदों में 30 रन बनाकर पवेलियन लौटे। अब ईशान किशन का साथ देने सूर्यकुमार यादव आए हैं।
भारत को पहला झटका संजू सैमसन के रूप में लगा। लॉकी फर्ग्यूसन ने उन्हें बेवन जैकब्स के हाथों कैच कराया। वह सिर्फ छह रन बना पाए। अब अभिषेक शर्मा का साथ देने ईशान किशन आए हैं।
भारत की पारी शुरू हो चुकी है। अभिषेक शर्मा और संजू सैमसन क्रीज पर मौजूद हैं।
भारत: अभिषेक शर्मा, संजू सैमसन (विकेटकीपर), ईशान किशन, सूर्यकुमार यादव (कप्तान), रिंकू सिंह, हार्दिक पांड्या, शिवम दुबे, अक्षर पटेल, अर्शदीप सिंह, वरुण चक्रवर्ती, जसप्रीत बुमराह।
न्यूजीलैंड: टिम सीफर्ट (विकेटकीपर), फिन एलन, रचिन रवींद्र, ग्लेन फिलिप्स, डेरिल मिचेल, बेवन जैकब्स, मिचेल सेंटनर (कप्तान), काइल जैमीसन, ईश सोढ़ी, लॉकी फर्ग्यूसन, जैकब डफी।
भारत ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी का फैसला किया है। कप्तान सूर्यकुमार यादव ने कहा कि अक्षर पटेल और ईशान किशन की वापसी हुई है। इसके अलावा वरुण चक्रवर्ती भी खेलते नजर आएंगे। वहीं, न्यूजीलैंड ने आखिरी मुकाबले में चार बदलाव किए हैं। डेवोन कॉनवे की जगह फिन एलन आए हैं। मार्क चैपमैन की जगह जैकब डफी और मैट हेनरी के स्थान पर लॉकी फर्ग्यूसन आए हैं। काइल जैमीसन भी इस मैच में खेलते नजर आएंगे।
विशाखापत्तनम में खेले गए चौथे टी20 मैच में भारत ने प्रयोग करते हुए पांच मुख्य गेंदबाजों को ही खिलाया तथा ऑलराउंडर हार्दिक पांड्या और शिवम दुबे से गेंदबाजी नहीं करवाई। जैसा कि सीरीज के पिछले मैचों में देखा गया, भारत अपने गेंदबाजी विभाग में एक बार फिर फेरबदल कर सकता है। भारतीय टीम प्रबंधन पिछले दो मैचों में आराम देने के बाद मिस्ट्री स्पिनर वरुण चक्रवर्ती को मौका दे सकता है।
विश्व कप को देखते हुए भारत का संयोजन लगभग तय है और टीम प्रबंधन बस बेंच स्ट्रेंग्थ को परख रहा है। इस बात की संभावना कम है कि बल्लेबाजी विभाग में बदलाव होगा। बस यह देखना होगा कि पिछले मैच में चोट के कारण बाहर रहे ईशान किशन वापसी करेंगे या नहीं। वहीं, अभिषेक शर्मा, सूर्यकुमार यादव और शिवम दुबे भी लय में रहना चाहेंगे क्योंकि भारतीय टीम के लिए आने वाले दिन काफी महत्वपूर्ण हैं। ऑलराउंडर अक्षर पटेल भी नागपुर में खेले गए पहले टी20 मैच में अंगुली में चोट लगने के बाद से नहीं खेले हैं। बाएं हाथ के इस स्पिनर ने विशाखापत्तनम में खेले गए चौथे मैच से पहले नेट पर गेंदबाजी की थी। उम्मीद है कि अक्षर पांचवें टी20 मैच के लिए प्लेइंग-11 का हिस्सा होंगे।
भारत और न्यूजीलैंड के बीच शनिवार को पांच मैचों की टी20 सीरीज का आखिरी मुकाबला तिरुवनंतपुरम में खेला जाएगा। टी20 विश्व कप से पहले भारत का यह आखिरी मैच होगा जिसमें एक बार फिर सभी की नजरें सलामी बल्लेबाज संजू सैमसन पर रहेंगी। सैमसन इस सीरीज में अब तक अच्छा प्रदर्शन नहीं कर पाए हैं, लेकिन दिलचस्प बात यह है कि अब वह अपने होम ग्राउंड पर खेलने उतरेंगे। भारत पहले ही सीरीज में 3-1 से आगे चल रहा है, ऐसे में उसकी कोशिश इस मैच से संयोजन और विश्व कप से पहले तैयारियां परखने की होगी।
Live Cricket Score, India vs New Zealand (IND vs NZ) 5th T20: नमस्कार! अमर उजाला के लाइव ब्लॉग में आपका स्वागत है। भारत और न्यूजीलैंड के बीच जारी पांच मैचों की टी20 सीरीज का आखिरी मुकाबला आज तिरुवनंतपुरम में खेला जाएगा। इस मैच में जीत के साथ भारतीय टीम 4-1 से सीरीज अपने नाम करना चाहेगी। फिलहाल यह सीरीज 3-1 पर है।