बारिश की वजह से दूसरा वनडे मैच रद्द कर दिया गया है। इस मुकाबले में कुल 12.5 ओवर का खेल हो पाया, जिसमें भारत ने एक विकेट खोकर 89 रन बनाए। यह मैच रद्द होने के साथ न्यूजीलैंड ने तीन मैच की सीरीज में अजेय बढ़त बना ली है। फिलहाल कीवी टीम सीरीज में 1-0 से आगे है और भारत के पास आखिरी मुकाबला जीतकर सीरीज में 1-1 की बराबरी करने का मौका है। वहीं, आखिरी मैच में भारत के हारने पर या रद्द होने पर न्यूजीलैंड सीरीज अपने नाम करेगा।
भारतीय कप्तान शिखर धवन एक बार फिर टॉस हार गए। टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करते हुए भारत की शुरुआत बहुत अच्छी नहीं रही। कप्तान धवन और शुभमन गिल ने धीमी शुरुआत की। भारत ने 4.5 ओवर में 22 रन बना लिए थे, तभी बारिश आ गई। बारिश के बाद जब खेल शुरू हुआ तो मैच 50 ओवर की बजाय 29 ओवर का कर दिया गया था। ऐसे में दोनों बल्लेबाजों ने तेजी से रन बनाने का फैसला किया और कप्तान धवन इसी प्रयास में आउट हो गए।
धवन ने 10 गेंद में तीन रन बनाए। इसके बाद सूर्यकुमार यादव बल्लेबाजी के लिए आए और गिल के साथ मिलकर उन्होंने शानदार साझेदारी की। इन दोनों ने 12.5 ओवर में भारत का स्कोर 89 रन तक पहुंचा दिया, लेकिन इसके बाद फिर बारिश शुरू हो गई और अंपायरों ने मैच को रद्द करने का फैसला किया। गिल इस मैच में 42 गेंद में 45 रन बनाकर नाबाद रहे। उन्होंने चार चौके और एक छक्का लगाया। वहीं, सूर्यकुमार यादव ने 25 गेंदों में दो चौके और तीन छक्कों की मदद से 34 रन बनाए। न्यूजीलैंड के लिए एकमात्र विकेट मैट हेनरी ने लिया।
बारिश के कारण मैच फिर से रोक दिया गया है। फिलहाल भारत ने 12.5 ओवर में एक विकेट के नुकसान पर 89 रन बना लिए हैं। सूर्यकुमार यादव और शुभमन गिल के बीच बेहतरीन साझेदारी हो चुकी है। दोनों ने खेल रुकने तक 46 गेंद में 66 रन जोड़े हैं। गिल 42 गेंद में 45 रन और सूर्यकुमार 25 गेंद में 34 रन बनाकर खेल रहे हैं।
मैदान में काफी तेज बारिश हो रही है और कवर्स से मैदान ढंका हुआ है। अगर जल्द ही बारिश नहीं रुकती है तो मैच रद्द होने का खतरा रहेगा।
सूर्यकुमार यादव और शुभमन गिल के बीच अर्धशतकीय साझेदारी हो चुकी है। दोनों बल्लेबाज तेजी से रन बना रहे हैं। गिल अपने अर्धशतक के करीब पहुंच चुके हैं। भारत का स्कोर 12.5 ओवर के बाद एक विकेट के नुकसान पर 89 रन है।
सूर्यकुमार यादव और शुभमन गिल अच्छी बल्लेबाजी कर रहे हैं। दोनों बल्लेबाज भारत का स्कोर 50 रन के पार जा चुके हैं। बारिश की वजह से दोनों पारियां 29-29 ओवर की हो चुकी हैं। 10 ओवर में भारत ने एक विकेट खोकर 60 रन बनाए। वहीं, 11 ओवर के बाद भारत का स्कोर एक विकेट पर 69 रन हो चुका है। सूर्यकुमार यादव 17 और शुभमन गिल 42 रन बनाकर खेल रहे हैं। दोनों के बीच अच्छी साझेदारी हो चुकी है।
भारतीय कप्तान शिखर धवन 10 गेंद में तीन रन बनाकर आउट हो चुके हैं। मैट हेनरी की गेंद पर लॉकी फर्ग्यूसन ने उनका कैच पकड़ा। बारिश के बाद धवन तेजी से रन बनाने के इरादे से क्रीज पर आए थे, लेकिन सफल नहीं हुए। पिछले मैच में उन्होंने बेहतरीन बल्लेबाजी की थी, लेकिन इस मुकाबले में कुछ खास नहीं कर पाए। छह ओवर के बाद भारत का स्कोर एक विकेट पर 25 रन है। शुभमन गिल के साथ सूर्यकुमार यादव क्रीज पर मौजूद हैं।
हैमिल्टन में थोड़े समय के अंतराल पर बारिश लौट रही है। इससे मैच शुरू होने में देरी हो रही है। हालांकि, हल्की बारिश से मैदान को ज्यादा नुकसान नहीं हो रहा है, लेकिन लगातार समय बर्बाद होने से ओवरों की संख्या में कटौती हो रही है।
हैमिल्टन में बारिश रुक गई है। ग्राउंड स्टाफ ने अपनी मेहनत से मैदान को समय से पहले ही तैयार कर दिया है। इस मैच में अब दोनों पारियां 50 की जगह 29 ओवर की होंगी। जल्द ही खिलाड़ी मैदान पर होंगे। अब भारतीय टीम तेजी से रन बनाकर न्यूजीलैंड के सामने बड़ा लक्ष्य रखने की कोशिश करेगी।
हैमिल्टन में बारिश के कारण खेल रुका है। भारत ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 4.5 ओवर में बिना कोई विकेट खोए 22 रन बनाए हैं। इसके बाद से बारिश की वजह से मैच रुका हुआ है। अगले दो घंटे तक मौसम साफ होने के कोई आसान नहीं हैं। अगर दो घंटे बाद बारिश रुकती है तो मैदान सुखाने में भी काफी समय बर्बाद होगा। ऐसे में इस मैच में ओवरों की संख्या में कटौती होना लगभग तय है। हालांकि, मैदान ज्यादा गीला होने पर मैच रद्द भी हो सकता है।
बारिश की वजह से मैच रोक दिया गया है और मैदान को कवर्स से ढंक दिया गया है। खेल रुकने तक भारत ने बिना कोई विकेट गंवाए 4.5 ओवर में 22 रन बना लिए थे। शुभमन गिल 21 गेंद में 19 रन और कप्तान शिखर धवन आठ गेंद में दो रन बनाकर क्रीज पर जमे हुए हैं।
पिछले मैच की तरह एक बार फिर शिखर धवन और शुभमन गिल की जोड़ी ने धीमी शुरुआत की है। इस मैच में भी दोनों बल्लेबाज संयम के साथ खेल रहे हैं और लंबी साझेदारी करने की कोशिश कर रहे हैं। पहले वनडे में इस जोड़ी ने 124 रन की साझेदारी कर भारत को शानदार शुरुआत दिलाई थी। इस मुकाबले में भी इन दोनों से ऐसे ही प्रदर्शन की उम्मीद है। चार ओवर के बाद भारत का स्कोर बिना किसी नुकसान के 17 रन है।
भारतीय टीम की बल्लेबाजी शुरू हो चुकी है। शिखर धवन और शुभमन गिल की जोड़ी क्रीज पर है। न्यूजीलैंड के लिए टिम साउदी ने पहला ओवर किया। दो ओवर का खेल खत्म होने के बाद भारत का स्कोर बिना किसी नुकसान के सात रन है।
भारत: शिखर धवन (कप्तान), शुभमन गिल, श्रेयस अय्यर, ऋषभ पंत (विकेटकीपर), सूर्यकुमार यादव, दीपक हुड्डा, वाशिंगटन सुंदर, दीपक चाहर, उमरान मलिक, अर्शदीप सिंह, युजवेंद्र चहल।
न्यूजीलैंड: फिन एलन, डेवोन कॉन्वे, केन विलियम्सन (कप्तान), डेरिल मिशेल, टॉम लाथम (विकेटकीपर), ग्लेन फिलिप्स, मिशेल सैंटनर, माइकल ब्रेसवेल, मैट हेनरी, टिम साउथी, लॉकी फर्ग्यूसन।
न्यूजीलैंड ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया है। न्यूजीलैंड की टीम में चोटिल एडम मिल्ने की जगह माइकल ब्रैसवेल को मौका दिया गया है। वहीं भारतीय टीम में दो बदलाव हुए हैं। संजू सैमसन की जगह दीपक हुड्डा को टीम में शामिल किया गया है और शार्दुल ठाकुर की जगह दीपक चाहर को मौका दिया गया है।
मैदान गीला होने की वजह से टॉस में 15 मिनट की देरी होगी। अब भारतीय समयानुसार टॉस सुबह 6:45 बजे होगा। हालांकि, मैदान पर लगे कवर्स हटाए जा रहे हैं। ऐसे में टॉस जल्द ही होने की पूरी संभावना है।
मैच से पहले हैमिल्टन में काफी बारिश हुई है और अभी भी मैदान में कवर्स लगे हुए हैं। हालांकि, अब मौसम साफ हो चुका है, लेकिन गीले मैदान की वजह से टॉस 10 मिनट की देरी से होगा। हालांकि, मैच तय समय पर भारतीय समयानुसार सुबह सात बजे शुरू होगा।
इस मैच में शार्दुल ठाकुर की जगह तेज गेंदबाद दीपक चाहर को मौका मिल सकता है। पिछले मैच में शार्दुल ने डेथ ओवरों में जमकर रन लुटाए थे। टॉम लाथम ने उनके एक ओवर में 25 रन बटोरकर मैच पलट दिया था। साथ ही शार्दुल की पीठ में समस्या है और मैच से पहले वह फिजियो के साथ बात करते दिखे। उन्होंने गेंदबाजी के लिए अपने जूते भी नहीं पहने हैं। ऐसे में दीपक चाहर यह मैच खेल सकते हैं।
इस सीरीज के पहले मैच में न्यूजीलैंड के केन विलियम्सन और टॉम लाथम की जोड़ी ने 221 रन की नाबाद साझेदारी कर भारत को एकतरफा अंदाज में हरा दिया था। इसके साथ ही कई विश्व रिकॉर्ड भी अपने नाम किए थे। इस मैच में भारतीय गेंदबाज इस जोड़ी को रोकने के लिए प्लान बनाकर उतरेंगे।
नमस्कार, अमर उजाला के लाइव ब्लॉग में आपका स्वागत है। भारत और न्यूजीलैंड के बीच तीन मैचों की वनडे सीरीज का दूसरा मुकाबला हैमिल्टन के मैदान में है। इस सीरीज का पहला मैच हारने के बाद टीम इंडिया दूसरा मैच जीतकर सीरीज में 1-1 की बराबरी करना चाहेगी। वहीं, न्यूजीलैंड की टीम लगातार दूसरा मैच जीतकर सीरीज अपने नाम करने की कोशिश करेगी।