भारत ने चैंपियंस ट्रॉफी 2025 के फाइनल में न्यूजीलैंड को चार विकेट से हराकर खिताब अपने नाम कर लिया है। यह भारत का लगातार दूसरा आईसीसी टूर्नामेंट खिताब है। इससे पहले 2024 में टीम इंडिया ने टी20 विश्व कप जीता था। टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए न्यूजीलैंड ने सात विकेट गंवाकर 50 ओवर में 251 रन बनाए थे। जवाब में भारत ने 49 ओवर में छह विकेट गंवाकर लक्ष्य हासिल कर लिया। रोहित ने कप्तानी पारी खेली। उन्होंने 76 रन बनाकर भारत को मुश्किल से निकाला। यह भारत की सातवीं आईसीसी ट्रॉफी है। इससे पहले टीम 1983 और 2011 वनडे विश्व कप, 2007 और 2024 टी20 विश्व कप और 2002, 2013 और 2025 चैंपियंस ट्रॉफी का खिताब जीत चुकी है। भारत इस पूरे टूर्नामेंट में अजेय रहा। उसने लगातार पांच मैच जीते। मैच रिपोर्ट पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें...
भारत को 48वें ओवर में 241 के स्कोर पर छठा झटका लगा। काइल जेमीसन ने हार्दिक पांड्या का कैच अपनी ही गेंद पर लपका। वह 18 रन बना सके। भारत को अब 15 गेंद में 11 रन की जरूरत है। फिलहाल रवींद्र जडेजा और केएल राहुल क्रीज पर हैं।
भारत को 203 के स्कोर पर पांचवां झटका लगा। माइकल ब्रेसवेल ने अक्षर पटेल को विलियम ओरुर्के के हाथों कैच कराया। वह 40 गेंद में 29 रन बना सके। फिलहाल केएल राहुल और हार्दिक पांड्या क्रीज पर हैं। भारत को अब 48 गेंद में 49 रन की जरूरत है।
भारत को 39वें ओवर में 183 के स्कोर पर चौथा झटका लगा। श्रेयस अय्यर अर्धशतक से चूक गए। वह 62 गेंद में दो चौका और दो छक्के की मदद से 48 रन बनाकर आउट हुए। श्रेयस और अक्षर के बीच 61 रन की साझेदारी हुई। फिलहाल अक्षर और केएल राहुल क्रीज पर हैं।
भारत ने 34 ओवर के बाद तीन विकेट गंवाकर 159 रन बना लिए हैं। टीम इंडिया को अब और 98 रन की जरूरत है। फिलहाल श्रेयस अय्यर 34 रन और अक्षर पटेल 12 रन बनाकर क्रीज पर हैं। दोनों के बीच 35+ रन की साझेदारी हो चुकी है।
भारत को 27वें ओवर में तीसरा झटका लगा। रोहित शर्मा अच्छी बल्लेबाजी कर रहे थे। हालांकि, शुरुआती दो विकेट के बाद रन रेट गिर गया था। इसे बढ़ाने के चक्कर में रोहित ने रचिन रवींद्र की गेंद पर आगे बढ़कर खेलने की कोशिश की और स्टंप आउट हो गए। वह 83 गेंद में सात चौके और तीन छक्के की मदद से 76 रन बनाकर आउट हुए। फिलहाल श्रेयस अय्यर और अक्षर पटेल क्रीज पर हैं। भारत को अब भी 130 रन की जरूरत है।
भारत ने 25 ओवर के बाद दो विकेट गंवाकर 122 रन बना लिए हैं। टीम इंडिया को जीत के लिए 130 और रन की जरूरत है। फिलहाल कप्तान रोहित शर्मा 76 रन और श्रेयस अय्यर नौ रन बनाकर क्रीज पर हैं। विराट कोहली एक रन और शुभमन गिल 31 रन बनाकर आउट हुए। गिल को सैंटनर ने और कोहली को ब्रेसवेल ने आउट किया।
भारत को एक रन के अंतराल पर दो बड़े झटके लगे हैं। 19वें ओवर में 105 के स्कोर पर पहला झटका लगा था। शुभमन गिल 31 रन बनाकर आउट हुए थे। इसके बाद 20वें ओवर में 106 के स्कोर पर भारत को दूसरा झटका लगा। माइकल ब्रेसवेल ने विराट कोहली को एल्बीडब्ल्यू आउट किया। वह एक रन बना सके। फिलहाल रोहित शर्मा और श्रेयस अय्यर क्रीज पर हैं। भारत का स्कोर 20 ओवर के बाद दो विकेट पर 108 रन है। टीम इंडिया को अब 144 रन की जरूरत है।
भारत को 19वें ओवर में 105 के स्कोर पर पहला झटका लगा। शुभमन गिल 50 गेंद में एक छक्के की मदद से 31 रन बनाकर आउट हुए। फिलिप्स ने हवा में उड़कर एक हाथ से बेहतरीन कैच लपका। फिलहाल रोहित शर्मा 69 रन और विराट कोहली एक रन बनाकर क्रीज पर हैं। 19 ओवर के बाद भारत का स्कोर एक विकेट पर 106 रन है। टीम इंडिया को अब 146 रन की जरूरत है।
भारत ने 17 ओवर के बाद बिना विकेट गंवाए 100 रन बना लिए हैं। फिलहाल कप्तान रोहित शर्मा 68 रन और शुभमन गिल 27 रन बनाकर क्रीज पर हैं। भारत को अब 152 रन की जरूरत है। रोहित ने अपना सर्वश्रेष्ठ फाइनल के लिए बचा कर रखा था। वह शानदार पारी खेल रहे हैं।
14 ओवर के बाद भारत ने बिना विकेट गंवाए 86 रन बना लिए हैं। फिलहाल शुभमन गिल 22 रन और रोहित शर्मा 59 रन बनाकर क्रीज पर हैं।
रोहित शर्मा ने 41 गेंद में वनडे करियर का 58वां अर्धशतक लगाया। 11 ओवर के बाद भारत का स्कोर बिना किसी विकेट के 65 रन है। फिलहाल रोहित 41 गेंद में 50 रन और शुभमन गिल 25 गेंद में 10 रन बनाकर क्रीज पर हैं। टीम इंडिया को अब 187 रन की जरूरत है।
सात ओवर के बाद भारत ने बिना विकेट गंवाए 45 रन बना लिए हैं। फिलहाल रोहित शर्मा 29 गेंद में तीन चौके और दो छक्के की मदद से 33 रन बनाकर और शुभमन गिल 13 गेंद में सात रन बनाकर क्रीज पर हैं।
चार ओवर में भारत ने बिना विकेट गंवाए 30 रन बना लिए हैं। फिलहाल रोहित 16 गेंद में 20 रन और शुभमन गिल आठ गेंद में पांच रन बनाकर खेल रहे हैं। रोहित की बीच में तबीयत खराब हुई थी। ऐसा लगा उन्हें उल्टी आई। हालांकि, फीजियो के आने के बाद वह ठीक हो गए और फिर बल्लेबाजी जारी रखी।
भारत की पारी का आगाज हो चुका है। रोहित शर्मा और शुभमन गिल क्रीज पर मौजूद हैं। हिटमैन अच्छी फॉर्म में नजर आ रहे हैं। उन्होंने पहले ही ओवर में शानदार छक्का जड़कर अपने इरादे जाहिर कर दिए हैं।
न्यूजीलैंड ने चैंपियंस ट्रॉफी 2025 के फाइनल में भारत के सामने 252 रन का लक्ष्य रखा है। टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए कीवी टीम 50 ओवर में सात विकेट गंवाकर 251 रन बना सकी। आखिरी पांच ओवर में 50 रन बने, जिसकी वजह से न्यूजीलैंड इस आंकड़े को छू सका। इसमें सबसे बड़ा योगदान माइकल ब्रेसवेल का रहा। उन्होंने वनडे करियर का पहला अर्धशतक लगाया। ब्रेसवेल ने 40 गेंद में तीन चौके और दो छक्के की मदद से 53 रन की नाबाद पारी खेली। इसके अलावा डेरिल मिचेल 63 रन और ग्लेन फिलिप्स ने 34 रन बनाए। भारत की ओर से कुलदीप यादव और वरुण चक्रवर्ती ने दो-दो विकेट लिए। वहीं, जडेजा को एक विकेट मिला। एक विकेट शमी ने लिया और एक खिलाड़ी रन आउट हुआ।
न्यूजीलैंड की पारी
कीवियों की शुरुआत अच्छी रही थी। विल यंग और रचिन रवींद्र के बीच 57 रन की साझेदारी हुई। वरुण चक्रवर्ती ने यंग को आउट कर कीवियों को पहला झटका दिया। इसके बाद कुलदीप का कमाल देखने को मिला। उन्होंने रचिन रवींद्र और केन विलियम्सन को पवेलियन भेजा। ये दोनों बल्लेबाज न्यूजीलैंड के लिए रीढ़ की हड्डी रहे हैं। इन दोनों के विकेट गिरते ही कीवी कमजोर पड़ गए। जहां एक समय कीवी छह से ज्यादा के रन रेट से स्कोर कर रहे थे। 18 रन के अंदर शुरुआती तीन विकेट गंवाते ही रन रेट साढ़े चार के करीब आ गया। यंग 15 रन बनाकर आउट हुए। वहीं, रचिन ने 29 गेंद में चार चौके और एक छक्के की मदद से 37 रन की पारी खेली। विलियम्सन 11 रन बना सके। इसके बाद डेरिल मिचेल ने टॉम लाथम और ग्लेन फिलिप्स के साथ पारी संभालने की कोशिश की। मिचेल ने लाथम के साथ 33 रन की और फिलिप्स के साथ 57 रन की साझेदारी निभाई। लाथम को जडेजा और फिलिप्स को वरुण ने पवेलियन भेजा। लाथम 14 रन और फिलिप्स 34 रन बना सके। इस बीच डेरिल मिचेल ने वनडे करियर का आठवां अर्धशतक लगाया। वह 101 गेंद में तीन चौके की मदद से 63 रन बनाकर आउट हुए। आखिर में ब्रेसवेल ने आक्रामक बल्लेबाजी की। सैंटनर आठ रन बनाकर रन आउट हुए।
न्यूजीलैंड को 49वें ओवर की आखिरी गेंद पर सातवां झटका लगा। कप्तान मिचेल सैंटनर रन आउट हुए। वह आठ रन बना सके। फिलहाल ब्रेसवेल और नाथन स्मिथ क्रीज पर हैं।
न्यूजीलैंड को 46वें ओवर में 211 के स्कोर पर छठा झटका लगा। शमी ने ओवर में लगातार दो चौके खाने के बाद डेरिल मिचेल को रोहित के हाथों कैच कराया। वह 101 गेंद में तीन चौके की मदद से 63 रन बनाकर आउट हुए। फिलहाल कप्तान मिचेल सैंटनर और माइकल ब्रेसवेल क्रीज पर हैं। डेरिल मिचेल और ब्रेसवेल के बीच छठे विकेट के लिए 46 रन की साझेदारी हुई। वहीं, वरुण और जडेजा ने कोटे के 10-10 ओवर पूरे कर लिए। वरुण को पैर में चोट लगी है। वह तकलीफ में दिखे। 10 ओवर पूरे करने के बाद वह पवेलियन चले गए।
43 ओवर के बाद न्यूजीलैंड ने पांच विकेट गंवाकर 184 रन बना लिए हैं। फिलहाल माइकल ब्रेसवेल 11 रन और डेरिल मिचेल 50 रन बनाकर क्रीज पर हैं। मिचेल ने 91 गेंद पर अर्धशतक जड़ा। यह वनडे में साल 2011 के बाद न्यूजीलैंड के लिए सबसे धीमा अर्धशतक है। वहीं, यह चैंपियंस ट्रॉफी में भी न्यूजीलैंड के लिए सबसे धीमा अर्धशतक है।
न्यूजीलैंड को 38वें ओवर में पांचवां झटका लगा। वरुण चक्रवर्ती ने ग्लेन फिलिप्स को क्लीन बोल्ड किया। वह 34 रन बना सके। फिलहाल डेरिल मिचेल और माइकल ब्रेसवेल क्रीज पर हैं। वरुण को मिली यह दूसरी सफलता रही। इससे पहले उन्होंने विल यंग को आउट किया था। मिचेल और फिलिप्स के बीच 57 रन की साझेदारी हुई। कीवियों का स्कोर 38 ओवर के बाद पांच विकेट पर 165 रन है।
न्यूजीलैंड ने 37 ओवर के बाद चार विकेट गंवाकर 161 रन बना लिए हैं। फिलहाल ग्लेन फिलिप्स 30 रन और डेरिल मिचेल 44 रन बनाकर क्रीज पर हैं। दोनों के बीच अर्धशतकीय साझेदारी हो चुकी है। कीवियों को चौथा झटका 24वें ओवर में लगा था, उसके बाद से दोनों ने संभल कर बल्लेबाजी की है।
न्यूजीलैंड ने 29 ओवर के बाद चार विकेट गंवाकर 131 रन बना लिए हैं। फिलहाल डेरिल मिचेल 29 रन और ग्लेन फिलिप्स 16 रन बनाकर क्रीज पर हैं। भारत के स्पिनर्स की फिरकी का कमाल देखने को मिला है। कुलदीप यादव ने दो विकेट झटके हैं, जबकि जडेजा और वरुण को एक-एक विकेट मिला है।
न्यूजीलैंड के बल्लेबाज भारतीय स्पिनर्स की फिरकी में फंसते नजर आ रहे हैं। टीम को चौथा झटका भी स्पिनर ने ही दिया। 24वें ओवर में जडेजा ने टॉम लाथम को एल्बीडब्ल्यू आउट किया। वह 30 गेंद में 14 रन बना सके। फिलहाल डेरिल मिचेल और ग्लेन फिलिप्स क्रीज पर हैं। इससे पहले वरुण चक्रवर्ती ने विल यंग और कुलदीप यादव ने रचिन रवींद्र और केन विलियम्सन को आउट किया था।
न्यूजीलैंड ने 22 ओवर के बाद तीन विकेट गंवाकर 104 रन बना लिए हैं। फिलहाल डेरिल मिचेल 18 रन और टॉम लाथम 14 रन बनाकर क्रीज पर हैं। दोनों के बीच 29 रन की साझेदारी हो चुकी है। जब कीवियों ने पारी की शुरुआत की थी तो छह के रन रेट से स्कोर कर रहे थे। अब यह करीब साढ़े चार तक पहुंच चुका है।
15 ओवर के बाद न्यूजीलैंड ने तीन विकेट गंवाकर 83 रन बना लिए हैं। फिलहाल डेरिल मिचेल नौ रन और टॉम लाथम दो रन बनाकर क्रीज पर हैं। न्यूजीलैंड को 13वें ओवर में 75 के स्कोर पर तीसरा झटका लगा। कुलदीप यादव की फिरकी का कमाल देखने को मिला है। उन्होंने रचिन रवींद्र के बाद केन विलियम्सन को भी पवेलियन भेजा। कुलदीप ने विलियम्सन का कैच अपनी ही गेंद पर लपका। वह 11 रन बना सके। इससे पहले रचिन 37 रन और विल यंग 15 रन बनाकर आउट हुए थे। यंग को वरुण ने पवेलियन भेजा।
न्यूजीलैंड को 13वें ओवर में 75 के स्कोर पर तीसरा झटका लगा। कुलदीप यादव की फिरकी का कमाल देखने को मिला है। उन्होंने रचिन रवींद्र के बाद केन विलियम्सन को भी पवेलियन भेजा। कुलदीप ने विलियम्सन का कैच अपनी ही गेंद पर लपका। वह 11 रन बना सके। फिलहाल डेरिल मिचेल और टॉम लाथम क्रीज पर हैं। इससे पहले रचिन 37 रन और विल यंग 15 रन बनाकर आउट हुए थे। यंग को वरुण ने पवेलियन भेजा। 13 ओवर के बाद न्यूजीलैंड का स्कोर तीन विकेट पर 77 रन है।
न्यूजीलैंड को 11वें वर में 69 रन के स्कोर पर दूसरा झटका। रोहित ने शानदार कप्तानी करते हुए 11वें ओवर में कुलदीप को गेंद सौंपी और उन्होंने पहली ही गेंद पर रचिन रवींद्र को क्लीन बोल्ड किया। रचिन को दो-दो जीवनदान मिला था, लेकिन वह इसका फायदा नहीं उठा सके। रचिन ने 29 गेंद में चार चौके और एक छक्के की मदद से 37 रन की पारी खेली। फिलहाल डेरिल मिचेल और केन विलियम्सन क्रीज पर हैं। 11 ओवर के बाद न्यूजीलैंड का स्कोर दो विकेट पर 73 रन है।
57 के स्कोर पर न्यूजीलैंड को पहला झटका लगा। वरुण चक्रवर्ती ने विल यंग को एल्बीडब्ल्यू आउट किया। यंग 23 गेंद में 15 रन बना सके। फिलहाल केन विलियम्सन और रचिन रवींद्र क्रीज पर हैं। आठ ओवर के बाद न्यूजीलैंड का स्कोर एक विकेट पर 58 रन है। इससे पहले रचिन रवींद्र को दो-दो जीवनदान मिले। शमी और श्रेयस अय्यर ने रचिन के आसान कैच छोड़े। रचिन का पहला कैच सातवें ओवर में छूटा जब शमी अपनी ही गेंद पर उनका कैच नहीं लपक सके। तब रचिन 28 रन पर थे। इसके बाद अगले ओवर में रचिन ने हवा में शॉट खेला। डीप मिड विकेट पर श्रेयस भागते हुए पहुंचे, लेकिन गेंद उनके हाथ से लगकर छिटक गई। तब रचिन 29 रन पर थे। इससे पहले सातवें ओवर की पहली गेंद पर रचिन को डीआरएस का फायदा मिला। ऑनफील्ड अंपायर ने उन्हें कैच आउट दिया था, लेकिन डीआरएस में दिखा कि गेंद ने उनके बल्ले को टच नहीं किया था। इस तरह रचिन बच गए।
रचिन रवींद्र को दो-दो जीवनदान मिले। रचिन का पहला कैच सातवें ओवर में छूटा जब शमी अपनी ही गेंद पर उनका कैच नहीं लपक सके। तब रचिन 28 रन पर थे। इसके बाद अगले ओवर में रचिन ने हवा में शॉट खेला। डीप मिड विकेट पर श्रेयस भागते हुए पहुंचे, लेकिन गेंद उनके हाथ से लगकर छिटक गई। तब रचिन 29 रन पर थे। इससे पहले सातवें ओवर की पहली गेंद पर रचिन को डीआरएस का फायदा मिला। ऑनफील्ड अंपायर ने उन्हें कैच आउट दिया था, लेकिन डीआरएस में दिखा कि गेंद ने उनके बल्ले को टच नहीं किया था। इस तरह रचिन बच गए।
चार ओवर के बाद न्यूजीलैंड ने बिना विकेट गंवाए 26 रन बना लिए हैं। हार्दिक के इस ओवर की आखिरी तीन गेंद पर रचिन ने तीन बाउंड्री बटोरीं। उन्होंने एक छक्का और दो चौके लगाए। रचिन 16 और यंग आठ रन बनाकर क्रीज पर हैं। हार्दिक के इस ओवर में 16 रन न्यूजीलैंड ने बटोरे।
मैच की शुरुआत हो चुकी है। विल यंग और रचिन रवींद्र क्रीज पर हैं। भारत की ओर से शमी ने पहले ओवर में गेंदबाजी की। पहले ओवर में चार रन बने। आखिरी गेंद पर यंग ने चौका लगाया।
न्यूजीलैंड: विल यंग, रचिन रवींद्र, केन विलियम्सन, डेरिल मिचेल, टॉम लाथम (विकेटकीपर), ग्लेन फिलिप्स, माइकल ब्रेसवेल, मिशेल सैंटनर (कप्तान), काइल जैमीसन, विलियम ओरुर्के, नाथन स्मिथ।
भारत: रोहित शर्मा (कप्तान), शुभमन गिल, विराट कोहली, श्रेयस अय्यर, अक्षर पटेल, केएल राहुल (विकेटकीपर), हार्दिक पांड्या, रवींद्र जडेजा, मोहम्मद शमी, कुलदीप यादव, वरुण चक्रवर्ती।
भारतीय टीम ने वनडे में लगातार 15वां टॉस गंवाया है। टीम 2023 वनडे विश्व कप के सेमीफाइनल में न्यूजीलैंड के मैच के बाद से कोई टॉस जीत नहीं सकी है। इस दौरान भारतीय टीम 2023 वनडे विश्व कप के फाइनल, दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ तीन मैचों की वनडे सीरीज, श्रीलंका के खिलाफ तीन मैचों की वनडे सीरीज, इंग्लैंड के खिलाफ तीन मैचों की वनडे सीरीज और चैंपियंस ट्रॉफी में अपने सभी पांच मैचों में टॉस गंवा चुकी है।
भारत के खिलाफ फाइनल में न्यूजीलैंड के कप्तान मिचेल सैंटनर ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी का फैसला किया। कप्तान सैंटनर ने प्लेइंग-11 में एक बदलाव किया है। मैट हेनरी चोटिल होने की वजह से मैच नहीं खेल रहे हैं। उनकी जगह तेज गेंदबाज नाथन स्मिथ को मौका दिया गया है। वहीं, भारतीय कप्तान रोहित शर्मा ने कहा कि वह यहां पर पिछले कुछ दिनों से हैं और पहले और बाद में दोनों बल्लेबाजी कर चुके हैं। तो उन्हें फाइनल में बाद में बल्लेबाजी करने से उन्हें कोई नुकसान नहीं है। रोहित ने कहा कि उनकी प्लेइंग-11 में कोई बदलाव नहीं है। यानी भारत चार स्पिनर्स के साथ ही उतरा है।
खिताबी मुकाबले का आगाज होने में अब कुछ ही वक्त शेष है। दोनों टीमें मैदान पर पहुंच चुकी हैं।
2017 चैंपियंस ट्रॉफी के फाइनल में विराट पाकिस्तान के खिलाफ महज पांच रन बना सके थे। रोहित के अलावा विराट के नहीं चलने से भारत को हार का सामना करना पड़ा था। वहीं, 2023 वनडे विश्व कप में विराट ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ 54 रन बनाकर आउट हुए थे। विराट जब तक मैदान पर थे, तब तक लग रहा था कि टीम इंडिया अच्छे स्कोर तक पहुंचेगी, लेकिन उनके आउट होते ही शांति छा गई थी। भारत वनडे विश्व कप जीतने से चूक गया था। पिछले साल टी20 विश्व कप में विराट का बल्ला खामोश फाइनल से पहले तक खामोश रहा था। हालांकि, उनके कद के खिलाड़ी को बड़े मैच में प्रदर्शन करना आता है और ऐसा ही हुआ भी। फाइनल में दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ भारत ने 34 रन पर तीन विकेट गंवा दिए थे। इसके बाद विराट कोहली ने अक्षर पटेल और फिर शिवम दुबे के साथ मिलकर पारी संभाली थी। विराट ने 59 गेंद में छह चौके और दो छक्के की मदद से 76 रन बनाए थे। उनकी पारी की बदौलत भारत 20 ओवर में सात विकेट पर 176 रन बना सका था। जवाब में दक्षिण अफ्रीका की टीम 20 ओवर में आठ विकेट पर 169 रन ही बना सकी थी और टीम इंडिया सात रन से मैच जीतकर चैंपियन बनी थी। इस फाइनल में भी फैंस विराट से कुछ ऐसे ही करिश्मा की उम्मीद कर रहे होंगे।
वहीं, बात करें विराट की तो उन्होंने 2011 वनडे विश्व कप का फाइनल, 2013 चैंपियंस ट्रॉफी का फाइनल, 2014 टी20 विश्व कप का फाइनल, 2017 चैंपियंस ट्रॉफी का फाइनल, 2023 वनडे विश्व कप का फाइनल और 2024 टी20 विश्व कप का फाइनल खेला है। 2011 वनडे विश्व कप के फाइनल में श्रीलंका के खिलाफ विराट ने 35 रन की महत्वपूर्ण पारी खेली थी। भारत ने मुंबई में श्रीलंका को हराकर विश्व कप का खिताब जीता था। 2013 चैंपियंस ट्रॉफी में विराट ने इंग्लैंड के खिलाफ महत्वपूर्ण 43 रन बनाए थे। इसी पारी की बदौलत टीम इंडिया जीतने में कामयाब हुई थी। 2014 टी20 विश्व कप के फाइनल में श्रीलंका के खिलाफ विराट ने 77 रन बनाए थे और भारत को अच्छे टोटल तक पहुंचाया था। हालांकि, बाद में जयवर्धने और संगकारा की पारियों की बदौलत भारत यह फाइनल हार गया था।
रोहित ने इस फाइनल से पहले 2007 टी20 विश्व कप का फाइनल, 2013 चैंपियंस ट्रॉफी का फाइनल, 2014 टी20 विश्व कप का फाइनल, 2017 चैंपियंस ट्रॉफी का फाइनल, 2023 वनडे विश्व कप का फाइनल और 2024 टी20 विश्व कप का फाइनल खेला है। 2007 टी20 विश्व कप के फाइनल में पाकिस्तान के खिलाफ रोहित ने नाबाद 30 रन की मैच जिताऊ पारी खेली थी। यह मैच टीम इंडिया ने जीता था। 2013 चैंपियंस ट्रॉफी में रोहित ने इंग्लैंड के खिलाफ नौ रन बनाए थे। हालांकि, तब भी टीम इंडिया जीतने में कामयाब हुई थी। 2014 टी20 विश्व कप के फाइनल में श्रीलंका के खिलाफ रोहित ने 29 रन बनाए थे। भारत यह फाइनल हार गया था। 2017 चैंपियंस ट्रॉफी के फाइनल में रोहित पाकिस्तान के खिलाफ खाता नहीं खोल सके थे।
टीम इंडिया यह मैच भी हार गई थी। वहीं, 2023 वनडे विश्व कप में रोहित ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ 47 रन बनाकर आउट हुए थे। टीम इंडिया यह मैच भी हार गई थी। टी20 विश्व कप 2024 में भी हिटमैन कुछ खास नहीं कर पाए थे और सिर्फ नौ रन बनाकर चलते बने थे। हालांकि, टीम इंडिया जीतने में कामयाब रही थी। रोहित चाहेंगे कि करियर के अंतिम पड़ाव में वह भारत को अपने दम पर मैच जिता कर दें। अगर उनका बल्ला चला तो विपक्षी टीम के लिए परेशानियां खड़ी हो सकती हैं।
कोहली और रोहित के अलावा उपकप्तान शुभमन गिल,श्रेयस अय्यर, केएल राहुल और हार्दिक पांड्या से भी उपयोगी योगदान की उम्मीदें होंगी। गिल और श्रेयस ने टुकड़ों में अच्छा प्रदर्शन किया है, जबकि आस्ट्रेलिया के खिलाफ सेमीफाइनल में राहुल और पांड्या ने भी अपना काम किया। अब इन सभी को एक ईकाई के रूप में अच्छा प्रदर्शन करके भारत को खिताब दिलाना होगा।
पिछले कुछ समय से 20-30 रन बनाकर संतुष्ट दिख रहे रोहित को रवैये में बदलाव करके क्रीज पर लंबे समय तक टिकना होगा। इससे मध्यक्रम के बल्लेबाजों पर से दबाव कम होगा । मैट हेनरी के चोटिल होने से भी वह राहत महसूस कर रहे होंगे क्योंकि इस तेज गेंदबाज ने अतीत में उन्हें काफी परेशान किया है। रोहित से बड़े योगदान की अपेक्षा होगी जबकि कोहली ऐसा करते आ रहे हैं। पिछली पांच पारियों में उन्होंने एक शतक और दो अर्धशतक जमाकर पुराने दिनों की यादें ताजा करा दी हैं।
पिछले साल टी20 विश्व कप जीत चुकी भारतीय टीम के लिए विराट कोहली और रोहित शर्मा को बड़ी भूमिका निभानी होगी। उनके करियर का आखिरी पड़ाव अब मैच दर मैच निकट आता दिख रहा है। यह कहा नहीं जा सकता कि इतने समय से भारतीय क्रिकेट की सेवा कर रहे दोनों धुरंधरों का यह आखिरी टूर्नामेंट होगा या नहीं । अगर होता है तो दोनों खिताब के साथ विदा लेना चाहेंगे।
न्यूजीलैंड के लिए सबसे बड़ी उम्मीद केन विलियम्सन और रचिन रवींद्र होंगे जो स्पिन को खेलने में महारत रखते हैं। न्यूजीलैंड के पास भी कप्तान मिचेल सैंटनर, माइकल ब्रेसवेल, रवींद्र और ग्लेन फिलिप्स के रूप में स्पिनरों की चौकड़ी है जो उनके लिए यही काम कर सकती है। पिछले साल टेस्ट सीरीज में न्यूजीलैंड के स्पिनरों ने भारत को काफी परेशान किया था और एक बार फिर वे 2000 के बाद पहली बार आईसीसी वनडे खिताब जीतने की कोशिश में उस प्रदर्शन को दोहराना चाहेंगे। 25 साल पहले नैरोबी में न्यूजीलैंड ने फाइनल में भारत को हराकर नॉकआउट टूर्नामेंट जीता था।
भारत और न्यूजीलैंड के बीच फाइनल मैच पर श्रीनगर के एक प्रशंसक ने कहा, 'हम भारतीय हैं, इसलिए हम निश्चित रूप से भारत को जीतते देखना चाहते हैं। मुझे उम्मीद है कि शुभमन गिल और रोहित शर्मा मैच में अच्छी शुरुआत करेंगे और दोनों शतक लगाएंगे।' फाइनल मैच पर, एक युवा भारतीय टीम के प्रशंसक ने कहा, 'निश्चित रूप से, भारत जीतेगा क्योंकि उनके पास अच्छे बल्लेबाज हैं। अगर रोहित शर्मा आउट हो जाते हैं, तो उनके पास विराट कोहली और हार्दिक पांड्या जैसे बल्लेबाज हैं। उनके पास अच्छे गेंदबाज हैं।'
भारत और न्यूजीलैंड के बीच फाइनल मुकाबला देखने के लिए प्रशंसक दुबई इंटरनेशनल स्टेडियम पहुंचना शुरू हो गए हैं। भारतीय टीम के एक प्रशंसक ने कहा, 'हमें उम्मीद है कि रोहित शर्मा कप्तान की पारी खेलेंगे। हमें उम्मीद है कि भारत जीतेगा और यह एकतरफा खेल नहीं होगा।'
दाहिने हाथ के स्पिनर वरुण चक्रवर्ती और बाएं हाथ के कलाई के स्पिनर कुलदीप यादव ने विरोधी बल्लेबाजों को पूरे टूर्नामेंट में परेशान रखा है। रवींद्र जडेजा और अक्षर पटेल ने भारतीय गेंदबाजी आक्रमण को मजबूती दी है। उनकी सटीकता ने बल्लेबाजों को गैर जिम्मेदाराना शॉट्स खेलने के लिए मजबूर किया। अगर फाइनल उसी पिच पर खेला जाता है जहां भारत और पाकिस्तान का मैच हुआ था तो ये चारों गेंदबाज फिरकी के जाल में कीवी टीम को बुरी तरह फांस सकते हैं।
क्रिकेट जगत का एक तबका सारे मैच दुबई में खेलने का अनुचित फायदा उठाने के लिए भारत की लगातार आलोचना कर रहा है, लेकिन अब इस तर्क में दम नहीं लगता क्योंकि न्यूजीलैंड टीम भी यहां खेल चुकी है। भारतीय टीम का आत्मविश्वास इसलिए भी बढ़ा हुआ है क्योंकि उसकी स्पिन चौकड़ी दुबई अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम की सपाट पिच पर काफी कामयाब रही है। ऐसा लगता है कि भारतीय टीम चार स्पिनरों और दो तेज गेंदबाजों का संयोजन लेकर ही उतरेगी।
अब तक अपने प्रतिद्वंद्वियों और आलोचकों को हाशिये पर रखने में कामयाब रही भारतीय टीम को 12 साल बाद चैम्पियंस ट्रॉफी जीतने के लिये न्यूजीलैंड जैसी मजबूत टीम से तो रविवार को फाइनल में पार पाना ही होगा, लेकिन साथ ही विराट कोहली और रोहित शर्मा जैसे दिग्गजों को लेकर जज्बाती होने से भी बचना होगा। भारत के लिए न्यूजीलैंड हमेशा कठिन चुनौती साबित हुआ है और आईसीसी टूर्नामेंटों में न्यूजीलैंड का भारत के खिलाफ जीत का रिकॉर्ड 10-6 का है। न्यूजीलैंड ने आईसीसी नॉकआउट चरण में भारत के खिलाफ चार में से तीन मुकाबले जीते हैं।
नमस्कार! अमर उजाला के लाइव ब्लॉग में आपका स्वागत है। आज भारत और न्यूजीलैंड के बीच चैंपियंस ट्रॉफी 2025 का फाइनल मुकाबला खेला जाएगा। यह मैच दुबई अंतरराष्ट्रीय स्टेडियम में खेला जाएगा। मैच की शुरुआत दोपहर ढाई बजे होगी, जबकि टॉस इससे आधे घंटे पहले दो बजे होगा। भारत अब तक इस टूर्नामेंट में अजेय है, जबकि न्यूजीलैंड को एकमात्र हार भारत से ग्रुप स्टेज में मिली थी।